उज्जैन में 5जी सेवा का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को करेंगे शुभारंभ
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को उज्जैन और खरगोन में रहेंगे। उज्जैन में वे संत सम्मेलन में शामिल होंगे और फिर श्री महाकाल महालोक से समीप त्रिवेणी संग्रहालय में 5जी इंटरनेट सेवा का शुभारंभ करेंगे।
इसके पूर्व खरगोन में करीब 28 हजार हितग्राहियों को 38 योजनाओं का लाभ वितरित करेंगे। बता दें कि ये हितग्राही वे हैं, जो पहले सर्वे में छूट गए थे। एक माह में सर्वे अभियान चलाकर इन्हें ढूंढ-ढूंढ कर योजना से जोड़ा गया है।
तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री चौहान दोपहर पुलिस लाइन उज्जैन स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद महाकाल मंदिर के पास चारधाम मंदिर आश्रम में संत सम्मेलन में शामिल होंगे। फिर त्रिवेणी संग्रहालय में 5जी सेवा की शुरुआत करेंगे। शाम 6.15 बजे सीएम इंदौर जाएंगे। मंगलवार को कलेक्टर आशीष सिंह सहित अन्य आला अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
उज्जैन में 5जी सेवा का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को करेंगे शुभारंभ
मुख्यमंत्री चौहान ने जन-सेवा अभियान की तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री चौहान ने जन-सेवा अभियान की तैयारियों की समीक्षा
इंदौर संभाग में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान के अंतर्गत हितग्राहियों को 14 दिसंबर को स्वीकृति-पत्र प्रदान किए जा रहे हैं। इंदौर संभाग के विभिन्न जिलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्म वर्षगाँठ 17 सितंबर से 31 अक्टूबर की अवधि में संचालित मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान में पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्र प्रदान किए जा रहे हैं। इंदौर संभाग के सभी जिलों में 14 दिसंबर को जन-प्रतिनिधियों की उपस्थिति में चिन्हित हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मंत्रालय में इंदौर संभाग के बड़वानी ,धार, खरगोन, खंडवा, झाबुआ, अलीराजपुर और इंदौर जिलों में हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्र वितरण कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री चौहान ने कार्यक्रमों में जन-प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि योजनाओं के लिए पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्रों का वितरण गरीबों की महत्वपूर्ण सेवा है। आगामी माह तक चिन्हित हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने का कार्य किया जाए।
मुख्यमंत्री चौहान ने उज्जैन में 5 जी सेवाएँ शुरू होने के लिए 14 दिसम्बर को कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी कलेक्टर उज्जैन से प्राप्त की। उल्लेखनीय है कि रिलायंस समूह द्वारा मध्यप्रदेश में भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन से इसकी शुरुआत की जा रही है। बाद में राज्य के अन्य स्थानों पर सेवा का विस्तार होगा। बेहतर कनेक्टिविटी से उत्कृष्ट संचार सेवाएँ आम लोगों और विभिन्न वर्गों को प्राप्त होंगी, जो विकास के विभिन्न क्षेत्रों में मददगार सिद्ध होंगी।
बाबा नीम करोली भक्त मंडल ने मुख्यमंत्री चौहान के साथ पौध-रोपण किया
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बाबा नीम करोली भक्त मंडल और आयोजन समिति के सदस्यों के साथ स्मार्ट सिटी उद्यान में पीपल और सिंदूर के पौधे रोपे। बाबा के पौत्र डॉक्टर धनंजय शर्मा और वरिष्ठ पत्रकार राकेश अग्निहोत्री भी पौध-रोपण में शामिल हुए। भक्त मंडल के अनिल गिरी, गजेंद्र सिंह तोमर, शरद श्रीवास्तव, आर.आर. साहू, जय करेरा और संजय पाटरेकर भी साथ थे। मुख्यमंत्री चौहान ने भोपाल के पालन सेवा फाउंडेशन के सदस्य पराग अग्रवाल, दीपक मीणा, धर्मेंद्र और रितु माली के साथ गुलमोहर का पौधा लगाया। फाउंडेशन बच्चों की शिक्षा, पोषण और स्व-रोजगार के क्षेत्र में कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री चौहान ने किया पौध-रोपण
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज स्मार्ट सिटी पार्क में खिरनी, करंज और टिकोमा के पौधे रोपे। किसान मोर्चा अध्यक्ष दर्शन सिंह ने भी पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री चौहान के साथ अनिल अग्रवाल ने अपने जन्मदिन पर पौधा लगाया। लिली अग्रवाल, पलक अग्रवाल, मीरादेवी अग्रवाल, अरविंद और पलाश अग्रवाल उपस्थित थे।
