Home Blog Page 171

नए साल पर पीएम मोदी देंगे किसानों को सौगात

0

नई दिल्ली : नए साल का पहले दिन देश के किसानों के खुशियां लेकर आएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 जनवरी को दोपहर 12.30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 10वीं किस्त जारी करेंगे। पीएमओ के अनुसार पीएम मोदी 10 करोड़ से अधिक लाभार्थियों के खातों में 20 हजार करोड़ से अधिक की राशि ट्रांसफर करेंगे।

अब तक 1.6 लाख करोड़ रुपए ट्रांसफर

पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी को हर साल छह हजार रुपए दिए जाते हैं। सरकार तीन किस्तों में पैसे बैंक खाते में जमा करती है। इस योजना में अब तक 1.6 लाख करोड़ रुपए ट्रांसफर किए जा चुके हैं। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी इक्विटी अनुदान जारी करेंगे। वहीं किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के साथ बातचीत और राष्ट्र को संबोधित भी करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी मौजूद रहेंगे।

अप्रैल में जमा हुई पहली किस्त

मौजूदा वित्त वर्ष में योजना की पहली किस्त अप्रैल में 11.16 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक अकाउंट में जमा हुई। दूसरी किस्त अगस्त 2021 में जमा हुई। जिसका फायदा 11.11 करोड़ किसानों को हुआ। पीएम किसान सम्मान निधि स्कीम में अब तक कुल 12.31 करोड़ किसानों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है।

आधार नंबर लिंक होना जरूरी

पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त करने वाले लाभार्थियों के रिकार्ड की जांच की जा रही है। रजिस्ट्रेशन और गलत जानकारी देने पर अकाउंट में पैसे जमा नहीं होंगे। वहीं लाभार्थियों को आधार नंबर लिंक करवाना भी जरूरी है। नाम और रजिस्ट्रेशन में गलती होने पर किस्त रोकी जा सकती है।

तारक मेहता को रेस्टोरेंट का खाना पड़ा महंगा, अंजलि और तारक में छिड़ी जंग

0

नीला फिल्म प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड प्रस्तुत तारक मेहता का उल्टा चश्मा में अंजलि के हाथों ऐसा सबूत मिला है जिससे तारक मेहता की सिर्फ भूख, प्यास ही नहीं, बल्कि नींद भी उड़ने वाली है। एक तरफ अंजलि का डाइट के प्रति अनुशासन और दूसरी तरफ इन दिनों तारक मेहता की खाने में चल रही मनमर्जी, इससे दोनों के बीच जो जंग छिड़ी है, वह जेठालाल को भारी पड़ सकती है। पिछली बार बात जब ऐसी ही संगीन हुई थी, तब अंजलि घर छोड़ के जा रही थी। वह तो जैसे-तैसे गोकुलधामवासियों ने उन्हें रोक लिया था। पर इस बार अंजलि के हाथ लगा है रेस्टोरेंट का बिल, लेकिन तारक कहते हैं कि उससे कुछ भी साबित नहीं होता। लेकिन बात यहीं ख़त्म नहीं हो रही है। अंजलि ने इस बार तारक की रेस्टोरेंट में खाना खाते समय की फोटो भी तारक और जेठालाल के हाथों थमा दी है। तारक कुछ भी बहाना बनाये, पर अंजलि की जांच पड़ताल जारी है।

अंजलि के पास और भी सबूत हैं। अंजलि और तारक मेहता के बीच यह सवाल -जवाब का सिलसिला जारी रहेगा। हो सकता है इसमें जेठालाल के साथ और भी कई गोकुलधामवासी फंस जाए। यह किस्सा बड़ा दिलचस्प होनेवाला है। पर एक बात तो तय है कि तारक मेहता का यह राज अंजलि जानकर ही रहेगी। आप भी जानने के लिए देखते रहिये नीला फिल्म प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रस्तुत ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ सोमवार से शनिवार रात 8:30 बजे सब टीवी पर। इस शो के सर्जक और निर्माता असित कुमार मोदी हैं।

