उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों में से अभी तक 65 सीटों के परिणाम आ गए हैं। जिनमें से 47 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस के खाते में 19 सीटें गई हैं। बहुजन समाज पार्टी को दो सीटों पर जीत मिली हैं। साथ ही दो निर्दलीय भी जीते हैं।
सीएम योगी के नाम दर्ज हुए ये बड़े रिकॉर्ड
उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक चुनाव जीत लिया है। इसी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम कई रिकॉर्ड दर्ज होंगे। 18 साल में यह पहली बार था, जब किसी मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव लड़ा। इससे पहले 2003 में सीएम रहते हुए मुलायम सिंह यादव ने मैनपुरी से चुनाव लड़ा था। इस बार सीएम योगी ने गोरखपुर शहरी सीट से चुनाव लड़ा और रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की थी।
1. पांच साल का कार्यकाल पूरा कर फिर से सत्ता पाने वाले पहले सीएम
2. 2003 के बाद योगी पहले ऐसे नेता, जो विधायक रहते हुए बनेंगे सीएम
3. लगातार दूसरी बार शपथ लेने वाले भाजपा के पहले सीएम
4. तोड़ दिया यह मिथक
5. 39 साल बाद किसी सीएम ने लगातार दूसरी बार अपनी पार्टी को जीत दिलाई
पीएम ने कार्यकर्ताओं का जताया आभार
बीजेपी ने यूपी, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में शानदार कामयाबी हासिल की है और इन प्रदेशों में सरकार बनना लगभग तय है। इस शानदार जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय पर पहुंचे और हजारों की संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं ने मुझसे वादा किया था कि 10 मार्च से ही होली शुरू हो जाएगी और उन्होंने अपना वादा निभाया।
इस मौके पर उनके साथ गृहमंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद थे। संबोधन की शुरुआत करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चार बार नरेंद्र मोदी को प्रदेश की जनता ने लगातार अपना आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की राजनीति की संस्कृति बदल दी है।
पीएम मोदी के संबोधन की अहम बातें
-
- आज उत्साह और उत्सव का दिन है। मैं इन चुनावों में हिस्सा लेने वाले सभी मतदाताओं को बधाई देता हूं। उनके निर्णय के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त करता हूं। विशेष रूप से हमारी माताओं, बहनों और युवाओं ने जिस तरह से BJP का समर्थन किया वह अपने आप में बड़ा संदेश है।
-
- चुनाव के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुझसे वादा किया था कि इस बार होली 10 मार्च से ही शुरू हो जाएगी। हमारे कर्मठ कार्यकर्ताओं ने अपने वादे को पूरा करके दिखाया है। मैं अपने कार्यकर्ताओं की भूरी-भूरी प्रशंसा करूंगा, जिन्होंने इन चुनावों में कड़ी मेहनत की है।
-
- उत्तर प्रदेश ने देश को अनेक प्रधानमंत्री दिए हैं लेकिन 5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले किसी मुख्यमंत्री के दोबारा चुने जाने का ये पहला उदाहरण है।
-
- उत्तर प्रदेश में 4 दशक बाद कोई सरकार लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है। तीन राज्य उत्तर प्रदेश, गोवा और मणिपुर में सरकार में होने के बावजूद बीजेपी के वोट बैंक में वृद्धि हुई है।
-
- गोवा में सभी एग्जिट पोल गलत निकले और वहां की जनता ने तीसरी बार सेवा करने का मौका दिया है। 10 साल तक सत्ता में रहने के बाद भी राज्य में BJP की सीटों की संख्या बढ़ी है।
