खंडवा। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वीर टंट्या मामा की भूमि में आकर मैं खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं, इस भूमि को नमन। हमें जनजातिय नायकों का इतिहास कभी नहीं पढ़ाया गया। ये अंग्रेजों के खिलाफ लड़े, अन्याय के खिलाफ लड़े और सूदखोरों के खिलाफ लड़े। ये टंट्या माम थे जो अंग्रेजों को लूटते थे और जो पैसा मिलता उनको गरीबों को बांट देते थे। अंग्रेजों ने टंट्या मामा को पकड़ने के लिए नई टीम बनाई थी, इंग्लैंड तक में लोग उनके नाम से कांपते थे। एक बार जेल तोड़कर भी भाग गए। एक गद्दार के कारण उन्हें धोखा देकर पकड़ने का काम किया गया। इसके बाद उन्हें जबलपुर में फांसी दी गई। टंट्या मामा ने भारत माता के लिए खुद को बलिदान कर दिया। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार उनका सही इतिहास पढ़ाएगी, जो कांग्रेस ने नहीं किया। गरीबों का शोषण करने वाले, अन्याय करने वाले जो भी हो उन्हें सरकार नहीं छोड़ेगी। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि टंट्या मामा भी सूदखोर से परेशान हुए थे। हमनें सूदखोरी रोकने के लिए नियम बनाया है।
सीएम शिवराज ने कहा आदिवासियों का गौरवशाली इतिहास रहा है। हमारे बीच स्थित वन मंत्री विजय शाह भी गोंड राजवंश से हैं। मुख्यमंत्री ने भीली भाषा में टंट्या मामा को नमन किया। कांग्रेस ने आजादी के इतिहास को गलत बताया। क्रांतिकारी वीरों को भुला दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनजाति गौरव दिवस समारोह की शुरुआत प्रशंसनीय है। टंट्या मामा ने गरीबों को शोषण से मुक्ति के लिए लूटपाट की। उन्हें पकड़ने के लिए नाम से ही अंग्रेजी ने टीम बनाई थी। कांग्रेस ने ट्राईबल यूनिवर्सिटी का नाम भी इंदिरा गांधी के नाम पर रखा कांग्रेसी हमेशा एक खानदान का नाम रोशन करने का प्रयास किया है। चार तारीख को यात्रा पातालपानी पहुंचेगी, उसे तीर्थ बनाया जाएगा। वहां टंट्या मामा के प्रतिमा लगाई जाएगी। पातालपानी रेलवे स्टेशन का नाम टंट्या मामा के नाम पर किया जाएगा, इसका प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है। इंदौर के भंवरकुआं चौराहे का नाम भी टंट्या मामा के नाम पर रखने का निर्णय लिया है।
वीर टंट्या मामा का सही इतिहास पढ़ाएगी सरकार -सीएम शिवराज सिंह चौहान
29 नवंबर को होने वाली संयुक्त किसान मोर्चा का ट्रैक्टर मार्च स्थगित, 4 दिसंबर को अगली बैठक
संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से 29 नवंबर को होने वाला ट्रैक्टर मार्च स्थगित कर दिया गया है। मोर्चा की मीटिंग में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए किसान नेता ने बताया कि मोर्चा की तरफ से 29 नवंबर को होने वाला संसद पर ट्रैक्टर मार्च स्थगित कर दिया गया है। चार दिसंबर को मोर्चा की मीटिंग होगी। इस बैठक में फिर से केंद्र सरकार के रूख की समीक्षा की जायेगी। इसके बाद आगे की रणनीति पर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोर्चा देखना चाहता है कि केंद्र सरकार अपना किया गया वादा संसद में पूरा करती है या नहीं। संयुक्त किसान मोर्चा के एक नेता का कहना है, ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राज्य सरकारों और रेलवे को विरोध के दौरान किसानों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने का निर्देश देना चाहिए। दूसरी तरफ केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा है कि जहां तक विरोध के दौरान दर्ज मामलों का संबंध है, यह राज्य सरकारों के अधिकार क्षेत्र में आता है और वे निर्णय लेंगे। राज्य सरकारें अपनी राज्य नीति के अनुसार मुआवजे के मुद्दे पर भी निर्णय लेंगी। भारतीय किसान संघ (बीकेयू) नेता ने अमृतसर (पंजाब) में कहा कि वह 29 नवंबर को संसद तक होने वाला मार्च स्थगित कर दिया गया है, हमने सरकार को 4 दिसंबर तक सोचने के लिए समय दिया है। समिति अपना अगला फैसला 4 तारीख को लेगी।
