Home Blog Page 65

भोपाल-इंदौर में भाजपा तो ग्वालियर-जबलपुर में कांग्रेस के महापौर

0

मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में भाजपा ने बढ़त बनाई। भोपाल में मालती राय और इंदौर में पुष्यमित्र भार्गव निणार्यक बढ़त बना चुके हैं। वहीं, खंडवा, बुरहानपुर, सागर और सतना में भाजपा प्रत्याशी विजयी रहे हैं। कांग्रेस ने ग्वालियर और जबलपुर में निर्णायक बढ़त बना ली है। छिंदवाड़ा में पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ अपना वर्चस्व बरकरार रखने में सफल रहे हैं। यहां महापौर पद पर पार्टी के विक्रम अहाके ने जीत दर्ज की है। सिंगरौली में आम आदमी पार्टी (आप) की महापौर प्रत्याशी रानी अग्रवाल विजयी रही हैं। उल्लेखनीय है कि इसके पहले सभी नगर निगमों में भाजपा के महापौर थे।

पहले चरण में 11 नगर निगम, 36 नगर पालिका और 86 नगर परिषद के चुनाव कराए गए थे। सुबह नौ बजे डाक मतपत्रों की गणना से मतगणना प्रारंभ हुई। एक घंटे बाद इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में दर्ज मतों की गणना भी साथ-साथ की गई। सबसे पहले अधिकृत परिणाम बुरहानपुर से आया। यहां भाजपा की महापौर प्रत्याशी माधुरी पटेल ने कांग्रेस की शहनाज अंसारी को कड़े मुकाबले में पराजित किया।

सतना में योगेश ताम्रकार ने कांग्रेस के सिद्धार्थ कुशवाहा को करारी शिकस्त दी। यहां कांग्रेस के बागी सईद अहमद ने 26 हजार 151 मत लेकर पार्टी प्रत्याशी को काफी नुकसान पहुंचाया। खंडवा में भाजपा की अमृता यादव ने कांग्रेस की आशा मिश्रा को पराजित किया। सागर में भाजपा की संगीता तिवारी ने कांग्रेस की निधि जैन को हराया। उज्जैन में कांग्रेस के महेश परमार की आपत्ति के बाद पुनर्गणना कराई जा रही है।

ग्वालियर में कांग्रेस विधायक डा.सतीश सिकरवार की पत्नी शोभा सिकरवार निर्णायक बढ़त ले चुकी हैं। यहां भाजपा ने सुमन शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, ज्योदिरादित्य सिंधिया, पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया सहित अन्य नेताओं ने जमकर प्रचार किया था। इसी तरह जबलपुर में कांग्रेस के जगत बहादुर सिंह ‘अन्न्ू” भी निर्णायक बढ़त बना चुके हैं। भाजपा ने डा.जितेन्द्र जामदार को मैदान में उतारा है। इंदौर में भाजपा के पुष्यमित्र भार्गव ने एक लाख से अधिक मतों से बढ़त बना ली है। यहां कांग्रेस ने संजय शुक्ला को प्रत्याशी बनाया था। उन्होंने कई लुभावनी घोषणाएं भी की थीं लेकिन मतदाताओं ने भार्गव पर ही भरोसा जताया।

आप का मध्य प्रदेश में प्रवेश

नगरीय निकाय चुनाव के माध्यम से आम आदमी पार्टी का मध्य प्रदेश में प्रवेश हो गया। भाजपा छोड़कर आप में शामिल हुईं रानी अग्रवाल को पार्टी ने महापौर प्रत्याशी बनाया था। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उनके पक्ष रोड शो किया था। उन्होंने भाजपा के चंद्रप्रताप विश्वकर्मा को पराजित किया है।

नगर निगम- विजयी (प्राप्त मत)-निकटतम प्रतिद्वंद्वी (प्राप्त मत)- जीत का अंतर

भोपाल- मालती राय (भाजपा)- विभा पटेल (कांग्रेस)

इंदौर- पुष्यमित्र भार्गव (भाजपा)- संजय शुक्ला (कांग्रेस)

