Home Blog Page 213

राहुल द्रविड़ टीम टी-20 वर्ल्ड कप के बाद बन सकते हैं इंडिया के हेड कोच

0

नई दिल्ली, भारत के पूर्व बल्लेबाज राहुल द्रविड़ टीम इंडिया का हेड कोच बनने के लिए तैयार हो गए हैं। गौरतलब है कि हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ लिमिटेड ओवरों की सीरीज में वो टीम इंडिया के साथ बतौर हेड कोच जुडे़ थे। मौजूदा कोच रवि शास्त्री का कार्यकाल टी-20 वर्ल्ड कप के बाद समाप्त हो रहा है। द्रविड़ टी-20 वर्ल्ड कप के बाद टीम इंडिया के हेड कोच का पद संभाल सकते हैं। टी-20 वर्ल्ड कप में भारत अपने अभियान की शुरुआत 24 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ करेगा। विराट कोहली ने भी टी-20 वर्ल्ड कप के बाद टी-20 की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया है।

 
द्रविड़ ने कोच बनने के लिए अपनी सहमति दे दी है। उन्होंने कहा कि इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता है। विक्रम बल्लेबाजी कोच बने रहेंगे। उनके अलावा अन्य पदों पर ध्यान दिया जाएगा। भारतीय टीम अब बदलाव की राह पर है।  इसमें कई युवा खिलाड़ियों को शामिल होना है। इन सभी ने द्रविड़ के साथ काम किया है। भारतीय क्रिकेट के लिए ये काफी अहम हो सकता है।
 
 राहुल द्रविड़ हमेशा से ही बीसीसीआई की पसंद थे। बीसीसीआई सचिव जय शाह और अध्यक्ष सौरव गांगुली ने पूर्व कप्तान के साथ बैठकर बात की। चीजें अच्छी रहीं। द्रविड़ ने हमेशा भारतीय क्रिकेट के हित को शीर्ष पर रखा। इसलिए चीजें आसान हो गई। जब राहुल द्रविड़ जैसा खिलाड़ी टीम इंडिया का मार्गदर्शन करेगा, तो टीम इंडिया बेहतर करेगी। 

दुनिया की तीसरी सबसे ताकतवर सैन्य शक्ति वाला देश है भारत

0

नई दिल्ली
अमेरिका और चीन के बाद दुनिया में तीसरा सबसे अधिक सैन्य खर्च वाला देश भारत अब स्वदेशीकरण की राह पर चल पड़ा है। इसी क्रम में 41 आयुध कारखानों को समायोजित कर सात नई रक्षा कंपनियों को बनाया गया है। इनमें से कई कंपनी गोला बारुद और विस्फोटक की जरूरतों को पूरा करेगी, तो दूसरी कंपनियां सेना के लिए वाहनों की कमी पूरा करेगी। इसी प्रकार हर कंपनी की एक जिम्मेदारी होगी। ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ योजना के तहत भारत अब अपनी सैन्य शक्ति को बढ़ाने के लिए खुद पर निर्भर हो रहा है। आइए जानते हैं कि रक्षा क्षेत्र में स्वदेशीकरण को लेकर अब तक क्या-क्या हुआ।

क्या उठाया कदम
– 7.3 अरब डॉलर की डीआरडीओ परियोजनाएं चल रही है सैन्य शक्ति को बढ़ाने के लिए
– सृजन पोर्टल का उपयोग स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा है
– अभी तक 1,776 घटकों और पुर्जों का स्वदेशीकरण किया गया है
– सरकार ने 2025 तक एयरोस्पेस, रक्षा उपकरण में 5 बिलियन यूएस डॉलर के निर्यात करने का फैसला किया है

क्या-क्या बन रहा भारत में
– डीआरडीओ एयरबस जेट्स का उपयोग करके एक नया एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल एयरक्राफ्ट विकसित कर रहा है
– एचएएल से 83 तेजस हल्के लड़ाकू विमान खरीदने के लिए 48,000 करोड़ रुपये के सौदे पर सरकार लगा चुकी है मुहर
– डीआरडीओं ने 2027 तक 10-12 टन का अटैक हेलीकॉप्टर विकसित करने का लक्ष्य रखा है, जो अमेरिका के अपाचे हेलिकॉप्टर का जवाब होगा

इन फैसलों से रक्षा क्षेत्र को मिलेगी मजबूती
09 अगस्त 2020 : केंद्र सरकार से 101 रक्षा उपकरणों के आयात पर अब रोक लगा दी। सरकार के इस फैसले से अब इनका उत्पादन और निर्माण भारत मे ही किया जाएगा। इस सूची में उच्च प्रौद्योगिकी वाले हथियार मसलन असॉल्ट राइफलें, सोनार सिस्टम, ट्रांसपोर्ट एयरक्रॉफ्ट आदि शामिल हैं।

