Home Blog Page 186

दक्षिण अफ्रीकी बॉलरों के लिए सिरदर्द बने हनुमा विहारी, भारतीय टीम में मिल सकती है जगह

0

नई दिल्ली ; न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में खेली गई टेस्ट सीरीज के लिए नहीं चुने गए हनुमा विहारी ने दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर सिलेक्टर्स को करारा जवाब दिया है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ तीन अनऑफिशियल मैचों की टेस्ट सीरीज में तीसरी फिफ्टी जड़ते हुए भारत की वापसी कराई। उनकी और विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन की शानदार फिफ्टी की बदौलत भारत ए ने दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट के दूसरे दिन छह विकेट पर 229 रन बना लिए।

दक्षिण अफ्रीका ए ने पहली पारी में 268 रन बनाए थे। दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर किशन 141 गेंद में 12 चौकों और एक छक्के की मदद से 86 रन बनाकर खेल रहे थे, जबकि विहारी ने 170 गेंद में 63 रन बना लिए हैं, जिनमें छह चौके और एक छक्का शामिल है। इनके अलावा अभिमन्यु ईश्वरन ने 28 और सरफराज खान ने 14 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ पांच और देवदत्त पडीक्कल आठ रन बनाकर आउट हो गए।

न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर रहने वाले हनुमा को दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारत-ए टीम में शामिल किया गया था। उन्होंने यहां इस मौके को अच्छी तरह भुनाया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए दावा पेश किया है। विहारी जब पिछली बार भारत के लिए खेले थे, तो उन्हें हैमस्ट्रिंग चोट का सामना करना पड़ा था। लेकिन जनवरी में सिडनी टेस्ट मैच में उन्होंने भारत को हार से बचाने में मदद की थी। इसके बाद भारत ने ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीती थी। विहारी ने अपने करियर में अबतक केवल 12 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने घर में केवल एक ही टेस्ट खेला है।

दीपक-सैनी की जोरदार बॉलिंग

दक्षिण अफ्रीका ए पहले दिन के स्कोर सात विकेट पर 249 रन से आगे खेलते हुए अपने स्कोर में 19 रन ही जोड़ सकी। दक्षिण अफ्रीका-ए के लिए सरेल एर्वी ने सबसे ज्यादा 75 रन बनाए। प्रोटियाज टीम को 268 रनों पर ही समेटने में भारतीय तेज गेंदबाजों का खास योगदान रहा। भारत के लिए तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने 45 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि नवदीप सैनी ने 51 रन देकर तीन विकेट लिए। इसके अलावा युवा सौरभ कुमार ने 52 रन देकर दो विकेट झटके।

गठबंधन के एलान के बाद कैप्टन अमरिंदर ने BJP के बड़े नेता से की मुलाकात

0

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को केंद्रीय मंत्री और पंजाब बीजेपी इंचार्ज गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ मुलाकात की. पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी के संस्थापक कैप्टन अमरिंदर ने इस दौरान शेखावत के साथ खाना भी खाया. दोनों नेताओं की ये मुलाकात सिसवान के मोहिंदर बाग में हुई.

इस मुलाकात को लेकर अमरिंदर सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा, “केंद्रीय जल शक्ति मंत्री और बीजेपी के पंजाब चुनाव के इंचार्ज गजेंद्र सिंह शेखावत से अपने आवास पर मुलाकात की.”

मुलाकात पर क्या बोले कैप्टन

मोहाली में अपने घर पर गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात को लेकर अमरिंदर सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस की बीजेपी और सुखदेव सिंह ढींडसा की पार्टी शिरोमणी अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन को लेकर बातचीत हो रही है. उन्होंने कहा कि सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत हुई है. इस मुलाकात से पहले पंजाब बीजेपी की अहम मीटिंग चंडीगढ़ में एक एक निजी होटल में हुई, जिसमें चुनावों को लेकर चर्चा हुई.

अमरिंदर सिंह गठबंधन का कर चुके हैं एलान

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस, बीजेपी और अकाली दल के पूर्व नेता सुखदेव सिंह ढींडसा के दल के साथ मिलकर राज्य चुनाव लड़ेगी. उन्होंने कहा कि तीनों पार्टियां मिलकर अगले साल पंजाब में सरकार बनाएगी.  उन्होंने चंडीगढ़ में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान इस बात का एलान किया. गौरतलब है कि अमरिंदर सिंह को सितंबर में पंजाब के मुख्यमंत्री पद से हटा दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी और पंजाब लोक कांग्रेस नाम से अपनी पार्टी बना ली थी.