ग्वालियर- शोभा सिकरवार (कांग्रेस)- सुमन शर्मा (भाजपा)

जबलपुर- जगत बहादुर सिंह अन्न्ू (कांग्रेस)- डा.जितेन्द्र जामदार (भाजपा)

उज्जैन- मुकेश टटवाल (भाजपा)-महेश परमार (कांग्रेस)

सागर- संगीता तिवारी (भाजपा) 70653- निधि जैन (कांग्रेस) 57939- 12,714

सिंगरौली-रानी अग्रवाल (आप)34,585- चंद्रप्रताप विश्वकर्मा (भाजपा) 25,233-9,352

छिंदवाड़ा- विक्रम अहाके (कांग्रेस)64,363- अनंत कुमार धुर्वे (भाजपा)60,577-3,786

सतना- योगेश ताम्रकार (भाजपा) 63292- सिद्धार्थ कुशवाहा (कांग्रेस) 38376-24,916

खंडवा- अमृता यादव (भाजपा) 51925- आशा मिश्रा (कांग्रेस) 32160- 19765

बुरहानपुर- माधुरी पटेल (भाजपा) 52823- शहनाज अंंसारी (कांग्रेस) 52281-542

इंग्लैंड ने भारत को दिया 260 रनों का लक्ष्य

0

भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर (Manchester) में आज सीरीज का तीसरा वनडे खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लिश टीम ने 45.5 ओवरों में सभी विकेट खोकर 259 रन बनाये। इंग्लैंड की ओर से जॉस बटलर ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाये। उनके अलावा सिर्फ जेसन रॉय खुल कर बल्लेबाजी कर सके। जेसन ने 41 रनों का योगदान दिया। टीम इंडिया की ओर से मोहम्मद सिराज ने शुरुआत में ही 2 विकेट लेकर इंग्लैंड को बड़ा झटका दिया। इसके बाद हार्दिक पांड्या ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मध्य क्रम के 4 विकेट ले लिए। युजवेन्द्र चहल ने भी 3 विकेट लेकर ब्रिटिश खिलाड़ियों को पिच पर जमने नहीं दिया।

आंकड़ों में देखा जाए, तो मैनचेस्टर में भारत का रिकॉर्ड अच्छा नहीं है, लेकिन इस सीरीज को जीतने के लिए टीम इंडिया पूरे जोश से उतरेगी। 3 वनडे की सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर है। ऐसे में आज जो भी टीम जीतेगी सीरीज उसके नाम होगी। पहले वनडे में भारत ने एकतरफ़ा जीत की तो दूसरे वनडे में वापसी करते हुए मेज़बान इंग्लैंड ने उसी अंदाज़ में जीत दर्ज कर सीरीज़ बराबर कर दिया था।

यह वनडे न केवल इस वनडे सीरीज का निर्णायक है बल्कि पूरे दौरे 2022 का भी निर्णायक मैच है। अगर मैदान की परिस्थितियों की बात करें, तो ओल्ड ट्रैफ़र्ड का ये मैदान बल्लेबाज़ों के लिए राहत भरा माना जाता है। यहां हाल के दिनों में बड़े स्कोर बने हैं। वहीं मौसम विभाग ने भी आसमान साफ रहने और तापमान के अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना जताई है।

आर माधवन के बेटे वेदांत ने स्विमिंग में तोड़ा नेशनल जूनियर रिकॉर्ड

0

सेलिब्रिटीज के बच्चे जहां अपने पैरेंट्स के नक्शे कदम पर चलते हुए आमतौर पर फिल्म इंडस्ट्री में ही कदम रखते हैं। वहीं आर माधवन के बेटे वेदांत माधवन ने ग्लैमर जगत से दूर स्विमिंग के क्षेत्र में करियर बनाने का फैसला किया। वेदांत कई प्रतियोगिताओं में मेडल जीत चुके हैं। माधवन अपने सोशल मीडिया पेज पर फैन्स और फॉलोवर्स के साथ बेटे के बारे में कुछ ना कुछ साझा करते रहते हैं। अब वेदांत ने राष्ट्रीय जूनियर रिकॉर्ड अपने नाम किया है। माधवन बेटे की इस उपलब्धि पर बेहद खुश हैं।

