एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत आयरन के सेवन के प्रति जागरूकता एवं उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है । अभियान के तहत 6 माह की उम्र के बाद से आयरन की खुराक प्रदान की जाती है। आयरन की कमी से होने वाली समस्याओं को कई बार चिकित्सक भी नहीं समझ पाते हैं। जबकि यह समस्याएं नियमित रूप से
आयरन के सेवन से दूर की जा सकती हैं ।
मुख्य चिकित्सा स्वास्थ अधिकारी प्रभाकर तिवारी ने बताया की एनएफएचएस 5 के सर्वे के अनुसार 72% बच्चे जबकि 58% किशोर बालक बालिका एनीमिया से पीड़ित है। 52 प्रतिशत गर्भवती महिलाएं एनीमिया से ग्रस्त होती हैं। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग एवं शिक्षा विभाग द्वारा किया जा रहा है महिला एवं बाल विकास द्वारा समन्वित रूप से कार्य किया जा रहा है । महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों एवं शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों में आयरन की खुराक का सेवन करवाया जाता
है।
एनीमिया से बचाव के लिए महिलाओं और बच्चो की खुराक पर ध्यान देना जरूरी
उज्जैन में महाकाल महालोक के द्वितीय चरण के मुख्यमंत्री ने कार्यों की समीक्षा की
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निर्देश दिये हैं कि भगवान महाकालेश्वर मन्दिर के आन्तरिक परिसर को दिव्य स्वरूप प्रदान किया जाये। साथ ही मन्दिर एवं महाकाल महालोक परिसर की स्वच्छता को इन्दौर से भी बेहतर बनाने तथा वीआईपी दर्शन के कारण आम दर्शन बाधित न हो यह सुनिश्चित किया जाये। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकाल महालोक के प्रथम एवं द्वितीय चरण में तैयार होने वाले लेजर-शो को इतना आकर्षक बनाया जाये, कि लोग रूक कर उसे देखें। मुख्यमंत्री चौहान आज उज्जैन में 778 करोड़ 86 लाख की लागत से तैयार हो
रहे श्री महाकाल महालोक के द्वितीय चरण के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री चौहान खरगौन में जन-सेवा अभियान के संभाग स्तरीय स्वीकृति-पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि विकास की पहली आवश्यकता शांति है। मध्यप्रदेश शांति का टापू है, यहाँ दंगे-फसाद और गुंडागर्दी नहीं चलने दी जायेगी। अशांति फैलाने वाले तत्वों को किसी स्थिति में छोड़ा नहीं जायेगा। शांति व्यवस्था के मद्देनजर खरगोन में विशेष सशस्त्र बल की तैनाती की जायेगी और एक नया थाना भी खोला जायेगा।
मुख्यमंत्री चौहान आज खरगौन में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान संभाग स्तरीय स्वीकृति-पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने 660 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण/शिलान्यास किया। इनमें 371 करोड़ रूपये के लोकार्पण और 288 करोड़ रूपये के भूमि-पूजन शामिल थे। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हित-लाभ भी वितरित किये। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद भी किया।
इसके पहले उन्होंने सिकलसेल वॉलेंटियर्स बायकर्स को हरी झण्डी दिखा कर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और खरगोन की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत पर केन्द्रित पुस्तक का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि खरगोन निमाड़ का गौरव है। यहाँ का नवग्रह मंदिर सिद्ध है। नवग्रह मंदिर एवं कॉरिडोर का विकास किया जायेगा। खरगोन में मेडिकल कॉलेज भी खोला जायेगा। सिरवैल में स्थित महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य भी किया जायेगा। खरगोन में बिस्टान नाके का नाम टंट्या मामा भील के नाम पर, बावड़ी बस स्टेण्ड क्षेत्र का नाम महाराणा प्रताप नगर और पोस्ट-ऑफिस