Home Blog Page 202

जबलपुर से आए आदेश ने बढ़ाई पांच साल से ज्यादा पुराने आपराधिक मामलों की गति

0

इंदौर । जबलपुर से आए एक आदेश के बाद सालों से न्यायालयों की अलमारियों में पड़े-पड़े धूल खा रहे प्रकरण अचानक दौड़ने लगे हैं। सुनवाई की रफ्तार देख वकील भी चकित हैं। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अचानक ऐसा क्या हुआ कि जिन प्रकरणों में लंबी-लंबी तारीखें लगती थी उनमें रोज दर रोज सुनवाई होने लगी है।

दरअसल मुख्य न्यायाधिपति ने सभी अधिनस्थ न्यायालयों को आदेश दिया है कि वे पांच साल से ज्यादा पुराने प्रकरणों के निराकरण की गति को बढ़ाएं। कोशिश करें कि 31 दिसंबर 2021 तक ज्यादातर पुराने आपराधिक प्रकरणों का निराकरण हो जाए। न्यायालयों को 25-25 पुराने प्रकरण निराकरण के लिए चिन्हित कर सौंपे भी गए हैं। जबलपुर से आए इस आदेश के बाद न्यायालयों की परेशानी भी बढ़ गई है क्योंकि 8 नवंबर से 31 दिसंबर तक कोर्ट सिर्फ 33 दिन ही काम करेगी। बाकी दिन अवकाश है।

जिला न्यायालय में करीब दो लाख प्रकरण लंबित हैं। इनमें से 18 हजार ऐसे हैं जो 10 साल या इससे ज्यादा पुराने हैं। इन प्रकरणों के निराकरण के लिए हाल ही में मुख्य न्यायाधिपति ने अधिनस्थ न्यायालयों को एक आदेश जारी कर 31 दिसंबर से पहले कम से कम 25 पुराने मामलों का निराकरण करने को कहा है। इस आदेश के बाद जिला न्यायालय में अचानक प्रकरणों की सुनवाई की गति बढ़ गई है।

न्यायालयों के सामने दिक्कत यह है आठ नवंबर से 31 दिसंबर तक उन्हें काम करने के लिए सिर्फ 33 दिन ही मिल रहे हैं। नवंबर में 17 और दिसंबर में सिर्फ 16 दिन ही न्यायालयों में कामकाज होना है। ऐसी स्थिति में लक्ष्य हासिल करने के लिए न्यायालय इन प्रकरणों को दिन-प्रतिदिन के आधार पर सुनवाई के लिए लगा रहे हैं। वकीलों को भी सामान्य दिनों के मुकाबले ज्यादा काम करना पड़ेगा।

इंदौर में लोकायुक्त ने खाद्य विभाग के आपूर्ति अधिकारी को 15000 की रिश्वत लेते पकड़ा

0

इंदौर। लोकायुक्त पुलिस ने राशन दुकान पर किसी भी कार्रवाई नहीं करने के ऐवज में 15 हजार रुपये प्रति माह की रिश्वत की मांग करने वाले खाद्य विभाग के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी धर्मेश शर्मा को रणनीति बनाकर सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। वह राजेन्द्र नगर स्थित अवासा रेसीडेंसी पर रिश्वत की पहली किश्त ले रहा था।

लोकायुक्त पुलिस के पास राजेन्द्र नगर एबी रोड स्थित आनंद नगर निवासी अमित कलसी ने कलेक्टर कार्यालय में स्थित खाद्य विभाग में पदस्थ धर्मेंद्र शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। अमित के अनुसार वह अहीर खेड़ी महिला सहकारी उपभोक्ता भंडार ग्राम बांक चंदन नगर इंदौर में शासकीय राशन दुकान में सेल्समैन है। धर्मेंद्र ने अमित से राशन की दुकान के संचालन के दौरान किसी प्रकार के छापे या अन्य कार्रवाई नहीं करने के ऐवज में हर महीने 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। धर्मेंद्र ने साथ ही धमकी दी थी कि यदि वह प्रति माह 15 हजार रुपये की रिश्वत नहीं देता हे तो वह राशन की दुकान में कई कमियां निकाल देगा और उसकी दुकान बंद करवा देगा।

