Home Blog Page 164

MP के मुख्यमंत्री ने ओबीसी आरक्षण को लेकर बुलाई बैठक, मतदाता गणना की लेंगे जानकारी

0

भोपाल। ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) आरक्षण के पक्ष में सरकार 17 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट में मतदाताओं की संख्या प्रस्तुत कर सकती है। कलेक्टरों के माध्यम से सभी जिलों से यह जानकारी जुटाई गई है। इसको लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बैठक बुलाई है। इसमें सुप्रीम कोर्ट में चल रहे प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं पर विचार किया जाएगा। इसके पहले भारतीय जनता पार्टी का पिछड़ा वर्ग मोर्चा मुख्यमंत्री का अभिनंदन करेगा।

मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगत सिंह कुशवाह ने बताया कि पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री लगातार प्रयास कर रहे हैं। पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग का गठन करने के साथ आरक्षण का लाभ दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण को बरकरार रखने के लिए पुनर्विचार याचिका दायर की है और इसके पक्ष में आंकड़े प्रस्तुत करने के लिए पिछड़ा वर्ग के मतदाताओं की जानकारी जुटाई गई है।

इस आंकड़े का उपयोग आयोग पिछड़ा वर्ग के कल्याण की योजना बनाने के लिए करेगा। इसके साथ ही पंचायतों में पिछड़ा वर्ग का अनारक्षित पदों पर कितना प्रतिनिधित्व पिछले दो चुनावों में रहा है, यह जानकारी भी एकत्र करवाई गई है। इससे यह पता लगेगा कि आरक्षण मिलेगा तो क्या लाभ होगा। मुख्यमंत्री द्वारा पिछड़ा वर्ग के हित में किए गए कामों को लेकर उनका अभिनंदन किया जाएगा। बैठक में पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रामखेलावन पटेल, राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष गौरीशंकर बिसेन, सदस्य प्रदीप पेटल और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

कोरोना को लेकर पीएम मोदी की हाई लेवल मीटिंग संपन्न, जल्द ही मुख्यमंत्रियों से भी करेंगे चर्चा

0

देश में कोरोना के कोहराम ने सरकार की टेंशन बढ़ा दी है। कई राज्यों में कोरोना के मामले काफी तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। रविवार को देशभर से करीब 1.60 लाख नए कोरोना केस मिले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिगड़ते हालात की समीक्षा के लिए एक हाई लेवल मीटिंग बुलाई। इस बैठक में प्रधानमंत्री देश में कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने ज़िला स्तर पर चिकित्सा के पर्याप्त बुनियादी ढांचे को सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने मिशन मोड पर किशोरों के लिए वैक्सीनेशन अभियान को और तेज़ करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने ज्यादा मामले वाले इलाकों पर बेहतर ढंग से नजर रखने और राज्यों को तमाम तकनीकी सहायता मुहैया कराने पर जोर दिया।

इस बैठक में ICMR और स्वास्थ्य मंत्रालय के तमाम प्रमुख अधिकारी मौजूद थे। पीएम मोदी उनके साथ आगे की रणनीति और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। पीएम मोदी जल्द ही इस मुद्दे पर विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ भी बैठक करेंगे।

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच राज्यों में कड़े एहितयाती कदम उठाए जा रहे हैं। विभिन्न राज्य सरकारें स्कूल-कॉलेज, सिनेमाघरों, रेस्तराओं आदि को बंद करने का आदेश जारी कर चुकी हैं। वहीं केंद्र सरकार भी लगातार नए गाइडलाइंस जारी कर रही है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने साफ कह दिया है कि कोरोना की पांचवीं लहर आ चुकी है। विशेषज्ञों के मुताबिक भी फरवरी महीने में ये महामारी अपने पीक पर होगी।

दिल्ली-मुंबई में बेकाबू हुआ कोरोना, एक ही दिन में 20 हजार से ज्यादा नए मामले

0

देश में कोरोना संक्रमण की क्या स्थिति है, इसका अंदाजा दिल्ली और मुंबई के ताजा आंकड़ों से लगाया जा सकता है। देश की राष्ट्रीय राजधानी और आर्थिक राजधानी, दोनों ही कोरोना के सबसे बड़े केन्द्र बनकर उभरे हैं। दिल्ली में जहां पिछले चौबीस घंटों में संक्रमण के 22,751 नए मामले दर्ज किए गए हैं, वहीं मुंबई में 19,474 नये मामले दर्ज हुए हैं। दिल्ली में एक दिन में कोरोना से 17 लोगों की मौत हुई है, तो मुंबई में 7 लोगों की। दिल्ली में कोरोना की संक्रमण दर 23.53 फीसदी हो गई है। संक्रमण की वजह से शनिवार को 7 जानें गई थीं और रविवार को 17। इस तरह एक दिन में मौतों में भी बड़ा उछाल देखा जा रहा है। इन दो शहरों में जितने मरीज रोजाना आ रहे हैं, उतने कई राज्यों में भी नहीं आ रहे।

