Home Blog Page 156

शादी के बाद करिश्मा तन्ना-वरुण बंगेरा ने काटा ये खास केक

0

टीवी इंडस्ट्री में शादियों का सीजन चल रहा है. एक के बाद टीवी एक्ट्रेस शादी कर रही हैं. पहले श्रद्धा आर्या (Shraddha Arya) फिर मौनी रॉय (Mouni Roy) और अब करिश्मा तन्ना (Karishma Tanna). 5 फरवरी को करिश्मा तन्ना ने अपनी जिंदगी के प्यार वरुण बंगेरा (Varun Bangera) से शादी कर ली है. करिश्मा और वरुण की शादी मुंबई में हुई है. इस शादी में कई सेलेब्स शामिल हुए थे. करिश्मा और वरुण की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. करिश्मा ने खुद शादी की तस्वीरें शेयर करके फैंस को खुशखबरी दे दी है. अब शादी की इनसाइड फोटोज और वीडियो वायरल हो रही हैं. जिसमे फैंस को उनकी शादी की झलक देखने को मिलेगी.

करिश्मा ने अपने शादी पर सबसे अलग पेस्टल पिंक कलर का लहंगा पहना. जिसके साथ उन्होंने हैवी ज्वैलरी कैरी की. जिसमें माथा पट्टी, चोकर फिर लॉन्ग नेकलेस, ईयरिंग शामिल थे. दुल्हन बनीं करिश्मा तन्ना बेहद खूबसूरत लग रही थीं. करिश्मा के दोस्त टेरेंस लुईस ने शादी की झलक दिखाई है. जिसमें शादी के बाद वरुण और करिश्मा 3 टायर केक कट करते नजर आ रहे हैं और एक-दूसरे को खिलाते हैं.

सिंदूर लगाते हुए वीडियो वायरल
करिश्मा तन्ना और वरुण का एक और क्यूट वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें वरुण करिश्मा के सिंदूर लगाते हुए नजर आ रहे हैं. इस वीडियो में फैंस को मंडप की झलक भी देखने को मिलेगी. शादी में पिंक और व्हाइट कलर के फूलों की डेकोरेशन हुई है.

29 रुपये से ₹7,148 पर पहुंच गया यह स्टॉक, निवेशकों के 1 लाख को बना दिया 2.45 करोड़

0

अगर आप में धैर्य है और आप इंतजार कर सकते हैं तो शेयर बाजार से आप मालामाल हो सकते हैं। दरअसल, शेयर बाजार में निवेश (share market investment) करते समय, ‘बॉय, होल्ड और फॉरगेट’ स्ट्रेटेजी बेहद काम आती है, क्योंकि पैसा शेयरों की खरीद और बिक्री में नहीं बल्कि ‘होल्ड’ में है। इसलिए, किसी स्टॉक को लंबे समय तक रखने की कोशिश करनी चाहिए क्योंकि लंबी अवधि के लिए शेयरों में निवेश से उसके निवेशकों को भारी रिटर्न (stock return) मिल सकता है। आज हम आपको एक ऐसे ही स्टॉक के बारे में बता रहे हैं जिसने लंबी अवधि में अपने निवेशकों को करोड़ों का फायदा कराया है।

हम बजाज फाइनेंस के शेयर (Bajaj Finance share) की बात कर रहे हैं। बजाज ग्रुप का यह स्टॉक 29.18 रुपये के स्तर (NSE पर 11 फरवरी 2010 को बंद कीमत) से बढ़कर 7,148 रुपये के स्तर (NSE पर 4 फरवरी 2022 को बंद कीमत) हो गया है। यानी 12 साल की इस अवधि में इस शेयर ने लगभग 24,400 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।

