कैलास मानसरोवर यात्रा की इस वर्ष भी शुरू होने की उम्मीद नहीं है। असल में विदेश मंत्रालय यात्रा का आयोजन जून से सितंबर के मध्य उत्तराखंड के लिपुलेख व सिक्किम के नाथू ला दर्रा के रास्ते करता है। इसके लिए दिसंबर में ही कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) व सिक्किम पर्यटन विकास निगम (एसटीडीसी) की दिल्ली में विदेश मंत्रालय के साथ बैठक हो जाती है, जो इस बार अभी तक नहीं हुई है। यात्रा के संबंध में केएमवीएन को मंत्रालय से कोई निर्देश भी नहीं मिला है।
पुलिस ने तीन आरोपित पकड़े, 10 लाख से ज्यादा के नकली नोट बरामद
सायबर टीम और अमायन थाना पुलिस ने तीन आरोपितों को पकड़ा है। आरोपितों के पास से 10 लाख पांच हज़ार कीमत के नकली नोट बरामद हुए हैं। यह नोट 2000 और ₹200 के नोट की नकल में छापे गए थे। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर उनके पास से एक कलर प्रिंटर, नकली नोट का कागज और कटर मशीन बरामद की है। एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान का कहना है कि आरोपित यह रकम गुजरात तक खपा रहे हैं। अब पुलिस इस पूरे मामले में बारीकी से पड़ताल कर रही है।
30 हज़ार में पांच लाख के नकली नोट
एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि आज शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि अमायन थाना के गांव के मोड़ पर कुछ आरोपित नकली नोटों का आदान-प्रदान करने के लिए आए हैं। मुखबिर से मिली सूचना के मुताबिक थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह यादव और साइबर सेल की टीम बल के साथ आसपास लग गई। मुखबिर के बताए स्थान पर तीन आरोपित नजर आए। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपितों को पकड़ लिया। आरोपितों के पास से पुलिस ने 10 लाख पांच हज़ार के नकली नोट बरामद किए हैं। पूछताछ की गई तो आरोपितों ने पुलिस को बताया है कि वे लंबे समय से नकली नोटों का कारोबार कर रहे हैं। 30 हज़ार असली नोटों के बदले पांच लाख के नकली नोट देते हैं। यह नोट 2000 और 200 के नोट की हूबहू नकल कर छापे गए हैं। डिमांड पर ₹500 का नोट भी छाप कर दिया जाता है। एसपी ने बताया कि नकली नोटों की गड्डी में आरोपित कुछ असली नोट मिलाकर उनको गुजरात तक सप्लाई कर रहे हैं। पुलिस आरोपितों से जुड़े पूरे रैकेट के बारे में छानबीन कर रही है। पूर्व में भी इन आरोपितों को एसटीएफ की टीम ने नकली नोटों के मामले में गिरफ्तार किया था। जेल से छूटने के बाद दोबारा से नकली नोटों के कारोबार में लग गए।
वर्ल्ड बैंक टीम ने इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह से जाना कैसे शहर बना स्चच्छता में नंबर वन
इंदौर। वर्ल्ड बैंक टीम ने आज इंदौर के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और लगातार स्वच्छता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के संबंध में कलेक्टर मनीष सिंह के साथ चर्चा की। कलेक्टर ने टीम को बताया कि जनप्रतिनिधियों, मीडिया, प्रशासन और नागरिकों के सहयोग से इंदौर ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट में एक नया अध्याय लिखा है।
वर्ल्ड बैंक की टीम ने बायो सीएनजी प्लांट से उत्पन्न की जा रही गैस एवं उससे संचालित की जा रही सिटी बस के बारे में जानकारी ली। टीम द्वारा इस टेक्नोलॉजी को देश के अन्य शहरों में बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार को सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज वर्ल्ड बैंक की टीम ने इंदौर का दौरा किया और विस्तृत अध्ययन किया कि किस तरह इंदौर ने उत्तम गुणवत्ता के वेस्ट सैग्रीगेशन की सहायता से बायो सीएनजी प्लांट स्थापित कर हाई कैलोरीफिक वैल्यू की गैस का उत्पादन किया। वर्ल्ड बैंक की टीम बायो सीएनजी प्लांट का भी भौतिक दौरा करेगी।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक लोकल फार वोकल की थीम पर होगी
जबलपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुक्रवार को प्रारंभ हो गई। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में स्थानीय संस्कृति को पेश किया गया है। युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने लोकल फार वोकल के तहत प्रदेश पदाधिकारियों का साफा बांधकर और हाथ से बने बैग भेंट किए। बैठक में आए पदाधिकारी भी कार्यकर्ताओं का स्वागत और तैयारी देखकर गदगद हो गए। में हो रही है। इस बैठक में राष्ट्रीय से लेकर प्रदेश पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं जो मोर्चा को चुनावी रण के लिए तैयार करेंगे।
युवा मोर्चा की प्रदेश कार्य समिति को लेकर पिछले कुछ दिनों से तैयारी तेज है। भाजपा के संभागीय कार्यालय में प्रदेश के करीब 200 पदाधिकारी इस बैठक में शामिल हुए हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा मध्यप्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक तय समय से कुछ देरी से करीब 12 बजे से संभागीय कार्यालय रानीताल में प्रारंभ हुई। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल एवं युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार सम्मिलत हुए। शाम के सत्र को प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा संबोधित करने आएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष करेंगे संबोधित : विभिन्न सत्रों में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, युवा मोर्चा राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल, प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार, सभी युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी एवं कार्यसमिति सदस्यों को सम्बोधित करेंगे। बैठक में प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, युवा मोर्चा राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल, मोर्चा प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार, मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार शामिल होंगे। इसके अलावा 26 मार्च को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह प्रदेश पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे।
प्रदेश कार्यसमिति से महाकोशल पर फोकस : भारतीय जनता पार्टी का विध्य, महाकोशल अंचल पर फोकस है। 2023 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर महाकोशल अंचल के मुख्यालय जबलपुर को बैठक के लिए चुना गया है। इससे पूर्व विद्यार्थी परिषद का राष्ट्रीय अधिवेशन भी यहीं हुआ। जिसमें जनजातीय वर्ग पर फोकस किया गया। जनजातीय समाज का कई सीट पर प्रभाव है। पिछले चुनाव में पार्टी को यहां काफी नुकसान हुआ था। ऐसे में युवाओं के जरिए पार्टी खुद को मजबूत करने में जुटी है। इसके लिए युवा टोली को तवज्जो दी जा रही है। कार्य समिति के शुरुआती दो सत्र में इंटरनेट मीडिया और योजना के क्रियान्वयन पर शोध विषय पर विशेषज्ञ पदाधिकारियों को जानकारी देंगे। इसके जरिए कैसे आम लोगों से जुड़ाव बनाया जाए इस पर बात होगी। इस संबंध में एक अभियान की तरह कार्य किया जाएगा। योजनाओं को बेहतर तरीके से आम आदमी तक पहुंचाने के लिए क्या किया जाए उसमें आने वाली समस्याओं को कैसे दूर किया जाए इसका सुझाव भी पार्टी स्तर पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ता देंगे।
इमरान की पाक संसद 28 मार्च तक स्थगित
