पेरिस : यूक्रेन (Ukraine) और रूस (Russia) के बीच तनाव और युद्ध की आशंकाओं को लगातार कम करने की कोशिशें हो रही हैं. फ्रांस (France) के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों (Emanuel Macron) इसमें अहम भूमिका निभा रहे हैं. रविवार को फ्रांस के राष्ट्रपति के आधिकारिक भवन (Elysee Palace) की ओर से एक बयान जारी कर बताया गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) मुलाकात के लिए तैयार हो गए हैं. बयान में कहा गया है कि बाइडेन और पुतिन, मैक्रों की ओर से प्रस्तावित किए गए शिखरवार्ता को लेकर तैयार हो गए है. मैक्रों ने अपने प्रस्ताव में यूरोप (Europe) में सुरक्षा और रणनीतिक स्थिरता पर चर्चा करने की बात रखी है. हालांकि, इस प्रस्ताव के साथ यह शर्त रखी गई है कि यह मुलाकात रूस के यूक्रेन पर हमला नहीं करनेे की सूरत में होगी.
इमैनुअल मैक्रों ने यूरोप की शांति और सुरक्षा के लिए पुतिन और बाइडेन से कई बार यूक्रेन की स्थिति को लेकर संपर्क किया था. पुतिन ने मैक्रों को भरोसा दिया था कि वो यूक्रेन पर हमला नहीं करेगा. जबकि अमेरिका की तरफ से चिंता जताई जा रही थी कि रूस कभी भी यूक्रेन पर हमला कर सकता है.
Elysee की ओर से रविवार को जारी किए गए एक बयान में कहा गया कि ‘राष्ट्रपति मैक्रों ने राष्ट्रपति बाइडेन, राष्ट्रपति पुतिन और यूक्रेन संकट से जुड़े सभी हितधारकों के बीच एक शिखरवार्ता कराने का प्रस्ताव दिया, जिससे यूरोप की सुरक्षा और रणनीतिक स्थिरता पर चर्चा की जा सके.’
इस बयान में बताया गया कि बाइडेन और पुतिन दोनों ने इस समिट के लिए हामी भर दी है. इस समिट की तैयारी के लिए 24 फरवरी को अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन और रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव मिल रहे हैं. इस दौरान शिखर वार्ता का मसौदा तैयार किया जाएगा. रूस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रां सभी पक्षों के साथ मिल कर यूक्रेन संकट पर की जा रही शिखर वार्ता के दौरान चर्चा के विषय तैयार करेंगे.
बाइडेन और पुतिन फ्रांस की कोशिशों के बाद आखिरकार मिलने को तैयार
शिवमोगा में बजरंग दल के कार्यकर्ता की हत्या, हिजाब के खिलाफ पोस्ट लिखने के कारण
शिवमोगा # हिजाब को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब स्थिति हिंसा तक पहुंच गई है। कर्नाटक के शिवमोगा में एक 23 साल के युवक की हत्या कर दी गई। इसके बाद यहां तनाव की स्थिति बनी हुई है और धारा 144 लागू है। जानकारी के मुताबिक युवक का नाम हर्ष था और वह बजरंगदल का कार्यकर्ता था। राज्य के गृह मंत्री अरागा जनेंद्र ने जिले के स्कूल एवं कॉलेजों को अगले दो दिनों के लिए बंद करने का आदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि 4 से 5 युवकों ने हर्ष की हत्या की है। अब तक इस घटना के पीछे किसी संगठन का नाम सामने नहीं आया है। फिलहाल शिवमोगा जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति कंट्रोल में है। हालांकि कुछ लोगों ने इस घटना के विरोध में प्रदर्शन किया है। जिले के सीगेहट्टी इलाके में कई लोगों ने कुछ वाहनों में आग लगा दी, जिन्हें बुझाने का काम जारी है। इस घटना ने हिजाब विवाद से पहले ही बढ़े राज्य के राजनीतिक पारे को और चढ़ा दिया है।
युवक ने हिजाब के विरोध में लिखी थी सोशल मीडिया पोस्ट
