Home Blog Page 72

एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

0

शिवसेना के बागी गुट के नेता एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वैसे कुछ घंटों पहले देवेन्द्र फडणवीस ने कहा था कि वो सरकार में शामिल नहीं होंगे, लेकिन सरकार को पूरा सहयोग देंगे। लेकिन अब उन्होंने उपमुख्यमंत्री पद संभालने का फैसला किया है।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ताजा बयान जारी कर कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने तय किया है कि देवेंद्र फडणवीस को सरकार में आना चाहिए इसलिए उनसे व्यक्तिगत अनुरोध किया गया है। केंद्रीय नेतृत्व ने कहा है कि देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के रूप में कार्यभार संभालें।

इस बारे में गृहमंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट किया है। इसमें अमित शाह ने लिखा है कि जेपी नड्डा जी के कहने पर देवेन्द्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के हित में सरकार में शामिल होना स्वीकार कर लिया है। इससे पहले राज्यपाल से मुलाकात के बाद देवेन्द्र फडणवीस ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आज शाम 7.30 बजे एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और बीजेपी उन्हें पूरा समर्थन देगी। फडणवीस ने कहा कि वो सरकार में शामिल नहीं होंगे और नये लोगों को मौका दिया जाएगा। राज्यपाल से मुलाकात के बाद देवेन्द्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे ने संयुक्त रुप से प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया और इस बात का ऐलान किया।

गुरुवार की दोपहर देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने राज्य में सरकार गठन का दावा पेश किया। भाजपा के पास कुल 106 विधायक हैं, जबकि एकनाथ शिंदे ने भी शिवसेना के बागियों और निर्दलीय विधायकों समेत कुल 49 सदस्यों के समर्थन का दावा किया है। इससे पहले एकनाथ शिंदे गोवा से मुंबई पहुंचे और फिर देवेन्द्र फडणवीस के घर पहुंचे। फिर दोनों एक साथ राज्यपाल से मिलने पहुंचे और सरकार बनाने का दावा पेश किया।

आज कांग्रेस के नेताओं और विधायकों ने उद्धव ठाकरे से उनके घर मातोश्री में मुलाकात की। कांग्रेस जहां एकजुटता दिखा रही है वहीं उसके नेता विरोध भी जता रही है। उद्धव के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के फैसले पर कांग्रेस के नेताओं ने ही सवाल उठाये हैं। पूर्व सीएम पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा मीडिया चैनल से बातचीत में कहा कि इससे ऐसा लगता है जैसे उद्धव ठाकरे लड़ना नहीं चाहते हैं। इनके मुताबिक उद्धव ठाकरे को विधानसभा में आना चाहिए था और अपनी बात रखते हुए इस्तीफा देना चाहिए था। औरंगाबाद और उस्मानाबाद शहरों ने नाम बदलने को लेकर भी कांग्रेस में नाराजगी है।

जसप्रीत बुमराह होंगे टीम इंडिया के कप्तान, ऋषभ पंत को मिली उप-कप्तानी

0

इंग्लैंड दौरे पर पहुंची भारतीय टीम को करारा झटका लगा है। कोरोना संक्रमित हुए रोहित शर्मा एजबेस्टन टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। अब उनकी जगह टीम की कप्तानी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह करते नजर आएंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने यह जानकारी दी है। बीसीसीआई ने कहा कि रोहित शर्मा फिटनेस टेस्ट में पास नहीं हुए। ऐसे में पांचवें टेस्ट मुकाबले से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह बुमराह को कप्तान बनाया गया है। वहीं ऋषभ पंत को उपकप्तानी सौंपी गई है। बता दें पिछले साल भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट श्रृंखला खेली गई थी। कोरोना केस बढ़ने के कारण आखिरी मुकाबला नहीं हो पाया था, जो अब खेला जाएगा। फिलहाल भारतीय टीम सीरीज में 2-1 से आगे है।

