Home Blog Page 157

मध्य प्रदेश में स्कूल ए‍क फरवरी से खुलेंगे

0

भोपाल। मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने के बाद सरकार ने स्कूलों को 31 जनवरी तक बंद करने का निर्देश दिया था। गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार सुबह कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या घट रही है। साेमवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान से चर्चा कर इस पर निर्णय लिया है कि स्कूले एक फरवरी से खुलेगी, लेकिन परीक्षाएं आगे बढ़ाई जाएगी। उधर स्कूली शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि मध्य प्रदेश में परीक्षाओं की तारीख को आगे बढ़ाया जाएगा। पहले बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होने वाली थीं। स्कूल खोलने पर शाम तक फैसला आ सकता है।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कोरोना संक्रमत स्थिति को लेकर बैठक में कहा था कि स्कूल खोलने का निर्णय दूसरे राज्यों में कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखकर लिया जाएगा। मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर शहर में कोरोना संक्रमण के केस कम हो रहे हैं। फरवरी महीने में कोरोना संक्रमण में और कमी आने की संभावना है।

यूपी में पीएम मोदी की पहली वर्चुअल रैली

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूपी चुनाव के लिए पहली वर्चुअल रैली को संबोधित किया। इस रैली के जरिए भाजपा ने उत्तर प्रदेश के पांच जिलों को कवर किया है। ये जिले हैं – शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, सहारनपुर, गौतमबुद्ध नगर (दादरी/जेवर)। पीएम मोदी ने कहा, आज उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर भाजपा की ये पहली वर्चुअल रैली है। इतने कम समय में तकनीक के माध्यम से इतने सारे लोगों को जोड़ना, ये भाजपा कार्यकर्ताओं की दिन-रात की मेहनत का परिणाम है। एक जीवंत संगठन का ये सबूत है। बकौल पीएम मोदी, पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ये वो धरती है, जिसने 1857 की क्रांति में देश को एकजुटता का संदेश दिया था। कमल के फूल और रोटी ने हमेशा देश को बांटने वालों को मुंह तोड़ जवाब दिया है। हम एकजुट रहेंगे, तो कोई हमें कभी परास्त नहीं कर पाएगा। हर एक का प्रयास ही उत्तर प्रदेश को ऊंचाई देगा।

किसानों पर क्या बोले पीएम मोदी

किसानों पर पीएम मोदी ने कहा, भारत प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत एक-एक गरीब परिवार का ध्यान रख रहा है। उत्तर प्रदेश के 15 करोड़ नागरिकों को डबल इंजन सरकार मुफ्त राशन उपलब्ध करा रही है।ये वही उत्तर प्रदेश है जहां 5 साल पहले राशन की दुकानों से गरीबों का राशन चोरी हो जाता था। गरीबों की सरकार की प्राथमिकता क्या है, ये दुनिया में आए 100 साल में सबसे बड़ा संकट से पता लगा है। इतनी बड़ी महामारी आई, उस समय गरीबों के लिए जीने वाली सरकार कैसे काम करती है, ये आज देश अनुभव कर रहा है। पीएम गरीब कल्याण अन्य योजना के तहत देश के एक-एक नागरिक का ध्यान रखा गया है। हमारा लक्ष्य था कि किसान को मिलने वाली सरकारी मदद में लूट बंद हो, बेइमानी बंद हो,यूपी के छोटे किसानों के बैंक अकाउंट में सीधी मदद मिले। आज पीएम किसान सम्मान निधि से यूपी के किसानों को 43 हजार करोड़ रुपए से अधिक सीधे उनके बैंक खातों में मिले हैं। इसका लाभ छोटे किसानों को हुआ है। 2017 से पहले की तुलना में दोगुने से भी अधिक खरीद बीते 5 सालों में MSP पर की गई है। हमने गन्ना किसानों की दिक्कतों को समझते हुए उनके बकाए के जल्द से जल्द भुगतान का भी लक्ष्य रखा था। इस लक्ष्य को भी हमने तेजी से पूरा किया।