अमरिंदर सिंह ने कहा था, “और ढींडसा साहब के साथ सीटों पर समझौता करके हमें पूरी उम्मीद है कि आने वाले चुनाव में हम जीतेंगे… हम अगली सरकार बनाएंगे. बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी नेता अमित शाह ने पिछले हफ्ते शनिवार को कहा था कि उनकी पार्टी अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अमरिंदर सिंह और ढींडसा के साथ गठबंधन करने के वास्ते बातचीत कर रही है.

1

अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा’ का ट्रेलर तो धांसू है

0

बंदूक ताने पुलिसवालों के बीच खड़ा पुष्पा ये बात कहता है. अल्लू अर्जुन की मच-एंटीसिपेटिड फिल्म ‘पुष्पा: द राइज़’ का ट्रेलर आ गया है. 06 दिसम्बर की शाम 06 बजे आने वाला ट्रेलर किसी टेक्निकल प्रॉब्लम के चलते रात 09 बजे बाद रिलीज़ हुआ है. कैसा है ट्रेलर, अब उस पर बात करेंगे.

अल्लू अर्जुन की ये फिल्म कहानी बताती है एक रेड सैंडलवुड यानी लाल चंदन लकड़ी के स्मगलर की. नाम है पुष्पा राज. जो किसी ज़माने में कुली हुआ करता था. लेकिन किसी वजह से अब स्मगलर बन गया. वो भी छोटा-मोटा नहीं, ऐसा जिसके इलाके में आने से पुलिसवाले घबराएं. रेड सैंडलवुड लोगों के लिए सोने के बराबर है, ऐसा सोना जो ज़मीन में उगता है. पुष्पा अकेला नहीं, जिसकी नीयत इस सोने को लेकर खराब है. लाइन में और भी खिलाड़ी लगे हैं, और फिर पुलिस तो है ही. इन सब को रोकने के लिए.

पुष्पा की कहानी के विलन हैं भंवर सिंह शेखावत, एक पुलिसवाला. हालांकि, ट्रेलर में हमें उसे या उसके बारे में ज्यादा देखने को नहीं मिलता. लास्ट में दिखाई देते हैं, पुष्पा से पार्टी मांगने के लिए. ‘पुष्पा’ का सेकंड पार्ट भी आएगा. इसलिए कयास लगाए जा रहे हैं कि उनका रोल सेकंड पार्ट में ज्यादा होगा. मलयालम एक्टर फहद फ़ाज़िल भंवर के कैरेक्टर से तेलुगु सिनेमा में डेब्यू करने जा रहे हैं. ‘पुष्पा’ का ट्रेलर आप नीचे देख सकते हैं.

हीरो और विलन की बात हो गई, अब बात लीडिंग लेडी की. रश्मिका मंदाना ने श्रीवेली का कैरेक्टर पोर्ट्रे किया है. जिसे देखकर लगता है कि ज़िंदगी को एंजॉय करने वाली लड़की है. बस उसके बारे में अखरता है तो उसकी स्किन का कलर. जो कि टैन है. बाकी पुष्पा को केंद्र बिन्दु बनाकर लिखी गई कहानी में उन्हें कितना स्पेस मिलेगा, ये फिल्म आने पर पता चलेगा. ट्रेलर में हमें और भी किरदार देखने को मिलते हैं. जिनके बारे में ज्यादा कुछ पता नहीं चलता. बस उनके चेहरे की एक झलक से उनके इंटेंशन समझ आ जाते हैं, और उन्हें जानने की जिज्ञासा बढ़ जाती है.

‘पुष्पा’ का ट्रेलर लगातार अपनी मास अपील कैरी कर के रखता है. फिर चाहे वो पुष्पा का ट्रक उड़ाना हो, हवा में उछलकर स्लो मोशन किक मारनी हो, या फिर सीटीमार टाइप डायलॉग डिलीवर करने हो. जैसे,

पुष्पा फ्लावर नहीं, फायर है.

