Home Blog Page 182

CM योगी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरेंगे भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद

0

यूपी के चुनावी समर में भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनौती देने उतर रहे हैं। आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर सदर से विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। गुरुवार को आजाद समाज पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से गुरुवार को ट्वीट कर इसका ऐलान किया गया। इस सीट पर उनका सीधा मुकाबला यूपी के मौजूदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से होगा। इससे पहले भी नोएडा में हुई एक प्रेस कॉफ्रेंस में उन्होंने संकेत दिया था कि अगर उनकी पार्टी कहेगी तो वे मुख्यमंत्री योगी के खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं।

पार्टी के ट्वीट पर इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आजाद ने ट्वीट किया, “बहुत-बहुत आभार साधुवाद। पिछले 5 साल भी लड़ा हूं। अब भी लड़ूंगा। जय भीम, जय मण्डल। बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय।” इससे पहले इनकी समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की बात चल रही थी। लेकिन अखिलेश यादव ने इन्हें उतनी सीटें नहीं दीं, जितनी ये मांग रहे थे। इस बात से नाराज आजाद समाज पार्टी ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ेगी। वहीं अगर समाजवादी पार्टी अब उसे 100 सीट भी देगी, तब भी वह उसके साथ गठबंधन नहीं करेगी।

आपको बता दें कि गोरखपुर आदित्यनाथ का गृह क्षेत्र है और यह बीजेपी के सबसे पुराने गढ़ में से एक है। बीजेपी ने 16 जनवरी को घोषणा की थी कि आदित्यनाथ गोरखपुर शहरी सीट से आगामी चुनाव लड़ेंगे। गोरखपुर शहरी सीट पर छठे चरण का मतदान 3 मार्च को होगा। जबकि वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी। यूपी चुनाव के लिए सात चरणों में मतदान 10 फरवरी से शुरू होगा और यह 7 मार्च तक चलेगा।

हम ऐसा माहौल बनाएं कि अपराधी, माफिया नेस्तनाबूद हो जाएं- सीएम शिवराज

0

भोपाल। । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज कलेक्टर-कमिश्नर, आइजी-एसपी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिए समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंस में सीएस, डीजीपी,एसीएस होम,एसीएस जीएडी एक्चुअल और कमिश्नर्स/कलेक्टर्स/ पुलिस महानिरीक्षक /पुलिस अधीक्षक वर्चुअल रूप से उपस्थित हुए। गत बैठक 29 नवंबर ,2021 को हुई थी।

बैठक के दौरान सीएम शिवराज ने कहा कि यह कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस जनता को सुशासन देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। विकास, जनकल्याण, योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन, बिना परेशानी सबको सेवा का लाभ मिले। मप्र शान्ति का टापू रहे। हम ऐसा माहौल बनाएं कि अपराधी, माफिया नेस्तनाबूद हो जाएं। हमने तय किया है कि 29 दिन कार्य करें और एक दिन उसकी समीक्षा करें। जो अच्छा काम करते हैं, मुझे और प्रदेश की जनता को खुशी होती है। गड़बड़ करना अक्षम्य अपराध है। हमारा परफॉर्मेंस लोगों के कल्याण से संबंधित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का माध्यम है।

मुख्यमंत्री शिवराज ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि वातावरण बिगाड़ने वाले एनजीओ को चिन्हित कर कार्रवाई करें। डकैतों को बिल्कुल न पनपने दें। शुरू में ही उन पर कड़ी कार्रवाई करें। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अनेक जिलों में अपराधों पर नियंत्रण करने की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई पर बधाई दी है। उन्‍होंने कहा कि कड़ी कार्रवाई से ही हम अपराध शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपराधियों को सजा दिलवाने में बेहतर कार्य करने वाले रायसेन, दतिया, भिंड, शहडोल जिले को बधाई दी। मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि सभी जिलों में चिन्हित अपराध के संबंध में हर माह समीक्षा बैठक का आयोजन हो। अपराधियों को सजा दिलाने सभी सक्षम प्रयास करें। तभी ऐसी समीक्षा सार्थक होगी।

