Home Blog Page 181

मध्य प्रदेश में सतना, छतरपुर और खंडवा कलेक्टर का तबादला

0

भोपाल। मध्य प्रदेश में तीन जिलों सतना, छतरपुर और खंडवा कलेक्टर का तबादला किया गया है। सतना कलेक्टर अजय कटेसरिया की जगह अनुराग वर्मा को कलेक्टर बनाया गया है। वहीं संदीप जे आर को छतरपुर कलेक्टर बनाया गया है। खंडवा कलेक्टर अनय द्विवेदी की जगह अनूप कुमार सिंह को जिला अधिकारी बनाया गया है। उधर आइपीएस योगेश चौधरी को मुख्यमंत्री का विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी बनाया गया है।

अनूप सिंह खंडवा के नए कलेक्टर

मध्य प्रदेश शासन ने पंचायत चुनाव से कलेक्टर बदले हैं। खंडवा में अनय द्विवेदी की जगह अब ग्वालियर के अनूप कुमार सिंह जिले की बागडोर संभालेंगे। अनूप कुमार सिंह ग्वालियर में अपर आयुक्त, भू अभिलेख एवं बंदोबस्त व संयुक्त परिवहन आयुक्त ग्वालियर के प्रभार पर रहे हैं। कलेक्टर अनय द्विवेदी को मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड जबलपुर का प्रबंध संचालक बनाया गया है।

बलिदानी जितेंद्र वर्मा की पार्थिव देह पंचतत्‍व में विलीन, पंद्रह माह के बेटे ने दी मुखाग्‍नि

0

भोपाल। बुधवार को तमिलनाडु के कुन्नूर में हुई हेलिकाप्टर दुर्घटना में सीडीएस जनरल विपिन रावत की सुरक्षा में तैनात पीएसओ जितेंद्र वर्मा की पार्थिव देह सीहोर जिले में उनके गांव धामंदा में पंच तत्‍व में विलीन हो गई। शहीद जवान के पंद्रह माह के बेटे ने उन्‍हें मुखाग्‍नि दी। इस दौरान धामंदा गाव में अपने लाड़ले वीर सपूत को अंतिम विदाई देने जनसैलाब उमड़ पड़ा। अंतिम संस्‍कार से पहले यहां सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शहीद जवान की पार्थिव देह को श्रद्धांजिल दी। उनके अलावा सांसद रमाकांत भार्गव, सीहोर विधायक सुदेश राय, आष्टा विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय, इछावर विधायक करण सिंह वर्मा सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने शहीद के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। यहां पूरे सैनिक सम्मान के साथ शहीद जवान को अंतिम विदाई दी गई। भोपाल से उनके गांव धामंदा तक श्रद्धांजलि देने के लिए रास्ते भर लोग उमड़े। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा, बलिदानी के परिवार को एक करोड़ की सम्मान निधि दी जाएगी। बलिदानी की पत्नी सुनीता को सरकारी सेवा में लिया जाएगा, बच्चों की शिक्षा का पूरा प्रबंध किया जाएगा। गांव के विद्यालय के नाम बलिदानी जितेंद्र वर्मा के नाम पर रखा जाएगा और यहां उनकी मूर्ति स्थापित की जाएगी।

इससे पहले आज सुबह करीब पौने ग्‍यारह बजे दिल्ली से सेना के विशेष विमान के जरिए भोपाल एयरपोर्ट पर पहुंची। विमानतल पर लेफ्टिनेंट कर्नल आनंद गोखले के नेतृत्व में 3 ईएमई सेंटर की 20 जवानों की टीम ने शहीद जितेंद्र कुमार के शव को सलामी दी। राजा भोज विमानतल पर भाजपा के प्रदेशाध्‍यक्ष वीडी शर्मा, चिकित्‍सा शिक्षा मंत्री विश्‍वास सारंग, विधायक रामेश्‍वर शर्मा और भाजपा जिलाध्‍यक्ष सुमित पचौरी समेत अनेक नेताओं व कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर शहीद जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही जिला प्रशासन व पुलिस के आला अधिकारियों ने भी जवान के शव पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

