कमलनाथ सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री रहे वैराग्य नंद गिरी महाराज उर्फ मिर्ची बाबा को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार अल सुबह भोपाल पुलिस टीम ग्वालियर पहुंची, जहां ग्वालियर क्राइम ब्रांच की टीम के साथ बाबा को एक होटल से पकड़ लिया है। भोपाल पुलिस टीम मिर्ची वाला को गिरफ्तार कर रवाना हो गई है। मिर्ची बाबा के खिलाफ भोपाल के महिला थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज है।
पीड़ित महिला ने आरोप लगाया था कि मिर्ची ने बच्चे पैदा होने का झांसा देकर नशे की गोलियां खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसी को लेकर आरोपी मिर्ची बाबा को पकड़ने के लिए भोपाल की पुलिस टीम बीती रात ग्वालियर पहुंची, जहां कल सुबह बाबा को एक होटल से गिरफ्तार कर ले गई है।
बताया जा रहा है कि पीड़िता रायसेन की रहने वाली है। उसने शिकायत में पुलिस को बताया है कि उसकी शादी को चार साल हो चुके हैं। बच्चे नहीं हैं वह नि:संतान है, इसलिए मिर्ची बाबा के संपर्क में आई थी। बाबा ने पूजा-पाठ कर संतान होने का दावा किया। उसे बुलाकर इलाज के नाम पर नशे की गोलियां खिलाकर रेप किया।
मिर्ची बाबा बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार
हर गरीब को रहने का जगह मिले – सीएम शिवराज सिंह चौहान
भोपाल: एमपी की राजधानी भोपाल में एक निजी चैनल के कार्यक्रम में विकास के मुद्दों पर मंथन हुआ है। भोपाल के होटल ताज लेकफ्रंट में सियासत और मनोरंजन जगत की दिग्गज हस्तियां एक साथ नजर आईं। सूबे की सियासत पर राजनैतिक दिग्गजों ने चर्चा करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बातचीत की।
उन्होंने तिरंगा अभियान और आजादी के अमृत महोत्सव के बारे में भी मुख्यमंत्री ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने ‘लाडली लक्ष्मी योजना’ के जरिए बेटियों को सशक्त बनाने की बात कही। किसानों, युवाओं, महिलाओं समेत समाज के हर वर्ग के कल्याण को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाने और उन्हें पूरी ईमानदारी से लागू करने की बात की। विपक्ष के आरोपों की धज्जियां उड़ाते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि हम तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करते बल्कि समग्र विकास और जनकल्याण में विश्वास रखते हैं।
इस अवसर पर उन्होंने अपनी ‘बुलडोजर मामा’ की छवि को लेकर भी बात की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जोर देकर कहा कि आदिवासी समाज को अधिकार देकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने वाली शिवराज सरकार प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत कर रही है, हर गरीब को रहने के लिए जगह मिले, इसके लिए सरकार ठोस कदम उठा रही है। हम पर्यावरण सुरक्षा एवं स्वच्छता के साथ क्लीन और ग्रीन एनर्जी पर भी काम कर रहे हैं।
2023 के आगामी चुनाव के प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम काम और विकास के आधार पर जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शिवराज सरकार आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के निर्माण की ओर अग्रसर है। इस महामंच पर मध्य प्रदेश की लोक संस्कृति और कला के जब मनमोहक रंग नजर आए, तब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का अलग अंदाज दिखा। कलाकारों के साथ मुख्यमंत्री भी जमकर थिरके।
