Home Blog Page 180

महाराष्ट्र में सामने आये ओमिक्रॉन के 8 नये मामले, प्रदेश में अब तक 28 लोग नये वेरिएंट से संक्रमित

0

महाराष्ट्र:  महाराष्ट्र में कोरोना के नये वायरस का प्रसार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को प्रदेश में एक दिन में ओमिक्रोन के 8 और संक्रमित मरीज मिले। इनमें से 7 पॉजिटिव मामले मुंबई के हैं और 1 मरीज वसई विरार का है। इन्हें मिलाकर राज्य में अब तक ओमिक्रॉन से संक्रमित मरीजों की संख्या 28 पहुंच चुकी है। वैसे, इनमें से 9 मरीजों की आरटी-पीसीआर टेस्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें छुट्टी भी दे दी गई है। नये मामलों के साथ अब भारत में अबतक कोरोना के ओमिक्रोन वेरिएंट के 53 नये मामले सामने आ चुके हैं।

पहले राजस्थान और दिल्ली से इसके 4-4 नए मामले सामने आये और अब महाराष्ट्र से 8 नये मामले। इन्हें मिलाकर अब देश में ओमिक्रॉन वेरिएंट के मामलों की कुल संख्या 53 हो गई है। राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा कि ओमिक्रॉन के चार और मामले सामने आए हैं। इस तरह राज्य से अब तक ओमिक्रॉन के 13 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं दिल्ली में ओमीक्रॉन के 4 नए मामले सामने आने के बाद अब राज्य में इसकी कुल संख्या 6 हो गई है। अन्य राज्यों की बात करें, तो अब तक महाराष्ट्र से ओमीक्रॉन के 28, कर्नाटक से 3, गुजरात से, केरल से 1, आंध्र प्रदेश से 1 और चंडीगढ़ से 1 मामला सामने आ चुका है।

गंगा आरती में शामिल हुए PM मोदी, वाराणसी में मनाई गई शिव ​दीपावली

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार की शाम वाराणसी में गंगा आरती में हिस्सा लिया। उनके साथ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद हैं। गंगा आरती के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के लोकार्पण के उपलक्ष्य में आज वाराणसी में शिव ​दीपावली मनाई जा रही है। इसके लिए लगभग 84 घाटों पर दीप जलाये गये हैं। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग भी मौजूद हैं। आरती में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी में रविदास घाट से विवेकानंद क्रूज़ में सवार हुए। उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा भी मौजूद हैं। पीएम मोदी ने इस मौके पर आयोजित लेजर शो का भी आनंद लिया।

इस क्रूज पर पीएम मोदी के अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेमा खांडू, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल, हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बोरेन सिंह, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवाराज बोम्मई आदि मौजूद हैं।

विवादास्पद कलाकार कुणाल और मुनव्वर को दिग्विजय का न्योता, गर्माई मप्र की राजनीति

0

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार उन्होंने विवादास्पद हास्य कलाकार कुणाल कामरा और मुनव्वर फारुकी को भोपाल में आकर कार्यक्रम करने का न्योता दिया है। दोनों का बेंगलुरु में कार्यक्रम रद कर दिया है। इसके बाद सिंह ने ट्वीट करके कहा कि मैं आपका भोपाल में कार्यक्रम आयोजित करुंगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी मेरी होगी। आप मुझे दिनांक और समय बताएं। आपकी सभी शर्तें स्वीकार होंगी। उधर, भाजपा के विधायक रामेश्वर शर्मा ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने वाले कुणाल कामरा और मुनव्वर फारुकी के कार्यक्रम मध्य प्रदेश तो देश में कहीं भी देशभक्त नहीं होने देंगे।

कुणाल कामरा और मुनव्वर फारुकी, दोनों काफी विवादों में रहे हैं। मुनव्वर फारुकी पर भगवान श्रीराम और माता सीता पर टिप्पणी करने का आरोप है। इन पर इंदौर में पुलिस प्रकरण दर्ज हुआ था। वहीं, कुणाल कामरा ने न्यायपालिका पर तंज कसा था। वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित भाजपा, संघ व हिंदुत्व को लक्ष्य करके उपहास उड़ाने को लेकर विवादों में रहे हैं। मुनव्वर को बेंगलुरु में पिछले माह कार्यक्रम करने की अनुमति नहीं मिली थी। इसके बाद आयोजकों ने कुणाल कामरा का कार्यक्रम भी रद कर दिया था।