पुलिस के मुताबिक रविवार रात करीब 9 बजे युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। इसके बाद तनाव बढ़ गया। शिवमोगा शहर के कई इलाकों में उपद्रव हुए और गाड़ियों में आग लगा दी गई। पुलिस हिजाब विवाद से इस मामले को जोड़कर इसलिए देख रही है क्योंकि युवक ने कुछ दिन पहले ही फेसबुक पर इससे संबंधित एक पोस्ट लिखी थी। इस पोस्ट में उसने हिजाब का विरोध किया था और भगवा गमछे का समर्थन किया था। हालांकि पुलिस ने इस मामले में कोई बयान नहीं दिया है।
हिजाब का विरोध कर रहा बजरंग दल
बता दें कि कर्नाटक के उडुपी के कॉलेज से शुरू हुआ विवाद अब अंतरराष्ट्रीय आकार ले चुका है। वहीं कर्नाटक के कोपा में स्कारी स्कूल में छात्रों ने भगवा गमछा लेकर हिजाब का विरोध किया था। बताया गया कि स्कूल प्रशासन ने ही भगवा पहनने की अनुमति दी थी। बजरंगदल इस मामले में काफी ऐक्टिव है। बजरंग दल के कर्नाटक संयोजक सुनील केआर ने इसे जिहाद बताया था। वहीं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह प्रदर्शन भी किए।
बॉलिवुड तक भी पहुंची हिजाब विवाद की आंच
हिजाब विवाद पहले तो सियासत में पहुंचा और अब इसकी एंट्री बॉलिवुड में भी हो चुकी है। पूर्व अभिनेत्री जायरा वसीम ने इसको लेकर इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया और हिजाब का समर्थन किया। उन्होंने लिखा कि यह केवल शौक नहीं है बल्कि अल्लाह के द्वारा दिया गया दायित्व है जिसे लोगों को निभाना है। जायरा ने कहा, मैं भी एक महिला हूं और हिजाब पहनती हूं। किसी की धार्मिक परंपराओं पर प्रतिबंध नहीं लगाया जा सकता।
टीम इंडिया ने वनडे के बाद T20 सीरीज में किया वेस्टइंडीज का क्लीन स्वीप
भारत ने वेस्टइंडीज को तीन मैचों की टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप कर दिया है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेले गए तीसरे मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को 17 रन से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार के तूफानी अर्धशतक की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 184 रन बनाए हैं। इसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 167 रन ही बना सकी। वेस्टइंडीज की ओर से निकोलस पूरन ने सर्वाधिक 61 रन बनाए। भारत की ओर से हर्षल पटेल ने तीन विकेट, जबकि चाहर, वेंकटेश और ठाकुर ने 2-2 विकेट लिए।
भारत की ओर से सर्वाधिक सूर्यकुमार यादव (65) रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत की शुरुआत खराब रही। रुतुराज चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जिसके बाद ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने दूसरे विकेट के लिए 36 गेंद में 53 रन की साझेदारी की। अय्यर 25 रन बनाकर आउट हुए। वहीं ईशान किशन तेज शुरुआत के बावजूद 31 गेंद में 34 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान रोहित 15 गेंद में 7 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
भारत ने ये मैच जीतकर वेस्ट इंडीज को पूरे दौरे में क्लीन स्वीप कर दिया है और इस तरह की यह उसकी दूसरी उपलब्धि है। इससे पहले 2017 में विराट कोहली के नेतृत्व में भारतीय टीम ने श्रीलंका दौरे पर तीनों प्रारूपों (टेस्ट, वनडे, टी-20) में मेजबान श्रीलंका को 9-0 से क्लीन स्वीप किया था। उसके अलावा पाकिस्तान और न्यूजीलैंड ने दो-दो, जबकि ऑस्ट्रेलिया और वेस्ट इंडीज ने एक-एक बार ऐसा किया है।
महाशिवरात्रि विशेष- गले में सर्प क्यों धारण करते हैं भगवान शिव?