बजाज फाइनेंस के शेयरों पर एक नजर
पिछले एक महीने से नॉन बैंकिंग फाइनेंसियल कंपनी का यह शेयर (Bajaj Finance share price) बिकवाली की चपेट में है। इस अवधि में, यह स्टॉक 8 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,750 रुपये से घटकर 7,148 रुपये के स्तर पर आ गया है। पिछले 6 महीनों में, बजाज फाइनेंस के शेयर लगभग 6,225 रुपये से बढ़कर 7,148 रुपये के स्तर पर पहुंच गए हैं। पिछले एक साल में, बजाज फिनसर्व की इस सहायक कंपनी के शेयर की कीमत लगभग 5,500 रुपये से बढ़कर 7,148 रुपये के स्तर पर पहुंच गई है। इसी तरह, पिछले 5 साल में, बजाज फाइनेंस के शेयर की कीमत लगभग 1,090 रुपये से बढ़कर 7,148 रुपये के स्तर तक पहुंच गई है। इस अवधि में इस स्टॉक में लगभग 575 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

76 हजार सैंपल की जांच में मध्‍य प्रदेश में कोरोना के 5171 मरीज मिले

0

भोपाल। प्रदेश में कोरोना का प्रकोप कम होने लगा है। शनिवार को 76 हजार 633 सैंपल की जांच में कोरोना के 5171 मरीज मिले हैं। इस तरह संक्रमण दर 6.74 फीसदी रही। इससे एक दिन पहले प्रदेश में 5533 मरीज मिले थे और संक्रमण दर 7 फीसदी रही थी। कोरोना की तीसरी लहर में एक दिन में मिलने वाले मरीजों की संख्या 22 जनवरी को 11,274 तक पहुंचने के बाद इसमें गिरावट आ रही है।

एक और राहत की बात यह है कि प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या भी कम होकर 44,778 पर आ गई है। प्रदेश में फिलहाल सबसे ज्यादा 9035 सक्रिय मरीज भोपाल में और इसके बाद 6973 मरीज इंदौर में हैं। बुरहानपुर में 48, भिंड में 58 और सिंगरौली में 81 सक्रिय मरीज हैं। बाकी जिलों में सक्रिय मरीजों की संख्या 100 से ऊपर है। शनिवार को इंदौर में तीन और भोपाल, सतना एवं जबलपुर में कोरोना से एक-एक मरीज की मौत भी हुई है।

सक्रिय मरीजों में 98 फीसद से ज्यादा होम आइसोलेशन में

प्रदेश में कुल 44 हजार 778 सक्रिय मरीजों में से 764 मरीज निजी और सरकारी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। इस लिहाज से सिर्फ 1.7 फीसद मरीज ही अस्पातलों में हैं। बाकी होम आइसोलेशन में हैं। दूसरी लहर में अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या सक्रिय मरीजों की 34 से 45 फीसद के बीच रहती थी। अकेले भोपाल की बात करें तो दूसरी लहर में हर दिन में 30 से 35 मरीजों की होम आइसोलेशन में हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जाता था। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार भर्ती मरीजों में 276 भोपाल और 195 इंदौर में हैं।

Lata Mangeshkar को याद कर भावुक हुए पीएम मोदी

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी चुनाव को लेकर वर्चुअल रैली को संबोधित किया। यूं तो यह चुनावी कार्यक्रम था, लेकिन लता मंगेशकर छाई रहीं। पीएम मोदी ने लता मंगेशकर को याद किया और भावुक भी हुए। पीएम ने कहा, आज हम सभी के लिए बहुत ही दुःखद खबर आई है। हमारी लता दीदी आज हमें छोड़कर चली गई हैं, परमात्मा में विलीन हो गई है। कल ही वसंत पंचमी का पर्व था, मां शारदा की हम आराधना कर रहे थे। जिनके कंठ से मां सरस्वती का आशीर्वाद छोटे बड़े हर किसी को मिलता था, वो लता दी ब्रह्मलोक की यात्रा पर चली गई। उनके व्यक्तित्व का विस्तार सिर्फ गानों की संख्या पर सीमित नहीं था।

