Home Blog Page 3

बॉक्सर अंकुश यादव ने भी पक्का किया ब्रॉन्ज मेडल

0

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। बुधवार को भारत ने बॉक्सिंग इवेंट में चार मेडल पक्के कर लिए हैं। साक्षी चौधरी, अरुंधति चौधरी और सचिन सिवाच के बाद अब अंकुश यादव ने भी अपना मेडल सुनिश्चित कर लिया है। अंकुश ने पुरुष 80 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में सेशेल्स के जैड मिकॉक को सर्वसम्मत फैसले में 5-0 से हराया है।

अंकुश ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा
भारतीय बॉक्सर ने मुकाबले की शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और तीनों राउंड आसानी से जीतकर जजों से 5-0 का सर्वसम्मत फैसला अपने पक्ष में कराया। अंकुश ने पूरे मुकाबले के दौरान रिंग पर बेहतरीन कंट्रोल, तेज कॉम्बिनेशन और असरदार काउंटर-अटैक का प्रदर्शन किया, जिससे माइकोक को कोई खास प्रभाव छोड़ने का मौका नहीं मिला। जजों ने भारतीय बॉक्सर के पक्ष में 30-26, 30-27, 30-27, 30-27 और 30-27 का स्कोर दिया।

ब्रॉन्ज मेडल पक्का किया
इस जीत के साथ अंकुश सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं और कॉमनवेल्थ गेम्स के बॉक्सिंग फॉर्मेट के तहत कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर लिया है, क्योंकि सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को ब्रॉन्ज मेडल मिलता है। अब भारतीय बॉक्सर अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए फाइनल में जगह बनाने और देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ने की कोशिश करेंगे।

चार भारतीय बॉक्सरों ने मेडल पक्के किए
ग्लासगो में भारत की बॉक्सिंग टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है, जिसमें कई बॉक्सर प्रतियोगिता में आगे बढ़े हैं और देश के लिए मेडल जीतने की उम्मीदों को मजबूत किया है। अंकुश कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश करने वाले सातवें भारतीय मुक्केबाज बने गए हैं। उनसे पहले प्रीति, प्रिया, जादुमनी सिंह, साक्षी, अरुंधति चौधरी, सचिन सिवाच ने भी अपनी-अपनी वेट कैटेगरी के अंतिम चार में जगह बना ली है।

राहुल गांधी की प्रेस-कॉन्फ्रेंस के बाद अमित शाह की बड़ी बैठक

0

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आतंरिक सुरक्षा को लेकर संसद भवन में एक अहम समीक्षा बैठक ली है। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और आईबी चीफ भी मौजूद हैं। गृहमंत्री शाह ने मंगलवार को भी दिल्ली में प्रदर्शनों के बीच देर रात तक हाई लेवल मीटिंग ली थी। जिसमें गृह सचिव और IB चीफ के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। गृहमंत्री की हाई लेवल ​मीटिंग से बड़े फैसले की हलचल के संकेत है।

सामरिक मामलों की समीक्षा
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल देश के संवेदनशील व सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए संसद भवन पहुंचे। वे गृह मंत्री अमित शाह और अन्य शीर्ष अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में शामिल हुए। बैठक में सीमाओं की सुरक्षा, क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों और सामरिक मामलों पर विस्तृत रणनीति तैयार करने को लेकर चर्चा हुई।

कुछ बड़ा होने की अटकलें
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संसद भवन में मंगलवार देर रात तक गृह सचिव, सूचना सूचना प्रमुख और कई वरिष्ठ मंत्रियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। दिल्ली में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच, इस बैठक के बाद कुछ बड़ा होने की अटकलें तेज हैं।

इंदौर के सारांश जैन का भारतीय टीम में चयन, लंका दौरे पर मिला मौका

0

शहर के ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को बीसीसीआई ने आगामी लंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया है। इंदौर से करीब दो साल बाद किसी खिलाड़ी का भारतीय टेस्ट टीम में चयन हुआ है।

पिछली बार रजत पाटीदार को वर्ष 2024 में भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली थी। संयोग से रजत और सारांश स्थानीय क्रिकेट में भी एक ही क्लब से खेलते हैं।
रणजी टीम से भारत-ए और अब टेस्ट टीम का सफर

