Home Blog Page 106

मध्य प्रदेश से ढाई लाख टन गेहूं हुआ निर्यात

0

भोपाल।  मध्य प्रदेश से अब तक ढाई लाख टन गेहूं निर्यात हो चुका है। यह गुजरात और आंध्रप्रदेश के बंदरगाहों से बांग्लादेश, इंडोनेशिया, श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात, वियतनाम भेजा गया है। इसमें सर्वाधिक 97 हजार 887 टन गेहूं इंदौर से निर्यात किया गया है। इसके अलावा जबलपुर, उज्जैन, हरदा, छिंदवाड़ा और दतिया से व्यापारियों ने गेहूं भेजा है। मिस्र, फिलीपिंस, जिम्बाब्वे सहित अन्य देशों में भी निर्यात की संभावनाओं पर सरकार काम कर रही है। पिछले साल मध्य प्रदेश से कुल पौने दो लाख टन कृषि उपज और उससे जुड़े उत्पाद निर्यात हुए थे। इसमें भी चावल की मात्रा सर्वाधिक एक लाख 27 हजार टन थी।

विदेश में बढ़ रही गेहूं की मांग को बड़ा अवसर मानते हुए शिवराज सरकार ने निर्यात बढ़ाने पर पूरा जोर लगा दिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान स्वयं इसकी निगरानी कर रहे हैं। वे प्रति सप्ताह निर्यात की स्थिति को लेकर समीक्षा करते हैं तो कृषि विभाग ने प्रतिदिन निर्यातक और व्यापारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की व्यवस्था बनाई है। इसका फायदा भी मिल रहा है। अब तक ढाई लाख टन गेहूं मध्य प्रदेश से निर्यात हो चुका है। सरकार का मकसद है कि मध्य प्रदेश के गेहूं की मांग विदेश में बन जाए, जिससे निर्यात का रास्ता खुल जाएगा।

इसका लाभ किसानों के साथ-साथ सरकार को भी होगा। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभी तक बड़ी कंपनियां मंडियों से गेहूं खरीदकर अपने स्तर पर निर्यात करती थीं। पहली बार सरकार अपने स्तर पर इसे प्रोत्साहित कर रही है। इसके लिए मंडी शुल्क में छूट देने के साथ रेलवे की रैक और बंदरगाहों पर स्थान उपलब्ध कराने की व्यवस्था कराई गई है। 26 लाख टन गेहूं के लिए रैक पाइंट पर भंडारण की व्यवस्था बनाई जा चुकी है।

अभी तक 87 रैक गेहूं बांग्लादेश, इंडोनेशिया, श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात, विएतनाम भेजा जा चुका है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने बताया कि निर्यात के लिए विभिन्न् कंपनियों ने दो हजार से ज्यादा रेलवे रैक के लिए मांग पत्र भेजे हैं। दक्षिण अफ्रीका, मोजांबिक और जिम्बाब्वे के आयोजकों को गेहूं के लागत पत्रक भी भेज दिए हैं।

WHO ग्लोबल सेंटर फॉर ट्रेडिशनल मेडिसिन का उद्घाटन पीएम मोदी ने किया

0

पीएम नरेन्द्र मोदी ने जामनगर में WHO ग्लोबल सेंटर फॉर ट्रेडिशनल मेडिसिन का उद्घाटन किया। इस मौके पर मॉरिशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ और डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक डाक्टर टेड्रोस घेब्रेयसस भी उपस्थित रहे। वहीं, भूटान के प्रधानमंत्री लोतेय त्शेरिंग, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री हसीना शेख और नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस पारंपरिक चिकित्सा वैश्विक केंद्र के उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। डब्ल्यूएचओ ग्लोबल सेंटर फॉर ट्रेडिशनल मेडिसिन (GCTM) की इस कार्यक्रम और सम्मेलन का आयोजन ग्लोबल आयुष इन्वेस्टमेंट एंड इनोवेशन समिट (GAIIS) द्वारा किया जा रहा है ।

इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि मैं विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक डॉ टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयसस का विशेष रूप से आभारी हूं। उन्होंने भारत की प्रशंसा में जो शब्द बोले हैं, उसके लिए मैं हर भारतीय की तरफ़ से उनका धन्यवाद करता हूं।उन्होंने ये भी कहा कि योग का विस्तार करने में यह नया संस्थान अहम भूमिका निभाएं, यह बहुत आवश्यक है।

