अपने बहनोई आयुष शर्मा को फिल्म ‘अंतिम: द फाइनल ट्रुथ’ से एक्शन हीरो बना देने वाले अभिनेता और फिल्म निर्माता सलमान खान का पत्ता इस बार बिल्कुल सही पड़ा है। फिल्म ने रिलीज के पहले तीन दिन में ही करीब 18 करोड़ रुपये की कमाई करने के साथ ही न सिर्फ आयुष शर्मा का करियर बचा लिया है बल्कि सलमान खान को भी अपने ही घर की एक और कलाकर को अगले महीने लॉन्च करने का नया हौसला भी दे दिया है। चर्चा है कि आयुष शर्मा की फिल्म ‘अंतिम: द फाइनल ट्रुथ’ का कारोबार संतोषजनक स्तर पर पहुंचते ही सलमान अपनी भांजी की लॉन्चिंग का एलान करने वाले हैं। बहन अलवीरा और दूसरे बहनोई अतुल अग्निहोत्री की बेटी अलीजेह की लॉन्चिंग की ट्रेनिंग सलमान खान की देखरेख में पिछले तीन साल से चलती रही है।
रिलायंस कैपिटल के बोर्ड को आरबीआई ने किया भंग
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बड़ा कदम उठाते हुए रिलायंस कैपिटल के बोर्ड को भंग कर दिया है। इस संबंध में जारी एक रिपोर्ट में जानकारी दी गई है कि केंद्रीय बैंक ने बोर्ड को भंग करने के बाद इसकी जगह प्रशासक की नियुक्ति की है। गौरतलब है कि आरबीआई ने कंपनी पर यह कार्रवाई भुगतान करने में डिफॉल्ट को देखते की है।
आरबीआई ने बयान जारी किया
आरबीआई की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया कि बोर्ड भंग करने का निर्णय रिलायंस कैपिटल द्वारा अपने क्रेडिटर्स को अलग-अलग भुगतान के दायित्वों में डिफॉल्ट के अनुरूप लिया गया है। बता दें कि रिलायंस कैपिटल लिमिटेड को अनील अंबानी का रिलायंस ग्रुप करता प्रमोट करता है। केंद्रीय बैंक ने कहा कि अपने क्रेडिटर्स को भुगतान करने में डिफॉल्ट के साथ गवर्नेंस में गंभीर चिंताएं भी हैं, जिसका बोर्ड प्रभावी तौर पर समाधान नहीं कर पाया है।
नागेश्वर राव को प्रशासक नियुक्त किया
रिजर्व बैंक ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र के पूर्व एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नागेश्वर राव को एनबीएफसी का प्रशासक नियुक्त किया है। केंद्रीय बैंक ने अपने बयान में बताया है कि बैंक जल्द ही इसोल्वेंसी और बैंकरप्सी रूल्स, 2019 के तहत कंपनी के रेजोल्यूशन की प्रक्रिया को शुरू करेगा।
दक्षिण अफ्रीका से जबलपुर आई महिला आर्मी क्षेत्र में मिली
जबलपुर। दक्षिण अफ्रीका से जबलपुर आई विदेशी महिला जबलपुर के ही आर्मी क्षेत्र में मिल गई है। उसका आरटीपीसीआर टेस्ट कराया गया। उसमें कोविड के कोई लक्षण नहीं मिले हैं। जानकारी के अनुसार जबलपुर पहुंचने के बाद उसे सीएमएम में क्वारंटाइन किया गया था। महिला एडवांस लाजिस्टिक कोर्स की ट्रेनिंग लेने यहां आई है। वह दक्षिण अफ्रीका में आर्मी में पदस्थ है।
दक्षिण अफ्रीकी देश बोत्सवाना से जबलपुर आई महिला का पता चल चुका है। जिला चिकित्सालय जबलपुर में पदस्थ डॉ विभोर हजारी एवं डॉ प्रियंक दुबे के अनुसार बोत्सवाना से जबलपुर आई महिला आर्मी में कैप्टन हैं । वे यहॉं अपने देश की ओर से सेना द्वारा संचालित कॉलेज ऑफ मेटेरियल मैनेजमेंट (सीएमएम) में कोर्स करने करने आई हैं ।
डॉ हजारी के अनुसार जबलपुर आने के बाद वे दस दिन का आइसोलेशन (क्वारन्टीन) पूरा कर चुकी हैं । उन्होंने बताया कि महिला का आज सीएमएम जाकर मेडिकल चेकअप किया गया जिसमें वे पूरी तरह स्वस्थ पाई गई हैं। उनमें कोरोना के कोई लक्षण दिखाई नहीं दिये हैं।
डॉ विभोर हजारी और डॉ प्रियंक दुबे की टीम ने बोत्सवाना की आर्मी में कैप्टन इस महिला का कोरोना टेस्ट हेतु सेम्पल भी लिया है, जिसे परीक्षण हेतु आईसीएमआर भेजा जा रहा है । ओ एल खुमो नाम की 34 वर्षीय इस महिला को बोत्सवाना में कोरोना की वैक्सीन भी लग चुकी है।