1 जुलाई से खेला जाएगा मैच

टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच पांचवां टेस्ट मुकाबला 1 जुलाई से बर्मिंघम में खेला जाएगा। इसके बाद अगर रोहित शर्मा वापसी करते हैं, तो उनकी कप्तानी में तीन टी-20 और इतने ही वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। टेस्ट मैच के लिए भारतीय स्क्वॉड का एलान कर दिया गया है। वहीं वनडे और टी-20 श्रृंखला के लिए स्क्वॉड घोषित करना बाकी है।

मतदान केंद्र पर लूट या तोड़फोड़ हुई तो आरोपित की संपत्ति से होगी वसूली

0

पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव में मतदान केंद्रों पर मतपेटी या मतपत्र लूटने, तोड़फोड़ करने वालों से नुकसान की वसूली करने का निर्णय लिया गया है। पहले चरण के चुनाव में जिन मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराना पड़ा था, वहां जिला प्रशासन द्वारा आरोपितों को संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत वसूली के नोटिस दिए गए हैं। यदि राशि जमा नहीं की जाती है तो संपत्ति से वसूली होगी।

उधर, राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राकेश सिंह का कहना है कि मतदान प्रक्रिया को बाधित करने के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी ही चाहिए। मतदानकर्मियों की वजह से यदि पुनर्मतदान की स्थिति बनती है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहला चरण का मतदान हो चुका है। दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार को होेगा। मतदान के दौरान पथराव करने, मतपेटी या मतपत्र लूटने या अन्य कारण से पुनर्मतदान की स्थिति बनती है तो दोषी व्यक्तियों से मतदान व्यवस्था पर हुए खर्च की वसूली की जाएगी।

भिंड और राजगढ़ जिले में जिला प्रशासन ऐसा कर चुका है। संबंधितों को नोटिस देकर मतदान दल के अधिकारियों-कर्मचारियों के दो दिन के वेतन, भोजन, चाय-नाश्ता, टेंट, बिजली, डीजल, पेयजल, वीडियोग्राफी सहित अन्य खर्च की क्षतिपूर्ति करने के लिए कहा गया है। यदि क्षतिपूर्ति नहीं की जाती है तो संपत्ति को आधिपत्य में लेकर राशि वसूली जाएगी।

उर्फी जावेद को मिली जान से मारने की धमकी

0

उर्फी जावेद हमेशा अपने अलग फैशन स्टेटमेंट के लिए ही चर्चा में नहीं बनी रहती बल्कि वे अपने बेबाक बयानों की वजह से भी लाइमलाइट में रहती हैं। बोल्ड अंदाज वाली उर्फी जावेद अपने बयानों को खुलकर बोलने में कभी पीछे नहीं हटती हैं। फिर इसके लिए चाहे उर्फी को ट्रोल ही क्यों न होना पड़े। दरअसल उर्फी ने उदयपुर में हुए कन्हैयालाल के हत्याकांड मामले की कड़ी निंदा की थी। उर्फी ने लिखा था कि ‘अल्लाह ने धर्म के नाम पर कभी भी ऐसी बर्बरता को मंजूर नहीं किया है।’ उन्होंने इसे अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया था। जिसके बाद से उन्हें धमकी भरे मैसेज आने लगे। एक यूजर की धमकी का उर्फी ने स्क्रीनशॉट भी अपनी इंस्टा स्टोरी पर शेयर किया है।

उर्फी को मिली जान से मारने की धमकी

उर्फी को यूजर्स उनके बयान पर धमकी भरे और भद्दे मैसेज कर रहे हैं। वहीं उर्फी ने एक शख्स के खिलाफ एक्शन लेने की बात भी कही है। उर्फी ने स्टोरी शेयर करते हुए अपनी उस पोस्ट में लिखा कि वे मुंबई पुलिस से इस शख्स की शिकायत करेंगी। उर्फी को एक यूजर ने चुड़ैल कहा है। वहीं एक यूजर ने लिखा कि ‘अपना मुंह बंद कर चुड़ैल, तुझे तो क्या ही पता इस्लाम क्या है। हमारे नबी की शान में कोई गुस्ताखी करें और हम उसे कैसे छोड़ दें।’ शख्स के इन मैसेजेस से उर्फी का पारा हाई हो गया है।

