Home Blog Page 181

साउथ अफ्रीका दौरे से बाहर हुए रोहित शर्मा

0

टीम इंडिया के साउथ अफ्रीका दौरे से ठीक पहले टीम को बड़ा झटका लगा है। टेस्ट टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा को अभ्यास के दौरान हाथ में चोट लग गई है। ऐसे में उनका दौरे पर जाना कैंसल हो गया है। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने ये जानकारी दी। मिली जानकारी के मुताबिक टीम के विशेषज्ञ राघवेंद्र से थ्रो-डाउन लेने के दौरान रोहित को हाथ में चोट लगी। पीटीआई के सूत्रों के मुताबिक रोहित शर्मा को हाथ में कुछ दिक्कत हो रही है और मेडिकल टीम इसे सुलझाने की कोशिश कर रही है। रोहित की चोट भारत के लिए बड़ा नुकसान है। साल 2021 में वे टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। ऐसे में उनका दक्षिण अफ्रीका नहीं जाना भारत की जीत की संभावनाओं को बड़ा नुकसान पहुंचा सकता है।

बैकअप के तौर पर प्रियांक पांचाल को टीम इंडिया के बायोबबल में शामिल होने के लिए कहा गया है। प्रियांक भारत की ए टीम के कप्तान हैं, वे अभी दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर ही हैं। बीसीसीआई अधिकारी ने बताया कि पांचाल को आज ही मुंबई टीम होटल में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। उन्होंने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ टेस्ट मैच में 96 रन बनाये थे। इन्हें रोहित के कवर के तौर पर देखा जा रहा है। 31 साल के पांचाल घरेलू क्रिकेट में गुजरात के लिए खेलते हैं। वे 100 फर्स्ट क्लास मैच खेल चुके हैं। उनके नाम 45.52 की औसत से 7011 रन हैं और उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 314 रन है। उनके नाम इस फॉर्मेट में 24 शतक और 25 अर्धशतक हैं। वे पहले भी टीम इंडिया में चयन के दावेदार रहे हैं लेकिन जगह नहीं बन पाई थी।

Time मैगजीन ने एलन मस्क को चुना ‘टाइम्स पर्सन ऑफ द ईयर’

0

दुनिया के जाने-माने मैगजीन टाइम (Time magazine) ने दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क को ‘टाइम्स पर्सन ऑफ द ईयर 2021’ (Time’s Person Of The Year 2021) चुना है। एलन मस्क कार कंपनी टेस्ला (Tesla) और स्पेसएक्स (SpaceX) के सीईओ हैं। मैगजीन के मुताबिक एलन मस्क को अंतरिक्ष के साथ-साथ इलेक्ट्रिक कारों में उनके काम के लिए चुना गया है। साथ ही मानवता को मंगल पर ले जाने की उनकी योजना और क्रिप्टोकरेंसी में उनकी रुचि के लिए भी उन्हें ये सम्मान दिया गया है। टाइम मैगजीन के एडिटर-इन-चीफ एडवर्ड फेल्सेंथनल ने कहा – ‘पर्सन ऑफ द ईयर किसी व्यक्ति का प्रभावशाली होना दिखाता है और कुछ ही ऐसे लोग हुए हैं, जिन्होंने धरती पर जीवन या धरती के बाहर जीवन पर इतना प्रभाव डाला है। 2021 में एलन मस्क हमारे समाज में बदलाव का सबसे बड़ा उदाहरण बने हैं।’

एलन मस्क, इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी टेस्ला और मंगल ग्रह पर इंसानी बस्ती बसाने के उद्देश्य के साथ काम कर रही कंपनी स्पेसएक्स के फाउंडर और सीईओ हैं। इसके अलावा वह द बोरिंग कंपनी (The Boring Company) के भी संस्थापक भी हैं; और न्यूरालिंक और OpenAI के को-फाउंडर है। एलन मस्क को व्यवसायिक दुनिया में सफलता के अलावा अपने बेबाकीपन और ट्विटर पर बेहद सक्रिय होने के लिए भी जाना जाता है। ट्विटर पर उनके 6.5 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स है। उनके एक ट्वीट से पूर्व में कई बार क्रिप्टोकरेंसी में उछाल और क्रैश आ चुका है।