-
- उत्तराखंड में भी BJP ने नया इतिहास रचा है, राज्य में पहली बार कोई पार्टी लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है।
- उत्तर प्रदेश के चुनाव के नतीज़ों ने एक बात और साबित कर दी है और मैं सभी ज्ञानियों को कहता हूं कि देश की भलाई के लिए पुरानी घिसीपिटी रिकॉर्ड को छोड़कर जरा नए सिरे से सोचना शुरू कीजिए।
इंटरनेशनल फ्लाइट्स दो साल बाद इस दिन से शुरू होंगी
दो साल बाद भारत 27 मार्च से नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालन फिर से शुरू करेगा। केंद्र सरकार ने एक आदेश में इसकी जानकारी दी। कहा कि दुनियाभर में टीकाकरण कवरेज में वृद्धि को मान्यता मिलने के बाद और हितधारकों से परामर्श से अनुसूचित वाणिज्यित अंतरराष्ट्रीय यात्री सेवाओं को शुरू करने का निर्णय लिया है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि इंटरनेशनल परिचालन यात्रा के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने के अधीन होगा। बता दें 28 फरवरी तो DGCA ने नियमित वाणिज्यिक अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों पर प्रतिबंध अगले आदेश तक बढ़ा दिया था।
भारत पिछले वर्ष से एयर बबल व्यवस्था के तहत उड़ाने संचालित कर रहा है। वहीं अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बहरीन, भूटान, बांग्लादेश, कनाडा, इथियोपिया, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, इराक, जापान, कजाकिस्तान, केन्या, कुवैत, मालदीव, मॉरीशस, नेपाल, ओमान, कतर, सिंगापुर, सऊदी अरब, अमेरिका और उजबेकिस्तान के साथ एयर बबल समझौता किया है।
उड्डयन मंत्रालय ने पिछले साल 15 नवंबर 2021 से नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को फिर से शुरू करने की घोषण की थी। लेकिन ओमिक्रोन केस में वृद्धि के कारण उस आदेश को रद्द कर दिया है। कोरोना वायरस महामारी की पहली लहर से निपटने के लिए देशव्यापी लॉकडाउन लागू होने के बाद मार्च 2022 में पहली बार अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को निलंबित कर दिया गया था।
मध्य प्रदेश की सरकार 80 हजार शिक्षकों को क्रमोन्नति देने पर विचार कर रही
भोपाल । राज्य सरकार वर्ष 2006 के बाद नियुक्त करीब 80 हजार शिक्षकों को क्रमोन्नति देने पर विचार कर रही है पर उन्हें यह लाभ कब तक मिलेगा, यह बताना सरकार के लिए अभी मुमकिन नहीं है। विधायक राकेश मावई के प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी सरकार की ओर से स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री इंदरसिंह परमार ने विधानसभा में लिखित में दी। नवदुनिया ने तीन मार्च के अंक में ‘शिक्षकों की क्रमोन्नति : किसको दें अधिकार, तीन साल में तय नहीं बना पाई सरकार” शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया है।
विधायक ने यह भी पूछा है कि अध्यापक संवर्ग की स्कूल शिक्षा विभाग में नियुक्ति की गई है या संविलियन। इस पर सरकार ने बताया कि मप्र राज्य स्कूल शिक्षा सेवा (शैक्षणिक संवर्ग) सेवा शर्तें एवं भर्ती नियम 2018 के तहत कार्रवाई की गई है।