फिल्म में एक एक्शन सीक्वेन्स है, करीब छह मिनट का. बताया जा रहा है कि इस छह मिनट लंबे सीक्वेन्स की शूटिंग के लिए करीब छह करोड़ रुपये खर्च हुए हैं. अल्लू अर्जुन ने इस सीक्वेन्स के लिए स्पेशल ट्रेनिंग भी ली है. जब 17 दिसम्बर को ये फिल्म थिएटर्स पर रिलीज़ होगी, तो ये सीन क्या इफेक्ट क्रिएट करेगा, इसका अंदाज़ा आप खुद लगा लीजिए.

पिछले दिनों ‘पुष्पा’ से रिलेटेड एक और बड़ी खबर सुनने को मिली. इस फिल्म के मेकर्स ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया गया कि फिल्म में एक सॉन्ग होगा, जिसमें समांथा रुथ प्रभु फीचर करेंगी. समांथा साउथ में बड़ी स्टार हैं. इस फिल्म के मेकर्स हर वो संभव चीज़ कर रहे हैं, जिससे फिल्म को एक्स्ट्रा माइलेज मिले.

पिछले दिनों ‘रंगस्थलम’ जैसी चर्चित फिल्म बना चुके सुकुमार ‘पुष्पा’ के डायरेक्टर हैं. कई बार इस फिल्म की रिलीज़ डेट बदली जा चुकी है. मगर अब फाइनली इस सीरीज़ की पहली फिल्म ‘पुष्पा-द राइज़’ 17 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ के लिए तैयार है. मगर एक दिक्कत है. दिक्कत ये कि जिस फिल्म को इतनी उम्मीदों के साथ बनाया जा रहा है. मार्केट में  इस फिल्म को लेकर उस लेवल का बज़ देखने को नहीं मिल रहा. जबकि फिल्म की रिलीज़ में 10 से भी कम दिनों का समय बचा है. ये कोई स्ट्रैटेजी है या लापरवाही ये तो समय बताएगा.

लोकसभा में बोले राहुल गांधी, पंजाब सरकार ने 400 किसानों को दिया मुआवजा, केंद्र सरकार को घेरा

0

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने लोकसभा में किसान मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कृषि कानून आंदोलन में मारे गए कृषकों को मुआवजा देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन में करीब 700 किसान मारे गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश और किसानों से माफी मांगी। पीएम ने अपनी गलती को स्वीकार किया। राहुल ने कहा, ‘जब केंद्रीय कृषि मंत्री से पूछा गया कि आंदोलन में कितने किसान मारे गए।’ उन्होंने कहा कि उनके पास कोई डेटा नहीं है।

राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब सरकार ने लगभग 400 किसानों को 5 लाख रुपये का मुआवजा दिया है। उनमें से 152 को रोजगार भी प्रदान किया। मेरे पास लिस्ट है। हमने हरियाणा के 70 किसानों की एक और सूची बनाई है। आपकी सरकार कहती है कि आपके पास उनके नाम नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं चाहता हूं कि किसानों को उनका हक दिया जाए।’ उन्हें मुआवजा और नौकरी भी दी जाए।

पांच दिन बाद इंदौर के नवरतन बाग क्षेत्र से मिली चिड़ियाघर से भागी मादा तेंदुआ

0

इंदौर! शहर के चिड़ियाघर से गुरुवार को भागा 10 माह की मादा तेंदुआ आखिरकार मंगलवार की सुबह नवरतन बाग क्षेत्र से पकड़ ली गई। यह मादा तेंदुआ नवरतनबाग स्थित वन विभाग परिसर से महज 100 मीटर की दूरी पर ही पुराने भवन के समीप खाली भूखंड में बैठी थी। जहां से इसे दुबारा रेस्क्यु करके चिड़ियाघर लाया गया। गुरुवार से जिस लापता तेंदुआ की तलाश जारी थी आखिरकार वह मंगलवार को पूरी हुई। इस 10 माह की मादा तेंदुआ को बगैर बेहोश किए ही पकड़ा गया और उसे चिड़ियाघर लाकर पिंजरे में बंद कर दिया गया। इसके साथ ही उसका उपचार भी शुरू हो गया।