एलन मस्क फिलहाल दुनिया के सबसे अमीर आदमी हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक मस्क की कुल संपत्ति 266 अरब डॉलर की है, जो दूसरे नंबर पर उनके प्रतिद्वंदी जेफ बेजोस की 200 अरब डॉलर की संपत्ति से काफी ज्यादा है। कोरोना महामारी के दौरान टेस्ला के शेयरों में भारी उछाल के साथ एलन मस्क की संपत्ति काफी तेजी से बढ़ी है। हाल ही में उन्होंने टेस्ला के करीब 96.3 करोड़ डॉलर के शेयर बेच दिये। फिर भी उनकी संपत्ति अभी भी दुनिया में सबसे अधिक है।

भोपाल में 80 फीसद स्कूली बच्चों के अभिभावकों ने लगवा लिए हैं टीका के दोनों डोज

0

भोपाल। कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण के कारण स्कूलों में 50 फीसद उपस्थिति के साथ कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के फैलने की आशंका को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग ने बच्चों के माध्यम से अभिभावकों से टीकाकरण की जानकारी मांगी है। स्कूल में पढ़ने वाले करीब 80 फीसद बच्चों के अभिभावकों ने फीडबैक फार्म में यह जानकारी दी है कि उन्होंने टीका के दोनों डोज लगवा लिए हैं। इसमें जिले में पहली से बारहवीं के सरकारी व निजी स्कूलों में से तीन लाख 87 हजार 713 बच्चों में से तीन लाख दस हजार 170 बच्चों के अभिभावकों ने टीकाकरण का दूसरा डोज लगवा लिया है। वहीं, सरकारी स्कूलों में छह हजार 804 और निजी स्कूलों में 11 हजार 705 शिक्षक पदस्थ हैं। शिक्षकों का 100 फीसद टीकाकरण हो चुका है।

जिला शिक्षा कार्यालय में यह पूरा फीडबैक फार्म जमा किया जा रहा है। वहीं, 20 फीसद बचे हुए अभिभावकों के लिए जिला शिक्षा अधिकारी बच्चों के माध्यम से उन्हें टीकाकरण के प्रति जागरूक करने का प्रयास करेंगे। साथ ही एक दूसरा फीडबैक फार्म भी जारी किया जा रहा है। भोपाल जिले के संकुल प्राचार्याें को भी जिम्मेदारी दी गई है कि उनके अंतर्गत आने वाले निजी व सरकारी स्कूल अपने स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति प्रेरित करें। साथ ही शिक्षक फोन लगाकर भी अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करेंगे।

नए फीडबैक फार्म ये जानकारी मांगी गई है
जिन अभिभावकों ने दूसरा डोज नहीं लगवाया है। उनके लिए नया फीडबैक फार्म भरवाया जा रहा है। इसमें विद्यार्थी के अभिभावकों के नाम, आयु, मोबाइल नंबर भी दर्शाए गए है। कुछ स्कूलों ने फार्म जमा कर दिए हैं। अन्य स्कूलों से भी फार्म जल्द जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

इंदौर में पुलिस ने पहली बार ड्रोन से की चेकिंग

0

इंदौर । इंदौर शहर में पहली बार पुलिस ने नाइट चेकिंग के लिए ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया। इसमें पुलिस ने देखा कि गाड़ी में कौन लोग सवार है। चेकिंग में करीब एक दर्जन गाड़ियों को पुलिस ने जब्त भी किया।

कमिश्नर ऑफ पुलिस इंदौर हरिनारायण चारी मिश्र और ज्वाइंट कमिश्नर मनीष कपूरिया द्वारा शनिवार देर रात चेकिंग के निर्देश दिए गए थे। जिस के पालन में डीसीपी आशुतोष बागरी, एडिशनल डीसीपी राजेश रघुवंशी, एसीपी राकेश गुप्ता द्वारा विजय नगर इलाके में कार्रवाई की। शनिवार रात चेकिंग में विजय नगर चौराहे पर पुलिस ने 18 गाड़ियों पर कार्रवाई की। इसमें नौ गाड़ियां ओवरस्पीडिंग में जा रही थी और दो गााड़ियों की नंबर प्लेट गलत थी।

इनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। नशे में गाड़ी चलाते मिले कार चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर गाड़ी को पुलिस ने जब्त किया। डीसीपी आशुतोष बागरी खुद अलग-अलग चेकिंग पॉइंट पर जाकर मॉनिटरिंग करते रहें। शनिवार रात एक दर्जन चौराहों पर पुलिस चेकिंग कर रही थी।

विजय नगर चौराहे पर पुलिस ने जब एक कार को रोकना चाहा तो वह सर्विस रोड तरफ से भागी। पुलिस ने पीछा कर मेघदूत गार्डन के पास कार को रोका। कार में एक युवती सवार थी, वह नशे में भी थी। पुलिस ने उसे समझाइश दी और परिवार को जानकारी देकर बुलाया। कार चलाते हुए मोबाइल पर बात कर रही एक युवती को पुलिस ने रोका तो वह विवाद करने लगी। पुलिस ने उसे समझाइश दी की गाड़ी चलाते हुए मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। बाद में उसने पुलिस से माफी मांगी। पुलिस ने कार को रोका तो उसकी नंबर प्लेट गलत थी। कार सवार युवक खुद को पूर्व पार्षद का बेटा बताने लगा। पुलिस ने उसे कहा कि नंबर प्लेट गलत है तो चालानी कार्रवाई होगी।

‘मैं हिंदू हूं, हिंदुत्ववादी नहीं – राहुल गांधी

0

जयपुर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जयपुर में ‘महंगाई हटाओ रैली’ का आयोजन किया है। पहले यह रैली दिल्ली में होना थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने पर जयपुर में आयोजन किया गया। मंच पर पूरा गांधी परिवार एक साथ नजर आया। बारी-बारी से सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा ने संबोधित किया। राहुल गांधी ने एक बार फर हिंदू और हिंदुत्व की बात कही। राहुल ने कहा, ‘देश की राजनीति में दो शब्दों के बीच स्पर्धा है। हिंदू और हिंदुत्व। दोनों का अंतर समझने की जरूरत है। मैं हिंदू हूं, हिंदुत्ववादी नहीं हूं। आप सभी हिंदू हैं, हिंदुत्ववादी नहीं। महात्मा गांधी हिंदू थे और उनकी हत्या करने वाला गोडसे हिंदुत्ववादी था। गांधी को हिंदुत्ववादियों ने गोली मारी थी।’ राहुल गांधी जब इस विषय पर बोल रहे थे, तब सोनिया गांधी भी ताली बजा रही थी।

राहुल ने आगे कहा, देश में 2014 से हिंदुत्ववादियों की सरकार है। हमें इस सरकार को हटाना है और हिंदुओं की सरकार बनाना है। हिंदुत्ववादियों के कारण ही देश में महंगाई है। हिंदुत्ववादियों को सच से नहीं, सत्ता से मतलब होता है, जबकि गांधी हिंदू थे और उन्हें सिर्फ सच से मतलब था।

महात्मा गांधी ने पूरी ज़िन्दगी सत्य को ढूंढने में लगा दी। हिंदुत्ववादी अपनी पूरी ज़िन्दगी सत्ता को खोजने में लगा देगा – उसे सिर्फ सत्ता चाहिए। उसका रास्ता सत्याग्रह नहीं, उसका रास्ता सत्ताग्रह है।

हिन्दू एक पीछे नहीं हटता, वो शिव जी जैसे अपने डर को निगल लेता है। हिंदुत्ववादी को उसका डर डूबा देता है। और इस डर से उसके दिल में गुस्सा पैदा होता है, नफरत पैदा होती है।

हिन्दुत्ववादियों को किसी भी हालत में सत्ता चाहिए। महात्मा गांधी कहते हैं मैं सच्चाई चाहता हूँ , सत्ता नहीं। हिंदुत्ववादी कहतें हैं कि उन्हें सिर्फ सत्ता चाहिए, सत्य जाए भाड़ में।

हिन्दू कौन ? जो सबको गले लगता है

हिन्दू कौन ? जो किसी से नहीं डरता

हिन्दू कौन ? जो हर धर्म का आदर करता है !