विधायक ने राज्य शिक्षा केंद्र सहित अन्य इकाइयों के परस्पर संविलियन का सवाल किया, जिस पर सरकार ने साफ किया है कि ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। वहीं मिडिल, हाईस्कूल और हायर सेकंडरी स्कूलों में पूर्णकालिक प्रधानाध्यापक और प्राचार्य की भर्ती एवं पदोन्नति के सवाल पर सरकार ने कहा कि पदोन्नति में आरक्षण का मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। इस मामलें में कोर्ट ने स्टेटस को (यथास्थिति) के निर्देश दिए हैं। इसलिए समय सीमा नहीं बता सकते हैं।
विधायक ने पूछा-सहायक शिक्षकों को पदनाम कब मिलेगा
विधायक निलय विनोद डागा ने पूछा है कि सहायक शिक्षकों को क्रमोन्नत वेतनमान के आधार पर पदनाम कब तक मिलेगा। इस पर सरकार ने साफ कर दिया है कि समय सीमा बता पाना संभव नहीं है। क्योंकि प्रकरण नीतिगत स्वरूप का है। डागा का सवाल था कि मुख्यमंत्री ने सितंबर 2017 में भोपाल और दिसंबर 2017 में नसरुल्लागंज में आयोजित शिक्षक सम्मेलन में सहायक शिक्षकों को क्रमोन्नति के आधार पर पदनाम देने की घोषणा की थी। जिसका पालन चार साल बाद भी नहीं हो रहा है।
मध्य प्रदेश विधानसभा में संसदीय उत्कृष्टता पुरस्कार वितरण समारोह बुधवार को
भोपाल। विधानसभा सत्र के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले मंत्री, विधायकों सहित अधिकारियों-कर्मचारियों को संसदीय उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित करने की परंपरा 14 साल बाद फिर शुरू हो रही है। बुधवार को विधानसभा संसदीय उत्कृष्टता पुरस्कार वितरण समारोह-2021 आयोजित कर रही है। एक दिवसीय दौरे पर मध्य प्रदेश आ रहे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला इस समारोह में शामिल होंगे और चयनित लोगों को पुरस्कार प्रदान करेंगे।
संसदीय पत्रकारिता से जुड़े पत्रकारों का भी होगा सम्मान
समारोह में सर्वश्रेष्ठ मंत्री, सर्वश्रेष्ठ विधायक और संसदीय पत्रकारिता से जुड़े पत्रकारों सहित विधानसभा सचिवालय के सर्वश्रेष्ठ अधिकारियों-कर्मचारियों का सम्मान किया जाएगा। ‘विधायक पुरस्कार” प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा और ‘मंत्री पुरस्कार” प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री रविशंकर शुक्ल की स्मृति में दिया जाता है। वहीं मीडिया के लिए दो पुरस्कार हैं। संसदीय पत्रकारिता पुरस्कार (प्रिंट) प्रदेश की पहली महिला नेता प्रतिपक्ष जमुना देवी और संसदीय पत्रकारिता पुरस्कार (इलेक्ट्रानिक) वरिष्ठ पत्रकार माणिकचंद वाजपेयी की स्मृति में दिया जाएगा।
वर्ष 2008 में अंतिम बार संसदीय उत्कृष्टता सम्मान दिए गए थे
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश विधानसभा ने वर्ष 2008 में अंतिम बार संसदीय उत्कृष्टता सम्मान दिए गए थे। इसके बाद से यह आयोजन स्थगित था। वर्ष 2019 में लोकसभा अध्यक्ष बनने के बाद से ओम बिरला लगातार पूरे देश के विधान मंडलों में इस तरह के सम्मान प्रारंभ किए जाने का आह्वान कर रहे थे। बिरला की प्रेरणा से मध्य प्रदेश में 14 वर्ष बाद एक बार फिर यह आयोजन प्रारंभ किया जा रहा है। इतना ही नहीं इस बार पुरस्कारों की श्रेणी और संख्या दोनों में इजाफा किया गया है।
इस समारोह में मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष कमल नाथ, संसदीय कार्य मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा, पुरस्कार समिति के सभापति एवं विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष डा. सीताशरण शर्मा, लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह, विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह सहित मंत्रिमंडल के सदस्य और सभी विधायक उपस्थित रहेंगे।
