Home Blog Page 5

PM मोदी ने सबसे लंबे रिवर क्रूज को दिखाई हरी झंडी

0

दुनिया के सबसे लंबे जलमार्ग पर चलने वाले Ganga Vilas Cruise को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रिवर क्रूज काशी से बोगीबील तक 3200 किलोमीटर की दूरी 51 दिनों में तय करेगा। आज रवाना होने वाले इस क्रूज पर रोमांचक यात्रा के लिए स्विट्जरलैंड के 31 पर्यटक शामिल हुए। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए पीएम मोदी ने इस क्रूज को हरी झंडी दिखाई। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रविदास घाट पर मौजूद थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के जरिए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज काशी से डिब्रूगढ़ के बीच दुनिया की सबसे बड़ी नदी जल यात्रा ‘गंगा विलास’ क्रूज का शुभारंभ हुआ है। इससे पूर्वी भारत के अनेक पर्यटक स्थल वर्ल्ड टूरिज्म मैप में और प्रमुखता से आने वाले हैं। गंगा जी हमारे लिए सिर्फ एक जलधारा भर नहीं हैं बल्कि प्राचीन काल से इस महान भारत भूमि की तप-तपस्या की साक्षी हैं। भारत की स्थितियां-परिस्थितियां कैसी भी रही हो, मां गंगे ने हमेशा कोटि-कोटि भारतीयों को पोषित किया है। क्रूज़ टूरिज्म का ये नया दौर इस क्षेत्र में हमारे युवा साथियों को रोजगार-स्वरोजगार के नए अवसर देगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विदेशी पर्यटकों के लिए तो ये आकर्षण होगा ही, देश के भी जो पर्यटक पहले ऐसे अनुभवों के लिए विदेश जाते थे… वो भी अब पूर्वी-उत्तर पूर्वी भारत का रुख कर पाएंगे। ये क्रूज 25 अलग-अलग नदियों से होकर गुजरेगा और जो लोग भारत के समृद्ध खान-पान का अनुभव लेना चाहते हैं उनके लिए भी ये बेहतरीन अवसर है। यानी भारत की विरासत और आधुनिकता का अद्भुत संगम हमें इस यात्रा में देखने को मिलेगा। पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का ये दशक, भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर के कायाकल्प का दशक है। इस दशक में भारत के लोग आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की वो तस्वीर देखने जा रहे हैं, जिसकी कल्पना तक मुश्किल थी।

श्रीलंका ने की बड़ी घोषणा, 2030 तक आधी कर दी जाएगी सैन्य ताकतें

0

वित्तीय संकट से जूझ रहे श्रीलंका ने शुक्रवार को एक बड़ी घोषणा की है। दरअसल, श्रीलंका ने कहा है कि तकनीकी और सामरिक रूप से मजबूत और अच्छी तरह से संतुलित रक्षा बल बनाने के लिए 2030 तक यह अपनी सेना की वर्तमान ताकत को घटाकर आधा करने वाली है। इसके साथ ही इन्होंने आलोचना करते हुए कहा कि 2023 के बजट में सैन्य खर्च इस समय स्वास्थ्य देखभाल और शिक्षा के आवंटन से अधिक था।
अगले साल संख्या 135,000 तक हो जाएगी सीमित
वर्तमान के आंकड़ों के अनुसार श्रीलंका की सेना में लगभग 200,783 सैनिक हैं जिन्हें वर्ष 2030 तक घटाकर 100,000 कर दिया जाना है। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अगले साल तक यह संख्या 135,000 तक सीमित हो जाएगी। राज्य की रक्षा मंत्री प्रमिथा बंडारा टेनाकून के हवाले से बयान में कहा गया है, “वर्ष 2030 तक रक्षा बल को तकनीकी और सामरिक रूप से मजबूत करके आगामी सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार करना है।”