महाशिवरात्रि का पावन पर्व 01 मार्च 2022 को है. इस दिन भगवान शिव (Lord Shiva) की पूजा की जाती है. महाशिवरात्रि के अवसर पर रुद्राभिषेक भी होता है, जिससे मनोवांछित फल प्राप्त होता है. महाशिवरात्रि को सुबह से ही शिव मंदिरों में घंटे बजने लगते हैं, शिव चालीसा, शिव जी की आरती और शिव मंत्रों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठता है. पंचांग के आधार पर महाशिवरात्रि हर फाल्गुन माह (Phalguna Month) के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि (Chaturdashi Tithi) को मनाई जाती है. महाशिवरात्रि आने वाली है, उसे देखते हुए आज हम आपको भगवान शिव से जुड़ी एक रोचक बात बता रहे हैं. भगवान शिव अपने गले में सर्प क्यों धारण करते हैं?
शिव के सर्प धारण करने का रहस्य
आपने महादेव के चित्रों को देखा होगा, उसमें भगवान शिव के गले में सर्प की माला है. आखिर भगवान भोलेनाथ सर्प की माला क्यों धारण करते हैं. इसको जानने के लिए आपको नागराज वासुकी के बारे में जानना होगा. नागराज वासुकी नाग लोक के राजा हैं और वे भगवान शिव के परम भक्त हैं. उनकी भक्ती से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उनको दर्शन दिए और उनसे कोई वरदान मांगने को कहा.
तब नागराज वासुकी ने कहा कि हे प्रभु! आपकी भक्ति के सिवाय कुछ भी नहीं चाहिए. अगर कुछ देना ही है, तो आप मुझे अपने सामिप्य में ले लें. उनकी भक्ति से प्रसन्न हो, महादेव ने उनको अपने गणों में शामिल कर लिया.
वही नागराज वासुकी भगवान शिव के गले में हार बनकर स्वयं को गर्वांन्वित महसूस करते हैं और भगवान शिव की शोभा बढ़ाते हैं. भगवान शिव के उस वरदान के कारण उनके गले में नागराज वासुकी सदैव लिपटे रहते हैं.
इसका दूसरा भाव यह भी है कि भगवान शिव ही आदि हैं और अंत भी. वे गुणों से परे हैं. उनके समान कोई और नहीं क्योंकि वे महादेव हैं, वे ही महाकाल हैं. उन्होंने अच्छा, बुरा, गुण, अवगुण, विष, अमृत सब पर विजय प्राप्त कर ली है. वे निर्गुण हैं.
वे बताते हैं कि जो गुण, अवगुण, सम और विषम परिस्थितियों के बीच भी संतुलन स्थापित करके अपने अस्तित्व को बनाए रखता है, वही सर्वशक्तिमान है. वही ब्रह्म हैं, वही शिव हैं.
आज के औरंगजेब हैं अखिलेश यादव -सीएम शिवराज सिंह चौहान
भोपाल, देवरिया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को उत्तर प्रदेश के देवरिया में चुनावी जनसभा में समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव आज के औरंगजेब हैं, जो अपने बाप का नहीं हुआ, वह आपका क्या होगा। सीएम शिवराज ने कहा, यह मैं नहीं कह रहा, यह नेताजी मुलायम सिंह यादव ने कहा था। औरंगजेब ने भी यही किया था। अपने बाप शाहजहां को जेल में बंद कर दिया। भाइयों का कत्ल किया। मुलायम सिंह यादव ने कहा था कि आज तक दुनिया में इतना अपमान किसी ने नहीं किया, जितना बेटे अखिलेश यादव ने किया। सीएम शिवराज देवरिया के श्रीनारायण प्रसाद शाही इंटर कालेज बरियारपुर के मैदान में रामपुर कारखाना से भाजपा प्रत्याशी सुरेन्द्र चौरसिया के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
अखिलेश के बाबा वाले बयान पर किया कटाक्ष