इस पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सोमवार को ट्वीट करके कहा में कुणाल तुम्हारे और मुनव्वर के लिए भोपाल में कार्यक्रम आयोजित करता हूं। सारी जिम्मेदारी मेरी रहेगी पर शर्त एक होगी कि विषय सिर्फ दिग्विजय सिंह होगा। इसमें तो संघियों को एतराज नहीं होना चाहिए। आओ डरो मत। अपनी सुविधा के अनुसार दिनांक व समय दो। तुम्हारी सभी शर्तें मंजूर हैं।

देवी-देवताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा हिंदुस्तान

भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा विवादित कुणाल कामरा और मुनव्वर फारुकी को भोपाल आकर कार्यक्रम करने का आमंत्रण देने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वे तो कल पाकिस्तान के आतंकवादियों को घर पर बुलाकर बिरयानी खिलाना चाहते हैं, तो क्या हम पाकिस्तानियों को हिंदुस्तान में आकर आतंकवादियों को बिरयानी खिलाने की अनुमति देंगे। हिंदू, हिंदुत्व और राम को काल्पनिक बताकर कांग्रेस क्या दिखाना चाहती है।

उन्‍होंने सवाल किया कि क्‍या कुणाल कामरा और मुनव्वर फारुकी को बुलाकर भगवान राम और माता सीता का अपमान कराना चाहते हैं। हिंदुस्तान इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा। हमने औरंगजेब, बाबर, हुमायू, अकबर से भी लड़ाई लड़ी है। दिग्विजय सिंह जैसे लोग देश में नए जिन्न के रूप में अवतरित हो रहे हैं। हिंदू और मुस्लमान के बीच खाई डालने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कुणाल कामरा और मुनव्वर फारुकी के लिए कहा कि कान खोलकर सुन लो देवी-देवताओं को अपमान किया तो देशभक्त उठेंगे और मध्य प्रदेश तो क्या किसी भी प्रदेश में कार्यक्रम नहीं होगा।

 

कोरोना काल के दौरान मप्र सरकार की प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास के मामले में उपलब्धि

0

भोपाल । कोरोना संकट के दौरान जब ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार का संकट था और काम ठप पड़े हुए थे, तब मध्य प्रदेश सरकार ने एक लाख 75 हजार से ज्यादा प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास तैयार किए। इस साल साढ़े तीन लाख आवास बनाने थे, पर चार लाख बन चुके हैं। वित्त वर्ष के जो साढ़े तीन माह बचे हैं, उनमें तीन लाख और आवास बनाने की तैयारी है। इस प्रकार इस वर्ष कुल सात लाख आवास बन जाएंगे, जो प्रदेश का एक वित्तीय वर्ष में आवास बनाने का रिकार्ड होगा। योजना में कुल 27 लाख से ज्यादा आवास बनाए जाने हैं।

छह साल में 21 लाख बन चुके हैं। उधर, प्रदेश सरकार की पहल पर केंद्र सरकार ने मजदूरी भुगतान के प्रविधान में भी संशोधन कर दिया है। अब आवास निर्माण के प्रत्येक चरण की जगह जरूरत के हिसाब से भुगतान किया जा सकता है।

प्रदेश में आर्थिक सामाजिक जनगणना 2011 के आधार पर प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास के लिए पात्रता निर्धारित हुई है। वर्ष 2020-21 में जब कोरोना संक्रमण की वजह से आर्थिक गतिविधियों से लेकर अन्य काम ठप पड़े थे तब मध्य प्रदेश ने एक लाख 75 हजार प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास का निर्माण कार्य पूरा किया था। सितंबर 2020 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से गृह प्रवेश कराया था। प्रदेश में अब तक लगभग 21 लाख आवास बन चुके हैं। इस वर्ष चार लाख आवास का निर्माण हो चुका है।

तीन लाख आवास और बनाए जाने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव ने बताया कि प्रत्येक सप्ताह निर्माण कार्य की समीक्षा की जा रही है। 45 दिन में हितग्राही को किस्त दी जाती है। यदि इस अवधि में मांग नहीं होती है तो उसकी पड़ताल कराई जाती है। इसका असर यह हुआ कि काम की गति बढ़ गई। ग्वालियर और चंबल संभाग में अतिवर्षा के कारण कार्य प्रभावित हुआ था लेकिन अब स्थितियां सामान्य होती जा रही हैं। ऐसे में पूरा विश्वास है कि इस साल मध्य प्रदेश सर्वाधिक प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास बनाने का रिकार्ड बना लेगा।

