Home Blog Page 29

उर्फी जावेद ने फिर पहनी खतरनाक ड्रेस

0

उर्फी जावेद सोशल मीडिया की सबसे चर्चित सेलिब्रिटीज में से एक हैं। बिग बॉस ओटीटी कंटेस्टेंट रह चुकीं उर्फी जावेद अपने अतरंगी फैशन को लेकर चर्चाओं में बनी रहती हैं। खास तौर पर ड्रेस के मामले में उनका अनोखापन सभी को हैरत में डाल देता है। अब उर्फी ने एक बार फिर अनोखी ड्रेस से फैन्स का ध्यान खींचा है। उर्फी हाल ही में अपने बदन पर सीडी कैसेट की रील लपेटे हुए नजर आईं। उर्फी ने रील लपेटकर अपनी अदाओं का जलवा बिखेरते हुए इसका वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है।
इस वीडियो में उर्फी पुराने टेप रिकॉर्डर में गाने सुनती हुई नजर आ रही हैं। फिर कैसेट से खेलते वक्त उनका ध्यान कैसेट की रील पर जाता है और उनके दिमाग में नया आइडिया आ जाता है। इसके बाद उर्फी ने रील को अपने बदन पर लपेटकर मॉडलिंग अंदाज में फोटोशूट कराया। इस वीडियो पर उनके फैन्स के लगातार कमेंट्स आ रहे हैं।
किसी ने किया ट्रोल, तो किसी ने की तारीफ
इस नए अवतार से उर्फी एक बार फिर से सुर्खियों में आ गईं हैं। उर्फी जावेद के इस नए आउटफिट पर उन्हें फैन्स की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। कुछ ने उन्हें ट्रोल किया है तो वहीं कुछ फैन्स ने उनकी तारीफ में कुछ शब्द कहे हैं। एक फैन ने लिखा, ‘डिजाइनर के रूप में मुझे उनकी क्रिएटिविटी पसंद आई. एक अन्य ने लिखा- ‘आपकी क्रिएटिविटी पर हैरान! वाह।’
उर्फी जावेद ने साल 2015 में टीवी सीरियल टेड़ी, मेड़ी फैमिली से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद वे लगातार ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’, ‘कसौटी जिंदगी की’, बेपनाह और ‘ऐ मेरे हमसफर’ जैसे सीरियल में काम कर चुकी हैं। लेकिन उर्फी अपने काम से ज्यादा, अतरंगी फैशन को लेकर चर्चा में बनी रहती हैं।

जनता की जिंदगी बदलने का अभियान है “मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान”: मुख्यमंत्री चौहान