तारक मेहता का उल्टा चश्मा भारतीय टेलीविजन पर पहली बार 28 जुलाई, 2008 को प्रसारित किया गया था और इस शो के 3300 से अधिक एपिसोड पूरे हुए हैं।

इंदौर के निजी मेडिकल कालेज की लैब में दो और लोगों में ओमिक्रोन की पुष्टि

0

इंदौर । शहर के एक निजी मेडिकल कालेज की लैब में मंगलवार को दो और लोगों में ओमिक्रोन की पुष्टि हुई। इसे मिलाकर अब तक 11 लोगों में कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रोन मिल चुका है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग इनकी संख्या नौ ही बता रहा है। निजी मेडिकल कालेज ने दोनों लोगों की रिपोर्ट क्रासमैचिंग के लिए दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट आफ जीनोमिक्स एंड इंटीग्रेटेड बायलाजी (आइजीआइबी) को भेज दी है। जिन दो लोगों में ओमिक्रोन मिला है उनकी स्थिति सामान्य है और दोनों ही अस्पतालों से डिस्चार्ज हो चुके हैं। इनमें से एक तो अमेरिका रवाना भी हो चुका है।

शहर में सिर्फ अरबिंदो मेडिकल कालेज के पास ही जीनोम सिक्वेंसिंग जांच का इंतजाम है लेकिन यहां की रिपोर्ट को तब तक अधिकृत नहीं माना जाता जब तक कि दिल्ली स्थित नेशनल सेंटर फार डिसीज कंट्रोल (एनसीडीसी) से उसकी पुष्टि नहीं हो जाती। अरबिंदो मेडिकल कालेज सूत्रों के मुताबिक जिन दो लोगों में मंगलवार को ओमिक्रोन की पुष्टि हुई है उनमें से एक 20 वर्षीय युवती है तो दूसरा 19 वर्षीय पुरुष। इन दोनों में कोरोना के कोई लक्षण नहीं थे। दोनों की हालत ठीक है।

ओमिक्रोन के कोई विशेष लक्षण नहीं

डाक्टरों के मुताबिक ओमिक्रोन के कोई अलग लक्षण नहीं हैं। अब तक जिन लोगों में ओमिक्रोन वैरिएंट की पुष्टि हुई उनमें कोई लक्षण नहीं थे। सभी मरीज पूरी तरह से स्वस्थ्य थे। औचक जांच में उनमें कोरोना की पुष्टि हुई थी हालांकि इन मरीजों को न सर्दी थी न खांसी। चूंकि ये लोग विदेशों से लौटे थे और इनमें कोरोना की पुष्टि हुई थी इसलिए इनके सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग जांच के लिए दिल्ली भेजे थे। संभागायुक्त ने कुछ लोगों के सैंपल जांच के लिए निजी मेडिकल कालेज भिजवाए थे। इसके बाद लैब में अन्य सैंपल भी जांचे जाने लगे।

देश में ओमिक्रोन का खतरा बढ़ा, दिल्‍ली में स्‍कूल बंद, कई राज्यों में नाइट कर्फ्यू

0

कोरोना वायरस का नया वैरियंट ओमिक्रोन देश में तेजी से फैलता जा रहा है। इसके रोज नए मामले आ रहे हैं और तेजी से बढ़ते संक्रमण ने केंद्र समेत राज्‍य सरकारों को चिंता में डाल दिया है। इस संभावित खतरे को देखते हुए देश के कई राज्‍यों ने नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया है। आज दिल्‍ली में स्‍कूल एवं कॉलेज भी बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया है। एहतियात बरतते हुए धारा 144 लागू कर दी गई है। केंद्र और राज्य सरकारें टीकाकरण पर जोर दे रही हैं। देशभर के अब तक 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ओमिक्रोन दस्तक दे चुका है।

मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश सरकार ने ओमिक्रोन के खतरे को देखते हुए राज्य में रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू किया है। वैक्सीन पर जोर देते हुए राज्य सरकार ने दोनों डोज नहीं लेने वाले 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों के सिनेमा हाल, मल्टीप्लेक्स, थिएटर, जिम, कोचिंग क्लासेस, स्वीमिंग पूल, क्लब में प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है।