राजधानी में हालात इस कदर खराब हो गए हैं कि अस्पतालों में बड़ी संख्या में डॉक्टर्स भी कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। शनिवार तक एम्स में 200 से ज्यादा डॉक्टर्स संक्रमण की चपेट में थे। सफदरजंग अस्पताल में भी बड़ी संख्या में डॉक्टर्स के संक्रमित होने की वजह से मरीजों को इलाज में परेशानी हो रही है। आलम ये है कि बाहर से डॉक्टर्स बुलाने पर विचार किया जा रहा है।

इस मामले में महाराष्ट्र इस साल भी सबसे आगे है। यहां पिछले 24 घंटे में 44, 388 नये मामले दर्ज हुए हैं। कोरोना संक्रमण से एक दिन में 12 लोगों की मौत भी हुई है। ओमिक्रॉन की बात करें, तो महाराष्ट्र में इसके मरीजों की संख्या 1216 पहुंच गई है।

ग्रो के निवेशक, सलाहकार बने माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला

0

नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) टाइगर ग्लोबल द्वारा समर्थित ग्रो ने शनिवार को कहा कि माइक्रोसॉफ्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्य नडेला एक निवेशक और सलाहकार के रूप में कंपनी के साथ जुड़े हैं।

ग्रो के सह-संस्थापक और सीईओ ललित केशरे ने ट्वीट किया, ‘‘ग्रो को एक निवेशक और सलाहकार के रूप में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ सीईओ में से एक मिला है। भारत में वित्तीय सेवाओं को सुलभ बनाने के हमारे मिशन में सत्य नडेला के जुड़ने से रोमांचित हूं।’’

हालांकि, उन्होंने इस निवेश के वित्तीय ब्यौरे के बारे में नहीं बताया।

ग्रो ने पिछले साल अक्टूबर में आईकोनिक ग्रोथ के नेतृत्व में एक वित्त पोषण दौर में 25.1 करोड़ अमेरिकी डॉलर (लगभग 1,885 करोड़ रुपये) जुटाए थे। इस दौरान म्यूचुअल फंड और शेयर निवेश मंच का मूल्यांकन एक अरब अमेरिकी डॉलर था।

वित्त पोषण के इस दौर में एल्केन, लोन पाइन कैपिटल और स्टीडफास्ट जैसे निवेशकों की भागीदारी देखी गई।

ग्रो के मौजूदा निवेशकों सिकोइया कैपिटल, रिबिट कैपिटल, वाईसी कॉन्टिन्यूटी, टाइगर ग्लोबल और प्रोपेल वेंचर ने भी इसमें भाग लिया।

ग्रो उपयोगकर्ताओं को शेयर, म्यूचुअल फंड, ईटीएफ, आईपीओ, सोने आदि में निवेश करने में सक्षम बनाता है। इसकी शुरुआत 2017 में हुई थी और कंपनी का दावा है कि उसके 1.5 करोड़ से अधिक पंजीकृत उपयोगकर्ता हैं।

5 राज्‍यों में विधानसभा चुनाव तारीखों का ऐलान, सात चरणों में होगी वोटिंग, 10 मार्च को आएंगे नतीजे

0

पांच राज्‍यों उत्‍तर प्रदेश, उत्‍तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में होने जा रहे विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी गई है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्र एवं दो अन्य चुनाव आयुक्त के साथ नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में पहुंचे। यहां उन्‍होंने प्रेस कांन्फ्रेंस करके तारीखों का ऐलान किया। उत्तराखंड, पंजाब, गोवा में एक चरण में जबकि मणिपुर में दो और उत्तर प्रदेश में सात चरणों में मतदात होगा। मतदान की शुरुआत उत्तर प्रदेश में 10 फरवरी से होगी। सभी राज्यों के एक साथ 10 मार्च को मतगणना की जाएगी। चुनावों के दौरान सख्त प्रोटोकाल का पालन कराया जाएगा। जीत के बाद विजय जुलूस की इजाजत नहीं होगी। चंद्रा ने कहा कि 5 राज्यों में चुनाव में कुल 18.34 करोड़ वोटर हैं। इनमें 8.55 करोड़ महिला मतदाता हैं। कुल 24.9 लाख मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। इनमें 11.4 लाख लड़कियां पहली बार मतदान करेंगी। सभी बूथ ग्राउंड फ्लोर पर होंगे। बूथ पर सैनिटाइजर, मास्क उपलब्ध होगा।

