Home Blog Page 98

आज से चारधाम यात्रा शुरू साथ ही गंगोत्री धाम के कपाट भी खुले

0

नई दिल्ली : अक्षय तृतीया पर्व आते ही आज से चारधाम यात्रा शुरू हो गई है। गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों के कपाट आज मंगलवार को खुल गए हैं। चारधाम यात्रा आज उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों के कपाट खुलने के साथ शुरू होगी। मिली जानकारी के मुताबिक केदारनाथ के कपाट 6 मई को खुलेंगे वहीं बद्रीनाथ मंदिर के कपाट 8 मई को खोले जाएंगे। इससे पहले आज अक्षय तृतीया पर्व पर गंगोत्री धाम के कपाट सुबह 11:15 बजे खोल दिए गए। उद्घाटन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए। पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर की गई है। जिसमें मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना की। वहीं यमुनोत्री धाम के कपाट भी दोपहर 12:15 बजे खोल दिए जाएंगे।

रिकॉर्ड संख्या में आ सकते है श्रद्धालु
बीते 2 साल कोरोना संक्रमण के कारण सख्त गाइडलाइन लागू थी, लेकिन इस साल कोरोना संक्रमण कम होने के बाद छूट मिलने के कारण रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। उत्तराखंड सरकार ने चारों धामों में रोज दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की संख्या तय की है। मिली जानकारी के मुताबिक बद्रीनाथ में 15,000 तीर्थ यात्री, केदारनाथ में 12,000, गंगोत्री में 7,000 और यमुनोत्री में 4,000 तीर्थयात्री रोज दर्शन करने जा सकते हैं। यह व्यवस्था आगानी 45 दिनों के लिए है।

कोविड निगेटिव रिपोर्ट लाना अनिवार्य नहीं
इस साल चार धाम यात्रा के लिए उत्तराखंड आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए कोविड निगेटिव टेस्ट रिपोर्ट लाना अनिवार्य नहीं है। तीर्थ यात्रा के लिए रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं के लिए पर्यटन विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण जरूर कराना होगा। यमुनोत्री धाम के कपाट खोलने की प्रक्रिया जारी है। उद्घाटन के लिए गंगोत्री और यमुनोत्री धाम को फूलों से सजाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 3 मई को हर्षिल हेलीपैड पहुंचे। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार से गंगोत्री धाम पहुंचे और उद्घाटन में शामिल हुए।

नेपाल के नाइटक्लब में ‘पार्टी’ करते दिखे राहुल गांधी

0

भारतीय जनता पार्टी के I-T प्रभारी ने राहुल गांधी का एक वीडियो शेयर किया है जिसमें पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कथिततौर पर एक नाइटक्लब में पार्टी करते नजर आ रहे हैं। भाजपा के I-T प्रभारी अमित मालवीय के अलावा कई अन्य भाजपा नेताओं ने भी राहुल के इस वीडियो को शेयर किया है। बीजेपी सोशल मीडिया इंचार्ज मालवीय ने ट्वीट कर लिखा कि जब मुंबई पर हमला हुआ था, तब भी राहुल गांधी नाइटक्लब में थे।

बिना तारीख वाले वीडियो में राहुल गांधी एक दोस्त के साथ डिम लाइट वाले नाइटक्लब में दिख रहे हैं, जिसके बैकग्राउंड में लोग लाउड म्यूजिक पर डांस कर रहे हैं। लाइव हिंदुस्तान इस वीडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है। इंडिया टुडे के मुताबिक, वीडियो काठमांडू के एक लोकप्रिय नाइट क्लब में शूट किया गया था। राहुल गांधी सोमवार को नेपाल की राजधानी में अपनी पत्रकार मित्र सुम्निमा उदासी की शादी में शामिल होने के लिए मैरियट होटल में थे।

राहुल इन दिनों नेपाल के निजी दौरे पर हैं। यह वीडियो इसी दौरे का बताया जा रहा है। वीडियो में वे कथिततौर पर काठमांडु में फेमस नाइटक्लब Lord of the Drinks में नजर आ रहे हैं। क्लिप वायरल होने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोला है।