0

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि “मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान” जनता की जिंदगी बदलने का अभियान है और मेरा मकसद है कि नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाना पड़े। पंचायत स्तर पर लगने वाले शिविर में ही उनको शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिले। मुख्यमंत्री चौहान गुरुवार को सीहोर जिले के जैत ग्राम में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान के शिविर में ग्रामीणों से अनौपचारिक संवाद कर रहे थे। सांसद रमाकांत भार्गव और जैत सहित सरदार नगर, मछवाई, डोबी, नारायणपुर और बोरना पंचायत के ग्रामीण भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों में संबंधित आवेदक को मंच पर बुला कर उनकी समस्याओं का निराकरण किया और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं में शामिल कर लाभान्वित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अधिकारियों के साथ जन-प्रतिनिधि मिल कर जनता की जिंदगी बदलने का काम करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के काम के साथ हितग्राही मूलक योजनाओं के लाभ के लिए सभी मिल कर काम करें और लोगो की जिंदगी में बदलाव लाएँ।
जैत के गौरव पर लिये संकल्पों की पूर्ति की जानकारी ली
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सभी पंचायत अपने गौरव दिवस की तारीख तय कर कार्यक्रम करें। उन्होंने जैत के गौरव दिवस पर लिए गए संकल्पों की पूर्ति की जानकारी ली। कलेक्टर ने बताया कि नर्मदा नदी पर 4 करोड़ 88 लाख रूपये की लागत से घाट बनाने का काम शुरू हो गया है। जैत के बायपास के लिए निजी भूमि का अधिग्रहण हो चुका है। ग्राम के 80 प्रतिशत लोगों के आयुष्मान कार्ड बनने के साथ आवास प्लस में पात्रों के नाम जोड़े गए है। जैत में 15 स्व-सहायता समूह बनाए गए है और समूहों को 70 लाख बैंक लिंकेज तथा प्रशिक्षण देकर रोजगार से भी जोड़ा है। ग्राम में स्वच्छता पर भी काफी काम हुआ है। शत-प्रतिशत घरों में शौचालय बनाए गए है। कचरा कलेक्शन के लिए नया वाहन भी दिया गया है।
24 गाँव के लिये 102 करोड़ की सिंचाई योजना
मुख्यमंत्री चौहान ने उद्यम क्रांति सहित रोजगार योजनाओं में भी युवाओं को लाभान्वित करने, किसानों को उपार्जित धान का भुगतान करने, बिजली की उपलब्धता का सर्वेक्षण कर खंबे लगवाने, संबल सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ देने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि 24 गाँव में सिंचाई के लिए 102 करोड़ रूपये की सिंचाई योजना स्वीकृत की गई है।
जैत में विकसित होगा खेल मैदान
मुख्यमंत्री चौहान ने बच्चों के आवेदन पर विशेष ध्यान देते हुए कलेक्टर को निर्देश दिए कि गाँव में खेल मैदान विकसित किया जाये और नवंबर और दिसंबर में खेल प्रतियोगिताएँ भी करवाई जाएँ। उन्होंने संभागायुक्त को कुमारी नीतू साहू को अनुकम्पा नियुक्ति देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने नशामुक्ति अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्र में सख्ती से नशे के कारोबार को रोकें। उन्होंने अपराध पर नियंत्रण के पुलिस को भी निर्देश दिए।
ग्रामीणों से जानी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति
मुख्यमंत्री चौहान ने शिविर में ग्रामीणों से चर्चा कर योजनाओं के क्रियान्वयन की मैदानी स्थिति भी जानी। उन्होंने एक आवेदक से नामांतरण एवं बंटवारे की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी कसम खाओ कि इस काम के लिये कोई पैसा नहीं देना पड़ा। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सुशासन देने के लिये ही मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान में गाँव-गाँव शिविर लगाये जा रहे हैं। हमारा मकसद है कि ग्रामीणों को सरकारी काम के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाना पड़े।
मोबाइल टॉवर के लिये मुन्नीबाई ने दी अपनी भूमि
मुख्यमंत्री चौहान से ग्राम जैतवासियों ने मोबाइल टॉवर लगाने की मांग रखी। शासकीय भूमि उपलब्ध न होने पर गाँव की मुन्नी बाई ने मोबाइल टॉवर लगाने के लिये अपनी निजी भूमि देने की बात कही। मुन्नीबाई की इस सहृदयता से मुख्यमंत्री श्री चौहान सहित सभी ग्रामीण अभिभूत हो उठे।

मध्य प्रदेश विधानसभा का दिसंबर में हो सकता है दो दिवसीय विशेष सत्र

0

भोपाल । आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत मध्य प्रदेश विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र दिसंबर में आयोजित किया जा सकता है। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने इसके लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को आमंत्रित किया है। अभी उनकी अनुमति और आने का कार्यक्रम तय नहीं हुआ है पर विधानसभा सचिवालय ने तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि राष्ट्रपति से सौजन्य भेंट कर उन्हें आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत किए जाने वाले कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया है। विधिवत स्वीकृति की प्रतीक्षा है। विशेष सत्र दो दिन का होगा। इसमें महिला सशक्तीकरण, युवाओं को भूमिका सहित अन्य विषय पर विचार-विमर्श होगा। इसके लिए अन्य वक्ता भी आमंत्रित किए जाएंगे। सचिवालय ने इसकी तैयारी प्रारंभ कर दी है।
दिसंबर में होगा शीतकालीन सत्र
उधर, विधानसभा का शीतकालीन सत्र भी दिसंबर में होगा। संसदीय कार्य विभाग ने इसकी तैयारी प्रारंभ कर दी है। इसमें वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए द्वितीय अनुपूरक अनुमान (बजट) प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही नगर पालिक विधि संशोधन सहित अन्य संशोधन विधेयक भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके लिए सभी विभागों से अपूर्ण उत्तर, आश्वासन की पूर्ति की जानकारी सचिवालय को भेजने, लोक लेखा समिति की कंडिकाओं का निराकरण करने और समय से संशोधन विधेयक प्रस्तुत किए जाने की सूचना देने के लिए कहा गया है।