यह है मामला: साउथ अफ्रीका के बोत्सवाना शहर निवासी एक महिला एयर इंडिया के विमान से 18 नवंबर को दिल्ली से जबलपुर पहुँची थी। जबलपुर आने के बाद वह कहां गई इसका पता नहीं चल पा रहा है। महिला की तलाश में स्वास्थ्य विभाग की टीमें जुटी हैं। शहर स्थित होटलों में उसके बारे में पतासाजी की जा रही है। जबलपुर से लगे पड़ोसी जिलों के पर्यटन स्थलों व वन विहार में भी अलर्ट भेजा गया है। 34 वर्षीय इस महिला के जबलपुर आने का पता तब चल पाया जब भोपाल से उसके संबंध में पूछताछ शुरू हुई। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट दिल्ली में विदेशी स्वास्थ्य परीक्षण उपरांत ही विदेशी नागरिक को जबलपुर तक आने की अनुमति दी गई होगी, इसलिए कोरोना के बोत्सवाना वेरिएंट को लेकर जबलपुर में फिलहाल भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. रत्नेश कुरारिया ने कहा कि शासन के निर्देश पर विदेशी यात्रियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर रत्नेश कुरारिया ने कहा कि 18 नवंबर को एयर इंडिया के विमान से डुमना पहुंचने वाले सभी फ्लायर्स से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। आवश्यक होने पर सभी की जांच की जाएगी।
नौवीं से बारहवीं की छमाही परीक्षाएं मध्य प्रदेश में बोर्ड के बदले पैटर्न पर शुरू हुई
भोपाल। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में नौवीं से बारहवीं तक की छमाही परीक्षाएं सोमवार से बोर्ड के बदले हुए पैटर्न पर आफलाइन मोड में शुरू हुई। सुबह 9 बजे से पहली पाली की परीक्षा के लिए विद्यार्थी सुबह 8.30 बजे से स्कूल पहुंच गए थे। कक्षा नौवीं एवं ग्यारहवीं की परीक्षा की सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चली। पहली पाली में नौवीं का गणित तो ग्यारहवीं का संस्कृत, उर्दू व मराठी का पेपर हुआ। वहीं दूसरी पाली में दसवीं व बारहवीं की परीक्षा दोपहर 12:30 बजे शुरू हुई, जो दोपहर 3:30 बजे तक चलेगी। दसवीं का पहला पेपर अंग्रेजी का रहा और बारहवीं का बायोटेक्नोलाजी और वोकेशनल कोर्सेस की परीक्षा से शुरुआत हुई।
इस बार छमाही परीक्षा बोर्ड के बदले पैटर्न पर ली जा रही है। हर प्रश्नपत्र में 40 फीसद वस्तुनिष्ट प्रश्न पूछे जा रहे हैं। वहीं दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों की संख्या कम है। वस्तुनिष्ट प्रश्न अधिक होने से पेपर देने के बाद विद्यार्थियों के पास समय बच रहा है, जिससे वे उत्तरपुस्तिका को अच्छे से दोहरा पा रहे हैं। नौवीं के विद्यार्थियों ने कहा कि गणित का प्रश्नपत्र आसान रहा। कोई भी प्रश्न कोर्स से बाहर क नहीं पूछा गया था। इस दौरान विद्यार्थी भी शांति से परीक्षा देते नजर आए।
पहली बार स्थानीय छुट्टी के दिन भी छमाही परीक्षा ली जा रही है। तीन दिसंबर को गैस त्रासदी स्मृति दिवस के दिन राजधानी में स्थानीय छुट्टी घोषित है, लेकिन उस दिन स्कूलों में कक्षा नौवीं से बारहवीं तक की छमाही परीक्षाएं ली जाएंगी। राजधानी में जिला शिक्षा अधिकारी नितिन सक्सेना ने कुछ स्कूलों का निरीक्षण कर कोविड गाइड के पालन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि 50 फीसद उपस्थिति को लेकर फिर से गाइडलाइन जारी कर दी गई है। परीक्षा के दौरान कोविड गाइडलाइन का पालन जरूरी है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मैच ड्रा