वीडियो पर तंज कसते हुए भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, “राहुल गांधी क्या कर रहे हैं, यह उनका निजी मामला है। लेकिन जब राजस्थान के जोधपुर में हिंसा हो रही है, राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है, राजस्थान जल रहा है। इस पर चिंता व्यक्त करने के बजाय राहुल गांधी नेपाल में नाइटक्लब में पार्टी करते नजर आ रहे हैं।”

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी राहुल और कांग्रेस पर तंज कसा। रिजिजू ने राहुल गांधी का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि वेकेशन, पार्टी, हॉलिडे, प्लेजर ट्रिप, प्राइवेट फॉरेन विजिट आदि अब देश के लिए कोई नई बात नहीं है।

जोधपुर में फिर बवाल! ईद के दौरान दो पक्षों में पत्थरबाजी

0

जोधपुर में लाउडस्पीकर पर हुआ बवाल अभी थमा नहीं है। अब एक बार फिर वहां दो पक्षों के बीच हिंसा हुई है। बताया जा रहा है कि ईद की नमाज के दौरान यह हंगामा बरपा। पुलिस ने इस हंगामे को शांत करने के लिए एक बार फिर लाठीचार्ज किया है। हंगामा कर रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस की तरफ से आंसूगैस के गोले भी छोड़े गये हैं।

यहां पुलिस ने एक बार फ्लैग मार्च शुरू किया है। जानकारी के मुताबिक, आज ईद की नमाज के दौरान वहां भीड़ थी तब ही यह बवाल हुआ है। हंगामा कर रहे लोगों ने करीब एक दर्जन गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया है। इन गाड़ियों के कांच टूटे हैं। पुलिस की चार गाड़ियों में भी तोड़फोड़ हुई है। फिलहाल स्थिति कंट्रोल में बताई जा रही है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, भाजपा विधायक सूर्यकांता व्यास,सहित भाजपा के कई नेताओं ने वहां धरना भी दिया है।

इससे पहले जोधपुर के जालोरी गेट चोराहे पर सोमवार की देर रात लाउडस्पीकर व झंडे हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच पथराव हो गया था। दोबारा फिर इसी जगह पर हंगामा शुरू हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक एक समुदाय के लोग स्वतंत्रता सेनानी बाल मुकुंद बिस्सा की मूर्ति पर लगे झंडे को लेकर और जालोरी इलाके में ईद को लेकर टांगे गए बैनर को लेकर नारे लगाने लगे।

बीएसएनएल ने 200 रुपये से कम में 6 धांसू रिचार्ज शुरू किये

0

जहां रिलायंस जियो, एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया भले ही ग्राहकों को कई किफायती प्लान ऑफर करती हों, लेकिन बीएसएनएल भी इन्हें कड़ी टक्कर देती है। बीएसएनएल के पास कई ऐसे प्रीपेड प्लान हैं, जो बाकी किसी कंपनी के पास नहीं। यहां हम आपको बीएसएनएल के 200 रुपये से सस्ते प्रीपेड प्लान्स के बारे में बता रहे हैं।

BSNL के 200 रुपये से सस्ते प्लान
इस लिस्ट में पहला प्लान 49 रुपये का है। इसमें आपको 24 दिनों के लिए 100 फ्री वॉइस कॉलिंग मिनट और 2 जीबी डेटा मिलता है। जो दूसरा प्लान है उसकी कीमत 99 रुपये है। इसमें आपको सिर्फ 22 दिन की वैलिडिटी मिलेगी, जिसके साथ अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग की सुविधा दी जाती है। वहीं, 135 रुपये के प्लान में 24 दिनों के लिए 1440 वॉइस कॉलिंग मिनट दी जाती हैं।

आगे बढ़ते हैं और जो अगला प्लान है उसकी कीमत 118 रुपये है। इस प्लान में 26 दिनों के लिए अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग और रोज 0.5 जीबी डेटा दिया जाता है। यानी कुल 13 जीबी डेटा आपको मिलेगा। इसी तरह का प्लान 147 रुपये का है, जिसमें आपको पूरे 30 दिनों के लिए अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग और 10 जीबी डेटा मिलता है। इसमें बीएसएनएल ट्यून्स की सुविधा भी दी गई है।