उत्तर प्रदेश

यहां 200 से कम लोगों के जमावड़े वाले सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए राज्यवार रात्रि कर्फ्यू के सख्त आदेश जारी हैं। नोएडा और लखनऊ में 31 दिसंबर, 2021 तक सीआरपीसी की धारा 144 जारी रहेगा। यहां भी रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक लोगों को घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी।

दिल्ली

ओमिक्रोन के सबसे ज्यादा मामले अभी तक दिल्ली में दर्ज किए गए हैं, जिसे देखते हुए राज्य सरकार अलर्ट हो गई है। आज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजधानी में येलो अलर्ट की घोषणा की है। इसके तहत सभी स्कूल-कालेज बंद कर दिए गए हैं। इसके अलावा बाजारों, रेस्टोरेंट और होटलों में ज्यादा भीड़ इकट्ठा होने पर मनाही है। शादियों में भी सिर्फ 20 लोगों के शामिल होने की अनुमति दी गई है।

गुजरात

गुजरात के कई शहरों अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, भावनगर, जामनगर, गांधी नगर और जूनागढ़ में रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा।

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में अभी तक ओमिक्रोन के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। राज्य सरकार ने इसे देखते हुए 31 दिसंबर तक के लिए धारा 144 लागू कर दी है। सार्वजनिक स्थलों पर पांच से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर पाबंदी है।

हरियाणा

वैक्सीनेशन को लेकर केंद्र और राज्य सरकारें लगातार जोर दे रही हैं। सिर्फ टीकाकरण करवा चुके लोगों को ही सार्वजनिक स्थलों जैसे माल, सिनेमा हाल, रेस्टोरेंट में जाने की अनुमति है। यहां रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू रहेगा। यह नाइट कर्फ्यू एक जनवरी, 2022 तक लागू रहेगा।

उत्तराखंड

नए वैरिएंट और कोरोना के मामलों के बढ़ने के कारण उत्तराखंड सरकार ने नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया है। जिला प्रशासन और पुलिस को नाइट कर्फ्यू को प्रभावी ढंग से लागू करने की हिदायत दी गई है। हालांकि नाइट कर्फ्यू के दौरान आवश्यक सेवाएं खुली रहेंगी।

असम

असम में भी ओमिक्रोन दस्तक दे चुका है। इसके चलते राज्य सरकार ने रात 11.30 बजे से सुबह छह बजे तक कर्फ्यू लगा दिया है।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव निरस्त, राज्य निर्वाचन आयोग ने की घोषणा

0

भोपाल। मध्य प्रदेश त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की प्रक्रिया को राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार देर शाम निरस्त कर दिया। राज्य सरकार द्वारा मध्य प्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज संशोधन अध्यादेश वापस लिए जाने के बाद चुनाव का आधार समाप्त होने से आयोग ने यह निर्णय लिया। इसके लिए दो दिन से आयोग विधि विशेषज्ञों से परामर्श रहा था। चुनाव प्रक्रिया निरस्त होने के बाद अब अभ्यर्थी अपनी निक्षेप राशि वापस ले सकेंगे। उधर, निर्वाचन से जुड़ी अन्य सभी प्रक्रियाओं को आयोग ने रोक दिया है।

आयोग ने मध्य प्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज संशोधन अध्यादेश-2021 के आधार पर चार दिसंबर को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया था। इसमें वर्ष 2019 में पंचायतों के परिसीमन को निरस्त करके पुराने आरक्षण के आधार पर चुनाव कराए जा रहे थे, जिसे विभिन्न् याचिकाकर्ताओं द्वारा न्यायालयों में चुनौती दी गई थी। इसी याचिका पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित पदों के चुनाव पर रोक लगाते हुए शेष प्रक्रिया को जारी रखने के आदेश दिए थे।

इससे बने हालात को देखते हुए सरकार ने विधानसभा में सर्वसम्मति से ओबीसी आरक्षण के साथ पंचायत चुनाव कराने का संकल्प पारित कराया और सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर की, ताकि ओबीसी आरक्षण के साथ चुनाव हों। सुप्रीम कोर्ट ने जल्द सुनवाई से इन्कार कर दिया। इसके बाद सरकार ने मध्य प्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज संशोधन अध्यादेश को वापस लेने का निर्णय लिया। एक दिन में पूरी कार्रवाई करके इसकी अधिसूचना भी राजपत्र में प्रकाशित कर दी गई लेकिन आयोग ने चुनाव निरस्त करने के लिए विधिक अभिमत मांगा था।