उर्फी करेंगी एफआईआर

इस घटना के बाद उर्फी ने मुंबई पुलिस को टैग करते हुए लिखा कि ‘मैं इस शख्स के खिलाफ पुलिस में शिकायत करने वाली हूं। ये शख्स धर्म के नाम पर मारने की धमकी दे रहा है। यह सभी चरमपंथियों के लिए सबक होगा। साजिद अब अपना समय जेल में इंजॉय करो।’ उर्फी के लिए गए इस सख्त एक्शन के बाद देखना यह होगा कि इससे कितनों को सबक मिलता है। उर्फी इसके साथ-साथ कुछ अन्य वजहों से भी सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। वे मोस्ट सर्च एशियंस वर्ल्ड वाइड में 57 नंबर पर आ गई हैं। इस लिस्ट में आकर उर्फी ने कियारा आडवाणी, कंगना रनौत, जान्हवी कपूर जैसी बड़ी एक्ट्रेस को भी पीछे छोड़ दिया है। इसको देखकर कहा जा सकता है कि उर्फी सच-मुच में काफी हिट हैं।

Mallika Sherawat एक बार फिर करेंगी बॉलीवुड में एंट्री, रणवीर शौरी के साथ आएंगी नजर

0

अभिनेता रजत कपूर अपने निर्देशन में बनी फिल्म आरके/आर के ए वाई (RK/ RKAY) की रिलीज के लिए तैयार हैं। मंगलवार को फिल्म का टीजर लॉन्च भी किया गया। टीज़र के मुताबिक, इसमें रजत कपूर एक फिल्म निर्माता की भूमिका निभा रहे हैं जो अपने लापता नायक के बारे में परेशान है। इस फिल्म की कहानी में कोई भी हीरो नहीं है। इस फिल्म के साथ मल्लिका शेरावत एक बार फिर बाॅलीवुड फिल्मों में नजर आनेे वाली हैं। इसके बारे में मूवी के अभिनेता रणवीर शौरी ने स्वदेशी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म कू ऐप (Koo App) पर टीज़र शेयर करते हुए लिखा, “दोस्तों! हीरो गायब है”

मल्लिका करने जा रही हैं कमबैक

इस फिल्म में बॉलीवुड एक्ट्रेस मल्लिका शेरावत अपना कमबैक करने के लिए बिल्कुल तैयार हैं। इससे पहले मल्लिका को बिग बॉस 13 (Bigg Boss 13) के सेट पर सलमान खान (Salman Khan) के साथ जमकर मस्ती करते देखा गया था। इतना ही नहीं जब वह बिग बॉस के घर अंदर गई थीं तब उन्होंने आसिम के साथ बेहद निराले अंदाज में डांस किया था। रजत कपूर की इस अपकमिंग फिल्म का प्रीमियर पहले ही कई फिल्म फेस्टिवल के दौरान किया जा चुका है। जिनमें शंघाई फिल्म फेस्टिवल, बुकियन इंटरनेशनल फैंटास्टिक फिल्म फेस्टिवल, फ्लोरेंस रिवर टू रिवर फेस्टिवल और पुणे अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल शामिल है।

पहले भी साथ फिल्म कर चुके हैं रणवीर और मल्लिका

इससे पहले मल्लिका, रणवीर शौरी के साथ कई बड़ी फिल्में जैसे अगली और पगली (Ugly Aur Pagli), प्यार के साइड इफेक्ट्स (Pyar Ke Side Effects) में नज़र आ चुकी हैं। मल्लिका शेरावत ने अपनी ‘मर्डर’, ‘ख्वाहिश’, ‘वेलकम’, ‘हिस्स’ जैसी फिल्मों में जबरदस्त एक्टिंग से दर्शकों का दिल भी जीता है। बता दें ये फिल्म 22 जुलाई 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म के किेए गए उस प्रीमियर को सभी जगह काफी पसंद किया गया था। साथ ही इसकी खूब तारीफ भी हुई थी। जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म को सिनेमाघरों में दर्शकों का काफी प्यार मिलने वाला है।