अब हमारे पास दो प्लान और बचते हैं जिनकी कीमत 185 रुपये और 187 रुपये है। 185 रुपये में आपको अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग के साथ रोज 1 जीबी डेटा और 28 दिनों की वैलिडिटी मिलती है। इसी तरह 187 रुपये के प्लान में आपको अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग, रोज 2 जीबी डेटा और 100 SMS प्रतिदिन दिए जाते हैं। इस प्लान की वैलिडिटी भी 28 दिनों की है। यानी कुल 56GB डेटा आपको मिलेगा।

जेल से ही अखिलेश यादव पर आजम खान ने साधा निशाना

0

समाजवादी पार्टी (सपा) से नाराज चल रहे दिग्गज नेता आजम खान ने चुप्पी तोड़ते हुए इशारों में अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। करीब ढाई साल से सीतापुर जेल में बंद आजम खान अपनी उपेक्षा से नाराज हैं और उनके समर्थक खुलकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं, लेकिन आजम खान ने पहली बार इस पर कुछ कहा है। बेटे अब्दुल्ला आजम ने अपने ट्विटर हैंडल से आजम खान के हवाले से यह ट्वीट किया है।

आजम खान ने ईद की मुबारकबाद के साथ कहा, ”तू छोड़ रहा है, तो खता इसमें तेरी क्या, हर शख्स मेरा साथ, निभा भी नहीं सकता। वैसे तो एक आंसू ही बहा के मुझे ले जाए। ऐसे कोई तूफान हिला भी नहीं सकता। ईद मुबारक।” माना जा रहा है कि आजम खान का इशारा अखिलेश यादव की तरफ है। आजम के करीबी लगातार इस बात को कहते रहे हैं कि अखिलेश यादव को आजम के जेल में होने का कोई गम नहीं है और उनकी रिहाई के लिए कुछ नहीं किया गया।

इस बीच एक अन्य ट्वीट में अब्दुल्ला आजम ने पिता के साथ अपनी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है कि यह पिता के बिना पहली ईद है और ऐसा मौका दोबारा ना आए। उन्होंने लिखा, ”वो जो ख्वाब था मेरे जहन में, न मैं कह सका न मैं लिख सका, की जबान मिली तो कटी हुई , की कलम मिला तो बिका हुआ। आपके बिना पहली ईद है अल्लाह पाक कभी दोबारा ऐसा मौका ना लाए।”

पोस्ट ऑफिस में 38926 ग्रामीण डाक सेवक समेत कई पदों पर भर्तियां

0

सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे बेरोजगार युवाओं के लिए भारतीय डाक सुनहरा अवसर लेकर आया है। इंडिया पोस्ट में 38926 ग्रामीण डाक सेवक (GDS) समेत कई पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी हुआ है। भारतीय डाक की इस भर्ती में 10वीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। पोस्ट ऑफिस की इस भर्ती में देश के सभी राज्य व केंद्र शासित प्रदेशों में भर्तिंया होंगी। इंडिया पोस्ट जीडीएस की इस भर्ती में आवेदन करने के इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की उम्र 40 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।

बिना परीक्षा होगा चयन:
इंडिया पोस्ट की इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया दो मई 2022 से शुरू हो चुकी है। जीडीएस भर्ती के लिए आवेदन 5 जून 2022 तक लिए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी इंडिया पोस्ट की वेबसाइट indiapostgdsonline.gov.in के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती में योग्य अभ्यर्थियों का चयन बिना परीक्षा के सीधे 10वीं की मार्क्शीट के आधार पर चयन किया जाएगा। 10वीं परीक्षा के मार्क्स के आधार पर ही मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।

इंडिया पोस्ट की इस भर्ती में जीडीएस पद के साथ ही ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM), असिस्टेंट पोस्टमास्टर (ABPM) और डाक सेवक के पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाना है। वेतन के रूप में बीपीएम को 12000 रुपए प्रतिमाह, एबीपीएम/जीडीएस को 10000 रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे।

