मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि नर्मदापुरम संभाग के बैतूल में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान के स्वीकृति पत्र वितरण के पहले कार्यक्रम को उच्च स्तरीय और बेहतर स्वरूप में किया जाए। स्थानीय जन-प्रतिनिधि कार्यक्रम में उपस्थित रहें। कार्यक्रम ऐसा हो कि प्रदेश में नर्मदापुरम संभाग उदाहरण बने। मुख्यमंत्री चौहान निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान के तहत बैतूल में होने वाले कार्यक्रम की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि बैतूल में होने वाले कार्यक्रम में नर्मदापुरम संभाग के तीनों जिलों बैतूल, हरदा और नर्मदापुरम की हर पंचायत को वर्चुअली जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री चौहान ने तीनों जिलों के कलेक्टर्स से कार्यक्रम की तैयारियों संबंधी जानकारी ली। उन्होंने कार्यक्रम को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जन-प्रतिनिधियों के माध्यम से हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्रों का वितरण हो। नगरीय निकायों के वार्डों में जहाँ कार्यक्रम हों वहाँ पार्षदों और अन्य जन-प्रतिनिधियों के माध्यम से स्वीकृति पत्र वितरित हों। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण अवश्य हो, जिससे अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम से जुड़ सकें।
मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान बैतूल के कार्यक्रम की समीक्षा
TPP ने संघर्षविराम खत्म करने का किया ऐलान
प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TPP) ने सोमवार को पाकिस्तान सरकार के साथ गत जून में किये गये अनिश्चित कालीन संघर्षविराम समझौते को खत्म करने का फैसला किया है। इसके साथ ही टीटीपी ने अपने लड़ाकों को पाकिस्तानभर में हमले के आदेश दिये हैं। उग्रवादी संगठन ने अपने बयान में कहा, ‘विभिन्न इलाकों में मुजाहिदीन (उग्रवादियों) के खिलाफ सैन्य अभियान चलाया जा रहा है, इसलिए आपके लिए यह बाध्यकारी हो जाता है कि आप देशभर में जहां भी हो सके वहां हमला करें।’ टीटीपी को पाकिस्तानी तालिबान के नाम से भी जाना जाता है। टीटीपी का गठन विभिन्न उग्रवादी संगठनों के एक संयुक्त समूह के रूप में वर्ष 2007 में किया गया था।
53वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का समापन
इंडियन सिनेमा के सबसे बड़े फिल्म फेस्टिवल का समापन आज हो गया है। ये अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का 53वां समारोह था, जो कि 20 नवंबर से शुरू हुआ था। इस साल यह समारोह गोवा में आयोजित किया गया। जिसमें 79 देशों से 280 फिल्में दिखाई गईं। बता दें कि इस समारोह का उद्घाटन इनफार्मेशन एंड ब्रॉडकास्टिंग मिनिस्टर अनुराग ठाकुर ने किया था। इस इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का इंडिया में हिंदी सहित अलग-अलग भाषाओं की फिल्मों का प्रीमियर भी किया गया। वहीं अब इसके समापन समारोह में बॉलीवुड की बड़ी हस्तियां शामिल हुई हैं।