पाकिस्तान में प्रधानमंत्री इमरान खान की सरकार मुश्किर दौर से गुजर रहे हैं और पूरी संभावना थी कि विपक्षी दल आज इमरान खान सरकार के अविश्वास प्रस्ताव ला सकते हैं, लेकिन पाक संसद की कार्यवाही शुरू होते ही इमरान खान ने बड़ा खेल कर दिया। स्पीकर ने संसद की कार्यवाही को 28 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया है। इस दौरान स्पीकर ने कहा कि एक सांसद की मौत हो गई है, जिसके चलते संसद की कार्यवाही स्थगित की जाती है। वहीं पाकिस्तान की सियासत से जुड़े जानकारों का कहना है कि इमरान खान अपनी सरकार को बचाने के लिए ज्यादा से ज्यादा समय चाहते थे, इसलिए कार्रवाई टाल दी गई है। अब पूरे संभावना है कि इमरान खान सरकार के खिलाफ सोमवार को विपक्षी दल अविश्वास प्रस्ताव ला सकते हैं। पाक मीडिया रिपोर्ट में भी दावा किया गया है कि संसद की कार्यवाही के दौरान इमरान खान नेशनल असेंबली में अल्पमत में दिखे और उनके कई सांसद विपक्ष की बेंच पर बैठे थे।
अविश्वास प्रस्ताव के बीच पाकिस्तान के गृह मंत्री ने संकेत दिए हैं कि देश में जल्द ही चुनाव हो सकते हैं। आपको बता दें कि विपक्ष ने इमरान खान की सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 8 मार्च को अपना पक्ष रखा था। नेशनल असेंबली में 342 सीटें हैं। इस अविश्वास प्रस्ताव को जीतने के लिए इमरान खान की सरकार को 172 सदस्यों के समर्थन की जरूरत है।
इमरान ने लगाया सांसदों की खरीद फरोख्त का आरोप
इस बीच इमरान खान का आरोप है कि विपक्ष उन्हें सत्ता से हटाने के लिए सांसदों की खरीद-फरोख्त कर रहा है। वहीं दूसरी ओर इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के कई सदस्य खुद ही इमरान खान से नाराज चल रहे हैं और विपक्ष की आवाज में सुर में सुर मिला रहे हैं। इमरान के साथी सांसदों ने विपक्ष का हाथ मजबूत करने के लिए अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में खुलकर मतदान करने की अपील की है।
विपक्ष को पूरी उम्मीद, सत्ता से इमरान को हटा देंगे
उधर पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश ने गुरुवार को कहा कि अविश्वास प्रस्ताव की कार्यवाही के दौरान सदस्यों द्वारा डाले गए वोटों की गिनती नहीं करना अवमानना माना जाएगा। इस अविश्वास प्रस्ताव से पूरा विपक्ष काफी संतुष्ट है। विपक्षी नेताओं को पूरी उम्मीद है कि प्रधानमंत्री इमरान खान को कुर्सी से हटाने में कामयाब होंगे।
फिल्म ‘आरआरआर’ रिलीज होते ही लीक हो गई
लंबे समय से चर्चा में रही SS Rajamouli की फिल्म आरआरआर आखिरकार आज रिलीज हो गई है और फिल्म की रिलीज के साथ ही इसे काफी पसंद किया जा रहा है, लेकिन यह फिल्म रिलीज के साथ ही पायरेसी की शिकार हो गई है। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि फिल्म लीक हो गई है। एशियानेटन्यूजेबल डॉट कॉम के अनुसार आरआरआर को कथित तौर पर ऑनलाइन लीक कर दिया गया है और इसे पायरेसी आधारित वेबसाइटों और तमिलरॉकर्स जैसे प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जा रहा है। बड़े पर्दे पर रिलीज से पहले ही कुछ वेबसाइट पर लीक होने के कारण फिल्म के व्यापार को भारी नुकसान होने की आशंका है।
गौरतलब है कि राजामौली इस प्रोजेक्ट पर बीते 5 साल से काम कर रहे थे और फैन्स भी फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। RRR ब्रिटिश दौर के समय की फिल्म है, जिसमें जूनियर एनटीआर और राम चरण मुख्य भूमिका में है। साथ फिल्म में अजय देवगन और आलिया भट्ट की अहम भूमिका है। कई इंटरनेशनल कलाकार भी फिल्म में अपनी अदाकारी दिखा रहे हैं, जिनमें से एक जेम्स बॉन्ड एक्ट्रेस एलिसन डूडी भी शामिल हैं।
बाहुबली के बाद राजमौली RRR में हो गए थे व्यस्त
गौरतलब है कि साल 2017 की फिल्म ‘बाहुबली-2’ के बाद राजामौली ने सिर्फ RRR फिल्म पर ही काम किया था, लेकिन कोरोना महामारी के चलते फिल्म की निर्माण और रिलीज डेट बार-बार बदलना पड़ी थी। RRR फिल्म मुख्य रूप से तेलुगु भाषा में बनी फिल्म है, जिसे हिंदी में भी रिलीज किया गया है।