यहां से शहीद जवान के शव को सड़क मार्ग के जरिए सेना के विशेष वाहन से धामंदा गांव के लिए रवाना किया गया। बैरागढ़ में सलामी के बाद भोपाल-इंदौर हाइवे से नायक जितेंद्र का पार्थिव शरीर निकला, जिसको करीब 55 किमी के सफर में 50 से अधिक स्थानों पर स्वागत द्वार लगाकर जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प वर्षा की। सेना के वाहन के आगे 5 डीजे चल रहे थे, जिनमें देशप्रेम के गाने बजते हुए आगे बढ़ रहे थे। वहीं पीछे-पीछे हजारों की संख्या में लोग चल रहे थे। इस मौके पर अमलाजा टोल से हाइवे को एकल कर दिया था। वाहन में सेना के लोग सहित आसपास पुलिस व आर्मी के फालो वाहन चल रहे थे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिह चौहान, सांसद रमाकांत भार्गव, सीहोर विधायक सुदेश राय, आष्टा विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय, इछावर विधायक करण सिंह वर्मा सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। मौके पर 20 हजार से अधिक लोग भाव विभोर होकर श्रद्धाजंलि दे रहे थे, वहीं जब जवान का पार्थिव शरीर धामंदा स्थित घर पहुंचा तो परिजनों की आंखों आसुओं के साथ ही गर्व दिखाई दे रहा था। जवान की मां-पिता व पत्नी का रो-रोकर बुला हाल था, वहीं बच्चे भी उनको रोता देख बिलख रहे थे।

नागपुर के बाद केरल में मिला ओमिक्रॉन का मरीज

0

देश में कोरोना वायरस का ओमिक्रॉन वेरिएंट तेजी से पांव पसारता जा रहा है। केरल (Kerala) में भी ओमीक्रॉन (Omicron) ने अपनी दस्तक दे दी है। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज (Kerala Health Minister Veena George) ने रविवार को बताया कि कोच्चि में ओमीक्रॉन का पहला मामला सामने आया है। ये शख्स 6 ​​दिसंबर को यूके से कोच्चि लौटा था और 8 दिसंबर को कोविड टेस्ट में वो पॉजिटिव पाया गया था। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। वहीं उसकी पत्नी और मां का भी कोविड टेस्ट पॉजिटिव आया है। इन सभी को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। रविवार को नागपुर, चंडीगढ़, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में भी एक-एक मरीज ओमिक्रॉन संक्रमित मिला। इस तरह रविवार को ओमिक्रॉन के सामने आये मामलों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। इसके साथ ही देश भर में ओमिक्रॉन पीड़ितों की संख्या 38 पहुंच गई है।

इससे पहले रविवार को महाराष्ट्र के नागपुर में भी एक 40 साल का शख्स कोरोनावायरस के ऑमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित पाया गया है। आपको बता दें कि नागपुर में ओमिक्रॉन वेरिएंट का ये पहला मामला है।

चंडीगढ़ (Chandigarh) में जो युवक ओमिक्रॉन पॉजिटिव मिला है वह इटली से आया था। 20 वर्षीय इस युवक को फाइजर वैक्सीन (Pfizer Vaccine) की दोनों डोज लग चुकी हैं। चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक युवक की जीनोम सीक्वेंसिंग की गई थी, जिसकी रिपोर्ट अब आई है। उसका इलाज किया जा रहा है।

आयरलैंड से आंध्र प्रदेश पहुंचा 34 साल का एक विदेशी पर्यटक भी ओमिक्रॉन से संक्रमित पाया गया है। यह शख्स आयरलैंड से मुंबई होते हुए 27 नवंबर को विशाखापट्‌टनम पहुंचा था। मुंबई एयरपोर्ट पर हुए RT-PCR टेस्ट में यह शख्स निगेटिव पाया गया था। लेकिन विशाखापट्‌टनम में हुए टेस्ट में पॉजिटिव मिलने पर सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए हैदराबाद भेजा गया, जहां ओमिक्रॉन संक्रमण की पुष्टि हुई।