बेटे का वीडियो किया शेयर

आर माधवन ने स्विमिंग प्रतियोगिता का एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वेदांत ने हिस्सा लिया है। वेदांत ने राष्ट्रीय जूनियर रिकॉर्ड 1500 मीटर फ्रीस्टाइल का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। माधवन ने बेटे का वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘कभी भी कभी नहीं मत कहिए। राष्ट्रीय जूनियर रिकॉर्ड 1500 मीटर फ्रीस्टाइल का रिकॉर्ड तोड़ा।’ माधवन ने अपने ट्वीट में वेदांत को टैग किया है।

यूजर्स ने दी बधाइयां

बेटे की इस उपलब्धि पर फैन्स माधवन को बधाइयां दे रहे हैं। एक फैन ने कहा, ‘वेदांत को बधाई। परिवार के लिए सेलिब्रेशन का मौका।’ एक यूजर कहते हैं, ‘वो पैरेंट्स खुशनसीब हैं जिन्हें उनके बच्चों की वजह से जाना जाता है। आप कमाल के पैरेंट हैं।’ एक अन्य ने लिखा, ‘उम्मीद है आपके जैसे और पैरेंट्स मिले, खासकर फिल्म इंडस्ट्री से।’

जीता था गोल्ड मेडल

इसी साल अप्रैल में वेदांत माधवन ने डेनिश ओपन में 800 मीटर फ्रीस्टाइल में स्वर्ण पदक जीता था। माधवन ने ट्वीट कर लिखा, ‘और इसलिए आज भी जीत का सिलसिला जारी है…वेदांत माधवन ने डेनमार्क ओपन में स्वर्ण पदक जीता। प्रदीप सर (कोच), स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया आप सभी के निरंतर आशीर्वाद के लिए धन्यवाद।’

उद्धव कांग्रेस और एनसीपी का साथ नहीं छोड़ना चाहते है, उपराष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के साथ

0

राष्ट्रपति चुनाव में भले ही उद्धव ठाकरे के गुट ने द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का फैसला कर लिया हो लेकिन उपराष्ट्रपति के लिए होने वाले चुनाव में वे विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा का समर्थन करेंगे। एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार के आवास पर बैठक में भाग लेने के बाद संजय राउत ने कहा कि वह अल्वा का समर्थन करेंगे। बता दें कि भाजपा की मदद से एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र में सरकार बना ली है और उद्धव ठाकरे को सत्ता से बाहर कर दिया है। इसके बावजूद एनडीए के उम्मीदवार को समर्थन देने के ऐलान के बाद कांग्रेस और एनसीपी उद्धव गुट से खुश नजर नहीं आ रही थी।

संजय राउत ने कहा कि उपराष्ट्रपति के चुनाव में विपक्षी एकता बनी हुई है। उन्होंने कहा, ‘द्रौपदी मुर्मू एक आदिवासी महिला हैं और देश में आदिवासियों के लिए लोगों के मन में संवेदना है। हमारे बहुत सारे विधायक और सांसद भी आदिवासी समुदाय से हैं। इसीलिए हमने उनका समर्थन करने का ऐलान किया है। हालांकि यहां हम मार्गरेट अल्वा का समर्थन करेंगे।’

राज्यसभा में शिवसेना के सांसद राउत ने पहले भी कहा था कि मुर्मू का समर्थन करने का मतलब यह नहीं है कि वे भाजपा का समर्थन कर रहे हैं। बता दें कि भाजपा के साथ दशकों का गठबंधन तोड़कर शिवसेना ने एनसीपी और कांग्रेस के साथ मिलकर महाविकास अघाड़ी की सरकार बनाई थी। पिछले महीने विधायकों की बगावत के बाद उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका लगा औऱ उनकी सरकार गिर गई। एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बन गए। अब उद्धव ठाकरे किसी तरह अपनी पार्टी बचाने में जुटे हुए हैं।

