Home Blog Page 149

मंत्री सखलेचा से चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधि-मंडल ने की भेंट

0

भोपाल : सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम तथा विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा से सोमवार को भोपाल के चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधि-मंडल ने मुलाकात की और व्यापार तथा उद्योग संबंधी विषयों पर चर्चा की। मुलाकात में मंत्री सखलेचा ने उद्योगों एवं व्यापारियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से अवगत कराया।

हमारी सरकार हर वर्ग को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध

मंत्री सखलेचा ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा व्यापार एवं उद्योग के क्षेत्र में कई कल्याणकारी योजनाएँ चलाई जा रही है, जिससे युवा वर्ग के साथ ही हर वर्ग को सशक्त बनाते हुए रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। सखलेचा ने कहा कि सरकार व्यापारी, इंडस्ट्री क्लस्टर एवं उद्यम संबंधी योजनाओं, निम्न ब्याज दरों पर सब्सिडी के साथ आसानी से ऋण उपलब्ध कराने प्रतिबद्धता के साथ कई नवाचार कर रही है। चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष तेजकुलपाल सिंह ने मंत्री सखलेचा से आग्रह किया कि उद्यमियों एवं व्यापारियों के हित में यदि सरकार की ओर से चेम्बर ऑफ कॉमर्स के 5 हजार सदस्यों के साथ कोई आयोजन किया जाता है तो यह बहुत ही लाभदायक होगा। इससे व्यापार जगत लाभान्वित होगा। आयोजन के माध्यम से सरकार की हर योजनाओं की जानकारी एवं उससे होने वाले लाभ उद्यमी वर्ग के निचले हिस्से तक पहुँचेगा।

चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधि-मंडल में उपाध्यक्ष सुनील जैन, कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार बांगड़, कार्यकारिणी सदस्य सीए वैभव जैन, रोहित जैन, दीपक पसारी, सीए अंशुल अग्रवाल और सुलभ मित्तल उपस्थित रहे।

उज्जैन के किसानों ने नई फसलें लगाकर पाया अच्छा मुनाफा

0

 उज्जैन : उज्जैन जिले के किसान फसलों की नई किस्में अपनाकर एवं फसल परिवर्तन कर अच्छा लाभ कमा रहे हैं। उन्होंने परम्परागत खेती के स्थान पर हैदराबादी गुलाब, प्रताप उड़द, 6444 धान, विराट मूंग, वीएनआर अमरूद आदि फसलें लगाकर खेती को लाभ का धंधा बनाया है। इस कार्य में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग ने उनका पूरा सहयोग किया है।

खेमासा निवासी लाखन सिंह ने इस बार उड़द की प्रताप प्रजाति बोई। बीज का उपचार ट्राइकोडर्मा विरडी, रायजोबियम कल्चर और पीएसबी फफूंद नाशक औषधि से किया। साथ ही उर्वरक की संतुलित मात्रा का उपयोग कर तथा बीज दर निर्धारित मात्रा में रखी। उन्हें इससे प्रति हेक्टेयर 12 क्विंटल उड़द का उत्पादन प्राप्त हुआ, जिसका बाजार मूल्य लगभग 72 हजार रुपये है।

ग्राम ढाबला निवासी देवी सिंह आंजना ने परम्परागत खेती छोड़कर अपनी सवा हेक्टेयर भूमि में हैदराबादी गुलाब की खेती चालू की। आज उनका गुलाब 80 से 100 रुपये किलो के भाव बिकता है। दो साल में उन्होंने 4 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा प्राप्त किया है।

उज्जैन के जितेन्द्र सिंह 20 साल से सोयाबीन की खेती कर रहे थे। इस बार धान की किस्म 6444 बोई। नई फसल होने से कीट लगभग लगे ही नहीं और फसल लगभग 45 से 50 क्विंटल तक आई। धान की इस किस्म में बहुत ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती। इस साल उन्हें खासी आमदनी होगी।