इसमें एक समस्या मजदूरी भुगतान की आती थी। केंद्र सरकार का प्रविधान था कि चरणवार मजदूरी का भुगतान किया जाएगा। आवास निर्माण के समय सर्वाधिक मजदूरी की आवश्यता छत पड़ने के समय आती है। इसे दृष्ट्रिगत रखते हुए केंद्र सरकार से इस बाध्यता को समाप्त करने का अनुरोध किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। किस्त की राशि समय पर मिल जाए, इसके लिए जरूरी वित्तीय व्यवस्था भी बनाई जा रही है।

23 हजार 972 करोड़ रुपये किए जा चुके हैं व्यय

 

20 नवंबर 2016 से प्रारंभ हुई इस योजना में अब तक मध्य प्रदेश 23 हजार 972 करोड़ रुपये व्यय कर चुका है। केंद्र सरकार 60 प्रतिशत राशि देती है, जबकि 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार लगाती है। हितग्राही चाहे तो 70 हजार रुपये का वित्तीय संस्था से ऋण दिलाने की सुविधा भी दी जाती है। इकाई सहायता के अलावा आवास निर्माण के लिए मनरेगा से 90 से 95 दिन की मजदूरी का प्रविधान भी किया गया है। शौचालय निर्माण के लिए स्वच्छ भारत मिशन और मनरेगा से 12 हजार रुपये अलग से दिए जाते हैं।

रायपुर में पहली बार दो दिवसीय धर्म संसद, 25 दिसंबर से होगा आयोजन

0

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पहली बार धर्म संसद का आयोजन होगा। 25 और 26 दिसंबर को भारत के अनेक जाने माने संत- महात्मा रायपुर में एकत्रित होंगे। यह आयोजन सन 1974 के बाद रायपुर के नीलकंठ सेवा संस्थान के तत्वावधान में हो रहा है। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है।

धर्मसंसद 2021 छत्तीसगढ़ में आयोजन के मुख्य संरक्षक दूधाधारी मठ के महंत राम सुंदर दास ने बताया कि धर्म संसद 2021 करवाने का उद्देश्य अलग-अलग संगठनों में बिखरे हुए हिंदुओं को एक मंच में लाना है। सनातन धर्म की रक्षा के लिए हिंदुओं को जागरूक करना है। धर्म संसद के कार्यक्रम में सभी संत महात्माओं को एकमंच पर एकत्रित कर संत महात्माओं द्वारा हिंदू समाज के लोगों को अपने समाज, अपने सनातन धर्म के प्रति कार्य करने के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा।

महंत रामसुंदर दास ने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा के लिए संत महात्मा लगातार प्रयास करते हैं। आने वाले दिनों में सनातन धर्म पर पड़ने वाले खतरे को देखते हुए धर्म संसद में चर्चा की जाएगी। पड़ोसी देशों में बसे सनातनियों पर लगातार आक्रमण से पड़ने वाले प्रभावों पर धर्म संसद में चर्चा की जाएगी।

श्री नीलकंठ सेवा संस्थान के संस्थापक पं. नीलकंठ त्रिपाठी ने बताया कि अब समय आ गया है कि भारत देश के समस्त सनातनियों को एकत्रित किया जाएगा और देश हित के लिए कार्य करने का संतों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। संत महात्माओं को सनातन धर्म के लिए आगे कर सनातन धर्म के विस्तार एवं रक्षा के लिए कार्य किया जाएगा।

साउथ अफ्रीका दौरे से बाहर हुए रोहित शर्मा

0

टीम इंडिया के साउथ अफ्रीका दौरे से ठीक पहले टीम को बड़ा झटका लगा है। टेस्ट टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा को अभ्यास के दौरान हाथ में चोट लग गई है। ऐसे में उनका दौरे पर जाना कैंसल हो गया है। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने ये जानकारी दी। मिली जानकारी के मुताबिक टीम के विशेषज्ञ राघवेंद्र से थ्रो-डाउन लेने के दौरान रोहित को हाथ में चोट लगी। पीटीआई के सूत्रों के मुताबिक रोहित शर्मा को हाथ में कुछ दिक्कत हो रही है और मेडिकल टीम इसे सुलझाने की कोशिश कर रही है। रोहित की चोट भारत के लिए बड़ा नुकसान है। साल 2021 में वे टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। ऐसे में उनका दक्षिण अफ्रीका नहीं जाना भारत की जीत की संभावनाओं को बड़ा नुकसान पहुंचा सकता है।