प्रदेश के सबसे बड़े मंच पर विभिन्न सत्रों के तहत केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, केन्द्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री प्रहलाद पटेल, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मध्य प्रदेश देश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, मध्य प्रदेश में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, मध्य प्रदेश शासन में नगरीय विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह और लोक निर्माण विभाग मंत्री गोपाल भार्गव समेत प्रदेश के कई मंत्री नजर आए हैं।
इस कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध फिल्म कलाकार अन्नू कपूर ने बातचीत के साथ ही देशभक्ति गीत गाकर समां बांध दिया। फिल्म अभिनेता मुकेश तिवारी ने भी कई मुद्दों पर बेबाक राय जाहिर की। इसके अलावा वेबसीरीज ‘आश्रम’ में ‘पम्मी पहलवान’ के किरदार से लाइमलाइट में आई अभिनेत्री अदिति पोहनकर और ‘तेरी मिट्टी में मिल जांवा’ गाने से चर्चित बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर रुपाली जग्गा ने भी ‘राइजिंग मध्य प्रदेश’ के मंच की शोभा बढ़ाई। इस मंच से मध्य प्रदेश के समग्र विकास, चुनौतियों, संभावनाओं और सरकार की नीतियों के बारे में मंथन किया गया है। साथ ही भविष्य को ध्यान में रखते हुए मध्य प्रदेश के रोडमैप के निर्धारण में सार्थक रहा।
तापसी पन्नू चाहती हैं उनकी फिल्म भी बॉयकॉट हो
सोशल मीडिया पर बॉयकॉट ट्रेंड पर तापसी पन्नू और अनुराग कश्यप ने मजेदार रिऐक्शन दिया है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि वे भी सोशल नेटवर्किंग साइट पर ट्रेंड होना चाहते हैं। तापसी और अनुराग चाहते हैं कि उनका भी बॉयकॉट हो। बता दें कि फिल्म लाल सिंह चड्ढा, रक्षाबंधन फिल्मों का ट्विटर पर बॉयकॉट हो रहा है। इसके साथ ही लीड ऐक्टर आमिर खान और अक्षय कुमार के नाम भी ट्रेंड हो रहे हैं। तापसी की फिल्म ‘दोबारा’ 19 अगस्त को रिलीज होने वाली है। इसमें उन्होंने अनुराग कश्यप के साथ काम किया है।
तापसी बोलीं, फिल्म बॉयकॉट कीजिए
सोशल मीडिया पर अक्षय कुमार और आमिर खान की फिल्म का बॉयकॉट हो रहा है। अब सिद्धार्थ कानन ने तापसी पन्नू और अनुराग कश्यप से पूछा कि आमिर खान और अक्षय कुमार की फिल्में बॉयकॉट की जा रही हैं। क्या उन्हें डर नहीं लगता? इस पर अनुराग कश्यप बोले, मैं चाहता हूं कि ट्विटर पर #BoycottKashyap ट्रेंड हो। इस पर तापसी भी बोलीं, प्लीज सब लोग हमारी फिल्म दोबारा को बॉयकॉट कीजिए। अगर आमिर खान और अक्षय कुार बॉयकॉट हो सकते हैं तो मैं भी इस लीग में शामिल होना चाहती हूं।
सोशल मीडिया पर मचा हल्ला
फिल्म लाल सिंह चड्ढा और रक्षाबंधन 11 अगस्त को रिलीज हो रही हैं। रिलीज के पहले ही दोनों ऐक्टर्स और फिल्म का बॉयकॉट सोशल मीडिया पर चल रहा है। लोग आमिर खान के पुराने बयान वायरल कर रहे हैं। वहीं रक्षाबंधन को पाकिस्तानी स्टोरी की कॉपी बताकर ट्रोल किया जा रहा है। साथ ही कनिका ढिल्लन जो कि फिल्म की राइटर हैं, उनके पुराने ट्वीट्स भी वायरल हैं। वह हिजाब बैन वगैरह पर लिखती रही हैं।
एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस सरकार का कल होगा कैबिनेट विस्तार
महाराष्ट्र! महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे सरकार कैबिनेट विस्तार का इंतजार अब खत्म होने वाला है। भाजपा के एक सीनियर नेता ने दावा किया है कि मंगलवार को राज्य की सरकार का कैबिनेट विस्तार होगा। इस दौरान करीब एक दर्जन विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। सबसे अहम गृह मंत्रालय डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस के खाते में जा सकता है। पीटीआई से भाजपा के एक सीनियर नेता ने कहा, ‘कैबिनेट का विस्तार कल मुंबई में होगा। मैं इस बारे में ज्यादा डिटेल नहीं दे सकता। यह भी नहीं बता सकता कि किसे इसमें जगह मिल जाएगी।’
