Home Blog Page 152

मप्र हाई कोर्ट में छह नए जज नियुक्त होंगे, सुप्रीम कोर्ट कालेजियम ने की अनुशंसा

0

जबलपुर। हाई कोर्ट में छह नए जज नियुक्त होंगे। सुप्रीम कोर्ट कालेजियम ने इस सिलसिले में अनुशंसा कर दी है। इसके तहत अधिवक्ताओं के बीच से अधिवक्ता मनिंदर सिंह भट्टी, अधिवक्ता डीडी बंसल व अधिवक्ता मिलिंद रमेश फड़के के नाम शामिल हैं। डीडी बसंल वर्तमान में ग्‍वालियर में शासकीय अधिवक्‍ता के रूप में पदस्‍थ हैं। जबकि न्‍यायिक सेवा से अमर नाथ केशरवानी, प्रकाश चंद्र गुप्ता व दिनेश कुमार पालीवाल के नाम शामिल हैं। सुप्रीम कोर्ट कालेजियम की अनुशंसा के बाद आगे की स्वीकृति प्रक्रिया पूर्ण होते ही इन छह नए न्यायाधीशों की नियुक्ति के आदेश जारी हो जाएंगे। इसी के साथ हाई कोर्ट में न्यायाधीशों की कमी कुछ हद तक दूर होगी।

29 से बढ़कर 35 हो जाएंगे जज : वर्तमान में हाई कोर्ट में 29 न्यायाधीश पदस्थ हैं। जबकि कुल स्वीकृत जजेस के पद 53 हैं। ऐसे में छह नए न्यायाधीश आने से कुल संख्या 35 हो जाएगी। इस तरह 18 न्यायाधीश कम रह जाएंगे। लंबे समय से सभी स्वीकृत पद भरे जाने की मांग की जाती है। सुप्रीम कोर्ट कालेजियम ने वकीलों के बीच से तीन व न्यायिक अधिकारियों के बीच से तीन नए नाम मंजूर किए हैं। ऐसे में आगमी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण होने की उम्मीद है। इसी के साथ शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।

मुख्य न्यायाधीश से उम्मीद : हाई कोर्ट के वकीलों के बीच चर्चा है कि मौजूदा मुख्य न्यायाधीश रवि मलिमठ व हाई कोर्ट कालेजियम की ओर से शीघ्र ही कुछ नए वकीलों के नाम सुप्रीम कोर्ट कालेजियम भेजे जाएंगे। इसी के साथ सुप्रीम कोर्ट कालेजियम आने वाले माहों में नए वकीलों को भी जज बनाने की मंजूरी देगा। इस सिलसिले में हाई कोर्ट के स्तर पर जांच-परख जारी है।

वित्‍त मंत्रि ने आर्थिक सर्वेक्षण 2022 संसद में पेश किया

0

संसद का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने संसद के दोनों सदनों को संबोधित किया। राष्ट्रपति ने बताया कि इस तरह उनकी सरकार ने अलग-अलग क्षेत्रों में उल्ल्खनीय कार्य किए हैं। देश में जल्द ही 5जी तकनीक आएगी। राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद आर्थिक सर्वेक्षण 2022 पेश किया गया। इससे देश की आर्थिक सेहत का अंदाजा लगेगा। इसके बाद 1 फरवरी को आम बजट (Budge 2022) पेश किया जाएगा। मानसून सत्र की तरह ही इस सत्र से पहले भी इजरायली स्पाईवेयर पेगासस का जिन्न फिर बाहर आ गया है। पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं, इसलिए किसानों का मुद्दा भी गरमाया हुआ है। लिहाजा बजट सत्र में भी मानसून सत्र की तरह पेगासस से जासूसी, किसानों की समस्या और पूर्वी लद्दाख में चीनी घुसपैठ का मुद्दा छाए रहने की संभावना है।

पीएम मोदी ने बताया बजट सत्र का महत्व

बजट सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, यह सच है कि चुनाव सत्रों और चर्चाओं को प्रभावित करते हैं। लेकिन मैं सभी सांसदों से अनुरोध करता हूं कि चुनाव चलेंगे लेकिन बजट सत्र पूरे साल का खाका खींचता है। हम इस सत्र को जितना अधिक फलदायी बनाएंगे, देश को आर्थिक ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए शेष वर्ष के लिए बेहतर अवसर होगा।