जबलपुर में अदालत ने कहा- जरा से विवाद पर हत्या की कोशिश अनुचित
जबलपुर, अदालत ने तल्ख टिप्पणी में कहा कि जरा से विवाद पर हत्या की कोशिश अनुचित है। इस तरह की वारदात को अंजाम देने वालों की सही जगह जेल ही है। चूंकि जुर्म साबित हाे गया है, अत: आरोपित अब अपने गुनाह की सजा भुगतें। साथ ही भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का संकल्प लें।
बरात में नाचने के विवाद पर हत्या के प्रयास के दो आरोपितों का जुर्म साबित होने पर 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुना दी। मामला सात साल पुराना था। अपर सत्र न्यायाधीश उमाशंकर अग्रवाल की कोर्ट ने यह फैसला सुनाया। आरोपितों जबलपुर निवासी अखिल गुप्ता और संतोष विश्वकर्मा के ऊपर 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
डांस को लेकर हुआ था विवाद : अभियोजन के मुताबिक दो मार्च, 2014 को जबलपुर के बर्मन मोहल्ला निवासी रजनीश गुप्ता ने ग्वारीघाट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके मामा के लड़के विकास गुप्ता की शादी है। ननवारा कटनी से लड़की वाले अग्रवाल धर्मशाला में आए थे। रजनीश, जितेंद्र, भावना सहित अन्य बरात लेकर गए और धर्मशाला गेट के सामने डांस करने लगे। इस बात को लेकर जितेन्द्र गुप्ता तथा अखिल एवं संतोष के बीच झड़प हो गई। दोनों आरोपितों ने जितेंद्र पर चाकू से कई वार किए जिससे वह बेहोश हो गया। इतना ही नहीं अखिल ने भावना को भी लात मारी। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किया। कोर्ट ने दोनों को हत्या के प्रयास का आरोपित मानते हुए उक्त सजा सुनाई। शासन की ओर से एजीपी प्रमोद पाण्डेय ने पक्ष रखा।
तेजी से फैल रहा कोरोना का नया वेरिएंट, दक्षिण अफ्रीका के बाद बोत्सवाना, हांगकांग में भी मिले संक्रमित
दुनिया में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट में एक बार फिर दस्तक दे दी है और इस कारण कई देशों में दहशत भी है। दक्षिण अफ्रीका में नए वेरिएंट की खबर आने के बाद अब यह पता चला है कि कोरोना वायरस का ये वेरिएंट तेजी से फैल रहा है और दक्षिण अफ्रीका के बाद इस वेरिएंट से संक्रमित मरीज बोत्सवाना और हांगकांग में भी मिले है। ऐसे में एहतियात के तौर पर भारत में भी केंद्र सरकार ने अलर्ट जारी कर दिया है और दक्षिण अफ्रीका, हांगकांग और बोत्सवाना से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है।
EWS कोटे की घटेगी आय सीमा? केंद्र सरकार कर रही है तैयारी
सरकारी नौकरियों और शैक्षिक संस्थानों में आरक्षण के लिए आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) को सालाना 8 लाख रुपये की सीमा पर केंद्र सरकार फिर से समीक्षा करेगी। सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से कहा है कि वह EWS कोटे की सीमा पर दोबारा विचार करेगा। कोर्ट से इसके लिए चार हफ्ते मांगे भी हैं। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली बेंच को सरकार के सॉलिसिटर जनरल (एसजी) तुषार मेहता ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बेंच को बताया कि सरकार एक समिति का गठन कर वार्षिक आय के मानदंड पर फिर से विचार करेगी।
सुप्रीम कोर्ट में सरकार का प्रतिनिधित्व करने वाले मेहता ने जस्टिस सूर्यकांत और विक्रम नाथ वाली बेंच को बताया, “मेरे पास यह कहने का निर्देश है कि सरकार ने ईडब्ल्यूएस के मानदंडों पर फिर से विचार करने का फैसला किया है। हम एक समिति बनाएंगे और चार सप्ताह के भीतर फैसला करेंगे। हम आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए आरक्षण के मानदंड पर फिर से विचार करेंगे।”
सुप्रीम कोर्ट का केंद्र से सवाल
