Home Blog Page 106

न्यूजीलैंड में जन्में बेन स्टोक्स इंग्लैंड के 81वें टेस्ट कप्तान

0

लंदन: इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने ऑलराउंडर बेन स्टोक्स (Ben Stokes) को अपना नया टेस्ट कप्तान बनाया है। इसी महीने जो रूट (Joe Root) ने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था। पिछले कुछ समय में रूट की कप्तानी में इंग्लैंड टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं था। टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हार मिली। उससे पहले एशेज में भी इंग्लिश टीम एक भी मैच नहीं जीत पाई थी। भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज स्थिगित होने के समय इंग्लैंड टीम 1-2 से पीछे थी। अब स्टोक्स के सामने टीम को उबारने की चुनौती होगी।
बेन स्टोक्स का जन्म न्यूजीलैंड में हुआ था। स्टोक्स के पिता रग्बी कोच थे और उन्होंने रग्बी लीग के क्लब वर्किंगटन टाउन का मुख्य कोच बनाया गया था। 12 साल की उम्र में स्टोक्स इंग्लैंड आ गए। अब वे टेस्ट में टीम की कप्तानी करेंगे। स्टोक्स पहले इंग्लिश टेस्ट कप्तान नहीं हैं जिसका जन्म विदेश में हुआ है। हालांकि, वे इंग्लैंड पुरुष टीम के पहले कप्तान हैं, जिसका जन्म न्यूजीलैंड में हुआ है।
इंग्लैंड के अलावा 11 अन्य देशों में जन्में खिलाड़ी भी इंग्लिश टेस्ट टीम की कप्तानी कर चुके हैं। जिसमें वेल्स, स्कॉटलैंड, आयरलैंड, दक्षिण अफ्रीका, भारत, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, त्रिनिदाद एंड टोबैगो, इटली, पेरू और न्यूजीलैंड शामिल है। इटली, जर्मनी और पेरू नॉन क्रिकेटिंग देश हैं, लेकिन यहां जन्में खिलाड़ी भी इंग्लिश टीम की कप्तानी कर चुके हैं। पेरू में जन्में फ्रेडी ब्राउन, जर्मनी में जन्में डोनाल्ड कैरा और इटली में जन्में टेड डेक्सटर भी इंग्लिश टेस्ट टीम के कप्तान रहे हैं।
भारत में जन्में डगलस जार्डिन, कॉलिन काउड्रे और नासिर हुसैन इंग्लैंड के कप्तान रह चुके हैं। मुंबई में जन्में जार्डिन ने 15 जबकि चेन्नई में जन्में काउड्रे ने 27 और नासिर हुसैन ने 45 मैचों में देश की कप्तानी की है। नासिर हुसैन की गिनती इंग्लैंड के सबसे सफल कप्तानों में होती है। इंग्लैंड के दूसरे ही टेस्ट कप्तान लॉर्ड हैरिस का जन्म त्रिनिदाद एंड टोबैगो में हुआ था।

टाइगर श्रॉफ की फिल्म ने रिलीज से पहले ही कमाए करोड़ो रुपये

0

टाइगर श्रॉफ और तारा सुतारिया की फिल्म ‘हीरोपंति 2’ इस महीने के आखिर में 29 अप्रैल को रिलीज होने जा रही है। इसके ठीक बाद ही ईद का वीकेंड चालू हो जाएगा। ये पहली बार होगा जब टाइगर की कोई फिल्म ईद के मौके पर रिलीज होने जा रही हो। फिल्म का ट्रेलर देखकर ही फैंस काफी एक्साइटेड थे और वो फिल्म के लिए कितना इंतजार कर रहे थे, ये फिल्म की एडवांस बुकिंग से साफ हो गया है। फिल्म ने रिलीज से पहले ही करोड़ों रुपयों की कमाई कर ली है। फिल्म की कुछ एडवांस बुकिंग रविवार को खोल दी गई थी और अब हमारे सामने एडवांस बुकिंग के दो दिन के आंकड़े सामने आ गए हैं।

