इसरो जासूसी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने केरल हाईकोर्ट के फैसले को खारिज करते हुए 4 आरोपियों की जमानत को रद्द कर दिया है। आपको बता दें कि केरल हाईकोर्ट ने इसरो वैज्ञानिक नंबी नारायणन को फंसाने वाले 4 आरोपियों को जमानत दी गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि केरल हाईकोर्ट को चार हफ्तों के भीतर जमानत याचिकाओं पर फिर से फैसला करना होगा। हालांकि चारों आरोपियों की गिरफ्तारी पर सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया कि उनकी गिरफ्तारी अभी नहीं होगी, पहले हाईकोर्ट को याचिकाओं पर फिर से सुनवाई करना होगा। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि 5 हफ्ते तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाए।
ISRO साइंटिस्ट नंबी नारायणन के खिलाफ रची थी साजिश
इसरो जासूसी मामले में सुनवाई जस्टिस एमआर शाह और जस्टिस सीटी रवि कुमार की बेंच ने की। इन याचिका में वैज्ञानिक नंबी नारायणन के साजिश के तहत फंसाने वाले भी अधिकारियों की जमानत का विरोध किया गया था, जिन पर आरोप है कि उन्होंने इसरो साइंटिस्ट नंबी नारायणन के खिलाफ साजिश रची थी और झूठे केस में फंसाया था।
साजिश में शामिल थे ये अधिकारी
इसरो जासूसी मामले में केरल के पूर्व DGP सिबि मैथ्यूज, गुजरात के पूर्व ADGP आरबी श्रीकुमार, पूर्व IB अधिकारी पीएस जयप्रकाश और केरल के दो पुलिस अधिकारियों पर नंबी नारायणन के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान बेंच ने यह भी माना कि केरल हाई कोर्ट के फैसले में कुछ खामियां है, जिन्हें सुधारने की जरूरत है। इसके लिए 4 सप्ताह का समय दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि व्यक्तिगत आरोपों की जांच नहीं की गई है और हाईकोर्ट को इसे जल्द निपटाना चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट ने इसरो जासूसी केस में पलटा फैसला
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई गो-संवर्धन बोर्ड की बैठक
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पूर्ण हो रही गो-शालाओं को तेजी से गो-वंश से भरा जाए। शेष गो-वंश रखने के लिए भी समाधान ढूँढ़ लिया जाए। प्रदेश में ऐसे बड़े स्थान चिन्हित करें जहाँ अधिक संख्या में गो-वंश को रखा जा सके। मुख्यमंत्री चौहान आज निवास पर गो-संवर्धन बोर्ड की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि गायों को सड़क एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर खुले में नहीं रख सकते हैं। इसलिए गो-शालाओं का निर्माण तेजी से करें। उन्होंने कहा कि गौबर धन योजना में गो-शालाओं में गोबर गैस संयंत्र लगाए जाएंगे। इससे गो-शालाएँ स्वावलंबी बनेंगी। अधिकारी रोड मेप बना कर कार्य करें। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि गो-वंश के लिए पर्याप्त राशि की व्यवस्था करें।
बैठक में प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर गो अभयारण्य की स्थापना पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि गो-अभयारण्य की स्थापना के लिए एनजीओ का सहयोग लिया जाएगा। एनजीओ के माध्यम से गो-शालाओं का संचालन भी किया जाएगा। जहाँ बड़ी मात्रा में दान राशि आती है, ऐसे मंदिरों के सहयोग से गौशालाओं को राशि दी जाए।
मुख्यमंत्री चौहान ने आचार्य विद्यासागर जीवदया (गो-सेवा) सम्मान योजना के पुरस्कार वितरण पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020-21 एवं 2021-22 के पुरस्कार वितरण के लिए तिथि एवं समय निर्धारित कर लिया जाए। पशुपालन मंत्री प्रेम सिंह पटेल, पशु संवर्धन बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने की जल जीवन मिशन परियोजनाओं की समीक्षा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जल जीवन मिशन में स्वीकृति के लिए शेष रही परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृत कर ग्रामों में