Home Blog Page 126

PM मोदी से पंजाब के CM भगवंत मान ने की मुलाकात

0

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने पीएम मोदी से मुलाकात की। उनके पीएम के साथ बैठक के बाद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से मुलाकात करने की संभावना है। मान के मुख्‍यमंत्री बनने के बाद यह उनकी दोनों नेताओं से पहली मुलाकात है। मान की पीएम मोदी व अमित शाह से यह शिष्‍टाचार मुलाकात रही। सीएम मान आज प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करके रूरल डेवलपमेंट फंड के केन्द्र सरकार द्वारा रोके गए 1082 करोड़ रुपए सहित कई अन्य मुद्दे उठाएंगे। पीएम और केंद्रीय गृहमंत्री से मिलने के बाद भगवंत मान दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री और आप के कन्‍वीनर अरविंद केजरीवाल से मुलाकात करेंगे।

करवाया था कोरोना टेस्‍ट

प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात से पहले प्रोटोकाल के तहत मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपना कोरोना टेस्ट करवाया था। उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। भगवंत मान की प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ दोपहर बाद मुलाकात होनी है। बतौर सांसद भले ही भगवंत मान प्रधानमंत्री से लोकसभा में मिलते रहते हों लेकिन मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी पीएम से यह पहली मुलाकात होगी।

मध्य प्रदेश का गेहूं पूरी दुनिया में होगा एक्सपोर्ट – सीएम शिवराज

0

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज दिल्ली में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के साथ मुलाकात की। सीएम शिवराज ने कहा कि मध्य प्रदेश गेहूं के उत्पादन का अब केंद्र है। पिछले दो वर्षों से हम लगभग 1.29 करोड़ मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन कर रहे हैं। मध्य प्रदेश के गेहूं की गुणवत्ता बहुत अच्छी है। मध्य प्रदेश के शरबती गेहूं को गोल्डन ग्रेन कहा जाता है।

दिल्ली में गेहूं निर्यातकों के साथ बैठक के बाद सीएम शिवराज ने कई अहम फैसले लिए हैं। मध्य प्रदेश में गेहूं के भंडार प्रदेश की ताकत है, इसे पूरी दुनिया में एक्सपोर्ट करेंगे। प्रदेश का जो गेहूं एक्सपोर्ट किया जाएगा उस पर मंडी टैक्स नहीं लगाया जाएगा। भोपाल में एक्सपोर्ट सेल के जरिए निर्यातकों को हर सुविधा उपलब्ध कराएंगे। प्रदेश में एक लाइसेंस पर कोई भी कंपनी या व्यापारी कहीं से गेहूं खरीद सकता है। सीएम ने कहा कि मंडी में आनलाइन नीलामी की प्रकिया उपलब्ध है, एक्सपोर्टर किसी स्थानीय व्यक्ति से पंजीयन करवा कर गेहूं खरीद सकते हैं। गेहूं की वैल्यू एडिशन और गुणवत्ता प्रमाणीकरण के लिए प्रदेश की प्रमुख मंडियों में इंफ्रास्ट्रक्चर, लैब की सुविधाएं निर्यातकों को उपलब्ध करवाई जाएगी।

मध्य प्रदेश के किसानों को होगा फायदा

सीएम शिवराज ने कहा कि प्रमुख मंडियों में एक्सपोर्ट हाउस के लिए यदि निर्यातकों को जगह की जरुरत होगी तो अस्थाई तौर पर रियायती दरों पर मुहैया करवाएंगे। निर्यातक को गेहूं की ग्रेडिंग करना पड़ी तो इसके खर्च की प्रतिपूर्ति की जाएगी। रेलवे ने भरोसा दिया है कि रैक की कोई दिक्कत नहीं आएगी। निर्यातक किसी भी पोर्ट से अपना निर्यात कर सकते हैं, इन फैसलों से निर्यात बढ़ेगा और मध्य प्रदेश के किसानों को फायदा होगा। इस बार भी सरकार की कृषि नीतियों और प्रदेश के किसानों की मेहनत के बल पर बंपर फसल आ रही है।