राष्ट्रपति के अभिभाषण की प्रमुख बातें

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने संसद के दोनों सदनों को संबोधित करते हुए कहा, मैं उन लाखों स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करता हूं जिन्होंने अपने कर्तव्यों को प्राथमिकता दी और भारत को उसके अधिकार दिलाने में मदद की। स्वतंत्रता के 75 वर्षों में भारत की विकास यात्रा में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को भी मैं सम्मानपूर्वक याद करता हूं।

इस वर्ष सरकार ने 23 जनवरी नेताजी की जयंती से गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत की है। मेरी सरकार का मानना ​​है कि देश के सुरक्षित भविष्य के लिए अतीत को याद रखना और उससे सीखना बहुत जरूरी है।

COVID के कारण कई लोगों की जान चली गई। ऐसी परिस्थितियों में भी हमारे केंद्र व राज्यों की टीमों ने, डॉक्टरों, नर्सों, वैज्ञानिकों ने एक टीम के रूप में काम किया… मैं स्वास्थ्य देखभाल करने वाले अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं का आभारी हूं।

#COVID19 के खिलाफ लड़ाई में भारत की क्षमता टीकाकरण कार्यक्रम में स्पष्ट हुई। एक साल से भी कम समय में हमने वैक्सीन की 150 करोड़ से अधिक खुराक देने का रिकॉर्ड बनाया है। आज, हम अधिकतम मात्रा में खुराक देने के मामले में दुनिया के अग्रणी देशों में से एक हैं।

कांग्रेस इन मुद्दों पर करेगी हंगामा

मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस घोषणा कर चुकी है कि वह उपरोक्त मुद्दों के अलावा कोरोना पीड़ित परिवारों को राहत और एयर इंडिया की बिक्री जैसे मुद्दों को उठाने के लिए समान विचारधारा वाली पार्टियों से तालमेल करेगी। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने रविवार को स्पीकर ओम बिरला को लिखे पत्र में केंद्रीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव की प्रक्रिया शुरू करने मांग करके अपने इरादों के संकेत दे भी दिए। इसमें उन्होंने कहा कि सरकार ने सदन में हमेशा कहा कि उसका पेगासस से कोई लेना-देना नहीं है और उसने कभी भी एनएसओ ग्रुप से स्पाईवेयर नहीं खरीदा। न्यूयार्क टाइम्स की ताजा रिपोर्ट से पता चलता है कि मोदी सरकार ने संसद और सुप्रीम कोर्ट को गुमराह किया और देश के लोगों से झूठ बोला।

मध्य प्रदेश में स्कूल ए‍क फरवरी से खुलेंगे

0

भोपाल। मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने के बाद सरकार ने स्कूलों को 31 जनवरी तक बंद करने का निर्देश दिया था। गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार सुबह कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या घट रही है। साेमवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान से चर्चा कर इस पर निर्णय लिया है कि स्कूले एक फरवरी से खुलेगी, लेकिन परीक्षाएं आगे बढ़ाई जाएगी। उधर स्कूली शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि मध्य प्रदेश में परीक्षाओं की तारीख को आगे बढ़ाया जाएगा। पहले बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होने वाली थीं। स्कूल खोलने पर शाम तक फैसला आ सकता है।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कोरोना संक्रमत स्थिति को लेकर बैठक में कहा था कि स्कूल खोलने का निर्णय दूसरे राज्यों में कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखकर लिया जाएगा। मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर शहर में कोरोना संक्रमण के केस कम हो रहे हैं। फरवरी महीने में कोरोना संक्रमण में और कमी आने की संभावना है।

यूपी में पीएम मोदी की पहली वर्चुअल रैली

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूपी चुनाव के लिए पहली वर्चुअल रैली को संबोधित किया। इस रैली के जरिए भाजपा ने उत्तर प्रदेश के पांच जिलों को कवर किया है। ये जिले हैं – शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, सहारनपुर, गौतमबुद्ध नगर (दादरी/जेवर)। पीएम मोदी ने कहा, आज उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर भाजपा की ये पहली वर्चुअल रैली है। इतने कम समय में तकनीक के माध्यम से इतने सारे लोगों को जोड़ना, ये भाजपा कार्यकर्ताओं की दिन-रात की मेहनत का परिणाम है। एक जीवंत संगठन का ये सबूत है। बकौल पीएम मोदी, पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ये वो धरती है, जिसने 1857 की क्रांति में देश को एकजुटता का संदेश दिया था। कमल के फूल और रोटी ने हमेशा देश को बांटने वालों को मुंह तोड़ जवाब दिया है। हम एकजुट रहेंगे, तो कोई हमें कभी परास्त नहीं कर पाएगा। हर एक का प्रयास ही उत्तर प्रदेश को ऊंचाई देगा।