कांग्रेस विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाने में सफल नहीं हो पाई
शिवराज सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रही थी पर वह इसमें सफल नहीं हो पाई। अब यह 19 दिसंबर से प्रारंभ होने वाले शीतकालीन सत्र में प्रस्तुत नहीं होगा। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में विधायकों के व्यस्त होेने के कारण पूरे तथ्य एकत्रित नहीं हो पाए हैं।
यही कारण है कि अब इसे अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाले विधानसभा के बजट सत्र में प्रस्तुत किया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष डा.गोविंद सिंह का कहना है कि हमने पहले ही अविश्वास प्रस्ताव लानेे की घोषणा कर दी थी। इसके बाद भी शीतकालीन सत्र पांच दिन का बुलाया गया है। सरकार चाहती ही नहीं है कि उसकी असफलताओं पर चर्चा हो। विधायकों के साथ बैठक करके रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।
कांग्रेस ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए सरकार को घेरने के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी की थी। इसकी तैयारियों के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने पहले पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और फिर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डा.गोविंद सिंह को जिम्मेदारी सौंपी थी।
हिमाचल कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला राज्यपाल से मिले
हिमाचल प्रदेश चुनाव में पूर्ण बहुमत मिलने के बाद कांग्रेस अब सरकार बनाने की तैयारी में है। इसी सिलसिले में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने शिमला में राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। उनके साथ पर्ववेक्षक के तौर पर नियुक्त छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा भी थे। कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने राज्यपाल को एक पत्र सौंपा है, जिसमें कांग्रेस विधायकों की सूची है। कांग्रेस ने पत्र के जरिए बताया है कि उनके पास सरकार बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में विधायक हैं।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने बड़ी जीत हासिल करते हुए 68 में से 40 सीटों पर कब्जा जमाया है। वहीं बीजेपी को सिर्फ 25 सीट से संतोष करना पड़ा। लेकिन अब सरकार बनाने की कवायद में कांग्रेस को परेशानी हो रही है। दरअसल, कांग्रेस ने चुनाव से पहले सीएम चेहरे का ऐलान नहीं किया था। ऐसे में चुनाव जीतने के बाद पार्टी के भीतर कई लोगों ने सीएम पद की दावेदारी शुरु कर दी है।
समान नागरिक संहिता से जुड़ा प्राइवेट मेंबर बिल भारी हंगामे के बीच राज्यसभा में पेश हुआ
राज्यसभा में शुक्रवार को भारत में समान नागरिक संहिता लागू करने से जुड़ा प्राइवेट मेंबर बिल पेश किया गया। बीजेपी सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने इसे पेश किया, जिसका विपक्षी सदस्यों ने कड़ा विरोध किया। इसके बाद बिल को पेश करने के मतदान हुआ जिसमें पक्ष में 63 वोट पड़े जबकि विपक्ष में 23 वोट डाले गए। इस बिल में मांग की गई है कि देश में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने के लिए एक National Inspection & Investigation Commission बनाया जाए। देश में इस मुद्दे पर काफी लंबे समय से सियासी घमासान मचा है। अब संसद में भी शीतकालीन सत्र के दौरान यूसीसी (UCC) पर प्राइवेट मेंबर बिल पेश किया गया है।
राजस्थान से बीजेपी के सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने शुक्रवार को राज्यसभा में निजी विधेयक ‘भारत में एकसमान नागरिक संहिता विधेयक- 2020’ का प्रस्ताव रखा। विपक्ष के सदस्यों ने जमकर इस विधेयक का विरोध किया, लेकिन शोर शराबे और मत-विभाजन के बाद ‘भारत में एकसमान नागरिक संहिता विधेयक- 2020’ विधेयक राज्यसभा में पेश हो गया।
महिला आईपीएल के मीडिया राइट्स के लिए आवेदन मांगे
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने महिला आईपीएल के आयोजन को लेकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. बोर्ड ने पहले पांच सीजन के मीडिया राइट्स बेचने के लिए आवेदन मांगे हैं. आईपीएल के गवर्निंग काउंसिल ने टेंडर के तहत 2023-27 तक के महिला आईपीएल के मीडिया राइट्स खरीदने के लिए आवेदन मांगे हैं. जिन भी लोगों को मीडिया राइट्स खरीदने होंगे उन्हें टेंडर के तहत कागजात जमा कराने होंगे और फिर बोली लगाकर इसे हासिल किया जा सकेगा.