31 मार्च 2022 से सभी कोरोना पाबंदियां हटेंगी, लेकिन लगाना होगा मास्क

0

कोरोना के खिलाफ जारी जंग में आम जनता के लिए अच्छी खबर है। 2 साल बाद सरकार ने आपदा प्रबंधन अधिनियम (Disaster Management Act) हटा लिया है। 31 मार्च 2022 से इस एक्ट के तहत लगाई गई सभी पाबंदियां हटा ली जाएंगी। हालांकि मास्क लगाने, शारीरिक दूसरी का पालन करने और सैनेटाइजर का इस्तेमाल करते रहना होगा। केंद्र सरकार ने अपने इस फैसले के बारे में राज्यों को जानकारी दे दी है। ये पाबंदियां हटाना इस बात का संकेत है कि देश में कोरोना की तीसरी लहर पूरी तरह खत्म हो रही है। अभी देश में केवल 23,913 एक्टिव केस रह गए हैं और पॉजिटिविटी रेट 0.28 फीसदी रह गया है।

केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने एक आदेश में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोविड रोकथाम उपायों के लिए डीएमए अधिनियम 2005 (Disaster Management Act) के तहत जारी सभी दिशानिर्देश वापस लेने पर की बात कही है।

आदेश में कहा गया है, ‘राज्य/केंद्र शासित प्रदेश ऐसे एसओपी/सलाह का पालन करना जारी रख सकते हैं जो समय-समय पर एमओएचएफडब्ल्यू द्वारा कोविड रोकथाम उपायों, टीकाकरण और अन्य संबंधित पहलुओं के लिए जारी किए जा रहे हैं।’

भारत में लगातार कमजोर पड़ रही तीसरी लहर

भारत में दैनिक कोविड मामलों में निरंतर गिरावट देखी जा रही है। सकारात्मकता दर 0.5% से नीचे आ चुकी है। बुधवार को भारत में कोरोना के 1,778 नए केस दर्ज हुए और 62 मरीजों की मौत हुई। अब देश में करीब 23,000 सक्रिया मरीज हैं। इनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है या कोरोना पॉजिटिव आने के बाद इन्हें आइसोलेशन में रखा गया है। भारत में जहां कोरोना की तीसरी लहर कमजोर पड़ रही है, वहीं यूरोप और चीन में एक और उछाल देखा गया है। चीन के कुछ शहरों में तो नए सिरे से लॉकडाउन लगाया गया है। यही कारण है कि भारत में लोगों से बेसिक कोरोना नियमों का पालन करने के लिए कहा जा रहा है।

रणवीर सिंह Yashraj Films की ‘जयेशभाई जोरदार’ में सुपरहीरो का किरदार निभाएंगे

0

रणवीर सिंह ने 83 फिल्म में कपिल देव की भूमिका निभाकर सभी को हैरान कर दिया था और अब एक बार फिर वे अपनी नई फिल्म के साथ एक अलग किरदार को लेकर आ रहे है। वे यशराज फिल्मस की जयेशभाई जोरदार में एक सुपरहीरो का किरदार निभाते हुए नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज डेट का भी खुलासा कर दिया गया है। जयेशभाई जोरदार 13 मई को सभी सिनेमाघरों में देखने को मिलेगी। फिल्म में एक हीरो और उसकी हीरोगिरी को एक अलग अंदाज में दिखाया जाएगा। रणवीर सिंह फिल्म को लेकर काफी एक्साइटेड नजर आ रहे है। फिल्म मेकर्स ने एक वीडियो के जरिए रिलीज डेट का खुलासा किया है। वीडियो में रणवीर सिंह जयेशभाई जोरदार के अंदाज में बात करते हु्ए दिखाई दे रहे है।