आरआरआर के है ये मुख्य कलाकार
फिल्म की कहानी बड़ी ही दिलचस्प है। फिल्म में कोमाराम भीम के किरदार में जूनियर NTR और सीताराम राजू के रोल में राम चरण हैं। ट्रेलर में दर्शक इन दोनों किरदारों को देख चुके हैं। कोमाराम भीम जहां आदिवासी समुदाय से निकले थे, वहीं सीताराम राजू को ब्रिटिश सरकार में पुलिस अफसर के रूप में दिखाया गया है, जो बाद में आजादी की लड़ाई में भीम का साथी बनता है। राजामौली ने फिल्म के किरदार भीमाराम के बारे में बताया कि भीमाराम ने पारंपरिक तौर-तरीकों से शिक्षा हासिल नहीं की थी और कम उम्र में ही अपना गांव छोड़कर दिया था, लेकिन जब वापस आए तो पढ़े-लिखे व्यक्ति थे। उन्होंने आदिवासियों के लिए निजाम के शासन के खिलाफ जंग छेड़ी थी। साथ ही गुरिल्ला शैली में युद्ध नीति अपनाई थी और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लगातार लड़ते हुए शहीद हुए थे।
योगी आदित्यनाथ को चुना गया भाजपा विधायक दल का नेता
योगी आदित्यनाथ को आज भाजपा विधायक दल की बैठक में दल का नेता चुन लिया गया है। लखनऊ के लोकभवन में हुई भाजपा की बैठक में योगी को औपचारिक तौर पर दल का नेता चुना गया। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। अब शुक्रवार की शाम को वे शपथ ग्रहण समारोह में सीएम पद की शपथ लेंगे। इस अवसर पर इस मौके पर योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता और बीजेपी के सभी नेताओं का आभार जताया। 37 वर्ष बाद यह पहला मौका होगा जब कोई सीएम लगातार दूसरी बार सीएम पद की शपथ लेगा। लखनऊ के इकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 25 मार्च को शाम चार बजे से होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ गृह मंत्री अमित शाह तो शामिल होंगे ही, विपक्षी दल के नेताओं, प्रख्यात उद्योगपति तथा फिल्म स्टार्स के साथ खिलाडिय़ों को भी आमंत्रित किया गया है।
उत्तर प्रदेश की सत्ता की कमान दोबारा योगी के हाथ में होगी, इसकी औपचारिक घोषणा विधायक दल की बैठक में हुई। विधायक दल की बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया उनके नाम के प्रस्तावक की प्रक्रिया में 15 वरिष्ठ विधायक शामिल हुए उनके नाम का प्रस्ताव आने के बाद सर्वसम्मति से चयन हुआ। इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ के नेता चुने जाने की प्रक्रिया चली।
अमित शाह ने कहा बहुमत की बदौलत हम कर रहे वापसी
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को जनता ने दो तिहाई बहुमत दिया, जिसके बाद हम यूपी में वापसी कर रहे हैं। शाह ने कहा कि ये हम सभी के लिए गौरव का क्षण है, जब किसी मुख्यमंत्री को दोबारा सत्ता में आने का मौका मिला है। जब से आम चुनाव शुरू हुए हैं, उस वक्त से उत्तर प्रदेश में ऐसा नहीं हुआ है। अमित शाह ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में राजनीति का अपराधीकरण था। उत्तर प्रदेश की जनता इससे मुक्ति चाहती थी। 2017 का समय आया और यहां की जनता को उससे मुक्ति मिली।
छोटे पर्दे पर साड़ी लेकिन असल जिंदगी में ग्लैमरस चहेती भाभियां
भाभी जी घर पर हैं पर अपने स्टाइल और अपने अंदाज से हर दिल की धड़कन बन जाने वाली अंगूरी और अनिता भाभी के जलवे निराले हैं.पर्दे पर जिन भाभियों को साड़ी में लटके झटके मारते देखा जाता है, असल जिंदगी में यह भाभियां ड्रेसेस और शॉर्ट्स पहनना ही पसंद करती हैं.बेशक भाभियों के किरदार दो हों, अनिता भाभी और अंगूरी भाभी लेकिन इन दो किरदारों के पीछे कई चेहरे हैं जो अपनी बेमिसाल एंट्री से लोगों की दिल की धड़कन बन चुके हैं.आना जाना तो लगा रहता है, लेकिन इन भाभियों का स्टाइल बेमिसाल है. अगर इनके इंस्टग्राम का खंगाला जाए तो आपको इनकी कई खुशनुमा तस्वीरें देखने को मिलेंगी.
