Home Blog Page 74

कन्हैयालाल के हत्यारों की पेशी पर भड़का जनाक्रोश

0

कन्हैयालाल की हत्या से जुड़े चार आरोपियों को आज (शनिवार) जयपुर एनआईए कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान आरोपियों की गुस्साई भीड़ ने पिटाई कर दी। वहीं सुनवाई के बाद कोर्ट ने चारों दोषियों को 12 जुलाई तक एनआईए की कस्टडी में भेज दिया। अब दस दिन तक एनआईए की टीम कन्हैयालाल के हत्यारों से कड़ी पूछताछ करेगी।

कोर्ट में पेशी के दौरान पिटाई

जयपुर की एनआईए अदालत में पेशी के दौरान हमला हुआ। आरोपियों को भारी सुरक्षा व्यावस्था के बीच कोर्ट में पेश किया गया था, लेकिन चारों को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। आरोपियों के अदालत में जाने के बाद कुछ घंटों के लिए दरवाजा बंद कर दिया गया। हालांकि जब वो बाहर निकले तो डंडों और जूते-चप्पल से पिटाई हुई। जब पुलिस उन्हें गाड़ी पर चढ़ा रही थी। उस दौरान भी लोगों ने धुलाई कर दी।

एनआईए को ट्रांसफर किया गया केस

कन्हैयालाल के हत्यारों को अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में रखा गया है। शुक्रवार को दोनों आरोपियों को उदयपुर कोर्ट में पेश किया गया। जिसके बाद अदालत ने दोनों आरोपियों को एक दिन के ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया था। साथ ही डीजे कोर्ट ने शुक्रवार को केस एनआईए को ट्रांसफर कर दिया है।

3 जुलाई तक नेटबंदी

इधर जयपुर में नेटबंदी को 3 जुलाई शाम तक बढ़ा दिया गया है। वहीं शनिवार को प्रशासन ने उदयपुर में कर्फ्यू में चार घंटे ढील देने का एलान किया। जिला मजिस्ट्रेट ताराचंद मीणा के आदेश के मुताबिक दोपहर 12 से शाम 04 बजे तक छूट रही।

पंत का शतक, जडेजा के साथ मिलकर टीम को मुश्किल परिस्थितियों से उबारा

0

भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबले खेला जा रहा है। बर्मिंघम में दोनों टीम पांच मैचों की सीरीज के आखिरी मैच में आमने-सामने हैं। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीता है। वह पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 98 रन के स्कोर पर 5 विकेट गवां दिए थे। ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा ने छठे विकेट के लिए 180+ रनों की साझेदारी कर डाली। पंत ने 89 बॉल पर 15 चौके और 1 सिक्सर की मदद से शतक पूरा किया। यह उनके करियर का 5वां टेस्ट शतक है। इससे पहले टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर फेल रहे। ओपनर शुभमन गिल 17 और चेतेश्वर पुजारा 13 रन बनाकर जेम्स एंडरसन का शिकार हुए। हनुमा विहारी 20, विराट कोहली 11 और श्रेयस अय्यर 15 रन बनाकर आउट हुए।

पिछले साल अगस्त-सितंबर में खेली गई श्रृंखला में भारत 2-1 से आगे है। तब पांचवां टेस्ट कोरोना वायरस के कारण टल गया था। संयोग से इस मैच से पहले भी भारतीय टीम में पॉजिटिव का मामला सामने आया है। रोहित शर्मा कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उनकी जगह बुमराह को कमान मिली है।

रोहित की जगह चेतेश्वर पुजारा को ओपनिंग के लिए उतारा गया है। जो पिछले साल इस सीरीज में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे। वहीं बॉलिंग में भारतीय टीम चार पेसर्स और एक स्पिनर के साथ उतरी है। दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को प्लेइंग में जगह नहीं मिली है। रवींद्र जडेजा स्पिन ऑलराउंडर के तौर पर टीम में शामिल हुए हैं।

कभी क्वीन तो कभी गैंगस्टा हैं तारक मेहता शो की अंजली उर्फ सुनयना फौजदार

0

तारक मेहता का उल्टा चश्मा शो की अंजली मेहता यानी कि सुनयना फौजदार ने एक बार फिर अपनी खूबसूरती से सभी को हैरान कर दिया है। शो में उनके किरदार अंजली मेहता से उन्होंने बहुत ही कम समय में दर्शकों के दिलों में जगह बना ली है। शो में उन्होंने अपने किरदार को बखूबी निभाया है। इसके पहले शो में अंजली के किरदार में नेहा मेहता थी। जिनके रिप्लेसमेंट में सुनयना ने तारक मेहता का उल्टा चश्मा में एंट्री ली थी। सुनयना टेलीविजन के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं। वे अपनी खूबसूरत तस्वीरें फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं। हाल ही में उन्होंने एक बार फिर फैशन गोल सेट कर दिया है। सुनयना ने अपना एक स्टनिंग वीडियो शेयर किया है।

