पूर्व मुख्यमंत्री, हमारे मार्गदर्शक, स्व.बाबूलाल गौर जी का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र की उन्नति व कमजोर वर्ग की सेवा के लिए समर्पित था। प्रदेश विकास और कमजोर वर्ग के हितों की रक्षा के लिए वे कर्मयोगी की भांति जीवनपर्यंत कार्य करते रहे। पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
स्वतंत्रता सेनानी एवं सुप्रसिद्ध शिक्षाविद दत्तात्रेय बालकृष्ण कालेलकर की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री चौहान ने सादर नमन किया
काका कालेलकर के नाम से विख्यात, स्वतंत्रता सेनानी एवं सुप्रसिद्ध शिक्षाविद दत्तात्रेय बालकृष्ण कालेलकर जी की पुण्यतिथि पर सादर नमन।
मां भारती की सेवा व हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार हेतु सम्पूर्ण जीवन होम कर देने वाले राष्ट्र के सच्चे सपूत को युगों-युगों तक याद किया जायेगा ।
मध्यप्रदेश देश का दिल है, आपने मध्यप्रदेश का दिल जीत लिया : मुख्यमंत्री चौहान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश देश का दिल है, आपने मध्यप्रदेश का दिल जीत लिया है। न केवल यूपीएससी परीक्षा बल्कि नीट, आई.आई.टी, जेईई सहित अलग-अलग परीक्षा में प्रदेश के विद्यार्थियों का चयन हो रहा है। विद्यार्थी चयनित होने के बाद अपना दृष्टिकोण ऐसा रखें, जिससे प्रदेश और देश की जनता का भविष्य बन सकें और देश विकास के पथ पर आगे बढ़े। विद्यार्थी सफलता-असफलता की परवाह किये बगैर आगे बढ़ें। कोई कार्य ऐसा नहीं है, जो आप नहीं कर सकते, लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने पर सफलता जरूर मिलती है। मुख्यमंत्री चौहान आज रवीन्द्र भवन में सफलता के सोपान सम्मान समारोह में यूपीएससी में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित 38 अभ्यर्थियों का शॉल, श्रीफल और प्रतीक-चिन्ह प्रदान कर संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने विद्यार्थियों को प्रेरणा स्वरूप कहानी सुना कर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए कार्य करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि देश आगे बढ़े, दुनिया देखती रह जाये, ऐसा कार्य कर दिखायें। अहंकार कभी न करें। जनता की सेवा के लिए हम तत्पर रहें। सामान्य परिवारों से आकर, आप आगे बढ़े, मुझे इस पर गर्व है। विनम्रता कभी न भूलें, सबको समान महत्व देकर कार्य करें। धैर्य कभी नहीं खोएँ और उत्साह से सदैव भरे रहें। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। आप अच्छे से प्रशिक्षण लेकर देश को और आगे बढ़ाने के लिए बेहतर ढंग से कार्य करें। प्रदेश के ज्यादा से ज्यादा अभ्यर्थी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हों।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि विद्यार्थियों के सामने विभिन्न क्षेत्रों में जाने के अवसर हैं। चयनित अभ्यर्थी कृष्णपाल की माँ आँगनवाड़ी सहायिका हैं। ऐसी स्थिति में सफल होकर दिखा देना हम सबके लिए गर्व की बात है। स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था कि दुनिया में कोई ऐसा कार्य नहीं है, जो मनुष्य नहीं कर सके। मनुष्य जैसा सोचता है वैसा बन जाता है। उन्होंने कहा कि एक छोटे से स्कूल से निकलकर मैं मुख्यमंत्री बन सकता हूँ, तो आप क्यों नहीं सफल हो सकते हैं। अपनी रूचि का विषय चुन कर पूरी क्षमता से तैयारी करें। समय का एक क्षण भी न गवायें। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश के बच्चे चमत्कार कर सकते हैं। उन्हें आवश्यक सुविधाएँ दिलाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गांधी मेडिकल कॉलेज में मेडिकल की पढ़ाई अब हिन्दी में होगी। इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी हिन्दी में कराई जायेगी।