यहां देखें कहां कब होगा मतदान

– पांच राज्यों में चुनाव सात चरणों में होंगे।

– पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में 14 फरवरी को एक चरण में मतदान होगा।

– मणिपुर में 27 फरवरी और तीन मार्च को दो चरणों में वोट डाले जाएंगे। 10 फरवरी को पहले चरण की वोटिंग होगी।

– उत्तर प्रदेश में पहले फेज का मतदान 10 फरवरी को होगा। दूसरा फेज का मतदान 14 फरवरी को होगा। तीसरा फेज 20 फरवरी और चौथा फेज 23 फरवरी को, पांचवां फेज 27 फरवरी को होगा।

– पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में 14 फरवरी को वोटिंग और मणिपुर में 27 फरवरी और 3 मार्च को मतदान होगा। 10 मार्च को सभी मतगणना।

690 विधानसभा क्षेत्रों में होंगे मतदान

CEC सुशील चंद्र ने कहा कि कोरोना काल में पांच राज्यों की 690 विधानसभा क्षेत्रों में कोविड सेफ चुनाव कराना बेहद चुनौती भरा काम है। जैसे ही ओमिक्रोन वैरिएंट के मद्देनजर COVID के मामले बढ़े, ECI ने केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव और गृह सचिव, विशेषज्ञों और राज्यों के स्वास्थ्य सचिवों के साथ बैठकें कीं। इन विचारों और जमीनी स्थिति को ध्यान में रखते हुए, चुनाव आयोग ने सुरक्षा मानदंडों के साथ चुनाव की घोषणा करने का फैसला किया।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्रा ने कहा 1250 मतदाताओं पर एक बूथ बनाया जाएगा। पिछले चुनाव की तुलना में 16 फीसद बूथ बढ़ाए गए हैं। 1620 बूथ पर महिला पोलिंगकर्मी तैनात रहेंगी। 900 आब्जर्बर इलेक्शन पर नजर रखेंगे। आयोग ने सरकारी कर्मचारियों के अलावा 80 वर्षीय से ज्यादा उम्र के नागरिकों, दिव्यांगों और कोरोना संक्रमितों के लिए पोस्टल बैलेट की व्यवस्था की है।

चंद्रा ने कहा, ‘सभी बूथ पर महिला और पुरुष सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। दिव्यांगों के लिए स्पेशल इंतजाम होंगे।; व्हील चेयर हर बूथ पर उपलब्ध कराई जाएगी। कोरोना संक्रमित के घर वीडीओ टीम के साथ इलेक्शन कमीशन की टीम विशेष वैन से जाएगी और मतदान कराएगी।

इन चुनावों में 18 करोड़ से ज्यादा वोटर हिस्सा लेंगे। इससे पहले चुनाव आयोग की टीम सभी चुनावी राज्‍यों में दौरा कर स्थिति का जायजा ले चुका है। इसके साथ ही सभी दलों के बीच चुनाव को लेकर बनी असमंजस की स्थिति भी पूरी तरह से खत्‍म हो जाएगी। चुनाव आयोग द्वारा तारीखों के एलान के साथ ही सभी राजनीतिक दलों की एक नई कवायद शुरू हो जाएगी। बता दें कि देश में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए कांग्रेस आनलाइन कैंपेन कर रही है।