जब आधार ही खत्म हो गया तो चुनाव कैसे

विधि विशेषज्ञों ने अभिमत दिया कि जिस अध्यादेश के आधार पर चुनाव प्रक्रिया संचालित की जा रही थी, जब वो ही समाप्त हो गया तो फिर चुनाव कराने का कोई औचित्य ही नहीं बचा था। दरअसल, अध्यादेश वापस लेने से वह परिसीमन पुन: लागू हो गया, जिसे निरस्त किया गया था। 1200 से ज्यादा पंचायतें पुन: अस्तित्व में आ गईं। ऐसी स्थिति में चुनाव कराया जाना संभव ही नहीं था। आयोग ने मध्य प्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 की धारा 42 में दी गई शक्ति और मध्य प्रदेश पंचायत निर्वाचन नियम 1995 के नियम 18 के अंतर्गत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए चुनाव कार्यक्रम और इससे संबंधित सभी कार्यवाहियों को निरस्त कर दिया।

अब यह होगा

राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने आदेश में कहा है कि त्रिस्तरीय पंचायतों का कार्यकाल मार्च, 2020 में समाप्त हो चुका है और चुनाव की प्रक्रिया में काफी विलंब हो चुका है। आगामी चुनाव प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट द्वारा 17 दिसंबर 2021 को पारित आदेश का पालन करते हुए जल्द प्रारंभ की जाएगी।

सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ताओं से किया विचार-विमर्श

राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ताओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से विचार-विमर्श किया। दरअसल, ओबीसी आरक्षण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने राज्य निर्वाचन आयोग को आदेश दिए थे कि ओबीसी के लिए आरक्षित पदों को सामान्य में पुन: अधिसूचित कराया जाए। शेष पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया जारी रहे लेकिन परिणाम घोषित न किए जाएं।

तीन जनवरी को होगी ओबीसी आरक्षण पर सुनवाई

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण पर रोक लगाए जाने के आदेश पर पुनर्विचार करने के लिए सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। इस पर तीन जनवरी को सुनवाई प्रस्तावित है। वहीं, सरकार द्वारा मध्य प्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज संशोधन अध्यादेश के माध्यम से 2019 के परिसीमन को निरस्त करने और पुराने आरक्षण के आधार पर चुनाव कराने के विरुद्ध जो याचिकाएं दायर हुई थीं, वे अगली सुनवाई में निराकृत हो जाएंगी।

चुनाव आयोग और स्वास्थ्य मंत्रालय की अहम बैठक, नहीं टलेंगे विधानसभा चुनाव, टीकाकरण बढ़ाने पर जोर

0

पांच राज्यों में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ओमिक्रॉन वैरिएंट के कारण इलेक्शन पर संकट खड़ा गया है। यहां तक की चुनाव रद्द करने का मांग उठ रही है। इस बीच सोमवार को चुनाव आयोग और स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच अहम बैठक हुई। इस मीटिंग में भारत निर्वाचन आयोग ने वैक्सीनेशन बढ़ाने की सलाह दी है।

संक्रमण और ओमिक्रॉन पर चर्चा

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण के साथ चुनावी प्रदेशों में कोविड संक्रमण और ओमिक्रॉन को लेकर चर्चा की गई। इलेक्शन कमीशन ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को चुनाव के दौरान ड्रग का इस्तेमाल रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया। यह बैठक करीब एक घंटे तक चली। जिसमें स्वास्थ्य सचिव ने कोरोना के हालात और टीकाकरण की स्थिति की विस्तृत जानकारी दी।