एनडीए ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ को अपना उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है। विपक्ष की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए शरद पवार ने कहा, 17 पार्टियां इस फैसले से सहमत  हैं। इसके अलावा आम आदमी पार्टी और टीएमसी भी अल्वा को समर्थन देगी। बता दें कि 80 वर्षीय अल्वा उत्तराखंड. राजस्थान, गोवा और गुजरात की राज्यपाल रह चुकी हैं। कांग्रेस सांसद  रहते हुए वह सरकार में चार बार राज्यमंत्री रहीं।

शिवराज ने सेमीफाइनल में दिखाया दम, सिंधिया के गढ़ में BJP को बड़ा झटका

0

मध्य प्रदेश में अगले साल होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले नगरीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ी जीत हासिल की है। मध्य प्रदेश की सत्ता का सेमीफानल कहे जाने वाले शहरी निकाय चुनावों में अधिकतर सीटों पर कमल खिल गया है। जिन 11 नगर निगम में रविवार को काउंटिंग हुई, उनमें भाजपा ने चार सीटों पर जीत हासिल कर ली है तो 3 पर उसके मेयर प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। कांग्रेस ने 2 नगर निगम में महापौर का पद हासिल किया तो एक में बढ़त हासिल है।

भाजपा ने राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, सतना, बुरहानपुर, खंडवा और सागर में परचम लहराया है। भाजपा को छिंदवाड़ा और जबलपुर में कांग्रेस से मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है तो सिंगरौली में आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा और कांग्रेस दोनों को झटका देकर मेयर पद के साथ ही यहां की अधिकतर वार्ड पर कब्जा कर लिया है। हालांकि, बीजेपी को सबसे बड़ा झटका केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ में लगा है, जहां भाजपा की मेयर प्रत्याशी लगातार पीछे चल रही हैं।

कमलनाथ ने बचाई नाक
कांग्रेस पार्टी दावे के मुताबिक, नगरीय निकाय चुनाव में अच्छा प्रदर्शन तो नहीं कर पाई, लेकिन पिछले चुनाव के मुकाबले उसने अपने प्रदर्शन में कुछ सुधार जरूर किया है। कांग्रेस ने जबलपुर और छिंदवाड़ा में मेयर पद हासिल कर लिया है। शुरुआती रुझानों में कांग्रेस छिंदवाड़ा में पिछड़ गई थी लेकिन कमलनाथ के गढ़ में पार्टी ने वापसी करते हुए जीत दर्ज की। ग्वालियर में भी कांग्रेस जीत की ओर बढ़ रही है। पिछले चुनाव में भाजपा ने सभी 16 नगर निगम में कब्जा किया था।

केजरीवाल के लिए भी खुशखबरी
चुनावी नतीजों में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के लिए भी बड़ी खुशखबरी है। दिल्ली और पंजाब की सत्ताधारी पार्टी ने नगरीय निकाय चुनाव में धमाकेदार एंट्री मारी है। पार्टी उम्मीदवार रानी अग्रवाल ने सिंगरौली में जीत हासिल की है। सिंगरौली में अधिकतर वार्ड पर भी आप ने कब्जा जमाया है। इसके अलावा उसदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ने भी प्रदेश में कुछ वार्डों पर जीत हासिल की है तो कई सीटों पर कांग्रेस की हार में अहम भूमिका निभाई है।

जीत के साथ जिम्मेदारी बढ़ी: विष्णुदत्त शर्मा

नगरीय निकाय चुनाव परिणाम पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत की वजह से पार्टी को नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषद में ऐतिहासिक जीत मिली है। सभी कार्यकर्ताओं के साथ मैं मतदाता भाई-बहनों का भी धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि जीत के साथ हमारी जिम्मेदारी बढ़ गई है। हम सभी मिलकर जनता के प्रति ज्यादा जवाबदेह बनकर काम करेंगे। यह जीत माननीय प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री की गरीब कल्याण की योजनाओं का परिणाम है। यह जीत संगठन तंत्र की मजबूती, कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और हमारे नेतृत्व के प्रति जनता के विश्वास का आधार है।