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज का पहला मैच ड्रा हो गया है। 284 रन के जवाब में न्यूजीलैंड की टीम ने 98 ओवर अपनी दूसरी पारी में बल्लेबाजी की और 9 विकेट खोए। आखिरी के 52 गेंदों में भी भारतीय गेंदबाज आखिरी विकेट नहीं ले सके। इस तरह मुकाबले का नतीजा ड्रा रहा। 2017 के बाद ये पहली बार है जब भारत में कोई टेस्ट मैच ड्रा हुआ है। न्यूजीलैंड की टीम ने पिछले सात मैचों में पहली बार कोई मुकाबला ड्रा कराया है। मैच के आखिरी दिन न्यूजीलैंड की टीम ने 284 रन के जवाब में 4/1 से आगे खेलते हुए शानदार खेल दिखाया। टाम लाथम और विलियम समरविले ने 31 ओवर में 75 रन जोड़े। हालांकि, अंतिम दिन लंच के बाद पहली गेंद पर उमेश यादव ने नाइट वाचमैन विलियम समरविले को 36 रन के निजी स्कोर पर शुभमन गिल के हाथों कैच आउट कराया। तीसरी सफलता भारत को आर अश्विन ने दिलाई, जिन्होंने 52 रन के निजी स्कोर पर टाम लाथम को बोल्ड किया।
दोनों सदनों में कृषि कानून बिल वापसी पारित
संसद का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो गया है। पहले दिन लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष ने काफी हंगामा किया। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही 12 बजे तक के लिए लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। साथ ही राज्यसभा में भी कार्यवाही बाधित रही। इसके बाद केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने लोकसभा में कृषि कानून वापसी बिल लोकसभा में पेश किया। विपक्षी सांसदों के भारी हंगामे के बीच कृषि कानून वापसी बिल बिना किसी विरोध के पास कर दिया गया। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खडगे ने कानूनी वापसी का स्वागत करते हुए कहा कि हम पहले ही कहते थे कि ये कानून किसानों के हित में नहीं है। बाद में लोकसभा को अगले दिन 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। उधर राज्यसभा में हंगामे और अनुशासनहीनता की वजह से 12 सांसदों को निलंबित कर दिया गया। हंगामे की वजह से राज्यसभा की भी आज की कार्यवाही अगले दिन के लिए स्थगित कर दी गई।
इस बीच सत्र शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार हर विषय पर चर्चा करने के लिए तैयार है, खुली चर्चा करने के लिए तैयार है। सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है। संसद देश हित में चर्चाएं करे, देश की प्रगति के लिए रास्ते खोजे, इसके लिए ये सत्र विचारों की समृद्धि वाला, दूरगामी प्रभाव पैदा करने वाले सकारात्मक निर्णयों वाला बनें।
23 दिसंबर तक चलेगा शीतकालीन सत्र
12 राज्यसभा सांसद निलंबित, संसद के शेष सत्र में नहीं ले सकेंगे हिस्सा
नई दिल्ली : संसद के शीतकालीन सत्र की सोमवार को शुरुआत हुई। पहले ही दिन सदन के पिछले सत्र में अनुशासनहीनता करने वाले राज्यसभा के 12 सांसदों को बाकी बचे पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। निलंबित किए गए सांसदों में कांग्रेस के छह, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के दो, सीपीआई का एक और शिवसेना के दो सांसद शामिल हैं।
इन सांसदों पर गिरी निलंबन की गाज
सीपीएम के एलामारम करीम और कांग्रेस की फूलो देवी नेतम, छाया वर्मा, आर बोरा, राजामणि पटेल, सैयद नासिर हुसैन और अखिलेश प्रसाद सिंह, टीएमसी की शांता छेत्री व डोला सेन, सीपीआई के विनय विश्वम और शिवसेना की प्रियंका चतुर्वेदी और अनिल देसाई निलंबित कर दिए गए। 11 अगस्त को हुए हंगामे को लेकर ये कार्रवाई हुई है।