बीते कुछ दिनों में देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे ने कई बार दिल्ली का दौरा किया है। इस वीकेंड भी दोनों नेता दिल्ली में ही थे और सीएम एकनाथ शिंदे ने नीति आयोग की बैठक में भी हिस्सा लिया था। रविवार को ही सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई थी कि नए सप्ताह में एकनाथ शिंदे अपनी कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं। इसमें कुल 15 मंत्रियों को जगह मिल सकती है। कहा जा रहा है कि देवेंद्र फडणवीस को होम मिनिस्ट्री मिल सकती है। इसके अलावा चंद्रकांत पाटिल, आशीष शेलार और सुधीर मुनगंटीवार को भी कैबिनेट में जगह मिल सकती है।
कैबिनेट विस्तार में 7 विधायक एकनाथ शिंदे गुट के और 8 भाजपा के विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। शनिवार को ही एकनाथ शिंदे ने बताया था कि कैबिनेट विस्तार में देरी के चलते सरकार का कामकाज प्रभावित नहीं हुआ था और जल्दी ही कुछ और मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। कैबिनेट विस्तार में भाजपा की ओर से नगर निकाय चुनाव और 2024 के आम चुनाव का ध्यान रखा जा सकता है। खासतौर पर भाजपा खुद को ऐसे इलाकों में मजबूत करने पर फोकस कर रही है, जो शिवसेना और एनसीपी के गढ़ रहे हैं।
श्रीकांत त्यागी पर यूपी सरकार ने चौतरफा शिकंजा कसा
उत्तर प्रदेश ! नोएडा की पॉश सोसाइटी में महिला से बदसलूकी करने के आरोपी गालीबाज नेता श्रीकांत त्यागी (Shrikant Tyagi) पर पुलिस और प्रशासन का चौतरफा शिकंजा कसता जा रहा है। नोएडा स्थित उसके आवास के बाहर बनाए गए अवैध निर्माण को ढहाने के बाद अब भंगेल मार्केट में स्थित उसकी दुकान पर जीएसटी टीम का छापेमारी चल रही है।
एफआईआर दर्ज होने के बाद से फरार श्रीकांत त्यागी पुलिस से बचने को भागा-भागा फिर रहा है। उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक सरगर्मी से उसकी तलाश जारी है। मीडिया रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि उसकी लास्ट लोकेशन ऋषिकेश की बताई जा रही है।
हालांकि, उत्तराखंड के डीजीपी ने बताया कि अभी तक हमारे उत्तराखंड पुलिस को उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संपर्क नहीं किया गया है। इसके बावजूद मैंने देहरादून और हरिद्वार के एसएसपी को कहा है कि यदि उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा कोई भी मदद मांगी जाती है तो तुरंत मदद की जाए।
चर्चा है कि श्रीकांत त्यागी ने सोमवार को गौतबुद्धनगर के सूरजपुर सीजेएम कोर्ट में सरेंडर की अर्जी लगाई है और अदालत ने उसे 10 अगस्त की तारीख तय कर दी है।
वहीं, नोएडा पुलिस ने सेक्टर 93बी स्थित ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में एक महिला से गाली-गलौज और हाथापाई करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को 25,000 रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है। नोएडा पुलिस की आठ टीमें आरोपी की तलाश में जुटीं हैं।
पथ विक्रेता और ठेला चालकों की पंचायत कल भोपाल में