स्वास्थ्य सचिव ने दिए निर्देश

राजेश भूषण ने कहा कि देश में ओमिक्रॉन के कोरोना वायरस के केस लगातार बढ़ रहे हैं। सरकार इसे रोकने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। उन्होंने राज्यों को नए कंटेनमेंट और कोविड-19 से बचाव के उपायों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने कहा, ‘ओमिक्रॉन वैरिएंट के कारण तीसरी लहर का डर है।’ उन्होंने राज्यों को बड़े समारोहों को प्रतिबंधित करने के लिए कहा है। चुनाव के दौरान भी इसका पालन करने को कहा गया है।

इन राज्यों में अगले साल विधानसभा चुनाव

अगले साल उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव होने हैं। उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल अगले साल मार्च में खत्म हो रहा है, जबकि उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल मई में खत्म होगा।

मध्‍य प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर अभी नहीं हो पाया फैसला, विधिक अभिमत की प्रतीक्षा

0

भोपाल । शिवराज सरकार द्वारा मध्य प्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज संशोधन अध्यादेश वापस लेने के बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि सोमवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव स्थगित या निरस्त हो जाएंगे, पर देर शाम तक निर्णय नहीं हो सका। राज्य निर्वाचन आयोग अध्यादेश वापसी के बाद वैधानिक स्थिति को लेकर परीक्षण करा रहा है। उधर, राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास के साथ आयोग के अधि‍कारियों के साथ बैठक करके सभी पहलूओं पर विचार किया। इसके बाद विधि‍ विशेषज्ञों से अभिमत लेने का निर्णय लिया गया। देर शाम तक आयोग में विधि‍क अभिमत का इंतजार होता रहा।

आयोग के सचिव बीएस जामोद का कहना है कि विधि‍क अभिमत प्राप्त होने के बाद ही चुनाव के संबंध में कोई निर्णय लिया जाएगा।

दिनभर चला बैठकों का दौर

राज्य निर्वाचन आयोग में दिनभर बैठकों का दौर चला। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव, संचालक पंचायत राज आलोक कुमार सिंह और आयोग के अधि‍कारियों के साथ लगभग डेढ़ घंटे बैठक की। इसमें विभागीय अधि‍कारियों ने अध्यादेश वापस लिए जाने की जानकारी दी और बताया कि सुप्रीम कोर्ट में ओबीसी आरक्षण की पुनर्विचार याचिका पर तीन जनवरी को सुनवाई होगी। उसके अनुरूप आगामी कार्यवाही की जाएगी।

इसके बाद आयोग के अधिकारियों ने बैठक की और तय किया गया कि अध्यादेश वापस लेने के बाद चुनाव को लेकर विधि‍क अभिमत लिया जाए। इसमें सुप्रीम कोर्ट के आदेश को भी मद्देनजर रखा जाए, क्योंकि आयोग को निर्देश दिए गए हैं कि अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित पदों को छोड़कर शेष चुनाव की प्रक्रिया चलती रहेगी। हालांकि, यह स्थिति तब थी, जब पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज संशोधन अध्यादेश प्रभावी था और उसके अनुरूप ही चुनाव कराए जा रहे थे। इसकी जगह विधानसभा के शीतकालीन सत्र में संशोधन विधेयक लाया जाना प्रस्तावित था, लेकिन सरकार ने इसे प्रस्तुत नहीं किया और अध्यादेश को वापस ले लिया।

चुनाव को लेकर ऊहापोह की स्थिति

मध्य प्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज संशोधन अध्यादेश वापस लेने की अधिसूचना जारी होने के बाद प्रदेशभर में यह संदेश गया था कि सोमवार को चुनाव की मौजूदा प्रक्रिया स्थगित या निरस्त कर दी जाएगी। राज्य सरकार के प्रवक्ता डा. नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि देर शाम तक चुनाव स्थगित करने को लेकर निर्णय हो जाएगा, लेकिन राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा कोई फैसला नहीं किए जाने से ऊहापोह की स्थिति बन गई है।

नामांकन वापसी के बाद अभ्यर्थी प्रचार में जुट गए हैं। बैनर, पोस्टर लग चुके हैं तो पंफ्लेट भी छपवा लिए गए हैं। बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है, पर चुनाव को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उधर, जिलों में मतदान को लेकर आयोग की तैयारियां भी लगभग पूरी हो गई हैं। मतपत्र और इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन की तैयारी हो गई है। मतदानकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

