Home Blog Page 96

सुपर सैटरडे बनेगा खास, 4 टीमों के बीच होगी प्लेऑफ के लिए लड़ाई

0

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 15वें सीजन में आज यानी शनिवार 7 मई का दिन काफी खास है। सुपर सैटरडे पर चार टीमों के बीच भिड़ंत होने वाली है। चारों ही टीमें आईपीएल 2022 के प्लेऑफ की रेस में बनी हुई हैं और अभी तक सभी टीमों के पास प्लेऑफ में पहुंचने का मौका है, लेकिन शनिवार को होने वाले डबल हेडर के बाद कुछ टीमों के लिए आगे की राह कठिन हो जाएगी। शनिवार को दिन का पहला मुकाबला पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरे मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स के सामने कोलकाता नाइट राइडर्स की चुनौती होगी। ऐसे में जान लीजिए कि आप इन मैचों को कब और कहां लाइव देख सकते हैं।

IPL के 15वें सीजन का 52वां मैच पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच, जबकि 53वां मैच लखनऊ सुपर जाएंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाना है। पंजाब और राजस्थान के बीच मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में, जबकि लखनऊ बनाम कोलकाता मैच पुणे के एमसीए में आयोजित होगा। पहला मैच दोपहर साढ़े 3 बजे से शुरू होगा, जबकि, दूसरा मैच शाम को साढ़े 7 बजे शुरू होगा। पहले मैच का टॉस तीन बजे और दूसरे मैच का टॉस 7 बजे होगा।

इंदौर में बिल्डिंग में आग हादसे मे मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये आर्थिक सहायता देगी शिवराज सरकार

0

इंदौर। इंदौर की एक बिल्डिंग में लगी आग से सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना देर रात तीन बजे की बताई जाती है। रास्ता सकरा होने के चलते फायर ब्रिगेड और पुलिस को रेस्क्यू करने में भारी मशक्कत करना पड़ी, इसके बाद भी 9 लोगों को रेस्क्यू कर निकाला गया है, इन सब को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता देने का ऐलान करते हुए, हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।

रात करीब 3.10 बजे डायल 100 पर सूचना मिली थी कि विजय नगर स्थित स्वर्ण बाग कॉलोनी की एक बिल्डिंग में आग लग गई है। इस सूचना पर तत्काल फायर ब्रिगेड को रवाना किया गया। साथ ही पुलिस भी यहां पर पहुंची। रास्ता संकरा था, पुलिस और दमकले जब पहुंची तब बिल्डिंग के बाहर रखी गाड़ियों में आग लगी हुई थी। सबसे पहले गाड़ियों की आग पर काबू पाया गया। तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। इसके बाद आगे बढ़ने का रास्ता मिला। उस वक्त तक पूरी बिल्डिंग में काला धुंआ भरा गया था। अंदर मौजूद लोगों का धुंए से दम घुटने लगा। हालांकि इस बीच रेस्क्यू दल ने छत से पहुंचकर बिल्डिंग के अंदर जाने का प्रयास किया, लेकिन छत पर लोहे का दरवाजा था जो बिल्डिंग के अंदर से बंद था। इसके बाद इस दरवाजे को तोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान दूर से ही बिल्डिंग पर दमकलों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। रास्ता मिलने के बाद बिल्डिंग की आग पर काबू पाया गया। इसी बीच रेस्क्यू आपरेशन वाली टीम बिल्डिंग के अंदर पहुंची, जहां पर चारों ओर धुंआ ही धुंआ हो रहा था। धुंए के कारण कई लोग अचेत अवस्था में मिले। इन्हें रेस्क्यू कर बाहर लाया गया और एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। नौ लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। जबकि 7 लोगों की मौत हो गई। इसमें दो महिलाएं शामिल हैं। घटना में दो पहिया वाहन और कार भी जली हैं।

ग्राउंड फ्लोर पर गाड़ी  से आग की हुई थी शुरूआत
गाड़ियों की आग के कारण बिल्डिंग में धुंआ बहुत हो गया। इसके कारण कुछ लोगों की दम घुटने से भी इसमें मौत हुई है। इसमें पांच लोग घायल है।  बिल्डिंग में जब धुंआ ज्यादा हो गया तो विदिशा का रहने वाला मनोज सोलंकी जो बार में काम करता है वह दूसरी मंजिल से कूद गया था। उसे चोट ज्यादा लगी है। इसी तरह तुषार प्रजापति भी कूदा था, उसे भी चोट आई है। घायलों का इलाज सरकार करवा रही है।

