शहडोल की आरती ने इंदौर में जीता कराटे में स्वर्ण पदक
शहडोल की कराटे खिलाड़ी आरती तिवारी ने इंदौर में आयोजित शालेय राज्य कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया है। यह प्रतियोगिता इंदौर के भारती अकेडमी में 17 से 20 नवंबर तक आयोजित की गई थी। मार्शल आर्ट के कोच रामकिशोर चौरसिया ने बताया है कि इस राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में 10 सम्भाग सहित आदिवासी विकास विभाग की टीम ने हिस्सा लिया था।
शहडोल संभाग का किया प्रतिनिधित्व
सम्भाग का प्रतिनिधित्व करते हुए आरती तिवारी ने सीनियर आयु वर्ग 19 वर्ष की प्रतियोगिता के 53 किलो ग्राम वजन में स्वर्ण पदक जीत कर मध्यप्रदेश और अपने जिले का नाम रोशन किया है।
उज़्बेकिस्तान में भी करेंगी प्रदर्शन
कराते कोच प्रमोद ने बताया कि आरती तिवारी ने विगत दिनों राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत कर अपना स्थान भारतीय दल में बना लिया है जो 16 से 20 दिसंबर 2022 को भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उज्बेकिस्तान एशियन खेल में अपना प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
मध्यमवर्गीय परिवार से हैं आरती
शहडोल की कराते खिलाड़ी आरती तिवारी ने आज जो कराटे में अपना नाम कमाया है यह उनकी मेहनत का ही नतीजा है। एक सामान्य से परिवार में जन्म लेने वाली आरती का सपना है कि वह अपने शहर और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊंचा करें। आरती जब कक्षा सातवीं में पढ़ती थी तब से उन्होंने कराटे की ट्रेनिंग लेना शुरू की थी और इस समय वह उत्कृष्ट विद्यालय शहडोल की कक्षा 12वीं की छात्रा है।
शहडोल की आरती ने इंदौर में जीता कराटे में स्वर्ण पदक
प्रधानमंत्री मोदी सौंपेंगे 71 हजार युवाओं को नियुक्ति-पत्र
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 10 लाख कर्मियों के लिए भर्ती अभियान रोजगार मेला के तहत मंगलवार को लगभग 71 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। पीएम इस अवसर पर वीडियो कांफ्रेंसिग के माध्यम से युवाओं को संबोधित भी करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री ने इससे पहले अक्टूबर महीने में रोजगार मेला की शुरुआत की थी। उन्होंने एक समारोह में 75 हजार लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपे थे।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा है कि इस बार अच्छी संख्या में केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा विभिन्न केंद्रीय बलों में भी युवाओं को नियुक्ति दी गई है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नवनियुक्त कर्मियों के लिए आयोजित किए जाने वाले आनलाइन ओरिएंटेशन कोर्स कर्मयोगी प्रारंभ माड्यूल की भी शुरुआत करेंगे।
क्या होगा रोजगार मेले में
इसमें सरकारी कर्मचारियों के लिए आचार संहिता, कार्यस्थल पर नैतिकता और ईमानदारी, मानव संसाधन नीतियों सहित अन्य लाभ व भत्ते से संबंधित जानकारियां शामिल होंगी। गुजरात और हिमाचल प्रदेश को छोड़कर देश के 45 स्थानों पर नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। पिछली बार जिन श्रेणियों में युवाओं को नियुक्ति दी गई थी, उनके अतिरिक्त इस बार शिक्षक, व्याख्याता, नर्स, नर्सिंग अधिकारी, चिकित्सक, फार्मासिस्ट और अन्य तकनीकी और पैरा मेडिकल पदों पर भी नियुक्ति की जाएगी।
मध्य प्रदेश के शासकीय विभागों में तीन चरणों में भरे जाएंगे पद
भोपाल। शासकीय नौकरी की बाट जोह रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है। मध्य प्रदेश में तृतीय श्रेणी के पदों पर तीन चरणों में भर्तियां होने जा रही हैं। सामान्य प्रशासन विभाग के प्रस्ताव पर वित्त विभाग ने एक बार में अधिकतम भर्ती की सीमा पांच प्रतिशत को बढ़ाने की भी सहमति दे दी है। प्रदेश में कुल 31,883 तृतीय श्रेणी के पदों पर भर्ती होनी है। वर्ष 2022-23 में 28,465, 2023-24 में दो हजार 57 और 2024-25 में एक हजार 361 पद भरे जाएंगे।