छह जनवरी को होना है मतदान

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण के लिए छह जनवरी को मतदान होना है। दूसरे चरण का मतदान 28 जनवरी को होना है। मतदान सुबह सात से तीन बजे तक होगा। पहले और दूसरे चरण में पंच और सरपंच पद के लिए मतदान के बाद मतगणना होनी है। वहीं, जनपद और जिला पंचायत सदस्य के लिए इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन से की जाने वाली मतों की गणना विकासखंड मुख्यालय पर पहले चरण की 10 जनवरी और दूसरे चरण की एक फरवरी को होनी है। आयोग ने चुनाव परिणाम की घोषणा पर रोक लगाई है।

सिद्धार्थ शुक्ला से लेकर दिलीप कुमार तक इस साल दुनिया को अलविदा कह गए ये कलाकार

0

साल 2021 जल्द ही खत्म होने वाला है और साल 2022 का आगाज होने वाला है। साल 2022 के साथ नए साल का स्वागत करने के लिए हर कोई उत्सुक है तो वहीं साल 2021 दुनियाभर के लिए काफी मिला-जुला रहा। जहां 2020 में कोविड की लहर से पूरे देशभर में लॉकडाउन लग गया। हालांकि 2021 के अंत आते-आते चीजें थोड़ी सामान्य हुई और आम जनता से लेकर फिल्म जगत के लोगों तक ने एक राहत की सांस ली। एक तरफ जहां अब लोगों की जिंदगी धीरे-धीरे पटरी पर लौट रही है।

फैंस की आंखें नम कर गए ये सितारे

साल 2021 सिनेमा और हमारे सितारों के लिए काफी मिला जुला रहा। मनोरंजन इंडस्ट्री पर कोविड का खूब असर दिखा। हालांकि अब सिनेमाघर एक बार फिर से खुल गए हैं। लेकिन इन सबके बीच इस साल फैंस ने अपने टेलीविजन और बॉलीवुड के कई चहेते सितारों को खो दिया। आज हम अपने इस आर्टिकल में आपको उनकी प्रतिभाशाली और दिग्गज कलाकारों के बारे में बताने जा रहे हैं जो 2021 में अपने फैंस की आंखें नम कर इस दुनिया को अलविदा कह गए।

दिलीप कुमार

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार ने 98 साल की उम्र में अपनी आखिरी सांसें ली। दिलीप कुमार ने फिल्म जगत को कई सुपरहिट फिल्में दी। काफी सालों तक दिलीप कुमार का उनकी पत्नी सायरा बानो ने दिन-रात ख्याल रखा। जब दिलीप साहब का निधन हुआ तो सायरा बानो इससे पूरी तरह से टूट गईं। दिलीप कुमार के अंतिम दर्शन के लिए सितारों से लेकर राजनेता तक पहुंचें और पूरे सम्मान के साथ दिलीप साहब को अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। दिलीप साहब के जाने से पूरे देश में शोक की लहर छा गई।

सिद्धार्थ शुक्ला

टीवी इंडस्ट्री के हार्टथ्रोब कहे जाने वाले अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला का यूं अचानक दुनिया को अलविदा कह जाना लाखों फैंस का दिल तोड़ गया। शायद आज भी लोगों के लिए ये यकीन करना मुश्किल है कि उनका चहेता सितारा उनके बीच नहीं है। बिग बॉस 13 के विजेता सिद्धार्थ शुक्ला का 40 साल की उम्र में अचानक हार्ट अटैक आने से निधन हो गया। हाल ही में सिद्धार्थ शुक्ला की सबसे करीबी शहनाज गिल ने उन्हें एक वीडियो के जरिए ट्रिब्यूट दिया था, जिसने फैंस की आंखें फिर नम कर दीं।

