Home Blog Page 212

कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने की गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा से मुलाकात

0

भोपाल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने सोमवार को गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा से उनके आवास पहुंचकर मुलाकात की। दोनों के बीच करीब आधा घंटा बंद कमरा चर्चा हुई। इसके बाद सियासी गलियारों में कांग्रेस नेताओं द्वारा गृहमंत्री से एक के बाद मुलाकात किए जाने को लेकर चर्चाओं ने फिर जोर पकड़ लिया है। हालांकि, दोनों नेताओं ने इस सौजन्य भेंट करार दिया। इसके पहले विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने भी डा. मिश्रा से मुलाकात की थी।

पिछले कुछ समय से कांग्रेस के नेताओं द्वारा गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा से मुलाकात करने का सिलसिला बढ़ा है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह पिछले एक माह में तीन बार उनसे मुलाकात कर चुके हैं। विधानसभा में कांग्रेस दल के मुख्य सचेतक डा. गोविंद सिंह ने भी उनसे मुलाकात की थी। हालांकि, इसे उन्होंने सौजन्य भेंट करार देते हुए कहा था कि डा. मिश्रा रिश्ते निभाना जानते हैं और सभी दलों के नेताओं से उनके व्यक्तिगत संबंध हैं।

ज्‍योतिर्मय सम्‍मान समारोह में गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने 22 गुरुजनों को किया सम्‍मानित

0

भोपाल । नवदुनिया ज्‍योतिर्मय सम्‍मान समारोह में सोमवार को मुख्‍य अतिथि गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने 22 गुरुजनों को सम्‍मानित किया। उन्‍होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान हमेशा सर्वोपरि रहा है। हर किसी के घर में गुरु की तस्वीर जरूर दिखाई देती है लेकिन किसी उद्योगपति की नहीं। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि गुरु का स्थान सर्वोपरि है। नवदुनिया ने लगातार पांच साल से ज्योतिर्मय सम्मान कार्यक्रम करके बहुत ही अच्छी पहल की है। यह सम्‍मान समारोह सैर-सपाटा के पास स्थित सयाजी होटल में आयोजित हुआ।

कोरोना काल में स्कूल नहीं खुल पाए लेकिन बच्चों की शिक्षण व्यवस्था शिक्षकों के कारण ही सुचारू रूप से संचालित होती रही। कई शिक्षकों ने मोहल्ला क्लास लगाकर और घर-घर जाकर पढ़ाई कराई। अब स्कूल खुल गए हैं, पर बच्चों की उपस्थिति बहुत कम है। इसके बाद भी शिक्षक आनलाइन व आफलाइन मोड से पढ़ाई कराकर अपनी पूरी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। शिक्षकों के कारण ही विद्यार्थियों के अंदर व्यवहारिकता के साथ-साथ संस्कार के गुण विकसित होते हैं। गुरुजनों के इन्हीं प्रयासों की सराहना करने के लिए सोमवार को नवदुनिया ज्योतिर्मय सम्मान समारोह आयोजित किया है। कार्यक्रम में शिक्षकों के साथ-साथ शिक्षा जगत से जुड़े संस्थान के उच्च पदों पर आसीन अधिकारी भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में नईदुनिया के राज्य संपादक सद्गुरु शरण अवस्थी, नईदुनिया के आपरेशन हेड नरेश पांडे, स्थानीय संपादक नवदुनिया भोपाल संजय मिश्र, यूनिट हैड मानवेंद्र द्विवेदी, राज्‍य ब्यूरो धनंजय प्रताप सिंह भी मौजूद थे।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक सम्‍मानित

शिक्षा में उत्कृष्टता की दिशा और सेवा कार्यों के लिए नवदुनिया का यह प्रतिष्ठापूर्ण सम्मान शिक्षा जगत में सराहनीय है। अपने ज्ञान से शिष्यों का भविष्य संवारने वाले और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शहर के चुनिंदा शिक्षकों को नवदुनिया ज्योतिर्मय सम्मान दिया गया है।