ज्‍लद शुरू होगा ‘झलक दिखला जा’ सीजन

0

झलक दिखला जा 10 कब से शुरू हो रहा है ये सवाल हर दर्शक के जेहन में है। पूरे 5 साल के बाद छोटे पर्दे पर वापसी करने जा रहे इस रियलिटी टीवी शो का फैंस को बेसब्री से इंतजार है। रियलिटी टीवी शो ‘झलक दिखला जा सीजन 10’ में सेलेब्रिटीज के बीच डांस कॉम्पटीशन होता है और इस बार टीवी की दुनिया के कई मशहूर सितारे इस शो का हिस्सा बनने जा रहे हैं। तो चलिए जानते हैं कंटेस्टेंट लिस्ट से लेकर शो की टाइमिंग तक सब कुछ।

मेकर्स चाहते थे कि इस बार काजोल शो में बतौर जज एंट्री करें और दर्शकों को करण जौहर और काजोल की जोड़ी शो को जज करती नजर आए। लेकिन कुछ कारणों के चलते काजोल ने शो करने से मना कर दिया जिसके बाद मेकर्स फिर एक बार मशहूर एक्ट्रेस और डांसर माधुरी दीक्षित को शो में वापस ले आए हैं। तो इस बार आपको माधुरी दीक्षित, करण जौहर और नोरा फतेही शो में नजर आएंगी।

Jhalak Dikhhla Jaa Season 10 Start Date
इस मशहूर डांस रियलिटी शो का इंतजार लाखों दर्शकों को है। शो सितंबर से शुरू होने जा रहा है। अब तक उपलब्ध जानकारी के मुताबिक ये मशहूर टीवी शो 2 सितंबर से टीवी पर प्रसारित होने लगेगा। हालांकि खबर ये भी है कि फाइनल डेट को लेकर मेकर्स में काफी कनफ्यूजन रहा है लेकिन फिर 2 सितंबर की तारीख फाइनल की गई है।

मध्य प्रदेश में 133 नगरीय निकायों में आज फैसले की घड़ी

0

मध्य प्रदेश में 133 नगरीय निकायों के चुनाव परिणाम आज आएंगे। सुबह नौ बजे डाक मतपत्रों के साथ गिनती शुरू होगी। उम्मीद है कि दोपहर तक सारे नतीजे आ जाएंगे। जिन 11 नगर निगमों में महापौर के चुनाव हो रहे हैं, उनमें जरूर थोड़ा वक्त लग सकता है। करीब साढ़े नौ बजे से ईवीएम से पर्चियां निकाली जाएंगी।

नगरीय निकाय निर्वाचन-2022 में प्रथम चरण में छह जुलाई को जिन 44 जिलों के 133 नगरीय निकायों में मतदान हुआ था, वहां मतगणना 17 जुलाई को सुबह 9 बजे से शुरू होगी। उसके साथ ही परिणाम घोषित होते जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह के मुताबिक मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 17 जुलाई को 11 नगर पालिक निगम, 36 नगर पालिका परिषद और 86 नगर परिषद में मतगणना होगी। नगरीय निकायों में मतदान ईवीएम से हुआ था। द्वितीय चरण में 13 जुलाई को जिन 214 नगरीय निकायों में मतदान हुआ था, वहां 20 जुलाई को सुबह 9 बजे से मतगणना होगी।

11 नगर निगम
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, खंडवा, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, उज्जैन, सागर, सिंगरौली और सतना के नगर निगमों के लिए मतगणना होगी।

36 नगर पालिका परिषद
राजगढ़, ब्यावरा, सीहोर, विदिशा, गंजबासौदा, डबरा, गुना, अशोकनगर, दतिया, पनागर, सिहोरा, अमरवाड़ा, सिवनी, वारासिवनी, नरसिंहपुर, करेली, गोटेगांव, गाडरवारा, बड़नगर, नीमच, शाजापुर, मंदसौर, मकरोनिया बुजुर्ग, रहली, छतरपुर, दमोह, पन्ना, इटारसी, बैतूल, आमला, हरदा, उमरिया, लहार, श्योपुर, पोरसा और अंबाह में भी मतगणना होगी।