प्रशासन ने दिखाई तत्परता
घटना की जानकारी लगते ही यहां पर पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्रा सहित पुलिस के सभी आला अफसर यहां पर पहुंच गए थे। वहीं कलेक्टर इंदौर मनीष सिंह सहित जिला प्रशासन का भी अमला यहां पर आ गया था। नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन ने आग पर काबू करने के लिए तत्परता दिखाई।

मकान मालिक पर केस दर्ज: कलेक्टर
कलेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि मकान मालिक के खिलाफ पुलिस आईपीसी की धारा 304 ए का मुकदमा दायर कर रही है। जांच में मुख्य बिंदु यह रहेगा कि आग किस कारण से लगी है। टैक्निकल टीम घटना स्थल पर जांच कर रही है कि आग लगने का कारण क्या रहा। कलेक्टर ने बताया कि घायलों का इलाज भी सरकार करवाएगी। कलेक्टर ने बताया कि इस कॉलोनी में अवैध निर्माण थे। जी प्लस 2 की यह बिल्डिंग थी। इसमें ग्राउंड फ्लोर के साथ ही पहली मंजिल और दूसरी मंजिल पर ही किरायेदार रह रहे थे।

जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील प्लांट में धमाके के बाद लगी भीषण आग

0

जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील प्लांट में जोरदार धमाके के साथ शनिवार को भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। धमाके के साथ गैस रिसाव की भी सूचना मिली। लेकिन कंपनी के कॉरपोरेट कम्युनिकेशन ने प्रेस रिलीज जारी गैस रिसाव की खबर से इनकार किया।

प्रेस रलीज में बताया गया है कि सुबह करीब 10:20 बजे जमशेदपुर वर्क्स स्थित कोक प्लांट के बैटरी 6 में फाउल गैस लाइन में धमाका हुआ इसमें दो लोग घायल हो गए। घायलों में टीएन कंस्ट्रक्शन में ठेका मजदूर के तौर पर काम कर रहे नरसिंह मुर्मु,39 साल को  ज्यादा चोट लगी। उसके पैर पर एक लोहे का टुकड़ा गिर गया। घायल का इलाज टाटा मेन हॉस्टपीटल में कराया जा रहा है। इसके साथ ही अन्य कर्मी को सीने में दर्द की शिकायत है। उसे टीएमएच में भेजा गया है।

टाटा की ओर से बताया गया है कि घायलों को अस्पताल भेजा गया। वहीं एम्बुलेंस की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। टाटा स्टील के साथ-साथ सरकार की ओर से भी जांच किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन घायलों के इलाज और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कहा है। कंपनी के इंजीनियरिंग सर्विसेज से जुड़े हरिप्रसाद ने बताया कि अचानक जोरदार आवाज हुई और आवाज के बाद सीने में दर्द होने लगा। घटना के समय मेसर्स एसजीबी कंपनी के कर्मी साहित्य कुमार भी वहां काम कर रहे थे। उन्होंने भी जोरदार आवाज की पुष्टि की।

ब्लास्ट के कुछ देर बाद उसी हिस्से में आग लग गई। कंपनी की सेफ्टी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दमकल की मदद से काफी मशक्कत के बाद पर आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर घायलों का इलाज कराने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा कि जिला प्रशासन और टाटा टाटा मैनेजमेंट मिलकर घायलों का इलाज का प्रबंध करें और किस वजह से क्या हादसा हुआ उसकी जांच कराई जाए।