मुख्यमंत्री नारी सम्मान कोष की स्थापना 100 करोड़ की लागत से की जाएगी, भोपाल इंदौर में उद्योग पार्क स्थापित होगा
देवास। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर देवास में आयोजित महिला सशक्तिकरण-क्रेडिट लिंकेज कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रदेश की महिलाओं के लिए कई योजनाओं की घोषणा की। यहां उन्होंने 25 हजार 242 सदस्यों और 2112 समूहों को जोड़ने वाली महिला आजीविका औद्योगिक सहकारी संस्था के अंतर्गत स्व सहायता समूह की अध्यक्ष दुर्गा परमार को खटांबा स्थित पोषण आहार संयंत्र की चाबी सौंपी।
सीएम चौहान ने कहा कि महिलाओं को वित्तीय सहायता देने के लिए 100 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री नारी सम्मान कोष की स्थापना की जाएगी, मुख्यमंत्री महिला उद्यम शक्ति योजना भी लागू की जाएगी। महिलाओं के उद्यम को प्रोत्साहित करने के लिए इंदौर और भाेपाल में उद्याेग के प्लांट की स्थापना की जाएगी। यह प्लांट केवल महिलाओं के लिए होगा।
सीएम चौहान ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महिलाओं के उत्थान के लिए केंद्र शासन से 300 करोड़ रुपये लाकर दिए गए हैं। प्रदेश में पौष्टिक आहार के लिए पहले जो काम ठेकेदारों के माध्यम से होता था वह अब स्व सहायता समूह के माध्यम से होगा। मप्र ने क्रांति की है। आजीविका मिशन में इस बार महिला सशक्तिकरण का नया अध्याय लिखा है। लाड़ली लक्ष्मी बेटियों को कालेज में एडमिशन लेने पर 25 हजार रुपये पढ़ाई के लिए दिए जाएंगे। मेडिकल या इंजीनियरिंग कालेज में एडमिशन होगा तो उनकी फीस मामा शिवराजसिंह चौहान भरवाएगा। काेरोना के दो साल में शादियां नहीं करवाए पाए। अब अप्रैल में धूमधाम से बेटियों की शादियां करवाई जाएगी।
दस करोड़ की लागत से आठ बड़े उत्पादन केंद्र खड़े होंगे
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पूर्व की कांग्रेस की कमलनाथ सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा महिलाओं से उनका अधिकार छीनकर ठेकेदारों को दे दिया था, लेकिन शिवराजसिंह की सरकार आते ही यह महिलाओं को लौटा दिया गया है। यह सोच का अंतर दर्शाता है।
नड्डा ने कहा 8 ऐसे बड़े-बड़े उत्पादन केंद्र जो दस करोड़ की लागत से खड़े होंगे। ये महिलाओं को समर्पित किए जा रहे हैं। 80 करोड़ रुपये का काम महिला स्व सहायता समूहों को दिया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण की दृष्टि से सालभर में 800 करोड़ रुपए के कार्य करने का मौका दिया जा रहा है। साढ़े तीन लाख स्वयं सहायता समूह मध्यप्रदेश में हैं। कुल मिलाकर 52 जिलों में 40 लाख बहनें इसमें जुड़ी हुई हैं। यह मध्यप्रदेश के महिला सशक्तिकरण का जीता जागता स्वरूप देखने को मिल रहा है। इसके लिए आपको बधाई देना चाहता हूं। नड्डा को माता चामुंडा का विधायक गायत्री राजे पवार ने चित्र भेंट किया।
महिला आरक्षण को लेकर सीएम ने ये कहा
सीएम ने मंच से कहा कि महिला सशक्तीकरण में मप्र ने क्रांति की है। 48 लाख लाड़ली लक्ष्मी बेटियां हैं। कोरोना में दो साल में शादी नहीं कर पाए, लेकिन अप्रैल से धूमधाम से बेटियों की शादी की जाएगी। मप्र ने सबसे पहले स्थानीय निकाय के चुनाव में सरपंच से लेकर मेयर तक के चुनाव में 50 प्रतिशत सीटे आरक्षित की बहनों के लिए रिजर्व कर दी। सरकारी में शिक्षकों में प्रतिशत 50 प्रतिशत बेटियों की भर्ती होगी। सामान्य