किसानों के ‘रेल रोको’ आंदोलन से 130 जगहों पर असर

0

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा के संबंध में केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त करने तथा गिरफ्तार करने की मांग को लेकर पंजाब और हरियाणा में किसान सोमवार को सुबह संयुक्त किसान मोर्चा के छह घंटे के ‘रेल रोको’ आंदोलन के तहत रेल की पटरियों पर बैठ गए। इस रेल रोको आंदोलन से नॉर्दन रेलवे जोन की 130 जगहों पर असर पड़ा और करीब 50 ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई हैं। रेलवे के चीफ पब्लिक रिलेशंस ऑफिसर ने इसकी जानकारी दी है। 

उत्तर पश्चिमी रेलवे में राजस्थान और हरियाणा में कुछ जगहों पर रेल यातायात प्रभावित हुआ। इन दोनों राज्यों में 2 ट्रेनें कैंसिल हुईं और 13 ट्रेनें आंशिक तौर पर रद्द हुईं। इसके अलावा प्रदर्शन के कारण एक ट्रेन को डाइवर्ट करना पड़ा।

नॉर्दन रेलवे जोन में जो ट्रेनें प्रभावित हुई हैं उनमें चंडीगढ़-फिरोजपुर एक्सप्रेस शामिल हैं। यह ट्रेन लुधियाना से सुबह 7 बजे रवाना होनी थी, लेकिन अधिकारियों ने बताया कि यह ट्रेन अभी तक फिरोजपुर-लुधियाना पर खड़ी है। नई दिल्ली-अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस को भी शंभु स्टेशन पर पर प्रदर्शनकारियों की वजह से रोकना पड़ा।

किसानों ने हनुमानगढ़ में रेल पटरी पर प्रदर्शन किया और केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं जयपुर में मोर्चे के सदस्यों ने जयपुर जंक्शन के बाहर प्रदर्शन किया। मोर्चे के राज्य संयुक्त सचिव संजय माधव ने कहा,’ हमें जयपुर जंक्शन में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई इसलिए हमने प्रवेश द्वार पर ही धरना दिया।’

आंदोलन के कारण राजस्थान के हनुमानगढ़ व गंगानगर जिले में रेल यातायात प्रभावित हुआ है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार किसान आंदोलन के चलते हुए भिवानी-रेवाड़ी, सिरसा-रेवाड़ी, लोहारू-हिसार, सूरतगढ़-बठिंडा, सिरसा-बठिंडा हनुमानगढ़-बठिंडा, रोहतक-भिवानी, रेवाड़ी-सादुलपुर, हिसार-बठिंडा, हनुमानगढ़-सादुलपुर तथा श्रीगंगानगर- रेवाड़ी रेलखंडों के बीच रेल यातायात प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि आंदोलन के कारण बठिण्डा-रेवाडी स्पेशल रेलसेवा व सिरसा-लुधियाना स्पेशल रेलसेवा को सोमवार को रद्द कर दिया गया। वहीं कम से कम 13 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। जबकि कुछ ट्रेनों को मार्ग बदलकर चलाया जा रहा है।

भारतीय उद्यमी ने जीता पहला अर्थशॉट पुरस्कार

0

ब्रिटेन : जलवायु परिवर्तन से लड़ने के लिए ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पोते प्रिंस विलियम ने “अर्थशॉट पुरस्कार” की शुरुआत की है. इसके तहत 2030 तक हर साल पांच अलग-अलग कैटेगरी में 1 मिलियन पाउंड का पुरस्कार दिया जाएगा.पहली बार दिए गए ‘अर्थशॉट पुरस्कारों’ के मुख्य विजेताओं में एक भारतीय सामाजिक उद्यम ‘टकाचार’ भी शामिल है. इसे ‘क्लीन आवर एयर’ श्रेणी में बायो-कचरे को बिकने लायक ईंधन में बदलने के लिए यह पुरस्कार दिया गया. इस सामाजिक उद्यम के प्रमुख हैं दिल्ली के उद्यमी विद्युत मोहन. यह पुरस्कार कुल पांच अलग-अलग श्रेणियों में दिए गए. कोस्टा रिका, इटली, बहामास और भारत के प्रोजेक्ट अर्थशॉट पुरस्कारों के पहले विजेता बने.