मंगलवार सुबह जब नवरतनबाग क्षेत्र में रहने वाला एक व्यक्ति पेड़ से बादाम तोड़ने के लिए इस भूखंड पर आया तो उस पर तेंदुआ ने हमला किया, जिससे घबराकर वह वहां से चला गया। तेंदुआ को देख वहां श्वानों ने भौंकना शुरू कर दिया तब वन विभाग के कर्मचारी रामप्रसाद ने देखा कि झाड़ियों में तेंदुआ बैठा है। इस पर उसने वन विभाग के अमले को सूचित किया। चिडि़याघर में तेंदुए की तलाश कर रहा वन विभाग और चिडि़याघर का अमला तुरंत मौके पर पहुंचा और रेस्क्यु आपरेशन शुरू कर दिया। बताया जाता है कि यह तेंदुआ चिड़ियाघर से भागकर पहले नवरतनबाग स्थित वन विभाग परिसर में आया और वहां से दीवार कूदकर उस भूखंड में गया।

पांच दिनों से लापता इस तेंदुए ने किसी पर हमला नहीं किया। पांच दिनों से भूखा होने के कारण तेंदुआ कमजोर हो गया था उसे पकड़ने में बहुत ज्यादा परेशानी भी नहीं आई। करीब एक घंटे में ही उसे रेस्क्यु कर लिया गया। पर रेस्क्यु करने के लिए अमले के पास न तो पिंजरा था और ना ही विशेष वाहन। तेंदुए को बेहोश किए बगैर ही पकड़ा गया लेकिन बाद में जरूर उसे बेहोश करना पड़ा, ताकि उसका सही उपचार किया जा सके। नवरतन बाग से चिड़ियाघर तक तेंदुए को लाने के लिए रालामंडल के बुलेरो वाहन का इस्तेमाल किया गया। मौके पर इंदौर वन विभाग और चिड़ियाघर का अमला तो था ही साथ ही बुरहानपुर वन विभाग का अमला और अधिकारी तथा निगमायुक्त प्रतिभा पाल भी मौजूद थीं।

चिड़ियाघर में हुआ उपचार शुरू

चिड़ियाघर प्रभारी डा. उत्तम यादव के अनुसार पिछले पांच दिनों से भूखा-प्यासा होने के कारण तेंदुए की सेहत पर बुरा प्रभाव पड़ा है। वह डिहाइड्रेशन का शिकार भी हुआ है। ऐसे में वह बहुत कमजोर हो गया। यही नहीं कूदने के कारण उसके पिछले पैरों का मूवमेंट खत्म हो गया है और पूंछ भी कार्य नहीं कर रही। ऐसे में फिलहाल उसका उपचार किया जाएगा। तेंदुए को यहां पिंजरे में रखकर उसका उपचार भी शुरू कर दिया गया है। जब तक यह समान्य स्थिति में नहीं आती तब तक इसे चिड़ियाघर में ही रखा जाएगा। नगर निगम प्रभारी भव्य मित्तल ने दर्शकों के लिए चिड़ियाघर खोलने का भी निर्देश दे दिया है।

वन क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को अब विस्थापन पर मिलेगा 15 लाख रुपये मुआवजा

0

भोपाल । प्रदेश में राष्ट्रीय उद्यान, अभयारण्य और टाइगर रिजर्व के कारिडोर से ग्रामों के पुनर्वास के लिए प्रति परिवार मुआवजा राशि अब 15 लाख रुपये दी जाएगी। वन विभाग की ग्रामों के पुनर्वास के लिए मुआवजा योजना को निरंतर रखने की स्वीकृति मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में दी गई। साथ ही ग्वालियर विमानतल के विस्तार के लिए ग्राम लोहारपुर स्थित 143 एकड़ शासकीय भूमि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को एक रुपये वार्षिक भू-फाटक पर देने का निर्णय लिया गया।

कैबिनेट के निर्णय की जानकारी देते हुए राज्य सरकार के प्रवक्ता गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि संरक्षित वन क्षेत्रों से ग्राम के पुनर्वास के लिए मुआवजा पैकेज की राशि प्रति परिवार दस लाख रुपये थी, जिसे पांच लाख रुपये बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर दिया है। इसके अलावा छिंदवाड़ा विश्वविद्यालय का नाम बदलकर राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय, छिंदवाड़ा करने के लिए विधानसभा के शीतकालीन सत्र में संशोधन विधेयक प्रस्तुत करने की स्वीकृति दी गई। इसी तरह अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर अशासकीय व्यक्ति की पदस्थापना भी की जा सकेगी। इन्हें शासन के सचिव स्तर के अधिकारी को मिलने वाली सुविधाएं मिलेंगी। बैठक में ग्वालियर व्यापार मेले के प्रबंधन तथा नियंत्रण के लिए ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण संशोधन विधेयक विधानसभा में प्रस्तुत करने की अनुमति दी गई।