देश भर में समान रूप से ईडब्ल्यूएस के लिए आय मानदंड तय करने को लेकर केंद्र द्वारा अपनाई गई कार्यप्रणाली के संबंध में पिछले दो महीनों में सुप्रीम कोर्ट में कई प्रस्तुतियां आईं। कोर्ट ने ऐसी कई याचिकाओं की जांच की जिनमें वर्तमान शैक्षणिक साल 2021-22 से मेडिकल एंट्री में अखिल भारतीय कोटा सीटों के भीतर EWS के 10 प्रतिशत आरक्षण को चुनौती दी है। 21 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने केंद्र पर कई सवाल उठाए थे।
शेयर बाजार में भारी गिरावट
शेयर बाजार में शुक्रवार को भारी गिरावट देखी गई। प्री-ओपनिंग में 860 से अधिक लुढ़कने के बाद सुबह 9.40 बजे बीएसई में 743 अंकों की गिरावट रही और यह 58,063 के स्तर पर रहा। वहीं निफ्टी में भी 214 अंकों की गिरावट के साथ 17322 पर ट्रेडिंग हुई। माना जा रहा है कि दक्षिण अफ्रीका में कोरोना महामारी का नया रूप में मिलने के बाद पूरी दुनिया में हड़कंप है और शेयर बाजार की गिरावट उसी का असर है। मेटल और ऑटो सेक्टर सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। केवल डॉ रेड्डीज हरे निशान के साथ ऊपर था, जबकि अन्य 29 स्टॉक लाल रंग में नीचे थे। मारुति सुजुकी इंडिया 2.3% नीचे था, इसके बाद कोटक महिंद्रा बैंक और एचडीएफसी थे।
भारतीय मानक ब्यूरो (बीआइएस) ने देश में खिलौना उद्योग को नियमन के दायरे में लाने के महत्व पर चर्चा की। इसका मकसद देश में बिक रहे खिलौनों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना था। एक आधिकारिक बयान में बीआइएस ने कहा कि “आजादी का अमृत महोत्सव” के तहत एक वेबिनार का आयोजन किया गया, जिसमें खिलौनों की गुणवत्ता और परीक्षण सुरक्षा के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मध्य प्रदेश भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज राजधानी भोपाल में
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति की एक दिवसीय बैठक 26 नवंबर को मिंटो हॉल भोपाल में आयोजित की गई है। बैठक का शुभारंभ वरिष्ठ नेताओं द्वारा सुबह साढ़े दस बजे किया जाएगा। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की प्रत्यक्ष बैठक लंबे समय बाद हो रही है। इसमें जनजातीय गौरव दिवस और मध्य प्रदेश में हुए रिकार्ड टीकाकरण पर धन्यवाद प्रस्ताव लाए जाएंगे।
उदघाटन सत्र में पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश सह प्रभारी पंकजा मुंडे, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धुर्वे एवं राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष सुधीर गुप्ता उपस्थित रहेंगे।
प्रदेश कार्यसमिति में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा का अध्यक्षीय उदबोधन प्रात: 11.40 बजे होगा। बैठक में कुशाभाऊ ठाकरे जन्म शताब्दी वर्ष के आगामी कार्यक्रमों को लेकर पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत एवं प्रदेश में होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर पार्टी के सह संगठन महामंत्री हितानंद सत्र को संबोधित करेंगे। बैठक के प्रारंभ में शोक प्रस्ताव पारित करने के पश्चात पिछली कार्यसमिति बैठक की कार्यवाही का अनुमोदन होगा।
कार्यसमिति बैठक के द्वितीय सत्र में राजनैतिक प्रस्ताव प्रस्तुत होगा, साथ ही टीकाकरण की उपलब्धियों को लेकर टीकाकरण धन्यवाद प्रस्ताव एवं राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस का प्रस्ताव प्रस्तुत किया जायेगा। 26 नवंबर को संविधान दिवस भी है। अत: संविधान दिवस की चर्चा कार्यसमिति बैठक में होगी। कृषि एवं किसान कल्याण पर भी कार्यसमिति में विस्तार से चर्चा की जायेगी। पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव के संबोधन के पश्चात समापन सत्र को प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान संबोधित करेंगे।
खेल खत्म होने तक भारत का स्कोर 258/4