घनश्याम नायक

तारक मेहता का उल्टा चश्मा में जेठालाल की दुकान संभालने वाले नट्टू काका का जाना फैंस का दिल तोड़ गया। इस बात की जानकारी खुद तारक मेहता का उल्टा चश्मा के निर्माता असित मोदी ने साझा की थी।  उन्होंने बताया कि नट्टू काका एक लम्बे समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। कुछ महीने पहले उनके दो ऑपरेशन्स भी हो चुके थे। उम्र के कारण वह रोजाना शूटिंग पर नहीं जा पाते थे लेकिन वह शुरुआत से लेकर अभी तक तारक मेहता की टीम का हिस्सा थे।

बिक्रमजीत कंवरपाल

अभिनेता बिक्रमजीत कंवरपाल का कोरोना संक्रमण से निधन हो गया था। वो 52 वर्ष के थे। भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद बिक्रमजीत कंवरपाल ने साल 2003 में अपने अभिनय की शुरुआत की। उन्होंने पेज 3, रॉकेट सिंह: सेल्समैन ऑफ द ईयर, आरक्षण, मर्डर 2, 2 स्टेट्स और द गाजी अटैक जैसी फिल्मों में अभिनय किया।

‘हां, मैं हिंदी फिल्म के लिए अच्छे प्रस्ताव के इंतजार में हूं’- अल्लू अर्जुन

0

तेलुगू सिनेमा के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा पार्ट 1’ उनके करियर की पहली ऐसी फिल्म है जो हिंदी में डब होकर सीधे सिनेमाघरों में रिलीज हुई। नहीं तो उनकी हिंदी में डब फिल्में सैटेलाइट चैनलों पर ही धूम मचाती रही हैं। हैदराबाद में ‘अमर उजाला’ से सोमवार को एक खास मुलाकात में अल्लू अर्जुन स्वीकार करते हैं कि ‘पुष्पा पार्ट 1’ को सिनेमाघरों में रिलीज करने का ख्याल उन्हें इन डब फिल्मों को सैटेलाइट चैनलों पर मिलने वाली टीआरपी से ही आया। फिल्म ‘पुष्पा पार्ट 1’ के हिंदी संस्करण को मिली कामयाबी से वह काफी उत्साहित हैं और मानते हैं कि दक्षिण भारतीय फिल्मों के हिंदी संस्करणों को मिल रही सफलता भारतीय सिनेमा के लिए एक शुभ संकेत हैं और जैसे जैसे देश की हिंदी पट्टी में सिनेमाघरों की संख्या बढ़ती जाएगी, देश में सिनेमा का कारोबार और बढ़ता जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने ये भी कहा, ‘मैं अब हिंदी फिल्में करने के लिए पूरी तरह से तैयार हूं और अच्छे प्रस्ताव लेकर आने वाले मुंबई के निर्माता निर्देशकों के लिए मेरे घर के दरवाजे पूरी तरह खुल चुके हैं।’

अल्लू अर्जुन की तेलुगू में बनी फिल्म ‘पुष्पा पार्ट 1’ हॉलीवुड फिल्म ‘स्पाइडरमैन नो वे होम’ के साथ ही देश में तमिल, कन्नड़, मलयालम और हिंदी में एक साथ रिलीज हुई। 1500 करोड़ से ऊपर की लागत से बनी ‘स्पाइडरमैन नो वे होम’ को 200 करोड़ रुपये में बनी ‘पुष्पा पार्ट 1’ ने पूरे देश में तगड़ी टक्कर दी है। ‘पुष्पा पार्ट 1’ अब अल्लू अर्जुन की ही पिछली फिल्म ‘अला वैकुंठपुरमलू’ का 293 करोड़ रुपये की कमाई का रिकॉर्ड तोड़ने की तरफ अग्रसर है। हैदराबाद के वेस्टइन होटल में मिले अल्लू अर्जुन के चेहरे पर इस कामयाबी की चमक साफ झलकती है।

अल्लू अर्जुन कहते हैं, ‘ये एक अलग तरह का अनुभव है। मुझे पता था कि मेरी फिल्मों का आकर्षण है उत्तर भारत में। सैटेलाइट चैनलों और यूट्यूब चैनलों पर मेरी हिंदी में डब फिल्मों को देखने वालों की बड़ी तादाद रही है। जब दो बार ऐसा हुआ कि मेरी हिंदी में डब फिल्म हिंदी सैटेलाइट मूवी चैनलों में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्म बन गई तो मैंने इस बारे में विचार करना शुरू किया और ‘पुष्पा पार्ट 1’ को थिएटरों में हिंदी में रिलीज करने का फैसला इसी की परिणिति है।’

