विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे नगरीय निकाय के चुनाव को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा था। भाजपा और कांग्रेस के नेता इस हिसाब से ही चुनाव प्रचार में जुटे थे। 46 निकायों के परिणाम शुक्रवार को घोषित हुए। महाकोशल और विंध्य क्षेत्र में भाजपा का दबदबा रहा है। मालवा और निमाड़ में भी भाजपा आगे रही है। कुल मिलाकर देखा जाए तो परिणाम भाजपा के पक्ष में और कांग्रेस को सतर्क करने वाले हैं।
महाकोशल और विंध्य क्षेत्र के 19 नगरीय निकायों के परिणाम घोषित हुए। इनमें 17 निकाय अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित विधानसभा सीटों के हैं। इनमें 12 में भाजपा आगे रही। डिंडौरी और बिजुरी नगर पालिका में कांग्रेस और भाजपा ने बराबर सीटें जीती हैं।
वहीं, कोतमा, नैनपुर, बिछिया और जयसिंहनगर में कांग्रेस के पार्षद भाजपा की तुलना में अधिक जीते हैं। जबकि, सिंगरौली की सरई नगर परिषद में सर्वाधिक छह निर्दलीय और पांच गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पार्षद चुनाव जीते हैं। यहां भाजपा और कांग्रेस के दो-दो स्थान मिले हैं। उधर, आम आदमी पार्टी ने सिंगरौली जिले की बरगवां नगर परिषद में पांच और बिरसिंहपुर पाली नगर पालिका में एक सीट जीती है।
भाजपा का महाकोशल और विंध्य में रहा दबदबा
टी20 विश्वकप 2022 के लिए टीमों के प्राइज मनी का ऐलान
ICC ने टी20 विश्वकप 2022 के लिए टीमों को मिलनेवाले प्राइज मनी का ऐलान कर दिया है। इसी महीने ऑस्ट्रेलिया में इस टूर्नामेंट का आयोजन होना है। इस बार विश्वकप को जीतने वाली टीम को करोड़ों रुपये मिलने वाले हैं। हारने वाली टीम के लिए भी करोड़ों की राशि जीतने का मौका होगा। ICC ने ट्वीट कर बताया कि इस बार T20 वर्ल्ड कप विजेता टीम को 1.6 मिलियन अमेरिकी डॉलर दिए जाएंगे। भारतीय करेंसी में ये करीब 13 करोड़ रुपये हैं। वहीं फाइनल में हारने वाली टीम को भी इसका आधा यानी करीब 6.52 करोड़ रुपये मिलेंगे।
टी20 विश्वकप के सेमीफाइनल में हारनेवाली टीम को 4 लाख डॉलर यानी करीब 3.26 करोड़ रुपये मिलेंगे, वहीं सुपर 12 राउंड से एग्जिट करनेवाली आठ टीमों को इनाम के तौर पर 70 हजार डॉलर यानी करीब 56 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं पिछले टी20 वर्ल्ड कप की तरह इस बार भी सुपर 12 के मैच में हर जीत पर 40 हजार डॉलर यानी 32 लाख रुपये मिलेंगे।
सुपर 12 चरण में सीधे जगह बनाने वाली आठ टीमें अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका हैं। अन्य आठ टीमें – ग्रुप ए में नामीबिया, श्रीलंका, नीदरलैंड, यूएई और ग्रुप बी में वेस्टइंडीज, स्कॉटलैंड, आयरलैंड और जिम्बाब्वे, चार-;ej के दो समूहों में विभाजित हैं और पहले दौर में खेलेंगे। पहले दौर में किसी भी जीत के लिए, $40,000 ( 32 लाख रुपये) की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी, जिसमें 12 मैचों की राशि $480,000 होगी। पहले दौर में बाहर हुई चारों टीमों को प्रत्येक को 40,000 डॉलर मिलेंगे।
बिग बॉस’ की ये कंटेस्टेंट सबसे हॉटेस्ट हसीनाएं मानी जाती हैं