उद्योगपतियों से मुख्यमंत्री शिवराज ने की वन-टू-वन चर्चा

0

ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के अंतिम दिन गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उद्योगपतियों से वन-टू-वन चर्चा की। गुरुवार को ग्लोबल समिट में नौ सत्र थे। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश में उद्योगों की संभावनाओं और उनकी इच्छाओं को जाना।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि प्रदेश में 24 घंटे में उद्योगों के लिए जमीन आवंटित कर दी जाएगी। वह सप्ताह में एक दिन उद्योगपतियों से चर्चा करेंगे। प्रदेश में उद्योगों के लिए लैंड बैंक तैयार है। दिन भर में कई करारों पर हस्ताक्षर भी किए गए।समिट के समापन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, फग्गन सिंह कुलस्ते आदि मौजूद हैं।
ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के दूसरे दिन ब्रिलियंट कनवेंशन सेंटर में प्रदेश में औद्योगिक निवेश बढ़ाने के लिए नौ सत्रों में चर्चा की गई। इनमें मध्य प्रदेश की खूबियों की जानकारी दी गई। समिट का आज समापन होगा। इसमें योग गुरू बाबा रामदेव भी शामिल होंगे। समापन पर मुख्यबमंत्री श‍िवराज सिंह चौहान का संबोधन भी होगा।

हॉकी विश्वकप का कटक के बाराबती स्टेडियम में रंगारंग शुभारंभ

0

बुधवार को कटक के बाराबती स्टेडियम में पुरुषों के विश्वकप हॉकी का रंगारंग शुभारंभ हुआ। इसकी ओपनिंग सेरेमनी में पद्मश्री गुरु अरुणा महांती और साथी कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से ओडिशा की संस्कृति को जीवंत किया। इस मौके पर अभिनेता रणवीर सिंह, दिशा पाटनी, संगीतकार प्रीतम और पाप ग्रुप ब्लैक स्वान की प्रस्तुतियों ने भी लोगों का दिल जीत लिया। आपको बता दें कि ओडिशा के राउरकेला और भुवनेश्वर में 13 से 29 जनवरी तक विश्वकप हाकी के मैच होने हैं। हाकी विश्वकप में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें चार वर्गों में बांटा गया है। सभी ग्रुप की शीर्ष टीमें सीधे क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी, जबकि दूसरी और तीसरी सर्वश्रेष्ठ टीमें क्रास-ओवर राउंड में आगे बढ़ेगी। भारत ग्रुप डी में वेल्स, स्पेन और इंग्लैंड के साथ है।
हॉकी वर्ल्ड कप 2023 की शुरुआत 13 जनवरी को होने वाली है और यह सफर 29 जनवरी तक चलेगा। इस बार हॉकी वर्ल्ड कप 2023 में कुल 16 टीमें हिस्सा लेने वाली हैं जिन्हें 4 पूलों में बांटा गया है और शेड्यूल के मुताबिक कुल 44 मैच खेले जाएंगे। हॉकी वर्ल्ड कप के दौरान चारों ग्रुप में से टॉप पर अपनी जगह बनाने वाली टीमें सीधे क्वार्टर फाइनल राउंड में प्रवेश करेंगी, हालांकि सभी ग्रुप में दूसरे और तीसरे नंबर पर रहने वाली टीमों को क्रॉसओवर राउंड खेलना पड़ेगा। हॉकी का विश्वकप लगातार दूसरी बार भारत में होने जा रहा है और पिछली बार की तरह इस बार भी सारे मैच असम के भुवनेश्वर और राउरकेला स्टेडियम में खेले जाएंगे। 27 जनवरी को दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे और सेमीफाइनल जीतने वाली टीमें 29 जनवरी को भुवनेश्वर में शाम 7 बजे Hockey World Cup 2023 का final मैच खेलेंगी। 29 जनवरी को ही थर्ड प्लेस मैच भी खेला जाएगा।