बॉलीवुड सेलिब्रिटीज में आयुष्मान खुराना, आशा पारेख, मानुषी छिल्लर, ईशा गुप्ता, राणा दग्गुबती, आनंद राय के साथ-साथ कई बड़ी हस्तियां इस इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में शामिल हुई है। अक्षय कुमार सहित साउथ के सुपरस्टार चिरंजीवी भी इस समारोह में शामिल हुए। वहीं चिरंजीवी को इंडियन फिल्म पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर के अवाॅर्ड से सम्मानित भी किया गया है।
एक दिसंबर से शुरू होगा डिजिटल रुपये का खुदरा चलन
थोक डिजिटल रुपए के बाद आरबीआइ एक दिसंबर से खुदरा डिजिटल रुपए का चलन शुरू करने जा रहा है। खुदरा डिजिटल रुपए से ग्राहक आपस में लेनदेन के साथ किसी भी दुकान से खरीदारी भी कर सकेंगे।
खुदरा डिजिटल रुपए का चलन अभी देश के चार शहरों से पायलट रूप में शुरू किया जा रहा है। इन शहरों में मुंबई, दिल्ली, बंगलुरू और भुवनेश्वर शामिल हैं। इसके बाद अहमदाबाद, गंगटोक, गुवाहाटी, हैदराबाद, इंदौर, कोच्चि, लखनऊ, पटना और शिमला जैसे शहरों में डिजिटल रुपए का चलन शुरू होगा।
डिजिटल रुपए के थोक व खुदरा चलन के पायलट प्रोजेक्ट के बाद पूर्ण रूप से डिजिटल रुपए के चलन को शुरू किया जाएगा। आरबीआइ के मुताबिक डिजिटल रुपए को जारी करने का काम बैंक करेंगे। फिलहाल चार बैंक भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, यस बैंक और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक देश के चार शहरों में खुदरा डिजिटल रुपया जारी करने का काम करेंगे। बाद में बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक भी इस पायलट प्रोजेक्ट से जुड़ेंगे।
G-20 के अध्यक्ष के तौर पर भारत निभाएगा अपनी जिम्मेदारी
भारत एक दिसंबर, 2022 से दुनिया के आर्थिक इंजन समझे जाने वाले शीर्षस्थ 20 देशों के संगठन जी-20 का आधिकारिक तौर पर अध्यक्ष बन जाएगा। दिसंबर, 2022 से सितंबर, 2023 के बीच भारत के 50 शहरों में जी-20 के तहत तकरीबन 200 बैठकों का आयोजन होगा। भारत की कोशिश होगी कि अभी दुनिया के समक्ष जो अहम आर्थिक चुनौतियां हैं उनका व्यापक समाधान निकालने को लेकर सभी देशों के बीच एक सहमति बने।
पूरी दुनिया में जिस तरह से महंगाई की समस्या बढ़ती जा रही है और छोटे-बड़े सभी देशों के समक्ष मंदी की मार पड़ने का खतरा पैदा हुआ है, उसे दूर करने को लेकर एक वैश्विक रणनीति सामने आये। इसके साथ ही भारत की एक अहम कोशिश यह होगी कि आजादी के 75 वर्षों में उसने जो प्रगति हासिल की है उसको बेहतर तरीके से दुनिया के सामने रखा जाए।
जी-20 की तैयारियों से जुड़ी जानकारी देते हुए सरकार के उच्चपदस्थ अधिकारियों ने कहा कि भारत ने हाल के वर्षों में कई ऐसी उपलब्धि हासिल की है जिसे विकासशील व गरीब देशों को साझा किया जा सकता है। जैसे डिजिटल लेनदेन के मामले में या रिन्यूवेबल इनर्जी के मामले में।
जी-20 की बैठक में भारत अपने अनुभव को दूसरे देशों से साझा करेगा ताकि दूसरे देश इसका लाभ उठा सके। कोविड महामारी और उसके बाद यूक्रेन-रूस युद्ध से संयुक्त राष्ट्र की तरफ से समाजिक व आर्थिक विकास से जुड़े लक्ष्यों को हासिल करने की बात हाशिये पर चली गई है।
राहुल की भारत जोड़ो यात्रा पहुंची उज्जैन, बाबा महाकाल के किए दर्शन
मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा सातवें दिन उज्जैन पहुंच गई है, राहुल गांधी यहां बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने पहुंचे। यहां शासकीय पुजारी के आचार्यत्व में उन्होंने भगवान महाकाल का पूजन किया। इसके बाद कुछ देर नंदी हाल में बैठकर ध्यान लगाएंगे। मंगवार सुबह भारत जोड़ो यात्रा सांवेर से शुरू होकर उज्जैन पहुंची। मंगल कलश लिए महिलाओं ने उनका शहर में स्वागत किया। इस दौरान जैन तीर्थ तपोभूमि में राहुल ने भगवान महावीर के दर्शन किए और आचार्य प्रज्ञा सागर जी महाराज से मिले।यहां उन्होंने कीर्ति स्तंभ का लोकार्पण भी किया।
राहुल गांधी ने बाबा महाकाल को किया साष्टांग प्रणाम।
यात्रा को देखते हुए इंदौर रोड पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ट्रैफिक को देवास रोड की ओर डायवर्ट किया गया। राहुल गांधी के स्वागत के लिए सड़क के दोनों ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। यात्रा के दौरान राहुल गांधी और पूर्व सीएम कमल नाथ ने उनका स्वागत करने पहुंचे स्कूली बच्चों के साथ डांस किया।
नंदा सप्तमी 30 नवंबर को मनाई जाएगी
धर्म ग्रंथों के अनुसार अगहन मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को नंदा सप्तमी का पर्व मनाया जाता है। इस दिन सूर्यदेव की पूजा का काफी महत्व होता है। इस बार नंदा सप्तमी का त्योहार 30 नवंबर, बुधवार को मनाया जाने वाला है। नारद पुराण में इस दिन भगवान सूर्य के लिए मित्र व्रत करने का विधान बताया गया है। इस दिन सूर्यदेव को जल चढ़ाने से रोगों से मुक्ति मिलती है। साथ ही ग्रह दोष भी दूर होते हैं। आइए जानते हैं कि नंदा सप्तमी पर कौन-कौन से शुभ योग बनने जा रहे हैं और इसकी पूजा विधि क्या है।
नंदा सप्तमी शुभ योग
पंचांग के अनुसार, अगहन मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि 29 नवंबर, मंगलवार की सुबह 11:04 से 30 नवंबर सुबह 08:58 तक रहेगी। सप्तमी तिथि का सूर्योदय 30 नवंबर को होगा, इसलिए इसी दिन नंदा सप्तमी का पर्व मनाया जाएगा। इस दिन मित्र, मानस और हर्षण नाम के 3 शुभ योग बन रहे हैं, इसके चलते इस पर्व का महत्व और भी बढ़ गया है। ज्योतिष ग्रंथों के अनुसार हर तिथि का स्वामी अलग-अलग हैं। इसी क्रम में सप्तमी तिथि के स्वामी सूर्यदेव बताए गए हैं। प्रत्येक महीने के दोनों पक्षों की सप्तमी तिथि को सूर्यदेव की पूजा विशेष रूप से की जाती है। जिस सप्तमी पर रविवार का संयोग बनता है। उसे भानु सप्तमी कहते हैं। भविष्य पुराण में भी श्री कृष्ण के पुत्र सांब द्वारा सूर्य पूजा करने का वर्णन मिलता है। सूर्यदेव की कृपा से ही सांब को बीमारी से मुक्ति मिली थी।
नंदा सप्तमी पर करें ये कार्य
– नंदा सप्तमी के दिन सूर्यदेव को जल चढ़ाने के परंपरा है। इसके लिए तांबे के लोटे में जल, चावल और लाल फूल डालें और सूर्यदेव को अर्घ्य दें।
– जल चढ़ाते समय ओम घृणि सूर्याय नमः का जाप करें। ऐसा करने से शक्ति, बुद्धि और अच्छी सेहत की प्राप्ति होती है।
– इस दिन अपनी क्षमता अनुसार तांबे के बर्तन, पीले या लाल कपड़े, गेहूं, गुड़ और लाल चंदन का दान करें।