विनायक चतुर्थी पर बनने जा रहे हैं दो शुभ योग

0

आषाढ़ माह में आने वाली विनायक चतुर्थी का व्रत इस बार 03 जुलाई रविवार के दिन पड़ रहा है। इस दिन विघ्नहर्ता गणेश की विधि विधान से पूजा की जाती है। विशेष बात तो यह है कि यह पूजा दोपहर तक संपन्न कर ली जाती है। इस व्रत में चंद्रमा का दर्शन करना अशुभ माना जाता है। इस बार विनायक चतुर्थी व्रत के दिन दो शुभ योग बनने जा रहे हैं। रवि योग और सिद्धि योग। ये योग कार्यों में सफलता प्रदान करने वाले योग हैं।

विनायक चतुर्थी शुभ मुहूर्त

आषाढ़ शुक्ल चतुर्थी तिथि का प्रारंभ 02 जुलाई शनिवार दोपहर 03:16 से

आषाढ़ शुक्ल चतुर्थी तिथि का समापन 03 जुलाई दिन रविवार शाम 05:06 तक

गणेश पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 11:02 से दोपहर 01:49 तक

चंद्रोदय सुबह 08:54 पर

चंद्रास्त रात 10:33 पर

विनायक चतुर्थी शुभ योग

रवि योग प्रातः: 05:28 से सुबह 06:30 तक

सिद्धि योग दोपहर 12:07 से पूरी रात तक

इस दिन का शुभ समय दिन में 11:57 से दोपहर 12:53 तक

विनायक चतुर्थी अशुभ समय

राहुकाल शाम 05:39 से शाम 07:23 बजे तक

राहुकाल में शुभ एवं मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं।

गणेश जी की पूजा विधि

जो लोग 03 जुलाई को विनायक चतुर्थी व्रत रखने वाले हैं। वे प्रातः स्नान करके चतुर्थी व्रत और पूजन करने का संकल्प लें। इसके बाद शुभ मुहूर्त में गणपति बप्पा की पूजा करें। इस दिन सबसे पहले गणेश जी को एक चौकी पर स्थापित करें। इसके बाद उनका जलाभिषेक करें। फिर उनको वस्त्र, चंदन, तिलक, कुमकुम, धूप, दीप, लाल फूल, अक्षत, पान सुपारी, आदि अर्पित करें।

गणेश जी की पूजा में दूर्वा का उपयोग जरूर करना चाहिए। क्योंकि यह गणेश जी को अत्यंत ही प्रिय होती है। भोग के रूप में मोतीचूर के लड्डू चढ़ाएं। इसके बाद गणेश चालीसा और विनायक चतुर्थी व्रत कथा का पाठ करें। गणेश जी आपकी सभी मनोकामनाओं को पूरा करेंगे।

मध्‍य प्रदेश में औद्योगिक क्षेत्र में भूमि विकास की सभी अनुमति अब आयुक्त देंगे

0

मध्य प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक क्षेत्र और क्लस्टर में भूमि विकास की अनुमति के लिए निवेशकों को चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अब आयुक्त, उद्योग भूमि विकास से जुड़ी सभी अनुमतियां देंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में नगर तथा ग्राम निवेश संचालनालय से अधिकार लेकर आयुक्त उद्योग को देने के प्रस्ताव को अनुमति दी गई।

बैठक में बताया गया कि प्रदेश में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। यहां भूमि विकास की अनुज्ञा, भूखंड को आपस में मिलाने या विभाजित करने के लिए नगर तथा ग्राम निवेश संचालनालय से अनुमति लेनी होती है। इसमें काफी समय लग जाता है।

