प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिवाली युवाओं को बड़ा गिफ्ट देने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी 22 अक्टूबर को 75 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। यह कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगा। देशभर के युवा इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न शहरों से केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे। उड़ीसा से शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, गुजरात से मनसुख मंडाविया, चंडीगढ़ से अनुराग ठाकुर, महाराष्ट्र से पीयूष गोयल शामिल होंगे। कार्यक्रम में सभी सांसद अपने-अपने संसदीय क्षेत्र से शामिल होंगे।
पीएम मोदी ने किया है 10 लाख नौकरियों का वादा
इसी साल जून में पीएम मोदी ने तमाम विभागों और मंत्रालयों के कामों की समीक्षा के बाद ऐलान किया था कि उनकी सरकार अगले डेढ़ साल में, यानी 2023 दिसंबर तक 10 लाख नौकरियां देगी। पीएम मोदी के ऐलान के बाद इस दिशा में मिशन मोड में काम शुरू हुआ। अब इसी सिलसिले में पीएम 75,000 युवाओं को रोजगार पत्र देंगे। उल्लेखनीय है कि विपक्षी दल बेरोजगारी के मुद्दे पर अक्सर मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा करते रहे हैं। इस कवायद को विपक्ष के खिलाफ सरकार के पलटवार के रूप में देखा जा रहा है। वहीं भाजपा का मानना है कि पार्टी को इसका फायदा हिमाचल प्रदेश और गुजरात के विधानसभा चुनावों में मिलेगा।
दिवाली पर कितने बिजी हैं पीएम मोदी
पीएम मोदी कभी छुट्टी नहीं लेने वाले नेता और प्रधानमंत्री हैं। इस बार दिवाली पर भी यही होने जा रहा है। पीएम मोदी का इस दीपोत्सव बिजी शेड्यूल है। गुजरात और हिमाचल में चुनावी रैलियों के साथ ही पीएम मोदी धनतेरस के दिन केदारनाथ जाएंगे। फिर छोटी दिवाली के दिन अयोध्या में रहेंगे और दिवाली सैनिकों के बीच मनाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी 23 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के अयोध्या पहुंचेंगे। यहां वह भगवान रामलला विराजमान की पूजा और दर्शन करेंगे और उसके बाद वह राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के स्थल का निरीक्षण करेंगे।
पीएम मोदी दिवाली गिफ्ट में 22 अक्टूबर को 75 हजार युवाओं नियुक्ति.पत्र को सौंपेंगे
शिवराज सरकार का प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों को उपहार, दीपावली के पहले मिलेगा वेतन
भोपाल । प्रदेश के साढ़े सात लाख अधिकारियों-कर्मचारियों को शिवराज सरकार ने दीपावली उपहार दिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अक्टूबर का वेतन दीपावली के पहले देने की घोषणा की है। उन्होंने ट्वीट किया कि दीपावली का पावन पर्व आ रहा है। हमारे सभी कर्मचरी साथ परिवार सहित दीपावली हर्षोल्लास से मनाएं, इसलिए अक्टूबर का वेतन दीपावली के पहले देने का आदेश जारी कर रहे हैं। प्रदेश के सभी कर्मचारी संगठनों ने राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के माध्यम से सरकार से यह मांग की थी।
प्रदेश में प्रतिमाह कर्मचारियों के वेतन पर तीन हजार करोड़ रुपये व्यय होते हैं। विभागों द्वारा ट्रेजरी में बिल लगाए जाते हैं और प्रतिमाह एक तारीख को वेतन सीधे खातों में अंतरित हो जाता है। दीपावली 24 अक्टूबर को है, इसलिए कर्मचारी संगठनों ने वेतन समयपूर्व देने की मांग की थी। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने मुख्यमंत्री को नोटशीट लिखकर कर्मचारियों की इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री ने त्योहार को देखते हुए गुरुवार को अक्टूबर का वेतन नवंबर की जगह अक्टूबर में ही देने का निर्णय लिया है। वित्त विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आयुक्त कोष एवं लेखा द्वारा इस संबंध में सभी कोषालयों को आदेश जारी किए जाएंगे और 24 अक्टूबर के पूर्व कर्मचारियों के खातों में वेतन अंतरित हो जाएगा।