पीएम मोदी ने कहा, मेरे जैसे अनेकों लोग हैं जो गर्व से कहेंगे कि लता दीदी के साथ उनका निकट संबंध था। जीवन के हर क्षेत्र के लोग हमें लता दीदी के प्रति अपना स्नेह जताते हुए हर पल मिलेंगे। इससे पता चलता है कि लता दीदी के व्यक्तित्व की विशालता कितनी बड़ी थी। आज हम सब दुखी हैं, पूरा देश दुखी है। लता जी जैसी आत्माएं मानवता को सदियों में कभी कभार वरदान की तरह मिलती है। आज हम सब दुःखी हैं, पूरा देश दुःखी है। लता जी जैसी आत्माएं मानवता को सदियों में कभी कभार वरदान की तरह आती हैं। भारत की जो पहचान उन्होंने बनाई, भारत के संगीत को जो स्वर दिया, उससे दुनिया को भारत को देखने का एक नया नजरिया मिला। वो आज भौतिक रूप से हमारे बीच भले ही न हों, लेकिन स्वर और स्नेह के रूप में वो हमारे बीच हमेशा उपस्थित रहेंगी। उनकी मधुर आवाज हमारे साथ हमेशा रहेगी। मैं भारी मन से लता जी को श्रद्धांजलि देता हूं।

वहीं मथुरा, आगरा और बुलंदशहर के मतदाताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, राजनीति में आप सभी माहौल का पता लगा लेते हैं। जब यहां के प्रत्याशी सुरेश चौहान का नाम लिया गया और जो आप सभी की जोरदार तालियां बजी उसने ये बता दिया है कि आपने भरपूर आशीर्वाद देने का मन बना लिया है। UP भारत का दिल है, धड़कन है। यूपी ने हमेशा देश को दिशा दिखाई है। और आज फिर यूपी देश को नया रास्ता दिखा रहा है। यूपी के लोगों ने दो टूक कह दिया है कि धन-दौलत, बाहुबल, जातिवाद, संप्रदायवाद के दम पर भले कुछ लोग कितनी ही राजनीति कर लें लेकिन वो जनता का प्यार नही पा सकते। जनता का आशीर्वाद तो उसे ही मिलेगा जो सेवा भावना से सेवक बनकर यूपी के लोगों की सेवा करेगा, यूपी के लोगों का विकास करेगा।

भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर का निधन ; प्रभु कुंज की आभा हुई गुम

0

मुंबई / रविवार सुबह भारत ने अपना सबसे अमूल्य रत्न खो दिया। कोरोना की कर्कश आवाज भारत की स्वर कोकिला लता मंगेशकर को लील गई। आज उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली। 92 साल की लता जी की 8 जनवरी को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके भर्ती होने की खबर भी 2 दिन बाद 10 जनवरी को सामने आई थी। उन्होंने कोरोना और निमोनिया दोनों से 29 दिन तक एक साथ जंग लड़ी।

उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल के ICU रखा गया था। लंबे समय से लता ताई का इलाज कर रहे डॉ. प्रतीत समधानी की देखरेख में ही डॉक्टर्स की टीम उनका इलाज कर रही थी। इलाज के दौरान उनकी हेल्थ में सुधार भी देखा जा रहा था। उन्हें लगातार ऑब्जर्वेशन में रखा गया। करीब 5 दिन पहले उनकी सेहत में सुधार होना भी शुरू हो गया था। ऑक्सीजन निकाल दी गई थी लेकिन ICU में ही रखा गया।

स्वर कोकिला, दीदी और ताई जैसे नामों से लोकप्रिय लता जी के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। फैंस उनके ठीक होने की दुआएं कर रहे थे, लेकिन आज इस बुरी खबर से करोड़ों संगीत प्रेमियों का दिल टूट गया। सैंकड़ों कालजयी गानों को अपनी आवाज देने वाली लता जी आज अनंत यात्रा पर चली गईं।

घर के नौकर के पॉजिटिव आने के बाद आईं कोरोना की चपेट में
लता जी लगभग दो साल से घर से नहीं निकली थीं। वे कभी-कभी सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के लिए संदेश देती थीं। बढ़ती उम्र और गिरती सेहत के कारण वे अपने कमरे में ही ज्यादा समय गुजारती थीं। उनके घर के एक स्टॉफ मेंबर की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उनका टेस्ट कराया गया था। 8 जनवरी को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