वहीं विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक डॉ टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयसस ने लोगों को गुजराती में अभिवादन करते हुए कहा ‘डब्ल्यूएचओ-ग्लोबल सेंटर फॉर ट्रेडिशनल मेडिसिन’ कोई संयोग नहीं है। मेरे भारतीय शिक्षकों ने मुझे पारंपरिक दवाओं के बारे में अच्छी तरह से सिखाया और मैं उनका बहुत आभारी हूं।’

इससे पहले प्रधानमंत्री ने सोमवार को गांधीनगर में स्कूलों के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का दौरा किया। साथ ही पीएम मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में एक नए डेयरी कॉम्पलेक्स का उद्घाटन किया। इस संयंत्र में आलू से तैयार खाद्य सामग्री बनाई जाएगी। दियोदर में 600 करोड़ रुपए की लागत से इस संयंत्र का निर्माण किया गया है। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक है। करोड़ों किसानों की आजीविका दूध पर निर्भर करती है। भारत सालाना 8.5 लाख करोड़ रुपये मूल्य का दूध उत्पादन करता है। लेकिन इस बड़े अर्थशास्त्रियों सहित कई लोग ध्यान नहीं देते हैं।

पुलिस ने खरगोन के तीन और मांडू के दो संदिग्ध मुस्लिम युवकों को हिरासत में लिया

0

मांडू। धार जिले की मांडू पुलिस ने मांडू के एक मुस्लिम परिवार के घर से खरगोन के तीन युवकों के साथ परिवार के दो युवकों हिरासत में लिया है। हिंदू संगठन के लोग इस बात की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में मांडू पहुंचे थे। खरगोन का एक युवक मौके पर मिला, जबकि चार अन्य युवक भनक लगने के बाद वहां से कहीं और चले गए थे। इन युवकों को ज्ञानपुरा और पनाला के पास से पकड़कर पुलिस पूछताछ के लिए थाने लाई है। इधर हिंदू संगठन के लोगों का कहना है कि चारों युवकों को उन्होंने मांडू-धार मार्ग पर पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया है।

युवकों के नाम राज़िद रफीक इमलीपुरा खरगोन, इरफान कल्लू इमलीपुरा खरगोन, आसिफ हिदायत काजीपुरा खरगोन, अयान बहादुर मांडू और शाहिद भूरु निवासी मांडू है। मांडू धार मार्ग पर वार्ड क्रमांक एक में स्थित भुरु लतीफ खान के घर से उक्त युवक मिले। स्वजनों का कहना है कि तीन में से दो युवक उनके सगे भांजे हैं, जो वाहन चालक हैं। जबकि एक उनके भांजों का मित्र है। खरगोन में स्थिति तनावपूर्ण होने के कारण वे अपने मामा के घर समय गुजारने आए हैं।

इधर मांडू थाना प्रभारी बीएस वसुनिया ने बताया की सूचना मिलने पर एहतियात के तौर पर हमने खरगोन के तीन और मांडू के दो युवकों को पूछताछ के लिए थाने पर लेकर आए हैं। हमने इनके आधार कार्ड से इनके नाम और पते मैच किए हैं। हमने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी देने के बाद खरगोन पुलिस को भी उक्त युवकों के आधार कार्ड और फोटो भेज दिए हैं। अगर खरगोन दंगे में उक्त युवकों का कनेक्शन होगा तो हम इन्हें खरगोन पुलिस के सुपुर्द कर देंगे। अन्यथा जो भी वैधानिक कार्यवाही होना चाहिए की जाएगी। फिलहाल हम युवकों से पूछताछ कर रहे हैं, मामले की जांच कर रहे हैं।