नोकरी में 33 प्रतिशत की बेटियों की भर्ती की जाएगी। 30 प्रतिशत भर्ती पुलिस में बेटियों की जाएगी। सीएम ने कहा कि पीएम आवास बनाने के लिए महिलाएं मिस्त्री का कार्य कर रही हैं। वे गेहूं की खरीदी करती हैं। हमारा प्रयास है कि स्वयं सहायता के जरिए महिला की आमदानी कम के कम 10 हजार रुपये प्रतिमाह हो।
प्रदेश में 41 लाख से अधिक लाड़ली लक्ष्मी हैं
सीएम चौहान ने कहा मप्र में बेटी पैदा हो तो लाड़ली लक्ष्मी कहलाती है। जन्म से लेकर अंतिम सांस तक हमने उसकी व्यवस्था की है। प्रदेश में 41 लाख से अधिक लाड़ली लक्ष्मी हैं। नड्डा ने कहा महिलाएं उत्पादन करेंगी, 800 करोड़ रुपये की सामग्री ले जाएंगी। उनके माध्मय से अपनी आजीविका चलाएंगी। समाज को भी खड़ा करने में अपनी भूमिका निभाएंगीं। देवास में महिला सशक्तिकरण की दृष्टि से बहुत बड़ा कार्यक्रम हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी सशक्तिकरण के लिए पोषण अभियान चलाया। 8 मार्च 2018 में राजस्थान के झंझुनू में इस कार्यक्रम की शुरुआत की थी।
आपकी राशि में कैसी रहेगी होली
होली की सभी ने तैयारी शुरू कर दी है। लेकिन यह बहुत कम लोगों को मालूम है कि रंग भी राशियों पर प्रभाव डालते हैं। ज्योतिषाचार्य पंडित सौरभ दुबे बताते हैं कि राशि के अनुसार रंग लगाना शुभ माना जाता है। वहीं ज्योतिषाचार्य पंडित प्रवीण मोहन शर्मा ने बताया कि इस बार होली में कई राशि वालों के लिए अच्छा समय रहेगा।
मेष – इस राशि के जातकों के लिए बेहद शुभ साबित होने जा रही हैं। आपके जीवन में तरक्की के नए योग बनेंगे, आय के नए रास्ते विकसित होंगे, पारिवारिक जीवन अच्छा रहेगा, छात्रों को सफलता प्राप्त होगी। इस राशि के लोग होली के दिन नारंगी रंग का इस्तेमाल करें। नारंगी रंग के कपड़े पहन सकते हैं, नांरगी रंग के गुलाल का प्रयोग कर सकते हैं और नारंगी रंग की मिठाई अर्थात इमरती आदि खा सकते हैं। ऐसा करने से प्रगति के नए मार्ग बनेंगे।
वृष – इस राशि के लोगों के लिए साल 2022 की होली जीवन में आर्थिक उन्नति लेकर आ रही हैं। नौकरी-पेशा वाले लोगों की आय में वृद्धि हो सकती है। व्यापार संबंधी नए प्लान बनेंगे, सामाजिक क्षेत्र में मान-सम्मान बढ़ेगा, लेकिन सेहत का ध्यान की रखने की जरूरत है। होली के दिन गुलाबी रंग का इस्तेमाल करें। ऐसा करने से दाम्पत्य जीवन में सुख बढ़ेगा।
मिथुन – इस राशि वालों के लिए रोजगार में सफलता लेकर आई है, सुख-सुविधाओं में वृद्धि होगी, दफ्तर में प्रमोशन के योग बनेंगे, बेरोजगारों को नौकरी मिलने के योग हैं, इंटरव्यू में सफलता मिलेगी और माता का पूरा सहयोग मिलेगा। जीवनसाथी पर धन खर्च कर सकते हैं और सेहत का ध्यान रखने की जरूरत है। होली पर हरे रंग का गुलाल, हरे रंग के कपड़े आदि का इस्तेमाल करने से सेहत में सुधार आएगा।
कर्क – इस राशि के लोगों के लिए खुशहाली लेकर आई है। अचानक से धन लाभ के योग बन रहे हैं। आप आर्थिक स्थिति को सुनियोजित तरीके से बढ़ाने में सफल होंगे, पारिवारिक माहौल अच्छा बना रहेगा। अनचाही यात्रा पर खर्च हो सकता है जिससे परेशानी होगी। आफिस में काम का प्रेशर ज्यादा रहेगा। होली के दिन सफेद रंग का इस्तेमाल करें। ऐसा करने से जीवन में मानसिक तनाव से मुक्ति मिलेगी।