मोची समाज के लोगों को दी जाएगी फुटवियर डिजाइनिंग ट्रेनिंग – मुख्यमंत्री

0

भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मोची समाज के लोगों को फुटवियर डिजाइनिंग की टेÑनिंग दिलाई जाएगी। क्रिस्प के जरिये यह टेÑनिंग दिलाकर उनके द्वारा तैयार उत्पादों को देश विदेश में भेजने का काम किया जाएगा। बुदनी क्षेत्र के मोची समाज के लोगों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मोची समाज के बच्चों की पढ़ाई के लिए किताबें, गणवेश और अन्य सुविधाएं सरकार देगी। संत रविदास की जयंती प्रदेश के हर पंचायत में उत्सव के साथ मनाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि मोची समाज के कारीगरों का एक समूह बनाकर उनके द्वारा तैयार उत्पादों की ब्रांडिंग कराई जाएगी। सबको मकान, अनाज, बीमार होने पर इलाज की सुविधा देने का काम भी सरकार कर रही है। संबल और लाडली लक्ष्मी योजना का भी फायदा मिल रहा है। जो लोग बचे हैं, उन्हें दोबारा सर्वे कर योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। सीएम चौहान इसके बाद बालाघाट जिले के किरनापुर जाकर वहां कार्यक्रम में शामिल होंगे और शाम को शंकराचार्य जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे।

प्रदेश में लागू करेंगे बुदनी मॉडल
सीएम चौहान ने कहा कि बुदनी के मोची समाज के लोगों द्वारा किए जाने वाले अभिनव प्रयोगों को वे पूरे प्रदेश में लागू करने का काम करेंगे। उन्होंने समाज के लोगों से कहा कि जो पैसा सरकार की सुविधाएं मुफ्त में मिलने से बचता है, उसका उपयोग दूसरे उद्योग धंधे की तकनीक समझने और कारोबार करने में करें। नई तकनीकों का इस्तेमाल करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की अलग-अलग योजनाओं का लाभ लें और समाज और खुद का जीवन स्तर बेहतर बनाने का काम करें। सीएम ने कहा कि वे मोची समाज के लोगों को जल्द ही बनारस भेजेंगे और काशी विश्वनाथ का दर्शन तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत कराएंगे।कार्यक्रम के दौरान मोची समाज की परेशानियों और अन्य दिक्कतों का प्रतिवेदन भी सीएम को सौंपा गया। इस कार्यक्रम में विदिशा सांसद रमाकांत भार्गव के अलावा सीहोर, विदिशा के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

पंजाब सरकार को बग्गा गिरफ्तारी से हाईकोर्ट का झटका

0

चंडीगढ़ : भाजपा नेता तजिंदर पाल बग्गा की गिरफ्तारी के मामले में पंजाब पुलिस को हरियाणा एवं पंजाब हाई कोर्ट से भी झटका लगा है। बग्गा को दिल्ली से गिरफ्तार करके ला रही पंजाब पुलिस की टीम को हरियाणा में रोका गया था और दिल्ली पुलिस की टीम ने कुरुक्षेत्र में आकर बग्गा को अपनी कस्टडी में ले लिया था। दिल्ली पुलिस की टीम बग्गा को लेकर राजधानी रवाना हो गई है। हरियाणा और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ पंजाब सरकार उच्च न्यायालय गई थी और बग्गा को हरियाणा में रोकने की ही मांग की थी। लेकिन उच्च न्यायालय ने ऐसा कोई आदेश देने से इनकार कर दिया। इस बीच दिल्ली पुलिस बग्गा को लेकर राजधानी के करीब पहुंच गई है।

वहीं दूसरी तरफ पंजाब पुलिस द्वारा भाजपा नेता तजिंद्र बग्गा की गिरफ्तारी करने के बाद मामला काफी गरमा गया है। बग्गा की गिरफ्तारी के बाद उनके पिता ने दिल्ली पुलिस में केस दर्ज करवाया है कि उनके बेटे बग्गा को पंजाब पुलिस किडनैप कर ले गई है। वहीं दूसरा आरोप उन्होंने अपने साथ हुई मारपीट का लगाया है। जिस पर दिल्ली पुलिस ने एक्शन में आते हुए पंजाब पुलिस के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पंजाब के एडवोकेट जनरल अनमोल रतन सिद्धू ने कहा था कि इस कार्रवाई में हरियाणा पुलिस का दखल कानून का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस ने कार्रवाई में दखल दिया और इससे पूरी प्रक्रिया में गैर-जरूरी देरी हुई। यही नहीं उन्होंने कोर्ट से मांग की थी कि वह दिल्ली पुलिस को आदेश दे कि वह बग्गा को लेकर हरियाणा की सीमा के पार न जाए। इस पर अदालत ने कोई भी आदेश देने से इनकार कर दिया। हालांकि हरियाणा सरकार से यह जरूर पूछा है कि वह बताए कि किस अधिकार से उसने पंजाब की टीम को रोका था।