पेंशनर को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पेंशनर को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है कि उन्हें पेंशन का समयपूर्व भुगतान होगा या नहीं। इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय से निर्देश प्राप्त होने पर आदेश जारी किए जाएंगे। प्रदेश में साढ़े चार लाख पेंशनर हैं।
महंगाई भत्ते में वृद्धि पर निर्णय नहीं
अभी केंद्रीय कर्मचारियों के समान चार प्रतिशत महंगाई भत्ते में वृद्धि को लेकर निर्णय नहीं हुआ है। केंद्रीय कर्मचारियों को 38 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिल रहा है, जबकि प्रदेश के अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रतिमाह 34 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता दिया जा रहा है।
‘मिशन लाइफ’की पीएम मोदी ने शुरुआत की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात दौरे का गुरुवार को दूसरा दिन है। पीएम मोदी सुबह नर्मदा जिले के केवड़ियां पहुंचे। पीएम मोदी केवड़िया में मिशन लाइफ का शुभारंभ किया। इससे पहले पीएम ने संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से मुलाकात की। नीचे देखिए फोटो वीडियो। दोपहर करीब 12 बजे मोदी ने केवड़िया में मिशन प्रमुखों के 10वें सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा, Mission Life का मंत्र है Lifetime और environment. पृथ्वी पर रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति को व्यक्तिगत प्रयासों की कामना के साथ ही आज ये मिशन का विजन दुनिया के सामने रख रहा हूं। क्लाइमेट चेंज से हो रहे बदलाव लोग अपने आस-पास महसूस कर रहे हैं, पिछले कुछ दशकों में हमने इस दुष्प्रभाव को तेजी से बढ़ते देखा है।
पीएम ने आगे कहा, आज हमारे ग्लेशियर पिघल रहे हैं, हमारी नदियां सूख रही हैं, मौसम अनिश्चित हो रहे हैं और ये बदलाव लोगों को सोचने पर मजबूर कर रहे हैं कि क्लामेट चेंज को सिर्फ पॉलिसी मेकिंग पर नहीं छोड़ा जा सकता है। मिशन लाइफ इस धरती की सुरक्षा के लिए जन-जन की शक्तियों को जोड़ता है। उनका बेहतर इस्तेमाल करना सिखाता है। मिशन लाइफ इस बात पर भरोसा करता है की छोटे-छोटे प्रयासों का भी व्यापक प्रभाव हो सकता है। गुजरात महात्मा गांधी की जन्मस्थली है।
वो उन विचारकों में से एक थे, जो बहुत पहले पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के साथ तालमेल बिठाकर जीवन जीने का महत्व समझ गए थे। मिशन लाइफ P3 (Pro-Planet People) की अवधारणा को मजबूत करेगा। मिशन लाइफ धरती के लोगों को ‘Pro-Planet People’ से जोड़ता है, उनको अपने विचार से समाहित करके एक कर देता है। ये Lifestyle of the planet, for the planet and by the planet, के मूल सिद्धांत पर चलता है।
पीएम मोदी आज ही गांधीनगर में DefExpo22 का उद्घाटन करेंगे। ‘पाथ टू प्राइड’ थीम के तहत आयोजित किया जा रहा एक्सपो, अब तक आयोजित भारतीय रक्षा एक्सपो में अब तक की सबसे बड़ी भागीदारी का गवाह बनेगा। पहली बार यह विशेष रूप से भारतीय कंपनियों के लिए आयोजित एक रक्षा प्रदर्शनी का गवाह बनेगा, जिसमें विदेशी ओईएम की भारतीय सहायक कंपनियां, भारत में पंजीकृत कंपनियों का डिवीजन, एक भारतीय कंपनी के साथ संयुक्त उद्यम वाले प्रदर्शक शामिल हैं।
गुजरात को गाली देने और अपमान करने वालों को सबक सिखाएं : मोदी