टाइगर श्रॉफ की हीरोपंति 2 ने दो दिन की एडवांस बुकिंग मे ही करीब 4 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। फिल्म की कुल मिलाकर करीब 1 लाख से ज्यादा टिकटें एडवांस बुकिंग में बुक हो गई हैं। फिल्म ने पीवीआर, आईनोक्स और सिनेपॉलिस से ही करीब 3 करोड़ की कमाई की है। सबसे ज्यादा एडवांस बुकिंग मुंबई, दिल्ली, बरोडा और इंदौर में हुई है। इस फिल्म को अहमद खान ने डायरेक्ट किया है। टाइगर श्रॉफ एक बार फिर एक्शन अवतार मे होंगे और नवाजुद्दीन सिद्दीकी विलेन के रोल मे नजर आ रहे हैं।

कमल नाथ ने नेता प्रतिपक्ष का पद छोड़ा, डा.गोविन्द सिंह नए नेता प्रतिपक्ष होंगे

0

भोपाल।  मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की दोहरी भूमिका निभा रहे पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने एक पद छोड़ दिया है। वे अब सिर्फ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहेंगे। नेता प्रतिपक्ष की बागडोर पार्टी ने वरिष्ठ विधायक डा गोविंद सिंह को सौंप दी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल द्वारा गुरूवार को जारी पत्र में कहा गया है कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कमल नाथ का इस्तीफा स्वीकार करते हुए वरिष्ठ विधायक डा.गोविन्द सिंह को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया है। सिंह का प्रस्ताव कमल नाथ ने ही रखा था।

इस निर्णय से पार्टी ने यह भी साफ कर दिया है कि आगामी चुनाव में ग्वालियर-चंबल क्षेत्र उसकी प्राथमिकता में रहेगा। ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़कर जाने के बाद से पार्टी दमदार चेहरे की तलाश में थी। डा.सिंह की छवि तेजतर्रार नेता की है और वे बिना लागलपेट के अपनी बात करने के लिए चर्चित हैं।

दो पदों पर रहने के कारण भाजपा भी हमेशा कमल नाथ पर निशाना साधती रही है। कमल नाथ ने भी कई मौकों पर यह बात कही कि उन्हें पद का लोभ नहीं है। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह जिम्मेदारी दी है और जब कहा जाएगा तो बिना समय गंवाए पद छोड़ देंगे लेकिन मध्य प्रदेश में ही रहेंगे। पिछले दिनों संगठन और चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से हुई कई दौर की चर्चा के बाद उन्होंने नेता प्रतिपक्ष का पद छोड़ने का मन बनाया और इस्तीफा सौंप दिया, जिसे स्वीकार कर लिया गया।

सात बार के विधायक हैं डा गोविंद सिंह- मूल रूप से समाजवादी नेता डा.गोविन्द सिंह लगातार सात बार के विधायक हैं और मुख्य सचेतक पद की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।1990 में पहली बार भिंड जिले की लहार विधानसभा क्षेत्र से जनता दल की टिकट पर निर्वाचित हुए थे। इसके बाद वे कांग्रेस में आ गए। उधर, देर शाम डा.सिंह ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के साथ पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ से उनके आवास पर मुलाकात की और आभार जताया।

चुनाव की तैयारियों में जुटेंगे कमल नाथ

कमल नाथ अब पूरी तरह से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटेंगे। इसके लिए उन्हें विभिन्न् समितियां भी गठित कर दी हैं। जिला स्तर पर उनके बूथ, सेक्टर और मंडलम के पदाधिकारियों के साथ बैठकों का सिलसिला भी शुरू होने वाला है। एक मई को राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक भी बुलाई है।

दिग्विजय समर्थकों का बढ़ा प्रभाव

वहीं, संगठन में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के समर्थकों का प्रभाव बढ़ता जा रहा है। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष डा.विक्रांत भूरिया को दिग्विजय का समर्थक माना जाता है। डा.गोविन्द सिंह भी उनके काफी नजदीकी माने जाते हैं।

कांग्रेस रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी- शिवराज

डा.गोविन्द सिंह को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि डा.सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस सदन में रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी और जन कल्याण के विषय पर सकारात्मक रहेगी। वहीं भाजपा नेता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस ने अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग की उपेक्षा कर एकबार फिर अपना सामंती चेहरा दिखाया है।