पानी पहुँचाना सुनिश्चित करें। जनता के पैसे का सदुपयोग हो। परियोजनाओं के निर्माण में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं होगा। मंत्रालय के अधिकारी ग्राम सभाओं में जाएँ और क्षेत्र भ्रमण कर प्रतिवेदन भी प्रस्तुत करें। मुख्यमंत्री चौहान निवास कार्यालय में मिशन की परियोजनाओं की समीक्षा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हर घर जल सर्टिफिकेशन में प्रदेश 34 प्रतिशत के साथ देश में तीसरे स्थान पर पहुँच गया है। बुरहानपुर के बाद अब अगले चरण में निवाड़ी और इंदौर जिले में हर घर नल से जल पहुँचाने का कार्य शीघ्रता से पूर्ण कर लिया जाएगा। मिशन लोगों की जिंदगी बदलने का अवसर, इसे जन-अभियान बनाये। प्रदेश में पेयजल नमूनों की जाँच बेहतर तरीके से हो रही हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि समूह एवं अन्य सभी जल-प्रदाय योजनाओं को पूर्ण करने की कार्यवाही जल्दी से हो। परियोजनाएँ पूर्ण होने पर गाँव में उत्सवी माहौल में लोकार्पण किया जाये।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि लोकार्पण कार्यक्रम में मंत्री, प्रभारी मंत्री, विधायक एवं अन्य जन-प्रतिनिधि भी पहुँचें। मैं भी वर्चुअली जुडूँगा और एक गाँव में भी जाऊँगा। उन्होंने कहा कि दिसम्बर माह में राजगढ़ जिले की गोरखपुरा परियोजना पूर्ण होगी, जिससे 145 ग्रामों को लाभ होगा। इन सभी 145 ग्रामों को जोड़ कर लोकार्पण की तैयारी करें। इसी तरह आगे भी कार्यक्रम करते रहें। प्रदेश में लगभग 3 हजार ग्रामों के लिए सितम्बर 2023 तक पूर्ण होने वाली। परियोजनाओं के लोकार्पण सतत रूप से हों। इसी तरह शिलान्यास के कार्यक्रम भी किये जायेंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि परियोजनाओं का प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में बेहतर प्रचार-प्रसार हो। पूरी कर ली गई परियोजनाओं के लोकार्पण के लिए कार्यक्रम तय कर लिए जाएँ और ग्रामीणों को वर्चुअली जोड़ने की व्यवस्था करें। अधिकारी कार्यक्रम के पहले गाँवों में भ्रमण भी करें।
मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान बैतूल के कार्यक्रम की समीक्षा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि नर्मदापुरम संभाग के बैतूल में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान के स्वीकृति पत्र वितरण के पहले कार्यक्रम को उच्च स्तरीय और बेहतर स्वरूप में किया जाए। स्थानीय जन-प्रतिनिधि कार्यक्रम में उपस्थित रहें। कार्यक्रम ऐसा हो कि प्रदेश में नर्मदापुरम संभाग उदाहरण बने। मुख्यमंत्री चौहान निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान के तहत बैतूल में होने वाले कार्यक्रम की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि बैतूल में होने वाले कार्यक्रम में नर्मदापुरम संभाग के तीनों जिलों बैतूल, हरदा और नर्मदापुरम की हर पंचायत को वर्चुअली जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री चौहान ने तीनों जिलों के कलेक्टर्स से कार्यक्रम की तैयारियों संबंधी जानकारी ली। उन्होंने कार्यक्रम को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जन-प्रतिनिधियों के माध्यम से हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्रों का वितरण हो। नगरीय निकायों के वार्डों में जहाँ कार्यक्रम हों वहाँ पार्षदों और अन्य जन-प्रतिनिधियों के माध्यम से स्वीकृति पत्र वितरित हों। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण अवश्य हो, जिससे अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम से जुड़ सकें।
TPP ने संघर्षविराम खत्म करने का किया ऐलान