13 जून 2021: रक्षा क्षेत्र में अनुसंधान और नवोन्मेष के लिए करीब 499 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को हासिल करने के मकसद से करीब 300 स्टार्टअप, लघु, छोटे और मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) और व्यक्तिगत अन्वेषकों को वित्तीय मदद मुहैया कराने के लिए इस निधि का इस्तेमाल किया जाएगा।

01 अक्टूबर 2021 : केंद्र सरकार ने 200 साल पुराना ऑर्डिनेंस फैक्टरी बोर्ड को भंग कर दिया। सरकार के इस कदम से गोला-बारूद बनाने की पुरानी तकनीक से निजात मिलेगी। निजी कंपनियां बेहतर तरीके से सैन्य उपकरणों का निर्माण करेगी।

भोपाल सांसद के शब्द सुनते ही विधायक उठकर चले गए, दशहरे के मंच से ही राजनीति

0

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर द्वारा दशहरे के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में राजनीतिक बयान देने एवं सामान्य शिष्टाचार का उल्लंघन करने के कारण विघ्न पड़ गया और कार्यक्रम में उपस्थित विधायक पीसी शर्मा उसी समय कार्यक्रम छोड़ कर चले गए। भाजपा प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानें।
भोपाल के MVM मैदान पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। ऐसे कार्यक्रमों में दलगत राजनीति को भूलकर सभी जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाता है। इसी परंपरा के चलते विश्व हिंदू परिषद के नेता एवं सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर और कांग्रेस पार्टी के नेता एवं विधायक पीसी शर्मा को भी आमंत्रित किया गया था। भोपाल एवं मध्य प्रदेश की परंपरा है। इस प्रकार के कार्यक्रमों में ना तो किसी व्यक्ति की प्रशंसा करते हैं और ना ही नंदा। प्रसंग के संदर्भ में विचार व्यक्त करते हैं एवं जनता को शुभकामनाएं दी जाती है।

दशहरे के कार्यक्रम में सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर का आपत्तिजनक बयान
सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा को टारगेट करते हुए कहा कि पशु भी अपने बच्चे के मरने पर संवेदनशील हो जाता है। यह तो पशु से भी गए बीते हैं। बीमार को पहले प्रताड़ना दी। हम बीमार होते हैं, तो हमारे गुमशुदा के पोस्टर लगा देते हैं। शर्म देती हूं ऐसे लोगों को। यह तो विधायक बनने लायक नहीं हैं, लेकिन विधायक बनते हैं। अपने को हिंदू कहते हैं। संवेदनाहीन होते हैं। हमला करने वालों के मरने पर रोते हैं। शर्म आनी चाहिए ऐसे कांग्रेसियों को और शर्म आना चाहिए ऐसे देशद्रोहियों को। इनकी जगह भारत में नहीं है। भारत में सिर्फ राष्ट्रभक्त रहेगा।

सांसद के इस प्रकार के शब्द सुनने के बाद विधायक पीसी शर्मा कार्यक्रम छोड़ कर चले गए। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी ने उन्हें रोकने की कोशिश की परंतु वह नहीं रुके। इस बयान में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं है लेकिन विजयदशमी के सार्वजनिक कार्यक्रम में इस प्रकार के बयान देना सामान्य शिष्टाचार के विरुद्ध है। यदि यह भारतीय जनता पार्टी का मंच होता तो यही बयान प्रशंसा के योग्य होता।

रायपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में विस्फोट

0

छत्तीसगढ़ की राजधानी में आज सुबह एक ब्लास्ट हो गया है। हादसे में सीआरपीएफ के 4 जवान घायल हो गए हैं। रायपुर रेलवे स्टेशन पर CRPF स्पेशल ट्रेन में इग्नाइटर सेट का बाक्स फर्श पर गिरने से विस्फोट हो गया। इस विस्फोट में चार जवान घायल।