नावनियुक्त नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ उनके निवास पर जाकर मुलाक़ात की , उनका आभार माना। इस अवसर पर अरुण यादव , पूर्व मंत्री लाखन यादव , पीसी शर्मा भी उपस्थित थे।

अन्याय बर्दाश्त नहीं

नेता प्रतिपक्ष नियुक्त होने के बाद डा.गोविन्द सिंह ने कहा कि अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलता है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है पर अन्याय बर्दाश्त नहीं है। गलत तरीके से फंसाकर किसी के निर्माण पर बुलडोजर चला दिया जाए तो यह कानून के खिलाफ है। इसका विरोध होगा। महंगाई, बेरोजगारी, अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग और महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं प्रदेश में बढ़ी हैं। किसान परेशान हैं। इन सभी मुद्दों को सदन से लेकर सड़क तक प्रमुखता से उठाया जाएगा। प्रदेश का दौरा भी जल्द करूंगा और हम सब मिलकर काम करेंगे।

6 कैंसर अस्पतालों का पीएम मोदी और रतन टाटा के एक साथ उद्घाटन किया

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने असम दौरे में गुरुवार को जाने-माने उद्योगपति रतन टाटा के साथ 6 नये कैंसर अस्पतालों का उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने प्रदेश में 7 नये कैंसर अस्पतालों की आधारशिला भी रखी। इस मौके पर डिब्रूगढ़ के खनिकर मैदान में लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि असम ही नहीं, पूरे नॉर्थ ईस्ट में कैंसर एक बहुत बड़ी समस्या रही है। इससे सबसे अधिक प्रभावित हमारा गरीब होता है, मध्यम वर्ग का परिवार होता है। इस परेशानी को दूर करने के लिए बीते 5-6 सालों में यहां कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का फोकस स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटाइजेशन का है। सरकार की कोशिश है कि इलाज के लिए लंबी-लंबी लाइनों से मुक्ति हो और इलाज के नाम पर होने वाले दिक्कतों से मुक्ति मिले। इसके लिए एक के बाद एक कई योजनाएं लागू की गई हैं।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का फोकस इस बात पर भी है कि डॉक्टरों की संख्या में कमी को दूर किया जाए। बीते सात साल में MBBS और PG के लिए 70,000 से ज्यादा नई सीटें जुड़ी हैं। हमारी सरकार ने 5 लाख से ज्यादा आयुष डॉक्टर्स को भी एलोपैथिक डॉक्टरों के बराबर माना है। PM मोदी प्रधानमंत्री ने असम के लोगों से कहा कि डबल इंजन की सरकार, जहां भी हो वहां सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना से काम करती है। असम की स्थाई शांति और तेज़ विकास के लिए जो समझौता हुआ था, उसको ज़मीन पर उतारने का काम तेज़ी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले आठ सालों के दौरान करीब 75 फीसदी हिंसा में कमी आई है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्बी आंगलोंग में मांजा पशु चिकित्सा महाविद्यालय, वेस्ट कार्बी आंगलोंग कृषि महाविद्यालय, अम्पानी वेस्ट कार्बी आंगलोंग गवर्नमेंट कॉलेज सहित कई योजनाओं की आधारशिला रखी। पीएम मोदी के दौरे को लेकर प्रदेश में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। डिब्रूगढ़ और कार्बी आंगलोंग जिलों में स्कूल, कॉलेज और राज्य सरकार के कार्यालयों में अवकाश की घोषणा की गई है।डिब्रूगढ़ के खनिकर मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम का पारंपरिक लोक नृत्य भी देखा।

लाउडस्पीकर पर राज ठाकरे ने की यूपी के सीएम योगी की तारीफ

0

लाउडस्पीकर विवाद को जन्म देने वाले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने मंदिरों और मस्जिदों से लाउडस्पीकर उतारने का आदेश देने वाले यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ की है। उन्होंने योगी की तारीफ करते हुए महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे पर तंज भी कसा और उन्हें भोगी बता डाला है।

