उज्जैन। श्रावण-भादौ मास में सोमवार को भगवान महाकाल की चौथी सवारी निकली। संपूर्ण सवारी मार्ग पर मालवा की लोक परंपरा अनुसार कलाकारों ने रंगोली बनाई। भक्तों ने पुष्प वर्षा कर अवंतिकानाथ का स्वागत किया। शाही ठाठ बाट से निकली सवारी में देशभक्ति के रंग भी नजर आए। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान के तहत सवारी में शामिल सैकड़ों भक्त व भजन मंडली के सदस्य हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकले। कलेक्टर आशीष सिंह व एसपी सत्येंद्रकुमार शुक्ला तिरंगा ध्वज थामे घोड़े पर सवार होकर हर घर तिरंगा अभियान का प्रचार प्रसार करते निकले।
स्थानीय कलाकारों ने बनाई रंगोली
श्रावण भादौ मास में निकलने वाली प्रत्येक सवारी में स्थानीय कलाकारों के द्वारा रंगोली बनाई जा रही है। मंदिर समिति रंगोली बनाने के लिए रंग उपलब्ध करा रही है। संपूर्ण सवारी मार्ग पर कलाकार पालकी के आगे रंगोली बनाते चलते हैं।
फूलों से पटा सवारी मार्ग
करीब 4 किलोमीटर लंबे सवारी मार्ग पर अनेक सामाजिक संस्थाओं द्वारा मंच लगाकर भगवान महाकाल के स्वागत में पुष्प वर्षा की जा रही है। सोमवार को निकली सवारी में भी अनेक स्थानों पर पुष्प वर्षा की गई। सवारी मार्ग फूलों से पटा रहा।
देशभक्ति के रंग संग स्वच्छता का संदेश
सोमवार को निकली भगवान महाकाल की सवारी में धर्म के साथ देशभक्ति के रंग नजर आए। सवारी में शामिल भजन मंडली के सदस्य तथा सैकड़ों भक्त हाथों में तिरंगा ध्वज थामे चल रहे थे। पुलिस बैंड ने भी देश भक्ति के नगमों की स्वर लहरी बिखेरी। नगर निगम की टीम ने स्वच्छता को लेकर संदेश दिया तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की जनता से अपील की।
तिरंगा अभियान का महाकाल सवारी मार्ग पर कलेक्टर और एसपी ने घोड़े पर सवार होकर प्रचार किया
सफाईकर्मी, चपरासी, माली, ड्राइवर की बेटियों से पीएम मोदी ने बंधवाई राखी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना कार्यालय में रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। यहां पीएम मोदी की कलाई पर राखी बांधी गई। प्रधानमंत्री कार्यालय में इस बार का रक्षा बंधन त्योहार बहुत खास रहा क्योंकि पीएम मोदी को राखी बांधने वाली लड़कियां, सफाईकर्मी, चपरासी, माली, ड्राइवर की बेटियां थी। पीएमओ की ओर से इस अवसर का एक वीडियो भी शेयर किया गया। नीचे देखिए वीडियो। वहीं मोदी सरकार के मंत्री भी अपने-अपने क्षेत्रों में रक्षाबंधन का पर्व मना रहे हैं। इससे पहले दिन की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर देशवासियों को बधाई दी। पीएम ने लिखा, ‘आप सभी को रक्षाबंधन की बहुत-बहुत बधाई।
प्रदेशवासियों को मुख्यमंत्री चौहान ने रक्षाबंधन पर्व की बधाई दी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रक्षाबंधन के पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन को स्नेह की डोर में बांधने का त्यौहार है, जो उनके प्यार को और भी मजबूत बनाता है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति में बेटियों के महत्व को भी रेखांकित करता है। रक्षाबंधन का दिन हमें बहनों की सुरक्षा और सम्मान का संकल्प लेने का अवसर प्रदान करता है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राज्य सरकार बहनों की सुरक्षा और सम्मान के लिए कटिबद्ध है। प्रदेश में अनेक महिला कल्याण की योजनाएँ और बेटियों को लाभान्वित करने के कार्यक्रम संचालित हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश महिला वित्त एवं विकास निगम का सुदृढ़ीकरण करते हुए “मुख्यमंत्री नारी सम्मान कोष” का गठन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण योजना की लाभान्वित महिला हितग्राहियों के बैंकों से स्वीकृत प्रकरणों पर दो प्रतिशत ब्याज अनुदान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने बहनों से रक्षाबंधन पर मध्यप्रदेश की सशक्त बहनों को प्रदेश के रूप में पहचान स्थापित कराने का आहवान किया है।