सभी विजेताओं को जलवायु परिवर्तन को खत्म करने से संबंधित प्रोजेक्ट्स के लिए 1 मिलियन पाउंड यानी करीब 10 करोड़ रूपये मिलेंगे. ब्रिटिश राजपरिवार पर्यावरण पर चिंतित ये पर्यावरणीय पुरस्कार महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पोते प्रिंस विलियम ने शुरु किए हैं. इनका उद्देश्य दुनियाभर के लोगों को नई तकनीक और नीतियों के जरिए पर्यावरणीय समस्याओं का हल निकालने के लिए प्रेरित करना है. रविवार को ये समारोह संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन 2021 (COP26) से सिर्फ दो हफ्ते पहले हुआ. COP26 का आयोजन ब्रिटेन की अध्यक्षता में ग्लासगो में किया जाना है. हाल ही में ब्रिटिश शाही परिवार की ओर से पर्यावरणीय मुद्दों पर कई बयान भी दिए गए हैं.

एक बहुचर्चित बयान में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने कहा था कि वे दुनिया के नेताओं से आजिज आ चुकी हैं, जो जलवायु परिवर्तन की चर्चा करते हैं लेकिन इसके खिलाफ कोई कड़ा कदम नहीं उठाते. प्रिंस विलियम ने पहले से रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में कहा, “हम मानव इतिहास के सबसे निर्णायक दौर में जी रहे हैं. अगले दस सालों में हम जो कदम उठाएंगे और जिन्हें रोकेंगे वो अगले 1 हजार सालों का धरती का भविष्य तय करेंगे” ‘धरती की मरम्मत’ के लिए एकजुट होने की अपील उन्होंने कहा, “कई उत्तर पहले ही दिए जा चुके हैं. लेकिन हमें सभी की जरूरत है, समाज के सभी हिस्सों के उद्देश्यों को ऊपर उठाने की जरूरत है ताकि हम धरती की मरम्मत में एकजुट हो सकें” अन्य विजेताओं में इटली के शहर मिलान ने ‘बिल्ड अ वेस्ट-फ्री वर्ल्ड’ पुरस्कार जीता. उसे यह पुरस्कार ‘फूड वेस्ट हब्स’ प्रोग्राम के लिए दिया गया. इसके तहत सुपरमार्केट और रेस्टोरेंट आदि से खाना जुटाया जाता है और इसे जरूरतमंदों में बांट दिया जाता है. कोस्टा रिका की सरकार को पर्यावरण बचाने और सुधारने का पुरस्कार प्रोटेक्ट एंड रिस्टोर नेचर दिया गया.

यह पुरस्कार लोगों को पेड़ लगाने के बदले पैसे दिए जाने और पर्यावास को सुधारने के कदम के लिए दिया गया. इसके अलावा बहामास के एक संगठन को मर रहीं कोरल रीफ को बचाने के लिए भी पुरस्कार मिला. प्रिंस विलियम और उनकी चैरिटी, द रॉयल फाउंडेशन ने पिछले साल अर्थशॉट पुरस्कारों की घोषणा की थी. इसकी प्रेरणा पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ केनेडी के साल 1962 में लॉन्च किए ‘मूनशॉट’ भाषण से ली गई है, जिसने अमेरिकी नागरिकों को चांद पर जाने की चुनौती दी थी.ये प्रतिष्ठित पुरस्कार साल 2030 तक हर साल पांच विजेताओं को दिए जाएंगे.