Salman Khan की No Entry 2 में होंगी 10 हीरोइनें

0

बॉलीवुड के गलियारों से बीते दिनों ऐसी खबरें सामने आई थीं कि अदाकार डेजी शाह (Daisy Shah) सलमान खान (Salman Khan) की अपकमिंग नो एंट्री 2 (No Entery 2) में लीड हीरोइन के रूप में दिखाई दे सकती हैं। डेजी शाह भाईजान के कैंप की ही अदाकारा हैं और दर्शकों ने इन्हें जय हो में साथ देखा था, जिस कारण लोगों को भरोसा हो चला था कि ये जोड़ी एक बार फिर से उन्हें गुदगुदाने आ रही है। हालांकि हम आपको बता दें कि अदाकारा डेजी शाह फिल्म नो एंट्री 2 में दिखाई नहीं देंगी। फिल्म से जुड़े सूत्र ने पिंकविला को बताया है, ‘फिल्म नो एंट्री 2 के लिए सलमान खान, अनिल कपूर और फरदीन खान लॉक किए जा चुके हैं, जो पहले भाग में भी दिखाई दिए थे। इनके अलावा बाकी पूरी कास्ट चुनी जानी बाकी है। मेकर्स जल्द ही बाकी कलाकारों को फाइनल करेंगे।’ Also Read – Aayush Sharma ने Salman Khan की Kabhi Eid Kabhi Diwali को मारी लात!!
फिल्म से जुड़े सूत्र ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा है, ‘फिल्म नो एंट्री 2 में 10 हीरोइनें होंगी। फिल्म में सलमान खान, फरदीन खान और अनिल कपूर तीनों ही ट्रिपल रोल में दिखेंगे। हर किरदार के अपोजिट एक अदाकारा होगी। इनके बीच कन्फ्यूजन की स्थिति तब पैदा होगी जब एक 10वीं क्लास की लड़की की एंट्री होगी।’
नो एंट्री 2 की शूटिंग के बारे में बात करते हुए सूत्र ने बताया है, ‘डायरेक्टर अनीस बज्मी कब तक नो एंट्री 2 को शुरू करेंगे यह नहीं कहा जा सकता है लेकिन इतना पक्का है कि सलमान खान कभी ईद कभी दिवाली के बाद ही नो एंट्री 2 शुरू करेंगे। फिल्म में सलमान खान तीन अलग-अलग किरदार निभाते दिखेंगे, जिसके लिए उन्हें काफी डेट्स देनी पड़ेंगी। फिल्म में भाईजान रेडी वाले अवतार में दिखेंगे, और दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।’ बतातें चलें कि इन दिनों सलमान खान टाइगर 3 की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसे यशराज बैनर बहुत बड़े स्तर पर शूट कर रहा है। इसके बाद वो कभी ईद कभी दिवाली की शूटिंग शुरू करेंगे, जो साजिद नाडियाडवाला के बैनर की फिल्म है।

तीसरे टेस्ट में विराट कोहली की होगी वापसी? हेड कोच राहुल द्रविड़ ने दिया अपडेट

0

भारत और दक्षिण अफ्रीका के दूसरे टेस्ट मैच से पहले पीठ में खिंचाव के कारण विराट कोहली नहीं खेले थे। इसके बाद केएल राहुल के नेतृत्व में जोहानसबर्ग में टीम खेलने उतरी। इस मुकाबले में इंडिया को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। कई क्रिकेट विशेषज्ञों ने कहा कि विराट के टीम में नहीं होने से भारतीय बल्लेबाजी कमजोर नजर आई। टीम में आक्रामकता की भी कमी दिखाई दीं। अब दोनों टीमों के बीच तीसरा और आखिकारी मैच 11 जनवरी से केपटाउन में शुरू होगा।

विराट कोहली ट्रेनिंग में लौटे

टीम इंडिया अगर दक्षिण अफ्रीका की धरती पर पहली टेस्ट सीरीज हासिल करना चाहती है। तब उसे तीसरा मुकाबला जीतना होगा। तीसरे मैच में विराट कोहली की वापसी होगी या नहीं। इसे लेकर हेड कोच राहुल द्रविड़ ने बड़ा अपडेट दिया है। द्रविड ने वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कोहली ट्रेनिंग में लौट चुके हैं। विराट को सभी स्तर पर फिट होना चाहिए।

हनुमा विहारी को मिला था मौका

राहुल ने कहा कि विराट को इधर-उधर दौड़ने का अवसर मिला है। साथ ही परीक्षण करने का समय मिला है। उम्मीद है कि कुछ नेट सत्र के बाद वो आगे जाने के लिए तैयार होंगे। मैं जो कुछ सुन रहा हूं और बातचीत कर रहा हूं। ऐसे में कोहली को चार दिनों में फिट हो जाना चाहिए। बता दें दूसरे टेस्ट मैच में टेस्ट कप्तान विराट कोहली की जगह हनुमा विहारी को मौका मिला था। दूसरी पारी में उन्होंने नाबाद 40 रन बनाए थे।