टेनिस दिग्गज सेरेना विलियम्स U.S ओपन के बाद करेंगी संन्यास की घोषणा
दुनिया की महान टेनिस खिलाड़ी अमेरिका की सेरेना विलियम्स (Serena Williams) यूएस ओपन के बाद संन्यास की घोषणा कर सकती हैं। 40 साल की सेरेना ने अपने इंस्टाग्राम पर संन्यास लेने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जीवन में एक समय आता है जब हमें एक अलग दिशा में आगे बढ़ने का फैसला करना होता है। सेरेना ने हालांकि अभी इसका खुलासा नहीं किया है कि वह कब आधिकारिक रूप से इसका ऐलान करेंगी। लेकिन उनके पोस्ट से कयास लगाए जा रहे हैं कि वह यूएस ओपन के बाद टेनिस से संन्यास ले लेंगी।
सेरेना इस महीने की आखिर में शुरू होने वाले अमेरिकी ओपन के बाद टेनिस को अलविदा कहने जा रही हैं। सेरेना ने टोरंटो ओपन के दूसरे राउंड में जगह बना ली है। वह जून के बाद से अपना केवल दूसरा मैच खेल रही थी। 23 बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन सेरेना के नाम टेनिस में कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने कहा कि वह संन्यास शब्द को पसंद नहीं करती हैं और अपनी जिंदगी के इस मोड़ पर ‘टेनिस के इतर दूसरी चीजों में बेहतर होने पर ध्यान देने के बारे में सोच रही हैं, यह चीजें उनके लिए काफी अहम हैं।”
स्वाइन फ्लू ने छत्ती सगढ़ में बढ़ाई लोगों की चिंता
रायपुर । छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के पांच नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रायपुर में दो, महासमुंद, राजनांदगांव और दुर्ग में एक-एक मरीज मिले हैं। अस्पतालों में 18 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। प्रदेश में माह भर के भीतर 36 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 18 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
स्वाइन फ्लू के लक्षण और बचाव
चिकित्सकों ने बताया कि तेज बुखार के साथ खांसी, नाक बहना, गले में खराश, सिर दर्द, बदन दर्द, थकावट, उल्टी, दस्त, छाती में दर्द, रक्तचाप में गिरावट, खून के साथ बलगम आना व नाखूनों का नीला पड़ना आदि स्वाइन फ्लू के लक्षण हो सकते हैं। बचाव के लिए भीड़-भाड़ वाली जगहों में नहीं जाने, संक्रमित व्यक्ति से दूर रहने तथा नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने की सलाह दी है। सर्दी-खांसी वाले व्यक्तियों के द्वारा उपयोग में लाए गए रूमाल और कपड़ों का उपयोग नहीं करना चाहिए। स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाने पर पीड़ित को 24 से 48 घंटे के भीतर डाक्टर से जांच अवश्य कराना चाहिए।
राज्य महामारी नियंत्रण के संचालक डा. सुभाष मिश्रा ने कहा, स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। एक दिन में पांच नए केस मिले हैं। रायपुर में आंबेडकर अस्पताल और एम्स में जांच की सुविधा है। आंबेडकर अस्पताल में किट की किल्लत से जांच नहीं हो रही है। हम कोशिश कर रहे हैं कि यहां जल्द ही जांच शुरू हो।
कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव को दिल का दौरा पड़ने से एम्स में भर्ती