कांग्रेस के चुने गए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सोनिया गांधी ने की तारिफ

0

पिछले दिनों कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को विधिवत कार्यभार संभाल लिया। दिल्ली स्थित पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में पहले सोनिया गांधी के स्थान पर मल्लिकार्जुन खड़गे की नेमप्लेट लगी। फिर तमाम बड़े नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने अध्यक्ष पद की कुर्सी संभाली। इस मौके पर सोनि गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा मौजूद रहे। नीचे देखिए तस्वीरें। बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने अपने पहले भाषण में सोनिया गांधी की खूबा तारीफ की। मनमोहन सिंह सरकार के दौरान किए गए कार्यों के पीछे भी सोनिया गांधी की अहम भूमिका बताई। खड़गे ने कहा है कि मैं आज बहुत भावुक हूं कि एक सामान्य कार्यकर्ता अध्यक्ष बन गया है।
इससे पहले मल्लिकार्जुन खड़गे सुबह दिल्ली में राजघाट पर गए और महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान भी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता साथ रहे। मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली में कार्यभार संभालेंगे के बाद केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक ली। इस बैठक में गुजरात पर चर्चा हुई, जहां इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। जानकारी के मुताबिक, मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने टिकट वितरण पर भी मंथन किया।
Mallikarjun Kharge के कार्यभार संभालने से पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बयान दिया। गहलोत ने दिल्ली में कहा, आखिरी मिनट तक राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाने की कोशिश की गई क्योंकि वही मोदी और उनकी सरकार को चुनौती दे सकते हैं। आज एक नई शुरुआत है। हम मल्लिकार्जुन खड़गे जी को बधाई देते हैं और पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।

गुरुवार से बंद होंगे केदारनाथ मंदिर के कपाट

0

उत्तराखंड में स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह को सोने से सजाने का काम पूरा हो गया है। मंदिर के गर्भगृह की दीवारों और छतों को 550 सोने की परतों से सजाकर एक भव्य रूप दिया गया। श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष ने बताया कि केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह को स्वर्णमंडित करने का काम पिछले तीन दिनों से चल रहा था। इसकी दीवारों और छतों को तीन दिन में 19 कारीगरों ने सोने की 550 परतों से सजाकर भव्य रूप दिया है। इसके बाद IIT रुड़की, सेंट्रल बिल्डिंग रिसर्च रुड़की और ASI की 6 सदस्यीय टीम ने धाम का निरीक्षण भी किया।

कैसे सजाया गया बाबा का गर्भगृह
केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह में सोने की परत चढ़ाने का काम एक्सपर्ट की रिपोर्ट के बाद शुरू हो गया था। इसके लिए पहले दीवारों से चांदी हटाई गई। उसके बाद चांदी की जगह तांबा लगाया गया। गर्भगृह की दीवारों पर तांबा चढ़ाने के बाद नाप लिया गया और फिर से इस तांबे को निकालकर वापस महाराष्ट्र ले जाया गया, जहां तांबे की परत की नाप के आधार पर सोने की परतें तैयार की गईं। 3 दिन पहले, 18 खच्चरों के जरिए 550 परतों में सोना केदारनाथ पहुंचाया गया था। इसके बाद 19 कारीगरों ने दो ASI अधिकारियों की देखरेख में सोने की परतें लगाने का काम किया। सोने की ये परतें मंदिर के गर्भगृह, चारों खंभों एवं शिवलिंग के आसपास की जलहरी में भी लगाई गई है।
शीतकाल के लिए बंद होंगे कपाट
बाबा केदारनाथ धाम के कपाट 27 अक्टूबर को सुबह साढ़े आठ बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद भगवान केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली, शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ प्रस्थान करेगी। इससे पहले बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा के बाद दोपहर 12 बजकर 01 मिनट पर श्री गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