दिल्ली में ई-ऑटो परमिट के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, महिलाओं को मिलेगा 33% आरक्षण

0

दिल्ली: दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार ने सोमवार को महिलाओं को रोजगार के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के साथ ई-ऑटो परमिट (E-Auto Permits) के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की शुरुआत की है।

दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने सोमवार को बताया कि पहले चरण में महिला आवेदकों के लिए 1,406 समेत कुल 4,261 ई-ऑटो परमिट जारी किए जाएंगे। इसके लिए आवेदन करने के पात्र लोग दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग की वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

एक ट्वीट में गहलोत ने कहा कि ई-ऑटो परमिट दिल्ली को इलेक्ट्रिक वाहन राजधानी बनाने की दिशा में अरविंद केजरीवाल सरकार का प्रभावी कदम है। दिल्ली सरकार शहर को प्रदूषण मुक्त, विश्वस्तरीय यातयात सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

दिल्ली सरकार इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल पॉलिसी के तहत ई-ऑटो खरीदने पर 30,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करती है। इसके लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख एक नवंबर है।

परमिट लेने के लिए ये है शर्तें

परिवहन विभाग ने कहा है कि कोई भी व्यक्ति जिसके पास दिल्ली का पता, हल्के मोटर वाहन का वैध ड्राइविंग लाइसेंस या टीएसआर ड्राइविंग लाइसेंस के साथ आधार संख्या है, वह ई-ऑटो परमिट के लिए आवेदन कर सकता है। हालांकि, आवेदन के समय सार्वजनिक सेवा वाहन बैज की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि, सफल आवेदकों को परमिट आवंटन के ड्रा के 45 दिनों के भीतर बैज प्राप्त करना होगा।

परमिट के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 1 नवंबर है। दिल्ली सरकार द्वारा पैनल में शामिल एजेंसियों के माध्यम से पांच प्रतिशत ब्याज छूट के साथ ऋण प्रदान किया जाएगा।

विभाग ने कहा कि सरकार 25-31 अक्टूबर को आईडीटीआर सराय काले खां और लोनी में ‘ई-ऑटो मेला’ भी आयोजित करेगी, जहां लोग ई-ऑटो मॉडल तलाश सकेंगे, उन्हें चला सकेंगे और ऋण के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

युजवेंद्र चहल पर जातिगत टिप्पणी मामले में पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह गिरफ्तार, जमानत पर किए गए रिहा

0

हिसार: अनुसूचित जाति को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह (Yuvraj Singh) को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार (Arrest) कर लिया. हालांकि, उन्हें कुछ देर बाद अंतरिम जमानत पर रिहा भी कर दिया गया. युवराज सिंह ने पिछले साल लॉकडाउन के समय इंस्टाग्राम पर क्रिकेटर रोहित शर्मा के साथ बातचीत की थी. इस दौरान उन्होंने यजुवेंद्र चहल के लिए एक आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया था. इसके बाद, युवी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करवाया गया.

युवराज सिंह की गिरफ्तारी के मामले को पुलिस ने शुरुआत में गुप्त रखा. उन्हें शनिवार को ही हरियाणा की हांसी पुलिस ने गिरफ्तार कर जांच में शामिल किया था. इसके बाद उनकी गिरफ्तारी की जानकारी रविवार देर रात सामने आई. पुलिस ने युवराज को हिसार स्थित पुलिस विभाग के गजेटेड ऑफिसर मैस में बैठाकर पूछताछ की और मामले से जुड़े कुछ सवाल-जवाब किए. बाद में हाई कोर्ट के निर्देशानुसार युवराज सिंह को औपचारिक जमानत पर छोड़ दिया गया.

सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होने के बाद युवराज सिंह ने बयान पर खेद भी व्यक्त किया था. उन्होंने ट्विटर पर कहा था कि मैं यह बात साफ कर देना चाहता हूं कि किसी भी तरह के भेदभाव में विश्वास नहीं रखता हूं. चाहे वह जाति, रंग, लिंग या मजहब का आधार पर हो. मैंने अपनी जिंदगी लोगों की भलाई के लिए लगाई है और आगे भी ऐसा ही करता रहूंगा. उन्होंने आगे कहा था कि अपने दोस्तों के साथ बातचीत के दौरान मैंने जो कहा उसे गलत तरीके से समझा गया. हालांकि, जिम्मेदार भारतीय नागरिक होने के नाते मैं यह कहता हूं कि अगर मैंने किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है तो उसके लिए खेद व्यक्त करता हूं.