देश में रविवार को जो तीसरा मरीज मिला, वह साउथ अफ्रीका से लौटा है। 34 साल के इस युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उसकी जीनोम सीक्वेंसिंग की गई। ओमिक्रॉन पॉजिटिव मिलने के बाद उसे आइसोलेट कर दिया गया है। साथ ही युवक के संपर्क में आए 20 लोगों की भी जांच की गई है।

स्वर्गीय घनश्याम नायक और कवि कुमार आजाद को कौन बनेगा करोड़पति 13 शो में तारक मेहता की कास्ट याद कर भावुक हो गई

0

तारक मेहता का उल्टा चश्मा (Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah) की कास्ट हाल ही में कौन बनेगा करोड़पति (Kaun Banega Crorepati) शो में पहुंची। जहां अमिताभ बच्चन के साथ जमकर मस्ती की। जब तारक मेहता की टीम केबीसी (KBC) के सेट पर थीं। वहां उन्होंने स्वर्गीय घनश्याम नायक (Ghanshyam Nayak) उर्फ नट्टू काका (Nattu Kaka) और कवि कुमार आजाद (Kavi Kumar Azad) उर्फ डॉक्टर हाथी (Dr Haathi) को याद किया।

दरअसल शो के प्रोड्यूसर असित मोदी और पोपटलाल उर्फ श्याम पाठक सबसे पहले गेम खेलने के लिए हॉट सीट पर बैठे थे। पोपटलाल ने अमिताभ बच्चन से अपने लिए लड़की ढूंढने की भी विनती की। उन्होंने बिग बी को अपना बायोडाटा भी दिया। इसके बाद तारक मेहता टीम ने शो से जुड़ी कुछ यादें शेयर की। खासतौर पर उन लोगों को याद किया जो इस दुनिया को छोड़कर चले गए हैं।

बाघा (Bagga) का किरदार निभाने वाले तन्मय वेकारिया (Tanmay Vekaria) ने घनश्याम नायक और कवि कुमार आजाद को याद किया। कहा, हम ये प्रार्थना करते हैं कि नट्टू काका और डॉक्टर हाथी जहां कहीं भी होंगे। हमें देख रहे हैं और अपना आशीर्वाद दे रहे होंगे, ताकि हम ऑडियंस का मनोरंजन कर सके। शो आगे भी अच्छा चलता रहे।

बबीता के पति मिस्टर अय्यर का रोल निभाने वाले तनुज महाशब्दे (Tanuj Mahashabde) ने भी डॉक्टर हाथी और घनश्याम नायक को याद किया। पूरी कास्ट दोनों कलाकारों को याद करते हुए बेहद इमोशनल हो गई। इसके बाद प्रोड्यूसर असित मोदी (Asit Modi) बताते हैं कि हमने अपने मेकअप मैन आनंद भाई परमार को भी खो दिया। इसके अलावा प्रोडक्शन टीम को दो सदस्य का भी देहांत हो गया, जो पहले दिन से हमारे साथ जुड़े थे।

रोहित शर्मा का कप्तान बनने के बाद पहला इंटरव्यू

0

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के जाने-माने खिलाड़ी रोहित शर्मा को अब वनडे और टी20, दोनों की कप्तानी मिल गई है। यानी सीमित ओवरों के मुकाबले में उनके नेतृत्व क्षमता की परीक्षा होगी। इससे पहले ये जिम्मेदारी विराट कोहली संभाल रहे थे, और उन्हें काफी हद तक टीम इंडिया को शीर्ष तक पहुंचाने में कामयाबी मिली। अब रोहित शर्मा को आगामी तमाम मैचों में टीम की कमान संभालनी होगी। अगले महीने ही भारतीय टीम साउथ अफ्रीका में 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलनेवाली है। ऐसे में रोहित के परफॉर्मेन्स पर कड़ी नजर रहेगी। खास तौर पर ऐसे माहौल में, जब चर्चा ये है कि कोहली की मर्जी के खिलाफ वनडे की कप्तानी छीनकर रोहित को दी गई है। टीम और बाहर उठ रहे विवादों के बीच नए कप्तान रोहित ने अपना पहला इंटरव्यू दिया और बताया कि किस तरह वो इस जिम्मेदारी को संभालेंगे और कोच राहुल द्रविड़ के साथ किस तरह अपने लक्ष्यों को हासिल करेंगे।