किसानों पर क्या बोले पीएम मोदी

किसानों पर पीएम मोदी ने कहा, भारत प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत एक-एक गरीब परिवार का ध्यान रख रहा है। उत्तर प्रदेश के 15 करोड़ नागरिकों को डबल इंजन सरकार मुफ्त राशन उपलब्ध करा रही है।ये वही उत्तर प्रदेश है जहां 5 साल पहले राशन की दुकानों से गरीबों का राशन चोरी हो जाता था। गरीबों की सरकार की प्राथमिकता क्या है, ये दुनिया में आए 100 साल में सबसे बड़ा संकट से पता लगा है। इतनी बड़ी महामारी आई, उस समय गरीबों के लिए जीने वाली सरकार कैसे काम करती है, ये आज देश अनुभव कर रहा है। पीएम गरीब कल्याण अन्य योजना के तहत देश के एक-एक नागरिक का ध्यान रखा गया है। हमारा लक्ष्य था कि किसान को मिलने वाली सरकारी मदद में लूट बंद हो, बेइमानी बंद हो,यूपी के छोटे किसानों के बैंक अकाउंट में सीधी मदद मिले। आज पीएम किसान सम्मान निधि से यूपी के किसानों को 43 हजार करोड़ रुपए से अधिक सीधे उनके बैंक खातों में मिले हैं। इसका लाभ छोटे किसानों को हुआ है। 2017 से पहले की तुलना में दोगुने से भी अधिक खरीद बीते 5 सालों में MSP पर की गई है। हमने गन्ना किसानों की दिक्कतों को समझते हुए उनके बकाए के जल्द से जल्द भुगतान का भी लक्ष्य रखा था। इस लक्ष्य को भी हमने तेजी से पूरा किया।

मां शाकुंभरी के आशीर्वाद से मैं इस चुनावी अभियान की शुरुआत कर रहा हूं। बागपत, शामली, गौतमबुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर से हमारे साथ जुड़े प्रत्येक मतदाता का भी मैं अभिनंदन करता हूं।

जब मैं पांच साल पहले चुनाव के समय पश्चिमी यूपी में आया था, तो आपसे कहा था कि यूपी के विकास के लिए हम कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे। इन पांच वर्षों में योगी जी के नेतृत्व में, यूपी सरकार ने पूरी ईमानदारी से, पूरी निष्ठा से, आपकी सेवा करने का, यूपी के विकास का प्रयास किया है।

कोई भूल नहीं सकता कि 5 साल पहले यूपी को लेकर क्या चर्चा होती थी? 5 साल पहले- दबंग और दंगाई ही कानून थे, उन्हीं का कहा ही शासन का आदेश था। 5 साल पहले- व्यापारी लुटता था, बेटी घर से बाहर निकलने में घबराती थी और माफिया, सरकारी संरक्षण में खुलेआम घूमते थे।

हम यूपी में बदलाव के लिए खुद को खपा रहे हैं, वो आपसे बदला लेने की ठानकर बैठे हैं। इन लोगों ने जिन्हें टिकट दिया है, वो इसका एक और सबूत है। ये बदला लेना ही हमेशा से उनकी सोच रही है। इसलिए मैं देखकर खुश हूं कि यूपी के लोग इन दंगाई सोच रखने वालों से बहुत सावधान हैं, सतर्क हैं।

जेसन होल्डर की अनोखी हैट्रिक, आखिरी ओवर में लगातार 4 गेंदों में झटके 4 विकेट

0

ब्रिजटाउन (बारबाडोस): तेज गेंदबाज जेसन होल्डर (Jason Holder) ने आखिर ओवर में चार गेंदों पर चार विकेट चटकाए जिससे वेस्टइंडीज ने पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में इंग्लैंड (WI beat ENG) को 17 रन से हराकर श्रृंखला 3-2 से अपने नाम की। वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 179 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 19.5 ओवर में 162 रन पर आउट हो गयी। इंग्लैंड का स्कोर 19 ओवर के बाद छह विकेट पर 160 रन था और उसे 20 रन की जरूरत थी।