संगीत की दुनिया के 8 सुरमयी दशक

92 साल की लता जी ने 36 भाषाओं में 50 हजार गाने गाए, जो किसी भी गायक के लिए एक रिकॉर्ड है। करीब 1000 से ज्यादा फिल्मों में उन्होंने अपनी आवाज दी। 1960 से 2000 तक एक दौर था, जब लता मंगेशकर की आवाज के बिना फिल्में अधूरी मानी जाती थीं। उनकी आवाज गानों के हिट होने की गारंटी हुआ करती थी। सन 2000 के बाद से उन्होंने फिल्मों में गाना कम कर दिया और कुछ चुनिंदा फिल्मों में ही गाने गाए। उनका आखिरी गाना 2015 में आई फिल्म डुन्नो वाय में था।

करीब 80 साल से संगीत की दुनिया में सक्रिय लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर 1929 को मध्य प्रदेश के ही इंदौर में हुआ था। 13 साल की छोटी उम्र में 1942 से उन्होंने गाना शुरू कर दिया था। लता जी के पिता पं. दीनानाथ मंगेशकर संगीत की दुनिया और मराठी रंगमंच के जाने पहचाने नाम थे। उन्होंने ही लता जी जो संगीत की शिक्षा दी थी। 5 भाई-बहनों में सबसे बड़ी लता जी की तीन बहनें आशा भोंसले, उषा मंगेशकर, मीना मंगेशकर और भाई हृदयनाथ मंगेशकर हैं।

प्रभु कुंज की आभा गुम

लता मंगेशकर अपनी बहन उषा और भाई हृदयनाथ के साथ मुंबई के पेडर रोड स्थित प्रभुकुंज में पहले फ्लोर पर रहती थीं। कई सालों से वे यहां रह रही थीं। बहन आशा भोंसले भी यहां से कुछ दूरी पर ही रहती हैं। सालों तक प्रभाकुंज सोसायटी की सुबह लता मंगेशकर के संगीत के रियाज से ही शुरू होती रहीं। करीब 4 साल से उनका रियाज खराब सेहत के कारण लगभग बंद सा ही था। नवंबर 2019 में भी लता जी को निमोनिया और सांस की तकलीफ के कारण ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका था। जहां वे 28 दिन भर्ती रही थीं। नवंबर 2019 के बाद से उनका घर से निकलना भी लगभग बंद हो चुका था।

2001 में मिला था भारत रत्न

लता मंगेशकर को 2001 में संगीत की दुनिया में उनके योगदान के लिए भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजा गया था। इसके पहले भी उन्हें कई सम्मान दिए गए, जिसमें पद्म विभूषण, पद्म भूषण और दादा साहेब फाल्के सम्मान भी शामिल हैं। कम ही लोग जानते हैं कि लता जी गायिका के साथ संगीतकार भी थीं और उनका अपना फिल्म प्रोडक्शन भी था, जिसके बैनर तले बनी फिल्म “लेकिन” थी, इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट गायिका का नेशनल अवॉर्ड भी मिला था, 61 साल की उम्र में गाने के लिए नेशनल अवॉर्ड जीतने वाली वे एकमात्र गायिका रहीं। इसके अलावा भी फिल्म “लेकिन” को 5 और नेशनल अवॉर्ड मिले थे।

केंद्र सरकार ने मध्य प्रदेश में तीन शहरों के नाम बदलने को दी मंजूरी

0

भोपाल। केंद्र ने मध्य प्रदेश में तीन शहरों के नाम बदलकर नए नाम रखे जाने को अपनी मंजूरी दे दी है। इन शहरों के नाम बदलने की संसंस्तुति मप्र की शिवराज सिंह चौहान सरकार द्वारा की गई थी। केंद्र की मंजूरी के बाद होशंगाबाद को अब नर्मदापुरम के नाम से पहचाना जाएगा। नर्मदा नदी के दक्षिणी तट पर स्थित होशंगाबाद का नाम मालवा के पहले शासक होशंग शाह के नाम पर रखा गया था। इसी तरह शिवपुरी को कुंडेश्र्वर धाम के नाम से जाना जाएगा।