जिन विभागों में स्वीकृत संवर्ग के पद 50 से कम है वहां एक ही बार में भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 51 से लेकर 500 पद जिन संवर्ग में रिक्त हैं वहां इनकी पूर्ति दो चरण में की जाएगी। पहले चरण में वर्ष 2022-23 में 50 प्रतिशत और 2023- 24 में शेष 50 प्रतिशत पदों पर भर्ती होगी। ऐसे संवर्ग जिम में रिक्त पदों की संख्या 500 से अधिक है वहां तीन चरणों में भर्ती प्रक्रिया होगी।
पहली बार जनजातीय वर्ग को जल, जंगल और जमीन के अधिकार देने हुआ गंभीर प्रयास : मुख्यमंत्री चौहान
पहली बार जनजातीय वर्ग को जल, जंगल और जमीन के अधिकार देने हुआ गंभीर प्रयास : मुख्यमंत्री चौहान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जनजातीय वर्ग को महत्वपूर्ण अधिकार देने के उद्देश्य से प्रदेश में 15 नवम्बर से लागू पेसा नियम को जमीन पर उतारने के लिए कलेक्टर्स संबंधित विभिन्न विभागों के साथ सक्रिय भूमिका का निर्वहन करें। पेसा जागरूकता सम्मेलन से संबंधित वर्ग को नियमों की विस्तृत जानकारी दी जाए। आज नर्मदापुरम जिले के केसला में पेसा जागरूकता सम्मेलन का सफल आयोजन हुआ है। अन्य जिलों में भी ऐसे सम्मेलन किए जाएंगे। साथ ही 22 नवम्बर को राज्य स्तरीय पेसा कार्यशाला भोपाल में होगी। इसमें 7 संभाग – चम्बल, उज्जैन, इंदौर, नर्मदापुरम, जबलपुर, शहडोल और रीवा के कमिश्नर्स और आईजी, 20 जिले श्योपुर, रतलाम, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगौन, बड़वानी, खण्डवा, बुरहानपुर, बैतूल, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, सिवनी, मण्डला, डिंडौरी, बालाघाट, शहडोल, अनुपपूर, उमरिया और सीधी के कलेक्टर्स, पुलिस अधीक्षक, डीएफओ और जिला पंचायत के सीईओ हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने आज निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा पेसा जागरूकता कार्यक्रम संबंधी निर्देश कलेक्टर्स को दिये।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश के जनजातीय भाई-बहनों के लिए पेसा के नियमों को पूरी ताकत के साथ लागू करने का पहली बार गंभीरता से प्रयास हुआ है। प्रदेश के 20 जिलों के 89 विकासखण्डों की 5 हजार 254 पंचायतों के 11 हजार 757 ग्रामों में यह नियम लागू हैं। इन ग्रामों की ग्राम सभाएँ 20 नवम्बर से 3 दिसम्बर के मध्य होंगी। इन विशेष ग्राम सभाओं में पेसा नियमों के बिन्दुओं पर चर्चा के साथ विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसी तरह ग्राम सभाएँ पेसा नियम लागू होने के लिए धन्यवाद प्रस्ताव पारित करेंगी और 4 दिसम्बर को टंट्या मामा बलिदान दिवस के कार्यक्रमों में भागीदारी पर भी चर्चा करेंगी। प्रभारी मंत्रियों के परामर्श से कलेक्टर्स ग्राम सभा की तारीख तय करेंगे।
हिन्दू हित चिंतक अभियान से परिवार सहित जुड़े – मुख्यमंत्री चौहान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से आज निवास पर विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री विनायक रावजी एवं परिषद के अन्य सदस्यों ने भेंट की। मुख्यमंत्री चौहान को परिषद के प्रतिनिधि मंडल ने हिन्दू हित चिंतक अभियान की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री चौहान परिवार सहित हिन्दू हित चिंतक अभियान से जुड़े और उन्होंने अपील की कि समस्त हिन्दू समाज भी हित चिंतक अभियान से जुड़े।
सस्पेंस से भरपूर है अजय देवगन की दृश्यम 2
अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड फिल्म दृश्यम 2 आज यानी की 18 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म की शूटिंग इसी साल फरवरी में शुरू हुई थी और ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज भी हो चुकी है। मूल रूप से ये फिल्म मलयालम में बनी थी। जिसके दोनों पार्ट काफी सफल रहे। वहीं हिंदी में दृश्यम का पहला पार्ट काफी हिट रहा था। वहीं अब दृश्यम 2 को मिल रहे रिस्पाॅन्स को देखकर कहा जा सकता है कि ये फिल्म भी सुपरहिट होने वाली है। दिलचस्प बात ये है कि मलयालम में बनी दृश्यम 2 को देखने के बाद भी इसका हिंदी रिमेक देखने की लोगों में काफी उत्सुकता है। इस फिल्म का क्लाइमेक्स काफी शानदार है।
कब रखते हैं अखंड द्वादशी व्रत?