इसके बाद अमित ने इस बात की शिकायत लोकायुक्त पुलिस को की थी। लोकायुक्त पुलिस ने रणनीति बनाते हुए अमित से धर्मेंद्र की बातचीत रिकार्ड करने के लिए कहा। अमित ने बातचीत रिकार्ड कर दो नवंबर को रिकार्डिंग लोकायुक्त पुलिस को सौंप दी। पुलिस ने अमित को रिश्वत की पहली किश्त देने के लिए कहा। उसके सोमवार सुबह धर्मेंद्र को उसके आवासा लग्जरी रेसीडेंसी के बाहर निर्माणाधीन बगीचे में रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। उस पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधित) 2018 की धारा 7 के अंतर्गत कार्यवाही की जा रही है।

स्टेट बैंक के ग्राहकों को मुफ्त में मिलेगा 2 लाख रुपये का फायदा

0

नई दिल्‍ली : देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (State Bank Of India) अपने ग्राहकों को एक बड़ा फायदा दे रहा है और वह भी बिल्कुल मुफ्त। इसके तहत बैंक के ग्राहकों को 2 लाख रुपेय तक का मुफ्त इंश्योरेंस मिलेगा। यह सुविधा बैंक की तरफ से जन धन अकाउंट के खाताधारकों को दी जा रही है। बैंक की तरफ से जनधन खातों पर रूपे जनधन कार्ड (Rupay Jan Dhan Card) दिया जाता है और उस पर 2 लाख रुपये का एक्सिडेंटल इंश्योरेंस कवर (SBI Free accidental insurance cover) भी ग्राहकों को मिलता है। अगर आपका जनधन खाता नहीं है तो आप अपने बेसिक खाते को भी जनधन में ट्रांसफर कर सकते हैं।

भारतीय स्टेट बैंक की तरफ से ग्राहकों को यह सुविधा भी दी जा रही है कि वह अपने बेसिक खाते को जनधन खातों में ट्रांसफर कर लें। अगर आप भी भारतीय स्टेट बैंक की तरफ से दिए जा रहे इस 2 लाख रुपये के एक्सिडेंटल बेनेफिट का फायदा उठाना चाहते हैं तो बैंक से बात कर के अपना खाता जनधन खाते में ट्रांसफर कर सकते हैं। जिन ग्राहकों ने 28 अगस्त 2018 से पहले खाता खुलवाया है, उन्हें 1 लाख रुपये का एक्सिडेंटल इंश्योरेंस मिलता है, उन्हें भी इस नई सुविधा का फायदा मिलेगा। वहीं 28 अगस्त 2018 के बाद खाते खुलवाने वाले ग्राहकों को तो इसका फायदा मिलेगा ही। ध्यान रहे कि यह फायदा सिर्फ उन्हें ही मिलेगा, जो रूपे जनधन कार्ड के लिए आवेदन करेंगे।

भारतीय स्‍टेट बैंक की इस योजना के तहत भारत के बाहर हुई व्यक्तिगत दुर्घटना भी कवर की जाती है। जरूरी दस्तावेज जमा कर के आप बीमा की राशि के अनुसार क्लेम कर सकते हैं। इसका फायदा पाने के लिए नॉमिनी को एक क्लेम फॉर्म भरना होगा और मृतक का मत्यु प्रमाण पत्र उसमें लगाना होगा। उसे एक्सिडेंट को लेकर की गई एफआईआर की एक कॉपी भी जमा करनी होगी। मरने वाले व्यक्ति के आधार कार्ड की भी जरूरत होगी। यह सभी दस्तावेज एक्सिडेंट के 90 दिनों के अंदर जमा करने होंगे।

अगर आपका जनधन खाता नहीं है और आप इसका फायदा उठाने के लिए अपना नया जनधन खाता खोलना चाहते हैं तो नजदीकी बैंक में जाकर आसानी से ये खाता खुलवा सकते हैं। इसके लिए आपको एक फॉर्म भरना होगा, जिसमें नाम, मोबाइल नंबर, बैंक ब्रांच का नाम, आवेदक का पता, नॉमिनी, व्यवसाय/रोजगार और सालाना आय समेत आश्रितों की संख्या का उल्लेख करना होगा। साथ ही एसएसए कोड या वार्ड नंबर, विलेज कोड या टाउन कोड की जानकारी भी देनी होगी। वहीं एक्सिडेंटल इंश्योरेंस कवर का फायदा पाने के लिए आपके रूपे जनधन कार्ड के लिए भी आवेदन करना होगा।

आडवाणी का हाथ पीएम मोदी ने थामा , जन्मदिन की बधाई देने के लिए घर में लगा बीजेपी नेताओं का तांता