नरेंद्र मोदी जी ने किसानों की जो आत्मा है, उनका जो दिल है, किसानों की छाती में चाक़ू मारा। पीछे से मारा। जब हिन्दू किसान हिंदुत्ववादी के सामने खड़ा हुआ, तो मोदी जी कहतें हैं, मैं माफ़ी मांगता हूँ।

तूर दाल अब हुई ₹135/- किलो, 35% बढ़ोतरी। महंगाई हटाओ , भाजपा भगाओ !

चाईना की सेना हमारे देश में आ जाती है, हज़ार किलोमीटर ले जाती है, पर प्रधानमंत्री जी कहतें हैं, कि हमारे देश में कोई नहीं आया।

आज हिंदुस्तान की 1% आबादी के हाथ में 33% धन। और सबसे 50% गरीब आबादी के हाथ में सिर्फ 1% धन। मोदी जी ने उनके 3-4 उद्योगपतियों ने इस देश को 7 साल में बर्बाद कर दिया।

राहुल गांधी ने रैली में मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूरा देश चार-पांच उद्योगों के हाथ में है। हर संस्थान एक संगठन के हाथ में है। मंत्रियों के ऑफिस में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के ओएसडी हैं।

मध्य प्रदेश में सतना, छतरपुर और खंडवा कलेक्टर का तबादला

0

भोपाल। मध्य प्रदेश में तीन जिलों सतना, छतरपुर और खंडवा कलेक्टर का तबादला किया गया है। सतना कलेक्टर अजय कटेसरिया की जगह अनुराग वर्मा को कलेक्टर बनाया गया है। वहीं संदीप जे आर को छतरपुर कलेक्टर बनाया गया है। खंडवा कलेक्टर अनय द्विवेदी की जगह अनूप कुमार सिंह को जिला अधिकारी बनाया गया है। उधर आइपीएस योगेश चौधरी को मुख्यमंत्री का विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी बनाया गया है।

अनूप सिंह खंडवा के नए कलेक्टर

मध्य प्रदेश शासन ने पंचायत चुनाव से कलेक्टर बदले हैं। खंडवा में अनय द्विवेदी की जगह अब ग्वालियर के अनूप कुमार सिंह जिले की बागडोर संभालेंगे। अनूप कुमार सिंह ग्वालियर में अपर आयुक्त, भू अभिलेख एवं बंदोबस्त व संयुक्त परिवहन आयुक्त ग्वालियर के प्रभार पर रहे हैं। कलेक्टर अनय द्विवेदी को मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड जबलपुर का प्रबंध संचालक बनाया गया है।

बलिदानी जितेंद्र वर्मा की पार्थिव देह पंचतत्‍व में विलीन, पंद्रह माह के बेटे ने दी मुखाग्‍नि

0

भोपाल। बुधवार को तमिलनाडु के कुन्नूर में हुई हेलिकाप्टर दुर्घटना में सीडीएस जनरल विपिन रावत की सुरक्षा में तैनात पीएसओ जितेंद्र वर्मा की पार्थिव देह सीहोर जिले में उनके गांव धामंदा में पंच तत्‍व में विलीन हो गई। शहीद जवान के पंद्रह माह के बेटे ने उन्‍हें मुखाग्‍नि दी। इस दौरान धामंदा गाव में अपने लाड़ले वीर सपूत को अंतिम विदाई देने जनसैलाब उमड़ पड़ा। अंतिम संस्‍कार से पहले यहां सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शहीद जवान की पार्थिव देह को श्रद्धांजिल दी। उनके अलावा सांसद रमाकांत भार्गव, सीहोर विधायक सुदेश राय, आष्टा विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय, इछावर विधायक करण सिंह वर्मा सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने शहीद के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। यहां पूरे सैनिक सम्मान के साथ शहीद जवान को अंतिम विदाई दी गई। भोपाल से उनके गांव धामंदा तक श्रद्धांजलि देने के लिए रास्ते भर लोग उमड़े। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा, बलिदानी के परिवार को एक करोड़ की सम्मान निधि दी जाएगी। बलिदानी की पत्नी सुनीता को सरकारी सेवा में लिया जाएगा, बच्चों की शिक्षा का पूरा प्रबंध किया जाएगा। गांव के विद्यालय के नाम बलिदानी जितेंद्र वर्मा के नाम पर रखा जाएगा और यहां उनकी मूर्ति स्थापित की जाएगी।