इससे निवेशक परेशान होते हैं और परियोजनाओं में विलंब होता है। इसे ध्यान में रखते हुए अब भूमि विकास से जुड़ी अनुमतियां देने के अधिकार आयुक्त उद्योग को दे दिए गए हैं। वहीं, निवेश प्रोत्साहन सहायता योजना की अवधि में 31 मार्च 2023 तक के लिए वृद्धि कर दी गई है। ऐसी इकाइयां, जो प्रस्तावित निवेश का 75 प्रतिशत 20 जून 2023 तक कर लेंगे, उन्हें इस सुविधा का लाभ मिलेगा।

नेशनल फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी के कैंपस के लिए भूमि आवंटित

 

बैठक में नेशनल फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी, गांधीनगर के कैंपस की स्थापना के लिए भोपाल के बरखेड़ा बोंदर में 15 एकड़ भूमि एक रुपये वार्षिक भू-भाटक पर देने का निर्णय लिया गया। कैंपस विकसित करने का पूरा दायित्व यूनिवर्सिटी का रहेगा। वहीं, मुरैना में रुरल टेक्नोलाजी पार्क स्थापित करने की मंजूरी दी गई। इसके संचालन के लिए वेतन-भत्तों और प्रशिक्षण व्यय के लिए एक करोड़ 60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।

संकट में उद्धव सरकार, राज्यपाल ने 30 जून को बुलाया विशेष सत्र

0

महाराष्ट्र का राजनीतिक संकट धीरे-धीरे जोर पकड़ता जा रहा है। राज्य़पाल भगत सिंह कोश्यारी ने उद्धव ठाकरे की महा विकास अघाड़ी सरकार को विधानसभा में बहुमत साबित करने को कहा है। इसके लिए 30 जून को विशेष सत्र बुलाने के लिए कहा है। इससे पहले मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की और एक पत्र सौंपा। इसमें फौरन विधानसभा का सत्र बुलाने और फ्लोर टेस्ट कराने की मांग की। इसके अलावा 8 विधायकों ने भी राज्यपाल को एक ई-मेल भेजा है, जिसमें फौरन फ्लोर टेस्ट कराने की मांग की गई है।

बीजेपी ने शुरु की तैयारी

बीजेपी ने तय कर लिया है कि अब महाराष्ट्र के सियासी संकट में चुपचाप तमाशा देखने का वक्त खत्म हो चुका है। आगे की रणनीति पर चर्चा के लिए पूर्व सीएम और नेता विपक्ष देवेंद्र फडणवीस दिल्ली पहुंचे और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर उनसे मुलाकात की। माना जा रहा है कि महाराष्ट्र में सरकार बनाने की संभावनाओं और विभागों के बंटवारे के फॉर्मूले पर विचार-विमर्श हुआ। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शिंदे गुट को एक डिप्टी सीएम और 5-6 मंत्री पदों का ऑफर दिया गया है।

बागी नेताओं से भावुक अपील

उद्धव ठाकरे ने कैबिनेट की बैठक के पहले एनसीपी चीफ शरद पवार से बात की। फिर कैबिनेट की बैठक में विधायकों से चर्चा के बाद उन्होंने इस्तीफा नहीं देने का फैसला लिया है। माना जा रहा है कि विधायकों के समर्थन से उत्साहित उद्धव ठाकरे अब विधानसभा में फ्लोर टेस्ट कराने के लिए भी तैयार हैं। वैसे, मीडिया सूत्रों के मुताबिक उद्धव ठाकरे के साथ अब मुश्किल से 15 विधायक रह गये हैं।

इस बीच प्रदेश में उठे सियासी तूफान के बीच मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने एक बार फिर बागी विधायकों से भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि अभी भी देर नहीं हुई है, इसलिए वे वापस आ जाएं और मिल-बैठकर बात करें। उधर करीब 40 बागी विधायक 22 जून से गुवाहाटी के होटल में हैं और खुद को असली शिवसेना बता रहे हैं। तमाम धमकियों और अपील के बावजूद इनकी संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।