अनिल विज बोले- पंजाब में कोई टॉर्चर हाउस बना है क्या

इस बीच हरियाणा के होम मिनिस्टर अनिव विज ने पंजाब पुलिस पर बग्गा को अगवा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘आज सुबह ही हमें दिल्ली पुलिस से जानकारी मिली थी कि तजिंदर पाल बग्गा को अगवा कर लिया गया है। बोलेरो गाड़ी से उन्हें अगवा कर ले जाया गया है। हमें बताया गया था कि उन्हें अवैध तरीके से ले जाया जा रहा है। हमें दिल्ली पुलिस की ओर से जो जानकारी मिली थी, उस पर ऐक्शन लेना हमारी मजबूरी थी। अब इस पूरे मामले की तफ्तीश दिल्ली पुलिस की ओर से की जाएगी। क्या आम आदमी पार्टी ने पंजाब में कोई टॉर्चर हाउस बना रखा है, जहां वह हर किसी को ले जाना चाहती है।’

15 मई से इन राशियों के शुरू होंगे अच्छे दिन, सूर्य की कृपा से चमकेगा भाग्य

0

ज्योतिष शास्त्र में सूर्यदेव का विशेष स्थान है। सूर्यदेव को ग्रहों का राजा कहा जाता है। सूर्य हर महीने राशि परिवर्तन करते हैं। ग्रहों के गोचर का सभी राशियों पर प्रभाव पड़ता है। 15 मई को सूर्य देव वृषभ राशि में प्रवेश करेंगे। सूर्य के गोचर का सभी राशियों पर असर पड़ने वाला है। हालांकि कुछ राशि वालों के लिए लाभदायक साबित होगा। सूर्य देव की कृपा से उनकी भाग्य चमक उठेगा। आइए जानते हैं किन राशियों के लिए यह राशि परिवर्तन शुभ रहेगा।

मिथुन राशि

मन प्रसन्न रहेगा। नौकरी में अधिकारियों का सहयोग मिलेगा। माता के सहयोग से कार्य पूरे होंगे। नए लोगों से संपर्क बनेगा, जो भविष्य में लाभदायक रहेगा। वाहन सुख संभव है। शेयर बाजार में निवेश से लाभ होगा। पड़ोसियों की मदद करनी पड़ सकती है।

कर्क राशि

सोचे कार्य समय पर पूरे होंगे। कार्यस्थल पर अलग पहचान स्थापित होगी। आपकी कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। जीवनशैली में आए परिवर्तन से मन प्रसन्न रहेगा। धन के नए स्नोत स्थापित होंगे। पारिवारिक सौहार्द्र बना रहेगा। प्रेम संबंध में सफलता मिलेगी।

कन्या राशि

आर्थिक व व्यापारिक रूप से लाभदायक यात्राएं संभव है। अच्छा मुनाफा कमा सकता है। सभी गतिविधियों में चमकेंगे और भाग्य आपका समर्थन करेगा। नौकरीपेशा जातकों के लिए विशेष कार्य सफलता दिला सकता है। विदेश यात्रा के योग संभव है।

मकर राशि

आपसी विश्वास के सहारे पारिवारिक रिश्तों में मजबूती आएगी। आपकी इनकम अच्छी रहेगी। किसी सम्मानीय व्यक्ति से मुलाकात संभव है। धन लाभ के नए रास्ते नजर आएंगे। किसी कार्य के पूरे होने से गर्व महसूस करेंगे। अटकी योजना फिर से शुरू होंगी।

इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग बिजली कंपनी के लिए नई चुनौती

0

बिजली की बढ़ती मांग के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग किसी चुनौती से कम नहीं है। ऊर्जा सचिव संजय दुबे ने मंथन-2022 में वितरण कंपनियों के तकनीकी सत्र में कहा कि लंबे वक्त वाहनों की चार्जिंग से बिजली की मांग बढ़ी है। यह वितरण कंपनी के लिए चुनौती है। इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग में विद्युत अनियमितता के प्रकरण सामने आ रहे हैं, जिन्हें विद्युत वितरण कंपनियों के मैदानी अभियंताओं को नजर रखनी होगी। उन्होंने नए मीटर कनेक्शन बिना देरी सात दिन के भीतर देने के निर्देश दिए।