मध्‍य प्रदेश सरकार सोना सहित 21 प्रमुख खनिजों की खदानें नीलाम करेगी

0

भोपाल । उच्च गुणवत्ता के हीरा के बाद अब मध्य प्रदेश की धरती सोना भी उगलेगी। राज्य सरकार पहली बार सिंगरौली जिले के गुरहार पहाड़ क्षेत्र में स्थित 21 वर्गमीटर की सोने की खदान नीलाम कर रही है। इसके साथ प्रमुख खनिजों की 21 खदानों की नीलामी प्रक्रिया शुरू हो गई है। इनमें चूना पत्थर, बाक्साइट, लोह अयस्क, मैग्नीज की खदानें शामिल हैं। इन खदानों की नीलामी में शामिल होने की इच्छुक कंपनियां 15 फरवरी तक निविदा दस्तावेज खरीद सकेंगी और 22 फरवरी की रात 11.59 बजे तक बोली लगा सकेंगी।

निविदा डालने से पहले इच्छुक ठेकेदार क्षेत्र का मुआइना भी कर सकेंगे। विभाग ने चूनापत्थर के आठ ब्लाक, बाक्साइट के दो, सोना और लौह अस्यक के एक-एक ब्लाक के लिए नीलामी और खनन पटटे के अनुदान के लिए निविदा बुलाई है। जबकि मैग्नीज अयस्क के सात, बाक्साइट के एक और बाक्साइट एवं चूना पत्थर के एक ब्लाक की नीलामी के लिए निविदा बुलाई है। वित्तीय बोली सिर्फ डिजिटल तरीके से लगाई जा सकेगी। जबकि तकनीकी बोली के लिए योग्य बोलीदारों को डिजिटल और भौतिक दोनों विकल्प दिए जाएंगे।

प्रदेश में वर्ष 2002 से सिंगरौली, कटनी, बालाघाट, सिवनी, बैतूल, जबलपुर, शहडोल और उमरिया जिलों में सोने के भंडार की खोज चल रही थी। जियोलाजिकल सर्वे आफ इंडिया ने सोने की संभावनाओं का सर्वे करते हुए कटनी और सिंगरौली में सोने की खदानों की पुष्टि की है। इसमें से सिंगरौली के चकरिया में चार हेक्टेयर में सोने का डेढ़ लाख टन और गुरहार पहाड़ में 21 वर्गमीटर, थापरा में 24 वर्गमीटर, कर्माहीपुरी सिली में 32 वर्गमीटर और निबुआ में 25 वर्गमीटर क्षेत्र में सोने की खोज हुई है।

इस सर्वे में छिंदवाड़ा के जंगलदेही क्षेत्र में आठ हेक्टेयर में 16 लाख टन और बैतूल के बिसखान क्षेत्र में छह हेक्टेयर में 20 लाख टन जिंक का भंडार भी मिला है। वर्तमान में सिंगरौली जिले के गुरहार पहाड़ पर 21 वर्गमीटर में स्थित सोने की खदान की निविदा निकाली गई है।

ये खदानें की जा रहीं नीलाम

सतना जिले में चूना पत्थर की सात और रीवा में एक खदान है। निवाड़ी में लौह अयस्क, सिंगरौली में सोने, डिंडौरी और सतना में बाक्साइट, बालाघाट, झाबुआ, खरगोन, सिवनी में मैग्नीज, कटनी में बाक्साइट और सतना में बाक्साइट एवं चूना पत्थर की खदानें नीलाम की जा रही हैं।

मध्‍य प्रदेश में तीन सिस्टम सक्रिय, 11 जनवरी तक बौछारें पड़ने के आसार

0

भोपाल। अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय तीन वेदर सिस्टम के असर से मध्यप्रदेश के विभिन्ना जिलों में बौछारें पड़ने का सिलसिला जारी है। इस दौरान कहीं-कहीं ओले भी गिर रहे हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मौसम का मिजाज 11 जनवरी तक ऐसा ही बना रहने के आसार हैं। हालांकि रविवार से इंदौर, उज्जैन, भोपाल संभागों के जिलों में मौसम कुछ साफ होने लगेगा, लेकिन ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा, जबलपुर, शहडोल संभागों के जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। उधर शनिवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक पचमढ़ी में दो, खजुराहो में 1.2, नौगांव में एक मिलीमीटर बारिश हुई। सतना, गुना में बूंदाबांदी हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 25 डिग्रीसेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से एक डिग्रीसे. अधिक रहा। जो शुक्रवार के अधिकतम तापमान 21.9 डिग्रीसे. की तुलना में 3.1 डिग्रीसे. अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 15 डिग्रीसे. रिकार्ड किया गया। जो सामान्य से चार डिग्रीसे. अधिक रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में पाकिस्तान के मध्य क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इसके प्रभाव से पूर्वी राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर दक्षिणी मप्र तक एक ट्रफ बना हुआ है। इन तीन वेदर सिस्टम के सक्रिय रहने से बौछारें पड़ रही हैं। शुक्ला के मुताबिक अब भोपाल, उज्जैन, इंदौर, होशंगाबाद संभागों के जिलों में मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा। शेष संभागों में 11 जनवरी तक बादल बने रहने के साथ बौछारें पड़ती रह सकती हैं। उसके बाद मौसम साफ होने लगेगा।