शिल्पा शिंदे, विदिशा श्रीवास्तव, सौम्या टंडन, नेहा पेंडसे, शुभांगी अत्रे इन सभी भाभियों ने सोशल मीडिया पर अपनी एक झलक से लोगों को दीवाना बनाया हुआ है.और ऐसे में नई एंट्री मारने वाली विदिशा श्रीवास्तव ने तो हॉटनेस के मीटर को और हाई कर दिया है. ड्रेसेस ही नहीं बल्कि बिकनी में भी उनका अगला अवतार देखने को मिला है.सोशल मीडिया पर ये भाभियां अपने फैंस के साथ अपनी डेली अपडेट शेयर करती रहती हैं. और इनकी इन तस्वीरों पर लाइक्स और कमेंट्स की बेशुमार बरसात होती नजर आती है.
मध्य प्रदेश में एक अप्रैल से मकान और भूखंड की रजिस्ट्री होगी महंगी
भोपाल। प्रदेश में चार साल बाद कलेक्टर गाइड लाइन में एक अप्रैल से वृद्धि होगी। जिन स्थानों पर कलेक्टर गाइड लाइन से मकान या भूखंड की रजिस्ट्री अधिक दर पर हुई है, वहां अब पांच से 25 प्रतिशत तक कलेक्टर गाइड लाइन बढ़ जाएगी। केंद्रीय मूल्यांकन समिति ने जिलों के प्रस्तावों को हरी झंडी दे दी है। उन स्थानों पर दर में कमी भी की गई है, जहां रजिस्ट्री बहुत कम हो रही हैं।
महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक एम सेलवेन्द्र ने बताया कि जिलों के प्रस्तावों का अनुमोदन कर दिया गया है। एक अप्रैल से नई दरें प्रभावी हो जाएंगी। प्रदेश में एक लाख से दस हजार स्थानों में से लगभग छह हजार ऐसी हैं, जहां रजिस्ट्री कलेक्टर गाइड लाइन से अधिक दरों पर पिछले सालों में हुई हैं।
इन स्थानों पर कलेक्टर गाइड लाइन में पांच से 25 प्रतिशत की वृद्धि जिलों ने प्रस्तावित की थीं। इसमें भोपाल के 500 और इंदौर के 750 स्थान शामिल हैं। यहां 10 से लेकर 25 प्रतिशत तक कलेक्टर गाइड लाइन बढ़ेगी। इससे रजिस्ट्री महंगी होगी और सीधा असर खरीदार पर पड़ेगा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिन क्षेत्रों में कलेक्टर गाइड लाइन अधिक होने की वजह से रजिस्ट्री बहुत कम हो रही हैं, वहां दर कम भी होगी।
बाहुबली के निर्माता राजामौली की RRR कल 8 हजार स्क्रीन्स पर होगी रिलीज
वर्ष 2022 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्म में से एक, ‘आरआरआर: राइज, रोर, रिवोल्ट’ 25 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह महान क्रांतिकारियों अल्लूरी सीताराम राजू के जीवन पर आधारित पीरियड एक्शन-ड्रामा है। ब्रिटिश शासन के खिलाफ लड़ने वाले इन क्रांतिकारियों की एक काल्पनिक कहानी है। RRR को तेलुगु, मलयालम, तमिल, कन्नड़ और हिंदी सहित कई भाषाओं में बड़े पैमाने पर रिलीज़ किया जाएगा। आरआरआर के दुनिया भर में 8,000 से अधिक स्क्रीन पर रिलीज होने की उम्मीद है। जबकि फिल्म हिंदी में लगभग 3,200 स्क्रीनों पर दिखाई जाएगी।