का नाम गुरूनानक के नाम पर होगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि यह लोकतंत्र जनता का राज्य है, इसमें जनता की सेवा सर्वोपरि है। मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान में पंचायत-पंचायत और वार्ड-वार्ड सरकारी अमला गया और जनता के कार्य किये गये। विभिन्न योजनाओं में हितग्राहियों का चयन कर उन्हें लाभ दिया जा रहा है। सरकार भोपाल से नहीं, चौपाल से चल रही है। जन-सेवा अभियान में इंदौर संभाग में 15 लाख नये हितग्राहियों का विभिन्न योजनाओं के लिये चिन्हांकन किया गया। खरगोन जिले में लगे शिविरों में 2 लाख 90 हजार आवेदनों में से 2 लाख 57 हजार को स्वीकृति-पत्र प्रदान किये गये। मुख्यमंत्री चौहान ने अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिये खरगोन जिला प्रशासन एवं संबंधित सभी की सराहना की।
उज्जैन में विराट संत सम्मेलन में मुख्यमंत्री हुए शामिल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि संतों के चरणों में शांति और नई ऊर्जा प्राप्त होती है। संत हमें सन्मार्ग पर चलने का संदेश देते हैं। उनके ही आशीर्वाद से उज्जैन में महाकाल लोक का निर्माण साकार रूप ले सका है। इसके द्वितीय चरण निर्माण कार्य शीघ्र ही पूर्ण होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी अवंतिकापुरी तीनों लोकों से न्यारी है। मुख्यमंत्री चौहान उज्जैन में चारधाम मंदिर के समीप विराट संत सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि वे बाल ब्रह्मचारी त्यागमूर्ति अखंडानंदजी महाराज और सभी संतों को प्रणाम करते हैं। आदि गुरू शंकराचार्य जी ने भारतीय संस्कृति और सभ्यता की रक्षा कर उसे महान बनाया। उन्होंने चारों
दिशाओं से सम्पूर्ण देश को जोड़ने का कार्य किया। नर्मदा सेवा यात्रा के समय ओंकारेश्वर में आदि गुरू शंकराचार्य जी की प्रतिमा और अद्वैत वैदिक संस्थान के निर्माण की कार्य-योजना को अमल में लाने का निर्णय लिया गया था। अब इस कार्य-योजना के निर्माण कार्य तेज गति से चल रहे हैं। अगस्त 2023 तक आदि गुरू शंकराचार्य की प्रतिमा का निर्माण कार्य पूरा होने की संभावना है। संत हमें सदबुद्धि दें और सन्मार्ग पर चलायें, यही कामना है। मुख्यमंत्री चौहान ने सम्मेलन में सभी संतों को सम्मानित किया और संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री को सन्त समाज ने भगवान महाकालेश्वर का चित्र भेंट किया।
स्मार्ट सिटी उद्यान में मुख्यमंत्री चौहान ने करंज, कदंब और सप्तपर्णी के पौधे लगाए
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्मार्ट सिटी उद्यान में करंज, कदंब और सप्तपर्णी के पौधे लगाए। मुख्यमंत्री चौहान के साथ राजगढ़ जिले के ग्राम चाटूखेड़ा दांगी के माँ अंबिका स्व-सहायता समूह ग्राम संगठन की अध्यक्ष पवित्रा अग्रवाल ने अपने जन्म-दिवस पर करंज का पौधा लगाया। समूह की सदस्य पूजा सोंधिया, राजेश्वरी शर्मा, कोमल तोमर, कांता नागर, रूचि शर्मा और मंजू नागर ने भी पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री चौहान को समूह की सदस्यों ने अपने उत्पाद हल्दी और अदरक भेंट किए।
मुख्यमंत्री चौहान के साथ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी संदेश यात्रा के राष्ट्रीय संयोजक विशेष सोनी ने भी अपने जन्म-दिवस पर कदंब का पौधा लगाया। जय मिश्रा, रत्नेश सिंह तथा लक्ष्मण सिंह साथ थे। मुख्यमंत्री
चौहान के साथ सामाजिक कार्यकर्ता अमित चौहान, जितेन्द्र चौहान, शिवांशु चौहान, विनोद तिवारी, कोमल सिंह और ऋषि मीना ने सप्तपर्णी का पौधा लगाया। सोशल मीडिया के ऋषि रमन उपाध्याय अपनी दो वर्षीय बेटी सिया के जन्म-दिवस पर पौध-रोपण में शामिल हुए। अनुजा उपाध्याय भी साथ थी।