86 नगर परिषद
खुजनेर, सुठालिया, सिलवानी, बाड़ी, बरेली, बेटमा, देपालपुर, गौतमपुरा, हातोद, महुगांव, मानपुरा, राउ, सांवेर, बदनावर, शाहपुर, आंतरी, भितरवार, बिलौआ, पिछोर, मोहना, बदरवास, खनियाधाना, रन्नौद, शाढौरा, बड़ौनीखुर्द, बरेला, भेड़ाघाट, बरघाट, तेंदूखेड़ा, साईखेड़ा, चिचली, सालीचौका, विजयराघवगढ़, कैमोर, जीरन, आलोट, ताल, मक्सी, बडोद, नगरी, बागली, करनावद, हाटपिपल्या, कन्नौद, सतवास,  लोहारदा, काटाफोड़, खातेगांव,  नेमावर,  शाहपुर, बिलहरा, सुरखी, खजुराहों, राजनगर, हरपालपुर, पथरिया, हिंडोरिया, बल्देवगढ़, खरगापुर, निवाड़ी, तरीचरकला, ओरछा, ककरहटी, अजयगढ़, देवेन्द्रनगर, हनुमना, मउगंज, नईगढ़ी, चित्रकुट, उचेहरा, जैतवारा, कोठी, बिरसिंहपुर, सोहागपुर, शाहपुर, खिरकिया, टिमरनी, सिराली, नौटोजाबाद, चंदिया, अमरकंटक, मिहोना, आलमपुर, दबोह, रौन और बड़ौदा नगर परिषदों में मतगणना होगी।

मतगणना में कहीं भी गड़बड़ी हुई तो तुरंत पहुंचेंगे कमलनाथ

0

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमल नाथ कल 17 जुलाई को प्रदेश के 11 नगर निगमों में होने वाली मतगणना के लिए विशेष व्यवस्था की है। मतगणना के दिन कमलनाथ भोपाल में बनाए गए विशेष चुनाव कंट्रोल रूम में बैठकर पूरे प्रदेश की मतगणना पर नजर रखेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के प्रमुख नेताओं के साथ मोबाइल पर संवाद के लिए भी मौजूद रहेंगे। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष  के मिश्रा ने यह जानकारी दी।

मिश्रा ने बताया कि मतगणना के दौरान किसी भी शहर में किसी तरह की गड़बड़ी होने की सूचना मिलने पर कमलनाथ अपनी वरिष्ठ अधिवक्ताओं की लीगल टीम के साथ विशेष हेलीकॉप्टर से तत्काल उस शहर में पहुंच जाएंगे। इसके लिए हेलीकॉप्टर भी विशेष रूप से तैयार रहेगा और पूरी लीगल टीम भी नियम कानून कायदे के दस्तावेजों के साथ तैयार रहेगी।

मिश्रा ने बताया कि कमलनाथ के द्वारा कल के लिए विशेष तौर पर की गई इस व्यवस्था की जानकारी इन सभी नगर निगमों के महापौर प्रत्याशी तथा संबंधित शहर के शहर कांग्रेस अध्यक्ष को दे दी गई है। ध्यान रहे कि मतगणना के लिए हाल ही में कमलनाथ के द्वारा हर नगर के लिए एक पर्यवेक्षक की नियुक्ति की गई है। उसके बाद अब यह एक और विशेष व्यवस्था कर दी गई है ।

मिश्रा ने बताया कि माननीय कमलनाथ जी को विश्वस्त सूत्रों से जानकारी मिली है कि कल की मतगणना के समय सत्ताधारी पार्टी प्रशासन के दुरुपयोग की कोशिश कर सकती है। इस संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता, क्योंकि मतदान के दौरान भाजपा के नेताओं ने बूथ कैपचरिंग के प्रयास किए और जब कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने इसकी शिकायत की तो उल्टे कांग्रेस के नेताओं पर ही मुकदमा दर्ज कर दिए गए।