BCCI को दिये गये अपने इंटरव्यू में कप्तान रोहित शर्मा ने साफ तौर पर कहा कि दबाव चाहे जैसा भी हो, एक क्रिकेटर को तौर पर उनका पूरा ध्यान अपने काम पर रहेगा। रोहित ने कहा, “जब आप भारत के लिए क्रिकेट खेलते हो, तो आप पर हमेशा बहुत दबाव होता है। जब आप खेलते हो तो हमेशा लोग कुछ न कुछ कहेंगे। कोई सकारात्मक बातें करेगा, कोई नकारात्मक बातें करेगा। लेकिन मेरे लिए बतौर कप्तान नहीं बल्कि एक क्रिकेटर के रूप में ये जरूरी है कि मैं अपने काम पर ध्यान दूं, न कि लोग जो कह रहे हैं उस पर।”

विराट कोहली के साथ आपसी रिश्ते और गुटबाजी के आरोपों के बीच नवनियुक्त भारतीय कप्तान ने कहा – “टीम के बाकी खिलाड़ी एक-दूसरे के बारे में क्या सोचते हैं, वो भी काफी ज्यादा अहम है क्योंकि इससे ही टीम में अच्छा संबंध बनेगा। हम खिलाड़ियों के बीच एक मजबूत संबंध बनाना चाहते हैं और तभी हम बॉन्डिंग बना पाएंगे। राहुल भाई भी इसमें हमारी मदद करेंगे।”

कप्तान कोहली को जिस तरह वनडे की कप्तानी से हटाया गया है, उसे लेकर अभी भी क्रिकेटप्रेमियों में रोष है। विराट कोहली ने टी20 की कप्तानी विश्व कप के बाद ही छोड़ दी थी, लेकिन वनडे को लेकर उन्होंने कोई घोषणा नहीं की। आम तौर पर कप्तान या खिलाड़ी खुद कप्तानी या संन्यास लेने की घोषणा करता है। लेकिन BCCI ने विराट कोहली को स्वेच्छा से पद छोड़ने का मौका ही नहीं दिया और साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए खुद ही रोहित शर्मा को नया कप्तान घोषित कर दिया।इसके बाद से ही कोहली के फैंस का बीसीसीआई पर गुस्सा जारी है। BCCI ने प्रेस रिलीज में कोहली को हटाने की वजह भी नहीं बताई।

वाराणसी में PM के साथ सुशासन पर होगी चर्चा, पहली बार कई राज्यों के मुख्यमंत्री एक साथ काशी में होंगे मौजूद

0

काशी : शिव के बाद राम की नगरी भी पत्नी के साथ जाएंगे सभी सीएम. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) 13 दिसंबर को श्रीकाशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण करेंगे. इस ऐतिहासिक पल पर वाराणसी (Varanasi) में 11 राज्यों के मुख्यमंत्री भी आ रहे है. वाराणसी में प्रधानमंत्री के साथ गुड गवर्नेंस पर चर्चा होगी.
सभी मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम के बाद बस से अयोध्या जाएंगे और वहां रामलला के दर्शन करेंगे, यह पहला अवसर होगा जब कई राज्यों के मुख्यमंत्री एक साथ काशी में जुटेंगे.13 दिसंबर को काशी विश्वनाथ धाम को भक्तों को समर्पित करने के बाद प्रधानमंत्री 14 दिसंबर को सभी मुख्यमंत्रियों के साथ सम्मेलन करेंगे प्रधानमंत्री इस सम्मेलन में मुख्यमंत्रियों को गुड गवर्नेंस का मंत्र देंगे.
15 दिसंबर को सभी सीएम रामनगरी भी जाएंगे
सभी मुख्यमंत्री 15 दिसंबर को शिव की नगरी काशी से राम की नगरी अयोध्या भी जाएंगे. BJP शासित 11 राज्यों के मुखिया अपनी पत्नियों के साथ रामलला के दरबार में हाजिरी लगाएंगे और पीएम के ‘वोकल फॉर लोकल’ आवाहन के तहत अयोध्या के स्थानीय बाजार में खरीदारी भी करेंगे.
काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर है पीएम का ड्रीम पोजेक्ट
दरअसल काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर लगभग बनकर तैयार है. यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है, जिसकी शुरुआत उन्होंने मार्च 2019 में की थी. इसके करीब पौने तीन साल बाद अब प्रधानमंत्री मोदी 13 दिसंबर को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का लोकार्पण करने वाले हैं. कॉरिडोर लोकार्पण का कार्यक्रम बहुत ही भव्य होने वाला है. इसके तहत एक महीने तक काशी में सांस्कृतिक कार्यक्रम चलेंगे. हाल ही में मुख्यमंत्री योगी ने कहा था कि श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर लोकार्पण के दौरान पूरे एक माह तक काशी में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