बारिश के चलते सेंचुरियन टेस्‍ट में दूसरे दिन का खेल रद्द

0

सेंचुरियन टेस्‍ट में दूसरे दिन का खेल लगातार हो रही बारिश के चलते रद्द कर दिया गया। आज एक भी गेंद नहीं फ्रेंकी जा सकी। बीच-बीच में एक दो बार बारिश रुकी जरूरी लेकिन इससे पहले की मैदान को सुखाने का काम पूरा हो पाता, फिर से बारिश शुरू हो गई। अब मंगलवार को तीसरे दिन केएल राहुल 122 और अजिंक्‍य रहाणे 40 रन के अपने कल के स्‍कोर से आगे खेलना शुरू करेंगे। भारत का स्‍कोर इस वक्‍त तीन विकेट के नुकसान पर 272 रन है। भारत के तीनों बल्‍लेबाजों को लुंगी एनगिडी ने आउट किया है।

जल्‍द मैच शुरू होने की उम्‍मीद कर रहे भारतीय फैन्‍स की उम्‍मीदों को एक बार फिर तगड़ा झटका लगा है। सेंचुरियन ने फिर बारिश शुरू हो गई है। हल्‍की धूप आने से जल्‍द मैच शुरू होने की संभावना जताई जा रही थी लेकिन करीब एक घंटे बार फिर अंधेरा छा गया और अब हल्‍की बारिश शुरू हो गई है। 3:53 Update:  सेंचुरियन में इस वक्‍त हल्‍की धूप नजर आ रही है। माना जा रहा है कि आगे बारिश नहीं होगी। मैदान को सुखाने का काम जारी है। क्रिकबज की खबर के मुताबिक भारतीय समयानुसार सवा चार बजे अंपायर्स मैदान में पिक का मुआयना करने के लिए आएंगे। फिलहाल पिच मैदान खेलने के लिए सही स्थिति में नजर नहीं आ रहा है। मैदान और पिच की जांच के बाद ही मैच को शुरू करने को लेकर निर्णय लिया जा सकता है। 3:08 Update: बारिश के शुरू होने से अंपायर्स ने जल्‍द लंच की घोषणा कर दी थी। आमतौर पर साढ़े तीन बजे लंच होता है. इससे पहले ईएसपीएन क्रिकइन्‍फो की खबर के मुताबिक सेंचुरियन में बारिश रुकने की जानकारी दी गई। बताया गया कि मैदान को सुखाने का काम जारी है। फिलहाल लंच को भारतीय समयानुसान साढ़े तीन बजे की जगह आधा घंंटा देरी यानी चार बजे तक के लिए बढ़ा दिया गया है। अगले 30 मिनट में मैच शुरू हो जाएगा। भारत की टीम से उम्‍मीद हैं कि वो एक बड़ा स्‍कोर बनाकर मेजबान देश को बैकफुट पर धकेल दे. ऐसा होना संभव भी नजर आ रहा है क्‍योंकि पहले दिन (IND vs SA 1st Test Live) का खेल खत्‍म होने तक भारत की टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 272 रन बना लिए हैं. मैदान पर उपकप्‍तान केएल राहुल (KL Rahul) 272 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि दूसरे छोर पर पूर्व उपकप्‍तान अजिंक्‍य रहाणे (Ajinkya Rahane) ने भी 40 रन बना लिए हैं.

पहले दिन का खेल पूरी तरह से भारत के नाम रहा है. लुंगी एनगिडी (Lungi Ngidi) ने भारत के सभी तीन विकेट चटकाए. मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) ने 60 रनों का योगदान दिया. उन्‍होंने पहले विकेट के लिए राहुल के साथ मिलकर 117 रनों की साझेदारी बनाई. चेतेश्‍वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) अपना खाता तक नहीं खोल पाए. हालांकि नंबर-4 पर खेलने आए विराट कोहली (Virat Kohli) 35 रन बनाकर आउट हुए.