मुख्यमंत्री ने मुस्‍कान अभियान के तहत गुम बालक-बालिकाओं की बरामदगी के संबंध में बेहतर कार्रवाई करने पर इंदौर, भोपाल, जबलपुर, धार, सागर, बैतूल, देवास, अलीराजपुर, अशोकनगर और आगर मालवा जिले को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ऑपरेशन मुस्कान चलता रहे, उसकी समीक्षा भी लगातार करते रहें। मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान अधिकारियों को महिला अपराध रोकने के संबंध में सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी कीमत पर महिला अपराध रोकना हमारी प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में भू- माफियाओं, बदमाशों और कब्जा करने वाले तत्वों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की और कहा कि हम किसी को भी आतंक का पर्याय नहीं बनने देंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने भू-माफियाओं पर कार्रवाई करने वाले अव्वल 5 जिलों शाजापुर, गुना, सीहोर,आगर और ग्वालियर को बधाई दी है। इन जिलों में भू माफियाओं से कुल 347 एकड़ भूमि मुक्त कराई गई है। गुना में सर्वाधिक 123 एकड़ भूमि मुक्त की गई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने छतरपुर, टीकमगढ़, जबलपुर, खरगोन और रतलाम जिले में अवैध रेत जप्त करने की प्रभावी कार्रवाईयों पर संतोष व्यक्त किया। मिलावटी खाद्य पदार्थ निर्माण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने में ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, भिंड, सतना, आगर, दतिया, मुरैना, खरगोन, कटनी, शिवपुरी, भिंड, धार, बुराहनपुर, श्योपुर जिले में बेहतर कार्य हुआ है। सीएम ने कहा कि जनता में विश्वास का भाव लाना है कि इस दिशा में हम बेहतर कार्य कर रहे।

तमिलनाडु के पूर्व मंत्री केपी अंबलगन से जुड़े 57 ठिकानों पर चल रही छापेमारी

0

चेन्नई : तमिलाडु में डायरेक्टोरेट ऑफ विजिलेंस एंड एंटी करप्शन के अधिकारी अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रहे हैं। यह छापेमारी 57 ठिकानों पर चल रही है। रिपोर्ट के अनुसार विजिलेंस और एंटी करप्शन के अधिकारी यह छापेमारी तमिलनाडु के पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री और एआईएडीएमके के वरिष्ठ नेता केपी अंबलगन के ठिकानों पर चल रही है। गौर करने वाली बात है कि केपी अंबलग के खिलाफ 11.32 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति का केस चल रहा है, माना जा रहा है कि यह छापेमारी इसी केस जुड़ी है।

भारत ने सुपरसोनिक ब्रह्मोस के नए संस्करण का किया परीक्षण, नई प्रौद्यागिकी से लैस प्रक्षेपास्त्र कामयाब रहा

0

भारत ने गुरुवार को सुपरसोनिक ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल के नए संस्करण का सफल परीक्षण किया। ओडिशा के बालासोर तट से इस मिसाइल को दागा गया।

इस ब्रह्मोस मिसाइल में नई प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया गया है। नियंत्रण प्रणाली सहित नई अतिरिक्त तकनीकों के साथ सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइल का चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज (आईटीआर) लॉन्च पैड तृतीय से सुबह करीब 10.45 बजे परीक्षण किया गया। परीक्षण के विस्तृत आंकड़ों का विश्लेषण किया जा रहा है।

इससे पहले 11 जनवरी को भारतीय नौसेना के आईएनएस विशाखापत्तनम युद्धपोत से ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया गया था।

‘ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल’ के उन्नत समुद्र से समुद्र में वार करने वाले संस्करण का आज आईएनएस विशाखापत्तनम से परीक्षण किया गया। मिसाइल ने निर्धारित लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाया।’ ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण भारत और रूस के बीच एक संयुक्त उद्यम के तहत किया जा रहा है। इस संयुक्त उद्यम में डीआरडीओ भारतीय पक्ष का प्रतिनिधित्व करता है। मिसाइल का परीक्षण आईएनएस विशाखापत्तनम से किया गया था, यह हाल ही में शामिल भारतीय नौसेना का नवीनतम युद्धपोत है।

ब्रह्मोस भारतीय नौसेना के युद्धपोतों की मुख्य हथियार प्रणाली है और इसे इसके लगभग सभी सतह प्लेटफार्मों पर तैनात किया गया है। इसका एक पानी के नीचे का संस्करण भी विकसित किया जा रहा है। ब्रह्मोस का उपयोग न केवल भारत की पनडुब्बियों द्वारा किया जाएगा, बल्कि मित्र देशों को निर्यात के लिए भी पेश किया जाएगा।

