मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से एक महीने का ‘सेवा-संकल्प अभियान’ शुरू होने जा रहा है। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। शाम 7 बजे प्रदेशभर में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। उज्जैन के महाकाल महालोक सहित ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के वार्डों में दीप जलाने की तैयारी की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सरकार की ओर से अभियान में लाभार्थी परिवारों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को भी जोड़ने की योजना है। प्रदेश में बड़े स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन के आयोजन के जरिए जनभागीदारी का संदेश देने की तैयारी है।
अभियान के दौरान सेवा, स्वच्छता, जनसंपर्क और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर रहेगा।
मुख्यमंत्री ने अभियान की तैयारियों में जिम्मेदारियां पहले से तय करने और कार्यक्रमों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेशभर में अभियान को लेकर प्रशासनिक और संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।