अन्य भाषाओं में स्क्रीन की संख्या 3,000 से 3,500 के बीच है। इसके अलावा, फिल्म विदेशों में लगभग 1,750 स्क्रीन्स पर रिलीज होगी। आरआरआर को इस तरह से बनाया गया है कि दर्शक स्क्रीन पर इसकी दृश्य भव्यता का आनंद उठा सकें। व्यापक पैमाने पर रिलीज के अलावा, आरआरआर डॉल्बी सिनेमा में रिलीज होने वाली पहली भारतीय फिल्म है। फिल्म 100 से अधिक सिनेमाघरों में दुनिया भर में आईमैक्स स्क्रीन पर सबसे बड़ी रिलीज होगी। यह 3डी और 2डी में भी उपलब्ध है।
सिनेमाघर में स्क्रीन के आगे कीलें लगवाईं
बाहुबली फ्रैंचाइज़ी की बड़ी सफलता के बाद एसएस राजामौली भारत की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक, RRR आरआरआर के साथ वापस रहे हैं। शुक्रवार, 25 मार्च को यह फिल्म रिलीज होने जा रही है। यह उम्मीद लगाई जा रही है कि फिल्म को बंपर ओपनिंग मिल सकती है। इसके चलते सिनेमाघर के संचालक सतर्क हो गए हैं। उन्हें आशंका है कि बेकाबू फैन्स कुछ गड़बड़ कर सकते हैं।
इसलिए आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में एक सिनेमाघर में स्क्रीन के आगे कीलें लगवा दी गईं हैं ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। इसमें सुपरस्टार राम चरण, जूनियर एनटीआर, आलिया भट्ट और अजय देवगन ने अभिनय किया है। मघधीरा से लेकर ईगा से लेकर बाहुबली तक, एस एस राजामौली ने कई ब्लॉकबस्टर हाई बजट फिल्मों का निर्देशन किया है। अब उनकी आगामी फिल्म, RRR भी अपने बड़े बजट के कारण चर्चा का विषय है।
बार-बार रिलीज टलने से बढ़ा बजट
2018 में आरआरआर की आधिकारिक घोषणा की गई थी। COVID-19 महामारी के कारण फिल्म को कई बार स्थगित किया गया है। यह जुलाई 2020 में रिलीज़ होने वाली थी, फिर इसे 7 जनवरी, 2022 तक के लिए टाल दिया गया और अब यह अंततः 25 मार्च, 2022 को रिलीज़ होगी। निर्माता, डीवीवी दानय्या ने खुलासा किया कि फिल्म का बजट 400 रुपये से 450 करोड़ रुपये के बीच है। फिल्म 2020 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन COVID-19 महामारी के कारण इसमें कई बार देरी हुई। इसलिए कई बार रिलीज डेट टालने से फिल्म का बजट भी बढ़ गया।
सफलता की गारंटी बन गए राजामौली
2017 में रिलीज हुई राजामौली की आखिरी फिल्म बाहुबली-द कन्क्लूजन 250 करोड़ रुपये के बजट पर बनी थी। इसने दुनिया भर में 1796.56 करोड़ रुपये की कमाई की थी। यह भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई। फ्रैंचाइज़ी की पिछली किस्त, बाहुबली-द बिगिनिंग, 180 करोड़ रुपये के बजट पर बनी थी और इसने दुनिया भर में लगभग 586 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।