अग्निवीर भर्ती रैली में शारीरिक परीक्षा में चयनित 350 अभ्यर्थियों के दस्तावेज फर्जी होने का शक

0

ग्वालियर । अग्निवीर भर्ती रैली के अंतर्गत ग्वालियर और चंबल अंचल सहित प्रदेश के 14 जिलों के युवकों की शारीरिक परीक्षा संपन्न हो चुकी है। शारीरिक परीक्षा में चयनित 350 अभ्यर्थी ऐसे हैं, जिनके आधार कार्ड से लेकर अंकसूची एवं अन्य दस्तावेज संदेह के घेरे में हैं। इन दस्तावेजों की पड़ताल सेना के अधिकारी करा रहे हैं।
सेना के अधिकारियों ने इन दस्तावेजों का सत्यापन कराने के लिए शिक्षा बोर्ड और अन्य विभागों को पत्राचार शुरू कर दिया है। वहीं 900 अभ्यर्थी ऐसे हैं, जो मेडिकल चेकअप के दौरान अटक गए हैं। इनका मेडिकल चेकअप सेना के अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। आगामी एक माह में इन परीक्षार्थियों की पड़ताल पूरी हो जाएगी, इसके बाद जो सही पाए जाएंगे, उन्हें ही लिखित परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे।
7 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, श्योपुर, अशोकनगर, मुरैना, दतिया, भिंड, दमोह, सागर, पन्ना, टीकमगढ़, छतरपुर, निवाड़ी जिले के अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा हुई। इसमें से करीब चार हजार ऐसे अभ्यर्थी हैं, जो शारीरिक परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं। कई परीक्षार्थी ऐसे थे, जो शारीरिक परीक्षा में तो उत्तीर्ण हो गए, लेकिन मेडिकल में पूरी तरह अनफिट हो गए।
करीब 900 परीक्षार्थी ऐसे हैं, जिनका स्वास्थ्य परीक्षण भर्ती रैली स्थल पर ही किया गया, लेकिन स्पेशलिस्ट के ओपिनियन की जरूरत के चलते इन्हें आर्मी अस्पताल भेजा गया है। आर्मी के जबलपुर, भोपाल, ग्वालियर और सागर स्थित अस्पताल में इनका चेकअप जारी है।
वहीं शारीरिक और मेडिकल परीक्षा में चयनित 350 ऐसे उम्मीदवार हैं, जिनके दस्तावेज फर्जी होने का शक है। इसलिए जहां से इन लोगों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है, वहां से सत्यापन कराया जा रहा है। आधार कार्ड, मूल निवासी और अन्य दस्तावेज की जांच के लिए संबंधित विभागों को पत्र लिखे गए हैं। नवंबर माह में यह प्रक्रिया पूरी कर इसके बाद प्रवेश पत्र जारी होंगे। अभी जो परीक्षार्थी शारीरिक और मेडिकल परीक्षा में सफल हो चुके हैं, उन्हें प्रवेश पत्र जारी भी कर दिए गए हैं।

करोड़ों के नशीले पदार्थ से युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है – गृह मंत्री अमित शाह