सिंह – इस राशि वालों के लिए इस साल की होली जीवन में सम्मान लेकर आई है। धन से जुड़े मामले में सफल रहेंगे, साझेदारी में नए काम की शुरुआत होगी, मित्रों का साथ सालभर बना रहेगा, आत्मविश्वास बढ़ेगा और मान-सम्मान की प्राप्ति हो सकती है, शुभ-समाचार मिलने के योग हैं। होली पर लाल रंग का प्रयोग करें। इससे मान-सम्मान में वृद्धि होगी।
साल 2022 की होली कन्या राशि लिए शुभता लेकर आएगी। कार्यक्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल हो सकती है, नई नौकरी के ऑफर मिलेंगे, दांपत्य जीवन अच्छा रहेगा, स्टॉक मार्केट से जुड़े कामों लाभ हो सकता है। होली के दिन फिरोजी रंग का किसी भी तरह इस्तेमाल करें। ऐसा करने से शुभ फल प्राप्त होंगे।
तुला – इस राशि वालों के लिए राहत लेकर आई है। व्यर्थ के कार्यों में समय बर्बाद होगा, नौकरी में सफलता मिलेगी, धन लाभ के योग बनेंगे, वैवाहिक जीवन में समस्याएं बढ़ेंगी, स्वास्थ्य का ध्यान रखने की जरूरत है। होली पर क्रीम रंग का इस्तेमाल करें। इससे आपके जीवन में सुख-शांति बनी रहेगी।
वृश्चिक – इस राशि के लोगों के लिए उन्नति लेकर आई है। बेरोजगारों की नौकरी की तलाश समाप्त होगी, भाग्य का साथ मिलेगा, आय के नए रास्ते खुलेंगे। होली पर केसरी रंग का इस्तेमाल करें। इससे उन्नति के नए मार्ग बनेंगे।
धनु – इस राशि वालों के लिए यह होली सहजता लेकर आई है। सुख-सुविधाओं में वृद्धि होगी, व्यापार में अच्छे लाभ मिलेंगे, शादीशुदा जीवन में मधुरता बनी रहेगी, सेहत को लेकर थोड़ा ध्यान देने की जरूरत है, दैनिक खर्चे बढ़ेंगे, धर्म के कार्यों में आस्था भी बढ़ेगी। होली पर बादामी रंग का इस्तेमाल करें। इससे मुश्किल कामों में आसानी आएगी।
मकर – इस राशि के लिए सामान्य रहने वाली है। आर्थिक उलझन के योग हैं, मन विचलित हो सकता है, जीवनसाथी से लाभ मिलेगा। हड्डियों और नसों से सम्बंधित रोग हो सकते हैं। आर्थिक प्रयासों में अवरोध आ सकता है। होली पर नीले रंग का इस्तेमाल करने से परेशानियां दूर हो सकती हैं।
कुंभ – इस राशि के लोगों के लिए कठिन रहने वाली है। अचानक से धन हानि के योग हैं, मानसिक तनाव रहेगा, संतान सुख मिलेगा, सिरदर्द की परेशानी हो सकती है. कार्यक्षेत्र में सहकर्मियों से कटुता बढ़ेगी। होली पर बैंगनी रंग का इस्तेमाल करें। इससे जीवन से अशुभता दूर होगी।
मीन – इस राशि के लोगों के लिए जीवन में सुधार लेकर आई है। कार्य क्षमता बढ़ेगी, मानसिक उलझनें कम होंगी, बड़े धनलाभ के योग हैं। होली पर बसंती रंग का इस्तेमाल करें। ऐसा करने से आप भाग्य से बलवान बनेंगे। ज्योतिषाचार्य कहते हैं रंग खेलने वाली होली के दिन होली की भस्म को मस्तक पर जरूर लगाएं. ऐसा करने से आपके जीवन में सुख-शांति बनी रहेगी और खुशियां प्राप्त होंगी।
दाऊद मामले में गिरफ्तार नवाब मलिक की ED कस्टडी खत्म
दाऊद मामले में गिरफ्तार नवाब मलिक की ED कस्टडी खत्म
महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और NCP नेता नवाब मलिक की ED हिरासत अब खत्म हो गई है. मुंबई की विशेष पीएमएलए अदालत ने अब उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. नवाब मलिक 14 दिन यानी 21 मार्च तक ज्यूडिशियल कस्टडी में रहेंगे. ED ने उन्हें 23 फरवरी को दाऊद इब्राहिम मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था.