डिंडौरी में टीकाकरण अभियान को सफल बनाने डोंगी से नदी पार कर पहुंच रहे कर्मचारी

0

डिंडौरी। आदिवासी बहुल डिंडौरी जिले में महा वैक्सीन अभियान को सफल बनाने के लिए अब कर्मचारी अपने जान की परवाह किए बिना ही नदी नालों को पार कर दुर्गम स्थानों तक पहुंच रहे हैं। तस्वीरों में यह नजर आ रहा कि कोरोना महामारी से लोगों को बचाने की खातिर स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जान जोखिम में डालकर लकड़ी की डोंगी के सहारे नर्मदा नदी को पार कर रहे हैं। मामला डिंडौरी विकासखंड के पतरी उड़ान गांव का है, जोकि नर्मदा और खरमेर नदी से घिरा हुआ है।

एक सैकड़ा है गांव की आबादी : इस गांव तक पहुंचने के लिए लकड़ी की डोंगी में बैठकर नर्मदा नदी को पार करना पड़ता है। गांव में 32 परिवार निवास करते हैं और इस गांव की आबादी लगभग एक सैकड़ा है। स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के समर्पण और त्याग के चलते गांव के 79 लोगों को वैक्सीन के दोनों डोज लगाए जा चुके हैं। लकड़ी की डोंगी में नर्मदा नदी को पार करने के दौरान जरा सी चूक कितना खतरनाक साबित हो सकता है जिसका अंदाजा बड़ी आसानी से लगाया जा सकता है। बावजूद इसके स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूरी शिद्दत के साथ अपनी ड्यूटी निभा रही हैं। हैरत की बात तो यह है लकड़ी के डोंगी को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता खुद ही चलाकर नर्मदा नदी को पार करती है। वैक्सीनेशन के प्रति स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का जजबा देख अधिकारी भी हैरान हैं और उनकी जमकर सराहना कर रहे हैं। एएनएम राधा सरैया ने बताया कि अभियान को सफल बनाना हमारा पहला उद्देश्य है।इसी को लेकर हम सभी काम कर रहे है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मायावती जो खुद डोंगी चलाती है वे भी अभियान को लेकर अपना कर्तव्य बताती है।

मंदसौर के शामगढ़ में उतारी जा रही सांसद की आरती

0

मंदसौर। शामगढ़ में आलमगढ़ रेलवे फाटक बंद होने के बाद उसी जगह अंडरब्रिज बनाने की मांग को लेकर धरना चल रहा है। शनिवार को धरना दे रहे लोगों ने विरोध करने का अनूठा तरीका अपनाया और मंदसौर सांसद सुधीर गुप्ता की तस्वीर लगाकर माला पहना दी। उसके बाद जय जगदीश हरे की तर्ज पर जय सुधीर गुप्‍ता आरती उतारी। अंडरब्रिज बनाओ समिति के सदस्यों का कहना हे कि अब प्रतिदिन शाम को सात बजे यहां सांसद की आरती की जाएगी। लोगों में आक्रोश इस बात को लेकर है कि 24 दिन से धरना चल रहा है पर अभी सांसद ने हमारी सुनवाई तक नहीं की है, जबकि यह उनके कार्यक्षेत्र का ही मामला है।