कांग्रेस की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य भाजपा में शामिल, MLA अदिति सिंह भी कांग्रेस से इस्तीफा

0

उत्तर प्रदेश:  उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखें जैसे जैसे नजदीक आ रही है, वैसे सियासी दलों के तरकश से एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप के कई तीर छोड़े जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नेताओं की दलबदली भी लगातार जारी है। उत्तर प्रदेश में रायबरेली सदर विधानसभा सीट से विधायक अदिति सिंह ने गुरुवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। हालांकि इससे पहले वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक कांग्रेस से इस्तीफा नहीं दिया था, लेकिन आज उन्होंने कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। अदिति सिंह ने अपने इस्तीफे को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र भेजा है। अदिति सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनका इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया है। अदिति सिंह ने साल 2017 में मोदी लहर के बाद भी रायबरेली सदर सीट पर कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की थी।

कांग्रेस की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य भाजपा में शामिल

इस बीच उत्तर प्रदेश में ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं‘ चुनावी कैंपेन चलाने वाली कांग्रेस पार्टी को भाजपा ने करारा झटका दिया है। कांग्रेस की ‘पोस्टर गर्ल’ प्रियंका मौर्य को लेकर जानकारी सामने आई है कि टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर अब वह भाजपा में शामिल हो गई है।

टिकट वितरण में धांधली का आरोप

कांग्रेस से टिकट न मिलने से प्रियंका मौर्य काफी नाराज थी। प्रियंका मौर्य ने कांग्रेस पर आरोप लगाया था कि टिकट वितरण की प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर धांधली की गई है। गौरतलब है कि प्रियंका वाड्रा ने ‘आई कैन फाइट अ गर्ल’ कैंपेन की शुरुआत उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर की थी। इस कैंपेन के लिए कांग्रेस पार्टी ने चुनावों के मद्देनजर प्रियंका मौर्य ‘पोस्टर गर्ल’ बनाया था। लेकिन पोस्टर गर्ल को ही टिकट नहीं देकर पार्टी नए विवाद में फंस गई है।

प्रियंका का आरोप, मेरे नाम व चेहरे का किया इस्तेमाल

उत्तर प्रदेश में महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष प्रियंका मौर्य ने कहा कि कांग्रेस ने मेरे चेहरे, मेरे नाम और मेरे एक मिलियन सोशल मीडिया फॉलोअर्स का इस्तेमाल प्रचार के लिए किया, लेकिन जब टिकट देने की बात आई तो पार्टी ने किनारा कर लिया। यह अन्याय है। प्रियंका ने कहा कि मुझे टिकट नहीं मिला क्योंकि मैं एक ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) की लड़की हूं और प्रियंका गांधी के सचिव संदीप सिंह को रिश्वत नहीं दे सकती थी।

कांग्रेस के चुनावी अभियान को बड़ा धक्का

गौरतलब है कि प्रियंका वाड्रा ने महिलाओं के वोट बैंक को अपने पक्ष में करने के लिए ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ नाम से कैंपेन शुरू किया है। इसमें प्रियंका मौर्य को महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, लेकिन अब प्रियंका मौर्य भाजपा में जाने की खबरों से कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है।

रतलाम के सुराना प्रकरण को लेकर कोई नहीं फैला सकता भय का वातावरण-गृहमत्री नरोत्‍तम मिश्रा

0

भोपाल। रतलाम जिले के सुराणा गांव में हिंदुओं द्वारा वर्ग विशेष के लोगों से भय और प्रताड़ना के चलते पलायन की चेतावनी देने के मामले ने तूल पकड लिया है। प्रदेश के गृहमंत्री डा नरोत्‍तम मिश्रा ने इस मामले में चिंता व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि वह पीड़ितों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन से बात करेंगे। उन्‍होन लोगों को आश्‍वस्‍त करते हुए कहा कि हमारा प्रदेश शांति का टापू है, कोई भी यहां भय का वातावरण नहीं फैला सकता है।