अन्य शर्तें : जीडीएस पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थी को साइकिल चलाना आना चाहिए। जो अभ्यर्थी मोटरसाइकिल या स्कूटर चला लेते हैं वे भी आवेदन के लिए योग्य माने जाएंगे।

नोएडा में 31 मई तक धारा 144, कोरोना संक्रमण रोकने के लिए सख्ती शुरू

0

देश में कोरोना महामारी का खतरा बना हुआ है। ताजा खबर उत्तर प्रदेश के नोएडा से आ रही है। यहां प्रशासन ने धारा 144 लगाने का ऐलान किया है। 31 मई तक यह पाबंदी रहेगी। पूरे गौतमबुद्ध जिले में यह प्रतिबंध लगाया गया है। तेजी से बढ़ते कोरोना केस को थामने के लिए यह कदम उठाया गया है। पुलिस कमिश्नर की ओर से किए गए ट्वीट में लिखा गया, ‘आगामी त्यौहारों व बढ़ते कोविड संक्रमण के दृष्टिगत पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में लागू धारा-144 सीआरपीसी को संशोधित करते हुए दिनांक 01.05.2022 से दिनांक 31.05.2022 तक बढ़ाया जाता है।।’ अधिकारियों का कहना है कि यदि इससे फायदा नहीं हुआ तो सख्ती और बढ़ाना होगी। बता दें, उत्तर प्रदेश उन राज्यों में शामिल हैं जहां कोरोना के केस एक बार फिर बढ़ रहे हैं। दिल्ली की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक है।

देश में कोरोना की चौथी लहर नहीं : आइसीएमआर

कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच विशेषज्ञों की तरफ से एक बड़ी राहत की खबर आई है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के अतिरिक्त महानिदेशक समीरन पांडा के अनुसार का कहना है कि कोरोना संक्रमण के मामलों में मौजूदा तेजी के आधार पर यह नहीं कहा जा सकता है कि चौथी लहर आ रही है। ये मामले जिला स्तर पर सामने आ रहे हैं, इसलिए यह नहीं कहा जा सकता है कि देश चौथी लहर की तरफ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर मामलों के बढ़ने को ब्लिप कहा जाता है, जो देश के कुछ भौगोलिक क्षेत्रों तक ही सीमित है।

पांडा ने चार कारण गिनाए कि यह क्यों चौथी लहर नहीं है। पहला कारण, मामलों में वृद्धि स्थानीय स्तर पर देखी जा रही है जो जांच के अनुपात की वजह से है। दूसरा कारण, कुछ क्षेत्रों में ही केस बढ़ रहे हैं, इसलिए यह नहीं कह सकते हैं कि पूरा राज्य महामारी की चपेट में है। तीसरा कारण, अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या नहीं बढ़ रही है और चौथा एवं सबसे महत्वपूर्ण कारण यह है कि कोई नया वैरिएंट नहीं सामने आया जो संकेत देता है कि अभी कोई चौथी लहर नहीं आई है। संक्रमण दर में वृद्धि पर उन्होंने कहा कि कभी-कभी कम जांच होने पर भी इसमें वृद्धि हो जाती है।

अप्रैल में टूटे GST Collection के सभी रिकॉर्ड

0

नई दिल्ली : जीएसटी कलेक्शन में एक बार फिर से सरकार ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। वित्त मंत्रालय की ओर से रविवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, अप्रैल में जीएसटी राजस्व लगभग 1.68 लाख करोड़ रुपये के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। इससे पहले मार्च में जीएसटी राजस्व 1.42 लाख करोड़ रुपये था। वित्त मंत्रालय ने बताया कि मार्च की तुलना में अप्रैल में 25 हजार करोड़ अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है।

केंद्र ने बताया कि GST राजस्व में सुधार का कारण बेहतर होती आर्थिक गतिविधियां हैं। दी गई जानकारी के मुताबिक, इस साल अप्रैल का जीएसटी राजस्व पिछले साल की तुलना में 20 प्रतिशत ज्यादा है। वित्त मंत्रालय ने बताया कि अप्रैल में 1.06 करोड़ के जीएसटी रिटर्न दाखिल किए गए।