इससे पहले आज सुबह करीब पौने ग्‍यारह बजे दिल्ली से सेना के विशेष विमान के जरिए भोपाल एयरपोर्ट पर पहुंची। विमानतल पर लेफ्टिनेंट कर्नल आनंद गोखले के नेतृत्व में 3 ईएमई सेंटर की 20 जवानों की टीम ने शहीद जितेंद्र कुमार के शव को सलामी दी। राजा भोज विमानतल पर भाजपा के प्रदेशाध्‍यक्ष वीडी शर्मा, चिकित्‍सा शिक्षा मंत्री विश्‍वास सारंग, विधायक रामेश्‍वर शर्मा और भाजपा जिलाध्‍यक्ष सुमित पचौरी समेत अनेक नेताओं व कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर शहीद जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही जिला प्रशासन व पुलिस के आला अधिकारियों ने भी जवान के शव पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

यहां से शहीद जवान के शव को सड़क मार्ग के जरिए सेना के विशेष वाहन से धामंदा गांव के लिए रवाना किया गया। बैरागढ़ में सलामी के बाद भोपाल-इंदौर हाइवे से नायक जितेंद्र का पार्थिव शरीर निकला, जिसको करीब 55 किमी के सफर में 50 से अधिक स्थानों पर स्वागत द्वार लगाकर जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प वर्षा की। सेना के वाहन के आगे 5 डीजे चल रहे थे, जिनमें देशप्रेम के गाने बजते हुए आगे बढ़ रहे थे। वहीं पीछे-पीछे हजारों की संख्या में लोग चल रहे थे। इस मौके पर अमलाजा टोल से हाइवे को एकल कर दिया था। वाहन में सेना के लोग सहित आसपास पुलिस व आर्मी के फालो वाहन चल रहे थे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिह चौहान, सांसद रमाकांत भार्गव, सीहोर विधायक सुदेश राय, आष्टा विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय, इछावर विधायक करण सिंह वर्मा सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। मौके पर 20 हजार से अधिक लोग भाव विभोर होकर श्रद्धाजंलि दे रहे थे, वहीं जब जवान का पार्थिव शरीर धामंदा स्थित घर पहुंचा तो परिजनों की आंखों आसुओं के साथ ही गर्व दिखाई दे रहा था। जवान की मां-पिता व पत्नी का रो-रोकर बुला हाल था, वहीं बच्चे भी उनको रोता देख बिलख रहे थे।

नागपुर के बाद केरल में मिला ओमिक्रॉन का मरीज

0

देश में कोरोना वायरस का ओमिक्रॉन वेरिएंट तेजी से पांव पसारता जा रहा है। केरल (Kerala) में भी ओमीक्रॉन (Omicron) ने अपनी दस्तक दे दी है। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज (Kerala Health Minister Veena George) ने रविवार को बताया कि कोच्चि में ओमीक्रॉन का पहला मामला सामने आया है। ये शख्स 6 ​​दिसंबर को यूके से कोच्चि लौटा था और 8 दिसंबर को कोविड टेस्ट में वो पॉजिटिव पाया गया था। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। वहीं उसकी पत्नी और मां का भी कोविड टेस्ट पॉजिटिव आया है। इन सभी को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। रविवार को नागपुर, चंडीगढ़, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में भी एक-एक मरीज ओमिक्रॉन संक्रमित मिला। इस तरह रविवार को ओमिक्रॉन के सामने आये मामलों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। इसके साथ ही देश भर में ओमिक्रॉन पीड़ितों की संख्या 38 पहुंच गई है।