मां शाकुंभरी के आशीर्वाद से मैं इस चुनावी अभियान की शुरुआत कर रहा हूं। बागपत, शामली, गौतमबुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर से हमारे साथ जुड़े प्रत्येक मतदाता का भी मैं अभिनंदन करता हूं।

जब मैं पांच साल पहले चुनाव के समय पश्चिमी यूपी में आया था, तो आपसे कहा था कि यूपी के विकास के लिए हम कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे। इन पांच वर्षों में योगी जी के नेतृत्व में, यूपी सरकार ने पूरी ईमानदारी से, पूरी निष्ठा से, आपकी सेवा करने का, यूपी के विकास का प्रयास किया है।

कोई भूल नहीं सकता कि 5 साल पहले यूपी को लेकर क्या चर्चा होती थी? 5 साल पहले- दबंग और दंगाई ही कानून थे, उन्हीं का कहा ही शासन का आदेश था। 5 साल पहले- व्यापारी लुटता था, बेटी घर से बाहर निकलने में घबराती थी और माफिया, सरकारी संरक्षण में खुलेआम घूमते थे।

हम यूपी में बदलाव के लिए खुद को खपा रहे हैं, वो आपसे बदला लेने की ठानकर बैठे हैं। इन लोगों ने जिन्हें टिकट दिया है, वो इसका एक और सबूत है। ये बदला लेना ही हमेशा से उनकी सोच रही है। इसलिए मैं देखकर खुश हूं कि यूपी के लोग इन दंगाई सोच रखने वालों से बहुत सावधान हैं, सतर्क हैं।

जेसन होल्डर की अनोखी हैट्रिक, आखिरी ओवर में लगातार 4 गेंदों में झटके 4 विकेट

0

ब्रिजटाउन (बारबाडोस): तेज गेंदबाज जेसन होल्डर (Jason Holder) ने आखिर ओवर में चार गेंदों पर चार विकेट चटकाए जिससे वेस्टइंडीज ने पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में इंग्लैंड (WI beat ENG) को 17 रन से हराकर श्रृंखला 3-2 से अपने नाम की। वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 179 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 19.5 ओवर में 162 रन पर आउट हो गयी। इंग्लैंड का स्कोर 19 ओवर के बाद छह विकेट पर 160 रन था और उसे 20 रन की जरूरत थी।

होल्डर ने अंतिम ओवर में पहले क्रिस जोर्डन (सात) को सीमा रेखा पर कैच कराया और फिर सैम बिलिंग्स (28 गेंदों पर 41 रन) को आउट किया। इसके बाद उन्होंने अगली दो गेंदों पर आदिल राशिद और साकिब महमूद को पवेलियन भेजा। महमूद को बोल्ड करने के साथ ही होल्डर चार गेंदों पर चार विकेट लेने वाले विशेष क्लब में शामिल हो गए। उनसे पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय में लसिथ मलिंगा, राशिद खान और कर्टिस कैंपर ने यह कारनामा किया था।

होल्डर को पांच गेंद पर पांचवां विकेट लेने का मौका नहीं मिला, क्योंकि इंग्लैंड की पूरी टीम आउट हो चुकी थी। इस आलराउंडर ने 2.5 ओवर में 27 रन देकर पांच विकेट लिए। इंग्लैंड की तरफ से जेम्स विन्से ने 35 गेंदों पर सर्वाधिक 55 रन बनाए। वेस्टइंडीज की तरफ से होल्डर से पहले बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन ने कमाल दिखाया और चार ओवर में 30 रन देकर चार विकेट लिए।