इससे पहले अपने इस गुजरात दौरे के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात को लगातार गाली देने और अपमान करने वालों पर निशाना साधा। साथ ही लोगों से उन्हें सबक सिखाने को कहा। मोदी ने 4,155 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत करने के बाद सौराष्ट्र क्षेत्र के जूनागढ़ में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दलों का मानना है कि अगर उन्होंने गुजरात और गुजराती लोगों को गाली नहीं दी तो उनकी विचारधारा अधूरी है। किसी का नाम लिए बिना उन्होंने राज्य के लोगों से कहा कि ऐसे निराशावादियों से दूर रहें। पीएम ने लोगों से पूछा अगर भारत में कोई कुछ हासिल करता है तो बतौर भारतीय आप गौरवान्वित होंगे या नहीं? अगर दक्षिण भारत के वैज्ञानिक इसरो में सफल होते हैं तो आप खुश होते हैं या नहीं? अगर हरियाणा का कोई युवा ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतता है तुम खुश होगे या नहीं? उन्होंने कहा कि जाहिर सी बात है कि कोई भी भारतीय देश में कहीं भी रहने वाले किसी भी अन्य भारतीय की उपलब्धियों से खुश होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले दो दशकों से हमने देखा है कि विकृत मानसिकता वाले लोग इसे पसंद नहीं करते हैं। जब गुजरात के लिए कुछ अच्छा होता है या कोई गुजराती कुछ हासिल करता है तो वे गुजरात का अपमान करते हैं और गुजराती लोगों को गाली देते हैं। ऐसे लोगों को सबक सिखाएं।
बायोपिक दिग्गज अदाकारा बिनोदिनी दासी पर बनने जा रही है
दिग्गज अदाकारा और बंगाली थिएटर आर्टिस्ट बिनोदिनी दासी उर्फ नटी बिनोदिनी पर बायोपिक बनने जा रही है। मीडिया को मिली जानकारी के मुताबिक एक्ट्रेस कंगना रनौत बिनोदिनी के रूप में पर्दे पर नजर आने वाली हैं। दिलचस्प बात यह है कि बिनोदिनी दासी पर एक नहीं बल्कि दो-दो बायोपिक बनने जा रही है। पिछले महीने ही बिनोदिनी दासी की एक और बायोपिक का ऐलान हुआ था। इस बायोपिक में एक्ट्रेस रुक्मिणी मैत्रा, बिनोदिनी दासी के रूप में नजर आने वाली हैं। फिल्म के नाम की घोषणा भी हो चुकी है। रुक्मिणी मैत्रा अभिनीत बायोपिक का नाम बिनोदिनी एकती नातिर उपाख्यान है।
ये हैं बिनोदिनी दासी
बिनोदिनी दासी फिल्मों के साथ-साथ बंगाली रंगमंच का भी एक बड़ा नाम है। उन्होंने कई चुनौतीपूर्ण किरदार अदा किए हैं। वे अपने किरदारों के साथ कई तरह के प्रयोग करती थीं। चैतन्य महाप्रभु का चरित्र किरदार रंगमंच पर निभाकर बिनोदिनी दासी दुनिया भर में काफी फेमस हो गई थीं। रंगमंच की इस भूमिका वे बिनोदिनी दासी को कई सफलताएं दिलाई थी। बिनोदिनी दासी ने सिर्फ 12 साल की उम्र में ही अभिनय शुरू कर दिया था। उन्होंने प्रमिला, सीता, द्रौपदी, राधा, आयशा, कैकेयी, मोतीबाई और कपालकुंडला समेत 80 से अधिक किरदार अदा किए थे। अब उन्हीं अदाकारा पर दो बायोपिक बनने जा रही है।
कंगना रनौत निभाएंगी बिनोदिनी का किरदार
दरअसल कंगना रनौत की ये चौथी फिल्म होगी जिसमें वे रियल लाइफ किरदार को अदा करने वाली हैं। इससे पहले वे मणिकर्णिका, थलाइवी में रियल लाइफ किरदार निभा चुकी हैं। वहीं उनकी आने वाली फिल्म इमरजेंसी में वे दिवंगत पीएम इंदिरा गांधी का रोल प्ले करती नजर आएंगी। बिनोदिनी की बायोपिक को लेकर कंगना काफी एक्साइटेड हैं।
उन्होंने कहा है कि ‘मैं प्रदीप सरकार की बहुत बड़ी फैन हूं। मैं खुश हूं कि उन्होंने मुझे यह मौका दिया। प्रकाश कपाड़िया के साथ मैं पहली बार काम करने जा रही हूं। देश की इतनी बड़ी आर्टिस्ट की यात्रा को पर्दे पर उतारने के लिए मैं काफी एक्साइटेड हूं।’ बता दें कि एक्टिंग के साथ-साथ बिनोदिनी दासी को अपनी आत्मकथा लिखने वाली थिएटर की पहली दक्षिण एशियाई अभिनेत्री भी माना जाता है।
