प्रसिद्ध संत बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म देखने के बाद यह ऐलान किया।
मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून के हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल में अपनी पत्नी गीता धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी व प्रदीप बत्रा समेत अन्य लोगों के साथ फिल्म देखी। उन्होंने फिल्म की विषयवस्तु और बाबा नीब करौरी महाराज के आध्यात्मिक योगदान की सराहना की।
सीएम धामी ने कहा कि भारत की संत परंपरा समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है। बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन भी इसी परंपरा का प्रेरणादायक उदाहरण है। उनके भक्ति, मानव सेवा और प्रेम के संदेश को आज भी प्रासंगिक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और संत परंपरा से जोड़ने में मदद कर सकती है।
फिल्म में बाबा नीब करौरी महाराज की आध्यात्मिक यात्रा और उनके जीवन से जुड़े भक्ति, सेवा, प्रेम, करुणा, विनम्रता और लोककल्याण जैसे मूल्यों को केंद्र में रखा गया है। मुख्यमंत्री ने फिल्म की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रयास उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
फिल्म ‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है और यह 7 अगस्त 2026 को हिंदी में देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।