रायपुर, छत्तीसगढ़ की राजधानी में आज सुबह एक ब्लास्ट हो गया है। हादसे में सीआरपीएफ के चार जवान घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार रायपुर रेलवे स्टेशन पर CRPF स्पेशल ट्रेन में इग्नाइटर सेट (igniter) का बाक्स फर्श पर गिरने से विस्फोट हो गया। इस विस्फोट में सीआरपीएफ के चार जवान घायल हो गए हैं। घटना सुबह 6.30 बजे हुई जब झारसुगुड़ा से जम्मू तवी जा रही ट्रेन प्लेटफार्म पर खड़ी थी। सीआरपीएफ के एक जवान और एक हेड कांस्टेबल को रायपुर के नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया ।
सभी घायलों का इलाज चल रहा
प्रारंभिक सूचना की मानें तो शिफ्टिंग के दौरान इग्नाइटर गिर जाने से यह हादसा हुआ। फिलहाल सभी घायल जवानों का इलाज निजी अस्पताल में जारी है। वहीं एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, रेलवे के अधिकारियों की पुष्टि से पहले छह जवानों के घायल होने की सूचना मिली थी।

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक मे सोनिया गांधी ने बागी नेताओं को दिया जवाब, बोलीं- ‘मैं ही हूं पार्टी की स्थायी अध्यक्ष’

0

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक जारी है। इस दौरान सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अशोक गहलोत, आनंद शर्मा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।

कांग्रेस पार्टी के स्थाई अध्यक्ष पद को लेकर चल रही बहस पर फिलहाल सोनिया गांधी ने विराम लगा दिया है। शनिवार को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में उन्होंने साफ किया कि वह ही कांग्रेस की स्थायी अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने हर मामले को गंभीरता से सुना और सुलझाया है। मीडिया के जरिए उनसे बात करने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर विशेषतौर पर युवाओं की भागीदारी बढ़ी है। चाहें वह किसानों का मुद्दा हो, महामारी के दौरान राहत पहुंचाना हो या फिर युवाओं व महिलाओं का मुद्दा हो। लखीमपुर हिंसा पर उन्होंने कहा कि यह घटना भाजपा की मानसिकता को दर्शाता है।

52 नेता हैं मौजूद
पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक जारी है। इस बैठक में राहुल गांधी, सोनिया गांधी, अशोक गहलोत, आनंद शर्मा  समेत पार्टी के 52 वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। बैठक में वर्तमान राजनीतिक स्थिति, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा होगी।

दिग्विजय सिंह व मनमोहन सिंह समेत पांच नेता नदारत
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में 52 वरिष्ठ नेता हिस्सा ले रहे हैं तो वहीं पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अलावा वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह समेत पांच अन्य नेता बैठक का हिस्सा नहीं हैं।

वरिष्ठ नेताओं ने उठाई थी मांग
पिछले दिनों कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक बुलाने की मांग की थी। यहां तक कि कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल और गुलाम नबी आजाद ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर आग्रह किया था कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक बुलाई जाए और पार्टी के संगठनात्मक चुनाव और आतंरिक मामलों पर चर्चा की जाए।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने रवि विजय कुमार मलिमथ को दिलाई मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ

0

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश रवि विजय कुमार मलिमथ को राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने गुरुवार को पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में राजभवन में आयोजित हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित गणमान्य नागरिक मौजूद थे। हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश मोहम्मद रफीक का हाल ही में हिमाचल प्रदेश में तबादला हो गया है। उनके स्थान पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने हिमाचल प्रदेश में पदस्थ न्यायाधीश रवि विजय कुमार मलिमथ को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश पदस्थ किया है। वे उत्तराखंड और कर्नाटक उच्च न्यायालय में भी पदस्थ रह चुके हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्य न्यायाधीश को अपने आवास पर दोपहर भोज के लिए आमंत्रित किया है।

अभिनेत्री Nora Fatehi को ED का समन

0

फिल्म अभिनेत्री नोरा फतेही (Nora Fatehi) को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने समन जारी कर आज पूछताछ कार्यालय बुलाया है। गौरतलब है कि सुकेश चंद्रशेखर मामले में नोरा फतेही से भी पूछताछ होगी। आपको बता दें कि सुकेश चंद्र शेखर (Sukesh Chandra Shekhar) फिलहाल जेल में बंद है और उसने करीब 200 करोड़ रुपए की ठगी की थी। इस मामले की जांच में अब अभिनेत्री नोरा फतेही (Nora Fatehi) को भी प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा समन भेजा गया है।

नोरा को समन जारी कर 200 करोड़ की ठगी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय आज पूछताछ में शामिल होने का आदेश दिया है। प्रवर्तन निदेशालय नोरा फतेही के बयान दर्ज करना चाहता है। हालांकि अभी ये जानकारी नहीं मिली है कि नोरा फतेही बयान दर्ज कराने के लिए ईडी के दफ्तर में जाएगी या नहीं।