टीम इंडिया का इंग्लैंड से आज वार्म अप मैच

0

टी-20 वर्ल्ड कप में 24 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करने से पहले आज विराट की सेना का सामना आज वार्म अप मैच में इंग्लैंड के साथ होगा। दोनों टीमों के बीच ये मैच दुबई के मैदान पर खेला जाएगा। इस मैच के बाद टीम इंडिया 20 अक्टूबर को एक और वार्म अप मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी।

टीम इंडिया के वार्म अप मैचों का शेड्यूल
18 अक्टूबर, भारत Vs इंग्लैंड
20 अक्टूबर, भारत Vs ऑस्ट्रेलिया

दोनों मुकाबले कहां खेले जाएंगे?

भारतीय क्रिकेट टीम के दोनों वार्म अप मुकाबले दुबई के क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी इस मैदान पर IPL के दौरान भी खेल चुके हैं।

कितने बजे शुरू होंगे भारतीय टीम के टी20 विश्व कप 2021 वॉर्म अप मैच?
भारतीय टीम के दोनों मुकाबले अलग-अलग टाइम पर हैं। पहला वार्म अप मैच आज शाम 7 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा। वहीं, टीम इंडिया का दूसरा वार्म अप मैच दोपहर साढ़े तीन बजे खेला जाएगा।

टीम इंडिया के वार्म अप मैचों का लाइव प्रसारण किस चैनल पर होगा?
भारतीय टीम के वार्म अप मैचों का लाइव प्रसारण स्‍टार स्‍पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। आप मैच हिंदी व इंग्लिश कमेंट्री दोनों में देख सकते हैं।

उत्तर प्रदेश में इसी माह से मिलेगी बाल सेवा योजना का लाभ ,20 हजार बच्चे लाभान्वित

0

लखनऊ: कोरोना काल में बहुत से ऐसे बच्चे थे, जिन्होंने अपने माता-पिता दोनों को खो दिया. कई बच्चों ने अपने माता या पिता में से किसी एक को खो दिया. ऐसे बच्चों के लिए सरकारों ने कई योजनाएं शुरू कीं. योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने भी ऐसे बच्चों के लिए बाल सेवा योजना शुरू की थी.

कोरोना काल यानी यानी मार्च 2020 से कोरोना के कारण अपने माता-पिता या दोनों में से किसी एक को खोने वाले बच्चों के लिए यूपी सरकार ने बाल सेवा योजना शुरू की थी. सरकार का दावा है कि इस योजना के तहत अब तक 6000 बच्‍चे लाभान्वित हुए हैं. महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 2000 और बच्‍चों को भी इस योजना के तहत चयनित किया गया है जिनको इसी माह किस्‍त दी जाएगी.

हालांकि, महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से ये नहीं बताया गया है कि इस योजना के लाभार्थियों को किस्त का भुगतान इस महीने कितनी तारीख को किया जाएगा. विभाग के मुताबिक कोरोना काल में अपने माता-पिता या दोनों में से किसी एक को खोने वाले बच्चे आवेदन कर सकते हैं.

गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन कर रहे परिवार के बच्चों के बच्चों के लिए भी यूपी सरकार की योजना से विभाग का दावा है कि करीब 20 हजार बच्चे लाभान्वित हुए हैं. बता दें कि कोरोना काल में अपने माता-पिता को खो चुके बच्चों का मसला कोर्ट भी पहुंचा था. कोर्ट ने भी सरकारों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा था कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा उत्पन्न न हो. साथ ही ये भी कहा था कि इन बच्चों को योजनाओं के दायरे में लाया जाए और लाभान्वित किया जाए.