इससे पहले रविवार को महाराष्ट्र के नागपुर में भी एक 40 साल का शख्स कोरोनावायरस के ऑमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित पाया गया है। आपको बता दें कि नागपुर में ओमिक्रॉन वेरिएंट का ये पहला मामला है।

चंडीगढ़ (Chandigarh) में जो युवक ओमिक्रॉन पॉजिटिव मिला है वह इटली से आया था। 20 वर्षीय इस युवक को फाइजर वैक्सीन (Pfizer Vaccine) की दोनों डोज लग चुकी हैं। चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक युवक की जीनोम सीक्वेंसिंग की गई थी, जिसकी रिपोर्ट अब आई है। उसका इलाज किया जा रहा है।

आयरलैंड से आंध्र प्रदेश पहुंचा 34 साल का एक विदेशी पर्यटक भी ओमिक्रॉन से संक्रमित पाया गया है। यह शख्स आयरलैंड से मुंबई होते हुए 27 नवंबर को विशाखापट्‌टनम पहुंचा था। मुंबई एयरपोर्ट पर हुए RT-PCR टेस्ट में यह शख्स निगेटिव पाया गया था। लेकिन विशाखापट्‌टनम में हुए टेस्ट में पॉजिटिव मिलने पर सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए हैदराबाद भेजा गया, जहां ओमिक्रॉन संक्रमण की पुष्टि हुई।

देश में रविवार को जो तीसरा मरीज मिला, वह साउथ अफ्रीका से लौटा है। 34 साल के इस युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उसकी जीनोम सीक्वेंसिंग की गई। ओमिक्रॉन पॉजिटिव मिलने के बाद उसे आइसोलेट कर दिया गया है। साथ ही युवक के संपर्क में आए 20 लोगों की भी जांच की गई है।

स्वर्गीय घनश्याम नायक और कवि कुमार आजाद को कौन बनेगा करोड़पति 13 शो में तारक मेहता की कास्ट याद कर भावुक हो गई

0

तारक मेहता का उल्टा चश्मा (Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah) की कास्ट हाल ही में कौन बनेगा करोड़पति (Kaun Banega Crorepati) शो में पहुंची। जहां अमिताभ बच्चन के साथ जमकर मस्ती की। जब तारक मेहता की टीम केबीसी (KBC) के सेट पर थीं। वहां उन्होंने स्वर्गीय घनश्याम नायक (Ghanshyam Nayak) उर्फ नट्टू काका (Nattu Kaka) और कवि कुमार आजाद (Kavi Kumar Azad) उर्फ डॉक्टर हाथी (Dr Haathi) को याद किया।

दरअसल शो के प्रोड्यूसर असित मोदी और पोपटलाल उर्फ श्याम पाठक सबसे पहले गेम खेलने के लिए हॉट सीट पर बैठे थे। पोपटलाल ने अमिताभ बच्चन से अपने लिए लड़की ढूंढने की भी विनती की। उन्होंने बिग बी को अपना बायोडाटा भी दिया। इसके बाद तारक मेहता टीम ने शो से जुड़ी कुछ यादें शेयर की। खासतौर पर उन लोगों को याद किया जो इस दुनिया को छोड़कर चले गए हैं।

बाघा (Bagga) का किरदार निभाने वाले तन्मय वेकारिया (Tanmay Vekaria) ने घनश्याम नायक और कवि कुमार आजाद को याद किया। कहा, हम ये प्रार्थना करते हैं कि नट्टू काका और डॉक्टर हाथी जहां कहीं भी होंगे। हमें देख रहे हैं और अपना आशीर्वाद दे रहे होंगे, ताकि हम ऑडियंस का मनोरंजन कर सके। शो आगे भी अच्छा चलता रहे।