संभव हो तो ब्राह्मण को भोजन भी करवाएं। इस दिन व्रत करें। एक समय फलाहार कर सकते हैं, लेकिन दिनभर नमक न खाएं।
– धर्म ग्रंथों के अनुसार, जो भी व्यक्ति नंदा सप्तमी पर सूर्यदेव की पूजा विधि-विधान से करता है और दान आदि उपाय करता है, उसकी हर मनोकामना पूरी होती है।
अपना व्यवहार सरल रखने से परिवार में सुख-शांति रहेगी
मूलांक 1- आज आपको मेहनत का पूरा फल मिलेगा। कोई महत्वपूर्ण सूचना भी मिल सकती है। आपको अपने भाषा पर विशेष ध्यान देना होगा। नकारात्मक शब्दों का प्रयोग न करें। कार्यक्षेत्र में दिन काफी अच्छा रहेगा। प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
मूलांक 2- कुछ समय धार्मिक कार्यों में व्यतीत होगा। कोई विवाद चल रहा है तो उसे सुलझाने के लिए अच्छा समय है। धन से जुड़ा कोई काम सोच समझकर करें। अति आत्मविश्वास नुकसानदायक हो सकता है। भाई-बहन के साथ मधुर संबंध बनाए रखना आपकी जिम्मेदारी है।
मूलांक 3- लंबे समय से चली आ रही परेशानी दूर हो सकती है। आपको निजी कार्यों पर ध्यान देने की जरूरत है। आज लिया गया निर्णय आपको लाभ देगा। व्यवहार सरल रखें। कुछ समय बच्चों के लिए निकालें। व्यापारी वर्ग को नए अनुबंध प्राप्त हो सकते हैं।
मूलांक 4- घर का माहौल खुशनुमा रहेगा। सेहत का ख्याल रखें। जो काम हाथ में लेंगे उसमें सफलता मिलेगी। दिन सफलतापूर्वक गुजरेगा। भूमि से संबंधित कार्य में अधिक लाभ पाने की इच्छा न करें। छात्र पढ़ाई पर ध्यान नहीं दे पाएंगे।
मूलांक 5- आज का दिन अहम रहेगा। लंबित पड़े हुए मामले जल्द पूरे हो जाएंगे। ग्रहों की स्थिति आपके पक्ष में है। कुल मिलाकर आज का दिन प्रसन्नता भरा रहेगा। समय की कीमत को पहचाने और आलस्य को हावी न होने दें। संपत्ति को लेकर विवाद हो सकता है।
मूलांक 6- दांपत्य जीवन में प्रेम बढ़ेगा। धार्मिक कार्यों में समय बीतेगा। आर्थित मामलों में आज का दिन शुभ रहेगा। मान-सम्मान में वृद्धि होगी। घर के बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद बना रहेगा। कार्यक्षेत्र में अपनी गतिविधि किसी को न बताएं।
मूलांक 7- आपके लिए आज का दिन लाभकारी रहेगा। सपनों को साकार करने के लिए अच्छा समय है। काबिलियत पर भरोसा रखें। घर में किसी के कारण वातावरण सकारात्मक होगा। प्रॉपर्टी से जुड़े काम में लाभ मिलेगा। फंसा हुआ पैसा वापस मिल सकता है।
मूलांक 8- किसी रिश्तेदार के यहां कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। अनावश्यक यात्रा करने से बचें। गलतफहमियां रिश्तों को खराब कर सकती है। संतान के कारण चिंता रहेगी। किसी से विवाद न करें। तनाव को खुद पर हावी न होने दें।
मूलांक 9- सामाजिक गतिविधियों में आपकी भागीदारी से पहचान मिलेगी। आपकी प्रतिभा लोगों के सामने उजागर होगी। फिलहाल कोई निवेश न करें। पति-पत्नी के बीच मनमुटाव हो सकता है। व्यवसाय पर आपकी उपस्थिति आवश्यक रहेगी।
चीन के हिंद महासागर विकास फोरम में मालदीव ने शामिल होने से किया इनकार