इधर इस मामले में हिंदू संगठन के लोग सक्रिय नजर आए। पुलिस को हिंदू संगठन के लोगों ने ही उक्त युवकों के विषय में जानकारी दी थी। मौके से फरार हुए चार युवकों को भी हिंदू संगठन के लोगों ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया। हिंदू संगठन के लोगों ने मांडू थाने पहुंचकर पुलिस से चर्चा की और नारेबाजी भी की। हिंदू संगठन के लोगों का कहना है कि पड़ोसी जिला होने के कारण खरगोन दंगे से जुड़े बड़ी संख्या में आसपास के क्षेत्र में हैं। ऐसी हमारे पास सूचना है, पुलिस को सक्रियता के साथ इस विषय में ध्यान देना चाहिए।

पीएम मोदी आज से गुजरात के 3 दिनी दौरे पर

0

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की तीन दिवसीय गुजरात यात्रा आज से शुरू हो रही है। अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान, पीएम मोदी 22,000 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इस साल के अंत में गुजरात में विधानसभा चुनाव होने हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18-20 अप्रैल तक गुजरात के दौरे पर रहेंगे।18 अप्रैल को शाम करीब छह बजे प्रधानमंत्री गांधीनगर में स्कूलों के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का दौरा करेंगे। 19 अप्रैल को सुबह करीब 9:40 बजे वह इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे और बनासकांठा के दियोदर में बनास डेयरी संकुल में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह जामनगर में डब्ल्यूएचओ ग्लोबल सेंटर फॉर ट्रेडिशनल मेडिसिन की आधारशिला रखेंगे।

20 अप्रैल को सुबह करीब साढ़े 10 बजे प्रधानमंत्री गांधीनगर में वैश्विक आयुष निवेश और नवाचार शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह दाहोद में आदिजाति महासम्मेलन में शामिल होंगे और विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। पीएम मोदी ने आज एक ट्वीट में लिखा, “कल, 18 अप्रैल से, मैं गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहूंगा, जिसके दौरान मैं गांधीनगर, बनासकांठा, जामनगर और दाहोद में कार्यक्रमों में शामिल होऊंगा।

ये कार्यक्रम विभिन्न क्षेत्रों को कवर करेंगे और करेंगे लोगों के लिए ‘ईज ऑफ लिविंग’ को बढ़ावा देना। पीएम मोदी ने यह भी ट्वीट किया, “कल गुजरात पहुंचने पर, मैं विद्या समीक्षा केंद्र का दौरा करूंगा। यह आधुनिक केंद्र सीखने के परिणामों में सुधार के लिए डेटा और प्रौद्योगिकी का लाभ उठाता है। मैं उन लोगों से भी बातचीत करूंगा जो शिक्षा क्षेत्र में काम कर रहे हैं। बनासकांठा में कार्यक्रम 19 अप्रैल को प्रभावशाली बनास डेयरी परिसर में होगा।

उन्होंने ट्वीट किया, “एक नए डेयरी कॉम्प्लेक्स और आलू प्रसंस्करण संयंत्र का भी उद्घाटन किया जाएगा। ये दोनों परियोजनाएं स्थानीय किसानों को सशक्त बनाएंगी और कृषि-डेयरी क्षेत्र में मूल्यवर्धन में योगदान देंगी।” उन्होंने आगे ट्वीट किया, “यह हर भारतीय के लिए बड़े गर्व की बात है कि 19 तारीख की दोपहर को @WHO ग्लोबल सेंटर फॉर ट्रेडिशनल मेडिसिन की आधारशिला रखी जाएगी। यह केंद्र पारंपरिक चिकित्सा के उपयोग के प्रयासों को ताकत देगा। वैश्विक कल्याण को आगे बढ़ाने के लिए दवा के रूप।”

दिल्ली-यूपी में फिर कोरोना ने दी दस्तक

0

देश में कोरोना की आहट फिर से सुनाई देने लगी है। खास तौर पर दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटों में देश में 2 हजार 183 नए मामले सामने आए हैं, जबकि इस दौरान 214 मरीजों की मौत हुई। एक दिन पहले देश में 1,150 नए मरीज ही मिले थे। इस तरह 24 घंटे में मरीजों की संख्या में करीब 90 फीसदी का उछाल देखा जा रहा है। नए आंकड़ों को मिलाकर कोविड-19 मरीजों की कुल संख्या 4 करोड़ 30 लाख 44 हजार 280 पर पहुंच गई है। वहीं, अब तक 5 लाख 21 हजार 965 मरीज जान गंवा चुके हैं।