कांग्रेस द्वारा मौलाना तौकीर रजा से समर्थन लेने को लेकर गृहमंत्री ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हिंदुओं के खिलाफ जहर उगलने वाले मौलाना तौकीर रजा का समर्थन लेकर कांग्रेस का हिंदुओं को अपमानित करने का छिपा एजेंडा फिर सामने आ गया है। दरअसल हिंदुओं को अपमानित करना कांग्रेस के डीएनए में है। भगवान राम को काल्पनिक बताने वाली कांग्रेस और राहुल गांधी हिंदू और हिंदुत्व को बांट चुके हैं।

उन्‍होंने प्रदेश कांग्रेस के 01 फरवरी से शुरू होने वाले घर-घर चलो अभियान को लेकर भी तंज कसा और कहा कि वास्‍तव में कमल नाथ जी का घर चलो, घर-घर चलो अभियान पूरी कांग्रेस को घर बैठाकर ही खत्म होगा। कमल नाथ एकमात्र ऐसे प्रदेश अध्यक्ष हैं, जिनके कार्यकाल में 29 मौजूदा विधायकों ने पार्टी छोड़ दी।

उन्‍होंने प्रदेश में अतिक्रमण विरोधी कारवाई के बहाने अल्‍पसंख्‍यकों को निशाना बनाए जाने के आरोप को लेकर कहा कांग्रेस को वास्‍तव में ‘तुष्टिकरण का मोतियाबिंद’ हो गया है। जो गलत करेगा, वो चाहे किसी भी समाज से हो, कानून अपना काम करेगा।

मप्र स्‍थानीय निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बंद की सुनवाई

0

भोपाल। मध्य प्रदेश के स्थानीय निकाय चुनावों में ओबीसी आरक्षण के मसले पर अब सुप्रीम कोर्ट सुनवाई नहीं करेगा। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि चूंकि अध्यादेश खत्म हो गया है और चुनाव रद्द हो गए हैं, इसलिए इस संदर्भ में दाखिल याचिका निष्प्रभावी हो चुकी है। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि जब भी चुनाव आयोग स्थानीय निकाय चुनाव कराए तो वो आरक्षण देने से पहले सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए ट्रिपल टेस्ट का पालन करे।

छिंदवाड़ा में ओलावृष्‍टि से प्रभावित किसानों के पास पहुंचे कमल नाथ

0

छिंदवाड़ा। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने छिंदवाड़ा में ओलावृष्टि और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों के खेतों का दौरा किया। उन्होंने किसानों को आश्वास्त किया कि फसलों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने के लिए भोपाल पहुंचकर लड़ाई लडूंगा। उन्होंने प्रेस से चर्चा में कहा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान घोषणा करने में माहिर है, उन्होंने अभी तक कितनी घोषणा की उन्हें भी पता नहीं होगा। मेरे जिले के किसानों की फसलें बर्बाद हुई है और अभी तक उन्हें प्रदेश सरकार से कोई राहत नहीं मिली।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ छिंदवाड़ा प्रवास पर है। सरकार के द्वारा बनाई गई शराब नीति पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा सरकार चाहती है कि लोग शराब के नशे में रहें, ताकि सच्चाई न जान सकें।
प्रदेश की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आड़े हाथों लेते हुए उन्‍होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान घोषाणा करने में माहिर है। उन्हें खुद नहीं पता कि अभी तक वह कितनी घोषणाएं कर चुके हैं। ओलावृष्टि और अतिवृष्टि से मेरे छिंदवाड़ा जिले के किसानों की फसलें बर्बाद हुई। अभी तक कितना और किस स्तर का सर्वे हुआ है यह भी मैंने देखा है। वर्ष 2020 में किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा किसानों को आज तक सरकार नहीं दे पाई है, अब इस वर्ष हुए नुकसान का मुआवजा कब तक मिलेगा कहा नहीं जा सकता, लेकिन ये मेरे जिले के मेरे अपने किसान भाई है, इनसे मेरा आज का नहीं पुराना रिश्ता है। आज मैंने जिले के प्रभावित किसानों के खेतों का दौरा किया है कि अब यहां से भोपाल पहुंचकर किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा दिलाने के लिए लड़ाई लडूंगा। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने तामिया, जुन्नारदेव और अमरवाड़ा ब्लॉक के प्रभावित किसानों के खेतों का दौरा किया साथ ही क्षेत्र के किसानों, गांव के लोगों से चर्चा की उनकी समस्याएं सुनी और उसके निराकरण के लिए आश्वस्त किया।