पश्चिम बंगाल में 70 लोगों से भरी बस सड़क किनारे खाई में गिरी, एक महिला की मौत
पश्चिम बंगाल में 70 लोगों से भरी बस सड़क किनारे खाई में गिरी, एक महिला की मौत
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में बुधवार को एक बस के सड़क किनारे खाई में गिर जाने से एक महिला की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए। हरिपाल पुलिस थाने के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हादसा राज्य राजमार्ग-26 पर इलाहीपुर इलाके में सुबह करीब 4.30 बजे हुआ जब चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया और यात्री वाहन खाई में गिरकर पलट गया।
राज्य के मंत्री बेचाराम मन्ना ने कहा कि दुर्घटना में 50 वर्षीय तापसी हलदर की मौत हो गई और लगभग सभी यात्री घायल हो गए और स्थानीय लोगों और हरिपाल और चंदिताला पुलिस थानों के पुलिसकर्मियों ने उन्हें नजदीकी ग्रामीण अस्पताल ले जाया। उन्होंने कहा, घायल लोगों में से 12 की हालत गंभीर है और उन्हें कोलकाता के अस्पतालों में रेफर किया गया है। अधिकारी ने कहा कि यात्री सोमवार को रायदिघी से पुरुलिया जिले के अयोध्या हिल्स की यात्रा पर गए थे और जब वे लौट रहे थे तो यह दुर्घटना हुई।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 12वीं की छात्रा पर एसिड अटैक
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 12वीं की छात्रा पर एसिड अटैक
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 12वीं की छात्रा पर एसिड अटैक का मामला सामने आया है। घटनाक्रम सुबह करीब 7.30 बजे का है। पुलिस को सुबह 9 बजे सूचना मिली कि बाइक सवार दो लड़के ने सड़क किनारे जा रही छात्रा पर एसिड फेंक दिया। लड़की को सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी अस्पताल पहुंच गए हैं। छात्रा का बयान दर्ज करने की कोशिश जा रही है। छात्रा खतरे से बाहर बताई जा रही है। एक आरोपित को पकड़ लिया गया है। दूसरा फरार है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना के समय वहां मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। लड़का-लड़की एक दूसरे के परिचित बताए जा रहे हैं। घटना के वक्त लड़की की छोटी बहन भी उसके साथ थी।
लड़की के पिता ने बताया, ‘छोटी बेटी दौड़ कर घर आई और कहा कि उसकी बहन पर तेजाब फेंका गया है। दोनों लड़कों ने अपने चेहरे ढके हुए थे, उनकी पहचान अभी बाकी है। दोनों आंखों में तेजाब चला गया है।
लड़की के पिता ने बताया कि स्कूल जाते समय दो लड़कों ने एसिड से हमला किया है। बेटी का चेहरा पूरी तरह झुलस गया है। उसकी आंख में भी एसिड गया है। छोटी बहन ने कुछ नाम पुलिस को बताए हैं।
उद्योगपतियों से मुख्यमंत्री चौहान ने की भेंट
उद्योगपतियों से मुख्यमंत्री चौहान ने की भेंट
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जनवरी 2023 में इंदौर में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विकास की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी। ऑटोमोबाइल, टेक्सटाईल, फार्मा सहित अन्य उद्योगों के लिए मध्यप्रदेश में अपार संभावनाएँ हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने उद्योगपतियों से भेंट में यह बात कही।