मंथन का दूसरा दिन

मंथन के दूसरे दिन तरंग प्रेक्षागृह में मध्य प्रदेश के प्रमुख सचिव ऊर्जा संजय दुबे ने अपने प्रजेंटेशन में ज्यादा सकल तकनीकी व वाणिज्यिक हानि, वार्षिक राजस्व आवश्यकता व राजस्व प्राप्तियों में अंतर, सब्सिडी पर ज्यादा निर्भरता, मिश्रित फीडर, इनर्जी अकाउंटिंग, बिजली चोरी, हुकिंग, मीटरों से छेड़छाड़ और ओवरलोड इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे मुद्दों को विद्युत वितरण कंपनियों बड़ी समस्या बताया। इस दौरान प्रदेश की तीनों विद्युत वितरण कंपनियों की सफलताओं, चुनौतियों और भविष्य की कार्य योजनाओं पर उनके प्रबंध संचालकों व अभियंताओं द्वारा विस्तार से संवाद किया गया।

लक्ष्य निर्धारित करने का प्रजेंटेशन

ऊर्जा सचिव व एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक विवेक पोरवाल ने वितरण कंपनियों के लक्ष्य निर्धारित करने का प्रजेंटेशन दिया। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक अनय द्विवेदी, पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक अमित तोमर, आनलाइन जुड़े मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक गणेश शंकर मिश्रा, इंडिया स्मार्ट ग्रिड फोरम के अध्यक्ष रेजी पिल्लई, इजाय साफ्ट के अलफ्रेड मनोहर और तीनों विद्युत वितरण कंपनियों के एक-एक अधीक्षण अभियंता ने अपने अनुभव साझा किए।

स्मार्ट मीटर और डीबीटी से सुलझेंगी डिस्ट्रीब्यूशन की समस्याएं

प्रमुख सचिव ने कहा कि स्मार्ट मीटर और डीबीटी (सब्सिडी का डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर) होने से प्रदेश के डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर की समस्याएं काफी हद तक सुलझेंगी। उन्होंने प्रदर्शन आधारित फंडिंग, प्रीपेड मीटरिंग, विद्युत आधारित घरेलू उपकरणों का ज्यादा उपयोग व किसानों द्वारा तीसरी फसल लेने को विद्युत कंपनियों के लिए आने वाले दिनों और अधिक दिक्कत आने की संभावना जाहिर की। वितरण कंपनियों से उन्होंने ओवरलोडेड व खराब ट्रांसफार्मरों को तुरंत बदलने और उनके स्थान पर उधा क्षमता के ट्रांसफार्मर स्थापित करने को कहा। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन व कालसेंटर की शिकायतों का त्वरित समाधान जरूरी है।

स्मार्ट ग्रिड और स्मार्ट मीटर का उपयोग हो

इंडिया स्मार्ट ग्रिड फोरम के अध्यक्ष रेजी पिल्लई ने कहा कि ओडिशा की तरह सभी प्रकार की हानियों को नियंत्रित कर के विद्युत वितरण कंपनियां लाभ में आ सकती हैं। वर्तमान समय की मांग है कि नई तकनीक जैसे स्मार्ट ग्रिड व स्मार्ट मीटर का उपयोग किया जाए। अलफ्रेड मनोहर ने मीटरिंग व बिलिंग पर प्रजेंटेशन दिया। कटनी के अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा, मध्यक्षेत्र कंपनी के महाप्रबंधक आरएनएस ठाकुर और पश्चिम क्षेत्र कंपनी के अधीक्षण अभियंता अनिल नेगी ने मैदानी क्षेत्र के अपने अनुभवों से मंथन के प्रतिभागियों को अवगत कराया।

CSK मैच के दौरान स्टैंड में लड़की ने RCB फैन को किया प्रपोज

0

CSK के 11वें ओवर के दौरान कुछ ऐसा हुआ कि कवरेज कर रहे कैमरामैन की नजरें उस दृश्‍य पर टिक गई। दर्शकों को भी यह बहुत पसंद आया। हुआ यह था कि स्टैंड में एक लड़की घुटनों के बल बैठ गई और उसने अपने बॉयफ्रेंड को एक अंगूठी के साथ प्रपोज कर दिया, जो कि RCB का प्रशंसक था। अब यह सोशल मीडिया पर बहुत वीडियो वायरल हो रहा है।