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पूरे देश से 700 चयनित विद्यार्थियों में से प्रदेश के 38 विद्यार्थियों का चयन हमारे लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि समग्र मध्यप्रदेश से यूपीएससी में विद्यार्थियों का चयन हुआ है। मुख्यमंत्री चौहान प्रतिभाओं को देश एवं प्रदेश में स्थान बनाने के लिए प्रेरित करते रहते हैं। उनका प्रेरणादायी मार्गदर्शन लगातार मिलता रहेगा।
पूर्व आई.ई.एस. बी. सिंह ने कहा कि सही मायने में सफलता का पता सिविल सर्विस की परीक्षा में चयन होने पर चलता है। मुख्यमंत्री चौहान ने विद्यार्थियों के लिए सफलता के नए रास्ते खोले हैं। विद्यार्थी चयनित होकर हम सबके गौरव बन गए हैं। यूपीएससी में चयनित होने के लिए प्रोत्साहन जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी सिविल सेवा में सफल नहीं होते हैं तो वे जीवन में अवश्य सफल होते हैं। उनकी मेहनत कभी बेकार नहीं जाती।
सफलता की कहानी उन्हीं की जुबानी
कार्यक्रम में यूपीएसएसी 2021 में चयनित कुमारी सोनाली सिंह परमार ने कहा कि उचित दिशा में उचित परिश्रम करें। निर्धारित पथ पर अडिग रहें। ऐश्वर्य वर्मा ने कहा कि अपना देखा सपना पूरा करने की कोशिश करें, चाहे मुश्किलें कितनी भी आ जाएं। कुमारी श्रद्धा गोमे ने कहा कि परीक्षा की तैयारी करने के पूर्व परीक्षा को समझना जरूरी है। परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है। असफलता से घबरायें नहीं। टेक्नोलॉजी का नियंत्रित और सही दिशा में उपयोग करें। परीक्षा जीवन का एक हिस्सा है, यह जीवन नहीं है। कृष्णपाल राजपूत ने कहा कि कभी भी अपने आप को कमजोर नहीं समझें। कठिन परिश्रम, साहस और धैर्य से तैयारी करें। कुमारी ट्विंकल जैन ने कहा कि विषय की समझ, समय प्रबंधन के साथ अपने आप को मेन्टली स्ट्रांग रखें। कोशिश करते रहें, हार नहीं होगी।
प्रारंभ में स्वागत उद्बोधन में अपर मुख्य सचिव शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि अत्यंत हर्ष का विषय है कि प्रदेश के 38 उम्मीदवारों का यूपीएसएसी में चयन हुआ है। जो यह बताता है कि मध्यप्रदेश तेजी से तरक्की कर रहा है। आप सभी समाज के उत्थान में अपना योगदान देंगे।
कार्यक्रम में प्रतिभाओं का परचम पुस्तिका का विमोचन किया। इसके डिजिटल वर्जन का भी विमोचन हुआ। इसी के साथ ही सफलता के सोपान पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश की उपलब्धियों से संबंधित लघु फिल्म दिखाई गई। फिल्म में यूपीएससी में चयनित अभ्यर्थियों ने अपने प्रेरक विचारों से अवगत कराया।
भाजपा ने रीवा में जनपद सीईओ को धमकाने के मामले में मंडल अध्यक्ष को हटाया
भोपाल । रीवा की सिरमौर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एसके मिश्रा को धमकाने के मामले में भाजपा ने बनकुईयां मंडल अध्यक्ष मनीष शुक्ला उर्फ सिद्धू को पदमुक्त कर 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। वहीं इस मामले में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने विधायक केपी त्रिपाठी को तलब किया है। उन्होंने फोन पर त्रिपाठी से बात करके पूरी घटना को लेकर नाराजगी जताई। साथ ही जिला इकाई को मिश्रा के साथ मारपीट वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। भाजपा विधायक केपी त्रिपाठी द्वारा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को फोन पर धमकाने वाला आडियो वायरल होने के बाद मारपीट की घटना सामने आई है। इस पर भाजपा के मनीष शुक्ला सहित और मीडिया प्रभारी सहित 20 व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी की गई है। इस मामले को पार्टी ने गंभीरता से लिया है।