सलमान खान का धमाकेदार और दमदार रिएलिटी शो ‘बिग बॉस 16’ टीवी पर दस्तक देने के लिए तैयार है। हर साल शो दर्शकों का खूब मनोरंजन करता है, साथ ही स्टार्स के असली व्यवहार से भी लोगों को रूबरू करवाता है। इस साल ‘बिग बॉस 16’ (Bigg Boss 16) से कुछ हसीनाएं भी जुड़ने वाली हैं, जिसमें निया शर्मा से लेकर जन्नत जुबैर तक का नाम शामिल है। लेकिन बता दें कि इससे पहले भी कई बोल्ड एंड ब्यूटीफुल हसीनाएं सलमान खान (Salman Khan) के ‘बिग बॉस’ का हिस्सा रह चुकी हैं। अपने अंदाज को लेकर उन्होंने भी लोगों का ध्यान खींचने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी।
नवरात्रि के नौ दिनों में कन्या पूजन में उपहार में दे ये पांच चीजें
नवरात्रि के नौ दिनों में मां दुर्गा की पूजा आराधना की जाती है। महा अष्टमी और महानवमी के दिन कन्याओं की पूजा की जाती है। देवी मां को प्रसन्न करने के लिए छोटी-छोटी कन्याओं की पूजा की जाती है। साथ ही उन्हें उपहार भी दिया जाता है। ये परंपरा काफी समय से चली आ रही है। जिसका पालन ज्यादातर घरों में किया जाता है। नवरात्रि में कलश स्थापना और पूजा के साथ ही कन्याओं को भोजन जरूर कराया जाता है। कन्याओं को उपहार में इन पांच चीजों को देने से माता रानी प्रसन्न होती हैं। आइए जानते हैं कि वे पांच चीजें कौन सी हैं।
लाल वस्त्र
कन्याओं का पूजन करने के साथ ही उन्हें लाल वस्त्र उपहार स्वरूप देने चाहिए। माता रानी को लाल वस्त्र काफी पसंद है। अगर आप लाल वस्त्र देने में असमर्थ हैं तो लाल रंग की चुनरी हर कन्या को ओढ़ाएं। इससे भी देवी मां का आशीर्वाद मिलेगा।
फल
कन्याओं को भोजन कराने में एक फल जरूर दें। माना जाता है कि फल उपहार में देने से आपके अच्छे कर्मों का फल कई गुना वापस होकर आता है। केला और नारियल को सबसे शुभ फल माना गया है। केला विष्णु भगवान का प्रिय है तो वहीं नारियल देवी मां को पसंद है। इसलिए इन दोनों को ही दान में देना चाहिए। वहीं कन्याओं को उपहार में दें।
मिष्ठान्न
प्रसाद स्वरूप कन्याओं को किसी एक तरह का मिष्ठान्न जरूर खिलाना चाहिए। आप कन्याओं के भोजन में सूजी का हलवा, आटे का हलवा माता रानी को भोग लगाने के बाद दे सकती हैं। इससे गुरु ग्रह मजबूत होता है।
श्रृंगार सामग्री
नवरात्रि में कन्या भोजन के बाद सारी कन्याओं को उपहार में श्रृंगार की सामग्री देनी चाहिए सबसे पहले श्रृंगार की सामग्री को देवी मां को चढ़ा देना चाहिए। उसके बाद उन श्रृंगार की सामग्री को कन्याओं में बांट देना चाहिए। माना जाता है कि कन्याओं की ग्रहण की गई श्रृंगार की सामग्री सीधे देवी मां स्वीकार कर लेती हैं।
चावल या जीरा
परंपरा के अनुसार घर से जब बेटियां विदा होती हैं तो उन्हें चावल उपहार में दिया जाता है। उसी तरह से कन्याओं को भोज कराने के बाद विदाई में चावल देना चाहिए। चावल के साथ जीरा भी देना चाहिए
कांग्रेस अध्यक्ष की दौड़ में खड़गे का नाम आते ही बाहर हुए दिग्विजय