इन सांसदों के निलंबन को लेकर सदन की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस में कहा गया है कि इन सांसदों ने राज्यसभा के 254वें सत्र के आखिरी दिन यानी 11 अगस्त को हिंसक व्यवहार किया, सुरक्षा कर्मियों पर जानबूझकर हमले किए, चेयर का अपमान किया। इन्होंने सदन के नियमों को तार-तार कर दिया और कार्यवाही में बाधा पहुंचाई।
ये हुआ था मानसून सत्र के अंतिम दिन
संसद का मानसून सत्र विपक्ष के हंगामे के साथ शुरू हुआ था और इसी के चलते समापन की तय तिथि से दो दिन पहले की समाप्त हो गया था। पेगासस जासूसी विवाद और तीन कृषि कानूनों को लेकर विपक्ष की ओर से सदन में लगातार हंगामा और विरोध प्रदर्शन किए गए थे, जिसके चलते कई बार सदन की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा था।
सत्र के आखिरी दिन जब कृषि कानूनों के विरोध में किसान आंदोलन पर चर्चा शुरू हुई थी तब विपक्ष के नेता कथित तौर पर अधिकारियों की मेज पर चढ़ गए थे, काले कपड़े लहराए थे और फाइलें फेंकी थीं। उन्होंने कथित तौर पर सुरक्षा कर्मियों के साथ भी दुर्व्यवहार किया था। वहीं, विपक्षी नेताओं ने यही आरोप उल्टा सुरक्षा कर्मियों पर लगाया था।
न्यूयॉर्क में आपातकाल, पाबंदियां लगने पर बोला द. अफ्रीका- नया वैरिएंट पहचानने की मिल रही सजा
लंदन: विश्व स्वास्थ्य संगठन की मुख्य वैज्ञानिक डॉ सौम्या स्वामीनाथन ने कहा है कि कोविड -19 का नया वैरिएंट भारत में कोविड के उचित व्यवहार के लिए एक चेतावनी हो सकता है। स्वामीनाथन ने हरसंभव सावधानी बरतने और मास्क का उपयोग करते रहने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि मास्क आपकी जेब में रखा वैक्सीन है जो विशेष रूप से इनडोर सेटिंग्स में अत्यधिक प्रभावी है।
स्वामीनाथन ने कहा, नए वैरिएंट से लड़ने के लिए विज्ञान आधारित रणनीति की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सभी वयस्कों का पूर्ण टीकाकरण, सामूहिक समारोहों से बचना, व्यापक जीनोम सिक्वेंसिंग, मामलों में किसी भी असामान्य वृद्धि की बारीकी से निगरानी करना, ‘ओमिक्रोन’ से लड़ने के लिए वैज्ञानिकों द्वारा बताए गए कुछ सुझाव हैं, जिससे चिंता कम हो सकती है। स्वामीनाथन ने कहा कि यह वैरिएंट डेल्टा की तुलना में अधिक संक्रामक हो सकता है। हालांकि अभी तक आधिकारिक रूप से कुछ भी नहीं कहा जा सकता है।
न्यूयॉर्क की गवर्नर ने आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी क्योंकि अप्रैल 2020 के बाद से कोरोना संचरण दर अपने उच्चतम शिखर पर पहुंच गई। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बोत्सवाना में पहली बार सामने आया कोविड का चिंताजनक वैरिएंट आ रहा है। यह वैरिएंट बेहद चिंताजनक है और दूसरी लहर को बढ़ावा दे सकता है।
कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने दुनियाभर में फिर से दहशत फैला दी है। दुनिया के कई देशों ने दक्षिण अफ्रीका पर कई तरह की पाबंदियां लगा दी हैं। कई देशों ने दक्षिण अफ्रीका से आने वाली उड़ानों पर रोक लगा दी है तो किसी ने वहां से आने वाले लोगों के लिए क्वॉरनटीन का नियम लागू कर दिया है। पाबंदियां लगने पर दक्षिण अफ्रीका का भी दर्द छलका है। उसने कहा कि उसे कोविड के नए वैरिएंट की पहचान करने की सजा मिल रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंटरनेशनल फ्लाइट्स शुरू करने से पहले एक बार फिर समीक्षा करने को कहा है, उनके फैसले पर जनता ने भी मुहर लगाई है। ज्यादातर भारतीय चाहते हैं कि सरकार 15 दिसंबर से भारत आने-जाने वाली इंटरनेशनल फ्लाइट्स के आॅपरेशन की अनुमति के अपने फैसले पर पुनर्विचार करे। एक आॅनलाइन सर्वे के मुताबिक 72 फीसदी भारतीयों को कहना है कि सरकार को बोर्डिंग के साथ अधिक जोखिम वाले देशों से आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए कोविड की आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट को अनिवार्य करना चाहिए। उल्लेखनीय है कि भारत आने-जाने वाली सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें कोविड-19 महामारी के कारण मार्च, 2020 से ही बंद हैं।