0

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी का जन्मदिन है। पीएम मोदी समेत तमाम पार्टी नेताओं ने उनके घर जाकर उनको शुभकामनाएं दी। इस दौरान पीएम मोदी बाकायदा उनका हाथ पकड़कर उनके साथ नजर आए।

बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी आज 94 साल के हो गए हैं। उन्हें बधाई देने के लिए बीजेपी नेताओं का तांता लगा हुआ है। पीएम नरेंद्र मोदी सोमवार सुबह आडवाणी को बधाई देने पहुंचे। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और बीजेपी अध्यक्ष नड्डा भी उनके घर पहुंचे।

पूरी बीजेपी आज अपने नेता के साथ

सुबह से आज लालकृष्ण आडवाणी को बधाई देने वाले नेताओं का तांता लगा हुआ है। सोशल मीडिया पर भी लोग उनको शुभकामनाएं दे रहे हैं। बीजेपी के तमाम मंत्री उनके आवास पर उनसे गुफ्तगूं करते हुए।
पीएम मोदी सुबह गुलदस्ता लेकर आडवाणी से मिलने पहुंचे। घर में दाखिल होने के बाद मोदी हाथ थामकर आडवाणी को लॉन तक लाए। 94 साल के हो चुके बीजेपी के वरिष्ठ नेता का एक हाथ मोदी ने थामा हुआ था, तो दूसरा हाथ उनकी बेटी प्रतिभा आडवाणी थामे हुए थी।
94 साल के हो चुके बीजेपी के वरिष्ठ नेता का एक हाथ मोदी ने थामा हुआ था, तो दूसरा हाथ उनकी बेटी प्रतिभा आडवाणी थामे हुए थी। दोनों के सहारे के साथ आडवाणी लॉन में रखी हुई कुर्सी पर बैठ गए। वहां गोल मेज के चारों ओर लगी कुर्सी पर धीरे-धीरे बीजेपी के बाकी वरिष्ठ नेता अमित शाह, राजनाथ सिंह, वेंकैया नायडू, नड्डा भी उनके पास बैठ गए।

सोनिया- राहुल जवाब दे, कांग्रेस शासित राज्य कब कम करेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम – शिवराज

0

भोपाल। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पेट्रोल और डीजल की कीमतें कम करने को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस बहुत शोर मचाती थी पेट्रोल और डीजल के दामों पर, अब सोनिया गांधी और राहुल गांधी को जवाब देना चाहिए कि बीजेपी शासित राज्यों की सरकार ने केंद्र सरकार के साथ डीजल और पेट्रोल के दाम कर दिए।

अब मेडम सोनिया गांधी क्या कर रही हैं? कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री डीजल और पेट्रोल के दाम कम क्यों नहीं कर रहे हैं, वो वेट क्यों नहीं घटा रहे हैं। अब चुप्पी दबाएं बैठे हैं। कांग्रेस को जवाब देना होगा। कांग्रेसी घड़ियाली आंसू बहाते थे, जनता के कष्ट का झूठा रोना रोते थे।

वहीं मीडिया से चर्चा के दौरान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर पूछे सवाल पर उन्होंने कहा कि आज अच्छा दिन है हमारी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक है। दिग्विजय सिंह जैसे नेता की चर्चा आज नहीं करनी चाहिए।

प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि अपने वाले दिनों में मध्य प्रदेश में स्थिरता और समृद्धि हमारी दो दिशाएं रहेंगी। इस दिशा में हम काम करेंगे। हम सरकार की नीतियों और पार्टी की गतिविधियों के जरिए 51 प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाने का कार्यकर्ताओं को लक्ष्य देंगे। उप चुनाव में मिली जीत को उन्होंने कहा कि प्रदेश में उपचुनाव के परिणाम सबसे अच्छे आए हैं।

टीकाकरण बैठक में न पहुंचने पर CMO सहित 4 अधिकारियों को नोटिस

0

छतरपुर: कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने नौगांव तहसील में अधिकारियों के साथ बैठक कर 100 फीसदी वैक्सीनेशन और लोगों को दूसरा डोज लगाए जाने को लेकर कार्ययोजना बनाई। वहीं, इस बैठक में बिना सूचना हरपालपुर सीएमओ शीतल भलावी, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी नौगांव अनिल नामदेव व महाराजपुर परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास नेहा जैन व फूड इंस्पेक्टर ऋषि शर्मा को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