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की भिड़ंत मैदान पर हमेशा एक्शन से भरी रहती है। फाफ डु प्लेसिस की अगुवाई वाली आरसीबी ने बुधवार (5 मई) को पुणे के एमसीए स्टेडियम में गत आईपीएल चैंपियन सीएसके को 13 रन से हरा दिया।

लेकिन मैदान के बाहर और पुणे में स्टैंड पर भी काफी एक्शन देखने को मिला। CSK के 11वें ओवर के दौरान, स्टैंड में एक लड़की घुटनों के बल बैठ गई और उसने अपने प्रेमी को एक अंगूठी के साथ प्रस्ताव दिया, जो कि RCB का प्रशंसक था।

लड़के ने प्रपोजल को स्वीकार करने में कोई समय बर्बाद नहीं किया और तुरंत अंगूठी पहन ली। लड़की के प्रपोजल का वीडियो जल्द ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सीएसके के सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे ने आरसीबी के लेग स्पिनर वानिंदु हसरंगा के उसी ओवर में छक्का लगाकर इस प्रस्ताव का जश्न मनाया।

इस बीच, आरसीबी के विजेता कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने कहा कि उनकी टीम को लगातार तीन हार के बाद इस जीत की जरूरत थी। उन्होंने कहा, हमें निश्चित रूप से इसकी आवश्यकता थी। हमने अच्छा कुल स्कोर किया। हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। हम गेंदबाजी में बहुत अच्छे हैं। मैंने सोचा था कि 165 प्राप्त करना अच्छा होगा। फील्डिंग कमाल की थी। वास्तव में कुछ बेहतरीन कैचिंग और अच्छी गेंदबाजी थी।

उन्होंने कहा कि उनकी टीम को ‘बल्लेबाजी विभाग में सुधार करते रहना’ होगा। “हम चाहते हैं कि शीर्ष चार में से एक बल्लेबाजी करे। आरसीबी के हर्षल पटेल को 35 रन पर तीन विकेट के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि पहले ओवर में, धीमी गेंदों को मैंने विकेट में डालने की कोशिश की, लेकिन यह बल्ले पर तैरने लगा। मैं अपनी अनुक्रमण में सुधार करने की कोशिश कर रहा हूं। इस जीत के साथ आरसीबी ओवरऑल स्टैंडिंग में चौथे स्थान पर पहुंच गई है।

बॉबी देओल ने गरीब बच्‍चो पर दिल खोलकर अपना प्यार लुटाया

0

बॉलीवुड एक्टर बॉबी देओल (Bobby Deol) एक ऐसे एक्टर हैं, जिनका फिल्मी करियर इतना शानदार नहीं रहा, जितनी धूम उन्होंने ओटीटी की दुनिया में मचाई. बाबा निराला  बनकर बॉबी देओल ने जनता को खूब लुभाया है. ‘आश्रम’ वेब सीरीज का हिस्सा बनने के बाद एक्टर की फैन फॉलोइंग में काफी इजाफा हुआ है. हाल ही में एक्टर को अपने कजन अभय देओल (Abhay Deol) के साथ स्पॉट किया गया. एक्टर को जैसे ही कुछ गरीब बच्चों ने देखा, उन्हें घेर लिया और फिर कुछ ऐसा हुआ कि लोग एक्टर की तारीफ करने लगे.

पसंद आ रहा बॉबी का अंदाज

बॉबी देओल (Bobby Deol) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर हाल ही में सामने आया. इस वीडियो में एक्टर का मस्तीभरा अंदाज देखने को मिला. बॉबी देओल हाल ही में अपने कजन अभय के साथ स्पाट हुए, इस दौरान एक्टर को देखते ही कुछ गरीब बच्चे भागते हुए आए और उन्हें गले लगाने लगे. अभय ने भी दिल खोलकर अपना प्यार लुटाया. इन बच्चों ने एक-एककर इन बच्चों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं. फैंस को अभय का ये अंदाज खूब भा रहा है.

