Home Blog Page 107

RBI ने बदला देश भर के बैंकों के खुलने का समय, सोमवार से 9 बजे से ही शुरु हो जाएगा कामकाज

0

सोमवार से बैंकिग से जुड़े कामकाज करनेवालों को राहत मिलनेवाली है। देश के बैंकों के ग्राहकों को अब उनके कामकाज के लिए एक घंटा ज्यादा मिलेगा। वजह ये है कि RBI ने 18 अप्रैल 2022 से बैंकों के खुलने के समय में बदलाव कर दिया गया है। अब बैंक सुबह 9 बजे खुल जाएंगे, लेकिन उनके बंद होने का समय पहले जैसा ही रहेगा। इससे आम लोग अब ज्यादा समय तक बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। दरअसल, कोरोना महामारी के चलते बैंकों के खुलने के समय को आगे बढ़ा दिया गया था, जिसे अब फिर से सामान्य किया जा रहा है। यह नई सुविधा 18 अप्रैल 2022 से देश भर में लागू हो जाएगी।

जल्द शुरु होगा कार्डलेस ट्रांजैक्शन

RBI के मुताबिक, ATM मशीनों से कार्डलेस ट्रांजैक्शन की सुविधा भी जल्द ही शुरू होनेवाली रही है। ग्राहकों को कार्ड के बजाए UPI के जरिए बैंकों और उनके ATM से पैसे निकालने की सुविधा मिलनेवाली है। इसकी वजह ये है कि RBI कार्डलेस ट्रांजैक्शन को और बढ़ावा देने की कोशिश में जुटा है। ये सुविधा मिलने के बाद आपको कार्ड रखने की जरुरत नहीं पड़ेगी, केवल फोन में उस बैंक का ऐप और इससे जुड़ा UPI होना चाहिए। UPI डालने के बाद आपको पिन डालना होगा और फिर अपने फोन पर मौजूद बैंक के ऐप पर इस ट्रांजैक्शन को अप्रूव करना होगा। ऐसा होते ही बैंकों और उनके ATMs से पैसे निकाले जा सकेंगे। जल्द ही ये सुविधा देश भर के तमाम बैंकों में मुहैया कराई जाएगी।

क्या है फायदा?

जानकारों का मानना है कि कार्डलेस कैश ट्रांजैक्शन से ATM के जरिए होने वाले फ्रॉड को रोकने में मदद मिलेगी। इससे जहां लेनदेन में आसानी होगी, वहीं कार्ड की क्लोनिंग, कार्ड की चोरी समेत दूसरी कई तरह की धोखाधड़ी को रोका जा सकेगा।

जहांगीरपुरी हिंसा मामले में 20 आरोपी गिरफ्तार

0

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी हिंसा मामले में अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 2 नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने 5 तलवारों सहित 3 पिस्टल भी बरामद किये हैं। पुलिस ने 14 आरोपियों को जहांगीरपुरी कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने अंसार और असलम को एक दिन के लिए पुलिस रिमांड पर सौंपा, जबकि 12 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आपको बता दें कि अंसार इस मामले में नामजद आरोपी और हिंसा का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। 35 वर्षीय मोहम्मद अंसार जहांगीरपुरी के बी ब्लॉक का रहने वाला है। इससे पहले भी हमले के दो मामलों में उसकी संलिप्तता का पता चला है, जिनमें उसकी गिरफ्तारी हुई थी। इसके साथ ही आर्म्स एक्ट और जुआ अधिनियम के तहत 5 बार मामला दर्ज किया गया था।वहीं असलम को फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किया गया है। असलम से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद की है।

इलाके में तमाम दुकानें बंद हैं और भारी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई है। साथ ही पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। ताजा जानकारी के दिल्ली पुलिस की स्पेशल क्राइम ब्रांच इस मामले की जांच करेगी।

जहांगीरपुरी में हुई हिंसा के मामले में एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें एक शख्स फायरिंग करता हुआ नजर आ रहा है। सामने आए वीडियो में ये शख्स गोली चलाते हुए दिख रहा था। दिल्ली पुलिस के मुताबिक शख्स की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

कैसे शुरु हुआ बवाल?