लॉन्ग एंगस को श्रीकांत ने पहले मैच में हराया
डेनमार्क ओपन में भारत के किदांबी श्रीकांत और त्रिसा-गायत्री की जोड़ी ने पहले दौर की बाधा पार कर ली है। श्रीकांत ने 56 मिनट तक संघर्ष करने के बाद हॉन्ग कॉन्ग के एनजी का लॉन्ग एंगस को 17-21, 21-14, 21-12 के अंतर से हराया। वहीं, त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचिंद की जोड़ी ने 21-15, 21-15 के अंतर से आसान जीत दर्ज की। भारतीय जोड़ी ने डेनमार्क की एलेक्जेंड्रा बोजे और अमाली मैगेलुंडो को मात दी। दूसरे दौर में भारतीय जोड़ी का सामना थाईलैंड की छठी वरीय जोंगकोलफन कितिथाराकुल और राविंदा प्राजोंगजाई से होगा।
इस टूर्नामेंट में भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु नहीं खेल रही हैं। ऐसे में किदांबी श्रीकांत पर ही सभी भारतीयों की उम्मीदें टिकी हुई हैं। हालांकि, राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाली त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी भी देश का नाम रोशन कर सकती है।
पहला गेम हारने के बाद मैच जीते श्रीकांत
ओडेंस में डेनमार्क ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में पूर्व चैंपियन किदांबी श्रीकांत का पहला मुकाबला हांगकांग के एनजी का लोंग एंगस से था। इसी मैदान पर पांच साल पहले खिताब जीतने वाले श्रीकांत ने 56 मिनट तक चले मैच में दुनिया के 14वें नंबर के खिलाड़ी को 17-21, 21-14, 21-12 से हराया। इस मैच से पहले ये दोनों खिलाड़ी छह मैच खेले थे और दोनों ने 3-3 मैच जीते थे।
पहले गेम में श्रीकांत ने एंगस के खिलाफ कड़ी मेहनत की, लेकिन पीछे रह गए। हांगकांग के खिलाड़ी ने 11-8 की बढ़त बना ली। एंगस ने श्रीकांत को वापसी करने की अनुमति नहीं दी। हालांकि, दूसरे गेम में श्रीकांत ने 6-3 की बढ़त बना ली लेकिन एंगस ने उलटफेर करते हुए 10-8 की बढ़त बना ली। उन्होंने सीधे आठ अंक हासिल कर अपनी बढ़त 16-10 कर ली और दूसरा सेट जीता लिया।
तीसरे गेम में श्रीकांत ने आधा गेम खत्म होने तक 11-4 की बढ़त ले ली थी। इसके बाद उन्होंने विपक्षी खिलाड़ी को वापसी का मौका नहीं दिया और तीसरा सेट भी जीतकर दूसरे मैच में जगह बना ली। अगले मैच में उनका सामना 2021 के विश्व चैंपियन लोह कीन यू से होगा।
जबलपुर में चार दिनों की मशक्कत और 200 कैमरों के फुटेज से चोरों का सुराग मिला
जबलपुर के बड़े खिलौना कारोबारी पंजू गोस्वामी के 30 लाख रुपये लेकर मुंबई भुगतान के लिए जा रही एक युवती का बैग 14 अक्टूबर की रात हरदा-इटारसी के बीच चोरी हो गया था। शासकीय रेल पुलिस इटारसी ने इस मामले का पर्दाफाश करते हुए जबलपुर के बदमाशों के घर से पूरी रकम बरामद कर ली है। इतनी बड़ी रकम नकद भुगतान के लिए मुंबई भेजने का मामला भी संदिग्ध लग रहा है, इसे लेकर जीआरपी आयकर एवं जीएसटी विभाग को सूचना देने की तैयारी कर रहा है।
यह है मामला
जीआरपी के अनुसार 14 अक्टूबर को जबलपुर करमचंद मार्केट के खिलौना कारोबारी का चुकारा करने के लिए 30 लाख रुपये लेकर युवती ट्रेन क्रं. 12321 हावड़ा मेल में जबलपुर से मुंबई के लिए सफर कर रही थीं।
ट्रेन के एस-4 कोच में उनका रिजर्वेशन था। नीले रंग के पिट्ठू बैग में रुपये रखे हुए थे। ट्रेन के जबलपुर स्टेशन से चलने के बाद इटारसी तक युवती जाग रही थीं, जब हरदा स्टेशन पर उनकी नींद खुली तो सिर के पास रखा पिट्ठू बैग गायब था।
इस मामले में रिपोर्ट पर जीआरपी इटारसी ने मामला पंजीबद्ध किया। जिस व्यापारी का यह रुपया था वह जबलपुर के बड़े खिलौना एवं इलेक्ट्रानिक सामान के व्यापारी हैं, उनकी कई दुकानें हैं। दीवाली त्यौहार को लेकर माल की डिलीवरी का भुगतान करने के लिए रीना को भेजा गया था, इससे पहले भी वह ऐसी रकम लेकर मुबंई जाती रहीं हैं।