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर दिए जा रहे अखिलेश यादव के बाबा वाले बयान पर कटाक्ष किया। कहा कि अखिलेश जी क्या आप ‘बाबा’ मतलब जानते हैं। मैं बताता हूं। बी मतलब ब्रेव यानी निडर, बाहुबलियों का अंत करने वाला, ए माने एक्टिव यानी सक्रिय-दिनरात जनसेवा में समर्पित, बी मानें ब्रिलिएंट यानी कुशाग्र बुद्धि-फटाफट फैसले लेने वाला, ए माने एटेंटिव यानी सतर्क-जनता के रखवाले। यूपी में योगी ही उपयोगी हैं।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थी। ये रामभक्तों के हत्यारे हैं, इनके हाथ खून से रंगे हैं। इनकी सरकार में दंगे हुए। अत्याचार था, अन्याय था, तमाम लोगों की जान गई। आज देश-प्रदेश का कल्याण मोदी और योगी कर रहे हैं। योगी ने यूपी में आतंक का सर्वनाश किया। गुंडों को जेल भेजा या बिल में घुसा दिया। जनता के हित का शोषण करने वाले पनाह मांग रहे हैं।
सीएम शिवराज ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार में घोटाले हुए। मां-बहनों का सम्मान नहीं था। वह यूपी का भला कभी नहीं कर सकते। सपा का मतलब सारा परिवार। पूरी खानदान पदों पर बैठी है। उन्होंने जनता से पूछा-बताओ यह यूपी को खा गए कि नहीं। यह परिवारवादी लोग यूपी की सेवा कर सकते हैं क्या? मैं सवाल करता हूं। वह बताएं कि अहमदाबाद बम ब्लास्ट में शामिल आतंकी मो. सैफ से क़्या संबंध है। 2012 में दर्ज आतंकी मामलों को क्यों वापस लिया। सपा की सरकार बनने पर लखनऊ व अयोध्या में दंगाइयों को क्यों रिहा किया गया। रामपुर स्थित सीआरपीएफ कैंप पर आतंकी हमला करने वालों को क्यों संरक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि मोदी व योगी की जोड़ी भगवान की कृपा से मिलती है।
भगवान श्री कृष्ण ने गीता में कहा है कि जब-जब अधर्म बढ़ेगा, पाप बढेगा, अन्याय व अत्याचार बढ़ेगा। तब-तब धर्म की रक्षा व अधर्म के नाश के लिए धरती पर जन्म लूंगा, आऊंगा। इसलिए मोदी व योगी आए। मोदी के नेतृत्व में गौरवशाली, संपन्न, शक्तिशाली व अद्भुत भारत का निर्माण हो रहा है। पांच साल में यूपी में विकास की गंगा बही। 25 से अधिक मेडिकल कालेज, गोरखपुर में एम्स, दस विश्वविद्यालय, 51 महाविद्यालय व अन्य कालेज खोले गए। कांग्रेस के शासनकाल में भारत की पहचान भ्रष्टाचार, अन्याय, अत्याचारी की रही। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री अरविन्द मेनन, राज्य सभा सदस्य जयप्रकाश निषाद, जिलाध्यक्ष अंतर्यामी सिंह, जिलाप्रभारी सुनील गुप्ता, प्रत्याशी सुरेन्द्र चौरसिया, विशंभर मिश्र, गंगा कुशवाहा, शशांक मणि त्रिपाठी, राजेंद्र मल्ल, उपेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।
फ्लाप फिल्मों के डायरेक्टर हैं अखिलेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां-जहां पांव पड़े अखिलेश के, तहां-तहां बंटाधार। वह फ्लाप फिल्मों के डायरेक्टर हैं। राहुल से समझौता किया तो जनता ने सबक सिखाया। फिर बुआ-बबुआ साथ आए तो बुआ ऐसी भागीं कि पलट कर अखिलेश को देखा तक नहीं। अब अखिलेश ने जयंत चौधरी को पकड़ा है। दो लड़के दोनों कड़के। जयंत चौधरी की फिल्म चलने से पहले ही पिट गई। सपा, बसपा व कांग्रेस एक-दूसरे के पीछे पड़ी है।
भोजपुरी में बोले, मामा का जोड़ा रिश्ता
सीएम शिवराज ने अपनी बात भोजपुरी में शुरू की। उन्होंने कहा कि रउवा सबही लोगन के राम-राम करत बानी। उप्र की धरती पर रउआ सबे के बीच आवे के सौभाग्य मिलल वा। हम मध्य प्रदेश के मामा बानी त रउवा लोगन के भी मामा बानी। हम मध्य प्रदेश से खाली हाथ नइखी आइल, आठ करोड़ मध्य प्रदेश के लोगन के शुभकामना लेकर आइल बानी कि रउवा सब के बढ़न्ती होखे, कल्याण होखे। ई तबे संभव बा, जब मोदी जी के देश में और योगी जी क प्रदेश में सरकार रही। इस क्षेत्र की भटनी चीनी मिल चलेगी या नई चीनी मिल स्थापित होगी।