भोपाल में कलेक्टर-कमिश्नर, आइजी-एसपी कांफ्रेंस सोमवार को
भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को कलेक्टर-कमिश्नर, आइजी-पुलिस अधीक्षक (एसपी) कांफ्रेंस करेंगे इस बैठक में कोरोना की स्थिति को लेकर समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की प्रगति, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली जाएगी।
मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारियों ने बताया कि बैठक में कोरोना संक्रमण को लेकर मौजूदा परिस्थिति को देखते हुए जिला अधिकारियों से जानकारी ली जाएगी। साथ ही कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। फिलहाल सरकार प्रतिबंध तो कोई नहीं लगाएगी, पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। मास्क पहनना अनिवार्य है लेकिन इसका पालन गंभीरता के साथ नहीं हो रहा है। इसी तरह शारीरिक दूरी का पालन भी नहीं किया जा रहा है।\
इसको लेकर रोको-टोको अभियान फिर से प्रारंभ किया जाएगा। टीकाकारण की गति बढ़ाने के लिए जनसहयोग लिया जाएगा। कलेक्टरों को निर्देश दिए जाएंगे कि वे जिला, ब्लाक आपदा प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ बैठक करें और कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए तय दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ टीकाकरण के लिए व्यक्तियों को प्रेरित करें।
त्रिपुरा के शहरी निकाय चुनाव में BJP की शानदार जीत
त्रिपुरा : त्रिपुरा निकाय चुनावों में BJP ने शानदार जीत हासिल की है। 222 सीटों पर हुई वोटों की गिनती के बाद बीजेपी ने 217 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि CPIM को 3 सीट, टीएमसी को 1 सीट और टिपरा मोथा को महज एक सीट से संतोष करना पड़ा है। बीजेपी ने इसने अगरतला नगर निगम समेत 11 नगरीय निकायों में क्लीन स्वीप किया है। अगरतला में पार्टी ने सभी 51 सीटें जीत ली हैं, और विपक्षी दल खाता भी नहीं खोल पाये। CPI(M), जिसने पिछले निकाय चुनावों में सभी शहरी निकायों में जीत हासिल की थी, वो इस बार केवल तीन शहरी निकायों-कैलाशहर और अंबासा नगर परिषदों और पानीसागर नगर पंचायत तक सिमट कर रह गई। तृणमूल कांग्रेस ने अंबासा नगर पंचायत में एक सीट जीती है, जबकि त्रिपुरा के शाही वंशज प्रद्योत किशोर के नेतृत्व वाले TIPRA मोथा ने एक सीट जीती है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस शानदार जीत के लिए मुख्यमंत्री विप्लव कुमार देव और सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।
त्रिपुरा में 20 में से 14 शहरी स्थानीय निकायों के लिए 25 नवंबर को मतदान हुआ था। राज्य की कुल 334 नगरपालिका सीटों में से बीजेपी ने 329 पर जीत हासिल की है। इनमें से 112 सीटों पर पार्टी ने निर्विरोध जीत दर्ज की। बाकी 222 सीटों पर 81.54 प्रतिशत मतदान हुआ, और अधिकांश बीजेपी के खाते में गई। बीजेपी ने खोवाई नगर परिषद, कुमारघाट नगर परिषद, सबरूम नगर पंचायत, अमरपुर नगर पंचायत, पार्टी कैलाशहर, तेलियामुरा, मेलाघर और बेलोनिया नगर परिषदों के अलावा धर्मपुर और अंबासा नगर पालिकाओं, पानीसागर, जिरानिया और सोनापुरा नगर पंचायतों में भी शानदार जीत हासिल की है।