ऐसे बने रणवीर जयेशभाई जोरदार
रणवीर सिंह ने अपने किरदार के बारे में बताते हुए कहा कि मुझे एक दिन आदित्य चोपड़ा ने फोन कर कहा कि उन्हें एक जादुई स्क्रिप्ट मिली है, जिसे वे चाहते थे कि मै उसे सुन लूं तो मैं नरेशन के लिए गया और जब मैने वो स्क्रिप्ट सुनी तो मुझे बड़ी ही मजेदार लगी। हंसते-हंसते आंसू निकल आए। पर साथ ही फिल्म इमोशनल भी है। बस उसी के बाद मैने फिल्म के लिए तुरंत हाँ कर दी। रणवीर का कहना है कि उन्होंने अपने करियर में कई अलग-अलग किरदार निभाए है लेकिन जयेशभाई जैसा किरदार कभी नहीं निभाया था। मुझे इस किरदार को निभाने के लिए वाकई कुछ अलग करना पड़ा।
ऐसी है जयेशभाई जोरदार की कहानी
जयेशभाई जोरदार में रणवीर एक गुजराती शख्स की भूमिका निभाएंगे। वहीं डायरेक्टर दिव्यांग ठक्कर ने बताया कि फिल्म न सिर्फ हंसाएगी बल्कि रुलाएगी भी। फिल्म में रणवीर सिंह एक ऐसे किरदार में हैं, जो समाज में पुरुष और महिलाओं के समान हक की बात करता है और उनके लिए आवाज उठाता है। हमारी कोशिश है कि इस फिल्म के जरिए सामाजिक सोच को बदल सकें।

शुक्र ग्रह का कुंभ राशि में होगा प्रवेश

0

ग्वालियर । 31 मार्च को शुक्र ग्रह शनि की राशि कुंभ में सुबह 8:54 पर प्रवेश करेंगे। शुक्र इस राशि में 27 अप्रैल की शाम 06:30 तक रहेंगे। इसके बाद यह मीन राशि में गोचर कर जाएंगे। ज्योतिषाचार्य सुनील चोपड़ा ने बताया कि ज्योतिष शास्त्र के अनुसार शुक्र ग्रह को धन-वैभव, साैंदर्य, ऐश्वर्य और सुख-समृद्धि का कारक माना गया है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, शुक्र राशि परिवर्तन का 3 राशियों पर शुभ प्रभाव पड़ेगा। शुक्र के प्रभाव से इन राशि वालों को खासा लाभ होगा। अन्य राशि के जातकों के लिए ये गोचर समान्य रहेगा।

मेष- मेष राशि के जातकों के लिए शुक्र एकादश यानी आय और लाभ भाव में गोचर करेंगे। गोचर काल में मेष राशि के जातकों को आर्थिक रूप से लाभ होगा। इस दौरान आपकी आय में वृद्धि होगी। जीवन में सुख-समृद्धि आएगी और धन लाभ होगा।

मिथुन- मिथुन राशि के जातकों के लिए शुक्र भाग्य, उच्च शिक्षा और धर्म के नवम भाव में विराजमान होंगे। ज्योतिष के अनुसार, पंचम व नवम भाव का संबंध मिथुन राशि के जातकों के लिए शुभ साबित होगा। इस दौरान आपको भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। व्यापारियों को मुनाफा होने की संभावना है। निवेश के लिए समय उत्तम रहेगा।

मकर- मकर राशि वालों के लिए शुक्र गोचर लाभकारी साबित होगा। इस दौरान शुक्र आपकी राशि के दूसरे यानी धन, परिवार व संवाद भाव में विराजमान रहेंगे। गोचर काल में व्यापारियों को शुभ परिणाम प्राप्त होंगे। रूका हुआ धन प्राप्त हो सकता है। इस दौरान साझेदारी में किया गया काम लाभकारी रहेगा।

उत्‍तराखंड के 12वें सीएम बने पुष्‍कर सिंह धामी

0

पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। इसके साथ ही वे राज्‍य के 12वें मुख्‍यमंत्री बन गए हैं। राज्‍यपाल लेज रिटा गुरमित सिंह ने उन्‍हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलवाई। धामी के साथ 8 मंत्रियों ने भी शपथ ली है। राज्यपाल ने सबसे पहले सतपाल महाराज को शपथ दिलाई। इसके बाद प्रेम चंद अग्रवाल को मंत्री पद की शपथ दिलाई। अग्रवाल ने संस्कृत में शपथ ली। अग्रवाल पिछली विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष थे। इसके बाद राज्यपाल ने गणेश जोशी को मंत्री पद की शपथ दिलाई। राज्यपाल ने डा धन सिंह रावत को मंत्री पद की शपथ दिलाई।

सतपाल महाराज, गणेश जोशी और धन सिंह रावत पिछली सरकार में भी मंत्री थे। राज्यपाल ने सुबोध उनियाल को शपथ दिलाई। राज्यपाल ने रेखा आर्य को मंत्री पद की शपथ दिलाई। सुबोध उनियाल और रेखा आर्य भी पिछली भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे हैं। राज्यपाल ने चंदन रामदास को मंत्री पद की शपथ दिलाई।