सुनयना का बाॅस बेब लुक

सुनयना ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की है। जिसमें उनका बॉस बेब लुक देखने को मिल रहा है। उन्होंने अपने लुक में क्लासी मरून रेड कलर का पैंट सूट पहन रखा है। जिसके साथ उन्होंने अपने स्ट्रेट खुले बाल रखे हैं। साथ ही उन्होंने मिनिमल मेकअप किया है और चिक ज्वेलरी के साथ अपने लुक को कम्प्लीट किया है। उनका यह डिजाइनर लुक उनके परफेक्शन को दिखा रहा है। सुनयना का यह ड्रेसअप उनके फैंस को भी काफी पसंद आ रहा है। एक्ट्रेस का यह लुक और उनके एक्सप्रेशन देखते ही बन रहा है।

फैंस को पसंद आया सुनयना का लुक

सुनयना के इस बाॅस बेब वाले लुक को फैंस की भर-भर के तारीफें मिल रही हैं। एक्ट्रेस अपनी काफी सारी बोल्ड फोटोज इंस्टाग्राम पर शेयर करती रहती हैं। सुनयना के हाल ही के इस वीडियो को देखकर फैंस अपने रिएक्शन दे रहे हैं। एक्ट्रेस ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है कि ‘थोड़ी सी क्वीन और थोड़ी से गैंगस्टा को मिलाकर पूरी मैं बन जाती हूं।’ फैंस उनकी इस पोस्ट पर तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। वहीं एक ने कमेंट करते हुए लिखा कि ‘सुनयना मैम आप सबसे खूबसूरत क्वीन हो।’ वहीं दूसरे ने लिखा कि ‘आप बहुत ही खूबसूरत दिख रही हैं।’

केंद्रीय अधिकारियों और कर्मियों की अब नहीं लगेगी चुनाव ड्यूटी

0

हाई कोर्ट ने अपने महत्वपूर्ण आदेश में कहा कि वैधानिक रूप से केंद्रीय अधिकारी व कर्मचारी चुनाव ड्यूटी के लिए बाध्य नहीं हैं। लिहाजा, आगे की तारीखों में इनकी चुनाव ड्यूटी न लगाई जाए। न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल की एकलपीठ ने कहा कि चुनाव आयोग केंद्रीय कर्मियों व अधिकारियों के स्थान पर राज्य सरकार के कर्मियों व अफसरों की चुनाव ड्यूटी लगाने स्वतंत्र है।

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से शुक्रवार को एक आवेदन हाई कोर्ट में पेश किया गया।

इसमें कहा गया कि हाई कोर्ट की अन्य बेंचों ने 24 व 27 जून को पारित आदेशों के तहत केंद्रीय कर्मियों को चुनाव ड्यूटी में तैनात करने पर रोक लगाई है। इसे हटाया जाए। वहीं ईपीएफओ, जबलपुर डिवीजन व सेंट्रल जोन इंश्योरेंस कर्मी संघ की ओर से याचिकाएं दायर की गईं।

इनमें कहा गया कि मध्य प्रदेश नगर पालिका निर्वाचन नियम 1994 के नियम 17 व मध्य प्रदेश पंचायत निर्वाचन नियम 1995 के नियम 24 के तहत इन चुनावों में केवल राज्य सरकार, स्थानीय निकायों व राज्य सरकार के लोक उपक्रमों के कर्मियों को ही तैनात किया जा सकता है। इसके बावजूद याचिकाकर्ता केंद्रीय व बीमा कम्पनियों के कर्मियों की चुनाव ड्यूटी लगाई गई है।

बहस के दौरान तर्क दिया गया कि न तो वे राज्य सरकार के किसी भी विभाग या उपक्रम के कर्मी हैं और न ही उनकी संस्थाओं को राज्य सरकार प्रत्यक्ष या प्रत्यक्ष रूप से आर्थिक मदद करती है। ऐसे में उनकी निकाय चुनावों में ड्यूटी लगाना सर्वथा अनुचित है।