बैकअप के तौर पर प्रियांक पांचाल को टीम इंडिया के बायोबबल में शामिल होने के लिए कहा गया है। प्रियांक भारत की ए टीम के कप्तान हैं, वे अभी दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर ही हैं। बीसीसीआई अधिकारी ने बताया कि पांचाल को आज ही मुंबई टीम होटल में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है। उन्होंने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ टेस्ट मैच में 96 रन बनाये थे। इन्हें रोहित के कवर के तौर पर देखा जा रहा है। 31 साल के पांचाल घरेलू क्रिकेट में गुजरात के लिए खेलते हैं। वे 100 फर्स्ट क्लास मैच खेल चुके हैं। उनके नाम 45.52 की औसत से 7011 रन हैं और उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 314 रन है। उनके नाम इस फॉर्मेट में 24 शतक और 25 अर्धशतक हैं। वे पहले भी टीम इंडिया में चयन के दावेदार रहे हैं लेकिन जगह नहीं बन पाई थी।

Time मैगजीन ने एलन मस्क को चुना ‘टाइम्स पर्सन ऑफ द ईयर’

0

दुनिया के जाने-माने मैगजीन टाइम (Time magazine) ने दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क को ‘टाइम्स पर्सन ऑफ द ईयर 2021’ (Time’s Person Of The Year 2021) चुना है। एलन मस्क कार कंपनी टेस्ला (Tesla) और स्पेसएक्स (SpaceX) के सीईओ हैं। मैगजीन के मुताबिक एलन मस्क को अंतरिक्ष के साथ-साथ इलेक्ट्रिक कारों में उनके काम के लिए चुना गया है। साथ ही मानवता को मंगल पर ले जाने की उनकी योजना और क्रिप्टोकरेंसी में उनकी रुचि के लिए भी उन्हें ये सम्मान दिया गया है। टाइम मैगजीन के एडिटर-इन-चीफ एडवर्ड फेल्सेंथनल ने कहा – ‘पर्सन ऑफ द ईयर किसी व्यक्ति का प्रभावशाली होना दिखाता है और कुछ ही ऐसे लोग हुए हैं, जिन्होंने धरती पर जीवन या धरती के बाहर जीवन पर इतना प्रभाव डाला है। 2021 में एलन मस्क हमारे समाज में बदलाव का सबसे बड़ा उदाहरण बने हैं।’

एलन मस्क, इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी टेस्ला और मंगल ग्रह पर इंसानी बस्ती बसाने के उद्देश्य के साथ काम कर रही कंपनी स्पेसएक्स के फाउंडर और सीईओ हैं। इसके अलावा वह द बोरिंग कंपनी (The Boring Company) के भी संस्थापक भी हैं; और न्यूरालिंक और OpenAI के को-फाउंडर है। एलन मस्क को व्यवसायिक दुनिया में सफलता के अलावा अपने बेबाकीपन और ट्विटर पर बेहद सक्रिय होने के लिए भी जाना जाता है। ट्विटर पर उनके 6.5 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स है। उनके एक ट्वीट से पूर्व में कई बार क्रिप्टोकरेंसी में उछाल और क्रैश आ चुका है।

एलन मस्क फिलहाल दुनिया के सबसे अमीर आदमी हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक मस्क की कुल संपत्ति 266 अरब डॉलर की है, जो दूसरे नंबर पर उनके प्रतिद्वंदी जेफ बेजोस की 200 अरब डॉलर की संपत्ति से काफी ज्यादा है। कोरोना महामारी के दौरान टेस्ला के शेयरों में भारी उछाल के साथ एलन मस्क की संपत्ति काफी तेजी से बढ़ी है। हाल ही में उन्होंने टेस्ला के करीब 96.3 करोड़ डॉलर के शेयर बेच दिये। फिर भी उनकी संपत्ति अभी भी दुनिया में सबसे अधिक है।