मुख्यमंत्री चौहान से मुख्यमंत्री कार्यालय समत्व भवन में फोर्स मोटर्स लिमिटेड के चेयरमेन अभय फिरोदिया और डीजीएम अभय सिंघी, व्ही.ई. कमर्शियल लिमिटेड के प्रबंध संचालक, सी.ई.ओ. विनोद अग्रवाल और वाइस प्रेसीडेंट नितिन नागड़ा, सागर ग्रुप के चेयरमेन सुधीर अग्रवाल, यशोदा लिनेन यार्न लिमिटेड के सी.एम.डी. अवंति कुमार कांकरिया और कार्यकारी संचालक आशीष कांकरिया, अवादा वेंचर्स प्रायवेट लिमिटेड के चेयरमेन विनीत मित्तल और जी.एम. मुकेश सिंघानिया ने भेंट की। प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मनीष सिंह तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री चौहान को वॉल्वो ग्रुप तथा आयशर मोटर्स के संयुक्त उपक्रम व्ही.ई. कमर्शियल व्हीकल्स के विनोद अग्रवाल ने बताया कि उपक्रम भोपाल, धार और देवास जिलों में वाहन निर्माण से संबंधित इकाइयों में 1600 करोड़ रूपए निवेश करेगा। यशोदा लिनेन यार्न लिमिटेड के कांकरिया ने प्रदेश में लिनेन की इकाई स्थापित करने में रूचि दिखाई। उन्होंने कहा कि स्टिचिंग और वीविंग इकाई की स्थापना पर लगभग 450 करोड़ रूपये का निवेश किया जाएगा, जिससे 4 हजार लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। यह समूह पूर्वी मध्यप्रदेश क्षेत्र में जूट इकाई लगाने की संभावनाओं पर भी कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री चौहान से फोर्स मोटर्स लिमिटेड और सागर ग्रुप के प्रतिनिधियों ने प्रदेश की औद्योगिक नीति तथा निवेश प्रोत्साहन संबंधी सहायता के प्रावधानों के संबंध में चर्चा की। अवादा ग्रुप के प्रतिनिधियों ने प्रदेश में सी.एस.आर. गतिविधियों के बारे में विचार-विमर्श किया।
पेसा एक्ट के लिए आभार मानने आए जनजातीय युवाओं ने मुख्यमंत्री के साथ किया पौध-रोपण
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रदेश में पेसा कानून लागू करने के लिए धन्यवाद देने गाडरवारा से भोपाल 200 किलोमीटर पैदल चल कर आए शानू धुर्वे, अतुल वाडिवा और संदीप कुलस्ते ने स्मार्ट सिटी उद्यान में मुख्यमंत्री के साथ अशोक का पौधा लगाया।
मुख्यमंत्री चौहान के साथ प्योर वेलफेयर सोसायटी के कुलदीप खरे, कौशलेन्द्र पांडे, आदित्य खरे, शालू श्रीवास्तव और बुलबुल खरे ने खिरनी का पौधा रोपा। सोसायटी द्वारा महिलाओं को स्व-रोजगार, कम्प्यूटर शिक्षा तथा वित्त प्रबंधन संबंधी जानकारी और मार्गदर्शन देने गतिविधियाँ संचालित की जाती हैं।
मुख्यमंत्री चौहान के साथ सामाजिक कार्यकर्ता श्री वासुदेव गुलानी ने अपने जन्म- दिवस पर गुलमोहर का पौधा लगाया। उनके परिजन तथा मित्र चेतन गिरि गोस्वामी, हितेश गुलानी, महेश गुलानी, प्रवीण प्रेमचन्दानी तथा पूनम गुलानी, सुश्री नेहा गुलानी और जानकी गुलानी भी पौध-रोपण में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री श्रीमद् भागवत कथा में हुए शामिल
मुख्यमंत्री श्रीमद् भागवत कथा में हुए शामिल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हरदा में विख्यात कथा-वाचिका जया किशोरी की सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के समापन में शामिल हुए। कथा समापन पर मुख्यमंत्री ने 133 कन्याओं के मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में हुए सामूहिक विवाह के नव-दम्पत्तियों को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में कथा के आयोजक किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल, खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा, स्थानीय सांसद डी.डी. उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह सहित जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहाकि परम पिता परमेश्वर को प्राप्त करने के लिये धर्मशास्त्र में भक्ति मार्ग, ज्ञान मार्ग और कर्म मार्ग बताये गये हैं। हम सभी बिना फल की इच्छा किये अपने कार्य पूरी कर्त्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से कर ईश्वरीय मार्ग पर चल सकते हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर- मरीजों का इलाज, शिक्षक-बच्चों की पढ़ाई और अधिकारी एवं नागरिक अपने कर्त्तव्यों और दायित्वों का निर्वहन कर समाज की बेहतरी के लिये अपना योगदान दें। इसीसे प्रदेश का कल्याण होगा।