कानपुर : कानपुर टेस्ट मैच की पहली पारी में भारतीय टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने टीम इंडिया के लिए अर्धशतक लगाया और नाबाद 75 रन बल्लेबाजी कर रहे थे। श्रेयस अय्यर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ कानपुर टेस्ट मैच के जरिए अपने टेस्ट डेब्यू किया और इस मैच में उन्हें चौथे स्थान पर यानी विराट कोहली की जगह पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। टेस्ट में विराट कोहली चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं और वो इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। इतने अहम खिलाड़ी और इतने अहम नंबर पर श्रेयस को जो जिम्मेदारी मिली वो उस पर खरे उतरते नजर आए और टीम की जरूरत के मुताबिक बल्लेबाजी करते हुए 94 गेंदों पर अपने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया।
श्रेयस अय्यर का पहला टेस्ट अर्धशतक
इस टेस्ट मैच में जब श्रेयस का अर्धशतक आया तब टीम की स्थिति ज्यादा अच्छी नहीं थी। टीम के शुरुआती बल्लेबाज मयंक अग्रवाल 13 रन, चेतेश्वर पुजारा 33 रन और कप्तान अजिंक्य रहाणे 35 रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि ओपनर बल्लेबाज शुभमन गिल ने टीम को संभालने का काम किया और 52 रन की पारी जरूर खेली, लेकिन टीम को इसके बाद पूरी तरह से संभालने का काम अय्यर ने किया और शानदार अर्धशतक जड़ा। भारत की पहली पारी में 145 रन पर चार विकेट गिर गए थे और टीम दवाब में थी क्योंकि एक जरूरी अंतराल पर विकेट गिर रहे थे, लेकिन श्रेयस ने इसके बाद रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर टीम को काफी अच्छे तरीके से संभालने का काम किया।
श्रेयस का फर्स्ट क्लास करियर
श्रेयस अय्यर का ये पहला टेस्ट मैच है, लेकिन वो इससे पहले भारत के लिए वनडे व टी20 मुकाबले खेल चुके हैं। श्रेयस का फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर काफी शानदार रहा है और लंबे प्रारूप में उनके पास रन बनाने का शानदार अनुभव है। उन्होंने अपने क्रिकेट करियर में अब तक 54 फर्स्ट क्लास मैचों में 52.18 की औसत से 4592 रन बनाए हैं और इसमें 12 शतक और 23 अर्धशतक शामिल है। फर्स्ट क्लास करियर में अब तक उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 202 रन रहा है।
मुकेश अंबानी फिर बने एशिया के अरबपति नंबर वन, गाैतम अडानी कभी भी हासिल कर सकते हैं ताज
एक बार फिर एशिया के सबसे बड़े रईस का ताज मुकेश अंबानी के सिर पर आ गया है। एक दिन पहले ही अडानी समूह के मुखिया गौतम अडानी एशिया के सबसे दौलतमंद अरबपति बने थे। गौतम अडानी को पहली बार ये सफलता मिली थी। हालांकि दोनों के बीच संपत्ति में बहुत ज्यादा अंतर नहीं है। आज दिन में कई बार एशिया के सबसे बड़े अरबपति की पोजीशन में बदलाव देखने को मिल सकता है।
ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स की ताजा लिस्ट के मुताबिक अब रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी 89.7 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ एशिया के सबसे बड़े अरबपति हैं, वहीं गरैतम अडानी 89.1 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ दूसरे नंबर पर हैं। तीसरे नंबर पर चीन के झोंग शानशान हैं।
किसकी कितनी दौलत: ईटी नाउ की रिपोर्ट के मुताबिक ग्रुप मार्केट कैप के आधार पर गौतम अडानी ने मुकेश अंबानी को पछाड़ते हुए एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का खिताब हासिल किया है। आपको यहां बता दें कि मुकेश अंबानी की एक कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज शेयर बाजार में लिस्टेड है। वहीं, गौतम अडानी की कुल छह कंपनियां शेयर बाजार में लिस्टेड हैं।
समंदर की साइलेंट किलर है INS Vela
कलावरी क्लास सबमरीन यानी पनडुब्बी INS Vela आज भारतीय नौसेना में शामिल हो गई। कलावरी श्रेणी की चौथी पनडुब्बी INS Vela करीब 221 फीट लंबी, 40 फीट ऊंची और 1565 टन वजनी है। INS Vela में मशीनरी लगाने के लिए करीब 11 किमी पाइप और 60 किमी केबल फिटिंग का काम हुआ है।