होल्डर ने अंतिम ओवर में पहले क्रिस जोर्डन (सात) को सीमा रेखा पर कैच कराया और फिर सैम बिलिंग्स (28 गेंदों पर 41 रन) को आउट किया। इसके बाद उन्होंने अगली दो गेंदों पर आदिल राशिद और साकिब महमूद को पवेलियन भेजा। महमूद को बोल्ड करने के साथ ही होल्डर चार गेंदों पर चार विकेट लेने वाले विशेष क्लब में शामिल हो गए। उनसे पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय में लसिथ मलिंगा, राशिद खान और कर्टिस कैंपर ने यह कारनामा किया था।

होल्डर को पांच गेंद पर पांचवां विकेट लेने का मौका नहीं मिला, क्योंकि इंग्लैंड की पूरी टीम आउट हो चुकी थी। इस आलराउंडर ने 2.5 ओवर में 27 रन देकर पांच विकेट लिए। इंग्लैंड की तरफ से जेम्स विन्से ने 35 गेंदों पर सर्वाधिक 55 रन बनाए। वेस्टइंडीज की तरफ से होल्डर से पहले बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन ने कमाल दिखाया और चार ओवर में 30 रन देकर चार विकेट लिए।

इससे पहले वेस्टइंडीज को इंग्लैंड के स्पिनरों ने परेशान किया लेकिन कप्तान कायरन पोलार्ड (25 गेंदों पर नाबाद 41) और रोवमैन पावेल (17 गेंदों पर नाबाद 35 के बीच पांचवें विकेट के लिए 74 रन की अटूट साझेदारी से वह चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाने में सफल रहा। इन दोनों ने अंतिम चार ओवरों में 66 रन जोड़े। इंग्लैंड के तीनों स्पिनरों राशिद (चार ओवर में 17 रन देकर दो), लियाम लिविंगस्टोन (तीन ओवर में 17 रन देकर दो) और मोईन अली (तीन ओवर में 20 रन) ने 10 ओवर में केवल 54 रन दिए।

अखिलेश यादव करहल सीट से आज भरेंगे नामांकन

0

मैनपुरी जिले की करहल सीट. राजनीति की शुरुआत और उससे पहले भी ये इलाका मुलायम सिंह यादव की कर्मभूमि थी.नेताजी का गृह जिला इटावा भी इसके करीब ही है. अखिलेश की सरकार में बनाई गई आगरा लखनऊ एक्सप्रेस भी इस करहल इलाके के बीच से गुजरती है. यानी यहां नेताजी का भी नाम है और अखिलेश की भी अपनी पहचान है. उसी करहल सीट से आज अखिलेश यादव अपना नामांकन भरने जा रहे हैं. करहल पहुंचने के लिए अखिलेश कल ही अपने घर सैफई पहुंच चुके हैं, जहां से वो करहल के लिए रवाना होंगे.

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि करहल विधानसभा क्षेत्र नेताजी के क्षेत्र में आता है घर के पास का क्षेत्र है जनता का धन्यवाद जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद संगठन के लोगों का धन्यवाद मुझे मौका दे रहे हैं करहल से विधानसभा लड़ने की करहल विधानसभा उदाहरण विधानसभा बनेगी विकास को लेकर विकास हो तो ऐसा विकास हो. भाजपा बहस विकास पर नहीं करती बताना चाहिए.

ग्रामीण मिलकर बनाये अपने गाँव का मास्टर प्लान : मुख्यमंत्री चौहान

0

भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश को आदर्श राज्य बनाने के लिए ग्रामीणों का आव्हान किया है कि सभी एक दिन गाँव में बैठकर गाँव का मास्टर प्लान बनाये। राज्य सरकार उसी अनुरूप विकास की योजनाएँ बनाएगी। मुख्यमंत्री चौहान रविवार को सीहोर जिले के शाहगंज में 36 करोड़ 21 लाख के विभिन्न विकास कार्यो का लोकार्पण और भूमि-पूजन कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के 797 हितग्राहियों के खाते में प्रथम किस्त की राशि 7 करोड़ 97 लाख रूपये भी अंतरित की। साथ ही विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं में हितलाभ वितरित किये।