पीएम मोदी को एयरपोर्ट पर खुद लेने और छोड़ने आये UAE के राष्ट्रपति

0

जर्मनी में जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद पीएम मोदी मंगलवार को कुछ घंटों के लिए यूएई पहुंचे। अबू धाबी पहुंचने पर यूएई के मौजूदा राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान (Sheikh Khalifa bin Zayed Al Nahyan) ने खुद हवाई अड्डे पर पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। पीएम मोदी खाड़ी देश के पूर्व राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान के निधन पर व्यक्तिगत रूप से शोक जताने पहुंचे थे। बता दें कि 73 वर्य़ीय नाहयान का लंबी बीमारी के बाद बीते 13 मई को निधन हो गया था। पीएम मोदी ने नाहयान के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक महान और दूरदर्शी राजनेता बताया था, जिनके नेतृत्व में भारत और यूएई के संबंध समृद्ध हुए।

इस संक्षिप्त दौरे में यूएई के मौजूदा राष्ट्रपति ने पीएम मोदी का बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया। लौटते वक्त पीएम को मोदी को छोड़ने के लिए भी वो हवाई अड्डे तक पहुंचे और गले मिलकर विदाई दी। इससे पहले प्रधानमंत्री ने जर्मनी में शिखर सम्मेलन के दौरान विश्व के कई नेताओं से मुलाकात की और वैश्विक कल्याण एवं समृद्धि को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

पीएम मोदी ने स्वयं ट्वीट कर कहा कि जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान दुनिया के कई नेताओं के साथ बातचीत की और म्यूनिख में एक यादगार सामुदायिक कार्यक्रम में भाग लिया। पीएम मोदी ने आगे लिखा, मैं इस यात्रा में जर्मनी के लोगों, जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज और जर्मन सरकार को उनके आतिथि सत्कार के लिए धन्यवाद देता हूं. मुझे विश्वास है कि आने वाले दिनों में भारत-जर्मनी की दोस्ती नई ऊंचाइयों को छुएगी।

आकाश अंबानी होंगे रिलायंस जियो इनफोकॉम लिमिटेड के नए चेयरमैन

0

उद्योगपति मुकेश अंबानी के बड़े बेटे आकाश अंबानी अब रिलायसं जियो इनफोकॉम लिमिटेड के चेयरमैन होंगे। 27 जून को हुई बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग में उनके नाम पर मोहर लगी। इससे पहले आकाश अंबानी बोर्ड में नॉन एक्सीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार को स्टॉक एक्सचेंज में कंपनी की तरफ से की गई फाइलिंग में यह बात सामने आई।

ब्राउन यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र में स्नातक आकाश अंबानी से पहले उनके पिता मुकेश अंबानी कंपनी के चेयरमैन के नाते काम देख रहे थे। मुकेश अंबानी का चेयरमैन पद से उनका इस्तीफा भी बोर्ड ने स्वीकार कर लिया है। इस नियुक्ति को नई पीढ़ी को नेतृत्व सौंपने के तौर पर देखा जा रहा है। मुकेश अंबानी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के चेयरमैन बने रहेंगे।

जियो के 4जी इको सिस्टम को खड़ा करने का श्रेय काफी हद तक आकाश अंबानी को जाता है। 2020 में दुनिया भर की बड़ी टेक कंपनियों ने जियो में निवेश किया था, वैश्विक निवेश को भारत लाने में भी आकाश ने खूब मेहनत की थी।

एक और बड़ा बदलाव करते हुए रिलायंस जियो इनफोकॉम लिमिटेड ने पंकज पवार को अगले 5 वर्षों के लिए कंपनी का मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त किया है। एडिशनल डायरेक्टर रामिंदर सिंह गुजराल और के.वी. चौधरी अब स्वतंत्र निदेशकों को तौर पर काम देखेंगे। उनकी नियुक्ति भी 5 वर्षों के लिए प्रभावी होगी। शेयरधारकों के अनुमोदन के बाद ही यह नियुक्तियां मान्य होंगी।