अब समिति द्वारा प्रतिदिन शाम सात बजे सांसद की आरती जाएगी। अंडर ब्रिज बनाओ समिति के पं. विक्रम पुरोहित ने बताया कि धरना आंदोलन को 24 दिन हो गए है पर सांसद सुधीर गुप्ता द्वारा अभी तक समिति के सदस्यों से न तो कोई बातचीत की है और न ही फाटक खोलने या अंडरब्रिज बनाने को लेकर कोई पहल की है। सांसद की उदासीनता को लेकर शनिवार शाम को धरना स्थल पर सांसद सुधीर गुप्ता का तस्वीर पर माला पहनाकर आरती की गई। पं. पुरोहित ने कहा कि जब तक सांसद जाग नहीं जाते हैं प्रतिदिन सायंकाल महाआरती की जाएगी।

पूर्व मंडल अध्‍यक्ष बोले: यह सभी का धरना सांसद को आना चाहिए पूर्व सांसद प्रतिनिधि व भाजपा मंडल अध्‍यक्ष रहे सतीश खुराना ने कहा कि सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को धरना आंदोलन में आगे आना चाहिए। अंडरब्रिज बनाना नगर हित में हैं यह किसी राजनीतिक दल का विषय नहीं है। समिति द्वारा लगातार धरना दिया जा रहा है उनको सभी राजनीतिक दलों का समर्थन प्राप्त है। यह नगर हित का मामला है। महिलाओं, मजदूर, गरीब, निर्धन व्यक्तियों से जुड़ा गंभीर मसला है। भाजपा के कई पदाधिकारियों ने भी धरना स्थल पर अपना समर्थन दिया है। क्षेत्रीय विधायक पर्यावरण मंत्री हरदीपसिंह डंग भी स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे थे। लेकिन जैसा कि मालूम पड़ा कि सांसद सुवासरा आकर चले गए। क्या शामगढ़़ नगर के लोगों ने उन्हें अपना मत नहीं दिया हैं। समस्या से जूझ रहे नागरिक उनके संसदीय क्षेत्र के नागरिक नहीं है।

सांसदजी सुवासरा आए थे तो धरना स्थल पर आकर सबसे बात करना चाहिए थी। पता नहीं इतने अच्छे इतने वरिष्ठ सांसद को ऐसा कौन व्यक्ति सलाह दे रहा है कि उन्होंने अपने विवेक का भी इस्तेमाल नहीं किया। धरना स्थल पर आकर बात भी करना उचित नहीं समझा। अंडरब्रिज केवल वार्ड 13, 14, 15 के नागरिकों की मांग नहीं है।अंडरब्रिज बनाना समूचे शामगढ़ की जनता की मांग है। शामगढ़ के कई परिवारों के बच्चे रेलवे लाइन पार कर स्कूल पढ़ने जा रहे हैं उन सभी परिवारों के अंदर सांसदजी के प्रति यह उम्मीद थी कि वे आज आए।

भोपाल, इंदौर, जबलपुर, सतना व ग्वालियर में ड्रोन स्कूल खोले जाएंगे

0

ग्वालियर। सीएम शिवराज सिंह चाैहान ने आज ग्वालियर के एमआइटीएस कालेज में ड्राेन मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सीएम ने कहा कि ड्राेन मेला अद्भुत है, यह लाेगाें का जीवन बदल देगा। किसानाें काे अपने कंधे पर लाद खाद नहीं डालना पड़ेगा। वहीं केंद्रीय मंत्री ज्याेतिरादित्य सिंधिया ने मंच से भोपाल, इंदौर, जबलपुर, सतना व ग्वालियर में ड्रोन स्कूल खाेले जाने की घाेषणा की है।