इससे पहले वेस्टइंडीज को इंग्लैंड के स्पिनरों ने परेशान किया लेकिन कप्तान कायरन पोलार्ड (25 गेंदों पर नाबाद 41) और रोवमैन पावेल (17 गेंदों पर नाबाद 35 के बीच पांचवें विकेट के लिए 74 रन की अटूट साझेदारी से वह चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाने में सफल रहा। इन दोनों ने अंतिम चार ओवरों में 66 रन जोड़े। इंग्लैंड के तीनों स्पिनरों राशिद (चार ओवर में 17 रन देकर दो), लियाम लिविंगस्टोन (तीन ओवर में 17 रन देकर दो) और मोईन अली (तीन ओवर में 20 रन) ने 10 ओवर में केवल 54 रन दिए।

अखिलेश यादव करहल सीट से आज भरेंगे नामांकन

0

मैनपुरी जिले की करहल सीट. राजनीति की शुरुआत और उससे पहले भी ये इलाका मुलायम सिंह यादव की कर्मभूमि थी.नेताजी का गृह जिला इटावा भी इसके करीब ही है. अखिलेश की सरकार में बनाई गई आगरा लखनऊ एक्सप्रेस भी इस करहल इलाके के बीच से गुजरती है. यानी यहां नेताजी का भी नाम है और अखिलेश की भी अपनी पहचान है. उसी करहल सीट से आज अखिलेश यादव अपना नामांकन भरने जा रहे हैं. करहल पहुंचने के लिए अखिलेश कल ही अपने घर सैफई पहुंच चुके हैं, जहां से वो करहल के लिए रवाना होंगे.

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि करहल विधानसभा क्षेत्र नेताजी के क्षेत्र में आता है घर के पास का क्षेत्र है जनता का धन्यवाद जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद संगठन के लोगों का धन्यवाद मुझे मौका दे रहे हैं करहल से विधानसभा लड़ने की करहल विधानसभा उदाहरण विधानसभा बनेगी विकास को लेकर विकास हो तो ऐसा विकास हो. भाजपा बहस विकास पर नहीं करती बताना चाहिए.

ग्रामीण मिलकर बनाये अपने गाँव का मास्टर प्लान : मुख्यमंत्री चौहान

0

भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश को आदर्श राज्य बनाने के लिए ग्रामीणों का आव्हान किया है कि सभी एक दिन गाँव में बैठकर गाँव का मास्टर प्लान बनाये। राज्य सरकार उसी अनुरूप विकास की योजनाएँ बनाएगी। मुख्यमंत्री चौहान रविवार को सीहोर जिले के शाहगंज में 36 करोड़ 21 लाख के विभिन्न विकास कार्यो का लोकार्पण और भूमि-पूजन कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के 797 हितग्राहियों के खाते में प्रथम किस्त की राशि 7 करोड़ 97 लाख रूपये भी अंतरित की। साथ ही विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं में हितलाभ वितरित किये।

मुख्यमंत्री चौहान ने शाहगंज में हुए विकास कार्यो की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी मंशा है कि प्रदेश के हर क्षेत्र में इसी तरह से व्यवस्थित विकास हो। मुख्यमंत्री ने खातेगांव से बाड़ी के मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने, करीब एक दर्जन गांवों को जोड़ने वाले बमोरी से शाहगंज तक नवीन मार्ग बनाने और शाहगंज अस्पताल में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों का आव्हान किया कि वे अपने गाँव को स्वच्छ बनाने के साथ शाहगंज नगर परिषद को देश की सबसे स्वच्छ नगर पंचायत बनाये।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि स्वामित्व योजना में सर्वे करवाकर सभी को उनके आवास का मालिकाना हक दिया जाएगा। आवास प्लस सर्वे के आधार पर भी सभी को पक्के मकान दिए जाएँगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास ही नहीं शिक्षा और रोजगार भी सरकार की प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में हर माह रोजगार मेले लगाकर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, पथ विक्रेता योजना और ग्रामीण आजीविका मिशन में बड़ी संख्या में रोजगार उपलब्ध कराए जाएँगे। मुख्यमंत्री चौहान ने जन-प्रतिनिधियों से अपील की कि वे मेधावी बच्चों को आगे लाये, जिससे गरीब परिवार का कोई बच्चा उच्च शिक्षा से वंचित नहीं हो।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि किसानों के हर दुख-दर्द में सरकार उनके साथ है। अतिवृष्टि एवं ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को अगले महीने से फसल बीमा की राशि का वितरण शुरू किया जाएगा। कार्यक्रम को प्रभारी मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी और सांसद रमाकांत भार्गव ने भी सम्बोधित किया। विधायक विजयपाल सिंह सहित निगम मंडल के अध्यक्ष और ग्रामीण उपस्थित थे।