भैंसोदा के नरेन्द्र सिंह भी कई साल से सोयाबीन की फसल लेते थे। इस बार उन्होंने मूंग की विराट किस्म लगाई। शासन से उन्हें नि:शुल्क बीज के साथ बीज उपचार औषधि, पीएचडी कल्चर, एजोटोवेक्टर कल्चर, पोषक तत्व, कीटनाशक दवाइयों पर अनुदान मिला। प्रति हेक्टेयर 10 क्विंटल मूंग हुए। बस फिर क्या था, उन्होंने 58 हजार की फसल तथा 5 हजार रुपये भूसा बेचकर दोहरा लाभ पाया।

खाचरोद निवासी कालूराम धाकड़ ने अपने खेत में अमरूद की उन्नत किस्म वीएनआर के 1800 पौधे लगाये। इस किस्म के एक अमरूद का वजन एक से डेढ़ किलो होता है। अमरूद बाजार में आराम से 50 रुपये प्रति किलो बिका और उन्हें लगभग 10 लाख रुपये का लाभ हुआ।

तमिल थलाइवाज और हरियाणा स्टीलर्स का मुकाबला कब और कहां देखें?

0

प्रो कबड्डी लीग Season-8 के 102वें मुकाबले में आज तमिल थलाइवाज (Tamil Thalaivas) और हरियाणा स्टीलर्स (Haryana Steelers) आमने-सामने होंगे. हरियाणा स्टीलर्स की टीम इस सीजन की खराब शुरुआत के बाद अब पूरी तरह लय में लौट आई है. यह टीम 17 में से 8 मैच जीतकर 53 अंक के साथ लीग में चौथे स्थान पर आ चुकी है. उधर, तमिल थलाइवाज 16 मैचों में 5 जीत, 5 हार और 6 टाई के बाद 45 अंक के साथ आठवें पायदान पर है.

1. प्रो कबड्डी लीग में तमिल थलाइवाज (Tamil Thalaivas) और हरियाणा स्टीलर्स (Haryana Steelers) का मुकाबला कब है?
यह मुकाबला आज (8 फरवरी) शाम 07.30 बजे है.

2. मैच कहां हो रहे हैं?
प्रो कबड्डी (Pro Kabaddi) के सारे मुकाबले शेरेटन ग्रैंड बेंगलुरु व्हाइटफील्ड होटल एंड कन्वेंशन सेंटर में खेले जा रहे हैं.

3. मैच किस चैनल पर देख सकते हैं?

स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के कई चैनल्स पर प्रो कबड्डी (Pro Kabaddi) के सारे मैच लाइव टेलीकास्ट हो रहे हैं.. इनमें स्टार स्पोर्ट्स 1 हिंदी, स्टार स्पोर्ट्स 1 हिंदी एचडी, स्टार स्पोर्ट्स 2, स्टार स्पोर्ट्स 2 एचडी, स्टार स्पोर्ट्स 1 तेलुगु, स्टार स्पोर्ट्स 1 तमिल, स्टार स्पोर्ट्स कन्नड़ चैनल शामिल हैं.

4. क्या मैच को ऑनलाइन देखा जा सकता है?
हां. डिजनी+हॉटस्टार एप पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग देखी जा सकती है. मैच देखने के लिए एप का सब्सक्रिप्शन लेना होगा.

5. दोनों टीमों की स्क्वॉड में कौन-कौन से खिलाड़ी शामिल हैं?