विधानसभा सत्र के बाद होगी मंत्रिमंडल की चिंतन बैठक

कैबिनेट बैठक में यह तय किया गया कि मंत्रिमंडल की चिंतन बैठक विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बाद की जाएगी। यह बैठक भोपाल के बाहर होगी। इसमें सभी मंत्रियों के कामकाज से लेकर विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी। इसके पहले सीहोर के कोलार गेस्ट हाउस में बैठक हुई थी।

बर्फ की मोटी चादर से ढंका केदारनाथ मंदिर, दिल्ली-यूपी में बारिश के आसार

0

एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश तट पर बना हुआ है। स्काईमेट वेदर के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ बुधवार से पश्चिमी हिमायल को प्रभावित कर सकता है। निचले स्तरों में कोमोरिन क्षेत्र के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र महाराष्ट्र तट से दूर पूर्व मध्य अरब सागर के ऊपर बना हुआ है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा में आज (सोमवार) हल्की बरसात हो सकती है। इधर उत्तराखंड में बर्फबारी से केदारनाथ मंदिर बर्फ की चादर से ढंक गया है। आइए जानते हैं देश में मौसम का हाल।

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में जमकर बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह हल्की बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा। भारी बर्फबारी से उत्तराखंड में जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। केदारनाथ मंदिर बर्फ की मोटी चादर से ढंक गया है। बद्रीनाथ के साथ यमुनोत्री, गंगोत्री और औली में भी बर्फबारी हुई। बर्फबारी के कारण राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आईएमडी के अनुसार हिमाचल के मनाली में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। इस कारण यहां पारा शून्य के नीचे चला गया है। वहीं कश्मीर के मैदानी इलाकों में दो से तीन इंच जबकि ऊंचाई वाले स्थानों पर छह से सात इंच तक बर्फबारी हो सकती है।

मध्य प्रदेश में फिल्मों की शूटिंग के लिए गाइडलाइन तैयार

0

भोपाल। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि मध्य प्रदेश में फिल्मों की शूटिंग को लेकर गृह विभाग ने गाइडलाइन तैयार कर ली है और इसे जल्द ही जारी कर दिया जाएगा। अब कलेक्टर से अनुमति लेने के बाद ही शूटिंग की जा सकेगी। कोरोना को लेकर सरकार पूरी तरह अलर्ट है और पूरी कोशिश है कि तीसरी लहर को नहीं आने दें। मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 16 नए केस आए हैं, जबकि 13 लोग स्वस्थ हुए हैं। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना के कुल एक्टिव केस 140 और रिकवरी रेट 98.60 फीसदी है।

गृहमंत्री ने कहा कि टुकड़े-टुकड़े गैंग देश में फिर से माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है और जेएनयू में देश‌ विरोधी नारे इसी क्रोनोलाजी के तहत लगे हैं। जनता की गाढ़ी कमाई पर मुफ्त में पढ़ाई कराने वाला जेएनयू अब देश विरोधी वामपंथी विचारधारा का अड्डा बन गया है। विदिशा के गंजबासौदा में मिशनरी स्कूल पर पथराव की घटना को लेकर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि 4 लोग हिरासत में लिए गए हैं। स्थानीय पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो इसके निर्देश भी दिए गए हैं। विदेशी फंडिंग का गलत उपयोग कर धर्मांतरण कराने वाले एनजीओ और पीएफआइ जैसे संगठनों की भूमिका की पूरी जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पंचायत ‌चुनाव को लेकर एक बार फिर कांग्रेस की दोमुंही नीति सामने आ गई है। चुनाव में हार के डर से पलायन करने के लिए कांग्रेस अब कोर्ट जा रही हैं।

प्रभारी मंत्री करें अस्पतालों का निरीक्षण, सागर जिला अस्पताल का मैं करूंगा – सीएम शिवराज