इस दिन लॉन्च होगा Vivo V23e स्मार्टफोन, मिलेगी दमदार बैटरी
स्मार्टफोन निर्माता कंपनी वीवो सोमवार, 21 फरवरी को अपना V23e फोन पेश कर रही है। यह मोबाइल थाईलैंड में लॉन्च हो चुका है। अब फोन भारतीय मार्केट में अपनी जगह बनाने को तैयार है। अगर आप नया फोन खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो आपके लिए गुड न्यूज है। दरअसल लॉन्च से पहले ही Vivo V23e की कीमत लीक हो चुकी है। कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट पर फोन के डिजाइन और फीचर्स का हिंट दिया गया है। फोन में मीडियाटेक डाइमेंसिटी 810 चिपसेट, 8जीबी रैम और 4060mAh की बैटरी है।
कितनी होगी Vivo V23e की कीमत
Vivo V23e 8जीबी रैम और 128जीबी स्टोरेज मॉडल की कीमत 28,990 रुपए होगी। स्मार्टफोन 21 फरवरी को दोपहर 12 बजे लॉन्च होगा। लॉन्च इवेंट को वीवो के यूट्यूब चैनल पर लाइव देखा जा सकता है। Vivo V23e सनशाइन गोल्ड और मिडनाइट ब्लू कलर ऑप्शन में आएगा।
Vivo V23e स्पेसिफिकेशन
Vivo V23e में 2400*1080 पिक्सल रेजोल्यूशन के साथ 6.44 इंच FHD+AMOLED 60Hz वाटरड्रॉप नॉच डिस्प्ले है। फोन मीडियाटेक डाइमेंसिटी 810 चिपसेट से लैस है। जिसमें माली-जी 57 एमसी 2 जीपीयू है। वीवो V23e में 8जीबी रैम और 128जीबी स्टोरेज है। जिसे माइक्रोएसडी कार्ड से बढ़ाया जा सकता है। यह एंड्रॉइड 11 को सपोर्ट करता है। फोन के पीछे ट्रिपल कैमरा सेटअप है। जिसमें 50MP f/1.8 प्राइमरी कैमरा, 8MP F/2.2 अल्ट्रावाइड लेंस और 2MP F/2.4 सेंसर है। इसके फ्रंट में 44 मेगापिक्सल कैमरा है। स्मार्टफोन में 4050एमएच की बैटरी है, जो 44W फास्ट चार्जिंग के साथ आता है। फोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट स्कैनर है। कनेक्टिविटी में 5जी, 4जी LTE, ब्लूटूथ 5.1, डुअल बैंड वाई-फाई और यूएसबी टाइप-सी पोर्ट हैं।
महिला की हत्या के आरोपित को पकड़ने की मांग लेकर शाजापुर जिले में हाइवे पर लगाया जाम
शाजापुर-मक्सी। शाजापुर जिला मुख्यालय से करीब 16 किलोमीटर दूर ग्राम रोजवाल जोड के टोल नाका पर रविवार को खासा हंगामा हुआ। ग्रामीणों ने एक महिला के शव को हाइवे पर रखकर प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे व ग्रामीणों को समझाइश दी। हालांकि शाम पांच बजे बाद भी जाम जारी रहा। इसके चलते हाइवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम लगने से यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उज्जैन जिले के तराना थाना के ग्राम कनार्दी में एक दलित समाज की महिला की भगवती बाई का सिर कुचला शव घर के समीप से मिला। इसके बाद मौके पर पुलिस ने पहुंचकर कागजी कार्रवाई कर शव का पीएम कराया। पीएम के पश्चात अंतिम संस्कार होना था। लेकिन ग्रामीणजन दोपहर को अंतिम संस्कार ना करते हुए आरोपितों को तलाशकर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। ग्रामीण समीप स्थित रोजवास जोड टोल नाका के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 52 पर शव को रखकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। बीच मार्ग पर हो रहे प्रदर्शन से हाइवे पर जाम की स्थिति बन गई।
शाम 5 बजे तक लगा रहा हाइवे पर जाम