0

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि एक प्रकार से नारकोटिक्स दीमक की तरह हमारे देश की युवा पीढ़ी को खत्म करने का काम कर रहा है। दूसरी तरफ नारकोटिक्स के व्यापार से आया पैसा आतंक के पोषण का काम करता है। अमित शाह के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर में बुधवार को ड्रग तस्करी और राष्ट्रीय सुरक्षा पर क्षेत्रीय बैठक में हिस्सा लिया। यहां शाह ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी को सुरक्षित रखना और आतंक के वित्त पोषण पर एक प्रहार करने की लड़ाई को भारत सरकार और राज्य सरकार की सभी एजेंसियों को साझा लड़ाई के रूप में लेना पड़ेगा और लड़कर जीतना पड़ेगा।
632 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ होंगे नष्ट
सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में 632 करोड़ रुपये मूल्य की कुल 12,439 किलोग्राम नशीले पदार्थों को नष्ट किया जाएगा। दो हफ्ते पहले पूर्वोत्तर राज्यों द्वारा अमित शाह की उपस्थिति में गुवाहाटी में 40000 किलोग्राम मूल्य के ड्रग्स और नशीले पदार्थों को नष्ट कर दिया गया था। एनसीबी ने 75000 किलो जब्त दवाएं नष्ट की गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने भारत की आजादी के 75 वें वर्ष को कम से कम 75,000 किलोग्राम जब्त दवाओं को नष्ट करने के लिए 75 दिनों के लिए एक विशेष मिशन के लिए खुद को स्थापित किया। यह लक्ष्य 60 दिनों के भीतर काफी पहले ही हासिल कर लिया गया था।
चंडीगढ़ में 31000 किलो नशीले पदार्थों को किया गया था नष्ट
अब तक एक लाख किलोग्राम से अधिक नशीला पदार्थ और नशीला पदार्थ नष्ट किया जा चुका है। केंद्रीय गृह मंत्री ने इसी साल 30 जुलाई को चंडीगढ़ में बटन दबा कर 31000 किलोग्राम से अधिक नशीले पदार्थों को नष्ट कर इस मिशन की शुरुआत की थी। इसी तरह कई अन्य जगहों पर भी नशीले पदार्थ नष्ट किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर के चरणें में प्रार्थना की

0

जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर जी के निर्वाण कल्याणक दिवस पर चरणों में यही प्रार्थना करता हूं कि हर हृदय में सत्य,अहिंसा, शांति, अपरिग्रह का भाव हो।
प्रेम,मंगल और कल्याण के पुण्य प्रकाश से प्रत्येक मन आलोकित होता रहे, जिओ और जीने दो का भाव जागृत हो एवं जगत का कल्याण हो।

दीपावली की रात उज्जैन में श्री महाकाल महालोक में प्रज्वलित किए एक लाख दीपक

0

उज्जैन । ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में सोमवार को तड़के बजे भस्म आरती में सबसे पहले दीपावली मनाई गई। पुजारियों ने भगवान महाकाल को अन्नकूट का भोग लगाकर फुलझड़ी से आरती की। मंदिर की परंपरा अनुसार तड़के चार बजे मंदिर के पट खुले। इसके बाद पुजारियों ने भगवान महाकाल का पंचामृत अभिषेक- पूजन किया। पुजारी परिवार की महिलाओं द्वारा भगवान महाकाल को केसर चंदन का उबटन लगाया। इसके उपरांत पुजारियों ने भगवान महाकाल को गर्म जल से अभ्यंग (संपूर्ण) स्नान कराया। भगवान को सोने चांदी के आभूषण व नवीन वस्त्र धारण कराकर भव्य शृंगार किया गया। इसके बाद अन्नकूट में विभिन्न प्रकार के पकवान, फल, सूखे मेवे, विभिन्न फलों के रस आदि का भोग लगाकर फुलझड़ी से आरती की गई। राजाधिराज के आंगन में दीपोत्सव की निराली छटा को निहारने के लिए करीब दो हजार भक्त मौजूद थे। श्री महाकाल महालोक में एक लाख दीप प्रज्वलित किए गए।
समृद्धि के दीप जले… फैला उजियारा.. आकाश गंगा जैसी दमकी धर्मधानी
धन, संपदा, समृद्धि व ऐश्वर्य का पर्व दीपावली सोमवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। घरों व प्रतिष्ठानों में जले समृद्धि के दीपों के उजियारे से धर्मधानी आकाशगंगा जैसी दमक उठी। रंगारंग आतिशबाजी से आकाश भी रोशन हो गया। माता लक्ष्मी के स्वागत में घर, प्रतिष्ठान आकर्षक विद्युत रोशनी तथा फूलों की लड़ियों से सजे हुए थे। मालवा की लोक परंपरा अनुसार द्वार पर वंदनवार तथा आंगन में रंगोली उत्सवी छटा बिखरे रही थी। गोधूलि वेला के शुभ मुहूर्त में विधि विधान के साथ माता लक्ष्मी का पूजन किया गया। इस बार तिथि के मतांतर से सुबह रूप चौदस तथा शाम को दीपावली होने से घर तथा प्रतिष्ठानों में शाम को प्रदोषकाल के मुहूर्त में एक साथ पूजा अर्चना की गई।
बाजार में रौनक, लोगों ने जमकर की खरीदारी
दीपपर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया। सोमवार को सुबह से बाजारों में रौनक छाई थी। पूजन सामग्री, मिष्ठान, आतिशबाजी तथा हार फूल की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी हुई थी। भक्त माता लक्ष्मी की प्रसन्नता के लिए पूजन में उपयोग होने वाली प्रत्येक वस्तु को चुन चुन कर खरीद रहे थे। दीपावली पर घर, प्रतिष्ठान की सज्जा तथा पूजन में गेंदे के फूलों का विशेष महत्व रहता है। इस बार बाजार में फूलों की अच्छी आवक रही। भाव भी 80 से 120 रुपये किलो तक रहे।