सारांश जैन लंबे समय से मध्य प्रदेश रणजी टीम का हिस्सा हैं। हाल ही में उन्हें लंका दौरे पर भारत-ए टीम में शामिल किया गया था। इस दौरान उन्होंने दो मैचों में कुल पांच विकेट चटकाए, जबकि एक मैच में 70 रनों की नाबाद पारी खेली थी। अब फिर उन्हें लंका दौरे के लिए ही भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।

पिता के सपने को पूरा कर रहे हैं सारांश
सारांश के पिता सुबोध जैन भी मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम के ऑफ स्पिनर रहे हैं। हालांकि उन्हें भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर नहीं मिला। अब पिता के सपने को सारांश पूरा कर रहे हैं।

33 साल के सारांश 54 प्रथम श्रेणी मैचों में 2,223 रन बना चुके हैं, जिसमें सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 103 रनों की पारी रही है। उन्होंने कुल दो शतक लगाए हैं। वहीं 188 विकेट भी उनके नाम दर्ज हैं।

सिंहस्थ: 2028 के दृष्टिगत बढ़ाई जा रही रेल सुविधाएं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

0

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आगामी सिंहस्थ : 2028 के दृष्टिगत रेलवे सुविधाओं के विस्तार का कार्य निरंतर चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है। हर विभाग में नए कीर्तिमान गढ़े जा रहे हैं। भोपाल को निशातपुरा के रूप में चौथे रेलवे स्टेशन की सौगात मिली है। गत 12 साल में रेलवे का “न भूतो न भविष्यति” विकास हुआ है। भारतीय रेलवे में द्रुत गति से विकास कार्य हो रहे हैं। यह निशातपुरा स्टेशन के शुभारंभ से अब नई दिल्ली से उज्जैन-इंदौर की ओर जाने वाली रेलगाड़ियों को ट्रैक और इंजन बदलने की जरूरत नहीं होगी। निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर 2 ट्रेनों के ठहराव (स्टापेज) से यात्रियों को नई सौगात मिली है। निशातपुरा रुकने वाली ट्रेनें शिव और शक्ति की प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को भोपाल के नव विकसित निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर 2 रेल गाड़ियों- डॉ. अंबेडकर नगर- माता वैष्णोदेवी कटरा मालवा एक्सप्रेस और वेरावल-जबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन के निशातपुर स्टेशन पर नए ठहराव (स्टॉपेज) के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मालवा एक्सप्रेस को झंडी दिखाकर रवाना किया।

अब नई दिल्ली से उज्जैन-इंदौर आने-जाने के लिए बचेगा समय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय रेलवे के माध्यम से उज्जैन सिंहस्थ: 2028 को लेकर लगातार सौगातें मिल रही हैं। सिंहस्थ : 2028 के आयोजन में अनुमानित 40 करोड़ श्रद्धालु मध्यप्रदेश आएंगे। ऐसे में नए रेलवे स्टेशन यात्रियों की भीड़ का दबाव कम करने में अहम भूमिका निभाएंगे। निशातपुरा क्षेत्र में 14 करोड़ की लागत से विकसित निशातपुरा स्टेशन नागरिकों के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोलेगा। यहां अनेक नई सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। नई दिल्ली से उज्जैन-इंदौर आने-जाने के लिए समय बचेगा। भोपाल मुख्य स्टेशन जाए बिना डायरेक्ट ट्रेन मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जब किसी क्षेत्र में रेल लाइन आती है, तो यात्री सुविधाओं के साथ व्यापार, कृषि और माल ढुलाई आदि कार्यों में सुविधा मिलती है। प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मध्यप्रदेश में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए पूर्ण सहयोग कर रहे हैं।

कार्यक्रम में बैरसिया क्षेत्र के विधायक विष्णु खत्री, भोपाल की महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, भोपाल मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी सहित पश्चिम मध्य रेलवे के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में पश्चिम मध्य रेलवे के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। स्थानीय नागरिकों ने रोड शो में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया और निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर गाड़ियों का ठहराव प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।

पुलिस का जज़्बा ही सुरक्षित, शांत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