हरियाणा स्टीलर्स (Haryana Steelers)

रेडर्स: अक्षय कुमार (Akshay Kumar), आशीष (Ashish), विकाश (Vikash Chandola), मोहम्मद इस्माइल (Mohammad Esmaeil), विनय (Vinay)
ऑलराउंडर्स: अजय (Ajay), हामिद नादेर (Hamid Nader), राजेश नारवाल (Rajesh Narwal), रोहित गुलिया (Rohit Gulia), श्रीकांत (Shrikant Tewthia), विकास जागलान (Vikas Jaglan)
डिफेंडर्स: रवि कुमार (Ravi Kumar), चांद सिंह (Chand Singh), राजेश गुर्जर (Rajesh Gurjar), सुरेंदर नाडा (Surender Nada)

तमिल थलाइवाज (Tamil Thalaivas)

रेडर्स: परपंजान (K Prapanjan), मंजीत (Manjeet), अतुल एमएस (Athul MS), भवानी राजपूत (Bhavani Rajput)
ऑलराउंडर्स: अनवर साहिब (Anwar Saheed Baba), सौरभ तानाजी (Sourabh Tanaji Patil), सागर कृष्णा (Sagar B Krishna), संथापनसेल्वम (Santhapanaselvam)
डिफेंडर्स: सागर (Sagar), हिमांशु (Himanshu), अभिषेक (M. Abishek), मोहम्मद तुहिन (Mohammad Tuhin Tarafder), सुरजीत सिंह (Surjeet Singh), मोहम्मद तरफडे (Mohammad Tuhin Tarafde)

मुख्‍यमंत्री चौहान स्व-सहायता समूहों को देंगे 300 करोड़ की सौगात

0

भोपाल : मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन में गठित स्व-सहायता समूह के सदस्यों को 300 करोड़ रूपये के बैंक ऋण वितरित करेंगे। साथ ही कुछ जिलों के स्व-सहायता समूह सदस्‍यों से वर्चुअल संवाद भी करेंगे। कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में 8 फरवरी को प्रात: 10:30 बजे होने वाले इस वर्चुअल कार्यक्रम में सभी जिलों में ग्राम पंचायत स्‍तर पर समूह सदस्‍य विभिन्‍न वर्चुअल माध्‍यमों से जुड़ेंगे। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री  महेन्‍द्र सिंह सिसौदिया एवं राज्‍य मंत्री  रामखेलावन पटेल भी उपस्थित रहेंगे।

प्रदेश में अब तक आजीविका मिशन से 40 लाख से अधिक ग्रामीण निर्धन परिवारों को लगभग 3 लाख 50 हजार स्व-सहायता समूहों से जोड़कर 2,762 करोड़ रुपये बैंक ऋण के रूप में वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा कोरोना काल में ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिये लॉकडाउन के समय से लगातार वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित कर हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाता रहा है। राशि मिलने से समूह सदस्य अपनी वर्तमान आजीविका को और सुदृढ़ करते हुए आय में वृद्धि करेंगे, जिससे उनकी समृद्धि के द्वार खुलेंगे और उनका आर्थिक एवं सामाजिक स्तर पहले से बेहतर हो सकेगा।

उल्लेखनीय है कि म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन में ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत निर्धन परिवारों की महिला सदस्यों को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण किया जा रहा है। आमतौर पर देखने में आता है कि ग्रामीण क्षेत्र में लोग बैंकिंग सेवा की प्रक्रियाओं में दस्तावेजीकरण और अन्य औपचारिकताओं की कठिनाई के कारण पात्र होने के बावजूद विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं। राज्य सरकार द्वारा इस प्रक्रिया को सरल करने के उद्देश्य से बैंकों के साथ व्यापक स्तर पर समन्वय स्थापित कर स्व-सहायता समूहों के लिये पर्याप्त बैंक ऋण आसानी से उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया है।

स्व-सहायता समूहों के बैंक ऋण प्रकरण सॉफ्टवेयर के माध्यम से प्रस्तुत करने के साथ सघन निगरानी एवं पारदर्शी प्रक्रिया बनाई गई है। बैंकिंग सेवाओं को सुलभ बनाने के लिये मिशन द्वारा बैंक शाखाओं में बैंक सखियाँ भी चिन्हित की गई हैं, जो समूह सदस्‍यों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बैंक संबंधी कार्यों में सहयोग कर रही हैं।