दिल्ली में पिछले हफ्ते जहां लगभग 200 केस सामने आए थे, वहीं अब 5.33 फीसदी की पॉजिटिविटी रेट के साथ रोज 500 से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को 202 मामले दर्ज किए गए थे, वहीं रविवार को कोविड के 517 नये मामले सामने आए। हरियाणा में कोविड के मामले कम जरुर हैं, लेकिन रविवार को रोज का आंकड़ा बढ़कर चार गुना हो गया है। राज्य में कोविड के 200 से ज्यादा मरीज सामने आए। सबसे ज्यादा संक्रमण गुरुग्राम में सामने आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में भी रविवार को 135 लोग पॉजिटिव पाए गए। वहीं, गाजियाबाद और नोएडा में अलर्ट के साथ सक्रिय मामलों की संख्या अब 600 से ज्यादा हो गई है।

देश में भी बढ़े मामले

देश की बात की जाए, तो पिछले हफ्ते की तुलना में भारत में इस हफ्ते संक्रमण में 35 फीसदी की बढ़ोतरी रही। देश में रविवार को समाप्त हफ्ते के दौरान 6,610 नए मामले सामने आए, जबकि पिछले हफ्ते यह आंकड़ा 4,900 रहा था। दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में संक्रमण के मामले बढ़ गए हैं। कुल मामलों की कम संख्या के बावजूद तीन राज्यों में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है।

वैसे, पिछले हफ्ते के दौरान देश में कोविड-19 से 27 नई मौतों के साथ मरने वालों की संख्या में गिरावट जारी है। पिछले हफ्ते 54 मौत हुई थी, जिनमें से 13 केरल के थे। यूनियन हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक देश में मौजूदा समय में एक्टिव मामलों की संख्या 11,542 हो गई है। वहीं कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 4,30,44,280 पहुंच गई है।

मध्य प्रदेश में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शिवराज सरकार ने बढ़ाया एक और कदम

0

भोपाल । मध्य प्रदेश में महिलाओ को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार ने एक कदम और बढ़ा दिया है। अब महिला स्व सहायता समूह उचित मूल्य की राशन दुकान भी चलाएंगे। सहकारिता विभाग ने उन सवा दो हजार दुकानों को छोड़ने पर सहमति दे दी है, जिनमें सेल्समैन नहीं हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति विभाग इन दुकानों का संचालन राज्य ग्रामीण आजीविका मिश्ान से जुड़े स्व सहायता समूहों से करवाएगा। इसके लिए समूहों को चि-त करने का काम भी प्रारंभ हो गया है। इससे महिलाओं को जहां रोजगार मिलेगा, वहीं राशन वितरण की व्यवस्था भी दुरुस्त होगी।

सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत प्रदेश में 23 हजार उचित मूल्य की राशन दुकानों से एक करोड़ 11 लाख परिवारों को प्रति माह एक रुपये की दर से गेहूं, चावल और नमक का वितरण किया जाता है। इनमें से 16 हजार 331 दुकानें प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां संचालित करती हैं। इनमें सवा दो हजार दुकानों में सेल्समैन नहीं हैं। यहां दूसरी दुकानों के सेल्समैनों से खाद्यान्न वितरण कराया जाता है। समय पर सेल्समैन के न आने से उपभोक्ताओं को परेशानी होती है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विभागीय समीक्षा के दौरान प्रत्येक उचित मूल्य की दुकान पर सेल्समैन नियुक्त करने के साथ दुकानों का संचालन स्व सहायता समूहों को देने के निर्देश दिए थे। सहकारिता विभाग ने दो हजार 100 दुकानें चिन्हित कर खाद्य, नागरिक आपूर्ति विभाग को बता दी हैं। खाद्य संचालक दीपक सक्सेना ने बताया कि सहकारिता विभाग से प्राप्त सूची को मध्य प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन को परीक्षण के लिए भेजा है। मिशन स्व सहायता समूहों से चर्चा करके बताएंगे कि कौन-कौन से समूह राशन दुकानों का संचालन करेंगे। इसके आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