राज ठाकरे ने ट्वीट करके माराठी और अंग्रेजी में लिखा, ”धार्मिक स्थलों खासकर मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने को लेकर मैं योगी सरकार को पूरे दिल से बधाई देता हूं। दुर्भाग्य से महाराष्ट्र में कोई ‘योगी’ नहीं है, हमारे पार भोगी हैं। मैं ईश्वर से सद्बुद्धि देने की पार्थना करता हूं।”

दरअसल इस विवाद की शुरुआत राज ठाकरे ने ही की थी। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने को कहा था। इसके बाद यह विवाद महाराष्ट्र से यूपी तक पहुंच गया। इस बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी धार्मिक स्थलों से अवैध लाउडस्पीकर उतारने का आदेश देते हुए कहा कि यदि कहीं लाउडस्पीकर बज भी रहा है तो उसकी आवाज परिसर से बाहर नहीं आनी चाहिए। यूपी में 72 घंटे के भीतर करीब 11 हजार लाउडस्पीकर उतारे जा चुके हैं।

PM नरेंद्र मोदी यूक्रेन संकट के बीच जर्मनी और फ्रांस जा रहे

0

नई दिल्ली : पीएम नरेंद्र मोदी 2 से 4 मई के दौरान फ्रांस, जर्मनी और डेनमार्क के दौरे पर रहेंगे। इस साल उनका यह पहला विदेश दौरा होगा, जिसकी शुरुआत वे यूरोपीय देशों से कर रहे हैं। यूक्रेन में जारी संघर्ष के बीच उनका यह दौरा विदेश नीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पीएम के दौरे का पहला पड़ाव जर्मनी होगा, जहां वे चांसलर ओलाफ शोल्ज से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी जर्मनी में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों को भी संबोधित करेंगे। 2021 में शोल्ज के जर्मनी की सत्ता में आने के बाद से पीएम नरेंद्र मोदी की उनसे पहली मुलाकात होगी।

भारत और जर्मनी के बीच कूटनीतिक संबंधों के बीत साल ही 70 वर्ष पूरे हुए हैं। जर्मनी के बाद पीएम नरेंद्र मोदी डेनमार्क जाएंगे, जहां वह दूसरे इंडिया-नोर्डिक समिट में भी हिस्सा लेंगे, जिसका आयोजक डेनमार्क ही है। नोर्डिक देशों के साथ भारत के संबंधों के लिहाज से इस समिट को अहम माना जा रहा है। यहां पीएम मोदी एक बिजनेस फोरम में हिस्सा लेंगे और भारतीय समुदाय के लोगों को भी संबोधित करेंगे। यही नहीं नोर्डिक समिट के दौरान वह आइसलैंड के पीएम से मुलाकात करेंगे। वहीं नॉर्वे, स्वीडन और फिनलैंड जैसे देशों के राष्ट्राध्यक्षों से भी मुलाकात करेंगे।

इस समिट में कोरोना संकट के बाद अर्थव्यवस्था के उभार, क्लाइमेट चेंज, इनोवेशन ऐंड टेक्नोलॉजी, नवीकरणीय ऊर्जा और वैश्विक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर बात होगी। इसके अलावा नोर्डिक देशों में भारत की भूमिका को लेकर भी पीएम मोदी चर्चा करेंगे। पहली बार इंडिया-नोर्डिक समिट का आयोजन 2018 में स्टॉकहोम में हुआ था। अपनी यात्रा के आखिरी पड़ाव में पीएम नरेंद्र मोदी कुछ वक्त के लिए पेरिस में रुकेंगे और राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात करेंगे। इस साल भारत और फ्रांस अपने कूटनीतिक रिश्तों के 75 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। बता दें कि दोनों देशों के बीच गहरे रणनीतिक संबंध भी हैं। भारत बड़े पैमाने पर हथियारों की खरीद फ्रांस से करता रहा है, जिनमें हाल ही में राफेल विमानों की डील भी शामिल है।