ईओडब्ल्यू ने मध्य प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारी पर कसा शिकंजा
भोपाल । मध्य प्रदेश में कई अधिकारी-कर्मचारी करोड़ों रुपये के आसामी हैं। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण इकाई (ईओडब्ल्यू) की छापेमार कार्रवाई में यह बात सामने आ रही है। वर्ष 2021-22 में ऐसे तीस अधिकारियों के विरुद्ध अब तक कार्रवाई हो चुकी है। जबलपुर में बुधवार को ही क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) संतोष पाल के शताब्दीपुरम स्थित घर पर छापा मारा। इसमें करोड़ों रुपये की संपत्ति का पता चला है। इसके पहले चिकित्सा शिक्षा विभाग के उच्च श्रेणी लिपिक हीरो केसवानी के भोपाल बैरागढ़ स्थित घर पर छापा मारकर 85 लाख रुपये नकद और करोड़ों रुपये की संपत्ति के दस्तावेज जब्त किए थे।
ईओडब्ल्यू ने वर्ष 2021 में 12 छापे और 11 रंगे हाथ रिश्वत लेने के मामलों में कार्रवाई की थी। इस वर्ष अभी तक 15 प्रकरण सामने आए हैं। इंदौर इकाई ने आदिम जाति कल्याण विभाग के झाबुआ में पदस्थ प्रबंधक सुनील तलेले पर फर्जी बिल बनाकर पांच करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने का प्रकरण पंजीबद्ध किया है। तलेले ने प्रशिक्षण सह उत्पादन केंद्र के लिए पलंग, अलमारी, टेबल, कुर्सी आदि कच्ची सामग्री की खरीदी की। कैश बुक और रजिस्टर में खर्चा दिखाकर गबन कर लिया।
इसी तरह आदिम जाति सेवा सहकारी सति इमलई के सहायक प्रबंध पन्ना लाल उइके की संपत्ति वैधानिक आय से व्यय 218 प्रतिशत अधिक पाया गया। जांच में आय से अधिक संपत्ति के प्रमाण मिले। जल संसाधन विभाग के तत्कालीन प्रमुख अभियंता राजीव कुमार सुकलीकर सहित अन्य अधिकारियों के विरुद्ध सात सिंचाई परियोजनाओं में निजी कपंनियों को नियम विरुद्ध करोड़ों रुपये के भुगतान करने का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव के ब्रेन के एक हिस्से में सूजन से हालत गंभीर
कॉमेडियन और एक्टर राजू श्रीवास्तव की हालत फिर बिगड़ गई है। वह 10 अगस्त से दिल्ली के एम्स में एडमिट है। बुधवार देर रात से उन्हें दौरे पड़ रहे हैं। डॉक्टरों ने उनके सिर का सीटी स्कैन कराया है। जांच रिपोर्ट में दिमाग के एक हिस्से में सूजन मिली है। डॉक्टरों का कहना है कि श्रीवास्तव की हालत गंभीर है। परिवार के लोग और कई रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे हैं। इधर राजू श्रीवास्तव के लिए दुआओं का भी सहारा लिया जा रहा है। कानपुर में उनके स्वास्थ्य के लिए लोग प्रार्थना कर रहे हैं। वहीं काशी विश्वनाथ धाम और उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में महामृत्युंजय मंत्र का जाप हो रहा है।
10 अगस्त को आया था हार्ट अटैक
बता दें 10 अगस्त को राजू श्रीवास्तव को हार्ट अटैक आया था। इसके बाद दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया। श्रीवास्तव को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। हालांकि वे फिलहाल होश में नहीं आए है। उनके भाई सीपी श्रीवास्तव के मुताबिक एक्टर को पिछले 4 दिनों से बुखार था। बुधवार की शाम थोड़ी राहत मिली थी। राजू की आंखों और गले में कुछ हरकत दिखने लगी थी। श्रीवास्तव रविवार तक 20 प्रतिशत ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे। मंगलवार को इसके 10 प्रतिशत कम कर दिया गया। डॉक्टर्स का कहना था कि एक-दो दिन में वेंटिलेटर हटा देंगे। उन्हें नली से दूध दिया जा रहा था, लेकिन एक बार फिर हालत बिगड़ने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है।
