डिंडोरी में कृषि क्षेत्र में नवाचार और विकास की नई संभावनाएं हैं : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

0
2

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि डिंडोरी जिले में कृषि के क्षेत्र में नवाचार और विकास को लेकर सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ है। यहां कृषि विकास की नई संभावनाएं हैं, जो उत्साहजनक हैं। डिंडोरी उनके लिए विशेष महत्व रखने वाला जिला है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को इंदौर एयरपोर्ट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डिंडोरी में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बलराम कृषि महोत्सव किसानों को खेती की नई संभावनाओं, आधुनिक तकनीकों और नवाचारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। डिंडोरी जैसे जनजातीय बहुल जिले में कृषि के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक प्रयास सराहनीय हैं। राज्य सरकार किसानों के कल्याण और उनकी आर्थिक समृद्धि के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में कोदो, कुटकी के साथ धान की खरीदी का निर्णय लिया गया है। इससे क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज का उचित लाभ मिलेगा और परंपरागत कृषि उत्पादों को भी प्रोत्साहन प्राप्त होगा।

किसान कल्याण वर्ष में गौपालन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष के माध्यम से कृषि और पशुपालन को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस वर्ष प्रत्येक विकासखंड में गौमाता प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसके अंतर्गत प्रत्येक ब्लॉक के वृंदावन ग्राम में उत्कृष्ट गौपालकों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गौपालन को प्रोत्साहित करना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

डिंडोरी को मिली आयुर्वेद महाविद्यालय की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डिंडोरी जिले को हाल ही में आयुर्वेद महाविद्यालय की सौगात मिलने का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में भी जिले को अनेक विकास कार्यों की सौगात मिली है। इन कार्यों से डिंडोरी की प्रगति को नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में जिला विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

बलराम कृषि महोत्सव की श्रृंखला का 49वां आयोजन
कार्यक्रम में राज्य सहकारी बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत भगवान बलराम के नाम पर बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। डिंडोरी में आयोजित यह श्रृंखला का 49वां कार्यक्रम है। प्रदेश के प्रत्येक जिले में इस तरह के आयोजन किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। इंदौर में वरिष्ठ विधायक एवं अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here