जहांगीरपुरी थाने में तैनात इंस्पेक्टर राजीव रंजन के बयान के अनुसार, एफआईआर में कहा गया है कि शोभायात्रा शांतिपूर्ण तरीके से चल रही थी, शाम 6 बजे जब यह शोभायात्रा सी-ब्लॉक जामा मस्जिद के पास पहुंची तो अंसार नाम का एक शख्स अपने 4-5 अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा और शोभायात्रा में शामिल लोगों से बहस करने लगा। बहस ज्यादा बढ़ने के कारण दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया। इसके चलते शोभायात्रा में भगदड़ मच गई। इस घटना में 8 पुलिस कर्मियों समेत कुल 9 लोग घायल हुए हैं।

दिल्ली में हनुमान जन्मोत्सव पर निकली शोभायात्रा पर पथराव, एसआई समेत कई घायल

0

दिल्ली में हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर निकाली शोभा यात्रा के दौरान पथराव हो गया। इस पथराव के बाद वहां अफरातफरी मच गई। इस हादसे में सब इंस्पेक्टर मदनलाल मीणा समेत कई लोग घायल हो गए। उग्र भीड़ ने दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया। दो पक्षों में झड़प के बाद हालात को काबू करने के लिए जहांगीरपुरी में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारियों से बात की। आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उत्तर प्रदेश में भी हाई अलर्ट

राजधानी में हिंसा को देखते हुए उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट किया गया है। खासकर एनसीआर में पूरी मुस्तैदी बरतने के कड़े निर्देश हैं। एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार के मुताबिक पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को विभिन्न आयोजनों के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरते जाने के निर्देश दिए गए हैं। हर छोटी घटना को भी पूरी गंभीरता से लेकर त्वरित कार्रवाई करने के साथ शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है।

ई-रिक्शा में लगा दी आग

प्राप्त जानकारी के अनुसार शोभा यात्रा जब जहांगीरपुरी स्थित एक धार्मिक स्थल से पास से गुजर रही थी। तब अचानक पथराव शुरू हो गया। इसके बाद भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। हिंसा भड़क गई। कुछ लोगों ने एक ई-रिक्शा में आग भी लगा दी और तोड़फोड़ शुरू कर दी।

सीएम ने की शांति की अपील

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। कहा कि बिना उसके देश तरक्की नहीं कर सकता। लोगों से कहना चाहता हूं कि उन्हें शांति व्यवस्था बनाए रखनी है क्योंकि बिना उसके देश तरक्की नहीं कर सकता। एजेसिंया, पुलिस और दिल्ली में केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है तो केंद्र सरकार दिल्ली में शांति व्यवस्था बनाए रखे।

किसी अफवाह में न पड़े- पुलिस आयुक्त

कानून और व्यवस्था के विशेष पुलिस आयुक्त दीपेंद्र पाठक ने बताया कि हमनें सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की है। लोगों से अपील है कि वह शांति व्यवस्था बनाए रखें। किसी भी तरह की अफवाह में न पड़ें। पाठक ने कहा, ‘हम स्थिति की जायजा ले रहे हैं। हमारी प्राथमिकता स्थिति को नियंत्रण में लाना है।’ घायलों का आंकन कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस के CP राकेश अस्थाना ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। घटनास्थल पर अतिरिक्त बल तैनात किया है। साथ ही संवेदनशील इलाकों में विशेष तैनाती की गई है। दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। अस्थाना ने कहा, हम आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।

पथराव दिल्ली के कल्चर के खिलाफ- गंभीर

भाजपा सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने कहा कि शोभायात्रा पर हुआ पथराव बहुत दुखदायी है। ये दिल्ली की सोच और कल्चर के खिलाफ है। मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि शांति बनाए रखें। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