मुख्यमंत्री चौहान ने शाहगंज में हुए विकास कार्यो की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी मंशा है कि प्रदेश के हर क्षेत्र में इसी तरह से व्यवस्थित विकास हो। मुख्यमंत्री ने खातेगांव से बाड़ी के मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने, करीब एक दर्जन गांवों को जोड़ने वाले बमोरी से शाहगंज तक नवीन मार्ग बनाने और शाहगंज अस्पताल में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों का आव्हान किया कि वे अपने गाँव को स्वच्छ बनाने के साथ शाहगंज नगर परिषद को देश की सबसे स्वच्छ नगर पंचायत बनाये।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि स्वामित्व योजना में सर्वे करवाकर सभी को उनके आवास का मालिकाना हक दिया जाएगा। आवास प्लस सर्वे के आधार पर भी सभी को पक्के मकान दिए जाएँगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास ही नहीं शिक्षा और रोजगार भी सरकार की प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में हर माह रोजगार मेले लगाकर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, पथ विक्रेता योजना और ग्रामीण आजीविका मिशन में बड़ी संख्या में रोजगार उपलब्ध कराए जाएँगे। मुख्यमंत्री चौहान ने जन-प्रतिनिधियों से अपील की कि वे मेधावी बच्चों को आगे लाये, जिससे गरीब परिवार का कोई बच्चा उच्च शिक्षा से वंचित नहीं हो।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि किसानों के हर दुख-दर्द में सरकार उनके साथ है। अतिवृष्टि एवं ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को अगले महीने से फसल बीमा की राशि का वितरण शुरू किया जाएगा। कार्यक्रम को प्रभारी मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी और सांसद रमाकांत भार्गव ने भी सम्बोधित किया। विधायक विजयपाल सिंह सहित निगम मंडल के अध्यक्ष और ग्रामीण उपस्थित थे।

बजट सत्र से पहले पीएम मोदी का विपक्ष को संदेश कहा – चुनाव चलते रहेंगे, गरिमा बनाए रखें

0

नई दिल्ली : संसद के बजट सत्र की आज से शुरुआत होने वाली है। पहले दिन आज आर्थिक सर्वे पेश किया जाएगा। इसके बाद 1 फरवरी यानी मंगलवार को आम बजट पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट पेश करेंगी। इस बीच संसद का सेशन शुरू होने से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने विपक्ष को गरिमा बनाए रखने की नसीहत दी है। उन्होंने संसद पहुंचने पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि चुनाव होते रहेंगे, लेकिन सांसद गरिमा को बनाए रखें। यही नहीं पीएम मोदी ने कहा कि यह बात सही है कि बार-बार चुनाव के कारण सत्र भी प्रभावित होते हैं और चर्चाएं भी प्रभावित होती हैं। लेकिन मैं सभी सांसदों से कहूंगा कि चुनाव तो चलते रहेंगे, लेकिन इस बजट सत्र में मौजूद रहें। यदि बजट फलदायी होगा तो फिर पूरा साल हमारे लिए अवसर होगा।

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज की वैश्विक परिस्थिति में भारत के लिए बहुत अवसर मौजूद हैं। विश्व में भारत की आर्थिक प्रगति, भारत में वैक्सीनेशन का अभियान, अपनी खोजी हुई वैक्सीन एक विश्वास पैदा कर रही है। इस बजट सत्र में हमारी ओर से की गई चर्चा दुनिया पर एक छाप छोड़ सकती है। मैं आशा करता हूं कि सभी राजनीतिकल दल औैर सांसद खुले मन से चर्चा करके देश को प्रगति की राह पर ले जाने में मदद करेंगे। यह बात सही है कि बार-बार चुनाव के कारण सत्र भी प्रभावित होते हैं और चर्चाएं भी प्रभावित होती हैं। लेकिन मैं सभी सांसदों से कहूंगा कि चुनाव तो चलते रहेंगे, लेकिन इस बजट सत्र में गरिमा बनाए रखें। उन्होंने कहा कि यदि बजट फलदायी होगा तो फिर पूरा साल हमारे लिए अवसर होगा।

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आम बजट साल का खाता खुलने जैसा होता है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के भाषण के साथ ही बजट सेशन की शुरुआत होगी। इसके बाद आज ही आर्थिक सर्वे पेश किया जाएगा। इसमें अब तक भारत की ओर से क्या आर्थिक प्रगति की गई और भविष्य के लिए क्या अनुमान है, यह बताया जाता है। इस सर्वे रिपोर्ट में देश के आर्थिक विकास का अनुमान भी बताया जाता है। सर्वे रिपोर्ट में आगामी वित्त वर्ष का भी एक खाका पेश कर दिया जाता है। देश की अर्थव्यवस्था रफ्तार पकड़ेगी या फिर धीमी रहेगी, इसकी जानकारी दी जाती है। इसके अलावा सर्वे में सरकार को कुछ सिफारिशें भी दी जाती हैं।