 

कलेक्टर ने कहा कि पात्र व्यक्तियों का डोर-टू-डोर सर्वे कर 100 फीसदी वैक्सीनेशन कराया जाये। उन्होंने सीएमओ, जनपद पंचायत सीईओ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा महिला एवं बाल विकास के अधिकारियों को वैक्सीनेशन अभियान सफल बनाने और लक्ष्य को आगामी 31 दिसंबर तक पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए हैं साथ ही कहा कि ग्राम और वार्ड स्तर पर दल गठित कर टीकाकरण कराया जाए। जो व्यक्ति शेष रह गये हैं उनकी पहचान कर वैक्सीन लगाएं।

 

कलेक्टर ने कहा कि ग्रामवार एवं वार्डवार दल गठित कर दल के सदस्य वैक्सिनेटर ,बेरिफायर, एम पी डब्ल्यू, बीएलओ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पटवारी, सचिव, रोजगार सहायक एवं आशा कार्यकर्ता डोर टू डोर सर्वे करेंगे तथा टीकाकरण को शेष रह गये व्यक्तियों की पहचान कर उनको कोविड-19 का दूसरा टीका लगवाएंगे।

दिसम्बर में मध्य प्रदेश प्राप्त कर लेगा सम्पूर्ण वैक्सीनेशन का लक्ष्य-सी एम शिवराज

0

भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नागरिकों को स्वदेशी वैक्सीन के माध्यम से कोविड से बचाव का सुरक्षा चक्र प्रदान किया है। मध्यप्रदेश ने वैक्सीनेशन में देश के अग्रणी रहकर प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करने का प्रयास किया है। आगामी दिसम्बर माह तक प्रदेश के सभी लोगों को कोविड-19 से बचाव के लिए वैक्सीन का द्वितीय डोज लगाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपील में कहा है कि प्रदेश के सभी नागरिकों को इस कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें। मध्यप्रदेश दिसम्बर माह के अंत तक सभी नागरिकों के वैक्सीनेशन का लक्ष्य प्राप्त कर लेगा।

इन तारीखों को रखें याद

उल्लेखनीय है कि दूसरा डोज लगाने का 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए मध्यप्रदेश में इस महीने की 10, 17 और 24 तारीख के अलावा 4 दिसम्बर को टीकाकरण महाअभियान चलाया जाएगा। इन तारीखों को सभी याद रखें।

वैक्सीनेशन की बात हमारी मेल-मुलाकातों, बातचीत आदि में शामिल रहे। इससे सम्पूर्ण व्यक्तियों के दोनों डोज के वैक्सीनेशन के लिए अनुकूल वातावरण बन जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इस महा अभियान को सफल बनाने के लिए सभी वर्गों को भागीदारी करनी है।

अन्य प्रांतों के लिए अनुकरणीय बना है मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कोविड-19 से पूर्ण सुरक्षा के लिए वैक्सीन के दोनों डोज लगवाना आवश्यक है। मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट कर प्रदेशवासियों से अपील की है कि जिस तरह आपने पहला डोज लगवाने में जागरूकता का परिचय दिया, उसी तरह दूसरे डोज के लिए भी आगे आएं और प्रदेश को 100 प्रतिशत टीकाकरण युक्त और कोरोना मुक्त बनाने में अपना योगदान दें। प्रदेश के नागरिकों की जागरूकता सराहनीय और अन्य प्रांतों के लिए अनुकरणीय है।

विद्यार्थियों का सहयोग रखा जाएगा याद

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में इस वर्ष संचालित विशेष अभियानों की वजह से 7 करोड़ से अधिक नागरिक वैक्सीन लगवा चुके हैं। वैक्सीनेशन के कार्य को पूर्णता तभी मिलेगी जब हर व्यक्ति स्वयं दोनों डोज लगवाने के साथ ही अपने मित्रों, परिचितों और रिश्तेदारों को दोनों डोज लगवाने के लिए प्रेरित करे।

मध्यप्रदेश वैक्सीनेशन में प्रथम बना रहे इसके लिए हमारे विद्यार्थीबंधु भी आगे आये हैं। वे घर-घर जाकर वैक्सीन के दोनों डोज लगवाने का आग्रह आमजनता से कर रहे हैं। विद्यार्थी वर्ग द्वारा दिए जाने वाले इस सहयोग को इतिहास में याद रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री चौहान ने आशा व्यक्त की कि 10, 17 और 24 नवम्बर और 4 दिसम्बर को टीकाकरण महा अभियान में पूर्व के अभियानों की तरह उत्साह का वातावरण तैयार होगा और हम निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त कर लेंगे।