चुनाव आयोग की ओर से अधिवक्ता सिद्धार्थ सेठ ने कोर्ट को बताया कि कोर्ट के कहने पर स्थगन के बावजूद याचिकाकर्ता संगठनों के तीन-चार कर्मियों को छोड़कर अन्य केंद्रीय कर्मियों ने एक जुलाई को ड्यूटी करने की सहमति दी। इस पर कोर्ट ने कहा कि कानूनी रूप से बाध्य न होने पर भी याचिकाकर्ता संगठनों के कर्मियों ने एक जुलाई को चुनाव ड्यूटी करने की सहमति देकर उदारता प्रदर्शित की है। लेकिन इस अपवाद को चुनाव आयोग अपना अधिकार न समझे। आगे के चुनाव कार्यक्रम के लिए राज्य सरकार के अधिकारी व कर्मी तैनात किए जा सकते हैं।।

हैदराबाद में जेपी नड्डा का रोड शो

0

शनिवार से हैदराबाद में भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुरू होने जा रही है। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सहित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री और भाजपा के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे। इससे पहले बीजेपी के राष्ट्रयी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हैदराबाद में रोड शो किया और पार्टी की शक्ति का प्रदर्शन किया। इस मौके पर बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि जनता मौजूदा सरकार से ऊब चुकी है और परिवर्तन चाहती है।

क्या है कार्यक्रम

2 जुलाई की शाम 4 बजे से बीजेपी राष्ट्रीय कार्यसमिति शुरू होगी। राष्ट्रीय कार्यसमिति के 340 डेलीगेट्स के साथ प्रधानमंत्री मोदी पूरे समय हर बैठक और हर सत्र में रहेंगे। 3 जुलाई को शाम 4 बजे राष्ट्रीय कार्यसमिति समाप्त होगी और उसके बाद प्रधानमंत्री जी विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव तरुण चुघ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी।

क्या होगा एजेंडा?

इसके बारे में जानकारी देते हुए बीजेपी के नेताओं ने बताया कि यह एक बड़ी और अहम बैठक होगी और इसमें आनेवाले दिनों के लिए पार्टी की कार्ययोजना पर विचार किया जाएगा। आपको बता दें कि पिछले 18 साल में ये पहला मौका है, जब हैदराबाद में बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हो रही है। कार्यकारिणी बैठक के दौरान तेलंगाना में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के अलावा 2024 में प्रस्तावित लोकसभा चुनावों के मद्देनजर रणनीति तैयार की जाएगी।

SC की फटकार के बाद हरकत में आई दिल्ली पुलिस, नूपुर शर्मा को फिर भेजेगी नोटिस

0

सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद एक तरफ नूपुर शर्मा की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं, तो दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस भी एक्शन के मूड में दिख रही है। मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा को फिर से पूछताछ के लिए नोटिस भेज सकती है। पैगंबर मोहम्मद पर विवादित बयान को लेकर नूपुर शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद दिल्ली पुलिस ने 41A के तहत नूपुर शर्मा को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा था और वह जांच में शामिल हुई थी। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 18 जून को नूपुर शर्मा का बयान दर्ज किया था। अब दिल्ली पुलिस दोबारा नूपुर शर्मा से पूछताछ कर सकती है और उन्हें फिर से नोटिस भेजा जा सकता है।

दिल्ली पुलिस को फटकार

दरअसल सर्वोच्च अदालत ने अपनी टिप्पणी में पुलिस को फटकार लगाते हुए कहा था कि FIR दर्ज होने के बाद भी कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई? सुप्रीम कोर्ट इस दौरान दिल्ली पुलिस पर तल्ख टिप्पणी की। बेंच ने दिल्ली पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि नूपुर शर्मा शिकायत पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन कई एफआईआर दर्ज होने के बावजूद नूपुर खिलाफ अभी तक दिल्ली पुलिस ने ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की।

नूपुर शर्मा पर कड़ी टिप्पणी

सुप्रीम कोर्ट ने पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी मामले में नूपुर शर्मा को भी कड़ी फटकार लगाई और कहा कि इसके लिए उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जे.बी. पारदीवाला की अवकाशकालीन पीठ ने सख्त टिप्पणियों के साथ नूपुर शर्मा की उस याचिका को भी खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने देशभर में अपने खिलाफ दर्ज मुकदमों को दिल्ली ट्रांसफर करने की गुहार लगाई थी।

एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

0

शिवसेना के बागी गुट के नेता एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वैसे कुछ घंटों पहले देवेन्द्र फडणवीस ने कहा था कि वो सरकार में शामिल नहीं होंगे, लेकिन सरकार को पूरा सहयोग देंगे। लेकिन अब उन्होंने उपमुख्यमंत्री पद संभालने का फैसला किया है।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ताजा बयान जारी कर कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने तय किया है कि देवेंद्र फडणवीस को सरकार में आना चाहिए इसलिए उनसे व्यक्तिगत अनुरोध किया गया है। केंद्रीय नेतृत्व ने कहा है कि देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के रूप में कार्यभार संभालें।

इस बारे में गृहमंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट किया है। इसमें अमित शाह ने लिखा है कि जेपी नड्डा जी के कहने पर देवेन्द्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के हित में सरकार में शामिल होना स्वीकार कर लिया है। इससे पहले राज्यपाल से मुलाकात के बाद देवेन्द्र फडणवीस ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आज शाम 7.30 बजे एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और बीजेपी उन्हें पूरा समर्थन देगी। फडणवीस ने कहा कि वो सरकार में शामिल नहीं होंगे और नये लोगों को मौका दिया जाएगा। राज्यपाल से मुलाकात के बाद देवेन्द्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे ने संयुक्त रुप से प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया और इस बात का ऐलान किया।

गुरुवार की दोपहर देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने राज्य में सरकार गठन का दावा पेश किया। भाजपा के पास कुल 106 विधायक हैं, जबकि एकनाथ शिंदे ने भी शिवसेना के बागियों और निर्दलीय विधायकों समेत कुल 49 सदस्यों के समर्थन का दावा किया है। इससे पहले एकनाथ शिंदे गोवा से मुंबई पहुंचे और फिर देवेन्द्र फडणवीस के घर पहुंचे। फिर दोनों एक साथ राज्यपाल से मिलने पहुंचे और सरकार बनाने का दावा पेश किया।

आज कांग्रेस के नेताओं और विधायकों ने उद्धव ठाकरे से उनके घर मातोश्री में मुलाकात की। कांग्रेस जहां एकजुटता दिखा रही है वहीं उसके नेता विरोध भी जता रही है। उद्धव के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के फैसले पर कांग्रेस के नेताओं ने ही सवाल उठाये हैं। पूर्व सीएम पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा मीडिया चैनल से बातचीत में कहा कि इससे ऐसा लगता है जैसे उद्धव ठाकरे लड़ना नहीं चाहते हैं। इनके मुताबिक उद्धव ठाकरे को विधानसभा में आना चाहिए था और अपनी बात रखते हुए इस्तीफा देना चाहिए था। औरंगाबाद और उस्मानाबाद शहरों ने नाम बदलने को लेकर भी कांग्रेस में नाराजगी है।

जसप्रीत बुमराह होंगे टीम इंडिया के कप्तान, ऋषभ पंत को मिली उप-कप्तानी

0

इंग्लैंड दौरे पर पहुंची भारतीय टीम को करारा झटका लगा है। कोरोना संक्रमित हुए रोहित शर्मा एजबेस्टन टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। अब उनकी जगह टीम की कप्तानी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह करते नजर आएंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने यह जानकारी दी है। बीसीसीआई ने कहा कि रोहित शर्मा फिटनेस टेस्ट में पास नहीं हुए। ऐसे में पांचवें टेस्ट मुकाबले से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह बुमराह को कप्तान बनाया गया है। वहीं ऋषभ पंत को उपकप्तानी सौंपी गई है। बता दें पिछले साल भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट श्रृंखला खेली गई थी। कोरोना केस बढ़ने के कारण आखिरी मुकाबला नहीं हो पाया था, जो अब खेला जाएगा। फिलहाल भारतीय टीम सीरीज में 2-1 से आगे है।

1 जुलाई से खेला जाएगा मैच

टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच पांचवां टेस्ट मुकाबला 1 जुलाई से बर्मिंघम में खेला जाएगा। इसके बाद अगर रोहित शर्मा वापसी करते हैं, तो उनकी कप्तानी में तीन टी-20 और इतने ही वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। टेस्ट मैच के लिए भारतीय स्क्वॉड का एलान कर दिया गया है। वहीं वनडे और टी-20 श्रृंखला के लिए स्क्वॉड घोषित करना बाकी है।

मतदान केंद्र पर लूट या तोड़फोड़ हुई तो आरोपित की संपत्ति से होगी वसूली

0

पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव में मतदान केंद्रों पर मतपेटी या मतपत्र लूटने, तोड़फोड़ करने वालों से नुकसान की वसूली करने का निर्णय लिया गया है। पहले चरण के चुनाव में जिन मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराना पड़ा था, वहां जिला प्रशासन द्वारा आरोपितों को संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत वसूली के नोटिस दिए गए हैं। यदि राशि जमा नहीं की जाती है तो संपत्ति से वसूली होगी।