कांग्रेस अध्यक्ष के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम आते ही मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह दौड़ से बाहर हो गए। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ को सुबह साढ़े आठ बजे फोन कर बताया कि वे अब नामांकन पत्र दाखिल नहीं करेंगे। मैं उनका साथ दूंगा। दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र लिया था।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए कमल नाथ ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने मुझे बताया कि खड़गे नामांकन भर रहे हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता है और राज्यसभा में प्रतिपक्ष के नेता हैं इसलिए मैं नामांकन पत्र नहीं भरूंगा। प्रदेश से विधायकों को प्रस्तावक के लिए भेजने पर कहा कि मुझसे उन्होंने (दिग्विजय सिंह) प्रस्तावक भेजने के लिए कहा था तो मैंने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डा.गोविन्द सिंह को कह दिया था। उन्होंने नाम चुनकर सूची दी थी और वे सभी पहुंच गए थे। खड़गे का नाम अचानक नहीं आया।
उनके नाम की चर्चा तो पहले से थी। वे वरिष्ठ नेता हैं। दक्षिण से आते हैं और दक्षिण को प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। जहां तक मेरे वोट का प्रश्न है तो वह खड़गे को जाएगा। जहां तक दिग्विजय सिंह का प्रश्न है तो वे मध्य प्रदेश के दस साल मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। उनको पूरे प्रदेश के बारे में जानकारी है।
यूक्रेन से जीते चार राज्यों का रुस में राष्ट्रपति पुतिन ने किया विलय
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दुनिया भर की चेतावनी और आपत्तियों को दरकिनार करते हुए शुक्रवार को यूक्रेन के चार राज्यों का अपने देश में विलय कर दिया। पुतिन ने इन राज्यों में प्रमुखों की भी नियुक्ति कर दी है। शुक्रवार को आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति पुतिन ने जनमत संग्रह को आधार मानते हुए इन राज्यों के विलय की घोषणा की। यूक्रेन के जिन चार राज्यों का विलय किया गया है, उनके नाम हैं – डोनेट्स्क, लुहान्स्क, ज़ापोरिज़्ज़िया और खेरसॉन। पिछले साल से यूक्रेन के साथ चल रही जंग में यह रूस के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है। रूस की सरकार समाचार एजेंसी टास के मुताबिक, शुक्रवार को ऐतिहासिक समारोह में व्लादिमीर पुतिन ने क्रेमलिन में एक हस्ताक्षर करके इन इलाकों को अपने अधिग्रहित किया।
जनमत संग्रह के आधार पर लिया फैसला
क्रेमलिन ने दावा किया था यूक्रेन के इन राज्यों में जनमत संग्रह किया गया था। जिसमें मास्को के समर्थन में 99 फीसदी लोगों ने वोटिंग की थी। क्रेमलिन ने उस वक्त ही ऐलान किया था कि जल्द ही इन राज्यों का रूस में विलय किया जाएगा। उधर, पश्चिमी सरकारों और यूक्रेन का कहना है कि मतदान में अंतरराष्ट्रीय कानून तोड़ा गया और इसमें उचित प्रतिनिधित्व नहीं था। बता दें कि यूक्रेन के राज्यों को अपने देश में विलय पर यूक्रेन समेत पश्चिम ने रूस की निंदा की थी। पश्चिमी देशों ने बाकायदा रूस को चेतावनी दी थी कि अगर ऐसा होता है कि रूस प्रतिबंधों की नई कड़ी का सामना करने को तैयार रहे।
नवरात्र के मौके पर बनासकांठा के अंबाजी मंदिर में पीएम मोदी ने देवी माता की पूजा की