प्रदेश में लगेंगे प्रीपेड मीटर

0

भोपाल : मध्यप्रदेश में अभी तक बिजली उपयोग करने के बाद उसका भुगतान करना पड़ता है। अब इसका उलटा होने जा रहा है याने पहले भुगतान फिर बिजली उपयोग। आप जितना भुगतान एडवांस में करेंगे उतनी ही बिजली का उपयोग कर पाएंगे। इसके लिए सरकार अब बिजली बिल के लिए प्रीपेड भुगतान की व्यवस्था करने जा रही है। केन्द्र सरकार के निर्देश पर मध्यप्रदेश में यह कवायद शुरु होने जा रही है। इसके लिए मौजूदा बिजली के मीटर भी बदले जाएंगे। एक माह में इसके टेंडर जारी हो जाएंगे और तीन माह के अंदर इन टेंडरों को अंतिम रूप देकर मीटर लगाने वाली कंपनी तय कर दी जाएगी। एक वर्ष के भीतर ये नये मीटर जगह-जगह काम करना शुरू कर देंगे।

यह नई तकनीक मध्यप्रदेश में पहली बार उपयोग की जाएगी। पुराने मीटर हटाकर उनके स्थान पर नये मीटर लगाए जाएंगे। इन मीटरों में चिप लगाई जाएगी। प्रीपेड मोबाइल सिम की तरह यह चिप भी काम करेगी। इसे इलेक्ट्रानिक रूप से सर्वर से जोड़ा जाएगा। पेमेंट गेटवे का उपयोग कर आमजन अपनी हर माह की खपत के लिए पूर्व से भुगतान करेगा। इसका पूरा ब्यौरा इस मीटर की चिप में मौजूद रहेगा। जैसे-जैसे आपकी बिजली खपत होगी पूर्व से जमा राशि में से आटोमेटिक राशि कटती जाएगी। जैसे ही आपके द्वारा भुगतान की गई राशि समाप्त होगी आपकी बिजली अपने आप बंद हो जाएगी।

लाइन लॉस वाले क्षेत्रों में पहले मीटर
बिजली कंपनियों को जिन क्षेत्रों में ज्यादा बिजली का नुकसान उठाना पड़ रहा है उन क्षेत्रों में ये मीटर पहले लगाए जाएंगे। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश के मीटर फिर से बदले जाएंगे। उनके स्थान पर नये स्मार्ट मीटर लेंगे। नई तकनीक वाले मीटरों की सप्लाई के लिए उर्जा विभाग ने टेंडर तैयार कर लिया है।

मोबाइल की तरह मिलेगा अलर्ट
प्रीपेड मोबाइल की तरह आपके मीटर में यह व्यवस्था भी होगी कि वह आपको न्यूनतम शेष रहने पर सूचित करेगा कि आप अपना प्रीपेड बिजली किराया रिन्यू करा लें वर्ना आपकी बिजली बंद कर दी जाएगी। यदि महीने के आखिरी दिनों में आपकी प्रीपेड भुगतान राशि समाप्त होती है तो आपको यह सुविधा भी दी जाएगी कि उस माह तक आपकी बिजली निर्बाध जारी रहे लेकिन अगले माह यह बिजली बिना पूर्व भुगतान के शुरु नही होगी।

बिजली कंपनियों का नुकसान होगा कम
इससे भारी-भरकम बिल आने पर उपभोक्ता द्वारा भुगतान नहीं करने की समस्या से निजात मिलेगी। सरकारी खजाने में पहले से राशि आ जाएगी। बिजली कंपनियों का नुकसान कम होगा। उपभोक्ता को भी अपने प्रीपेड भुगतान के आधार पर बिजली का उपयोग करने की सुविधा मिलेगी। उसे खपत के आधार पर सूचना भी मिलेगी जिससे वे बिजली का संतुलित उपयोग कर सकेंगे। कहीं से भी घर बैठे-बैठे इन प्रीपेड बिलों का भुगतान मोबाइल से, आॅनलाईन कियोस्क के जरिए किया जा सकेगा।