0

पत्रिका जज़्बा पुलिस अवार्ड्स-2026 में मुख्यमंत्री साय ने उत्कृष्ट पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को किया सम्मानित
पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और सुशासन की सबसे मजबूत आधारशिला है। पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर, हर मौसम और हर चुनौती के बीच दिन-रात जनता की सुरक्षा के लिए समर्पित रहते हैं। उनके त्याग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के कारण ही आम नागरिक अपने घरों में निश्चिंत होकर जीवन जी पाते हैं। ऐसे समर्पित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मान पूरे समाज का सम्मान है।

मुख्यमंत्री साय राजधानी रायपुर के शांति नगर स्थित एक निजी सभागार में आयोजित ‘जज़्बा पुलिस अवार्ड्स-2026’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया और उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे पुलिस बल के मनोबल और सेवा भावना का सम्मान है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उन्हें छत्तीसगढ़ के साहसी, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मियों के बीच उपस्थित होकर विशेष आत्मीयता और गर्व का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल अधिकार का प्रतीक नहीं, बल्कि त्याग, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी पुलिसकर्मी अपने कर्तव्य का निर्वहन जिस निष्ठा से करते हैं, वह समाज के लिए प्रेरणा का विषय है।

मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप निरीक्षक ज्ञानेश्वरी यादव का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने 199 किलोग्राम भार उठाकर न केवल देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है, बल्कि यह सिद्ध किया है कि पुलिस बल के जवान सेवा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उनकी उपलब्धि पूरे प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

नक्सलवाद पर निर्णायक विजय में पुलिस बल की भूमिका ऐतिहासिक
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्षों तक नक्सलवाद ने बस्तर के विकास की गति को बाधित किया। प्राकृतिक सौंदर्य, खनिज संपदा और समृद्ध जनजातीय संस्कृति से परिपूर्ण यह क्षेत्र हिंसा और भय के कारण अपनी वास्तविक क्षमता के अनुरूप आगे नहीं बढ़ पा रहा था। आज बस्तर विकास, विश्वास और परिवर्तन के नए युग में प्रवेश कर चुका है। यह परिवर्तन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की दृढ़ रणनीति तथा राज्य पुलिस और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध लड़ाई लोकतंत्र, विकास और मानवता की रक्षा का अभियान था। हमारे वीर जवानों ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना कठिन जंगलों में अभियान चलाया और प्रदेश को भयमुक्त बनाने का कार्य किया। यह विजय आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का अध्याय बनेगी।

घायल जवानों के जज़्बे ने दिलाया आत्मविश्वास
मुख्यमंत्री साय ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें कई बार अस्पतालों में नक्सल मोर्चे पर घायल पुलिस जवानों से मिलने का अवसर मिला। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उनके चेहरे पर निराशा नहीं, बल्कि देश और प्रदेश की सेवा का अदम्य संकल्प दिखाई देता था। वे कहते थे कि स्वस्थ होते ही फिर से मोर्चे पर लौटेंगे और नक्सलवाद के विरुद्ध लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यही अदम्य जज़्बा आज छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी शक्ति बनकर सामने आया और इसी के परिणामस्वरूप प्रदेश नक्सलवाद के अभिशाप से मुक्त होने की दिशा में निर्णायक सफलता प्राप्त कर सका।

अच्छे कार्यों को समाज तक पहुँचाने में मीडिया की बड़ी भूमिका
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया को चौथा स्तंभ इसलिए कहा जाता है क्योंकि वह समाज के सकारात्मक प्रयासों को सामने लाकर जनविश्वास को मजबूत करता है। पुलिस विभाग के उत्कृष्ट कार्यों, नवाचारों और सेवा भावना को समाज के सामने लाने से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है और युवाओं को भी राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक पत्रकारिता समाज में विश्वास और उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करती है।

जनआकांक्षाओं को समझने का सशक्त माध्यम है मीडिया : डीजीपी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि किसी मीडिया संस्थान द्वारा पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान किया जाना अत्यंत सराहनीय पहल है। पत्रकारिता समाज के सामने आदर्श स्थापित करती है और जनभावनाओं को अभिव्यक्ति देती है। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से हमें समाज की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को समझने का अवसर मिलता है, जिससे पुलिस व्यवस्था को और अधिक जनोन्मुखी बनाया जा सकता है।

डीजीपी गौतम ने कहा कि नक्सलवाद की समाप्ति से सबसे अधिक राहत उन परिवारों को मिली है, जिनके बेटे, बेटियां, पति या पिता वर्षों तक बस्तर जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में अपनी जान जोखिम में डालकर सेवा कर रहे थे। यह उपलब्धि पूरे पुलिस बल के साहस, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।

पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला सम्मान
‘जज़्बा पुलिस अवार्ड्स-2026’ के अंतर्गत पुलिसिंग में नवाचार, सामुदायिक पुलिसिंग, संवाद से समाधान, सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरूकता, नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, ई-मालखाना प्रबंधन, पिंक पेट्रोल यूनिट, महिला सुरक्षा, वूमेन हेल्पलाइन, साइबर अपराध नियंत्रण, अनुसंधान एवं अन्वेषण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार आर. कृष्णा दास, रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल सहित अन्य अधिकारीगण, पुलिसकर्मी एवं उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

एमपी में मूंग खरीदी और खाद की मांग पर प्रदर्शन, किसान मुख्यमंत्री आवास कूच पर अड़े

0

एमपी में मूंग खरीदी और खाद की मांग पर प्रदर्शन, किसान मुख्यमंत्री आवास कूच पर अड़े
प्रदेश में मूंग की 100 प्रतिशत सरकारी खरीदी की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इसके साथ ही खाद वितरण व्यवस्था में सुधार को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों का गुस्सा फूट पड़ा है। मंगलवार को किसानों की ‘किसान क्रांति पैदल यात्रा’ भोपाल पहुंच गई। पुलिस की तमाम नाकाबंदी और चेतावनियों के बावजूद करीब दो हजार किसान बैरिकेडिंग तोड़ शहर में प्रवेश कर गए।

दोपहर के समय किसानों ने मंडीदीप स्थित भोपाल सीमा पर कलियासोत नदी के ब्रिज के पास लगी पुलिस की भारी बैरिकेडिंग तोड़ दी। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए और ‘जय जवान-जय किसान’ के नारे लगाते हुए किसान पैदल ही शहर की ओर बढ़े।

उनके पीछे ट्रैक्टर-ट्रालियों और अन्य वाहनों का एक बहुत बड़ा काफिला भी राजधानी में दाखिल हुआ। किसान का एक लक्ष्य था कि मुख्यमंत्री आवास का घेराव करना है।

हालांकि, पुलिस ने मशक्कत के बाद उन्हें बागसेवनिया के आरआरएल तिराहे के पास रोक लिया है। फिलहाल प्रशासन और किसान नेताओं के बीच बातचीत चल रही है और चर्चा पूरी होने तक उन्हें वहीं रोका गया है।

प्रियंका गांधी के बयान के बाद एक्शन में नए शिक्षा मंत्री

0

प्रियंका गांधी के बयान के बाद एक्शन में नए शिक्षा मंत्री
लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल 2026 पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और राहुल गांधी द्वारा नए शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी पर की गई टिप्पणियों के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संसद परिसर में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, पीयूष गोयल और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के साथ अहम बैठक की है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में कांग्रेस नेताओं के बयानों और भाजपा की आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।

प्रियंका गांधी की टिप्पणी से बढ़ा विवाद
लोकसभा में चर्चा के दौरान प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नए शिक्षा मंत्री के चयन पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने ऐसे व्यक्ति को शिक्षा मंत्री बनाया है जिसने गर्भवती महिला से दुष्कर्म के दोषियों की रिहाई का समर्थन किया था। प्रियंका गांधी ने कहा कि इस फैसले से देश की करोड़ों बेटियों को गलत संदेश गया है। उनके इस बयान पर सत्ता पक्ष के सांसदों ने कड़ी आपत्ति जताई और सदन में हंगामा शुरू हो गया।

किरेन रिजिजू ने उठाई बयान हटाने की मांग
प्रियंका गांधी की टिप्पणी पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने तत्काल आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने इसे ‘चरित्र हनन’ बताते हुए कहा कि बिना प्रमाण किसी मंत्री पर ऐसे आरोप लगाना उचित नहीं है। रिजिजू ने स्पीकर से मांग की कि संबंधित टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटाया जाए। वहीं, प्रह्लाद जोशी ने भी आरोपों को गलत और भ्रामक बताते हुए प्रियंका गांधी से माफी मांगने की बात कही।