देखते ही देखते राजमार्ग के दोनों और सैंकड़ों वाहनों की कतार लग गई। मौके पर एएसपी टीएस बघेल, एसडीओपी दीपा डोडवे, तराना एसडीएम एकता जायसवाल पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी ने ग्रामीणों को समझाईश दी। लेकिन ग्रामीण समझने को तैयार नहीं थे। शाम पांच बजे पश्चात भी करीब जाम की स्थिति रही।
महिला को तलाशते रहे परिजन व ग्रामीण
महिला रात में घर पर नहीं थी। परिजनों को लगा कि भगवती बाई ग्राम में ही कहीं गई होगी। लेकिन जब वह काफी देर तक नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश की। काफी तलाश करने के बाद अल सुबह घर से कुछ दूरी पर महिला का शव मिला।
बैतूल मे पार्टी करने के नाम पर ग्रामीणों को बुलाकर मतांतरण के लिए उकसाया, चार गिरफ्तार
बैतूल। जिले की भैंसदेही तहसील के आदिवासी बहुल ग्राम उदामा में मतांतरण का प्रयास करने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत के बाद चार लोगों पर मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। इस मामले को लेकर हिंदू संगठनों में नाराजगी पनप रही है। दरअसल शनिवार को उदामा ग्राम में बैतूल एवं महाराष्ट्र से आये मिशनरी से जुड़े कुछ लोगों द्वारा ग्रामीणों को मतांतरण के लिए प्रेरित करने की सूचना मिली थी। इसकी भनक लगते ही सांवलमेंढा एवं कोथलकुंड से हिन्दु संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचे और भैंसदेही पुलिस को सूचित किया। गांव में बकरा पार्टी की आड़ में लगभग एक सैकड़ा ग्रामीणों को एकत्रित कर मतांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा था। मौके पर पहुंची भैंसदेही पुलिस ने धार्मिक साहित्य जप्त कर सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद चार आरोपित सायबू इवने निवासी उदामा, विजय जाधव निवासी कोठारा थाना परतवाड़ा, रूथ जाधव निवासी कोठारा थाना परतवाड़ा एवं डेनी पाउल निवासी बैतूल के खिलाफ धारा 295 ए के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। बाकी तीन को पूछताछ के बाद छोड़ दिया।
खेत में पार्टी के लिए ग्रामीणों को एकत्र किया था
सांवलमेंढा से लगभग 15 किमी दूर उदामा ग्राम में सायबू इवने के खेत में बाकायदा पंडाल लगाकर बकरा पार्टी की आड़ में उदामा सहित आसपास के लगभग एक सैकड़ा ग्रामीणों को बैतूल एवं महाराष्ट्र से आये मिशनरी के लोगों ने एकत्रित किया था। सूचना मिलने पर सांवलमेंढा एवं कोथलकुंड के रोशन सोनी, अजीत त्रिवेणी, चमन संगमनेरकर, महेन्द्र सिंह ठाकुर, गोकुल पन्द्राम सहित हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। पंडाल में धार्मिक साहित्य, कैलेण्डर पर्चे एवं प्रपत्र देखकर मतांतरण के प्रयास का मामला स्पष्ट होने पर हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मिशनरी के लोगों से पूछताछ की। संतोषजनक जवाब न मिलने पर भैंसदेही पुलिस को सूचना दी।
धार्मिक साहित्य जब्त