कार्यक्रम काे संबाेधित करते हुए सीएम शिवराज सिंह चाैहान ने ड्राेन की उपयाेगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब गुना में बाढ़ आई ताे नाव तक नहीं पहुंच पा रही थी। ऐसे में ड्राेन का सहारा लिया गया, जिसके जरिए पेड़ पर बैठे लाेग ही नहीं काैन कहां पर है, इसका भी आसानी से पता लगाया जा सका। उन्हाेंने कहा कि सिंधिया देश के लिए हैं ही लेकिन प्रदेश के लिए भी हैं। उन्हाेंने कहा कि मैं वचन देता हूं कि ड्राेन टेक्नाेलॉजी का इस्तेमाल करके प्रदेश के विकास पर काम किया जाएगा।

किटनाशक के छिड़काव में ड्राेन का इस्तेमालः नागरिक उड्डयन मंत्री ज्याेतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आज ग्वालियर के लिए ऐतिहासिक दिन है, क्याेंकि हम एक क्रांति के साक्षी बन रहे हैं, जाे जल्द ही देश के काेने-काेने तक पहुंचेगी। प्रधानमंत्री की साेच है कि टेक्नोलाजी महत्वपूर्ण है। इससे गरीब व आम आदमी की जिंदगी बदली जा सकती है। किसान कीटनाशक के छिड़काव में ड्राेन का इस्तेमाल कर सकते हैं। आज 2, 3, 5 किलो का ड्रोन गरीब की समृद्धि का कारण बन सकता है। 12वी पास युवक ड्रोन का पायलट बनकर 30 हजार रुपये तक का वेतन पा सकता है, 30 लाख रोजगार इन ड्रोन से पैदा होंगे। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने मंच से भोपाल, इंदौर, जबलपुर, सतना व ग्वालियर में ड्रोन स्कूल खाेलने की घाेषणा भी की है।

मेले से ड्राेन के प्रति जागरूकता आएगीः केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह ताेमर ने कहा कि इस मेले से ड्रोन के प्रति जागरूकता आएगी। इसके लिए ज्योरादित्य सिंधिया का कृतज्ञ होना चाहिए। पीएम नरेन्द्र मोदी का यह प्रयास रहा है कि भारत दुनिया मे किसी विद्या से पीछे न रहे। भारत अग्रणी हो, तकनीक बढ़े। आज भारत सोलर एलाइंस में दुनिया का लीडर बन चुका है, ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में देश अग्रणी है। उन्हाेंने कहा कि जब देश में टिड्ढी दल का खतरा मंडराया ताे ड्राेन की जरूरत महसूस की गई थी, तब सिविल एविएशन सामने आई और क्लियरेंस मिला। टिड्डों को मारने के बाद अब उनकी दोबारा वापसी नहीं हुई। ड्रोन से गांवों में सर्वे हो रहा है और लोगों को उनकी जमीन व मकान का मालिकाना हक मिल रहा है। कृषि के क्षेत्र में ड्रोन का इस्तेमाल करना बहुत उपयोगी है।

ये भी रहा खासः

-मेले के शुभारंभ के पूर्व सीएम शिवराज सिंह, केंद्रीय मंत्री सिंधिया, केंद्रीय मंत्री ताेमर सहित तमाम मंचासीन एवं आयाेजन में शामिल लाेगाें ने शहीद जनरल बिपिन रावत काे श्रद्धांजलि दी।

-जब सीएम का पुष्पगुच्छ से स्वागत करने लगे ताे प्रभारी ने राेका और शॉल पहनाकर सम्मानित किया।

-फिक्की के पदाधिकारी बोले हर गांव में 1 व जिले में 10 ड्रोन होना चाहिए।

इंदौर में एक सप्ताह के अंदर मिले 36 कोरोना वायरस पाजिटिव मरीज

0

इंदौर। इंदौर में पिछले एक सप्ताह से कोविड संक्रमितों की संख्या में इजाफा दिखाई दे रहा है। पहले जहां इक्का-दुक्का का संक्रमित मिलते थे। वहीं अब हर दिन पांच से अधिक मरीज मिल रहे हैं। पिछले छह दिनों में इंदौर में 36 नए संक्रमित मिल गए है। मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण जिला प्रशासन व स्वास्थ विभाग का अमला भी अलर्ट पर है। कोविड वायरस के ओमिक्रान वैरिएंट के खतरे को देखते हुए विदेश से आने वाले लोगों की जांच करवाई जा रही है। इसके साथ ही शहर में सैम्पलिंग की संख्या बढ़ाई गई है। ऐसे में शहर के चिकित्सकों का कहना है अभी संक्रमण का खतरा टला नहीं है। ऐसे में शहरवासी को अब भी कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए सर्तकता रखना जरुरी है।

सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचने वाले लोगों को सावधानी बरतने की है जरुरत
जिन लोगों को अभी तक तक टीके की दूसरी डोज नहीं लगी है, उन्हें जल्द से जल्द टीका लगवाना चाहिए। कुछ स्टडी बता रही है कि जिन लोगों को टीके लगे होंगे उन्हें कोविड के ओमिक्रान वैरिएंट से संक्रमण तो होगा लेकिन उसकी तीव्रता कम रहेगी। यदि शहर में लोग टीके लगा लेते है और मास्क पहनते है तो ओमिक्रान वेरिएंट के आने पर केस तो बढ़ेगे लेकिन संक्रमण की लहर आने की संभावना कम ही होगी। आरटीपीसीआर टेस्ट से ओमिक्राम की पहचान हो जाती है। इसके अलावा जीनोम सिक्वेसिंग के माध्यम से वेरिएंट का पता लगाया जा रहा है। जिन लोगों को अस्थमा, सीओपीडी व फाइब्रोसिस जैसी समस्यां है। उन्हें जल्द से जल्द टीका लगवाना चाहिए। इसके अलावा चिकित्सक की सलाह पर वे फ्लू का टीका भी लगवा सकते है। अभी बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचने वाले लोग मास्क न पहनकर व शारीरिक दूरी का पालन न कर लापरवाही बरत रहे है। लोगों में भ्रांति है कि उन्हें टीका लग गया तो अब संक्रमण नहीं होगा। यदि कोविड का वायरस तेजी से फैला तो उसमे म्युटेड होने पर गंभीर वायरस भी आ सकता है। ऐसे में लोग यह न सोचे की खतरा अब पूरी तरह टल गया है।- डा.गौरव गुप्ता, चेस्ट रोग विशेषज्ञ
अस्थमा व बुजुर्ग मरीजों को सावधानी रखने की है जरुरत
डब्लयुएचओ ने ओमिक्रान को वैरिएंट आफ कन्सर्न घोषित किया हैं। वर्तमान में कोविड वायरस में बहुत ज्यादा म्युटेशन देखने को मिल रहे हैं। अभी तक करीब 50 से अधिक म्यूटेशन हुए है। वायरस के स्पाइक प्रोटीन में अधिकांश बदलाव दिखाई दिए है जो कि चिंताजनक है। अभी तक साउथ अफ्रीका पाए गए इस वेरिएंट में देखने को मिला है कि एक मरीज से दूसरे में फैलने की इसकी तीव्रता ज्यादा है। हालांकि इसकी आक्रामकता ज्यादा नहीं है। ऐसे में अभी सर्तक रहना जरुरी है। बदलते मौसम में अस्थमा, दमा व बुजुर्ग मरीजों को परेशानी ज्यादा रहती है। शहर में धूल, धुएं के कारण वायु प्रदूषण का स्तर भी बढ़ जाता है। ऐसे में इस तरह के मरीजों में सर्दी-खांसी की समस्यां ज्यादा होती है। लोगों को अब कोविड नियमों को पालन करना चाहिए। बाहर से आने के बाद लोग हाथ जरुर धोए। भीड़ में जाने से बचे और मास्क पहने। चेहरे को बार-बार न छुए। अभी लोग जिस तरह मास्क नहीं पह रहे है उससे लगता है वो अप्रैल-मई में कोविड के कारण जो त्राहि-त्राहि मची थी, उसे भूल गए है। वैवाहिक आयोजन में पहुंचने पर भी लोगों को सावधानी रखना चाहिए।- डा. तनय जोशी, कंसल्टेंट चेस्ट रोग विशेषज्ञ