हाथकरघा पर फैशन शो करने वाला मध्यप्रदेश पहला राज्य: स्मिता

0

भोपाल : मध्यप्रदेश के  पांरपरिक हाथकरघा बुनकरों की कलाओं की राष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग करने के लिए मध्यप्रदेश सरकार 29 अप्रैल को मुंबई में फैशन शो का आयोजन करेगी। मुंबई के लोअल परेल में इस फैशन शो में मध्यप्रदेश और देश के नामी मॉडल प्रदेश के पारंपरिक हाथकरघा वस्त्रों को पहनकर रैंप पर उतरेंगे। हाथकरघा पर सरकारी स्तर पर फैशन शो करने वाला मध्यप्रदेश पहला राज्य होगा।

मध्यप्रदेश के खादी-ग्रामोद्योग विभाग की प्रमुख सचिव स्मिता भारद्वाज ने प्रदेशटुडे से चर्चा में यह बात कही। उन्होंने बताया कि कोरोना के लाकडाउन के कारण पिछले दो साल से हाथकरघा बुनकरों की समस्या और बढ़ गई थी। उनके उत्पादों के  लिए एक उपयुक्त बाजार नहीं मिल पा रहा था। मध्यप्रदेश के नीमच जिले में नांदना ब्लॉक प्रिंट से बनने वाले पांरपरिक वस्त्र की कला विलुप्ति की कगार पर पहुंच गई थी। नीमच में इस कला को जीवित रखने वाले केवल दो परिवार ही बचे है। सरकार ने निर्णय लिया है कि नांदना कला के कारीगर बढ़ाएंगे। पंद्रह और परिवारों को इस कला का प्रशिक्षण देकर इस कला का विस्तार किया जाएगा। इन्हें दो साल का आॅर्डर भी दिया जाएगा।

नामी डिजाइनर्स की डिजाइन का प्रदर्शन
पीएस भारद्वाज ने बताया कि इस फैशन शो की ग्रांड ओपनिंग में मध्यप्रदेश के शीर्ष डिजाइनर्स मुमताज खान, साधना व्यास और फरहत मलिक की डिजाइन्स प्रदर्शित की जाएंगी। ग्रांड क्लोजिंग के लिए सेलिब्रेटी डिजाइनर अर्चना कोचर के फ्यूजन कलेक्शन के साथ की जाएगी।

सिंगिंग शो में भी होगा प्रमोशन
पीएस भारद्वाज ने बताया कि प्रदेश के बुनकरों की कला को टीवी सिंगिंग शो में भी प्रमोट किया जाएगा। एक मई से शुरू होने वाले शो सारेगामा के सारे गायक प्रदेश के हाथकरघा से बने वस्त्र पहनकर टीवी शो में नजर आएंगे। इसके अलावा देश की एक बड़ी सेलिब्रेटी को मध्यप्रदेश के हाथकरघा उत्पादों का ब्रांड एंबेसेडर भी बनाया जाएगा।

कारीगरों को मिलेगा मंच
प्रदेश के हाथकरघा कारीगरों के लिए विस्तृत मार्केट नहीं है। इस फैशन शो के जरिए पारंपरिक हाथकरघा कलाकारों के द्वारा तैयार वस्त्रों को आधुनिकता से जोड़ते हुए प्रदर्शित किया जाएगा। इस आयोजन से बुनाई की पारंपरिक धरोहर देश-दुनिया के सामने आएगी और राज्य के बुनकरों और कारीगरों के लिए विपणन और निर्यात के नये अवसर भी पैदा होंगे।

इंदौर में आठ अक्टूबर को फैशन शो
दूसरे चरण में इंदौर में एक फैशन शो का आयोजन आठ अक्टूबर को किया जाएगा। वर्तमान डिजाइनर अपने कुछ परिधानों का विक्रय, आॅक्शन भी करेंगे और उससे प्राप्त धनराशि का उपयोग हाथकरघा बुनकरों के बच्चों के लिए किया जाएगा।