प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TPP) ने सोमवार को पाकिस्तान सरकार के साथ गत जून में किये गये अनिश्चित कालीन संघर्षविराम समझौते को खत्म करने का फैसला किया है। इसके साथ ही टीटीपी ने अपने लड़ाकों को पाकिस्तानभर में हमले के आदेश दिये हैं। उग्रवादी संगठन ने अपने बयान में कहा, ‘विभिन्न इलाकों में मुजाहिदीन (उग्रवादियों) के खिलाफ सैन्य अभियान चलाया जा रहा है, इसलिए आपके लिए यह बाध्यकारी हो जाता है कि आप देशभर में जहां भी हो सके वहां हमला करें।’ टीटीपी को पाकिस्तानी तालिबान के नाम से भी जाना जाता है। टीटीपी का गठन विभिन्न उग्रवादी संगठनों के एक संयुक्त समूह के रूप में वर्ष 2007 में किया गया था।
53वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का समापन
इंडियन सिनेमा के सबसे बड़े फिल्म फेस्टिवल का समापन आज हो गया है। ये अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का 53वां समारोह था, जो कि 20 नवंबर से शुरू हुआ था। इस साल यह समारोह गोवा में आयोजित किया गया। जिसमें 79 देशों से 280 फिल्में दिखाई गईं। बता दें कि इस समारोह का उद्घाटन इनफार्मेशन एंड ब्रॉडकास्टिंग मिनिस्टर अनुराग ठाकुर ने किया था। इस इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का इंडिया में हिंदी सहित अलग-अलग भाषाओं की फिल्मों का प्रीमियर भी किया गया। वहीं अब इसके समापन समारोह में बॉलीवुड की बड़ी हस्तियां शामिल हुई हैं।
बॉलीवुड सेलिब्रिटीज में आयुष्मान खुराना, आशा पारेख, मानुषी छिल्लर, ईशा गुप्ता, राणा दग्गुबती, आनंद राय के साथ-साथ कई बड़ी हस्तियां इस इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में शामिल हुई है। अक्षय कुमार सहित साउथ के सुपरस्टार चिरंजीवी भी इस समारोह में शामिल हुए। वहीं चिरंजीवी को इंडियन फिल्म पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर के अवाॅर्ड से सम्मानित भी किया गया है।
एक दिसंबर से शुरू होगा डिजिटल रुपये का खुदरा चलन
थोक डिजिटल रुपए के बाद आरबीआइ एक दिसंबर से खुदरा डिजिटल रुपए का चलन शुरू करने जा रहा है। खुदरा डिजिटल रुपए से ग्राहक आपस में लेनदेन के साथ किसी भी दुकान से खरीदारी भी कर सकेंगे।
खुदरा डिजिटल रुपए का चलन अभी देश के चार शहरों से पायलट रूप में शुरू किया जा रहा है। इन शहरों में मुंबई, दिल्ली, बंगलुरू और भुवनेश्वर शामिल हैं। इसके बाद अहमदाबाद, गंगटोक, गुवाहाटी, हैदराबाद, इंदौर, कोच्चि, लखनऊ, पटना और शिमला जैसे शहरों में डिजिटल रुपए का चलन शुरू होगा।
डिजिटल रुपए के थोक व खुदरा चलन के पायलट प्रोजेक्ट के बाद पूर्ण रूप से डिजिटल रुपए के चलन को शुरू किया जाएगा। आरबीआइ के मुताबिक डिजिटल रुपए को जारी करने का काम बैंक करेंगे। फिलहाल चार बैंक भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, यस बैंक और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक देश के चार शहरों में खुदरा डिजिटल रुपया जारी करने का काम करेंगे। बाद में बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक भी इस पायलट प्रोजेक्ट से जुड़ेंगे।
G-20 के अध्यक्ष के तौर पर भारत निभाएगा अपनी जिम्मेदारी
भारत एक दिसंबर, 2022 से दुनिया के आर्थिक इंजन समझे जाने वाले शीर्षस्थ 20 देशों के संगठन जी-20 का आधिकारिक तौर पर अध्यक्ष बन जाएगा। दिसंबर, 2022 से सितंबर, 2023 के बीच भारत के 50 शहरों में जी-20 के तहत तकरीबन 200 बैठकों का आयोजन होगा। भारत की कोशिश होगी कि अभी दुनिया के समक्ष जो अहम आर्थिक चुनौतियां हैं उनका व्यापक समाधान निकालने को लेकर सभी देशों के बीच एक सहमति बने।
पूरी दुनिया में जिस तरह से महंगाई की समस्या बढ़ती जा रही है और छोटे-बड़े सभी देशों के समक्ष मंदी की मार पड़ने का खतरा पैदा हुआ है, उसे दूर करने को लेकर एक वैश्विक रणनीति सामने आये। इसके साथ ही भारत की एक अहम कोशिश यह होगी कि आजादी के 75 वर्षों में उसने जो प्रगति हासिल की है उसको बेहतर तरीके से दुनिया के सामने रखा जाए।
जी-20 की तैयारियों से जुड़ी जानकारी देते हुए सरकार के उच्चपदस्थ अधिकारियों ने कहा कि भारत ने हाल के वर्षों में कई ऐसी उपलब्धि हासिल की है जिसे विकासशील व गरीब देशों को साझा किया जा सकता है। जैसे डिजिटल लेनदेन के मामले में या रिन्यूवेबल इनर्जी के मामले में।