भोपाल । पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव के बाद मध्य प्रदेश में फिर पंचायतों का सिलसिला शुरू हो रहा है। मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में पथ विक्रेता और ठेला चालकों की पंचायत का आयोजन होगा। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ठेला चालकों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं का हल भी करेंगे। इस पंचायत में हितग्राहियों के स्वजनों को भी आमंत्रित किया गया है। पंचायत में पांच हजार से अधिक ठेला संचालकों के आने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से सीधा संवाद करेंगे। उनके हालचाल जानेंगे और समस्याएं सुनेंगे। मंगलवार से इसका सिलसिला शुरू हो रहा है। इस बार हितग्राहियों के साथ उनके स्वजनों को भी आमंत्रित किया जा रहा है।
विभिन्न विभागों को इन आयोजनों की तैयारी करने को कहा गया है। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास में कोल जनजाति के नागरिकों का सम्मेलन होगा और विशेष पिछली जनजाति बैगा, सहरिया और भारिया हितग्राहियों के बैंक खातों में 23 करोड़ रुपये से अधिक राशि जमा कराई जाएगी।
मध्य प्रदेश में एक लाख सरकारी पदों पर जल्द होंगी भर्तियां
भोपाल । देश की पांच ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए मध्य प्रदेश 550 बिलियन डालर का योगदान देगा। प्रदेश में अगले एक साल में एक लाख सरकारी पदों पर जल्द भर्तियां की जाएंगी। हितग्राहीमूलक योजनाओं के लक्ष्य शत-प्रतिशत प्राप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। पूंजीगत व्यय के लिए 48 हजार करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है। कृषि विविधीकरण के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई नीति आयोग की शासी परिषद की बैठक में कही।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश 21वीं सदी के आत्मनिर्भर भारत के प्रधानमंत्री के व्यापक दृष्टिकोण को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रहा है। नीति आयोग किस तरह राज्यों की ताकत बनता है, मध्य प्रदेश उसका उदाहरण है। प्रदेश में वर्ष 2020 में ही आत्म निर्भर मध्य प्रदेश की कार्ययोजना तैयर कर ली गई थी। वर्ष 2021-22 में प्रदेश ने 19.74 प्रतिशत की विकास दर प्राप्त की है। राज्य में सकल घरेलू उत्पाद का चार प्रतिशत पूंजीगत व्यय किया जा रहा है। रोजगार हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है और अगले एक वर्ष में एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती की जाएंगी।
हितग्राहीमूलक योजनाओं के लक्ष्य प्राप्ति के लिए अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश में कृषि विविधीकरण योजना के अंतर्गत गेहूं और धान के स्थान पर दाल, रागी, जौ, मोटे अनाज, कोदो-कुटकी, रामतिल, तिल, मसाले, औषधीय फसलें, फलों और सब्जियों के उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य प्राकृतिक कृषि बोर्ड का गठन किया है। किसानों को अपनी उपज का विक्रय घर से ही करने के लिए फार्म गेट एप लागू किया है।
साढ़े 18 हजार शिक्षकों की भर्ती की
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2021 के राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे में मध्य प्रदेश देश में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। आंगनबाड़ी को गोद लेने का अभियान चलाया है। उच्च गुणवत्ता वाले 9200 सीएम राइज स्कूल खोले जा रहे हैं। साढ़े 18 हजार शिक्षकों की भर्ती की गई है। भोपाल के गांधी चिकित्सा महाविद्यालय में सत्र 2022-23 से एमबीबीएस की पढ़ाई हिंदी माध्यम में प्रारंभ की जा रही है। छह इंजीनियरिंग कालेजों में बीटेक और छह पालिटेक्निक में डिप्लोमा पाठ्यक्रम की हिंदी में पढ़ाई की व्यवस्था की गई है।
टेबल टेनिस डबल्स में मिला सिल्वर, बॉक्सिंग में निखत जरीन ने जीता गोल्ड