ये है पूरा मामला

आपको बता दें कि तिहाड़ जेल में अंदर बैठकर ही 200 करोड़ की रंगदारी वसूलने के मामले में सुकेश चंद्र शेखर और उसकी कथित पत्नी एक्ट्रेस लीना पॉल पर अब ईडी ने भी शिकंजा करना शुरू कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक सुकेश ने अन्य लोगों की तरह नोरा फतेही को भी अपने जाल में फंसाने की साजिश रची थी और पैसे वसूलने की साजिश रची थी। नोरा फतेही कनाडा मूल की अभिनेत्री हैं और बॉलीवुड में कई मशहूर आइटम सॉन्ग के जरिए दर्शकों का दिल जीता है। इसके अलावा नोरा फतेही कई रियलिटी शो में भी काम कर चुकी है। नोरा सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती है और उनके डांस स्टेप काफी वायरल होते हैं।

14 राज्यों में हो रहे उपचुनाव हो चुके हैं अहम

0

नई दिल्ली : अगले साल होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के पहले इस माह देश के 14 राज्यों में हो रहे लोकसभा के तीन और विधानसभाओं के 30 उपचुनाव काफी अहम होंगे। कोरोना की दूसरी लहर और किसान आंदोलन के बीच इन उपचुनावों से देश की भावी राजनीति की नब्ज टटोली जा सकती है। खासकर केंद्र और राज्यों के सत्ताधारी दलों के लिए उपचुनाव के नतीजे काफी मायने रखेंगे। लोकसभा की तीन सीटों के लिए उप चुनाव होने हैं उनमें एक मध्य प्रदेश की खंडवा सीट है जो भाजपा सांसद नंदकुमार चौहान के निधन से खाली हुई है, जबकि दूसरी सीट हिमाचल की मंडी की है जो कांग्रेस नेता वीरभद्र सिंह के निधन से रिक्त है। इसके अलावा एक सीट दिवंगत मोहन डेलकर की दादरा नगर हवेली की है। इनके अलावा 14 राज्यों में 30 विधानसभा सीटों के लिए भी उप चुनाव भी होने हैं। इनमें आंध्र प्रदेश की एक, असम में पांच, मध्यप्रदेश में तीन, बिहार में दो, हरियाणा में एक, हिमाचल प्रदेश में तीन, कर्नाटक में दो, महाराष्ट्र में एक, मेघालय में तीन, मिजोरम में एक, नागालैंड में एक, राजस्थान में दो, तेलंगाना में एक और पश्चिम बंगाल में चार विधानसभा सीटों के उपचुनाव शामिल है।

उपचुनाव को लेकर भाजपा गंभीर
भाजपा नेतृत्व इन उपचुनाव को काफी गंभीरता से ले रहा है, क्योंकि इससे विभिन्न स्थान पर जनता की नाराजगी और पसंद दोनों बातें सामने आ सकती है। खासकर आने वाले बड़े चुनाव के पहले पार्टी इनके जरिए सत्ता विरोधी माहौल को भी परख सकेगी। गौरतलब है कि जिन राज्यों में विधानसभा उपचुनाव होने हैं उनमें भाजपा इस समय असम, मध्य प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल व कर्नाटक में सत्ता में है। गौरतलब है कि भाजपा नेतृत्व में हाल में जिन राज्यों में नेतृत्व परिवर्तन भी किया है उसे पार्टी की भावी रणनीति के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके जरिए पार्टी ने अपने सत्ता विरोधी माहौल को खत्म करने की कोशिश की है।

बदलाव से भरोसा दिलाने की कोशिश
दरअसल, कोरोना काल में लोगों की बढ़ी दिक्कतों के बाद सरकार और मंत्रियों को लेकर कहीं-कहीं नाराजगी देखने को मिली थी। अब इन बड़े बदलाव के बाद भाजपा नए चेहरों से लोगों को विश्वास दिला रही है। पार्टी के एक प्रमुख नेता ने कहा कि आमतौर पर उपचुनाव स्थानीय और तत्कालीन मुद्दों पर होते हैं, लेकिन इनके जरिए जनता की नब्ज भी समझ में आती है। क्योंकि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी में होने हैं तब भाजपा इन चुनावों के नतीजों को लेकर अपनी रणनीति भी तय करेगी, हालांकि जिन राज्यों में चुनाव होने हैं वहां पर कोई उपचुनाव नहीं होना है लेकिन मोटे तौर पर एक माहौल का पता लग जाता है।

टीम इंडिया ने T20 World Cup को लेकर किया बड़ा बदलाव

0

टी-20 वर्ल्डकप शुरू होने से पहले बीसीसीआई ने टीम इंडिया के 15 खिलाड़ियों के स्क्वॉड में बदलाव किया है. ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर को इस लिस्ट में शामिल किया गया है, जबकि अक्षर पटेल को रिजर्व प्लेयर के तौर पर रखा गया है.