कश्मीर के पत्थरबाजों को दिग्विजय सिंह देते हैं प्रशिक्षण- विष्णु दत्त शर्मा

0

सीहोर : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने सीहोर में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा है। उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि जब जम्मू कश्मीर में पत्थरबाज पकड़े गए थे, उनका कनेक्शन भोपाल से मिला था, उनको ट्रेनिंग देने का काम दिग्विजय सिंह ने ही किया होगा। वो इन बातों में पारंगत हैं। दिग्विजय सिंह की आदत है वह अनर्गल आरोप और मुद्दे ही लाते हैं। बता दें कि इससे पहले दिग्विजय सिंह ने नीमच में कहा था- मुझे ऐसी सूचनाएं मिली हैं कि गरीब मुस्लिम लड़कों को पैसे देकर BJP पत्थर फिंकवाती है। अपने इस बयान के बाद आज फिर दिग्विजय ने ट्वीट में कहा- मैंने जिस जानकारी का उल्लेख कल किया था, उसका सोर्स नहीं बताना चाहता था, लेकिन निष्पक्ष जांच होना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा बुधवार को अल्प प्रवास पर सीहोर पहुंचे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सीहोर के प्रसिद्ध चिंतामण गणेश मंदिर पहुचकर दर्शन किए। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने बड़ा बाजार स्थित कुईया निवास पहुंचकर भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य निखिल कुईया को दाम्पत्य सूत्र में बंधने पर बधाई दी।इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष रवि मालवीय सहित भाजपा कार्यकर्ता प्रमुख व नेता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हालत ठीक नहीं है। उनके नेता मीडिया में बने रहने के लिए अनर्गल बयान देते है जिसमें वो सफल भी हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने तंजावुर घटना पर दु:ख व्यक्त किया

0

भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तमिलनाडु के तंजावुर जिले के कलियामेडु क्षेत्र में मंदिर उत्सव समारोह में रथयात्रा के दौरान हुई घटना में श्रद्धालुओं की असामयिक मृत्यु पर दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री चौहान ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को सदगति प्रदान करने और शोक संतप्त परिजन को यह दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट कर घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

14 मई तक मेष राशि में रहेंगे सूर्य, इन तीन राशियों को होगा खूब फायदा

0

ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक हर ग्रह के राशि परिवर्तन का असर जातक पर जरूर होता है और ऐसे में 9 ग्रहों में सूर्य, गुरु, मंगल व शनि जैसे ग्रहों का राशि परिवर्तन बहुत असरकारक होता है। 14 अप्रैल को ग्रहों के राजा सूर्य ने मेष राशि में प्रवेश किया था और 14 मई तक इस राशि में रहेंगे। ज्योतिष शास्त्र की मान्यता के सूर्य को पराक्रम, साहस और मान सम्मान का कारक माना जाता है। सूर्य का गोचर होने सभी 12 राशियों पर असर डालता है।

मिथुन राशि
मिथुन राशि के जातकों के लिए सूर्य का गोचर काफी लाभकारी होगा। सूर्य देव मिथुन राशि के 11वें भाव में गोचर कर रहे हैं, जिससे परिवार की आय में बढ़ोतरी होगी। आय के नए स्रोत बनेंगे। व्यापारियों के साथ नए संबंध बनेंगे, जो व्यापार को बढ़ाने में मददगार साबित होंगे।
कर्क राशि
कर्क राशि के जातकों के लिए भी सूर्य का गोचर काफी फायदेमंद होगा। सूर्यदेव आपकी राशि से दशम भाव में गोचर कर चुके हैं, जिसे नौकरी और करियर का स्थान माना जाता है। नौकरी का कोई नया ऑफर मिल सकता है। व्यापारी पैसा कमा सकते हैं। कार्यशैली में सुधार हो सकता है। कार्यस्थल पर काम की तारीफ हो सकती है। कर्क राशि चंद्रमा द्वारा शासित है। यह गोचर आपके लिए फायदेमंद रहेगा क्योंकि चंद्र देव और सूर्य देव के बीच मित्रता का भाव माना जाता है।
मीन राशि
मीन राशि के लोगों को सूर्य के गोचर के दौरान कोई शुभ समाचार मिल सकता है। सूर्य देव मीन राशि से दूसरे भाव में गोचर कर रहे हैं, जिसे वाणी और धन से जोड़कर देखा जाता है। इस दौरान अचानक धन लाभ होने के योग हैं। कोई लंबे समय से अटका हुआ धन मिल सकता है। नौकरी करने वालों की पदोन्नति हो सकती है। अविवाहितों का रिश्ता तय हो सकता है।