सीहोर के कथावाचक पंडि‍त प्रदीप मिश्रा की कार उत्तराखंड में पलटी, सभी सुरक्षित

0

सीहोर। दुनिया भर में प्रसिद्ध भागवत भूषण पंडित प्रदीप मिश्रा की उत्तराखंड के हरिद्वार में शिव महापुराण की कथा चल रही है। कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से किया जाता है। शुक्रवार को कथा से पहले वे नीलकंठ महादेव मंदिर दर्शन के लिए गए थे। दर्शन करने के बाद वे जब लौट रहे थे। तब उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन पलट गया, लेकिन वे और उनके साथ दर्शन करने गए सभी लोग सुरक्षित हैं। लौटकर उन्होंने कथा भी की। जिसमें उन्होंने इस दुर्घटना का उल्लेख भी किया।

कथा के दौरान पं. प्रदीप मिश्रा ने बताया कि कथा से पहले नीलकंठ महादेव मंदिर का दर्शन करने गए थे। वापस आ रहे थे। तभी मंदिर से करीब 8 किमी नीचे आए, तब गाड़ी पलट गई। पहाड़ से टकराकर गाड़ी पलटी दो बार कार पलटी खा गई। यदि एक बार और कार पलटती तो वाहन नदी में गिर जाता।

हादसे में पंडित मिश्रा सहित सभी लोग सुरक्षित हैं। कोई भी घायल नहीं हुआ है। इस हादसे से उनके भक्तजन काफी डर गए थे लेकिन उनके सकुशल होने की खबर सुन उन्होंने राहत की सांस ली। बिठलेश्वर सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि हादसे की सूचना मिली है। साथ ही यह सूचना भी मिली है कि सभी सुरक्षित हैं।

भक्तों ने की मन्नतें

हादसे की सूचना इंटरनेट मीडिया पर तेजी से फेल गई। जैसे ही उनकों मानने वालों को इसकी सूचना मिली वे चिंतित हो गए। कई भक्तों ने उनकी खुशहाली के लिए मन्नतें की। जब हरिद्वार में आयोजित कथा के दौरान उन्होंने खुद हादसे के बारे में बताया तो अफवाहों का बाजार थमा।

नगरीय निकाय से लेकर विधानसभा चुनाव तक नए चेहरों को मौका देने की तैयारी

0

भोपाल। पीढ़ी परिवर्तन के दौर से गुजर रही भारतीय जनता पार्टी ने नगरीय निकाय चुनावों से लेकर विधानसभा चुनाव में युवा चेहरों को आगे करने की तैयारी शुरू कर दी है। ऐसे में 30 से 45 साल उम्र के नेताओं और कार्यकर्ताओं को अधिक मौका मिलने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। संगठन में मंडल स्तर पर अधिकतम 35 एवं जिला स्तर पर 50 साल की अधिकतम आयु वालों को पहले से ही कमान मिल चुकी है। वहीं अब पार्षद से विधायक के लिए भी 40 से 45 साल से कम आयु के चेहरों को अधिक मौका देने की तैयारी है। ये कवायद उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत अगले दो दशक तक पार्टी में नई पीढ़ी को मौका देकर नेतृत्व तैयार करना है। पार्टी का थिंक टैंक संगठन में ऐसा कोई पीढ़ी अंतराल नहीं चाहता, जिससे पार्टी कुछ वर्षों में वयोवृद्ध या युवाओं की कम मौजूदगी वाले दल के रूप में पहचानी जाए।

इससे पहले भाजपा ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों में 75 साल या अधिक उम्र के नेताओं को चुनाव मैदान में उतारने से परहेज किया था। वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी ने बाबूलाल गौर, सरताज सिंह, रामकृष्ण कुसमरिया, माया सिंह, कुसुम महदेले सहित कई नेताओं के टिकट काट दिए थे। इनमें से कई मंत्री भी थे। अगले साल के अंत में प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। अनुमान है कि प्रदेश की 42 से अधिक सीटें हैं, जहां आयु वर्ग के लिहाज से युवाओं की संख्या निर्णायक है। इधर, संगठन में भी युवाओं को जिस तरह से महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा रही हैं, उससे स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी युवा शक्ति और अनुभव को अलग-अलग रखते हुए उपयोग में लेने के फार्मूले पर काम कर रही है।