खुफिया कैमरों से मिला सुराग
पुलिस ने जांच में कारोबारी की दुकान से घटनास्थल तक करीब 200 अलग-अलग लोकेशन एवं स्टेशनों के खुफिया कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस को फुटेज में दो संदिग्ध युवक बाइक पर युवती का पीछा करते हुए नजर आए, इससे पहले भी बदमाशों को पीछा करते हुए देखा गया। तीन संदिग्ध बदमाश रैकी करते हुए पाए गए। जो रवीना की हर गतिविधि पर नजर रखे हुए थे।
जीआरपी की एक टीम जबलपुर पहुंची, यहां संदिग्धों के फुटेज से पता चला कि बदमाशों का पुराना रिकार्ड बेलबाग जबलपुर थाने में है। संदेह के आधार पर पुलिस ने 25 वर्षीय अनुज गुप्ता पुत्र दिलीप गुप्ता निवासी घमापुर चौक कंजर मोहल्ला थाना बेलबाग जबलपुर, 25 वर्षीय आनंद पिता रेवाराम अहिरवार निवासी सरकारी कुआ महाराणा प्रताप चौक हनुमानताल जबलपुर को घर से पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपितों ने जुर्म कुबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर घर की आलमारी में अलग-अलग रखे 15-15 लाख रुपये, हेडफोन, चार्जर, नीले रंग का छोटा पर्स, कपड़े एवं अन्य सामान बरामद किया गया।
रूसी राष्ट्रपति ने यूक्रेन के चार क्षेत्रों में मार्शल लॉ का किया ऐलान
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को यूक्रेन के चार क्षेत्रों में मार्शल लॉ का ऐलान किया। जिसे मास्को ने पिछले महीने अपने क्षेत्र के रूप में दावा किया था। वहीं पुतिन ने रूसी क्षेत्रों के प्रमुखों को अतिरिक्त आपातकालीन शक्तियां दी। हालांकि राष्ट्रपति ने मार्शल लॉ के तहत उठाए जाने वाले कदमों के बारे में नहीं बताया।
हालांकि कानून के अनुसार इसमें यात्रा और सार्वजनिक समारोहों पर बैन, सख्त सेंसरशिप और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए व्यापार अधिकार शामिल हो सकते हैं। व्लादिमीर पुतिन ने अपने फरमान के तहत रूसी क्षेत्रों के प्रमुखों को दी जाने वाली अतिरिक्त शक्तियों का विवरण नहीं दिया।
यूक्रेन के गांवों-शहरों में ब्लैक आउट
रूसी हवाई हमले से यूक्रेन के 30% पावर स्टेशन तबाह हो गए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया कि देश के एक हजार गांवों और शहरों में ब्लैक आउट हो गया है। रूस के हवाई हमलों में 70 लोगों की मौत हो गई हैं। इधर रूस ने खारकीव के सबसे बड़े हिस्से गोरोबिवका पर कब्जे का दावा किया है।
रूस-ईरान के बीच समझौता
वहीं मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ईरान ने रूस को कामिकाजे ड्रोन के बाद जमीन से जमीन पर मार करने वाली मिसाइलों का जखीरा देने का समझौता किया है। उधर, रूस के शहर येस्क में सोमवार को विमान के रिहायशी इमारत से टकराने के बाद मृतकों की संख्या 14 हो गई है।
मौसम विभाग ने दिवाली पर केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्रप्रदेश राज्यों में बारिश का अनुमान
देश के उत्तरी और मध्य हिस्से से मानसून विदा हो चुका है। वहीं मौसम विभाग ने कुछ प्रदेशों में दीपावली के आसपास बारिश की भविष्यवाणी की है। आईएमडी ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यह आगे जाकर चक्रवात में तबदील हो सकता है। मौसम विभाग ने केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्रप्रदेश में 22 से 25 अक्टूबर तक बारिश की संभावना जताई है। वहीं स्काईमेट वेदर के अनुसार एक चक्रवर्ती परिसंचरण उत्तर अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में बना हुआ है। इसके 22 अक्टूबर तक एक डिप्रेशन में और बाद में पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात में बदलने की संभावना है। एक अन्य ट्रफ रेखा केरल के तट से मध्य पश्चिम अरब सागर तक बनी है।