बजट सत्र से पहले पीएम मोदी का विपक्ष को संदेश कहा – चुनाव चलते रहेंगे, गरिमा बनाए रखें

0

नई दिल्ली : संसद के बजट सत्र की आज से शुरुआत होने वाली है। पहले दिन आज आर्थिक सर्वे पेश किया जाएगा। इसके बाद 1 फरवरी यानी मंगलवार को आम बजट पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट पेश करेंगी। इस बीच संसद का सेशन शुरू होने से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने विपक्ष को गरिमा बनाए रखने की नसीहत दी है। उन्होंने संसद पहुंचने पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि चुनाव होते रहेंगे, लेकिन सांसद गरिमा को बनाए रखें। यही नहीं पीएम मोदी ने कहा कि यह बात सही है कि बार-बार चुनाव के कारण सत्र भी प्रभावित होते हैं और चर्चाएं भी प्रभावित होती हैं। लेकिन मैं सभी सांसदों से कहूंगा कि चुनाव तो चलते रहेंगे, लेकिन इस बजट सत्र में मौजूद रहें। यदि बजट फलदायी होगा तो फिर पूरा साल हमारे लिए अवसर होगा।

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज की वैश्विक परिस्थिति में भारत के लिए बहुत अवसर मौजूद हैं। विश्व में भारत की आर्थिक प्रगति, भारत में वैक्सीनेशन का अभियान, अपनी खोजी हुई वैक्सीन एक विश्वास पैदा कर रही है। इस बजट सत्र में हमारी ओर से की गई चर्चा दुनिया पर एक छाप छोड़ सकती है। मैं आशा करता हूं कि सभी राजनीतिकल दल औैर सांसद खुले मन से चर्चा करके देश को प्रगति की राह पर ले जाने में मदद करेंगे। यह बात सही है कि बार-बार चुनाव के कारण सत्र भी प्रभावित होते हैं और चर्चाएं भी प्रभावित होती हैं। लेकिन मैं सभी सांसदों से कहूंगा कि चुनाव तो चलते रहेंगे, लेकिन इस बजट सत्र में गरिमा बनाए रखें। उन्होंने कहा कि यदि बजट फलदायी होगा तो फिर पूरा साल हमारे लिए अवसर होगा।

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आम बजट साल का खाता खुलने जैसा होता है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के भाषण के साथ ही बजट सेशन की शुरुआत होगी। इसके बाद आज ही आर्थिक सर्वे पेश किया जाएगा। इसमें अब तक भारत की ओर से क्या आर्थिक प्रगति की गई और भविष्य के लिए क्या अनुमान है, यह बताया जाता है। इस सर्वे रिपोर्ट में देश के आर्थिक विकास का अनुमान भी बताया जाता है। सर्वे रिपोर्ट में आगामी वित्त वर्ष का भी एक खाका पेश कर दिया जाता है। देश की अर्थव्यवस्था रफ्तार पकड़ेगी या फिर धीमी रहेगी, इसकी जानकारी दी जाती है। इसके अलावा सर्वे में सरकार को कुछ सिफारिशें भी दी जाती हैं।

बीटिंग रिट्रीट के साथ गणतंत्र दिवस समारोह का समापन, 1000 स्वदेशी ड्रोन से जगमगाया आसमान