बाबई में जन्मे थे माखनलाल चतुर्वेदी : प्रसिद्ध पत्रकार और कवि माखनलाल चतुर्वेदी के नाम पर बाबई को माखन नगर के नाम से जाना जाएगा। माखनलाल चतुर्वेदी का जन्म बाबई में ही हुआ था। बाबई होशंगाबाद जिले का हिस्सा है और यह भोपाल से लगभग 80 किलोमीटर दूर है। अधिकारियों के अनुसार 2021 में शिवराज सिंह चौहान सरकार से प्रस्ताव मिले थे।

केंद्रीय गृह मंत्रालय से अनापत्ति जरूरी 

रेलवे स्टेशनों, गांवों, कस्बों और शहरों का नाम बदलने के लिए सरकारी दिशानिर्देशों के तहत, राज्य सरकार को केंद्रीय गृह मंत्रालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करना अनिवार्य है। एनओसी यह सुनिश्चित करती है कि जिले में रेलवे स्टेशन, हाई कोर्ट और विश्वविद्यालय सहित अन्य संस्थानों के नाम भी बदले जाएं। –

दृष्टिबाधित विश्व कप क्रिकेट के मुकाबलों की मेजबानी का तगड़ा दावेदार है मध्य प्रदेश : सोनू गोलकर

0

भोपाल। सोनू गोलकर मप्र प्रदेश दृष्टिबाधित टीम के कप्तान और भारतीय टीम के अहम सदस्य है, उन्होंने कहा कि तीसरे विश्वकप की मेजबानी भारत को मिली है, पिछली बार इंदौर को विश्वकप के एक मुकाबले की मेजबानी मिली थी, इस बार इंदौर के अलावा भोपाल भी दावेदार है। हमारी कौशिश होगी की मप्र के इन दोनों शहरों को कम से कम एक-एक मुकाबले खेले जाए। यह टूर्नामेंट नवंबर 2022 में खेला जाएगा।

मप्र टीम के कप्तान व क्रिकेट एसोसिएशन फॉर ब्लाइंड इन मध्यप्रदेश (सीएबीआई) के सचिव सोनू गोलकर ने बताया कि भारत ने पिछली बार 2017 में विश्वकप जीता था। उस समय इंदौर के होल्कर स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबला भी खेला गया था, भारत को जीत मिली थी। सोनू ने कहा कि मप्र ने पिछले माह भारत और बांग्लादेश के बीच टी-20 और वन-डे मैचों की सीरीज भोपाल में खेली गई थी। भोपाल और इंदौर दोनों शहरों में सर्वधुविधायुक्त मैदान है। इसलिए हमें अधिक से अधिक मैचों की मेजबानी का मौका मिल सकता है। हमारी कौशिश है कि भारत के मुकाबले ही मिले। अभी कार्यक्रम तय नहीं हुआ है। जल्दी ही इसकी घोषण की जाएगी।

सोनू है सीएबीआइ के फाउंडर सदस्य

35 वर्षीय सोनू गोलकर मध्य प्रदेश टीम के कप्तान और भारतीय टीम के अहम खिलाड;ी है, उन्होंने 2012 में बेंगलुरु में अपनी नौकरी छोड़कर मप्र लौटे थे। 2013 में अपने प्रयासों से क्रिकेट एसोसिएशन फॉर ब्लाइंड इन मध्यप्रदेश की स्थापना में अपना विशेष योगदान दिया था। 2015 में उन्हें भारतीय टीम में पहली बार खेलने का मौका मिला था। भारत ने 2017 में विश्व कप विजेता टीम के अहम सदस्य थे। सोनू ने कहा कि भारतीय टीम इस बार भी मजबूत है। सोनू वन-डे और टी 20 में 30 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके है।