जी-20 की बैठक में भारत अपने अनुभव को दूसरे देशों से साझा करेगा ताकि दूसरे देश इसका लाभ उठा सके। कोविड महामारी और उसके बाद यूक्रेन-रूस युद्ध से संयुक्त राष्ट्र की तरफ से समाजिक व आर्थिक विकास से जुड़े लक्ष्यों को हासिल करने की बात हाशिये पर चली गई है।
राहुल की भारत जोड़ो यात्रा पहुंची उज्जैन, बाबा महाकाल के किए दर्शन
मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा सातवें दिन उज्जैन पहुंच गई है, राहुल गांधी यहां बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने पहुंचे। यहां शासकीय पुजारी के आचार्यत्व में उन्होंने भगवान महाकाल का पूजन किया। इसके बाद कुछ देर नंदी हाल में बैठकर ध्यान लगाएंगे। मंगवार सुबह भारत जोड़ो यात्रा सांवेर से शुरू होकर उज्जैन पहुंची। मंगल कलश लिए महिलाओं ने उनका शहर में स्वागत किया। इस दौरान जैन तीर्थ तपोभूमि में राहुल ने भगवान महावीर के दर्शन किए और आचार्य प्रज्ञा सागर जी महाराज से मिले।यहां उन्होंने कीर्ति स्तंभ का लोकार्पण भी किया।
राहुल गांधी ने बाबा महाकाल को किया साष्टांग प्रणाम।
यात्रा को देखते हुए इंदौर रोड पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ट्रैफिक को देवास रोड की ओर डायवर्ट किया गया। राहुल गांधी के स्वागत के लिए सड़क के दोनों ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। यात्रा के दौरान राहुल गांधी और पूर्व सीएम कमल नाथ ने उनका स्वागत करने पहुंचे स्कूली बच्चों के साथ डांस किया।
नंदा सप्तमी 30 नवंबर को मनाई जाएगी
धर्म ग्रंथों के अनुसार अगहन मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को नंदा सप्तमी का पर्व मनाया जाता है। इस दिन सूर्यदेव की पूजा का काफी महत्व होता है। इस बार नंदा सप्तमी का त्योहार 30 नवंबर, बुधवार को मनाया जाने वाला है। नारद पुराण में इस दिन भगवान सूर्य के लिए मित्र व्रत करने का विधान बताया गया है। इस दिन सूर्यदेव को जल चढ़ाने से रोगों से मुक्ति मिलती है। साथ ही ग्रह दोष भी दूर होते हैं। आइए जानते हैं कि नंदा सप्तमी पर कौन-कौन से शुभ योग बनने जा रहे हैं और इसकी पूजा विधि क्या है।
नंदा सप्तमी शुभ योग
पंचांग के अनुसार, अगहन मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि 29 नवंबर, मंगलवार की सुबह 11:04 से 30 नवंबर सुबह 08:58 तक रहेगी। सप्तमी तिथि का सूर्योदय 30 नवंबर को होगा, इसलिए इसी दिन नंदा सप्तमी का पर्व मनाया जाएगा। इस दिन मित्र, मानस और हर्षण नाम के 3 शुभ योग बन रहे हैं, इसके चलते इस पर्व का महत्व और भी बढ़ गया है। ज्योतिष ग्रंथों के अनुसार हर तिथि का स्वामी अलग-अलग हैं। इसी क्रम में सप्तमी तिथि के स्वामी सूर्यदेव बताए गए हैं। प्रत्येक महीने के दोनों पक्षों की सप्तमी तिथि को सूर्यदेव की पूजा विशेष रूप से की जाती है। जिस सप्तमी पर रविवार का संयोग बनता है। उसे भानु सप्तमी कहते हैं। भविष्य पुराण में भी श्री कृष्ण के पुत्र सांब द्वारा सूर्य पूजा करने का वर्णन मिलता है। सूर्यदेव की कृपा से ही सांब को बीमारी से मुक्ति मिली थी।
नंदा सप्तमी पर करें ये कार्य
– नंदा सप्तमी के दिन सूर्यदेव को जल चढ़ाने के परंपरा है। इसके लिए तांबे के लोटे में जल, चावल और लाल फूल डालें और सूर्यदेव को अर्घ्य दें।
– जल चढ़ाते समय ओम घृणि सूर्याय नमः का जाप करें। ऐसा करने से शक्ति, बुद्धि और अच्छी सेहत की प्राप्ति होती है।
– इस दिन अपनी क्षमता अनुसार तांबे के बर्तन, पीले या लाल कपड़े, गेहूं, गुड़ और लाल चंदन का दान करें।
संभव हो तो ब्राह्मण को भोजन भी करवाएं। इस दिन व्रत करें। एक समय फलाहार कर सकते हैं, लेकिन दिनभर नमक न खाएं।
– धर्म ग्रंथों के अनुसार, जो भी व्यक्ति नंदा सप्तमी पर सूर्यदेव की पूजा विधि-विधान से करता है और दान आदि उपाय करता है, उसकी हर मनोकामना पूरी होती है।