केन्द्रीयकृत कॉल-सेंटर विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिये स्थापित

0

भोपाल प्रदेश में विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिये तीनों विद्युत वितरण कम्पनियों में केंद्रीकृत कॉल-सेंटर स्थापित किये गए हैं। ऊर्जा मंत्री  तोमर ने बताया कि कम्पनी मुख्यालय भोपाल, जबलपुर एवं इंदौर में स्थित ये कॉल-सेंटर 24×7 कार्यरत हैं। इसमें कॉमन नम्बर 1912 के माध्यम से शिकायतें दर्ज कर सम्बंधित अधिकारी और कर्मचारी को शिकायत प्रेषित की जा सकती हैं। शिकायतों के निराकरण के पश्चात काल सेंटर से उपभोक्ता का फ़ीडबेक भी लिया जा रहा है।

97.14 प्रतिशत शिकायतों का हुआ निराकरण

चालू अक्टूबर माह के प्रथम पंद्रह दिवस में प्रदेश स्तर पर कुल 1 लाख 77 हजार 852 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमे से 17 लाख 32 हजार 52 शिकायतें निराकृत कर दी गयी हैं। निराकरण का प्रतिशत 97.14 प्रतिशत है।

इनमें से पूर्व क्षेत्र द्वारा 36 हजार 900 में से 34 हजार 780 शिकायतें, मध्य क्षेत्र द्वारा 59 हजार 458 में से 59 हजार 14 शिकायते एवं पश्चिम क्षेत्र द्वारा 81 हजार 494 में से 79 हजार 458 शिकायतें निराकृत की गई हैं। इन शिकायतों में सर्वाधिक शिकायतें विद्युत प्रदाय से सम्बंधित हैं, जिनका त्वरित निराकरण किया गया है। इसके अतिरिक्त खराब वितरण ट्रांसफार्मर और मीटर अथवा बिल सम्बन्धी शिकायतों का भी निराकरण किया जा रहा है।

भंवरी कांड के मुख्य आरोपी और पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा का निधन

0

राजस्थान : राजस्थान में पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा का रविवार सुबह निधन हो गया। 69 वर्षीय मदेरणा कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे। महिपाल मदेरणा का नाम जोधपुर जिले की एएनएम भंवरी देवी के किडनैपिंग और मर्डर केस में सुर्खियों में आया था। उस वक्त मदेरणा राजस्थान के जल-संसाधन मंत्री थे। बाद में इसी केस के चलते उन्हें अपने पद से हाथ धोना पड़ा था। भंवरी देवी केस में मदेरणा को दस साल की जेल भुगतनी पड़ी थी। कुछ वक्त पहले ही उन्हें हाईकोर्ट से जमानत मिली थी।

पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे श्री महिपाल मदेरणा जी के निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि शोकाकुल परिवारजनों को यह आघात सहने की शक्ति दें तथा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।

फंसे थे भंवरी देवी कांड में
सितंबर 2011 में भंवरी देवी कांड ने देशभर में सुर्खियां बटोरी थीं। उस वक्त महिपाल मदेरणा अशोक गहलोत सरकार में जल संसाधन मंत्री थे। बाद में भंवरी देवी के साथ उनकी सीडी सामने आने के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया था। इस केस के बाद से ही मदेरणा लगातार जेल में थे। वहीं मदेरणा की मौत के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर अपनी संवेदना व्यक्त की है।

ऐसा रहा राजनीतिक करियर
महिपाल राजस्थान के दिग्गज नेता परसराम मदेरणा के बेटे थे। जोधपुर में उनकी राजनीतिक पकड़ खासी मजबूत रही है। उनकी फैमिली में उनकी पत्नी लीला मदेरणा और दो बेटियां हैं। मदेरणा की पत्नी फिलहाल जोधपुर की जिला प्रमुख हैं। वहीं उनकी एक बेटी दिव्या ओसियां से विधायक है। महिपाल मदेरणा खुद 19 साल तक जोधपुर के जिला प्रमुख रहे। वह दो बार ओसियां से विधायक चुने गए।