वित्त मंत्रालय ने बताया कुल 1.68 लाख करोड़ राजस्व में सीजीएसटी 33,159 करोड़ रुपये, एसजीएसटी 41,793 करोड़ रुपये, आईजीएसटी 81,939 करोड़ रुपये और उपकर 10,649 करोड़ रुपये है। जीएसटी लागू होने के बाद से यह पहली बार है कि किसी एक महीने में जीएसटी संग्रह 1.50 लाख करोड़ के ऊपर गया हो।

वित्त मंत्रालय ने बताया, मार्च 2022 में कुल 7.7 करोड़ ई-वे बिल सृजित हुए, जो फरवरी 2022 में 6.8 करोड़ ई-वे बिल से 13 प्रतिशत अधिक हैं। वहीं इस साल अप्रैल के दौरान जीएसटीआर-3बी में 1.06 करोड़ जीएसटी रिटर्न दाखिल किए गए, जिनमें से 97 लाख मार्च में दाखिल किए गए रिटर्न हैं। अप्रैल 2021 के दौरान कुल 92 लाख रिटर्न दाखिल किए गए थे।

2 मई से पीएम मोदी का यूरोप दौरा

0

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  की यूरोप यात्रा ऐसे वक्त हो रही है जब यूक्रेन पर आक्रमण के चलते रूस के खिलाफ अधिकांश यूरोपीय देश एकजुट हैं। इस साल पीएम मोदी की यह पहली विदेश यात्रा है। यूक्रेन-रूस युद्ध पर भारत का स्टैंड अब तक न्यूट्रल रहा है हालांकि रूस के खिलाफ एक बार भी वोटिंग भारत की ओर से नहीं की गई है। प्रधानमंत्री मोदी की यूरोप यात्रा ऐसे वक्त हो रही है जब इस क्षेत्र को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसका जिक्र स्वयं पीएम मोदी ने किया। जर्मनी, डेनमार्क और फ्रांस की यात्रा से पहले उन्होंने कहा कि उनका यूरोप दौरा ऐसे समय हो रहा है जब यह क्षेत्र कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि वह भारत के यूरोपीय साझेदारों के साथ सहयोग की भावना को मजबूत करना चाहते हैं। विदेश नीति (Foreign Policy) के लिहाज से भी पीएम मोदी की यह यात्रा काफी अहम है।

पीएम मोदी 2 मई से जर्मनी, डेनमार्क और फ्रांस की तीन दिवसीय यात्रा पर रवाना होंगे। इस दौरान वह इन देशों में लगभग 65 घंटे बिताएंगे और 25 से ज्यादा कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वह जर्मन चांसलर ओलाफ शॉल्ज के निमंत्रण पर 2 मई को बर्लिन का दौरा करेंगे और इसके बाद वह 3-4 मई को डेनमार्क की अपनी समकक्ष मेटे फ्रेडरिक्सन के निमंत्रण पर द्विपक्षीय वार्ता में शामिल होने के लिए कोपनहेगन की यात्रा करेंगे और द्वितीय भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। अपनी यात्रा के अंतिम चरण में वह कुछ समय के लिये फ्रांस में रुकेंगे, जहां मोदी फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात करेंगे।

पिछले साल सत्ता में आए शॉल्ज के साथ मोदी की पहली बैठक
यात्रा के पहले चरण में पीएम मोदी बर्लिन में जर्मन चांसलर ओलाफ शॉल्‍ज के साथ वार्ता करेंगे। इस बैठक में दोनों देशों के कई मंत्री भी शामिल होंगे। पिछले साल दिसंबर में सत्ता में आए शॉल्‍ज के साथ यह मोदी की पहली बैठक होगी। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर शॉल्‍ज व्‍यापारिक सम्‍मेलन को भी संयुक्‍त रूप से संबोधित करेंगे। मोदी जर्मनी में भारतीय समुदाय के साथ भी संवाद करेंगे।