पिछली बार भी 10 और इस बार भी 10 टीमें भाग लेंगी

वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट एसोसिएशन की 23वीं वार्षिक आम बैठक आज 29 जनवरी, 2022 को ऑनलाइन आयोजित की गई और 5 घंटे लंबी बैठक में 10 सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। डब्ल्यूबीसी के रेमंड मोक्सली महासचिव ने बैठक का संचालन किया था। इसमें वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट के अध्यक्ष सैयद सुल्तान शाह, सीएबीआई के अध्यक्ष डॉ महंतेश किवादासनवर मौजूद थे।

डीफ नेशनल जोन क्रिकेट चैंपियंनशिप भोपाल में 23 मार्च से

भोपाल। केएफसी-3 वन-डे नेशनल जोन क्रिकेट चैंपियंनशिप भोपाल में 23 से 27 मार्च तक आयोजित हो रही है। इंडियन डीफ क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में मध्यांचल क्रिकेट सोसायटी आफ द डीफ व भोपाल डीफ क्रिकेट एसोसिएशन के सहयोग से इस टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इसमें वेस्ट जोन, नार्थ जोन, साउथ जोन, ईस्ट जोन व सेंट्रल जोन की टीमें भाग ले रही है।

जल जीवन मिशन के लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद कर रहे सीएम शिवराज

0

भोपाल । मध्‍य प्रदेश में 46 लाख 11 हजार ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचाने की उपलब्धि पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद कर रहे हैं। इसके लिए कार्यक्रम कुशाभाऊ ठाकरे हाल में चल रहा है । संवाद के लिए उन 16 जिलों के एक-एक ग्राम को चुना गया है, जिनमें जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचाया गया है।

मुख्‍यमंत्री ने दोपहर तीन बजे कुशाभाऊ ठाकरे सभागार पहुंचकर दीप प्रज्‍ज्‍वलित कर “जल जीवन मिशन” में लाभान्वित ग्रामीण परिवारों से संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राज्य मंत्री – लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी बृजेंद्र सिंह यादव भी उनके साथ थे। मुख्यमंत्री भोपाल जिले के बिलखिरिया, सीहोर के सतपिपलिया, देवास के बरखेड़ा कायम, सागर के चकेरी, पन्ना के रायनगर, जबलपुर के नीमखेड़ा, मंडला के भंवरदा, सिवनी के मुनगापार, रीवा के जुड़मुनियां मुरली, नीमच के उम्मेदपुरा, अशोकनगर के सेहराई, छिंदवाड़ा के मऊ, अनूपपुर के हर्राटोला, उज्जैन के रणायरापीर, दमोह के सिमरीशुक्ला और निवाड़ी जिले के बवई ग्राम के लाभार्थियों से संवाद कर रहे है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के लाभार्थियों से संवाद करते हुए पूछा कि घर पर पानी आने से ग्रामीण महिलाओं की जिंदगी में क्या बदलाव आया है। प्रदेश में चार हजार 44 ग्रामों में हर घर पानी पहुंचाया जा चुका है।

सीएम श्री चौहान से संवाद के दौरान अनूपपुर जिले के ग्राम हर्राटोला जनपद पंचायत से ममता चंद्रवंशी ने बताया कि उनके गांव के हर घर में नल से जल पहुंच रहा है। इससे पहले उन्हें घर से दूर कुआं या हैंडपंप से पानी लेने जाना पड़ता था।

भोपाल के अचारपुरा इलाके में टाफी फैक्ट्री में आग, फायर ब्रिगेड बुझाने में जुटी

0

भोपाल। राजधानी के अचारपुरा इलाके में टॉफी फैक्ट्री में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लग गई। इससेे इलाके में हड़कंप मच गया। आग किस वजह से लगी, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है। सूचना मिलने पर गांधी नगर और फतेहगढ़ समेत अन्य जगहों से दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर भेजी गई। स्थानीय लोग भी आग बुझाने में जुटे हैं। पुलिस बल भी मौके पर पहुंच चुका है।