बीटिंग रिट्रीट के साथ गणतंत्र दिवस समारोह का समापन, 1000 स्वदेशी ड्रोन से जगमगाया आसमान

0

हर साल की तरह इस साल भी गणतंत्र दिवस समारोह के समापन की प्रक्रिया यानी ‘बीटिंग रिट्रीट’ समारोह दिल्ली में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे। हर साल 29 जनवरी को इस खास बीटिंग रिट्रीट का आयोजन किया जाता है। इसमें तीनों सेनाएं मैजूद रहती हैं और समारोह के समापन के बाद सेनाएं अपने-अपने बंकर में वापस चली जाती हैं। इसके अलावा पुलिस बल के स्पेशल बैंड भी इसमें हिस्सा लेते हैं।

उल्लेखनीय है कि बीटिंग रिट्रीट के साथ 24 जनवरी से शुरू करीब एक सप्ताह के गणतंत्र दिवस समारोह का समापन होता है। हालांकि, सरकार ने इस साल से 23 जनवरी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती से ही गणतंत्र दिवस समारोह शुरू करने का फैसला किया है।

आज के समारोह का मुख्य आकर्षण 1,000 ड्रोन का 10 मिनट का ड्रोन शो रहा। ये ड्रोन शो स्वतंत्रता के 75 वर्ष की स्मृति में आयोजित किया गया। मंत्रालय ने कहा कि ड्रोन शो स्टार्टअप ‘बोटलैब डायनेमिक्स’ द्वारा आयोजित किया गया और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली और विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा समर्थित था।

ड्रोन और लेजर शो में, भारत की स्वतंत्रता के गौरवशाली इतिहास को याद किया गया। इस दौरान ड्रोन ने भारत के इतिहास से संबंधित विभिन्न संरचनाओं को दिखाया। ये सभी ड्रोन भारत में बने हैं। केंद्र की ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत 10 मिनट के शो की अवधारणा, डिजाइन, निर्माण और कोरियोग्राफ किया गया था।

जबलपुर हाई कोर्ट के आदेश पर सिंगरौली के भाजपा विधायक ने जमा किए एक लाख

0

जबलपुर। हाई कोर्ट के पूर्व आदेश का परिपालन करते हुए सिंगरौली के भाजपा विधायक रामलल्लू वैश्य की ओर से जुर्माने के एक लाख रुपये जमा कर दिए गए। यह राशि अधिवक्ता आपदा कल्याण कोष में काम आएगी। मुख्य न्यायाधीश रवि मलिमठ व न्यायमूर्ति पुरुषेंद्र कुमार कौरव की युगलपीठ ने तथ्य छिपाकर जनहित याचिका दायर करने व शपथपूर्वक गलतबयानी करने के रवैये को आड़े हाथों लेते हुए जुर्माना लगाया था। साथ ही भ्रमित करने की कोशिश संबंधी जनहित याचिका निरस्त कर दी थी।

सिंगरौली जिले के मधोली ग्राम निवासी विधायक रामलल्लू वैश्य की ओर से यह जनहित याचिका दायर की गई थी। बहस के दौरान कोर्ट को अवगत कराया गया था कि कोल इंडिया व नार्दर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड मिलकर उसकी जमीन पर अवैध रूप से कोयला खनन कर रहे हैं, जिसे रोका जाना चाहिए। इस मामले की सुनवाई के दौरान शासकीय अधिवक्ता अंकित अग्रवाल ने कोर्ट को अवगत कराया था कि इस सम्बंध में जनहित याचिकाकर्ता व अनावेदकों के बीच पुराना विवाद है। जिसे लेकर हाई कोर्ट में तीन याचिकाएं, एक मिसलिनीयस अपील व एक सिविल रिविजन पहले से विचाराधीन हैं। इसके बावजूद जनहित याचिकाकर्ता ने जनहित याचिका में शपथपत्र पर उल्लेख किया है कि इस संबंध में किसी भी कोर्ट मे कोई मामला लंबित नहीं है, न ही दायर किया गया है। जब गलती पकड़ गई तो जनहित याचिकाकर्ता की ओर से क्षमायाचना सहित जनहित याचिका वापस लेने का निवेदन किया गया। इस पर कोर्ट ने सख्ती बरतते हुए साफ किया कि इस तरह के मामले में क्षमा नहीं किया जा सकता। लिहाजा, जुर्माना राशि जमा कराई जाए।