मछुआरों को दी गई सलाह
चक्रवात को देखते हुए मछुआरों को पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में न जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात के दौरान हवा की गति 45 से 55 किमी प्रति घंटा हो सकती है।
ओडिशा सरकार ने की बैठक
चक्रवात के पूर्वानुमान को देखते हुए ओडिशा सरकार ने एक समीक्षा बैठक की। इस ने पूर्वानुमान के मद्देनजर सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियों को रद्द कर दिया है। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र भुवनेश्वर के मौसम वैज्ञानिक यू एस दास के अनुसार 23 अक्टूबर तक राज्य में वर्षा की संभावना नहीं है।
अगले 24 घंटों के दौरान मौसम का पूर्वानुमान
स्काईमेट वेदर के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह और आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में तेज बारिश संभव है। विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बरसात हो सकती है। वहीं उत्तराखंड में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी संभव है।
पर्यावरणविद् डा. अनिल जोशी संग सीएम शिवराज ने किया पौधारोपण
प्रगति के बीच प्रकृति को बचाने के संकल्प के साथ साइकिल यात्रा पर निकले प्रख्यात पर्यावरणविद व पद्मभूषण अलंकरण से सम्मानित डा. अनिल प्रकाश जोशी मंगलवार को प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंच गए। उन्होंने अपने पर्यावरण बचाओ अभियान के तहत बुधवार को सुबह स्मार्ट सिटी पार्क में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ चर्चा भी की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आदरणीय जोशी जी पर्यावरण की अलख जगाते हुए मुंबई से साइकिल यात्रा प्रारंभ भोपाल तक पहुंचे हैं। एक पवित्र उद्देश्य के लिए उन्होंने अपना जीवन लगाया है, उनके साथ उनकी टीम भी इस पवित्र प्रयास में साथ हैं। मैं उनका और टीम का मध्यप्रदेश की धरती पर उनका हृदय से स्वागत करता हूं।
वैशाली ठक्कर आत्महत्या प्रकरण की सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ली जानकारी
इंदौर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास में सुबह आपात बैठक बुलाई। मुख्यमंत्री ने इंदौर, भोपाल, बैतूल और गुना में हुई घटनाओं पर अधिकारियों से वर्चुअली जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इंदौर में वैशाली ठक्कर द्वारा आत्म-हत्या के प्रकरण में आरोपितों पर अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने इसे घृणित और दर्दनाक बताया। उन्होंने दोषियों के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बताया गया कि दोषियों के विरूद्ध इनाम घोषित किया गया है। साथ ही लुकआउट नोटिस जारी कर देश के सभी विमानतलों को सूचना दी गई है। आरोपितों की तलाश में देश के अलग-अलग शहरों में टीमें रवाना की गई हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज ने इंदौर में एडीएम द्वारा दिव्यांग से दुर्व्यवहार को घोर आपत्तिजनक तथा दुर्भाग्यपूर्ण मानते हुए एडीएम पवन जैन को तत्काल हटाकर भोपाल संबद्ध करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन-सुनवाई में किसी के भी साथ दुर्व्यवहार आपत्तिजनक है। अधिकारियों का जन-सामान्य से संयम और धैर्य के साथ संवाद आवश्यक है। समस्याओं के समाधान में सकारात्मक रवैया होना चाहिए। इंदौर कलेक्टर कार्यालय से इस वीडियो कांफ्रेसिंग में पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र, कलेक्टर मनीष सिंह तथा डीआईजी मनीष कपूरिया मौजूद थे।