रामदास पहली बार मंत्री बने हैं। देहरादून में मनोनीत सीएम पुष्कर सिंह धामी के शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा शासित राज्यों के सीएम, गोवा के मनोनीत सीएम प्रमोद सावंत और राजस्थान की भाजपा नेता वसुंधरा राजे भी मौजूद रहे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सर्वसम्मति से उन्हें अपने विधायक दल के नेता के रूप में घोषित किया है। शपथ ग्रहण समारोह देहरादून के परेड ग्राउंड में हुआ।

इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हुए। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय नेता पहुंचे। राज्य की 70 सदस्यीय विधानसभा में 47 सीटें हासिल करने के बाद भाजपा ने उत्तराखंड में ऐतिहासिक दूसरा कार्यकाल जीता। हालांकि धामी अपनी खटीमा सीट हार गए थे। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के अनुसार, धामी को 40,675 वोट मिले, जबकि कापड़ी को 47,626 वोट मिले हैं।

भोपाल में सीएम शिवराज ने12 से 14 साल तक के बच्चों को टीकाकरण किया शुभारंभ

0

भोपाल। प्रदेश में आज से 12 से 14 साल के बच्‍चों को कोरोनारोधी टीका लगाने की शुरुआत हो गई है। भोपाल में 12 से 14 साल तक के बच्चों को बुधवार सुबह नौ बजे से टीका लगाया जाएगा। इसके लिए शहर में 166 स्कूलों के अलावा 12 अस्पतालों को केंद्र बनाया गया है। मंगलवार, शुक्रवार और छुट्टी का दिन छोड़कर सभी दिनों में टीका लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सुबह अरेरा कालोनी स्‍थित शासकीय नवीन कन्‍या विद्यालय में पहुंचकर बच्‍चों के टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उनके साथ चिकित्‍सा शिक्षा मंत्री विश्‍वास सारंग और गोविंदपुरा क्षेत्र की विधायक कृष्‍णा गौर समेत स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के अधिकारी भी मौजूूद थे।

बता दें कि भोपाल में 12-14 साल उम्र वर्ग के कुल 86 हजार बच्चे हैं। इसमें पहले दिन 30 हजार को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। स्कूल प्रबंधन को जिम्मेदारी दी गई है कि वह बच्चों को टीका लगवाने के लिए बुलाएं। हालांकि, बड़ी चुनौती यह है कि अभी स्कूल बंद हैं। ऐसे में बच्चों को बुलाना कठिन होगा।

जिला टीकाकरण अधिकारी डा. कमलेश अहिरवार ने बताया कि अभिभावकों को यह विकल्प भी दिया गया है कि वह पास के किसी भी स्कूल या अस्पताल में टीका लगवा सकते हैं। ऐसी बाध्यता नहीं है कि बच्चा जिस स्कूल में पढ़ता है वहीं टीका लगवाएं। उन्होंने बताया कि आनलाइन बुकिंग की सुविधा भी दी गई है। पहले दिन के लिए शहरी क्षेत्र में प्रति जन शिक्षा केंद्र एक हजार, बैरसिया में 300 और फंदा क्षेत्र में 500 आनलाइन स्लाट टीकाकरण के लिए खोले गए थे।

प्रदेश में पहले दिन आठ हजार केंद्रों पर लगेगा टीका

प्रदेश में पहले दिन आठ हजार केंद्रों पर आठ लाख बच्चों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस उम्र वर्ग के कुल 30 लाख बच्चे हैं। इन्हें कार्बीवैक्स वैक्सीन की 0.5 एमएल डोज कंधे पर लगाई जाएगी। सभी जिलों में एक साथ टीकाकरण शुरू किया जाएगा।

राज्य टीकाकरण अधिकारी डा. संतोष शुक्ला ने बताया कि जिन बच्चों का जन्म 15 मार्च 2010 या इसके पहले हुआ है वह टीकाकरण के लिए पात्र होंगे।

अभिभावक इन बातों का रखें ध्यान

– बच्चों को कुछ खिला-पिलाकर ही टीका लगवाने के लिए भेजें।

– यह भी ध्यान रखें कि वह गर्मी के चलते डिहाइड्रेशन यानी पानी की कमी से बीमार न हों।