राशन की गड़बड़ी पर लगेगा अंकुश

खाद्य,नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों का मानना है कि महिला स्व-सहायता समूहों को राशन वितरण के काम से जोड़ने पर गड़बड़ियों पर भी अंकुश लगेगा। अभी सेल्समैन नहीं होने से समितियां मनमर्जी करती है। निवाड़ी और राजगढ़ में निगरानी नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के खाद्यान्न में से एक का ही राशन मिलने के मामले सामने आए हैं। कुछ अन्य जगहों पर कम राशन दिए जाने की शिकायतें भी मिली हैं।

मध्‍य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले बनेंगी दो हजार 480 किलोमीटर की ग्रामीण सड़कें

0

भोपाल । मध्य प्रदेश में वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर सड़क निर्माण कराएगी। इसके लिए भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर सहित अन्य जिलों की दो हजार 480 किलोमीटर लंबाई की 709 सड़कें चि-त की हैं। इनका निर्माण लोक निर्माण विभाग करेगा। वहीं, 10 किलोमीटर से कम लंबाई की सड़कों के निर्माण के लिए नई योजना भी तैयार की जा रही है। इन्हें भी लोक निर्माण विभाग ही बनाएगा।

सत्तारूढ़ दल भाजपा के विधायकों ने सरकार से ग्रामीण क्षेत्रों में कम लंबाई की सड़कें प्राथमिकता के आधार पर बनाने की मांग की थी। मुख्यमंत्री कार्यालय ने विधानसभा के बजट सत्र के पहले विधायकों से 15-15 करोड़ रुपये तक के कामों के जो प्रस्ताव मांगे थे, उसमें भी अधिकांश ने सड़क निर्माण के कार्य को ही प्राथमिकता दी थी। इसके आधार पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की जगह सरकार ने लोक निर्माण विभाग के बजट में एक हजार 985 करोड़ रुपये का प्रविधान कर दिया है।

अभी तक दस किलोमीटर से कम लंबाई की सड़क मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग बनाता आया है लेकिन इस बार व्यवस्था में परिवर्तन किया है। विभागीय मंत्री गोपाल भार्गव ने पिछले सप्ताह अधिकारियों के साथ बैठक में ग्रामीण सड़कों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

मंडी बोर्ड देता था 400 करोड़ रुपये

ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण के लिए 2018 तक मंडी बोर्ड लगभग चार सौ करोड़ रुपये सालाना देता था। कमल नाथ सरकार ने यह व्यवस्था बंद कर दी थी। तब से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के दायरे में न आने वाले सड़कें नहीं बन पा रही थीं। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए हैं कि वो पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के साथ बैठक करके नई योजना तैयार करें।

दिसंबर तक शादी के शुभ मुहूर्त

0

खरमास का समापन 14 अप्रैल को सूर्य के मेष राशि में प्रवेश करने के बाद हो गया है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार 17 अप्रैल से विवाह के लिए शुभ मुहूर्त शुरु हो गया है। इस महीने 5 दिन शादी संपन्न हो पाएंगे। सबसे अधिक विवाह मुहूर्त मई में 15 और जून में 12 दिन है।

अप्रैल में शादी के शुभ मुहूर्त

पंचांग के अनुसार 17 अप्रैल, 19, 21, 22, 23 और 28 अप्रैल शादी के लिए शुभ है।

मई के शुभ मुहूर्त

मई में शादी के कुल 13 शुभ मुहूर्त है। जो 2, 3, 9, 10, 11, 12, 13, 17, 18, 20, 25, 26 और 31 मई है।