18 फरवरी से दिल्ली खजुराहो के बीच हवाई सेवा शुरू

0

खजुराहो : बुंदेलखंड के लोगों को हवाई सफर की बड़ी सौगात मिली है, यहाँ दिल्ली खजुराहो के बीच फिर से हवाई सेवा शुरू होने जा रही है, बीजेपी प्रदेश और खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा के प्रयासों के बाद मिली इस सौगात से लोग बेहद खुश है, बताया जा रहा है कि 18 फरवरी से यह हवाई सेवा शुरू होगी, उम्मीद जताई जा रही है, कि हवाई सेवा शुरू होने के बाद क्षेत्र में रोजगार और पर्यटन को नए अवसर मिलेंगे, बीजेपी प्रदेश और खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार जताया है।

लंबे समय से इस रूट के लिए हवाई सेवा की मांग की जा रही थी, इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ ही सांसद ने भी इस बात को केन्द्रीय मंत्री तक पहुचाया था और जब हवाई सेवा शुरू हो रही है तो क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि इससे न सिर्फ अब आने जाने वालों के लिए आसानी होगी बल्कि पर्यटन और अन्य गतिविधियां भी बढ़ेगी।

राहुल गांधी का ऐलान, चरणजीत सिंह चन्नी होंगे पंजाब में कांग्रेस का सीएम चेहरा

0

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को लुधियाना में एक रैली के दौरान पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा कर दी।राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब में मौजूदा मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ही कांग्रेस का सीएम चेहरा होंगे। राहुल ने कहा कि ‘ये मेरा नहीं पंजाब के लोगों  का फैसला है। राहुल गांधी ने कहा, “चन्नी जी गरीब घर के बेटे हैं। गरीबी को समझते हैं। गरीबी से निकले हैं। और उनके दिल में, खून में पंजाब है। सिद्धू जी के दिल में, खून में पंजाब है। आप काट के देखें कभी। खून निकलेगा और उसमें पंजाब दिखेगा।”

इससे पहले राहुल गांधी ने रविवार को लुधियाना के हयात रीजेंसी में पंजाब के मौजूदा मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू, पीपीसीसी के पूर्व प्रमुख सुनील जाखड़ और एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ बंद कमरे में बैठक की थी। बता दें कि पंजाब में 20 फरवरी को विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

वहीं लुधियाना में वर्चुअल रैली के दौरान पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा, “मैंने राहुल गांधी के फैसले को स्वीकार कर लिया है..अगर मुझे निर्णय लेने की शक्ति दी गई, तो मैं माफिया को खत्म कर दूंगा, लोगों के जीवन में सुधार करूंगा। सत्ता नहीं मिली तो आप जिसे भी सीएम बनाएं, उसके साथ मुस्कुराकर चलूंगा।”

बहुप्रतीक्षित घोषणा से पहले, राहुल गांधी और दो मुख्य दावेदारों – पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू को एक ही कार में यात्रा करते भी देखा गया था। कांग्रेस नेता सुनील कुमार जाखड़ ने भी तीनों के साथ राइड शेयर की थी।

साल की पहली जीत के लिए टीम इंडिया को 177 रन का टारगेट, चहल ने लिए 4 विकेट

0

भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा पहले वनडे मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया का सामने 177 रन का टारगेट रखा है। टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए WI 176 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। जेसन होल्डर (57) टॉप स्कोरर रहे। वहीं, भारत की ओर से युजवेंद्र चहल ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए।

वेस्टइंडीज का टॉप ऑर्डर फेल

टॉस हारकर पहले बॉलिंग करने का फैसला भारत के लिए सही रहा। वेस्टइंडीज ने 71 के स्कोर पर अपने 5 विकेट गंवा दिए। शाई होप (8) रन बनाकर मोहम्मद सिराज की गेंद पर बोल्ड हुए। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर ने एक ही ओवर में ब्रैंडन किंग (13) को आउट किया और चार गेंदों के बाद डैरेन ब्रावो (18) को DRS पर LBW आउट किया।