लक्षण और दवाइयां मरीजों को हिंदी में लिखी जा रही

0

जबलपुर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अपील का असर सामने आने लगा है। मरीजों की नब्ज टटोलने के बाद तमाम डाक्टर हिंदी भाषा में दवा का पर्चा लिख रहे हैं। बीमारी का ब्यौरा भी हिंदी में पर्चे पर लिखा जा रहा है। आरएक्स की जगह श्री हरि अथवा श्री लिख रहे हैं। रेडियोलाजी व पैथालाजी जांचों की सलाह के लिए हिंदी का उपयोग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने चिकित्सकों से हिंदी में दवा का पर्चा लिखने की अपील की थी। अपील में कहा गया था कि दवाएं लिखने से पूर्व आरएक्स की जगह श्री हरि लिखा जाए। अपनी मातृ भाषा हिंदी पर गर्व करते हुए शहर के कई चिकित्सक हिंदी में पर्चा लिखने लगे हैं। विक्टोरिया अस्पताल के सिविल सर्जन डा. राजकुमार चौधरी ने कहा कि उन्होंने भी चिकित्सकों से हिंदी में दवा का पर्चा लिखने की अपील की है। आरएक्स की जगह श्री हरि लिखने के लिए कहा है। हिंदी में दवा का पर्चा व श्री हरि लिखने की व्यवस्था अस्पताल में जल्द लागू हो जाएगी।
डा. कोठारी ने ऐसे लिखा पर्चा-
जिला अस्पताल विक्टोरिया के अस्थि रोग विशेषज्ञ डा. नवीन कोठारी जिला कुष्ठ अधिकारी भी हैं। कुंडम से उपचार कराने पहुंचे 25 वर्षीय मरीज के पर्चे पर उन्होंने बीमारी के लक्षण हिंदी में लिखे। दाहिने हाथ में दर्द, कोहनी के नीचे सुन्नपन व संवेदनहीन दाग आदि लिखने के बाद उन्होंने कुष्ठ उन्मूलन में उपयोगी दवाओं का नाम हिंदी में लिखा। प्रतिमाह अस्पताल में जांच व दवा के लिए पहुंचने की सलाह तथा हाथ, पैर, आंखों के व्यायाम व देखभाल की सलाह भी उन्होंने हिंदी में लिखा। दवाएं लिखने के पूर्व आरएक्स की जगह उन्होंने श्री हरि लिखा। डा. कोठारी ने बताया कि हिंदी में दवाएं, लक्षण व जांच आदि लिखने से मरीज अपनी बीमारी व उपचार के बारे में ज्यादा जागरूक हो रहे हैं।