तेजस जन-कल्याण समिति के साथ मुख्यमंत्री चौहान ने किया पौध-रोपण
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज स्मार्ट सिटी सिटी पार्क में बरगद, मौलश्री और हरसिंगार के पौधे लगाए। तेजस जन-कल्याण समिति के प्रवीण गुप्ता, वरूण गुप्ता, रूपेश गुप्ता, वंदना गुप्ता, गुंजेश्वरी गुप्ता, प्रांजल, सुविज्ञा तथा मनीष रमनानी पौध-रोपण में सम्मिलित हुए।
तेजस जन-कल्याण समिति गत 06 वर्षों से समाज-सेवा और सामाजिक सद्भाव के लिए कार्य कर रही है। संस्था प्रतिवर्ष छोला दशहरा मैदान पर गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन करती है। संस्था द्वारा जरूरतमंद बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। संस्था पौध-रोपण और स्वच्छता जागरूकता के कार्यक्रम निरंतर संचालित करती है।
करूणाधाम आश्रम के बड़े गुरूदेव बालगोविंद शांडिल्य के 37वें पुण्य-स्मरण पर मुख्यमंत्री चौहान ने किया पौध-रोपण
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चिनार पार्क में करुणाधाम आश्रम के पितृ-पुरुष बड़े गुरुदेव बाल गोविंद शांडिल्य महाराज के 37वें पुण्य-स्मरण पर शमी के पौधे लगाए। मुख्यमंत्री चौहान ने पौध-रोपण से पहले बाल गोविंद शांडिल्य महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर करूणाधाम आश्रम के पीठाधीश्वर गुरूदेव सुदेश शांडिल्य महाराज तथा गुरूमाता ममता शांडिल्य उपस्थित थी। पौध-रोपण में आश्रम से जुड़े श्रद्धालु सम्मिलित हुए।
मुख्यमंत्री चौहान ने परम पूज्य ब्रह्मलीन बड़े गुरूदेव बाल गोविंद शांडिल्य महाराज का स्मरण करते हुए कहा कि उन्हीं की कल्पना के परिणाम स्वरूप करुणाधाम आश्रम आकार ले पाया और उनकी मंशा के अनुरूप यहाँ सेवा प्रकल्प निरंतर जारी हैं। माँ की पूजा-आराधना के साथ नर सेवा-नारायण सेवा के भाव को चरितार्थ करते मानव सेवा के प्रकल्प सराहनीय और अनुकरणीय हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने ब्रह्मलीन गुरूदेव बाल गोविंद शांडिल्य के व्यक्तित्व की अहंकार शून्यता और निरंतर आत्म-विश्लेषण की प्रवृत्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि वह मित्र और शत्रु के साथ समभाव और सुख-दुख को समान स्वरूप में स्वीकार करते थे। उनके पुण्य-स्मरण में लगाए गए पौधे कई जीवों के कल्याण का माध्यम बनेंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पौधे लगाना कई जीव-जंतुओं को जीवन देने का माध्यम है। यह आने वाली पीढ़ियों के लिए धरती सुरक्षित रखने की दिशा में किया जाने वाला श्रेष्ठतम प्रयास है। अतः बड़े गुरुदेव 1008 बाल गोविंद जी शांडिल्य का पुण्य-स्मरण पौध-रोपण के माध्यम से करना श्रेष्ठतम है। मुख्यमंत्री चौहान ने सभी को पौध-रोपण के लिए प्रेरित किया।
बाल गोविंद जी शांडिल्य महाराज की स्मृति में लगाए गए शमी को आयुर्वेद की दृष्टि से अत्यंत गुणकारी माना गया है। साथ ही यज्ञों में शमी वृक्ष की समिधाओं का प्रयोग शुभ माना गया है। करूणाधाम आश्रम से जुड़े श्रद्धालुओं ने भी चिनार पार्क में पौधरोपण किया।
बांधो की रोज करें समीक्षा, गर्भवती महिलाओं को जल्द अस्पताल में करें शिफ्ट- सीएम
मध्य प्रदेश में लगातार बारिश जारी है। कई जिलों में भारी बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति बनने लगी है। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी अलर्ट हो गए हैं और सभी जिलों के कलेक्टरों से चर्चा कर समीक्षा की है।