– आनलाइन पंजीयन कराकर किसी भी केंद्र में टीका लगवाने के लिए जा सकते हैं।

– किसी केंद्र के लिए आनलाइन पंजीयन करा लिया है तो फिर टीका लगवाने के लिए वहीं पर जाएं।

– आयु के सत्यापन के लिए जन्म प्रमाण पत्र या आधार कार्ड साथ लेकर जाएं।

सीएम शिवराज के दो साल पूरे होने पर बीजेपी ने जश्‍न मनाया

0

भोपाल । भारत हर विचार का सम्मान करने वाला देश है। यहां सभी धर्मों को माना जाता है। हमारे आचार्यों ने कई विचार दिए हैं। सामान्य वर्ग के कल्याण में हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। हमारा संकल्प है सामाजिक न्याय सामाजिक समरसता के साथ, इसलिए सामान्य वर्ग कल्याण आयोग बनाया। मैं सामान्य वर्ग के दर्द और पीड़ा को जानता हूं। गरीबी जाति देखकर नहीं आती है। यही वजह है कि सरकार ने छात्रवृत्ति से लेकर रोजगार उपलब्ध कराने की कई योजनाएं बनाई हैं। आयोग की कार्यशाला के जो निष्कर्ष सामने आएंगे, उन्हें लागू करके सामान्य वर्ग के लिए कदम उठाए जाएंगे। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को प्रशासन अकादमी में सामान्य वर्ग कल्याण आयोग की कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि आप सभी सनातन संस्कृति के ध्वजवाहक हैं। हमने सामान्य वर्ग कल्याण आयोग बनाया था। इसके आधार पर हमने सामान्य वर्ग के गरीब बच्चें को छात्रवृत्ति दी। गोसंवर्धन का काम किया। आज की परिस्थितियों में आवश्यकता अनुरूप रोजगार और शिक्षा के लिए विचार करने की आवश्यकता है। सामान्य वर्ग के व्यक्ति आर्थिक रूप से कमजोर होने के बाद भी मांगते नहीं हैं। कई बार संकोच में रह जाते हैं, पर हमको सबको साथ में लेकर आगे बढ़ते जाना है। अब समरसता छात्रावास प्रारंभ कर रहे हैं। इसमें सभी वर्गों के बच्चे रहेंगे और पढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि देश को जातियों में बांटने का षड्यंत्र चल रहा है। कुछ को विदेशों से धन मिलता है। इंटरनेट मीडिया पर कई तरह की चीजें फैलाई जा रही है क्योंकि उनको लगता है कि ऐसे तो भारत को कमजोर नहीं किया जा सकता है, इसलिए जातियों में बांटो। हम सभी का दायित्व है कि इस दिशा में सोचें। कार्यशाला के जो निष्कर्ष निकलेंगे, उन्हें सरकार विचार करके लागू करेगा। इस कार्यक्रम में आयोग के अध्यक्ष शिव कुमार चौबे सहित अन्य उपस्थित थे।

विधायक रामेश्‍वर शर्मा ने अनूठे अंदाज में मनाया सीएम शिवराज के दो साल पूरे होने का जश्‍न

0

भोपाल, । मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के चौथी पारी के दो साल पूरे होने की खुशी में जगह-जगह कार्यक्रम हो रहे हैं। बुधवार सुबह से कार्यक्रम आयोजित करके भाजपा नेता व कार्यकर्ता खुशियां मना रहे हैं। इसी के तहत शहर की हुजूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी अनूठा आयोजन किया। उन्होंने अपने मालवीय नगर स्‍थित आवास ‘युवा सदन’ के बाहर 15 बुलडोजर खड़े करवाए हैं। बड़ी संख्‍या में यहां भाजपा कार्यकर्ता जमा हुए और ढोल-ढमाके बजाकर मुख्यमंत्री के दो साल पूरे होने का जश्‍न मनाया है।

कुछ देर पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उनके आवास पर पहुंचे। मुख्‍यमंत्री को अपने बीच पाकर भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्‍साह चरम पर पहुंच गया और उन्‍होंने ‘बुलडोजर मामा जिंदाबाद’ के नारे लगाए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मां, बहन, बेटियों पर जो भी गलत नजर रखेगा, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों के मकान जमींदोज कर दिए जाएंगे। कानून अलग सजा देगा, लेकिन उनके मकान पहले जमींदोज किए जाएंगे।