संगठन में बूथ स्तर से प्रदेश स्तर तक के दायित्वों के लिए युवाओं को प्राथमिकता देने से युवा व ऊर्जावान लोगों की सहभागिता बढ़ेगी। मंडल व जिला स्तर पर चुनावी रणनीति व सामाजिक समीकरणों का भी ध्यान रखा जा रहा है। युवाओं को मौका मिलने से उन वर्गों का भी साथ पार्टी को निश्चित तौर पर मिलेगा, जिनकी भागीदारी अपेक्षाकृत कम रही है। भाजपा के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल कहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी में पीढ़ी परिवर्तन कोई विशेष अभियान नहीं बल्कि स्वाभाविक प्रक्रिया है। कार्यकर्ताओं की भावना और जनता की अपेक्षा के साथ ही जीतने की संभावना पर ध्यान रखते हुए पार्टी विचार करती है। यह पार्टी एक चुनाव के लिए नहीं बल्कि लगातार एक वैचारिक उद्देश्य को लेकर कार्य करती है इसलिए उस दृष्टि से निर्णय भी लिए जाते हैं।

COVID पॉजिटिव पाए गये दिल्ली कैपिटल्स के फिजियो पैट्रिक फरहार्ट

0

आईपीएल पर एक बार फिर कोरोना संक्रमण का खतरा मंडराने लगा है। IPL 2022 यानी इसके 15वें सीजन में ठीक 25वें मैच से पहले कोरोना वायरस से संक्रमण का पहला मामला सामने आया है। आईपीएल द्वारा जारी मीडिया अपडेट में बताया है कि दिल्ली कैपिटल्स के फीजियो पैट्रिक फरहार्ट को COVID-19 के टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया है और वे इस समय आइसोलेशन में हैं। फिलहाल दिल्ली कैपिटल्स की मेडिकल टीम उनकी कड़ी निगरानी कर रही है। हाल-फिलहाल में वे टीम के साथ ट्रैवल नहीं करेंगे और कम से कम एक सप्ताह तक वे क्वारंटीन में रह सकते हैं। दिल्ली कैपिटल्स को शनिवार 16 अप्रैल को अपना अगला मुकाबला खेलना है। आपको बता दें कि अब तक IPL के 24 मुकाबले बिना किसी बाधा के खेले जा चुके हैं।

दिल्ली कैपिटल्स टीम के एक अहम सदस्य के कोरोना संक्रमित पाये जाने के बाद पूरे IPL पर कोरोना का खतरा बढ़ गया है। अभी ये जानकारी नहीं मिली है कि फिजियो पैट्रिक फरहार्ट से संपर्क में आए खिलाड़ियों में किस-किस का टेस्ट किया गया है और कितनों की रिपोर्ट आनी बाकी है। जैसा कि अब तक देखा गया है कि अगर एक सदस्य को संक्रमण हुआ, तो इसके टीम के बाकी सदस्यों में फैलने की काफी संभावना रहती है।

गौरतलब है कि भारत में कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण, आईपीएल 2020 का पूरा सीजन यूएई में खेला गया था, जबकि आईपीएल 2021 का आधा सीजन कोरोना केसों के कारण स्थगित करना पड़ा था। आईपीएल 2021 का पहला भाग भारत में खेला गया था, जबकि दूसरा भाग आईपीएल के 14वें सीजन का यूएई में आयोजित किया गया था। अब आईपीएल 2022 भी सिर्फ मुंबई और पुणे में सख्त बायो-बबल में आयोजित किया जा रहा है।