मिश्रा ने बताया कि माननीय कमलनाथ जी पहले ही बता चुके हैं कि भाजपा इस चुनाव में पुलिस पैसा और प्रशासन का इस्तेमाल कर रही है। यह चुनाव सत्य और झूठ के बीच चुनाव है। जनता ने बड़े पैमाने पर कांग्रेस पार्टी को वोट दिया है और वह वह इमानदारी से गिने जा सकें, इसके लिए कमलनाथ जी स्वयं पूरे मामले की निगरानी कर रहे।

कमलनाथ के अलावा बाकी वरिष्ठ नेताओं को पहले ही नगर निगम चुनाव के मतगणना के लिए अलग-अलग शहर में तैनात कर दिया गया है जहां भी मतगणना की प्रक्रिया पर पूरी नजर रखेंगे।

मतगणना आज – पुरानी जेल में प्रातः 9:00 बजे से

0

नगरीय निकाय निर्वाचन -2022 के तहत नगर निगम भोपाल के महापौर और पार्षद पद के लिए रविवार 17 जुलाई को अरेरा हिल्स स्थित पुरानी जेल में  मतगणना सुबह 9 बजे से होगी। कलेक्टर अविनाश लवानिया और पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर ने मतगणना स्थल का शनिवार को जायजा लिया और अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। कलेक्टर लवानिया ने बताया कि मतगणना सुबह 9 बजे से पुरानी जेल स्थित मतगणना केंद्र पर शुरू होंगी और सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जाएगी। उसके आधे घंटे बाद ईवीएम मशीनों की टेबल के आधार पर गिनती शुरू की जाएगी।

मतगणना स्थल पर मोबाइल और इलेक्ट्रोनिक डिवाइस का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। पार्षदों और महापौर के प्रत्याशियों की गिनती एक साथ ही शुरू होंगी। पार्षदों की ईवीएम मशीन से गिनती एक से दो राउंड में पूर्ण हो जायेगी। महापौर के लिए कम से कम 13 और अधिकतम 24 राउंड होंगे। इसके लिए 133 टेबल लगाई गई है। बिना कार्ड के किसी को भी मतगणना स्थल पर प्रवेश नही दिया जाएगा।

एडीजी संजय कुमार झा बने मप्र के नए परिवहन आयुक्त

0

भोपाल 16 जुलाई। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दूरसंचार पुलिस मुख्यालय भोपाल संजय कुमार झा अब मध्यप्रदेश के नए परिवहन आयुक्त होंगे। वह वर्तमान परिवहन आयुक्त मुकेश जैन का स्थान लेंगे, जिन्हें अब विशेष पुलिस महानिदेशक पुलिस मुख्यालय भोपाल बनाया गया है। मध्यप्रदेश के गृह विभाग ने शनिवार 16 जुलाई को इस संबंध में आदेश आदेश जारी कर दिया है।

भारतीय पुलिस सेवा के 1989 बैच के मध्यप्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी संजय कुमार झा बिहार राज्य के मधुबनी जिले के मधवापुर प्रखंड के डुमरा गांव के रहने वाले हैं। श्री झा को उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रपति पुलिस मेडल से भी सम्मानित किया गया है। आईपीएस संजय कुमार झा वर्तमान में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दूरसंचार पुलिस मुख्यालय भोपाल में पदस्थ थे।  झा मध्यप्रदेश के चम्बल, जबलपुर और भोपाल में आईजी के रूप में पदस्थापित रहे हैं। आपको बता दें कि 1989 बैच के मध्यप्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी संजय कुमार झा इससे पहले भी अपने उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रपति सेवा मेडल प्राप्त कर चुके हैं।  झा ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो में लगभग 3 साल तक डिप्टी डायरेक्टर जनरल दिल्ली के रूप ऑपरेशन की जिम्मेदारी बखूबी निभाई है। इसके अलावा केंद्र सरकार ने झा को पंजाब में ड्रग्स को लेकर गठित एक विशेष अभियान ग्रुप का प्रमुख भी बनाया था।  झा का सशस्त्र सीमा बल के डीआईजी के रूप में मुजफ्फरपुर एवं पटना का कार्यकाल भी काफी सफल रहा है। झा इसके अलावा उज्जैन के डीआईजी, खंडवा, सिवनी, दमोह सहित विभिन्न जिलों में एसपी भी रह चुके हैं।