न्यूज़ीलैंड के मैच जीतते ही भारत का t-20 मे अभियान खत्म, नामीबिया से आखिरी मैच कल

0

आबू धाबी : दो दिन पहले एक न्यूज़ चैनल पर रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) से सवाल किया गया था कि यदि न्यूजीलैंड से अफगानिस्तान से हार गया तो भारत की रणनीति क्या होगी? इस पर जडेजा का जवाब था कि हम अपना बैग पैक कर लेंगे! आज वही हुआ। न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को आज T-20 वर्ल्ड कप में 8 विकेट हरा दिया और वो सेमी फ़ाइनल में पहुँच गया। इसके साथ ही भारत की सेमी फ़ाइनल में जाने की रही-सही उम्मीदें भी ख़त्म हो गई! पहले पाकिस्तान और फिर न्यूजीलैंड से हारने के बाद भारत के सामने यही एक विकल्प बचा था!

भारत का सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए जरूरी था कि अफगानिस्तान न्यूजीलैंड को हराता। ऐसे में अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के 6-6 अंक होते। भारत अपने आखिरी लीग मैच में नामीबिया के खिलाफ जीत दर्ज करते हुए नेट रन रेट के हिसाब से सेमीफाइनल के लिए क्वॉलिफाइ करता, लेकिन यहां न्यूजीलैंड ने मैच जीतते हुए 8 अंकों के साथ सीधे सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाबी हासिल कर ली।

अफगानिस्तान को टी-20 वर्ल्ड कप-2021 के सुपर-12 के मैच में न्यूजीलैंड से 8 विकेट से हार मिली। केन विलियम्सन की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड टीम ने अफगानिस्तान को पहले 124 रनों पर रोका, फिर 18.1 ओवरों में 2 विकेट खोकर 125 रन बनाते हुए आसानी से मैच अपने नाम कर लिया। अब T-20 वर्ल्ड कप की चारों सेमीफाइनल टीमों का नाम तय हो गया।

न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान मैच की बात करें, तो कप्तान विलियमसन ने अपनी सफल भूमिका निभाई। उन्होंने 42 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से नाबाद 40 रन बनाए। डेवोन कॉनवे के साथ तीसरे विकेट के लिए 68 रन की अटूट साझेदारी की। मार्टिन गप्टिल ने 23 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 28 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड के सामने लक्ष्य छोटा था।

ऐसे में मुजीब उर रहमान (31 रन देकर एक) ने मिचेल को विकेट के पीछे कैच कराकर अफगानिस्तान के साथ भारतीय प्रशंसकों के चेहरों की रंगत लौटाई। गप्टिल ने मुजीब पर लगातार दो चौके लगाकर पावरप्ले में स्कोर 45 रन तक पहुंचाया। राशिद खान (27 रन देकर एक) ने इसके बाद गेंद संभाली और आते ही अपना असर दिखाया। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने उन्हें पूरा सम्मान दिया। राशिद ने गप्टिल को गुगली पर बोल्ड करके T-20 क्रिकेट में अपना 400वां विकेट लिया।

भारतीय समर्थकों के समर्थन के बीच पावरप्ले के बाद न्यूजीलैंड को अगले पांच ओवर तक गेंद ने सीमा रेखा तक नहीं पहुंचाने दी। विलियमसन ने 12वें ओवर में राशिद की गुगली को अच्छी तरह से पढ़कर उसे मिड विकेट पर 4 रन के लिए भेजा। कॉनवे ने पहले स्पिनरों को जांचा परखा और फिर मोहम्मद नबी पर दो चौके लगाकर दबाव को पूरी तरह से खत्म किया। उन्होंने रिवर्स स्वीप से राशिद पर भी चौका लगाया। विलियमसन की पारी की विशेषता यह रही कि उन्होंने किसी भी समय जल्दबाजी नहीं दिखाई और सहजता से टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।