टी-20 वर्ल्डकप को लेकर टीम इंडिया में एक बड़ा बदलाव हुआ है. शानदार फॉर्म में चल रहे शार्दुल ठाकुर को टी-20 वर्ल्डकप के लिए 15 सदस्यों टीम  में शामिल कर लिया गया है. जबकि पहले से ही शामिल अक्षर पटेल को अब रिज़र्व प्लेयर्स की लिस्ट में डाल दिया है. टीम इंडिया को 15 अक्टूबर से पहले ही वर्ल्डकप के लिए अपनी फाइनल टीम की जानकारी ICC को देनी थी.

ये तब हुआ है जब हार्दिक पंड्या को लेकर संशय दिख रहा है, क्योंकि वो पूरी तरह से फिट नहीं हैं और आईपीएल में उन्होंने गेंदबाजी नहीं की है.  ऐसे में शार्दुल ठाकुर को 15 खिलाड़ियों को स्क्वॉड में लाया गया है, जो तेज़ गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी भी कर सकते हैं.

टी20 वर्ल्डकप के लिए टीम इंडिया: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उपकप्तान), केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, रविंद्र जडेजा, राहुल चाहर, रविचंद्रन अश्विन, शार्दुल ठाकुर, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी

RSS सादगी से विजयदशमी मनाएगा – मोहन भागवत

0

नागपुर : इस बार विजयदशमी पर आरएसएस का स्थापना दिवस कार्यक्रम ऑनलाइन मोड में होगा। इस बार आरएसएस इस कार्यक्रम को सादगी से मनाएगी। हर साल विजयदशमी पर आरएसएस नागपुर में भव्य कार्यक्रम आयोजित करती है। जिसमें कोई न कोई स्पेशल गेस्ट जरूर होता है। लेकिन इस बार कोरोना संक्रमण के मद्देनजर आरएसएस ने इस कार्यक्रम को सादगी से मनाने का निश्चय किया है। हालांकि मोहन भागवत आरएसएस के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल, फेसबुक और ट्विटर हैंडल पर लाइव स्ट्रीम होंगे। जिसमें वे लखीमपुर खीरी और किसान आंदोलन समेत देश के तमाम अहम मुद्दों पर अपनी बात रख सकते हैं। विजयदशमी का त्योहार इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि कुछ महीनों में देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं।

इस साल विजयदशमी पर आरएसएस शस्त्र पूजा कार्यक्रम सादे अंदाज में मनाएगी। आगामी 15 अक्टूबर को विजयदशमी के दिन ही आरएसएस की स्थापना हुई थी। ये दिन आरएसएस के हर कार्यकर्ता के लिए काफी अहम है। इस दिन आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का संबोधन भी काफी महत्वपूर्ण है। राजनीतिक पंडितों का कहना है कि कुछ राज्यों विशेषकर यूपी विधानसभा चुनाव से पहले मोहन भागवत का विजयदशमी संबोधन भाजपा के लिए संजीवनी बन सकता है।

 

बता दें कि हाल ही में लखीमपुर खीरी कांड में किसानों की हत्या और दिल्ली में कृषि कानून के खिलाफ किसानों का आंदोलन भाजपा के लिए सिरदर्द बना हुआ है। ऐसे वक्त में, मोहन भागवत का विजयदशमी के दिन लाइव स्ट्रीम होना पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले का बूस्टर हो सकता है।

सूत्रों के अनुसार, 15 अक्टूबर को सुबह 7.30 बजे विजयादशमी उत्सव शुरू होगा। इस वर्ष किसी अतिथि को आमंत्रित नहीं किया गया है और कोविड-19 प्रोटोकॉल के अनुसार स्मृति मंदिर, रेशमबाग में होने वाले कार्यक्रम में केवल 200 स्वयंसेवक ही भाग लेंगे। आरएसएस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी अरविंद कुकड़े ने बताया कि भागवत के भाषण को ‘rssorg’ के यूट्यूब चैनल, फेसबुक पेज और ट्विटर हैंडल पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा। कुकडे ने आगे कहा, कोरोना महामारी की गंभीरता को देखते हुए और केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा जारी निर्देशों और सलाह के बाद ही नागपुर में आरएसएस विजयादशमी समारोह के लिए केवल 200 लोगों को आमंत्रित किया गया है।