0

भोपाल । सभी मंत्रियों को एक सप्ताह के भीतर प्रभार के जिलों में अस्पतालों का निरीक्षण कराना होगा। बुधवार को एक बार फिर टीकाकरण महाअभियान चलेगा, इसमें भी हिस्सेदारी करें। यह निर्देश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को मंत्रालय में कैबिनेट बैठक से पहले मंत्रियों को दिए। उन्होंने कहा कि वे भी दस दिसंबर को सागर में जिला अस्पताल का निरीक्षण करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमवार को हमने कोरोना की स्थिति को लेकर समीक्षा की थी। स्थितियां पूरी तरह से नियंत्रण में हैं, पर हमें कोई भी कमी नहीं रखनी है। इसके लिए सभी मंत्री प्रभार के साथ-साथ गृह जिले की चिंता करें। अस्पतालों का निरीक्षण इसी सप्ताह कर लें। इसमें देखें कि आक्सीजन प्लांट चल रहा है या नहीं। बिस्तर, दवाई सहित अन्य व्यवस्था चाकचौबंद हैं या नहीं।

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि इसके साथ ही कोविड वैक्सीन का दूसरा डोज लगवाने के लिए लोगों को प्रेरित करना है। अभी 70 प्रतिशत पात्र व्यक्तियों को दूसरा टीका लगा है। कल टीकाकरण का महाअभियान है। यदि कोई पूर्व नियोजित कार्यक्रम नहीं है तो सभी प्रभार के जिले में रहें और टीकाकरण केंद्र जरूर जाएं। इससे माहौल बनता है। कलेक्टर और आपदा प्रबंधन समिति के सदस्यों से बात करें। स्वयं भी टीका लगवाने के लिए लोगों को प्रेरित करें और दूसरों से भी अपील कराएं। हमें दिसंबर में टीकाकरण का काम पूरा करना है। इससे गंभीर बीमार होने से बचा जा सकेगा। उन्होंने मंत्रियों को निर्देश दिए कि प्रभार के जिलों में कोरोना की तीसरी लहर से निपटने की तैयारियों की रिपोर्ट तैयार कर लें। अगली कैबिनेट बैठक में इस पर विस्तृत चर्चा करेंगे और जो भी व्यवस्था करनी होगी, उसके संबंध में निर्णय लिया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री डा.प्रभुराम चौधरी और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग गंभीरता से काम कर रहे हैं।

हम मध्य प्रदेश में एमएसएमई का जाल बिछाना चाहते हैं-सीएम शिवराज

0

भोपाल। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश की धरती पर बड़े उद्योगों का स्वागत है, साथ ही हम प्रदेश की धरती पर एमएसएमई का जाल बिछाना चाहते हैं। इससे तेजी से रोजगार के अवसरों का सृजन होगा। यदि देश को आत्मनिर्भर बनाना है, तो राज्यों को आत्मनिर्भर बनना पड़ेगा। हमने मध्य प्रदेश के लिए एक रोड मैप तैयार कर प्राथमिकताएं तय कर दी है। हमने आत्म‍ निर्भर मध्य प्रदेश के लिए चार प्रमुख स्तंभ तय किए हैं, जिसमें पहला है इंफ्रास्ट्रक्चर। हम यहां अधोसंरचना पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। चाहे रोड कनेक्टिविटी हो या एयर कनेक्टिविटी, हम अधोसंरचना पर काम कर रहे हैं। दूसरा स्तंभ है गुड गवर्नेंस। आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के लिए तीसरा स्तंभ है स्वास्थ्य और शिक्षा। चौथा स्तंभ है अर्थव्यवस्था और रोजगार। हम देखें तो अर्थव्यवस्था और रोजगार के लिए पहले दो स्तंभ यानी बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और गुड गवर्नेंस मुख्य आधार है।

सीएम शिवराज को सशस्त्र सेना झंडा दिवस का प्रतीक ध्वज लगाया

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर संचालक सैनिक कल्याण संचालनालय, ब्रिगेडियर अरुण सहगल ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस का प्रतीक ध्वज लगाया। इन सैनिकों को स्मरण करने, सम्मान देने तथा देश के नागरिकों द्वारा सैनिकों के प्रति सम्मान भाव प्रकट करने के लिए प्रतिवर्ष 7 दिसंबर सशस्त्र सेना झंडा दिवस के रूप में मनाया जाता है। सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर मोटर वाहनों में लगने वाले कार ध्वज,प्रतीक ध्वज वितरित किए जाते हैं। वितरण द्वारा संग्रहित राशि से शहीद सैनिकों के आश्रित परिजनों, दिव्यांग सैनिकों, पूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण व पुनर्वास से संबंधित आर्थिक सहायता योजनाएं संचालित की जाती हैं। देश में यह दिवस 1949 से प्रतिवर्ष मनाया जा रहा है।