0

हर साल की तरह इस साल भी गणतंत्र दिवस समारोह के समापन की प्रक्रिया यानी ‘बीटिंग रिट्रीट’ समारोह दिल्ली में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे। हर साल 29 जनवरी को इस खास बीटिंग रिट्रीट का आयोजन किया जाता है। इसमें तीनों सेनाएं मैजूद रहती हैं और समारोह के समापन के बाद सेनाएं अपने-अपने बंकर में वापस चली जाती हैं। इसके अलावा पुलिस बल के स्पेशल बैंड भी इसमें हिस्सा लेते हैं।

उल्लेखनीय है कि बीटिंग रिट्रीट के साथ 24 जनवरी से शुरू करीब एक सप्ताह के गणतंत्र दिवस समारोह का समापन होता है। हालांकि, सरकार ने इस साल से 23 जनवरी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती से ही गणतंत्र दिवस समारोह शुरू करने का फैसला किया है।

आज के समारोह का मुख्य आकर्षण 1,000 ड्रोन का 10 मिनट का ड्रोन शो रहा। ये ड्रोन शो स्वतंत्रता के 75 वर्ष की स्मृति में आयोजित किया गया। मंत्रालय ने कहा कि ड्रोन शो स्टार्टअप ‘बोटलैब डायनेमिक्स’ द्वारा आयोजित किया गया और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली और विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा समर्थित था।

ड्रोन और लेजर शो में, भारत की स्वतंत्रता के गौरवशाली इतिहास को याद किया गया। इस दौरान ड्रोन ने भारत के इतिहास से संबंधित विभिन्न संरचनाओं को दिखाया। ये सभी ड्रोन भारत में बने हैं। केंद्र की ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत 10 मिनट के शो की अवधारणा, डिजाइन, निर्माण और कोरियोग्राफ किया गया था।

जबलपुर हाई कोर्ट के आदेश पर सिंगरौली के भाजपा विधायक ने जमा किए एक लाख

0

जबलपुर। हाई कोर्ट के पूर्व आदेश का परिपालन करते हुए सिंगरौली के भाजपा विधायक रामलल्लू वैश्य की ओर से जुर्माने के एक लाख रुपये जमा कर दिए गए। यह राशि अधिवक्ता आपदा कल्याण कोष में काम आएगी। मुख्य न्यायाधीश रवि मलिमठ व न्यायमूर्ति पुरुषेंद्र कुमार कौरव की युगलपीठ ने तथ्य छिपाकर जनहित याचिका दायर करने व शपथपूर्वक गलतबयानी करने के रवैये को आड़े हाथों लेते हुए जुर्माना लगाया था। साथ ही भ्रमित करने की कोशिश संबंधी जनहित याचिका निरस्त कर दी थी।

सिंगरौली जिले के मधोली ग्राम निवासी विधायक रामलल्लू वैश्य की ओर से यह जनहित याचिका दायर की गई थी। बहस के दौरान कोर्ट को अवगत कराया गया था कि कोल इंडिया व नार्दर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड मिलकर उसकी जमीन पर अवैध रूप से कोयला खनन कर रहे हैं, जिसे रोका जाना चाहिए। इस मामले की सुनवाई के दौरान शासकीय अधिवक्ता अंकित अग्रवाल ने कोर्ट को अवगत कराया था कि इस सम्बंध में जनहित याचिकाकर्ता व अनावेदकों के बीच पुराना विवाद है। जिसे लेकर हाई कोर्ट में तीन याचिकाएं, एक मिसलिनीयस अपील व एक सिविल रिविजन पहले से विचाराधीन हैं। इसके बावजूद जनहित याचिकाकर्ता ने जनहित याचिका में शपथपत्र पर उल्लेख किया है कि इस संबंध में किसी भी कोर्ट मे कोई मामला लंबित नहीं है, न ही दायर किया गया है। जब गलती पकड़ गई तो जनहित याचिकाकर्ता की ओर से क्षमायाचना सहित जनहित याचिका वापस लेने का निवेदन किया गया। इस पर कोर्ट ने सख्ती बरतते हुए साफ किया कि इस तरह के मामले में क्षमा नहीं किया जा सकता। लिहाजा, जुर्माना राशि जमा कराई जाए।