भारत के पास 10वें दिन कई मेडल जीतने का मौका है। भारतीय खिलाड़ी आज एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, टेबल टेनिस, क्रिकेट में गोल्ड मेडल के लिए जान लगाएंगे। पीवी सिंधु, शरत कमल और भारतीय क्रिकेट टीम पर लोगों की खास नजर होगी।
– भारत के शरत कमल और साथियान ज्ञानसेकरन ने पुरुष डबल्स टेबल टेनिस में रजत पदक जीता।
– जैवलिन थ्रो में अनु रानी ने कांस्य पदक जीता। अनु ने अपने बेस्ट थ्रो में 60 मीटर तक थ्रो तक ये पदक हासिल किया।
संतान प्राप्ति की कामना पूर्ण करता है यह पावन व्रत
सावन माह में शुक्ल पक्ष में आने वाली एकादशी को पुत्रदा एकादशी या पवित्रा कहा जाता है। भगवान श्री हरि विष्णु को समर्पित यह व्रत संतान प्राप्ति के लिए किया जाता है। इस व्रत को करने से भगवान श्री हरि विष्णु की विशेष कृपा बनी रहती है। इस दिन सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने वाले भक्तों को सभी पापों से मुक्ति मिलती है और बैकुंठ की प्राप्ति होती है। इस व्रत में हर क्षण भगवान श्री हरि विष्णु का ध्यान करते रहना चाहिए।
मान्यता है कि एकादशी के दिन भगवान श्री हरि विष्णु की आराधना करने से अश्वमेघ यज्ञ के समान फल प्राप्त होता है। इस दिन क्रोध न करें। किसी का अपमान ना करें ना ही अपशब्द बोलें। इस व्रत में पीले वस्त्र धारण करें। पूजा के समय चौकी पर पीले रंग के वस्त्र रखें। पूजा के दौरान भगवान श्री हरि विष्णु को पीले फूल अर्पित करें। पूजन सामग्री पीले रंग की हो तो भगवान अति प्रसन्न होते हैं। इस दिन सात्विक भोजन करें। अनाज ना खाएं। ब्राह्मणों को अन्न दान करें। एकादशी के दिन तुलसी के पौधे की पत्तियां न तोड़ें। पूजन के लिए एक दिन पहले ही पत्तियां तोड़ लें। एकादशी के दिन चावल का सेवन नहीं करना चाहिए। ब्रह्मचर्य का पालन करें। भगवान श्री हरि विष्णु को फल, फूल, दूध, तिल, पंचामृत आदि अर्पित करें। एकादशी के दिन भगवान को विशेष तौर पर तुलसी पत्र अवश्य अर्पित करें। विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें। अगले दिन ब्राह्मणों को भोजन कराने के बाद दक्षिणा देकर विदा करें। रात्रि में भजन कीर्तन करते हुए समय व्यतीत करें। इस व्रत में दीपदान का विशेष महत्व है।
महिलाओं के लिए योगी सरकार का तोहफा
प्रदेश की योगी सरकार ने महिलाओं को लेकर बड़ी सौगात दी है। लखनऊ समेत यूपी के 14 शहरों में इसका लाभ मिलेगा। रक्षाबंधन पर महिलाओं को नगर विकास के परिवहन निदेशालय ने सिटी बसों से नि:शुल्क सफर करने की सौगात दी है। सीएनजी और ई बसों में दो दिनों तक महिलाएं फ्री में सफर सकेंगी। इस संबंध में लखनऊ समेत यूपी के 14 शहरों में महिलाओं को नि:शुल्क सफर कराने की तैयारी शुरू हो गई है।
महिलाएं दस अगस्त की रात 12 बजे से 12 अगस्त की रात 12 बजे तक सफर कर सकती है। हालांकि इलेक्ट्रिक सिटी बसें 11 व 12 अगस्त को सुबह छह से रात दस बजे तक ही रक्षाबंधन के दौरान महिला यात्रियों को नि:शुल्क सफर कराएंगी। बदले में महिलाओं को टिकट दिया जाएगा। पर टिकट का किराया शून्य होगा। इसके लिए टिकट मशीन में शून्य किराये की फीडिंग की जा रही है। रोडवेज के तर्ज पर सिटी बसों में भी सफर: लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट के एमडी पल्लव बोस ने बताया कि रोडवेज के तर्ज पर सिटी बसों में सुविधा दी गई है।
प्रदेश के इन 14 शहरों में फर्राटा भरेंगी इलेक्ट्रिक बसें
लखनऊ के अलावा कानपुर, आगरा, वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ, गाजियाबाद, मथुरा-वृंदावन, शाहजहांपुर, झांसी, मुरादाबाद, गोरखपुर, अलीगढ़ एवं बरेली में संचालित सीएनजीओ और इलेक्ट्रिक बसों में महिलाएं नि:शुल्क सफर कर सकती है।