सानिया मिर्जा ने किया संन्यास का ऐलान

0

भारतीय टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा (Sania Mirza) ने आज (बुधवार) ऑस्ट्रेलियन ओपन 2022 में वुमन डबल्स के पहले दौर में हारने के बाद रिटायरमेंट प्लानिंग का ऐलान कर दिया। सानिया और उनकी यूक्रेनी जोड़ीदार नादिया किचेनोक को स्लोवेनियाई टीम के तमारा जिदानसेक और काजा जुवान से एक घंटे 37 मिनट में 4-6, 6-7 (5) से हार गईं।

शरीर नहीं दे रहा साथ

हार के बाद सानिया मिर्जा ने कहा कि 2022 टूर उनका आखिरी सीजन होगा। वह हर हफ्ते आगे की तैयारी कर रही हैं। ये पक्का नहीं है कि पूरा सीजन खेल पाएंगी या नहीं। सानिया ने कहा, ‘मुझे लगता है मैं बेहतर खेल सकती हूं। अब शरीर उस तरह से साथ नहीं दे रहा। यह सबसे बड़ा सेटबैक है।’ बता दें मिर्जा को टेनिस खेलते हुए 19 वर्ष हो गए। वह डबल्स में विश्व नंबर 1 रह चुकी हैं। उन्होंने 6 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं।

रोहन बोपन्ना भी हारें

इस बीच रोहन बोपन्ना (Rohan Bopanna) भी बुधवार को अपने पहल दौर के मैच हारने के बाद ऑस्ट्रेलियन ओपन पुरुष युगल स्पर्धा से बाहर हो गए। बोपन्ना और उनके फ्रांसीसी जोड़ीदार एडौर्ड रोजर-वेसलिन तीन सेटों में क्रिस्टोफर रूंगकट और ट्रीट ह्यूई की वाइल्ड कार्ड जोड़ी से हार गए। एक घंटे 48 मिनट चले मुकाबले में 6-3, 6-7 (2), 2-6 से हार का सामना करना पड़ा।

सानिया और रोहन मिश्रित युगल में उतरेंगे

हालांकि रोहन बोपन्ना और सानिया मिर्जा का ग्रैंड स्लैम जीवित हैं। वे मिश्रित युगल में उतरेंगे। बोपन्ना ने क्रोएशिया की दरिजा जुराक श्राइबर के साथ जोड़ी बनाई है। जबकि सानिया ने अमेरिकी राजीव राम के साथ जोड़ी बनाई है।

पहले वनडे में अंपायर इरासमस लगाएंगे सेंचुरी, ऐसा करने वाले महज तीसरे द. अफ्रीकी अंपायर

0

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज होने वाले पहले वनडे इंटरनेशनल मैच में फील्ड अंपायर मारियास इरासमस होंगे। अंपायर के रूप में यह इरासमस का 100वां वनडे होगा और वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे दक्षिण अफ्रीकी अंपायर बन जाएंगे। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ अंपायरों में से एक 57 वर्षीय इरासमस बोलैंड पार्क में मैदान पर उतरते ही रूडी कर्ट्जन और डेविड ओरचार्ड के क्लब में शामिल हो जाएंगे।

कर्टजन ने 1992 से लेकर 2010 तक 209 वनडे में अंपायरिंग करके वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। उनका यह रिकॉर्ड हाल में पाकिस्तान के अलीम डार (211 मैच) ने तोड़ा। ओरचार्ड ने 1994 से 2003 के बीच 107 वनडे में अंपायरिंग की थी। इरासमस 2007 से इंटरनेशनल स्तर पर अंपायरिंग कर रहे हैं। वह अभी तक 99 वनडे के अलावा 70 टेस्ट, 35 टी20 इंटरनेशनल और 18 महिला टी20 इंटरनेशनल में अंपायरिंग कर चुके हैं।

क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के अनुसार इरासमस ने कहा, ‘मुझे गर्व है कि मैं इतने लंबे समय से अंपायरिंग कर रहा हूं कि यह उपलब्धि हासिल कर रहा हूं। ऐसी कड़ी परिस्थितियों में लंबे समय तक बने रहना आसान नहीं है, क्योंकि हम हर समय जांच के दायरे में रहते हैं, इसलिए इस उपलब्धि तक पहुंचने पर मुझे गर्व है।’ इरासमस 100 वनडे में अंपायरिंग करने वाले दुनिया के 18वें अंपायर बनेंगे।