कोपनहेगन और उसके बाद पेरिस की यात्रा
पीएम मोदी यात्रा के दूसरे चरण में डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन के निमंत्रण पर कोपनहेगन जाएंगे, जहां वे दूसरे भारत-नॉर्डिक सम्‍मेलन में भागीदारी करेंगे। डेनमार्क में प्रधानमंत्री मोदी अपनी समकक्ष मेटे फ्रेडरिक्सन के साथ चर्चा करेंगे। इसके अलावा दोनों नेता द्विपक्षीय संबंध व दूसरे मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे।
पीएम मोदी भारत डेनमार्क बिजनेस लीडर्स के साथ बैठक में हिस्सा लेंगे और भारतीय समुदाय के लोगों के साथ भी संवाद करूंगा।अंतिम चरण में प्रधानमंत्री कुछ समय के लिए पेरिस में रुककर फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात करेंगे।

CM के मंत्र पर अमल, 75 लाख परिवारों की महिलाओं को BJP से जोड़ने की प्लानिंग

0

भोपाल : मिशन 2023 फतह के लिए पिछले चुनाव के मुकाबले दस प्रतिशत अधिक वोट हासिल करने की तैयारी में जुटी बीजेपी आदिवासियों के साथ महिलाओं को साधने का काम भी करेगी। यह नई जिम्मेदारी बीजेपी महिला मोर्चा को सौंपी गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि अगर महिला मोर्चा ने लाडली लक्ष्मी बनी बेटियों के परिवारों की महिलाओं और एनजीओ से जुड़कर आजीविका चला रही महिलाओं को पार्टी का सदस्य बनाने में सफलता पा ली तो दस फीसदी अधिक वोट हासिल करने का लक्ष्य पूरा हो जाएगा और पार्टी की जीत आसान हो जाएगी।

इस नए टास्क का निर्णय पिछले दिनों इंदौर में हुई एक बैठक में लिया गया है जिसमें मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के साथ महिला मोर्चा की पूरी टीम मौजूद थी। इस बैठक में सीएम चौहान ने महिला मोर्चा से तीन काम करने के लिए कहा है। सीएम चौहान ने कहा है कि सरकार लाड़ली लक्ष्मी उत्सव मना रही है और प्रदेश में 43 लाख लाड़ली हो चुकी हैं। इन लाड़ली लक्ष्मियों के परिवारों से संपर्क करना महिला मोर्चा की जिम्मेदारी है और परिवार की महिला को बीजेपी से जोड़ने का काम करना है। इसमें सफल हुए तो 43 लाख लाड़लियों के परिजन बीजेपी के साथ ही रहेंगे।

इसके अलावा जो महिलाएं ग्रामीण इलाकों में एनजीओ के माध्यम से खुद का और परिवार का भरण पोषण कर रही हैं और अपना जीवनस्तर बेहतर बना रही हैं। उन्हें भी मोर्चा को पार्टी से जोड़ना है। प्रदेश में 37 लाख के करीब स्वसहायता समूह हैं जिनमें पचास फीसदी से अधिक में महिलाओं की भागीदारी है। सीएम चौहान ने कहा है कि सरकार इनके लिए काम कर रही है और पार्टी की महिला नेत्रियों ने उनसे संपर्क किया तो बीजेपी से उनका जुड़ाव सीधा हो जाएगा जिसका फायदा मिलना तय है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में विवाह करने वाली महिलाओं को भी पार्टी से जोड़ने के लिए कहा गया है। ये भी सरकार की योजना की हितग्राही हैं और महिलाओं को इन्हें जोड़ने में आसानी होगी।

हर जिले में करेंगे सम्मेलन
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष शर्मा और मुख्यमंत्री चौहान ने मोर्चा को तीन टास्क दिए हैं, जिसकी प्लानिंग पर अमल के लिए काम कर रहे हैं। इसी माह से जिलों में महिला मोर्चा के सम्मेलन कराकर टास्क के दायरे में बताई गई महिलाओं से संपर्क करने का काम किया जाएगा और उन्हें पार्टी से जोड़ा जाएगा।