मुख्यमंत्री ने निरंतर स्टेट सिचुएशन रूम से सभी जिलों के संपर्क में हैं। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश के बाद छुट्टी के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही इसके मुख्यमंत्री ने आज सुबह नर्मदापुरम संभाग के कमिश्नर, कलेक्टर से चर्चा कर जिले की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने रायसेन, विदिशा और भोपाल जिले के कलेक्टरों से फोन पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए हैं।
सीएम ने आगे निर्देश दिए है कि जिन गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी अगले 2-4 दिनों में ड्यू है, उन्हें अस्पतालों में शिफ्ट करने का काम करें। रायसेन कलेक्टर ध्यान रखें कि बारना के ऊपर बरगी का पानी जाने से इफेक्ट पड़ेगा। एक एसडीआरएफ की टीम राजगढ़ भेजें।
सीएम शिवराज ने कहा कि नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग में लगातार तेज बारिश के कारण नर्मदा और बेतवा में जलस्तर बढ़ रहा है। हम निरंतर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बांधों में जलभराव की स्थिति की समीक्षा कर नियंत्रित तरीके से गेट खोलकर जलस्तर को सामान्य रखने का प्रयास कर रहे हैं।
संसदीय बोर्ड में मध्य प्रदेश का दबदबा हुआ कम
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बीजेपी के सबसे बड़ी और पावर फुल बॉडी संसदीय बोर्ड और चुनावी समिति से बाहर कर दिया है। उनकी जगह सत्यनारायण जटिया को जगह दी गई है। संसदीय बोर्ड में एक साल पहले दो सदस्य थे, लेकिन अब सिर्फ एक ही सदस्य है। ऐसे में मध्य प्रदेश का दबदबा कम होने को लेकर भी चर्चा तेज है। यह निकाले जा रहे सियासी मायने।
बीजेपी की चुनाव समिति जहां विधानसभा, लोकसभा उम्मीदवारों के चयन के निर्णय लेती है, वहीं, बीजेपी संसदीय बोर्ड पार्टी के सभी बड़े फैसले लेता है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पिछले करीब पांच साल से बोर्ड के सदस्य थे। अब उनको हटा कर पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण जटिया को जगह दी है। जटिया अटल बिहारी सरकार में केंद्रीय श्रम मंत्री थे। उज्जैन से सांसद रहे जटिया बीजेपी एमपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं।
जटिया को हटा कर ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को 2005 से पहले बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। अब उनको संसदीय बोर्ड से बाहर कर जटिया को जगह दी गई है। राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि 2023 में मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव है। इसलिए उनको संसदीय बोर्ड से बाहर कर फ्री हैंड दिया गया है। ताकि प्रदेश के चुनाव कर सकें। वहीं, दूसरी तरफ यह भी कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अकेले मुख्यमंत्री थे, जो संसदीय बोर्ड में शामिल थे। इसको लेकर योगी आदित्यनाथ को भी बोर्ड शामिल करने को लेकर कई बार आवाज उठी। ऐसे में पार्टी ने यह फैसला इसलिए भी लिया है कि पार्टी किसी भी मुख्यमंत्री को शामिल नहीं करना चाहती। हालांकि यह भी चर्चा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ नितिन गडकरी को भी संसदीय बोर्ड से बाहर कर कद कम किया गया। वर्तमान में शिवराज सिंह चौहान बीजेपी के देश में सबसे अधिक समय तक रहने वाले मुख्यमंत्री हैं।
दलित वर्ग को प्रतिनिधित्व
मध्य प्रदेश से बीजेपी संसदीय बोर्ड में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा अनुसूचित जाति वर्ग से थावरचंद गहलोत भी सदस्य थे। जिनको करीब एक साल पहले कर्नाटक का राज्यपाल बनाने के बाद हटा दिया गया। इसके बाद से प्रदेश से सिर्फ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ही संसदीय बोर्ड की बैठक में शामिल हो रहे थे। अब दलित वर्ग के ही सत्यनारायण जटिया को जगह दी गई है।





