छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। मर्दापाल थाना क्षेत्र के पुसपाल-मोखामारी के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप बरामद किया। बरामद सामग्री में 9 एमएम पिस्टल, करीब 30 किलो विस्फोटक और अन्य नक्सली सामान शामिल है।
आत्मसमर्पित नक्सलियों की निशानदेही पर कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, कोंडागांव नक्सल सेल, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और बीडीएस की संयुक्त टीम ने आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली जानकारी के आधार पर इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया। टीम ने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र की घेराबंदी कर व्यवस्थित तरीके से तलाशी ली, जिसके दौरान नक्सल डंप का पता चला।
करीब 10 किलो की टिफिन IED भी मिली
सुरक्षा बलों को बरामद सामग्री में करीब 10 किलोग्राम वजन की टिफिन IED भी मिली। बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए इसे मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। इसके अलावा डंप से हथियार और संचार से जुड़ी सामग्री भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
लगातार जारी है सर्चिंग अभियान
सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से नक्सलियों की संभावित गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है। अधिकारियों के मुताबिक, जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री की तलाश के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
सुरक्षा बलों की सतर्कता से समय रहते विस्फोटक सामग्री बरामद होने से किसी संभावित नक्सली वारदात को टालने में मदद मिली है।