एसबीआई ग्राहकों के लिए अच्छी खबर, बैंक ने बढ़ाई FD की ब्याज दरें

0

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहकों के लिए अच्छी खबर है। बैंक ने अपने फिक्स्ड डिपॉजिट के रेट को बढ़ा दिया है। एसबीआई ने इससे पहले छोटी अवधि की एफडी पर ब्याज दरें बढ़ाई थीं। अब बैंक ने सप्ताह के अंदर दूसरी बड़ी वृद्धि की है। स्टेट बैंक के मुताबिक इस बार दस वर्ष की अवधि वाली एफडी पर ब्याज दरें बढ़ाई गई हैं। एसबीआई ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर इसकी जानकारी दी है।

लागू हुई ब्याज दरें

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की ब्याज दरें 22 जनवरी से लागू हो गई हैं। हालांकि इसकी घोषणा 25 जनवरी को की गई। फिक्स्ड डिपॉजिट की बढ़ी हुई ब्याज दरें दो करोड़ से कम रकम पर लागू की गई है। एसबीआई के अनुसार सात दिन से 10 वर्ष तक की एफडी पर ब्याज दरें बढ़ाई गई हैं। बैंक ने 10 बेसिस पॉइंट वृद्धि की है।

कितनी बढ़ी ब्याज दरें

एफडी रेट बढ़ने के बाद एसबीआई अपने ग्राहकों को दो करोड़ से कम रकम पर 5.10% ब्याज देगा। पहले ब्याज दर 5 प्रतिशत थी। हफ्ते भर के अंदर स्टेट बैंक ने अपने ग्राहकों को तोहफा दिया है। वहीं सीनियर सिटीजन के ब्याज को भी बढ़ा दिया है। उन्हें 2 करोड़ से कम की एफडी पर 5.60% ब्याज मिलेगा।

कमिश्नर और कलेक्टर सुन लें किसी ने गड़बड़ी की तो छोड़ूंगा नहीं-सतना मे मुख्यमंत्री की दो टूक

0

सतना। शनिवार को हितग्राही सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में रैगांव विधानसभा के ग्राम दुर्गापुर पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वालों को कड़ी चेतावनी दी। इसके साथ ही ग्राम वासियों द्वारा राशन वितरण में लापरवाही की शिकायत करने पर मुख्यमंत्री भड़क गए और तुरंत कलेक्टर को राशन दुकान का निरीक्षण कर जांच करने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राशन में गड़बड़ी करने वालों को वे छोड़ेंगे नहीं। उन्हें जेल भेज दिया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अपने भाषण के दौरान कहा कि यहां कमिश्नर और कलेक्टर दोनों मौजूद हैं, सुन लें मैं गड़बड़ी करने वालों को छोड़ूंगा नहीं। मुख्यमंत्री ने मंच से ही योजनाओं की जानकारी भी दी और योजनाओं के हितग्राहियों को चेक भी प्रदान किए। दुर्गापुर में दुर्गा स्व-सहायता समूह की बहनों से भेंट कर समूह द्वारा निर्मित उत्पादों का अवलोकन किया एवं गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान स्व सहायता समूह की बहनों ने सीएम को समूह द्वारा निर्मित जैकेट भेंट की। अंत में उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों की बैठक भी ली और बूथ विस्तार सहित संगठन एप की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने भाषण में यह कहा : मुख्यमंत्री ने दुर्गापुर में मंच से कहा कि रैगांव में पानी की थोड़ी कमी है। उसे दूर किया जाएगा। बाणसागर से 5 विकासखंडों के एक हजार गांव और बाणसागर फेस-2 में 785 गांव, जिनमें दुर्गापुर और आसपास के गांव जोड़कर पाइप लाइन बिछाकर पानी की टंकी बनाकर टोंटी वाले नल से पानी प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि रैगांव क्षेत्र के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी। जनदर्शन के दौरान की गई सभी घोषणाएं पूरी हाेंगी। दुर्गापुर के आमजनाें ने जो प्यार दिया है, उसे क्षेत्र के विकास कार्यों के रूप में हमारी सरकार ब्याज सहित वापस करेगी। गांव में खेती के विकास के लिए इमरहा नाला पर बांध बनाया जाएगा। इसमें डूब में आने वाली 35 हेक्टेयर वन भूमि के संबंध में कलेक्टर और डीएफओ मिलकर रास्ता निकालें। वन भूमि के बदले राजस्व भूमि देकर यहां बांध बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में 40 लाख से अधिक लाडली लक्ष्मी बेटियां हैं। जब इन बेटियों को देखता हूं तो मन प्रसन्नता और उमंग से भर जाता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान का लाड़ली लक्ष्मी योजना की बालिकाओं एवं उनकी माताओं द्वारा अभिनंदन एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया। उन्होंने कहा कि फॉरेस्ट और रेवेन्यू विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य किए जाएं। उन्होंने कहा कि दुर्गापुर में सर्वे कर सुचारू बिजली की व्यवस्था के लिए जितने जरूरी हैं उतने ट्रांसफार्मर का इंतजाम किया जाएगा। कोविड की तीसरी लहर में अभी खतरनाक स्थिति नहीं बनी है। लेकिन कोविड अनुकूल व्यवहार का पालन अवश्य करें। जिन्होंने अभी तक टीका नहीं लगवाया है वह टीका जरूर लगवाएं। मैं प्रधानमंत्री को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने सबको मुफ्त में टीका उपलब्ध कराया।