मौके पर पहुंची भैंसदेही पुलिस ने वहां मौजूद मिशनरी के लोगों सहित ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस ने पंडाल से से कुछ धार्मिक साहित्य, कैलेण्डर, पर्चे प्रपत्र जब्त किए। खेत मालिक सायबू इवने निवासी उदामा, बैतूल निवासी डैनी पाल, लखन पंवार, शारिक खान, रोहब खान तथा परतवाड़ा निवासी महिला पुरुष को पकड़कर थाने लाया गया। शनिवार देर शाम पूछताछ के बाद चार लोगों पर मामला दर्ज कर लिया गया। भैंसदेही थाना प्रभारी तरन्नुम खान ने बताया कि मतांतरण के लिए प्रेरित करने के मामले में चार लोगों पर मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। उल्लेखनीय है कि भैंसदेही थाना क्षेत्र के ग्राम गदराझिरी में कुछ माह पहले मतांतरण का मामला सामने आया था। ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस ने तीन लोगों पर मामला दर्ज किया था।
सफाई के काम में बाधा डालने वाले और गंदगी फैलाने वालों को दे देनी चाहिए फांसी – रीवा सांसद
रीवा। अपने विवादित बयान को लेकर मशहूर रीवा सांसद एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। उन्होंने एक बार फिर विवादास्पद बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार और स्वच्छता के काम में बाधा डालने वालों को फांसी दे देनी चाहिए। ऐसे लोगों को जिंदा रहने को अधिकार नहीं है। सांसद गत शनिवार को इंदौर में गोबर धन सीएनजी प्लांट के वर्चुअल कार्यक्रम के बाद रीवा नगर निगम के पीएम आवास के हितग्राहियों को मकानों की चाबी वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास की चाबी सौंपते हुए मिश्रा ने कहा कि अकेले नगर निगम, सरकार, सांसद या विधायक के भरोसे स्वच्छता नहीं हो सकती। कुछ दिन पहले रीवा में डस्टबिन जला दिए गए। यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है।
कुछ भी कर सकते हैं रीवा सांसद: कांग्रेस पार्टी के शहर अध्यक्ष गुरमीत सिंह मंगू ने कहा कि वर्तमान में रीवा सांसद के बयान पर चर्चा नहीं करनी चाहिए क्योंकि वह अपने बयान में कुछ भी कर सकते हैं जब भ्रष्टाचार को जायज मांग सकते हैं दाढ़ी से आवास झरने की बात कर सकते हैं तो फांसी देने की बात तो उनके लिए सहज एवं आम है।
15 लाख रुपए के भ्रष्टाचार को बताया था जायज: दो महीने पहले प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की मीडिया कार्यशाला में सांसद ने भ्रष्टाचार पर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि सरपंच चुनाव लड़ने के लिए सात लाख खर्च करता है तो वह 15 लाख तक भ्रष्टाचार करे यह गलत नहीं है।
नवंबर 2021 में कहा था कि पीएम आवास पीएम मोदी की दाढ़ी से निकलते हैं। मोदी की दाढ़ी में घर ही घर हैं। एक बार हिलाते तो 50 लाख, दूसरी बार मटकाते हैं तो एक करोड़। जितनी बार हिलाएंगे घर मिलेंगे। इसलिए आप लोग मोदी की दाढ़ी देखो, जब देखना बंद कर दोगे आवास मिलने भी बंद हो जाएंगे। जब तक मोदी की दाढ़ी रहेगी, आवास मिलता रहेगा। मोदी की दाढ़ी अमर है और तुम्हारे आवास भी अमर हो जाएंगे। इसलिए मोदी की दाढ़ी देखते रहो और आवास पाते रहो।
आचार्यश्री के दर्शनों के लिए कुंडलपुर में उमड़ा भक्तों का सैलाब
18 क्षुल्लक दीक्षा, 176 बालिकाओं ने लिया ब्रह्मचर्य व्रत
आचार्यश्री ने छह मुनियों को निर्यापक बनाया
– चारों ओर से सोने की बारिस….आचार्यश्री के पाद पाद प्रच्छालन में आया 35 किलो सोना
– दो लाख से अधिक लोगों ने किये बड़े बाबा और आचार्यश्री के दर्शन
रवीन्द्र जैन/कुंडलपुर (दमोह)। मप्र के सबसे पवित्र दिगम्बर जैन तीर्थ कुंडलपुर में रविवार को उस समय नया इतिहास रच गया, जब 18 युवा ब्रह्मचारियों ने आचार्यश्री से क्षुल्लक दीक्षा लेकर घर का त्याग कर दिया। 176 युवतियों ने भी भगवान आदिनाथ की पुत्री ब्राह्मी और सुन्दरी बनकर आचार्यश्री से अजीवन ब्रह्मचर्य व्रत लेकर संयम के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। आचार्यश्री ने आज अपने छह शिष्यों को निर्यापक मुनि बनाकर उनके पृथक संघ बनाने की घोषणा भी की। महोत्सव में आज तप कल्याणक के दिन दो लाख से अधिक लोग पहुंचे।