उधर, राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राकेश सिंह का कहना है कि मतदान प्रक्रिया को बाधित करने के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी ही चाहिए। मतदानकर्मियों की वजह से यदि पुनर्मतदान की स्थिति बनती है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहला चरण का मतदान हो चुका है। दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार को होेगा। मतदान के दौरान पथराव करने, मतपेटी या मतपत्र लूटने या अन्य कारण से पुनर्मतदान की स्थिति बनती है तो दोषी व्यक्तियों से मतदान व्यवस्था पर हुए खर्च की वसूली की जाएगी।

भिंड और राजगढ़ जिले में जिला प्रशासन ऐसा कर चुका है। संबंधितों को नोटिस देकर मतदान दल के अधिकारियों-कर्मचारियों के दो दिन के वेतन, भोजन, चाय-नाश्ता, टेंट, बिजली, डीजल, पेयजल, वीडियोग्राफी सहित अन्य खर्च की क्षतिपूर्ति करने के लिए कहा गया है। यदि क्षतिपूर्ति नहीं की जाती है तो संपत्ति को आधिपत्य में लेकर राशि वसूली जाएगी।

उर्फी जावेद को मिली जान से मारने की धमकी

0

उर्फी जावेद हमेशा अपने अलग फैशन स्टेटमेंट के लिए ही चर्चा में नहीं बनी रहती बल्कि वे अपने बेबाक बयानों की वजह से भी लाइमलाइट में रहती हैं। बोल्ड अंदाज वाली उर्फी जावेद अपने बयानों को खुलकर बोलने में कभी पीछे नहीं हटती हैं। फिर इसके लिए चाहे उर्फी को ट्रोल ही क्यों न होना पड़े। दरअसल उर्फी ने उदयपुर में हुए कन्हैयालाल के हत्याकांड मामले की कड़ी निंदा की थी। उर्फी ने लिखा था कि ‘अल्लाह ने धर्म के नाम पर कभी भी ऐसी बर्बरता को मंजूर नहीं किया है।’ उन्होंने इसे अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया था। जिसके बाद से उन्हें धमकी भरे मैसेज आने लगे। एक यूजर की धमकी का उर्फी ने स्क्रीनशॉट भी अपनी इंस्टा स्टोरी पर शेयर किया है।

उर्फी को मिली जान से मारने की धमकी

उर्फी को यूजर्स उनके बयान पर धमकी भरे और भद्दे मैसेज कर रहे हैं। वहीं उर्फी ने एक शख्स के खिलाफ एक्शन लेने की बात भी कही है। उर्फी ने स्टोरी शेयर करते हुए अपनी उस पोस्ट में लिखा कि वे मुंबई पुलिस से इस शख्स की शिकायत करेंगी। उर्फी को एक यूजर ने चुड़ैल कहा है। वहीं एक यूजर ने लिखा कि ‘अपना मुंह बंद कर चुड़ैल, तुझे तो क्या ही पता इस्लाम क्या है। हमारे नबी की शान में कोई गुस्ताखी करें और हम उसे कैसे छोड़ दें।’ शख्स के इन मैसेजेस से उर्फी का पारा हाई हो गया है।

उर्फी करेंगी एफआईआर

इस घटना के बाद उर्फी ने मुंबई पुलिस को टैग करते हुए लिखा कि ‘मैं इस शख्स के खिलाफ पुलिस में शिकायत करने वाली हूं। ये शख्स धर्म के नाम पर मारने की धमकी दे रहा है। यह सभी चरमपंथियों के लिए सबक होगा। साजिद अब अपना समय जेल में इंजॉय करो।’ उर्फी के लिए गए इस सख्त एक्शन के बाद देखना यह होगा कि इससे कितनों को सबक मिलता है। उर्फी इसके साथ-साथ कुछ अन्य वजहों से भी सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। वे मोस्ट सर्च एशियंस वर्ल्ड वाइड में 57 नंबर पर आ गई हैं। इस लिस्ट में आकर उर्फी ने कियारा आडवाणी, कंगना रनौत, जान्हवी कपूर जैसी बड़ी एक्ट्रेस को भी पीछे छोड़ दिया है। इसको देखकर कहा जा सकता है कि उर्फी सच-मुच में काफी हिट हैं।