गरीबों के अधिकार को छीनने नहीं देंगे : मुख्यमंत्री ने कहा कि राशन में गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मैंने कलेक्टर को निर्देश दिए हैं कि गड़बड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई करें। गरीबों के अधिकार हम किसी को छीनने नहीं देंगे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रतिवर्ष किसानों को 6-6 हजार रुपये देते हैं और मध्यप्रदेश सरकार मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 4 हजार रुपये प्रदान किए जाते हैं। प्रदेश के 78 लाख से अधिक किसानों को प्रति वर्ष 10-10 हजार रुपए दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो किसान भाई योजना से शेष रह गए हैं उन्हें अभियान चलाकर जोड़ा जाएगा। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए मध्यप्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। आजीविका स्व सहायता समूह को बहनों को सशक्त करना हमारा पहला कर्तव्य है। हमारा प्रयास है कि मेरी हर बहन की आमदनी दस हजार रुपया हो। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि कई स्व सहायता समूह बेहतर कार्य कर रहे हैं। हमने महीने में एक बार रोजगार दिवस मनाने का फैसला किया है। 25 फरवरी को फिर रोजगार दिवस के रूप में मनाया जाएगा। और अलग-अलग काम धंधों के लिए लोन उपलब्ध कराया जाएगा।हमने मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना शुरू की है। जिन घरों में एक से अधिक परिवार एक साथ रह रहे हैं, एक परिवार अर्थात पति, पत्नी और उनके बच्चे। ऐसे परिवारों को योजना के तहत भूखण्ड देकर रहने की जमीन का मालिक बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा आप सभी से आग्रह है कि साल में एक दिन अपने गांव का जन्मदिन जरूर मनाएं। साल में एक दिन गांव के सभी लोग बैठकर अपने गांव के विकास की रूपरेखा तय करें। सरकार भी आपके साथ है।

घायल पुलिसकर्मियों की ली जानकारी : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कलेक्टर सतना अनुराग वर्मा से घायल पुलिस कर्मियों की जानकारी ली और उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए कामना करते हुए उचित इलाज की व्यवस्था करने निर्देश दिए। दरअसल मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए सतना से दुर्गापुर जा रही पुलिस पार्टी का वाहन एक अन्य कार से टकरा गया था जिसके कारण लगभग आठ पुलिस कर्मी घायल हो गए थे जिन्हें सतना के जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।