इस अवसर पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि बेटियों के आरोपितों के घरों पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का बुलडोजर चल रहा है। श्योपुर के बाद रायसेन के सिलवानी में भी गरीबों पर जुल्‍म करने वाले आरोपितों के घर तोड़े गए हैं। रतलाम में ऐसी ही कार्रवाई की गई है। प्रदेश भर में निरंतर दुराचारियों के आरोपितों के घर तोड़ जा रहे हैं। आगामी दिनों में भी तोड़े जाएंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बेटियों व महिलाओं से दुराचार करने वाले आरोपितों के खिलाफ सख्ती दिखाई है। एक सौम्‍य, मृदु नेता के रूप में मुख्यमंत्री शिवराज चौहान को जाना जाता है, लेकिन अब उनकी आक्रमण वाली छवि दिखने लगी है। वो अब तक कई सभाओं में कह चुके हैं, जो गलत काम करेगा, उन आरोपितों के मकान जमींदोज करेंगे। श्‍योपुर में आरोपितों के मकान तोड़ने के बाद दो दिन पहले विधायक रामेश्वर शर्मा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के होर्डिंग लगाए थे, जिसमें लिखा था कि आरोपितों के मकानों पर मामा शिवराज का बुलडोजर चलेगा।

इस उपक्रम को देखकर यही लगता है कि जिस तरह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि बुलडोजर बाबा के नाम से बन गई है। उसी तर्ज पर अब मध्‍य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की छवि बुलडोजर मामा के नाम से गढ़ी जा रही है।

30 हजार फुट से नीचे गिरा चीनी विमान क्रैश हुआ

0

चीन में 132 यात्रियों को ले जा रहा विमान गुआंगशी छुआंग में क्रैश हो गया। इस हादसे में किसी के बचने की संभावना बहुत कम है, लेकिन आधिकारिक तौर पर किसी मौत की पुष्टि नहीं की गई है। चीन के सिविल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने कहा कि बोइंग 737 एयरक्राफ्ट कुनमिंग से गुआनझो जा रहा था., जहां उसका वुझो शहर के ऊपर संपर्क टूट गया। विमान में सवार 132 लोगों में 123 यात्री और 9 चालक दल के सदस्य थे। इस दुर्घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें धुआं और आग की लपटें नजर आ रही हैं। स्थानीय मीडिया ने बताया कि चाइना ईस्टर्न की फ्लाइट MU5735 कुनमिंग से 1 बजे के कुछ देर बाद टेकऑफ हुई लेकिन वह अपनी मंजिल गुआनझो नहीं पहुंची। चाइना ईस्टर्न, चीन की तीन प्रमुख विमानन कंपनियों में से एक है।

चाइना एविएशन रिव्यू की ओर से एक वीडियो भी ट्वीट किया गया है, जिसमें “विमान के अंतिम पलों” के बारे में बताया गया है। दावा किया गया है कि विमान तेजी से नीचे की ओर आया और पहाड़ियों में क्रैश हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना एक स्थानीय माइनिंग कंपनी के सिक्योरिटी कैमरे में कैद हो गई।

फ्लाइट ट्रैकर फ्लाइट-रडार24 के मुताबिक एमयू5735 के बारे में 2 बजकर 22 मिनट (स्थानीय समय) के बाद ज्यादा डेटा नहीं मिला। इसके मुताबिक फ्लाइट इन्फॉर्मेशन रुकने से पहले प्लेन 2.15 मिनट के भीतर 29,100 फीट की ऊंचाई से गिरकर 9,075 फीट तक आ गया। और अगले 20 सेकंड में यह 3,225 फीट तक पहुंच गया। जबकि क्रूजिंग से लेकर लैंडिंग तक की इस गिरावट में आमतौर पर लगभग 30 मिनट लगते हैं। न्यूज एजेंसी एएफपी को बताया कि प्लेन के गिरने से आसपास का जंगली इलाका आग से तबाह हो गया। रिपोर्ट के अनुसार, बचावकर्मियों को किसी के जिंदा होने के कोई सबूत नहीं मिले हैं।