कॉमेडियन और अभिनेता राजू श्रीवास्तव को बुधवार सुबह नई दिल्ली के एक जिम में वर्कआउट करने के दौरान हल्का दिल का दौरा पड़ा। 59 वर्षीय राजू की टीम ने इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि राजू सर को वर्कआउट के दौरान हल्का दिल का दौरा पड़ा। वह एम्स में भर्ती है, लेकिन वह ठीक है। वह होश में है। जिम में वर्कआउट के दौरान ट्रेडमिल पर दौड़ते समय वह गिर पड़े।
राजू को दिल्ली के एम्स ले जाया गया। फिलहाल डॉक्टरों ने उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा है। उन्हें बुधवार को दिल का दौरा पड़ा और वह ट्रेडमिल पर कसरत करते हुए गिर पड़े। सूत्रों के अनुसार उनकी तबीयत पर डॉक्टर नजरें बनाए हुए हैं। राजू श्रीवास्तव की सोशल मीडिया पर काफी बड़ी फैन फॉलोइंग है। फैन उनके अटैक की खबर से चिंतित है। वह उनके जल्द ठीक होने की कामना भी कर रहे हैं।
कई लोग उनकी सेहत पर नजरें जमाए हुए हैं। राजू श्रीवास्तव ने कई फिल्मों में भी काम किया हैl इसके अलावा उनकी छवि एक अच्छे कलाकारों के तौर पर की जाती हैl वह अक्सर अमिताभ बच्चन की नकल उतारते भी नजर आए हैंl वहीं वह लालू प्रसाद यादव की भी कॉमेडी कर चुके हैंl राजू श्रीवास्तव कॉमेडी इंडस्ट्री में एक जाना-माना नाम हैl उन्होंने कई कलाकारों के साथ काम किया हैl
मुख्यमंत्री पद की नीतीश कुमार ने 8वीं बार ली शपथ
बिहार की राजनीति के लिए बुधवार का दिन अहम रहा। नीतीश कुमार ने 8वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ ही लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। पटना स्थित राजभवन में यह आयोजन हुआ। मंत्रिमंडल का गठन बाद में किया जाएगा। इस मौदे पर महाबंधन दलों (जदयू, आरजेडी, कांग्रेस और हम) में जबरदस्त उत्साह नजर आया। लालू परिवार भी मौजूद रहा।
वहीं भाजपा ने आज नीतीश कुमार की धोखाधड़ी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। भाजपा ने इसे जनादेश का अपमान बताया। भाजपा प्रदेश कार्यालय के सामने महाधरना का आयोजन किया गया है।
नीतीश कुमार के महागठबंधन के साथ सरकार बनाने की घोषणा के बाद भाजपा हमलावर हो गई है। पटना स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में बिहार भाजपा के अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने पत्रकारों से बातचीत में जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार की जनता के साथ धोखा किया है। जनता ने जंगलराज के खिलाफ एनडीए को सरकार बनाने के लिए समर्थन दिया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने अपने वादे को पूरा किया।
सी.एम. की क्लॉस- भोपाल के मॉडल स्कूल में बुधवार को बच्चों के साथ होगी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आजादी के अमृत महोत्सव में 10 अगस्त को भोपाल के आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (मॉडल स्कूल टी.टी. नगर) के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का इतिहास पढ़ायेंगे। “सी.एम. की क्लास-बच्चों के साथ” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान विद्यार्थियों से रू-ब-रू होकर राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास पर चर्चा भी करेंगे। मुख्यमंत्री चौहान बच्चों से विशेष स्नेह रखते हैं और उनके कल्याण के लिये अनेक योजनाएँ भी चला रहे हैं। अनके द्वारा समय-समय पर विद्यार्थियों से संवाद भी किया जाता रहा है। हाल ही में मुख्यमंत्री चौहान ने सीएम राइज स्कूल और महारानी लक्ष्मीबाई बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रों के साथ पौध-रोपण भी किया था। इसके पूर्व मुख्यमंत्री ने बच्चों को आमंत्रित कर उन्हें मुख्यमंत्री निवास का भ्रमण भी करवाया था। मुख्यमंत्री चौहान के बच्चों के प्रति विशेष स्नेह ने ही उन्हें “शिवराज मामा” के नाम से ख्याति दी है।