धार्मिक अनुष्ठान, आदिकुमार को हुआ वैराग्य, आचार्यश्री ने दी दीक्षा
पंचकल्याणक महोत्सव में सुबह 6 बजे से ही प्रतिष्ठाचार्य विनय भैया के निर्देशन में धार्मिक अनुष्ठान शुरु हुआ। सुबह अभिषेक, शांतिधारा के साथ नित्य पूजन किया गया। इसके बाद आचार्यश्री की पूजन हुई। आचार्यश्री ने संक्षिप्त प्रवचन में कहा कि महोत्सव में बड़ी संख्या में लोग आये हैं। यहां बड़ी संख्या में देवगण भी बैठे हैं। यह देव अपनी विक्रिया ऋद्धि से ऐसी व्यवस्था करेंगे कि महोत्सव में सभी लोग समां जाएंगे।
छह निर्यापक मुनियों की घोषणा
आचार्यश्री ने दोपहर की सभा में छह मुनियों श्री समतासागर जी महाराज, श्री प्रशांतसागर जी महाराज, श्री प्रसादसागर जी महाराज, श्री अभयसागर जी महाराज, श्री संभवसागर जी महाराज, श्री वीरसागर जी महाराज को निर्यापक मुनि बनाते हुए इनके पृथक संघ बनाते हुए कहा कि यह सभी मुनि महाराज अपने अपने संघ का ठीक से संचालन करेंगे।
18 क्षुल्लक दीक्षायें
आचार्यश्री ने आज 18 युवा ब्रह्मचारियों को क्षुल्लक दीक्षा दी। पहली बार आचार्यश्री ने दीक्षा के मंत्र पढे और निर्यापक मुनिश्री समयसागर जी महाराज, मुनिश्री योगसागर जी महाराज, मुनिश्री सुधासागर जी महाराज ने दीक्षा के संस्कार किये। क्षुल्लक दीक्षा लेने वालों में ब्रह्मचारी राहुल भैया सागर, राजेश भैया सागर, भूपेन्द्र भैया ललितपुर, सुमित भैया गुना, मयूर भैया विदिशा, ईश्वरदास भैया महाराजपुर, सचिन भैया मुंगावली, मानस भैया इंदौर, सचिन भैया पुसद महाराष्ट्र, प्रांसुल जैन सतना, अविचल भैया गुना, राजा भैया खिमलासा, अमित भैया ललितपुर, मयूर भैया सुर्खी, अर्पित भैया फिरोजाबाद, चंदन भैया फिरोजपुर पंजाब, कार्तिक भैया दमोह, सौरभ भैया सागर शामिल हैं।
महोत्सव में सोना बरसा
तप कल्याणक के अवसर पर दिल्ली से आए दो व्यापारियों ने दो किलो सोना भेंट कर आचार्यश्री के पाद प्रच्छालन किये। इन दोनों व्यापारियों ने कल आचार्यश्री आहार कराने की खुशी में सवा नौ, सवा नौ किलो सोना कुंडलपुर के बड़े बाबा के मंदिर के शिखर के लिये भेंट किया। मंच संचालक अमित पडरिया ने शिखर पर 101 किलो चढ़ाने की बात कही तो पूरे पांडाल में चारों ओर से सोने की वर्षा होने लगी। सैकड़ों महिलाओं ने अपने गहने उतारकर बड़े बाबा के शिखर के लिये समर्पित कर दिये। बताया जाता है कि कल से आज तक लगभग 35 किलो एकत्रित हो चूका है।
176 बालिकाओं ने लिया ब्रह्मचर्य व्रत
कुंडलपुर में आज उस समय इतिहास रच गया जब एक साथ 176 बालिकाओं ने आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज से अजीव ब्रह्मचर्य व्रत धारण कर मोक्ष मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। यह सभी बहनें उच्च शिक्षा प्राप्त हैं। इनमें से कई बहनों को पास तीन तीन चार चार डिग्रियां भी हैं। आचार्यश्री से व्रत लेने के बाद अब यह बहनें आर्यिका श्री आदर्शमति माता जी के संघ में रहकर प्रतिभा स्थली में शिक्षण कार्य करेंगीं। संभवतः यह सैकड़ों वर्षों बाद सुनने में आया है कि एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में बहनों ने ब्रह्मचर्य व्रत लिया हो।