चहल के 100 विकेट पूरे
पारी के 20वें ओवर में युजवेंद्र चहल ने लगातार दो गेंदों पर 2 विकेट चटकाए। पहले उन्होंने निकोलस पूरन (18) को DRS पर LBW आउट किया और अगली ही गेंद पर कप्तान कीरोन पोलार्ड (0) को बोल्ड कर दिया। पूरन को आउट करने के साथ ही चहल ने वनडे में अपने 100 विकेट भी पूरे कर लिए।

चहल ने अपने अगले ओवर में शमर ब्रूक्स (12) को आउट किया। ये सफलता भी भारत DRS पर मिली। दरअसल, अंपायर के नॉटआउट दिए जाने के बाद कप्तान रोहित ने कुछ देर साथी खिलाड़ियों से डिस्कस करने के बाद रिव्यू लिया। रीप्ले में नजर आया कि गेंद बल्ले पर लग कर कीपर के पास गई थी। भारतीय टीम के लिए यह तीसरा रिव्यू था और तीनों में उन्हें सफलता मिली है। अकील होसेन (0) का विकेट प्रसिद्ध कृष्णा के खाते में आया।

शादी के बाद करिश्मा तन्ना-वरुण बंगेरा ने काटा ये खास केक

0

टीवी इंडस्ट्री में शादियों का सीजन चल रहा है. एक के बाद टीवी एक्ट्रेस शादी कर रही हैं. पहले श्रद्धा आर्या (Shraddha Arya) फिर मौनी रॉय (Mouni Roy) और अब करिश्मा तन्ना (Karishma Tanna). 5 फरवरी को करिश्मा तन्ना ने अपनी जिंदगी के प्यार वरुण बंगेरा (Varun Bangera) से शादी कर ली है. करिश्मा और वरुण की शादी मुंबई में हुई है. इस शादी में कई सेलेब्स शामिल हुए थे. करिश्मा और वरुण की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. करिश्मा ने खुद शादी की तस्वीरें शेयर करके फैंस को खुशखबरी दे दी है. अब शादी की इनसाइड फोटोज और वीडियो वायरल हो रही हैं. जिसमे फैंस को उनकी शादी की झलक देखने को मिलेगी.

करिश्मा ने अपने शादी पर सबसे अलग पेस्टल पिंक कलर का लहंगा पहना. जिसके साथ उन्होंने हैवी ज्वैलरी कैरी की. जिसमें माथा पट्टी, चोकर फिर लॉन्ग नेकलेस, ईयरिंग शामिल थे. दुल्हन बनीं करिश्मा तन्ना बेहद खूबसूरत लग रही थीं. करिश्मा के दोस्त टेरेंस लुईस ने शादी की झलक दिखाई है. जिसमें शादी के बाद वरुण और करिश्मा 3 टायर केक कट करते नजर आ रहे हैं और एक-दूसरे को खिलाते हैं.

सिंदूर लगाते हुए वीडियो वायरल
करिश्मा तन्ना और वरुण का एक और क्यूट वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें वरुण करिश्मा के सिंदूर लगाते हुए नजर आ रहे हैं. इस वीडियो में फैंस को मंडप की झलक भी देखने को मिलेगी. शादी में पिंक और व्हाइट कलर के फूलों की डेकोरेशन हुई है.

29 रुपये से ₹7,148 पर पहुंच गया यह स्टॉक, निवेशकों के 1 लाख को बना दिया 2.45 करोड़

0

अगर आप में धैर्य है और आप इंतजार कर सकते हैं तो शेयर बाजार से आप मालामाल हो सकते हैं। दरअसल, शेयर बाजार में निवेश (share market investment) करते समय, ‘बॉय, होल्ड और फॉरगेट’ स्ट्रेटेजी बेहद काम आती है, क्योंकि पैसा शेयरों की खरीद और बिक्री में नहीं बल्कि ‘होल्ड’ में है। इसलिए, किसी स्टॉक को लंबे समय तक रखने की कोशिश करनी चाहिए क्योंकि लंबी अवधि के लिए शेयरों में निवेश से उसके निवेशकों को भारी रिटर्न (stock return) मिल सकता है। आज हम आपको एक ऐसे ही स्टॉक के बारे में बता रहे हैं जिसने लंबी अवधि में अपने निवेशकों को करोड़ों का फायदा कराया है।