राहुल गांधी ने भी दोहराए आरोप
लोकसभा की कार्यवाही के बाद संसद परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने भी प्रह्लाद जोशी को लेकर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जब देशभर के छात्र और छात्राएं शिक्षा व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं ऐसे समय में ऐसे व्यक्ति को शिक्षा मंत्री बनाया गया है जिस पर गंभीर सवाल उठते रहे हैं। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के फैसले पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि मंत्रिमंडल में कई अन्य विकल्प मौजूद थे।

NEET पेपर लीक मामले के लिए CBI ने दायर की चार्जशीट

0

NEET पेपर लीक मामले के लिए CBI ने दायर की चार्जशीट
नीट यूजी पेपर लीक मामले में सीबीआई ने राउज एवेन्यू कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दिया है. CBI की आर्थिक अपराध शाखा ने 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर किया है. चार्जशीट को आगे सुनवाई के लिए पेपर लीक मामलों की सुनवाई के लिए गठित विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा. इस मामले में सभी 13 आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं.

अर्जुन आनंद को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में NEET पेपर लीक मामले के लिए CBI का पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त किया गया है. आरोपियों पर BNS 2023 की धारा 315(5), 318(4), 61(2), 238 और 303(2) के तहत मामला दर्ज है. प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट (PC Act) 1988 की धारा 13(2) और 13(1)(a) भी लगाई गई है. पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 की धारा 10 के साथ धारा 3, 4, 5 और 11 के तहत कार्रवाई हुई.

29 जुलाई को रॉउज एवन्यू कोर्ट करेगा सुनवाई
रॉउज एवन्यू कोर्ट बुधवार (29 जुलाई 2026) को चार्जशीट पर संज्ञान लेने पर सुनवाई करेगा. चार्जशीट में यश यादव, मांगीलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल, शुभम खैरनार, धनंजय लोखंडे, प्रहलाद कुलकर्णी, तेजस हर्षद कुमार, डॉ. मनोज शिरुरे, शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर, मनीषा वाघमारे, मनीषा मंधारे, मनीषा संजय हवलदार को आरोपी बनाया गया है. ये सभी आरोपी फिलहाल ज्यूडिशियल कस्टडी में हैं.

दिल्ली की राऊज एवेन्यू फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 27 जुलाई को नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में सीबीआई का पक्ष रखने के लिए एक प्रॉसिक्यूटर की नियुक्ति का निर्देश दिया था. सोमवार को फास्ट ट्रैक कोर्ट की ओर से की जाने वाली यह पहली सुनवाई थी. कोर्ट ने संबंधित डायरेक्टर ऑफ प्रॉसिक्यूशन को निर्देश दिया कि वे नीट-यूजी पेपर लीक मामले में राज्य सीबीआई का पक्ष रखने के लिए एक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त करें.

चार्जशीट में 360 गवाहों को शामिल किया गया
सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में 360 गवाहों, 422 दस्तावेजों और 43 महत्वपूर्ण फिजिकल एविडेंस को शामिल किया है. यह परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी.शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने उसी दिन प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी. मामले की जांच के लिए एजेंसी ने 72 अधिकारियों और कर्मचारियों की कई टीमें गठित कीं, जिनमें 8 साइबर फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी शामिल थे.

सीबीआई ने जांच के दौरान महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली समेत कई राज्यों में कुल 92 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया. इस कार्रवाई में जांच एजेंसी ने डिजिटल उपकरण, संचार उपकरण, दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री जब्त की. जब्त किए गए डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच की गई. सीबीआई के अनुसार, जांच के दौरान पेपर लीक के स्रोत से लेकर लाभार्थी छात्रों तक पहुंचने वाली पूरी कड़ी का पता लगाया गया और इसमें शामिल लोगों की भूमिका सामने आई.