सांसारिक दुखों को दूर कर पुण्य और मोक्ष प्राप्ति के लिए हिंदू शास्त्रों में व्रत, हवन, तीर्थ स्नान व दान- पुण्य आदि का विधान है, पर कई बार पुण्य कार्यों में कोई कमी रहने पर उसका उल्टा फल मिल जाता है. भविष्य पुराण के अनुसार राज्य पाकर भी जो निर्धन, धनी होकर भी धन का भोग और दान नहीं कर पाना, उत्तम रूप पाकर भी काना, अंधा या लंगड़ा होना, स्त्री पुरुष का वियोग होना जैसे लक्षण धार्मिक कार्यों में कमी का ही परिणाम होता है. ऐसे में इस कमी को दूर करने के लिए पुराणों में अखंड द्वादशी, मनोरथ द्वादशी और तिल द्वादशी व्रतों का विधान बताया गया है.आज हम आपको इनमें से अखंड द्वादशी व्रत की विधि बताने जा रहे हैं. जो मार्गशीर्ष मास की शुक्ल द्वादशी को किया जाता है.
अखंड द्वादशी व्रत की विधि
अखंड द्वादशी के व्रत की विधि भगवान श्रीकृष्ण ने राजा युधिष्ठिर को बताई. उन्होंने बताया कि मार्गशीर्ष मास की द्वादशी के दिन मनुष्य को पंचगव्य मिश्रित जल से स्नान कर भगवान विष्णु की भक्ति भाव से पूजा करनी चाहिए. भगवान नारायण का लगातार स्मरण करते हुए जौ व धान से भरा पात्र ब्राह्मण को दान करना चाहिए.
इस दिन भगवान की प्रार्थना इस प्रकार करनी चाहिए कि भगवन मुझ से सात जन्मों में व्रत करने में कोई भी कमी रह गई हो, वह सब आपके अनुग्रह से पूरी हो जाए. हे पुरुषोत्तम! जिस प्रकार आप से यह सारा जगत परिपूर्ण है, उसी प्रकार मेरे खंडित सभी व्रत पूर्ण हो जाएं
एक और सरकारी कंपनी होगी प्राइवेट
एक और सरकारी कंपनी होगी प्राइवेट
देशभर में कई कंपनियों को प्राइवेट हाथों में बेचा जा चुका है और अब सरकार एक और कंपनी के निजीकरण का प्लान बना रही है. इसके साथ है देश की बैंकिंग व्यवस्था को सुधारने के लिए भी सरकार ने कई बैंकों के मर्जर और प्राइवेटाइजेशन किया है. आइए आपको बातते हैं कि अब सरकार कौन सी कंपनी को प्राइवेट हाथों में बेचने जा रही है.
जानें सरकार का क्या है प्लान?
एयर इंडिया की हवाई सुविधा देने वाली कंपनी टाटा के हाथों में चली गई है. इसके बाद में सरकार अब एयर इंडिया की ही सब्सिडियरी कंपनी का भी निजीकरण करने का प्लान बना रही है. बता दें यह कंपनी इंजीनियरिंग सेक्टर का काम देखती है. सरकार ने इस कंपनी की नीलामी करने का फैसला लिया है.
जनवरी-फरवरी में मंगवाई जाएंगी बोलियां
सरकार एयर इंडिया की इंजीनियरिंग सब्सिडियरी कंपनी एयर इंडिया इंजीनियरिंग सर्विसेज लिमिटेड को बेचने की तैयारी कर रही है. अगले साल के शुरुआत में यानी जनवरी-फरवरी महीने में ही इसके लिए बोली मंगवाई जाएंगी.
भारत-न्यूजीलैंड का पहला टी-20 रद्द
टी-20 वर्ल्ड कप के बाद पहली बार दोनों टीमें आमने-सामने थीं. लेकिन बारिश की वजह से मैच में एक भी बॉल नहीं फेंकी जा सकी. भारतीय समयानुसार यह मैच दोपहर 12 बजे होना था, लेकिन करीब पौने दो बजे इस मैच को रद्द घोषित कर दिया गया. तीन मैच की टी-20 सीरीज़ का दूसरा मैच अब 20 नवंबर को खेला जाएगा.
उर्वरक वितरण समस्या वाले 4 कलेक्टर्स से मुख्यमंत्री ने चर्चा की
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि किसानों को सहज ढंग से बिना परेशानी के खाद मिले, उन्हें लाइन न लगानी पड़े, यह सुनिश्चित करें। उर्वरक की उपलब्धता है, वितरण व्यवस्था की जहाँ कमी है, उसे दूर किया जाये। सभी कलेक्टर्स व्यवस्था करें कि किसानों को उर्वरक लेने के लिये लाइन न लगाना पड़े। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में खाद की कमी नहीं है। केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री मनसुख एल मंडाविया से पूर्ण सहयोग मिला है।
मुख्यमंत्री चौहान ने आज सुल्तानपुर से लौटने के बाद रात्रि में निवास से वीसी द्वारा उर्वरक वितरण समस्या वाले कुछ जिलों के कलेक्टर्स से चर्चा की। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।