भोपाल में 80 फीसद स्कूली बच्चों के अभिभावकों ने लगवा लिए हैं टीका के दोनों डोज

0

भोपाल। कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण के कारण स्कूलों में 50 फीसद उपस्थिति के साथ कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के फैलने की आशंका को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग ने बच्चों के माध्यम से अभिभावकों से टीकाकरण की जानकारी मांगी है। स्कूल में पढ़ने वाले करीब 80 फीसद बच्चों के अभिभावकों ने फीडबैक फार्म में यह जानकारी दी है कि उन्होंने टीका के दोनों डोज लगवा लिए हैं। इसमें जिले में पहली से बारहवीं के सरकारी व निजी स्कूलों में से तीन लाख 87 हजार 713 बच्चों में से तीन लाख दस हजार 170 बच्चों के अभिभावकों ने टीकाकरण का दूसरा डोज लगवा लिया है। वहीं, सरकारी स्कूलों में छह हजार 804 और निजी स्कूलों में 11 हजार 705 शिक्षक पदस्थ हैं। शिक्षकों का 100 फीसद टीकाकरण हो चुका है।

जिला शिक्षा कार्यालय में यह पूरा फीडबैक फार्म जमा किया जा रहा है। वहीं, 20 फीसद बचे हुए अभिभावकों के लिए जिला शिक्षा अधिकारी बच्चों के माध्यम से उन्हें टीकाकरण के प्रति जागरूक करने का प्रयास करेंगे। साथ ही एक दूसरा फीडबैक फार्म भी जारी किया जा रहा है। भोपाल जिले के संकुल प्राचार्याें को भी जिम्मेदारी दी गई है कि उनके अंतर्गत आने वाले निजी व सरकारी स्कूल अपने स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति प्रेरित करें। साथ ही शिक्षक फोन लगाकर भी अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करेंगे।

नए फीडबैक फार्म ये जानकारी मांगी गई है
जिन अभिभावकों ने दूसरा डोज नहीं लगवाया है। उनके लिए नया फीडबैक फार्म भरवाया जा रहा है। इसमें विद्यार्थी के अभिभावकों के नाम, आयु, मोबाइल नंबर भी दर्शाए गए है। कुछ स्कूलों ने फार्म जमा कर दिए हैं। अन्य स्कूलों से भी फार्म जल्द जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

इंदौर में पुलिस ने पहली बार ड्रोन से की चेकिंग

0

इंदौर । इंदौर शहर में पहली बार पुलिस ने नाइट चेकिंग के लिए ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया। इसमें पुलिस ने देखा कि गाड़ी में कौन लोग सवार है। चेकिंग में करीब एक दर्जन गाड़ियों को पुलिस ने जब्त भी किया।

कमिश्नर ऑफ पुलिस इंदौर हरिनारायण चारी मिश्र और ज्वाइंट कमिश्नर मनीष कपूरिया द्वारा शनिवार देर रात चेकिंग के निर्देश दिए गए थे। जिस के पालन में डीसीपी आशुतोष बागरी, एडिशनल डीसीपी राजेश रघुवंशी, एसीपी राकेश गुप्ता द्वारा विजय नगर इलाके में कार्रवाई की। शनिवार रात चेकिंग में विजय नगर चौराहे पर पुलिस ने 18 गाड़ियों पर कार्रवाई की। इसमें नौ गाड़ियां ओवरस्पीडिंग में जा रही थी और दो गााड़ियों की नंबर प्लेट गलत थी।

इनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। नशे में गाड़ी चलाते मिले कार चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर गाड़ी को पुलिस ने जब्त किया। डीसीपी आशुतोष बागरी खुद अलग-अलग चेकिंग पॉइंट पर जाकर मॉनिटरिंग करते रहें। शनिवार रात एक दर्जन चौराहों पर पुलिस चेकिंग कर रही थी।

विजय नगर चौराहे पर पुलिस ने जब एक कार को रोकना चाहा तो वह सर्विस रोड तरफ से भागी। पुलिस ने पीछा कर मेघदूत गार्डन के पास कार को रोका। कार में एक युवती सवार थी, वह नशे में भी थी। पुलिस ने उसे समझाइश दी और परिवार को जानकारी देकर बुलाया। कार चलाते हुए मोबाइल पर बात कर रही एक युवती को पुलिस ने रोका तो वह विवाद करने लगी। पुलिस ने उसे समझाइश दी की गाड़ी चलाते हुए मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। बाद में उसने पुलिस से माफी मांगी। पुलिस ने कार को रोका तो उसकी नंबर प्लेट गलत थी। कार सवार युवक खुद को पूर्व पार्षद का बेटा बताने लगा। पुलिस ने उसे कहा कि नंबर प्लेट गलत है तो चालानी कार्रवाई होगी।