पात्रता, बोली लगाने का तरीका, मीडिया राइट्स पैकेज और कई अन्य चीजों के बारे में अधिक जानकारी टेंडर प्रोसेस में दी जाएगी. टेंडर के लिए उन्हें ही बुलावा मिलेगा जो पांच लाख रूपये की राशि जमा कराएंगे. आपको बता दें कि ये पांच लाख रूपये की राशि वापस नहीं की जाएगी भले ही पार्टी को मीडिया राइट मिलें या नहीं. 31 दिसंबर तक कागजात खरीदे जा सकेंगे और इसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी. बोर्ड ने एक प्रारूप तैयार किया है जिसे भरते हुए पेमेंट करना होगा और इसके सफल होने के बाद प्रारूप और पेमेंट का प्रमाण बोर्ड को मेल के द्वारा भेजना होगा.
हाइपरसोनिक वाहन का इसरो ने सफल परीक्षण किया
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और एकीकृत रक्षा स्टाफ ने संयुक्त रूप से शुक्रवार को हाइपरसोनिक वाहन परीक्षण किया। परीक्षणों ने सभी जरूरी पैरामीटर हासिल किए और उच्च क्षमता का प्रदर्शन किया। इस परीक्षण के बाद देश के रक्षा क्षेत्र की ताकत बढ़ेगी। खासतौर पर पाकिस्तान और चीन के खिलाफ एक मजबूत हथियार साबित होगा। हाइपरसोनिक वाहन साउंड की स्पीड से पांच गुना तेज रफ्तार से उड़ान भरती है।
दुश्मनों पर करेगा वार
हाइपरसोनिक वाहन अंतरिक्ष में तेजी से पहुंच, लंबी दूरी पर सैन्य प्रतिक्रिया और वाणिज्यिक हवाई यात्रा में सक्षण है। हाइपरसोनिक वाहन एक हवाई जहाज, अंतरिक्ष यान या मिसाइल हो सकता है। हाइपरसोनिक लेटेस्ट अत्याधुनिक तकनीक है। भारत, चीन, अमेरिका सहित कई देश हाइपरसोनिक हथियारों को बढ़ाने में लगे हुए हैं।
सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की मध्य प्रदेश के एक करोड़ से अधिक लोगों ने शपथ ली
मध्य प्रदेश के एक करोड़ से अधिक लोगों ने शुक्रवार को अविस्मरणीय उत्साह दिखाते हुए सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने की शपथ ली। जन-जागरूकता का यह पवित्र कार्य इस आशा के साथ पूर्ण हुआ कि अब सड़क हादसों को न्यूनतम किया जा सकेगा। यह शपथ लेने का आह्वान नईदुनिया और सहयोगी प्रकाशन दैनिक जागरण समूह ने सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जागरूकता अभियान के तहत किया था।
स्कूल-कालेज के विद्यार्थियों से लेकर प्रदेश के मंत्रियों, बड़े अधिकारियों ने भी यह शपथ ली। लगभग हर सरकारी विभाग में शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। सामाजिक व धार्मिक संगठन भी पीछे नहीं रहे। ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर के परिसर में पुजारियों और कर्मचारियों ने शपथ ली। ग्वालियर में शपथ ग्रहण से पूर्व बच्चों ने जागरूकता रैली भी निकाली। जबलपुर में जैन समाज के पंच कल्याणक समारोह में मुनि श्री विशुद्ध सागर महाराज के सानिध्य में समाज की विभिन्न संस्थाओं के प्रमुखों, कई शहरों से आए श्रद्धालुओं और युवाओं ने शपथ ली।