जून में विवाह के शुभ मुहूर्त

जून में विवाह के लिए 9 मूहूर्त है, जो 6, 8, 12, 13, 14, 15, 16, 21 और 22 जून है।

जुलाई में शादी के मुहूर्त

इस महीने शादी के लिए 3, 5, 6 और 8 जुलाई को मुहूर्त है।

नवंबर में शादी के शुभ मुहूर्त

नवंबर में 21, 24, 25 और 27 तारीख विवाह के शुभ है।

दिसंबर में शादी के मुहूर्त

दिसंबर माह में शादी के लिए कुल 5 शुभ योग है। जो 2, 7, 8, 9 और 14 को है।

अगले तीन दिनों तक गर्मी और लू से राहत नहीं

0

दक्षिण और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों को छोड़कर पूरे देश में गर्मी और लू का कहर जारी रहेगा। मौसम विबाद के अनुमान के मुताबिक 19 अप्रैल तक चिलचिलाती गर्मी और लू से राहत के कोई आसार नहीं है। मौसम विभाग (IMD) ने अपने ताजा अनुमान में कहा है कि 19 अप्रैल तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, दक्षिणी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, विदर्भ, बिहार, झारखंड और ओडिशा में लू चलने के आसार हैं। मध्य प्रदेश और विदर्भ में 20 अप्रैल तक यही स्थिति रहेगी। IMD ने ये भी कहा है कि दक्षिण प्रायद्वीप भारत में 18 अप्रैल से बारिश में कुछ कमी आ सकती है, और पूर्वोत्तर के राज्यों में बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी और उसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की उम्मीद है।

यहां होगी बारिश

मौसम विभाग ने कहा है कि 17 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 17 से 21 अप्रैल के बीच असम और मेघालय में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। अगले 5 दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम त्रिपुरा में तेज हवाएं चलेंगी। वहीं पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में भी 18 अप्रैल को गरज और बिजली गिरने के साथ बारिश हो सकती है। इसी तरह 19 से 21 अप्रैल के बीच हिमाचल प्रदेश और झारखंड में भी बारिश हो सकती है। IMD ने कहा है कि 19 से 20 अप्रैल तक पंजाब और उत्तरी राजस्थान में, 20-21 अप्रैल तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश हो सकती है।

अगर दक्षिण के राज्यों की बात करें तो अगले 5 दिनों के दौरान तमिलनाडु, पुदुचेरी, कराइकल, केरल, माहे, आंध्र प्रदेश और तेलगांना में गरज के साथ छिटपुट बारिश या भारी बारिश की आशंका है।

इंदौर में दो बॉल पीछे का मैच दिखा करोड़ों रुपये ठग रहे थे बुकी

0

इंदौर। पुलिस ने ऐसे बुकी को गिरफ्तार किया है जो सटोरियों से हाईटेक तरीके से ऑन लाइन ठगी कर रहा था। आरोपित सॉफ्टवेयर की मदद से सटोरियों को दो बॉल पीछे का मैच दिखाता था। सटोरिये झांसे में आकर दाव लगाते और एक पल में लाखों का गच्चा खा जाते थे।

आरोपित के तार दिल्ली,मुंबई और अहमदाबाद के बुकियों से जुड़े

अपराध शाखा के एडिशनल डीसीपी गुरप्रसाद पाराशर के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित का नाम नारायण प्रहलाददास नीमा निवासी श्रीकृष्णनगर (एरोड्रम) है। सूचना मिली थी कि नारायण के तार दिल्ली,मुंबई और अहमदाबाद के बुकियों से जुड़े है।उसने बुकियों द्वारा तैयार एक सॉफ्टवेयर की 10 प्रतिशत कमिशन पर मास्टर आइडी ले ली थी।

सॉफ्टवेयर की एजेंट आइडी क्रिकेट पर सट्टा लगाने वालों को बांटी

इसी सॉफ्टवेयर की एजेंट आइडी क्रिकेट पर सट्टा लगाने वालों को बांट दी थी। सट्टा लगाने के साथ आइडी पर ही ऑन लाइन मैच भी दिखाई देता है। टी-20 मैच में एक-एक बॉल भी महत्वपूर्ण होती है और सरगना (बुकी) इसी का फायदा उठा कर दो बॉल पीछे का मैच दिखाता था।इसी के आधार पर भाव में भी उतार-चढ़ाव दर्शाता था। दाव लगाने वाला एजेंट इसी से गच्चा खा जाता था और बुकी पल भर में लाखों रुपये कमा लेता था।

6 मोबाइल और करोड़ों रुपये का हिसाब मिला

एडीसीपी के मुताबिक नारायण से लैपटॉप, 6 मोबाइल और करोड़ों रुपये का हिसाब मिला है। उसकी कॉल डिटेल निकाल कर उन बुकियों की जानकारी निकाली जा रही है जिनसे आइडी ली थी। उसने यह भी बताया कि मास्टर आइडी पर उसे 10 प्रतिशत और एजेंट आइडी पर 5 प्रतिशत कमिशन मिलता था।