अरविंद केजरीवाल को 164 करोड़ का रिकवरी नोटिस

0

सरकारी विज्ञापनों के नाम पर अपनी पार्टी का प्रचार करना अरविंद केजरीवाल को भारी पड़ने जा रहा है। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना के निर्देश पर आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल को 164 करोड़ रुपए का रिकवरी नोटिस भेजा गया है। यह रकम 10 दिन के अंदर जमा करना होगी। समाचार एजेंसी ANI के अनुसार, सूचना एवं प्रचार निदेशालय (डीआईपी) ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को 164 करोड़ रुपये की वसूली का नोटिस जारी किया है। पिछले दिनों दिल्ली एलजी वीके सक्सेना ने मुख्य सचिव को 2015-2016 के दौरान सरकारी विज्ञापनों की आड़ में प्रकाशित राजनीतिक विज्ञापनों के लिए दिल्ली की सत्तारूढ़ पार्टी से 97 करोड़ रुपये वसूलने का निर्देश दिया था।
पूरे मामले में अभी आम आदमी पार्टी की प्रतिक्रिया नहीं आई है। माना जा रहा है कि इस मुद्दे पर भी LG Vs AAP की स्थिति बनेगी। बता दें, आम आदमी पार्टी पहले भी कई मुद्दों पर आरोप लगा चुकी है कि एलजी का बर्ताव पक्षपाती रहा है और वे केंद्र सरकार के इशारों पर काम करते हैं।
क्या लिखा है रिकवरी नोटिस में
आम आदमी पार्टी और केजरीवाल को भेजे नोटिस में लिखा गया है, ‘उपरोक्त विषयांतर आपसे अनुरोध है कि राज्य के खजाने को ₹99,31,10,053 की तुरंत प्रतिपूर्ति की जाए और शेष विज्ञापनों के लिए ₹7.11 करोड़ (लगभग) जिनका भुगतान अभी तक सरकार द्वारा जारी नहीं किया गया है, सीधे भुगतान किया जाए। इस नोटिस के जारी होने की तारीख से 10 दिनों के भीतर भुगतान किया जाए।’

JK के सोनमर्ग में हिमस्खलन

0

देश के बड़े हिस्से में ठंड से कुछ राहत मिली है। इसके साथ ही धुंध और कोहरे के हालात में भी सुधार आया है। मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और इसके परिणामस्वरूप तेज सतही हवाओं के कारण पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोहरे की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। हालांकि पूर्वी यूपी और बिहार में घना से बहुत घना कोहरा जारी है। मध्य प्रदेश से खबर है कि यहां भी सर्दी से राहत मिली है।
मैदानी राज्यों पर जहां शीतलहर और कोहरे में कुछ राहत मिली है, वहीं पहाड़ों पर फिर बर्फबारी शुरू हो गई है। इसका असर आने वाले दिनों में दिखाई पड़ सकता है। उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फबारी हुई है। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में नारकंडा शहर में ताजा हिमपात हुआ। बीती रात गंगोत्री में हिमपात हुआ।

योग स्वस्थ शरीर के लिए जरूरी – मुख्यमंत्री शिवराज सिंह

0

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद आदर्श हैं। जीवन में आगे बढ़ने के लिए स्वामी विवेकानंद को जरूर पढ़ना चाहिए। मैं पढ़ता हूं, इससे मुझे रोजाना नए काम करने की प्रेरणा मिलती है।

वह यहां राष्ट्रीय युवा दिवस पर आरएपीटीसी मैदान महेश गार्ड लाइन में सामूहिक सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम में बच्चों से बात कर रहे थे। इंदौर में सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम में चार हजार से ज्यादा विद्यार्थी शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न संस्थानों और संंगठनों में सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस 12 जनवरी को युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन देशभर में सामूहिक सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

उन्होंने बच्चों से कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था, मनुष्य केवल साढ़े तीन हाथ का हाड़-मांस का पुतला नहीं है। वह अमृत का पुत्र है, ईश्वर का अंश है, अमर-आनंद का भागी है और अनंत शक्तियों का भंडार है। दुनिया में कोई काम ऐसा नहीं जो वो न कर सके। हम बड़े से बड़ा काम करने की क्षमता है।

उज्जैन में ठंड का कहर

0

महाकाल थाना क्षेत्र में महाराजवाड़ा स्कूल, राम मंदिर की सीढ़ियों तथा गणगौर दरवाजे पर लावारिस हालत में रहने वाले तीन वृद्धों की मंगलवार रात को मौत हो गई। पीएम करने वाले डाक्टर का कहा है कि तीनों मृतकों को हार्ट अटैक आया था। ठंड के कारण ऐसा होने की आशंका है। महाकाल पुलिस ने तीनों मामलों में मर्ग कायम किया है।
महाकाल पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह महाराजवाड़ा पार्किंग के समीप 75 वर्षीय लक्ष्मणदास नामक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला था। मृतक लंबे समय से महाकाल मंदिर के आसपास के क्षेत्र में भिक्षावृत्ति करता था। इसी प्रकार रामघाट के समीप स्थित राम मंदिर की सीढ़ियों पर रहने वाला 70 वर्षीय वृद्ध तथा दानीगेट पर गणगौर दरवाजे के पास स्थित दशोरा धर्मशाला के बाहर भी 70 वर्षीय लावारिस व्यक्ति बुधवार को मृत अवस्था में मिला है। तीनों शवों का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया है। ठंड लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है।