इससे पहले अदालत ने अंडरवल्र्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक की हिरासत सात मार्च तक बढ़ा दी थी. ईडी ने मलिक को गिरफ्तार कर 3 मार्च तक की रिमांड पर लिया था.
क्या है पूरा मामला
ईडी को कुछ रियल एस्टेट परियोजनाओं में नवाब मलिक के बेनामी निवेश का विवरण मिला है. ईडी ने इस मामले में 18 फरवरी को दाऊद के भाई इकबाल कासकर को गिरफ्तार किया था. इस मामले में छोटा शकील के सहयोगी सलीम कुरैशी से भी पूछताछ की गई. 3 फरवरी को, एनआईए को सूचना मिली थी कि दाऊद इब्राहिम आतंकी फंड जुटा रहा है और लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद (खीट) और अल कायदा (अद) के साथ काम कर रहा है. वह करीबी सहयोगियों के माध्यम से भारत में आपराधिक गतिविधियों को नियंत्रित कर रहा था.
ईडी ने दाऊद के खिलाफ पीएमएलए का मामला दर्ज किया था. एक अन्य मामला उसके भाई इकबाल कासकर, इकबाल काशका, इकबाल मिर्ची और 19 अन्य के खिलाफ दर्ज किया गया था. बाद में दोनों मामलों को ईडी ने मर्ज कर दिया. केंद्रीय जांच एजेंसी ने दाऊद के सहयोगी के परिसरों से नौ छापे मारे और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए थे.
पोषण आहार संयंत्रों की चाबी महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपेंगे मुख्यमंत्री
भोपाल। प्रदेश में पोषण आहार संयंत्रों को संचालन महिला स्व-सहायता समूहों के परिसंघों द्वारा किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान देवास में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में समूहों को संयंत्र की चाबी सौंपेंगे। इसके सााि ही तीन सौ करोड़ रुपये के बैंक ऋण का वितरण भी करेंगे। कार्यक्रम भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आजीविका मिशन ने सात पोषण आहार संयंत्रों की स्थापना की गई है। सरकार ने इनका संचालन महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपने का निर्णय लिया है। इनसे तैयार होने वाला पोषण आहार आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से वितरित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के संकुल स्तरीय संघों को उल्लेखनीय कार्य करने के लिए प्रशंसा पत्र भी दिए जाएंगे।
महिला स्व-सहायता समूहों से 40 लाख महिलाएं जुड़ी
प्रदेश में महिला स्व-सहायता समूहों से 40 लाख महिलाएं जुड़ी हैं और विभिन्न् व्यवसायिक गतिविधियों का संचालन कर रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडर, डीजल, आयल की बिक्री के अलावा पेयजल योजनाओं का प्रबंधन, पंचायतों में कर संग्रहण, फ्लाई एश से ईंट निर्माण, फसल उपार्जन जैसे काम भी समूह को दिए जा रहे हैं। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा। राष्ट्रीय सूचना केंद्र के माध्यम से समूह की सदस्य कार्यक्रम से जुड़ेंगी।