मप्र के खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में स्थापित होगी आदिगुरु शंकराचार्य की 108 फीट ऊंची प्रतिमा

0

भोपाल । गुजरात के स्टेच्यू आफ यूनिटी की तरह ओंकारेश्वर में आदिगुरु शंकराचार्य की 108 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। 54 फीट ऊंचे प्लेटफार्म पर स्थापित होने वाली प्रतिमा की लागत दो हजार करोड़ रुपये होगी। वर्ष 2023 तक प्रतिमा की स्थापना का लक्ष्य है। इसकी ऊंचाई समुद्र तल से लगभग 280 मीटर (918 फीट) होगी। एकात्मता की प्रतिमा का निर्माण वासुदेव कामथ के निर्देशन में होगा। वे ही आकल्पन व चित्रण करेंगे।

प्रतिमा निर्माण में एकात्म यात्रा के माध्यम से प्रदेश, देश एवं कुछ अन्य देशों से एकत्रित धातुओं का उपयोग किया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में शनिवार को मंत्रालय में आयोजित आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास की बैठक में प्रतिमा एवं संग्रहालय की स्थापना और अंतरराष्ट्रीय अद्वैत वेदांत संस्थान पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में महामंडलेश्वर आचार्य अवधेशानंद, स्वामी परमात्मानंद सरस्वती महाराज, स्वामी चिदानंदपुरी, स्वामी हरिब्रह्मेन्द्रानंद महाराज, स्वामी मित्रानंद सहित कई संत उपस्थित थे, तो कई संत वर्चुअल जुड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि आचार्य शंकर की ज्ञान भूमि ओंकारेश्वर का प्रकल्प अद्वैत वेदांत के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करेंगे। इसे ‘एकात्मता की प्रतिमा’ नाम दिया है। यह प्रकल्प अद्वैत वेदांत को व्यावहारिक जीवन में उतारने की शिक्षा देगा। साथ ही विश्व में पर्यटन के साथ ही आध्यात्मिक क्रांति को भी सृजित करेगा।

बैठक में प्रस्तावित कार्य का विस्तृत प्रजेंटेशन हुआ और उपस्थित संतों ने सुझाव दिए। शंकर संग्रहालय की विशेषताएं शंकर संग्रहालय में माया वेदांत व्याख्या केंद्र (3डी होलोग्राम), निधि ध्यानसेन केंद्र (प्रतिमा आधार के नीचे) प्रदर्शनी दीर्घाएं, बाह्य प्रदर्शनी दीर्घाएं, हाई स्क्रीन थिएटर, अद्वैत नौका विहार, मुक्ताकाश मंच और अन्न क्षेत्र व वस्तु विक्रय केंद्र मुख्य विधिका होंगी।

अलग-अलग केंद्र बनाए जाएंगे

आचार्य हस्तामलक अद्वैत विज्ञान केंद्र

इसका मुख्य द्वार शारदा पीठ के द्वार जैसा होगा। शेष संरचना पश्चिम भारत की वास्तु शैली के अनुसार होगी।

आचार्य सुरेश्वर अद्वैत सामाजिक विज्ञान केंद्र

इसका मुख्य द्वार शृंगेरी पीठ के द्वार और शेष संरचना दक्षिण भारत की वास्तु शैली जैसी होगी।

आचार्य गौड़पाद अद्वैत विस्तार केंद्र

इसका निर्माण दक्षिण की वास्तु संरचना पर आधारित होगा। मुख्य द्वार के समीप आचार्य गौड़पाद की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

आचार्य गोविंद भगवत्पाद अद्वैत गुरुकुलम

मुख्य द्वार के समीप आचार्य गोविंद भगवत्पाद की प्रतिमा स्थापित होगी। आचार्य गोविंद भगवत्पाद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को अभिव्यक्त किया जाएगा।