‘आश्रम’ ने दिलाया भरपूर प्यार

आपको बता दें,  ‘आश्रम’ (Aashram) के बाद बॉबी (Bobby Deol) ओटीटी पर सबसे पॉपुलर एक्टर्स में से एक बन चुके हैं. एक इंटरव्यू में बॉबी ने कहा था, ‘ईमानदारी से बताऊं तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि आश्रम इतनी सफल हो जाएगी क्योंकि मैं इसमें बेहद निगेटिव रोल पहली बार निभा रहा था. मुझे अहसास ही नहीं था कि निगेटिव किरदारों को भी ऐसा पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल सकता है. आपको नहीं पता लोग आपसे कितना प्यार करते हैं और वह बाबा से कितना प्यार करते हैं. मैं ऐसे लोगों से मिला हूं जिन्होंने खूब तारीफ की है.’

कब होगी रिलीज ‘आश्रम 3’

‘आश्रम 3’ (Aashram 3) कब रिलीज होने वाली है इस बारे में बॉबी (Bobby Deol) ने कहा कि नया सीजन जो आ रहा है वह सीजन 3 नहीं बल्कि सीजन 2 ही होगा क्योंकि पिछले दोनों सीजन एक ही सीजन के चैप्टर्स थे. उन्होंने बताया, ‘आश्रम के पहले सीजन में चैप्टर 1 और 2 थे. इसलिए जो आने वाला है वह सीजन 2 है. कोरोना वायरस के कारण इसकी शूटिंग लेट हो गई थी. मुझे इसके रिलीज होने की सही डेट तो नहीं पता लेकिन मुझे लगता है कि इसे इस साल के बीच में आ जाना चाहिए.’

16 मई को नेपाल की यात्रा पर जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी

0

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी 16 मई को संक्षिप्त यात्रा के लिए नेपाल की यात्रा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी अपने नेपाली समकक्ष शेर बहादुर देउबा के निमंत्रण पर गौतम बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी जाने वाले हैं। उनकी घंटे भर की यात्रा बुद्ध पूर्णिमा, भगवान बुद्ध की जयंती के अवसर पर होगी। प्रधानमंत्री देउबा का भी अपने भारतीय समकक्ष के साथ कार्यक्रम में भाग लेने का कार्यक्रम है। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार 2019 में फिर से चुने जाने के बाद पीएम मोदी की यह पहली नेपाल यात्रा होगी। जुलाई 2021 में पांचवीं बार प्रधानमंत्री बनने के बाद देउबा अपनी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा पर पिछले महीने दिल्ली में थे। यात्रा के दौरान देउबा ने मोदी के साथ सीमा मुद्दे सहित कई प्रमुख मुद्दों पर बातचीत की। इसका उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को नई गति प्रदान करना था। देउबा के भी 16 मई के समारोहों में भाग लेने की उम्मीद है, जो 2020 में महामारी फैलने के बाद से मनाए जाने वाले पहले वर्ष बुद्ध पूर्णिमा के लिए नियोजित एक विशेष तीन दिवसीय कार्यक्रम का एक हिस्सा हैं।

भारत से 1,850 किमी से अधिक की सीमा साझा

नेपाल पांच भारतीय राज्यों – सिक्किम, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के साथ 1,850 किमी से अधिक की सीमा साझा करता है। हिमालयी राष्ट्र वस्तुओं और सेवाओं के परिवहन के लिए भारत पर बहुत अधिक निर्भर करता है।

पेरिस के लिए रवाना हुए मोदी

इस बीच पीएम मोदी तीन देशों की अपनी यात्रा के अंतिम चरण के लिए पेरिस के लिए रवाना हो गए। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, “कार्यक्रमों में राजनयिक बैठकों, सांस्कृतिक और वाणिज्यिक संबंधों को बढ़ावा देने और भारतीय समुदाय के साथ जुड़ाव से लेकर विभिन्न क्षेत्रों को शामिल किया गया। मैं डेनमार्क की सरकार और लोगों को धन्यवाद देता हूं।” उन्होंने कहा कि भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन ने नॉर्डिक देशों के साथ संबंधों को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए एक महान मंच दिया। उन्होंने कहा, “नॉर्डिक नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी उपयोगी रहीं। मैं समृद्धि को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में उनके साथ काम करने को लेकर आशान्वित हूं।” पेरिस की यह यात्रा फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के फिर से चुने जाने के कुछ दिनों बाद हो रही है। इससे पहले, पीएम मोदी ने कहा था कि यह यात्रा न केवल उन्हें मैक्रों को बधाई देने की अनुमति देगी बल्कि दोनों देशों के बीच घनिष्ठ मित्रता की भी पुष्टि करेगी।