‘पेपर लीक आतंकवाद से कम नहीं, सरकार इसका मुकम्मल इलाज करेगी’

0

लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि पेपर लीक आतंकवाद से कम खतरनाक नहीं है, क्योंकि इसका सबसे बड़ा नुकसान देश के युवाओं को उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से 2024 के कानून में संशोधन कर उसे और अधिक सख्त और प्रभावी बनाया जा रहा है। ठाकुर ने कहा कि सरकार ऐसा तंत्र विकसित करना चाहती है जिससे मामलों में अनावश्यक देरी न हो और पूरी परीक्षा प्रणाली अधिक मजबूत व पारदर्शी बने।

युवाओं के मुद्दे पर राजनीति कर रहा है विपक्ष
अनुराग ठाकुर ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जब सदन में इस मुद्दे पर चर्चा हो रही थी तब विपक्ष सदन नहीं चलने दे रहा था। अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर भी तंज कसते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने छात्रों के मुद्दे पर राजनीति करने की कोशिश की। उन्होंने कहा राहुल गांधी को लगा कि युवाओं ने पूछा नहीं, इसलिए अखिलेश जी के साथ प्रधानमंत्री आवास के बाहर जाकर लेट गए। अनुराग ठाकुर कहा किया कि नीट परीक्षा में गड़बड़ी की सूचना मिलते ही केंद्र सरकार ने तीन दिन के भीतर दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया और 40 हजार से अधिक परीक्षा केंद्रों पर महज 45 दिनों में पूरी प्रक्रिया पूरी कर दी जो युवाओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

RSS, प्रो. वी. कामाकोटी और प्रियंका गांधी पर दिया जवाब
उन्होंने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के भाषण पर भी पलटवार किया और प्रोफेसर वी. कामाकोटी पर की गई टिप्पणी का विरोध किया। ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े होने में कोई गलत बात नहीं है और देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों का उपहास उड़ाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान साथ-साथ आगे बढ़ सकते हैं और आर्टिफीसियल पर शोध करने वाला वैज्ञानिक भारतीय परंपराओं पर भी अध्ययन कर सकता है।

आंदोलन छात्रों का था, हिंसा करने वालों पर कार्रवाई हो
बीजेपी सांसद ने कहा कि मोदी सरकार जरूरत पड़ने पर कानूनों में सुधार करने से पीछे नहीं हटती और यही कारण है कि 2024 के कानून में भी संशोधन लाया गया है। उन्होंने दावा किया कि पेपर लीक मामले में शामिल सभी 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। साथ ही नंदन नीलेकणी की अध्यक्षता में टास्क फोर्स गठित कर परीक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। अनुराग ठाकुर ने यह भी कहा कि छात्र बेहतर परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। लेकिन जो असामाजिक तत्व हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल थे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

J&K के उरी में माइन ब्लास्ट, सेना के 2 जवान घायल

0

जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पास एक माइन धमाके में सेना के दो जवान घायल हो गए. यह धमाका कमलकोट सब-सेक्टर में 12 इन्फैंट्री ब्रिगेड के तहत काम करने वाली 8 राष्ट्रीय राइफल्स (8 RR) की ‘अपर गढ़ फॉरवर्ड पोस्ट’ के पास हुआ. यह इलाका उरी पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है.

घायल जवानों को एयरलिफ्ट किया गया
घायल जवानों को तुरंत घटनास्थल से निकालकर एयरलिफ्ट के जरिए नगर के बादामीबाग स्थित सेना के बेस हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घायल सैनिकों की पहचान दफादार विजय कुमार (42) और नायक शरणपा अंगारी (28) के तौर पर हुई है. दोनों 8 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात हैं. अधिकारियों ने बताया कि माइन धमाके की वजहों का पता लगाया जा रहा है.

ये खबर ऐसे समय में आई है जब जम्मू में आने वाले स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के जश्न के लिए सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेने के लिए एक बड़ी बैठक बुलाई गई थी. इस बैठक की अध्यक्षता जम्मू के डिवीजनल कमिश्नर रमेश कुमार ने की और इसकी सह-अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक (IGP) भीम सेन तुती ने की. इसमें अलग-अलग विभागों और जिलों के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.

बॉर्डर के पास दिखे पाकिस्तानी ड्रोन
ये धमाका ऐसे समय में हुआ है जब सांबा और राजौरी जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा के पास कई सीमावर्ती इलाकों में संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखे जाने के बाद सोमवार को सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर तलाश अभियान शुरू किया था. अधिकारियों ने बताया कि सतर्क सैन्य टुकड़ियों ने सांबा में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास नंदपुर और राजौरी के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास तारकुंडी-साज इलाके में ड्रोन की संदिग्ध गतिविधियां देखीं. सेना ने पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की मदद से तलाश अभियान संचालित किया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदिग्ध ड्रोनों से कोई नशीला पदार्थ या हथियार तो नहीं गिराया गया.