इस साल भी नहीं होंगे छात्र संघ चुनाव- मंत्री मोहन यादव
मध्य प्रदेश में इस बार भी छात्रसंघ चुनाव नहीं होने है। सरकार ने इसके पीछे कोरोना का हवाला दिया है। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कोरोना अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में छात्र संघ चुनाव करवाना उचित नहीं है। कोरोना की स्थिति सामान्य होने के बाद ही इस बात कर कोई फैसला लिया जाएगा।
मंत्री मोहन यादव शुक्रवार को उज्जैन पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कोरोना का हवाला देते हुए छात्रसंघ चुनाव ना कराने की बात कही। प्रदेश में सरकारी आठ यूनिवर्सिटी हैं। 1327 प्राइवेट और सरकारी कॉलेज हैं। छात्रसंघ चुनाव नहीं होने से छात्र निराश नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि अगर पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव हो सकते है तो छात्रसंघ चुनाव क्यों नहीं। हाल ही में एमपी में पंचायत और निकाय चुनाव हुए हैं।
हाली में मध्य प्रदेश में निष्पक्ष प्रणाली से छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर कांग्रेस की छात्र संघ इकाई एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के गेट पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का पुतला दहन किया था।
उस दौरान एनएसयूआई मेडिकल विंग के रवि परमार ने शिवराज सरकार को डरपोक बताते हुए कहा था कि शिवराज सरकार छात्र संघ चुनाव में बीजेपी की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् की हार के डरती है।और इसलिए मध्य प्रदेश में निष्पक्ष प्रणाली से छात्र संघ चुनाव नहीं करवा रही हैं।
एकनाथ शिंदे सरकार में 18 मंत्री शामिल हुए
महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस सरकार का 40 दिनों के इंतजार के बाद कैबिनेट विस्तार हो गया है। भाजपा के कोटे से 9 मंत्रियों ने शपथ ली है। एकनाथ शिंदे के खेमे से भी इतने ही विधायकों ने शपथ ली है। सबसे पहले राधाकृष्ण विखे पाटिल ने शपथ ली और फिर दूसरे नंबर पर भाजपा के ही सीनियर नेता सुधीर मुनगंटीवार ने शपथ ली। इसके बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल और फिर विजय कुमार गावित ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली है। भगत सिंह कोश्यारी ने कुल 18 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई है, जिनमें गिरीश महाजन, गुलाबराव पाटिल, दादा भुसे, संजय राठौड़, सुरेश खाडे, संदीपन भुमरे, उदय सामंत, तानाजी सावंत, रवींद्र चव्हाण, अब्दुल सत्तार शामिल हैं।
इसके अलावा एकनाथ शिंदे गुट के प्रवक्ता रहे दीपक केसरकर और अतुल सावे, शंभूराज देसाी और मंगलप्रभात ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि किस नेता को कौन सा विभाग दिया जाएगा, लेकिन चर्चाएं हैं कि डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस को होम मिनिस्ट्री मिल सकती है। इसके अलावा भी कई अहम मंत्रालय भाजपा के खाते में जा सकते हैं। शपथ ग्रहण से पहले देवेंद्र फडणवीस के साथ भाजपा विधायकों की बैठक हुई थी। इसके अलावा एकनाथ शिंदे गुट के विधायकों की भी मीटिंग हुई थी।