‘मैं हिंदू हूं, हिंदुत्ववादी नहीं – राहुल गांधी

0

जयपुर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जयपुर में ‘महंगाई हटाओ रैली’ का आयोजन किया है। पहले यह रैली दिल्ली में होना थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने पर जयपुर में आयोजन किया गया। मंच पर पूरा गांधी परिवार एक साथ नजर आया। बारी-बारी से सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा ने संबोधित किया। राहुल गांधी ने एक बार फर हिंदू और हिंदुत्व की बात कही। राहुल ने कहा, ‘देश की राजनीति में दो शब्दों के बीच स्पर्धा है। हिंदू और हिंदुत्व। दोनों का अंतर समझने की जरूरत है। मैं हिंदू हूं, हिंदुत्ववादी नहीं हूं। आप सभी हिंदू हैं, हिंदुत्ववादी नहीं। महात्मा गांधी हिंदू थे और उनकी हत्या करने वाला गोडसे हिंदुत्ववादी था। गांधी को हिंदुत्ववादियों ने गोली मारी थी।’ राहुल गांधी जब इस विषय पर बोल रहे थे, तब सोनिया गांधी भी ताली बजा रही थी।

राहुल ने आगे कहा, देश में 2014 से हिंदुत्ववादियों की सरकार है। हमें इस सरकार को हटाना है और हिंदुओं की सरकार बनाना है। हिंदुत्ववादियों के कारण ही देश में महंगाई है। हिंदुत्ववादियों को सच से नहीं, सत्ता से मतलब होता है, जबकि गांधी हिंदू थे और उन्हें सिर्फ सच से मतलब था।

महात्मा गांधी ने पूरी ज़िन्दगी सत्य को ढूंढने में लगा दी। हिंदुत्ववादी अपनी पूरी ज़िन्दगी सत्ता को खोजने में लगा देगा – उसे सिर्फ सत्ता चाहिए। उसका रास्ता सत्याग्रह नहीं, उसका रास्ता सत्ताग्रह है।

हिन्दू एक पीछे नहीं हटता, वो शिव जी जैसे अपने डर को निगल लेता है। हिंदुत्ववादी को उसका डर डूबा देता है। और इस डर से उसके दिल में गुस्सा पैदा होता है, नफरत पैदा होती है।

हिन्दुत्ववादियों को किसी भी हालत में सत्ता चाहिए। महात्मा गांधी कहते हैं मैं सच्चाई चाहता हूँ , सत्ता नहीं। हिंदुत्ववादी कहतें हैं कि उन्हें सिर्फ सत्ता चाहिए, सत्य जाए भाड़ में।

हिन्दू कौन ? जो सबको गले लगता है

हिन्दू कौन ? जो किसी से नहीं डरता

हिन्दू कौन ? जो हर धर्म का आदर करता है !

नरेंद्र मोदी जी ने किसानों की जो आत्मा है, उनका जो दिल है, किसानों की छाती में चाक़ू मारा। पीछे से मारा। जब हिन्दू किसान हिंदुत्ववादी के सामने खड़ा हुआ, तो मोदी जी कहतें हैं, मैं माफ़ी मांगता हूँ।

तूर दाल अब हुई ₹135/- किलो, 35% बढ़ोतरी। महंगाई हटाओ , भाजपा भगाओ !

चाईना की सेना हमारे देश में आ जाती है, हज़ार किलोमीटर ले जाती है, पर प्रधानमंत्री जी कहतें हैं, कि हमारे देश में कोई नहीं आया।

आज हिंदुस्तान की 1% आबादी के हाथ में 33% धन। और सबसे 50% गरीब आबादी के हाथ में सिर्फ 1% धन। मोदी जी ने उनके 3-4 उद्योगपतियों ने इस देश को 7 साल में बर्बाद कर दिया।

राहुल गांधी ने रैली में मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूरा देश चार-पांच उद्योगों के हाथ में है। हर संस्थान एक संगठन के हाथ में है। मंत्रियों के ऑफिस में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के ओएसडी हैं।