हम बजाज फाइनेंस के शेयर (Bajaj Finance share) की बात कर रहे हैं। बजाज ग्रुप का यह स्टॉक 29.18 रुपये के स्तर (NSE पर 11 फरवरी 2010 को बंद कीमत) से बढ़कर 7,148 रुपये के स्तर (NSE पर 4 फरवरी 2022 को बंद कीमत) हो गया है। यानी 12 साल की इस अवधि में इस शेयर ने लगभग 24,400 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।

बजाज फाइनेंस के शेयरों पर एक नजर
पिछले एक महीने से नॉन बैंकिंग फाइनेंसियल कंपनी का यह शेयर (Bajaj Finance share price) बिकवाली की चपेट में है। इस अवधि में, यह स्टॉक 8 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,750 रुपये से घटकर 7,148 रुपये के स्तर पर आ गया है। पिछले 6 महीनों में, बजाज फाइनेंस के शेयर लगभग 6,225 रुपये से बढ़कर 7,148 रुपये के स्तर पर पहुंच गए हैं। पिछले एक साल में, बजाज फिनसर्व की इस सहायक कंपनी के शेयर की कीमत लगभग 5,500 रुपये से बढ़कर 7,148 रुपये के स्तर पर पहुंच गई है। इसी तरह, पिछले 5 साल में, बजाज फाइनेंस के शेयर की कीमत लगभग 1,090 रुपये से बढ़कर 7,148 रुपये के स्तर तक पहुंच गई है। इस अवधि में इस स्टॉक में लगभग 575 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

76 हजार सैंपल की जांच में मध्‍य प्रदेश में कोरोना के 5171 मरीज मिले

0

भोपाल। प्रदेश में कोरोना का प्रकोप कम होने लगा है। शनिवार को 76 हजार 633 सैंपल की जांच में कोरोना के 5171 मरीज मिले हैं। इस तरह संक्रमण दर 6.74 फीसदी रही। इससे एक दिन पहले प्रदेश में 5533 मरीज मिले थे और संक्रमण दर 7 फीसदी रही थी। कोरोना की तीसरी लहर में एक दिन में मिलने वाले मरीजों की संख्या 22 जनवरी को 11,274 तक पहुंचने के बाद इसमें गिरावट आ रही है।

एक और राहत की बात यह है कि प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या भी कम होकर 44,778 पर आ गई है। प्रदेश में फिलहाल सबसे ज्यादा 9035 सक्रिय मरीज भोपाल में और इसके बाद 6973 मरीज इंदौर में हैं। बुरहानपुर में 48, भिंड में 58 और सिंगरौली में 81 सक्रिय मरीज हैं। बाकी जिलों में सक्रिय मरीजों की संख्या 100 से ऊपर है। शनिवार को इंदौर में तीन और भोपाल, सतना एवं जबलपुर में कोरोना से एक-एक मरीज की मौत भी हुई है।

सक्रिय मरीजों में 98 फीसद से ज्यादा होम आइसोलेशन में

प्रदेश में कुल 44 हजार 778 सक्रिय मरीजों में से 764 मरीज निजी और सरकारी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। इस लिहाज से सिर्फ 1.7 फीसद मरीज ही अस्पातलों में हैं। बाकी होम आइसोलेशन में हैं। दूसरी लहर में अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या सक्रिय मरीजों की 34 से 45 फीसद के बीच रहती थी। अकेले भोपाल की बात करें तो दूसरी लहर में हर दिन में 30 से 35 मरीजों की होम आइसोलेशन में हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जाता था। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार भर्ती मरीजों में 276 भोपाल और 195 इंदौर में हैं।