इससे पहले बाएं हाथ के बल्लेबाज नजीबुल्लाह जादरान के आकर्षक अर्धशतक के बावजूद अफगानिस्तान ने ट्रेंट बोल्ट और टिम साउदी की घातक गेंदबाजी के सामने न्यूजीलैंड के खिलाफ 8 विकेट पर 124 रन बनाए। अफगानिस्तान ने हालांकि तीन विकेट 19 रन पर गंवा दिए जिसका प्रभाव उसकी पूरी पारी पर दिखा। उसके केवल तीन बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे जिनमें नजीबुल्लाह ने 48 गेंदों पर 73 रन बनाए जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल हैं।

सेमी फ़ाइनल की 4 टीम तय

ग्रुप-1 से इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ने क्वॉलिफाई किया, जबकि ग्रुप-2 से पाकिस्तान और न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंची हैं। भारतीय टीम को अपने शुरुआती दो मैचों में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड से हार मिली थी। इसके बाद उसने अफगानिस्तान और स्कॉटलैंड के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करते हुए वापसी की, लेकिन अब उसका नामीबिया के खिलाफ मैच सिर्फ औपचारिकता है।

कैटरीना और विक्की कौशल का रोका हुआ, शादी दिसम्बर मे तय

0

मुंबई : इन कयासों का अंत हो गया कि कैटरीना कैफ (Katrina Kaif) और विक्की कौशल (Vicky Kaushal) की शादी की खबरें सच निकलेगी या नहीं! इस बीच ताजा खबर है कि कैटरीना और विक्की की कपल ने रोका सेरेमनी कर ली। ये रोका जाने-माने डायरेक्टर कबीर खान (Kabir Khan) के घर पर हुआ। कैटरीना कबीर खान को अपना मुंहबोला भाई मानती हैं। कबीर के साथ कैटरीना ने ‘एक था टाइगर’ और ‘न्यूयॉर्क’ में काम किया है।

विक्की और कैटरीना की रोका सेरेमनी बेहद गोपनीय रही। इसमें दोनों के फैमिली मेंबर्स ही शामिल हुए। कैटरीना की ओर से मां सुज़ैन फ़िरोक्वेट (Suzanne Turquoette) और छोटी बहन इसाबेल शामिल हुई। जबकि, विक्की के माता-पिता श्याम और वीणा कौशल के साथ उनके छोटे भाई सनी कौशल भी सेरेमनी का हिस्सा बने। एक करीबी ने जानकारी दी कि ये छोटी लेकिन बेहद सुंदर रोका सेरेमनी थी। कैटरीना लहंगे में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। दिवाली की तारीखें शुभ मुहूर्त थीं, इसलिए दोनों के परिवारों ने जल्दी करने का फैसला किया। इस सेरेमनी में कबीर खान की पत्नी मिनी माथुर भी थीं।

विक्की कौशल और कैटरीना कैफ दिसंबर में राजस्थान के किसी रिसोर्ट में शादी कर सकते हैं। वे हनीमून पर नहीं जाएंगे, क्योंकि दोनों की फिल्मों की शूटिंग चल रही है। कैटरीना को ‘टाइगर-3’ की शूटिंग पूरी करना है, जबकि विक्की जनरल मानेकशॉ की बायोपिक ‘सैम बहादुर’ की शूटिंग शुरू करेंगे। शादी की डेट और वेन्यू के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई।

बीजेपी की राष्‍ट्रीय कार्यसमिति की बैठक रविवार को

0

रविवार को भाजपा की राष्‍ट्रीय कार्यसमिति की बैठक होगी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा सहित 124 सदस्‍य भाग लेंगे। यह बैठक बहुत महत्‍वपूर्ण साबित हो सकती है क्‍योंकि इसमें आगामी विधानसभा चुनावों के संबंध में नीति पर मंथन हो सकता है। बैठक नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के सम्मेलन कक्ष में सुबह 10 बजे से होगी। राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में अगले साल पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति पर गहन चर्चा की जाएगी। कार्यसमिति की यह बैठक दो साल बाद हो रही है। कोरोना संक्रमण के चलते 2019 के बाद यह बैठक नहीं हो सकी थी। भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि बैठक की शुरुआत पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे, जबकि समापन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी। कोरोना महामारी के सामने आने के बाद इस पहली आमने-सामने की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा अध्यक्ष नड्डा समेत राष्ट्रीय कार्यसमिति के 124 सदस्य व्यक्तिगत रूप से शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री और 36 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में प्रदेश अध्यक्षों के नेतृत्व में राज्य इकाइयां डिजिटल माध्यम से कार्यसमिति की बैठक से जुड़ेंगी।