प्रशांत महासागर के छोटे से देश मालदीव ने चीन के हिंद महासागर विकास फोरम की बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया है। मालदीव की सरकार ने चीनी दूतावास को स्पष्ट कर दिया है कि वह इस फोरम में हिस्सा नहीं लेने जा रहा है। वैसे, चाइना इंटरनेशनल डेवलपमेंट को-ऑपरेशन एजेंसी ने कहा था कि चाइना इंडियन ओशन फोरम ऑन डिवेलपमेंट की 21 नवंबर की बैठक में मालदीव शामिल हुआ था। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने भी इस फोरम में शामिल होने से इनकार कर दिया है। आपको बता दें कि मालदीव उन देशों में शामिल है जो चीनी कर्ज के जाल में फंसे हुए हैं, लेकिन फिर भी मालदीव ने चाइना- इंडियन ओशन फोरम में हिस्सा लेने से साफ मना कर दिया है। इसे भारत की कूटनीतिक जीत भी कहा जा रहा है।
भारत से मजबूत हुए रिश्ते
दरअसल भारत के साथ संबंध मजबूत होने के बाद अब मालदीव चीन से दूरी बनाने में जुटा है। वहीं श्रीलंका के हालत को देखते हुए तमाम एशियाई देश चीन की चाल को समझने लगे हैं। मालदीव और भारत के रिश्ते बीते कुछ सालों में काफी मजबूत हुए हैं। इब्राहिम मोहम्मद सोलेह के राष्ट्रपति बनने के बाद से दोनों देशों के रिश्ते में प्रगाढ़ता दिखने लगी है। इसी साल अगस्त में मालदीव के राष्ट्रपति सोलिह भारत आए थे और उन्होंने भारत के साथ कई सहयोग समझौतों पर हस्ताक्षर किये थे। जब से सोलिह ने राष्ट्रपति पद संभाला है, वह तीन बार भारत आ चुके हैं।
भारतीय ओलंपिक संघ की पहली महिला अध्यक्ष होंगी पीटी उषा
भारत की उड़नपरी पीटी उषा का भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की पहली महिला अध्यक्ष बनना तय है। महज औपचारिक ऐलान शेष है क्योंकि 10 दिसंबर को होने वाले चुनावों के लिए वो अकेली उम्मीदवार बनी। रविवार को नामांकन का आखिरी दिन था और पीटी उषा के अलावा किसी ने दावेदारी पेश नहीं की। बता दें, अध्यक्ष पद के अलावा उपाध्यक्ष (महिला), संयुक्त सचिव (महिला) पदों पर भी चुनाव होना है। कार्यकारिणी परिषद के चार सदस्यों के लिए 12 प्रत्याशी मैदान में हैं। आईओए चुनाव रिटर्निंग ऑफिसर उमेश सिन्हा ने बताया कि शुक्रवार या शनिवार को कोई नामांकन नहीं आया, लेकिन रविवार को विभिन्न पदों के लिए 24 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया।
पीटी उषा ने एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक जीता है। वहीं 1984 के ओलंपिक 400 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल में चौथे स्थान पर रही थीं। भारतीय ओलंपिक संघ की पहली महिला अध्यक्ष पीटी उषा की उम्र 58 साल है। पीटी उषा ने अपने करियर में एशियन गेम्स में 11 और एशियन चैंपियनशिप में 23 मेडल जीते हैं। इनमें 18 गोल्ड मेडल शामिल हैं। पीटी उषा ने एशियन गेम्स में 4 गोल्ड मेडल और एशियन चैंपियनशिप में 14 गोल्ड मेडल जीते हैं।
ट्रैक से संन्यास लेने के बाद पीटी उषा ने अपना जीवन खेल को समर्पित कर दिया। वह वर्तमान में भारतीय प्रतिभा संघ की समिति प्रमुख हैं। यह समिति पूरे भारत के स्कूलों में राष्ट्रीय स्तर की भारतीय प्रतिभा ओलंपियाड परीक्षा आयोजित करती है। केरल की रहने वालीं पीटी उषा ने कोझिकोड के प्रोविडेंस वीमेंस कॉलेज से पढ़ाई की है। 1991 में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के इंस्पेक्टर वी. श्रीनिवासन से उनकी शादी हुई। दोनों का एक बेटा है।