PM मोदी ने SP पर साधा निशाना, कहा – नकली समाजवादियों से रहें सावधान

0

यूपी विधानसभा चुनाव को बीजेपी बहुत गंभीरता से ले रही है। यहां की लड़ाई ना सिर्फ अपने गढ़ को बचाये रखने के लिए है, बल्कि भविष्य के लिए जनता के मूड भांपने का भी मौका है। इसलिए अपने पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी तरह से चुनाव प्रचार में उतर चुके हैं। पीएम मोदी ने आज जनचौपाल कार्यक्रम में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पांच जिले मेरठ, गाजियाबद, अलीगढ़, हापुड़ और नोएडा की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को वर्चुअल रैली के माध्यम से संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी थे। उन्होंने सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी को निशाना बनाया और जनता से फर्जी समाजवादियों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि ये फर्जी समाजवादी मौके की ताक में बैठे हैं और सत्ता मिलते ही फिर से पुरानी लूट-पाट की व्यवस्था कायम हो जाएगी।

पीएम मोदी के संबोधन की अहम बातें

    • आजादी के बाद यूपी ने अनेक चुनाव देखे हैं, अनेक सरकारें बनती-बिगड़ती देखी हैं। लेकिन ये चुनाव सबसे अलग है। ये चुनाव सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि की पहचान को बनाए रखने के लिए है। ये चुनाव हिस्ट्री शीटर्स को बाहर रखने और नई हिस्ट्री बनाने के लिए है।
    • मुझे खुशी है कि उत्तर प्रदेश के लोगों ने ये मन बना लिया है कि दंगाइयों, माफियाओं को पर्दे के पीछे रहकर के प्रदेश की सत्ता हथियाने नहीं देंगे।
    • 5 साल पहले तक ये माफियावादी केंद्र की योजनाओं का लाभ यूपी के गरीब, दलित, पिछड़े तक नहीं पहुंचने देते थे। केंद्र की योजनाओं में उनकी मनमानी नहीं चलती थी, भ्रष्टाचार नहीं चलता था इसलिए ये उन योजनाओं में ब्रेक लगाकर रखते थे।
    • ये मध्यम वर्ग की जेब पर डाका डालकर रियल एस्टेट माफिया को दे देंगे। नोएडा-गाजियाबाद के लोगों से बेहतर इन्हें कौन जानता है? राशन माफिया से लेकर कमीशन माफिया तक, ठेका माफिया से लेकर खनन माफिया तक, नकली समाजवादी, फिर पुराने अवतार में आने के लिए तैयार बैठे हैं।
    • अगर इन्हें मौका मिल गया तो किसानों को मिल रही हज़ारों करोड़ की मदद ये परिवारवादी नकली समाजवादी बंद करा देंगे। किसानों के बैंक अकाउंट में जो MSP का पैसा जा रहा है, ये नकली समाजवादी उसे रोक देंगे। कोरोना काल में जो मुफ्त राशन मिल रहा है, ये नकली समाजवादी आपको भूखा छोड़ेंगे।
    • आज यूपी में कोरोना वैक्सीन की पहली डोज शत-प्रतिशत लोगों को लग चुकी है. 70% से अधिक लोगों को दूसरी डोज भी लग चुकी है। ये यूपी के लोगों का, उन लोगों को करारा जवाब है, जो अफवाहें फैलाकर वैक्सीन पर question mark लगा देते थे।
    • 2017 से पहले जो सरकार थी, उसने एक्सप्रेसवे के नाम पर कैसी लूट मचाई, ये आप मुझसे ज़्यादा जानते हैं। योगी जी की सरकार में पूर्वांचल और दिल्ली-मेरठ एक्स्प्रेसवे पूरे हो चुके हैं। इन​का विकास कागजी था, ये सिद्ध हो चुका है कि ये समाजवादी भी सिर्फ और सिर्फ परिवारवादी हैं।