मंदसौर के इस हनुमान मंदिर में चोला चढ़ाना है तो 23 साल करना पड़ेगा इंतजार

0

मंदसौर । शहर के मध्य में स्थित प्राचीन श्री तलाई वाले बालाजी मंदिर के भक्त देश के साथ ही विदेशों में भी हैं। मंदिर के प्रति श्रद्धा का ही नतीजा है कि यहां हनुमानजी को चोला चढाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। मंदसौर के दवा व्यवसायी मिलिंद जिल्हेवार ने हनुमान जयंती पर चोला चढ़ाने के लिए 7 अगस्त 2009 में बुकिंग करवाई थी। 13 साल बाद शनिवार को उन्हें हनुमानजी को चोला चढ़ाने का पुण्यलाभ मिलेगा। वे सुबह परिवार व स्वजन सहित मंदिर पहुंचेगे और हनुमानजी की प्राचीन प्रतिमा को चोला चढाएंगे।

हनुमानजी को चोला चढ़ाने के लिए ज्यादातर भक्तों की इच्छा रहती है कि उन्हें मंगलवार और शनिवार का दिन मिल जाए। लेकिन तलाई वाले बालाजी मंदिर में यदि मंगलवार को चोला चढ़ाना है तो 23 साल का

इंतजार करना होगा। कारण है 23 नंवबर 2045 तक के सभी मंगलवार की बुकिंग हो चुकी है। । इतना ही नहीं शनिवार को भी चोला चढ़ाने के लिए अगस्त 2045 तक का इंतजार करना पड़ेगा। सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार व रविवार को चोला चढ़ाने की इच्छा रखने वालों को भी मार्च 2031 तक तो रुकना ही पड़ेगा। फिलहाल 1104 मंगलवार, 1188 शनिवार और अन्य 2421 दिनों की बुकिंग मंदिर समिति के पास दर्ज है।

2019 से बंद है बुकिंग

मंदिर समिति ने वर्ष 2019 से मंगलवार को चोला चढ़ाने की बुकिंग बंद कर दी है। चूंकि 2045 तक के लिए कोई भी मंगलवार रिक्त नहीं है। देश-विदेश के भक्त इन दिनों की बुकिंग कर चुके हैं। इसलिए समिति अगले कुछ वर्षों बाद ही बुकिंग दोबारा शुरू करेगी।

भक्त को ही रखना होता है याद कब उसे चोला चढ़ाने जाना है

मंदिर समिति के अनुसार बुकिंग के समय ही चोला चढ़ाने की मंशा रखने वाले भक्त दान राशि दे देते हैं। इसके लिए कोई शुल्क निर्धारित नहीं है, भक्त अपनी श्रद्धानुसार राशि मंदिर समिति के पास जमा करवा देते हैं। उससे समिति सदस्य सामग्री लाते हैं। मंदिर में लगे बोर्ड पर चोला चढ़ाने के लाभार्थी का नाम लिख दिया जाता है। तय दिन वह आए या न आए उसके नाम से चोला भगवान को चढ़ा दिया जाता है।

ओबामा के लिए दो बार हो चुका है हवन

अमेरिका में बराक ओबामा जब दोनों बार राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बने थे तब भी उनके भारतवंशी समर्थक ने अपने मंदसौर निवासी रिश्तेदार की मदद से श्री तलाई वाले बालाजी में हवन कराए थे।

इसके अलावा परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के श्री रामानुजजी महाराज भी यहां के भक्त हैं और हर साल हनुमान जन्मोत्सव पर वे मंदिर में ही रहते हैं।

श्री तलाई वाले मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष धीरेंद्र त्रिवेदी ने बताया कि मूर्ति लगभग 700 वर्ष पुरानी है। प्रारंभ में वटवृक्ष के नीचे स्थापित थी। उस समय यह स्थान शहर से दूर सूबा साहब (कलेक्टर) बंगला कहलाता है।

आज भी इसे पुरानी सुबात कहा जाता है।

ऐसे मंदिर का नाम पड़ा

मंदिर के पास एक तलाई थी। इसके कारण मंदिर का नाम तलाई वाले बालाजी हो गया है। बाद में यहां मंदिर का निर्माण हुआ है और अभी इसका नवनिर्माण चल रहा है। तलाई की जगह नगर पालिका ने तरणताल बना दिया है। किंवदंती है कि मूर्ति की स्थापना सिद्ध परमहंस संत द्वारा की गई थी। बहुत समय तक यहां बनी धर्मशाला, तलाई एवं मंदिर साधु-संतों एवं जमातों का विश्राम एवं आराधना स्थल रहा है।