बबीता के पति मिस्टर अय्यर का रोल निभाने वाले तनुज महाशब्दे (Tanuj Mahashabde) ने भी डॉक्टर हाथी और घनश्याम नायक को याद किया। पूरी कास्ट दोनों कलाकारों को याद करते हुए बेहद इमोशनल हो गई। इसके बाद प्रोड्यूसर असित मोदी (Asit Modi) बताते हैं कि हमने अपने मेकअप मैन आनंद भाई परमार को भी खो दिया। इसके अलावा प्रोडक्शन टीम को दो सदस्य का भी देहांत हो गया, जो पहले दिन से हमारे साथ जुड़े थे।

रोहित शर्मा का कप्तान बनने के बाद पहला इंटरव्यू

0

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के जाने-माने खिलाड़ी रोहित शर्मा को अब वनडे और टी20, दोनों की कप्तानी मिल गई है। यानी सीमित ओवरों के मुकाबले में उनके नेतृत्व क्षमता की परीक्षा होगी। इससे पहले ये जिम्मेदारी विराट कोहली संभाल रहे थे, और उन्हें काफी हद तक टीम इंडिया को शीर्ष तक पहुंचाने में कामयाबी मिली। अब रोहित शर्मा को आगामी तमाम मैचों में टीम की कमान संभालनी होगी। अगले महीने ही भारतीय टीम साउथ अफ्रीका में 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलनेवाली है। ऐसे में रोहित के परफॉर्मेन्स पर कड़ी नजर रहेगी। खास तौर पर ऐसे माहौल में, जब चर्चा ये है कि कोहली की मर्जी के खिलाफ वनडे की कप्तानी छीनकर रोहित को दी गई है। टीम और बाहर उठ रहे विवादों के बीच नए कप्तान रोहित ने अपना पहला इंटरव्यू दिया और बताया कि किस तरह वो इस जिम्मेदारी को संभालेंगे और कोच राहुल द्रविड़ के साथ किस तरह अपने लक्ष्यों को हासिल करेंगे।

BCCI को दिये गये अपने इंटरव्यू में कप्तान रोहित शर्मा ने साफ तौर पर कहा कि दबाव चाहे जैसा भी हो, एक क्रिकेटर को तौर पर उनका पूरा ध्यान अपने काम पर रहेगा। रोहित ने कहा, “जब आप भारत के लिए क्रिकेट खेलते हो, तो आप पर हमेशा बहुत दबाव होता है। जब आप खेलते हो तो हमेशा लोग कुछ न कुछ कहेंगे। कोई सकारात्मक बातें करेगा, कोई नकारात्मक बातें करेगा। लेकिन मेरे लिए बतौर कप्तान नहीं बल्कि एक क्रिकेटर के रूप में ये जरूरी है कि मैं अपने काम पर ध्यान दूं, न कि लोग जो कह रहे हैं उस पर।”

विराट कोहली के साथ आपसी रिश्ते और गुटबाजी के आरोपों के बीच नवनियुक्त भारतीय कप्तान ने कहा – “टीम के बाकी खिलाड़ी एक-दूसरे के बारे में क्या सोचते हैं, वो भी काफी ज्यादा अहम है क्योंकि इससे ही टीम में अच्छा संबंध बनेगा। हम खिलाड़ियों के बीच एक मजबूत संबंध बनाना चाहते हैं और तभी हम बॉन्डिंग बना पाएंगे। राहुल भाई भी इसमें हमारी मदद करेंगे।”

कप्तान कोहली को जिस तरह वनडे की कप्तानी से हटाया गया है, उसे लेकर अभी भी क्रिकेटप्रेमियों में रोष है। विराट कोहली ने टी20 की कप्तानी विश्व कप के बाद ही छोड़ दी थी, लेकिन वनडे को लेकर उन्होंने कोई घोषणा नहीं की। आम तौर पर कप्तान या खिलाड़ी खुद कप्तानी या संन्यास लेने की घोषणा करता है। लेकिन BCCI ने विराट कोहली को स्वेच्छा से पद छोड़ने का मौका ही नहीं दिया और साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए खुद ही रोहित शर्मा को नया कप्तान घोषित कर दिया।इसके बाद से ही कोहली के फैंस का बीसीसीआई पर गुस्सा जारी है। BCCI ने प्रेस रिलीज में कोहली को हटाने की वजह भी नहीं बताई।