नवरात्रि के मौके पर गुजरात के बनासकांठा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंबाजी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। आपको बता दें कि पीएम मोदी पिछले कई सालों से नवरात्रि में उपवास रखते आ रहे हैं। ऐसे में जब वे अपने गृह राज्य गुजरात के दौरे पर हैं, और नवरात्र के मौके पूरा गुजरात गरबा और मां की आराधना में लीन है, तो पीएम मोदी ने भी अपने कार्यक्रम में मां अंबादेवी की पूजा-अर्चना को शामिल किया। पूजा के बाद प्रधानमंत्री गब्बर पर्वत जाएंगे और महाआरती में भाग लेंगे।
बहुत पवित्र माना जाता है गब्बर पर्वत
गब्बर पर्वत गुजरात-राजस्थान की सीमा पर स्थित है। मान्यता है कि पवित्र गुप्त नदी सरस्वती यहीं से निकली थी। अंबाजी गांव से चार किमी की दूरी पर स्थित गब्बर पहाड़ियों को अंबाजी माता का मूल स्थान माना जाता है। पौराणिक ग्रंथों के मुताबिक देवी सती के हृदय का एक भाग इस पर्वत के ऊपर गिरा था। इसलिए इसे अंबा शक्तिपीठ कहा जाता है और इसे काफी पवित्र पर्वत माना जाता है। मंदिर तक पहुंचने के लिए पहाड़ी पर 300 सीढ़ियां है। पहाड़ी के ऊपर से सूर्यास्त देखने के लिए काफी टूरिस्ट भी यहां पहुंचते हैं।
एकता कपूर और उनकी मां के खिलाफ आपत्तिजनक दृश्यों को लेकर गिरफ्तारी वारंट जारी
बिहार के बेगूसराय की एक जिला अदालत में फिल्म निर्माता और निर्देशक एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। एकता कपूर और उनकी मां के खिलाफ यह वारंट उनकी वेब सीरीज ट्रिपल एक्स सीजन 2 में सैनिकों का अपमान करने और उनके परिवार के सदस्यों की भावनाओं को आहत करने के मामले में जारी किया गया है। बता दें कि न्यायाधीश विकास कुमार की अदालत ने एकता कपूर और उनकी मां के खिलाफ एक पूर्व सैनिक और बेगूसराय निवासी शंभू कुमार की शिकायत के आधार पर गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।
एकता कपूर पर लगे ये आरोप
शंभू कुमार ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि वेब सीरीज ट्रिपल एक्स सीजन 2 में एक सैनिक की पत्नी से जुड़े कई आपत्तिजनक दृश्य दिखाए गए हैं। इस सीरीज को एकता कपूर की कंपनी बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड के स्वामित्व वाले एक ओटीटी प्लेटफॉर्म ऑल्ट बालाजी पर प्रसारित किया गया है। शंभू कुमार के वकील ऋषिकेश पाठक ने बताया है कि अदालत ने एकता और उनकी मां को समन जारी किया था। अब इस मामले के संबंध में उन्हें अदालत के सामने पेश होने को कहा गया है।
वेब सीरीज में दिखाए गए आपत्तिजनक दृश्य
एकता कपूर ने अदालत को सूचित किया है कि आपत्ति जताए जाने के बाद सीरीज के कुछ दृश्यों को हटा दिया गया था। लेकिन वे अदालत के सामने पेश नहीं हुई। इसके बाद से ही उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। पुलिस के अनुसार आईपीसी और आईटी अधिनियम की कई धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। वेब सीरीज में राष्ट्रीय चिन्ह और सेना की वर्दी का आपत्तिजनक इस्तेमाल देखने के बाद यह मामला दर्ज किया गया। साथ ही सीरीज में जवानों और उनके परिवार के सदस्यों का कथित तौर पर अपमान करने के लिए यह शिकायत दर्ज की गई थी।
कैलाश खेर, सोनू निगम और सुखदेव चतुर्वेदी ‘महाकाल लोक’ लोकार्पण महोत्सव में प्रस्तुति देंगे
ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर के नवविस्तारित क्षेत्र ‘महाकाल लोक” के छह दिवसीय लोकार्पण महोत्सव में पद्मश्री गायक कैलाश खेर, सोनू निगम और पं. सुखदेव चतुर्वेदी प्रस्तुति देने आएंगे। तीनों की प्रस्तुति अलग-अलग दिन और स्थानों पर होगी। सम्राट विक्रमादित्य शोध पीठ और संस्कृति विभाग ने कार्यक्रम की रूपरेखा बनानी शुरू की है।
विभागीय रिपोर्ट के अनुसार आठ अक्टूबर को मथुरा के हवेली संगीत के जानकार गायक पं. सुखदेव चतुर्वेदी शास्त्रीनगर मैदान पर पहली बार महाकाल स्तोत्र गाएंगे। यह स्तोत्र पांच हजार साल पहले उज्जैन में शिक्षा ग्रहण करने आए भगवान श्रीकृष्ण ने देवाधिदेव महाकाल की स्तुति में गाया था। साथ ही शिव पर केंद्रित अन्य रचनाओं का ध्रुपद गायन करेंगे।
10 अक्टूबर को पद्मश्री पार्श्व गायक सोनू निगम दशहरा मैदान और 11 अक्टूबर को कैलाश खैर कार्तिक मेला मैदान पर प्रस्तुति देंगे। तीनों ही प्रस्तुतियां रात आठ बजे से होंगी। प्रस्तुति के लिए तीनों ही जगह मंच बनाने का काम अगले सप्ताह से शुरू हो जाएगा। मालूम हो कि 316 करोड़ रुपये से तैयार ‘महाकाल लोक” का लोकार्पण 11 अक्टूबर की शाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में होना है।
उनके आगमन और लोकार्पण के लिए व्यापक तैयारी की जा रही है। लोकार्पण से पहले लोगों के बीच उत्साह और आनंद का माहौल बनाने के लिए छह दिनी कार्यक्रम मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की अध्यक्षता में तय हुए हैं। बताया गया है कि महोत्सव की शुरुआत परंपरा अनुसार हर दशहरे (5 अक्टूबर) पर निकाली जाने वाली राजाधिराज महाकाल की सवारी से की जाएगी। इस बार महाकाल की सवारी को भव्य स्वरूप दिया जाएगा। अन्य प्रदेशों के बैंड, भजन मंडलियां भी सवारी में शामिल होंगी। सवारी के माध्यम से लोगों को लोकार्पण कार्यक्रम में सम्मिलित होने को आमंत्रित भी किया जाएगा।
लंपीरोधी वैक्सीन की 14 लाख डोज मिलीं, MP में 13 हजार से अधिक हुए मामले
मध्य प्रदेश में गोवंशी पशुओं में फैली लंपी स्किन डिसीज (एसएसडी) के हर दिन 300 से 400 नए मामले सामने आ रहे हैं। अब तक संक्रमित पशुओं की संख्या 13,200 तक पहुंच गई है। इनमें करीब 70 प्रतिशत स्वस्थ भी हो चुके हैंं। 200 पशुओं की मौत हुई है। भोपाल के उप संचालक (पशु चिकित्सा) डा. अजय रामटेके ने कहा कि ठंड आने पर यह बीमारी बहुत कम हो जाएगी। उधर, अच्छी बात यह है कि लंपी से बचाव के लिए प्रदेश को गोटपाक्स वैक्सीन की 14 लाख डोज गुरुवार को मिल गई हैं। पहले से तीन लाख डोज उपलब्ध थीं। इस तरह अब 17 लाख डोज उपलब्ध हैं।
प्रदेश में सिर्फ तीन लाख डोज हैं जबकि 36 लाख से ज्यादा गोवंशी पशुओं को वैक्सीन लगाई जानी है। इसके बाद पशुपालन मंत्री प्रेम सिंह पटेल ने कहा था कि कंपनियों से और डोज मांगी जाएंगी।
प्रदेश में एक करोड़ 80 लाख गोवंशी पशु हैं। बीमारी के प्रति पशुओं में प्रतिरोधक क्षमता लाने के लिए कम से कम 20 प्रतिशत यानी 36 लाख को वैक्सीन लगाने की जरूरत है, लेकिन इसकी कमी होने से सिर्फ साढ़े पांच लाख पशुओं को ही वैक्सीन लग पाई है। सिर्फ दो कंपनियां ही वैक्सीन बनाती हैं। सभी राज्यों में बीमारी फैली है। इस कारण वैक्सीन की मांग भी ज्यादा है।