हनुमानजी की 108 फीट ऊंची मूर्ति का अनावरण कल पीएम मोदी करेंगे

0

कल हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के मोरबी में भगवान हनुमान की 108 फीट ऊंची मूर्ति का अनावरण करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी। पीएमओ के मुताबिक, भगवान हनुमान से संबंधित चार धाम परियोजना के तहत देश के चारों दिशाओं में हनुमान की मूर्ति स्थापित की जानी है। इस कड़ी में यह हनुमान की दूसरी मूर्ति होगी जो पश्चिम दिशा में होगी। इसकी स्थापना मोरबी के बापू केशवानंद आश्रम में की गई है।

इस श्रृंखला की पहली मूर्ति वर्ष 2010 में उत्तर दिशा में यानी शिमला में स्थापित की गई थी। वहीं दक्षिण दिशा में यह मूर्ति रामेश्वरम में स्थापित की जानी है और इसका काम भी चल रहा है।

ईडी ने पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी से की छह घंटे तक पूछताछ, रेत खनन और मनी लॉन्ड्रिंग का मामला

0

ED यानी प्रवर्तन निदेशालय ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर शिकंजा कसना शुरु कर दिया है। पंजाब में रेत खनन मामले से जुड़ी धनशोधन जांच के सिलसिले में ED ने उनसे छह घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ की। चरणजीत सिंह चन्नी, बुधवार रात जालंधर स्थित प्रवर्तन निदेशालय के क्षेत्रीय कार्यालय से धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत अपना बयान दर्ज करवाकर बाहर निकले। आपको बता दें कि इसी मामले में चन्नी के भतीजे भूपिंदर सिंह उर्फ ​​हनी को ईडी ने 20 फरवरी को गिरफ्तार किया था। पिछले कुछ समय से चन्नी के भांजे भूपेंद्र सिंह हनी (Bhupendra Singh Honey) के खिलाफ भ्रष्ट्राचार और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में जांच चल रही है। उसी जांच के दौरान मौजूदा मुख्यमंत्री चन्नी का नाम भी सामने आया था।

ED ने इस महीने की शुरुआत में उनके और इस मामले में नामजद अन्य लोगों के खिलाफ आरोप-पत्र दायर किया था। सूत्रों के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय ने चन्नी को पहले भी कई बार समन भेजे थे। इस बार पेश होने पर ईडी के अधिकारियों ने चन्नी से हनी और अन्य लोगों के साथ उनके संबंधों और मुख्यमंत्री कार्यालय में उनके भतीजे की कुछ यात्राओं के बारे में पूछताछ की। साथ ही उनसे राज्य में अवैध बालू खनन अभियान के तहत कुछ अधिकारियों के तबादले और पदस्थापना के आरोपों के बारे में भी पूछताछ की गयी।

इस मामले में ईडी की कार्रवाई 18 जनवरी को हनी और अन्य के खिलाफ छापेमारी के बाद शुरू हुई थी। हनी के परिसर से ईडी ने लगभग 7.9 करोड़ रुपये नकद और संदीप कुमार नामक एक व्यक्ति से लगभग 2 करोड़ रुपये जब्त किये थे। ईडी के अधिकारियों ने कहा था कि उन्होंने तलाशी के दौरान कुदरतदीप सिंह, भूपिंदर सिंह (हनी), हनी के पिता संतोख सिंह और संदीप कुमार के बयान दर्ज किये। बयान से साफ हो गया कि जब्त रुपये हनी के ही थे। ईडी ने एक बयान में दावा किया था, भूपिंदर सिंह (हनी) ने स्वीकार किया कि उन्हें रेत खनन कार्यों और अधिकारियों के स्थानांतरण व पदस्थापना में मदद के बदले में ये नकदी प्राप्त हुई थी।