AIADMK ने तमिलनाडु विधानसभा से किया वाकआउट

0

अन्नाद्रमुक (AIADMK) ने द्रमुक (DMK) के दो नेताओं द्वारा एक महिला पुलिस कांस्टेबल से छेड़छाड़ का मुद्दा उठाने के बाद बुधवार को तमिलनाडु विधानसभा से वाकआउट कर लिया। बता दें कि मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने विधानसभा में कहा कि इस मामले में तेजी से कार्रवाई की गई। सीएम ने कानून और व्यवस्था के गंभीर मुद्दों को उठाते हुए विपक्षी दल पर पलटवार किया।
विपक्ष दल ने महिला कांस्टेबल से छेड़छाड़ का उठाया मुद्दा
विपक्ष के नेता के पलानीस्वामी ने सत्तारूढ़ द्रमुक से संबंधित एक कार्यक्रम में एक महिला पुलिस कांस्टेबल के साथ दो पुरुषों द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का मुद्दा उठाने की कोशिश की, लेकिन अध्यक्ष एम अप्पावु ने उनपर पलटवार करते हुए जवाब दिया कि इस मुद्दें में दोनों नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामला अदालत में है। गौरतलब है कि डीएमके कार्यकर्ताओं को तत्काल पार्टी से निलंबित कर दिया गया है।
अन्नाद्रमुक नेता ने राज्य में कानून व्यवस्था बिगड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह निंदनीय है कि मामले में गिरफ्तारी दो दिन बाद की गई। उन्होंने कहा कि अगर एक पुलिस कांस्टेबल को ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा, तो दूसरों की क्या दुर्दशा हो सकती है।
महिला कांस्टेबल के साथ हुई थी छेड़छाड़
31 दिसंबर, 2022 को चेन्नई के विरुगंबक्कम इलाके में एक जनसभा के दौरान डीएमके पार्टी की युवा शाखा के दो नेताओं द्वारा एक महिला कांस्टेबल के साथ छेड़छाड़ की गई थी। महिला की शिकायत पर विरुगंबक्कम पुलिस स्टेशन में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गवाहों की जांच और पूछताछ के बाद, दो लोगों प्रवीण कुमार और एकंबरम को 3 जनवरी, 2023 को रात 10 बजे गिरफ्तार किया गया और उन्हें अगले दिन न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था।

CBI का 50 से ज्यादा ठिकानों पर छापा

0

भारतीय खाद्य निगम (FCI) में घोटाले को लेकर देश के कई राज्यों में 50 से ज्यादा ठिकानों पर सीबीआई की छापेमारी चल रही है। सीबीआई ने इस मामले में एफसीआई के उप महाप्रबंधक (डीजीएम) राजीव कुमार मिश्रा को रंगे हाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। इसके बाद छापेमारी की कार्रवाई शुरू हुई। मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के 50 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। छापेमारी में केस से जुड़े दस्तावेज और 60 लाख से ज्यादा नकदी मिलने की भी जानकारी मिली है। इस घोटाले में सीबीआई ने 74 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
FCI के भ्रष्ट अधिकारियों और अनाज मिल के मालिकों के गठजोड़ पर सीबीआई की काफी समय से नजर थी। इसमें फैले भ्रष्टाचार को लेकर कई शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद सीबीआई पिछले 6 महीने से इस मामले में जानकारी जुटा रही थी। पूरी तैयारी के बाद बुधवार को एजेंसी ने इनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की। सबसे पहले एफसीआई डीजीएम को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया, उसके बाद मिली इनपुट के आधार पर दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के कई शहरों में सीबीआई की टीमों ने एक साथ छापा मारा। एजेंसी को इस घोटाले में तकनीकी सहायकों से लेकर कार्यकारी निदेशकों की भूमिका तक पर संदेह है।