Home Blog Page 144

रतलाम के करीब कार दुर्घटना में नवविवाहित दंतपी सहित चार की मौत

0

रतलाम। महू- नीमच हाईवे पर जिला मुख्यालय से करीब 16 किलोमीटर दूर जमुनिया फंटे के समीप पुलिया पर कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे कार में सवार नवविवाहित दंपती सहित चार लोगों की मौत हो गई। शादी 5 फरवरी को हुई थी और इसके केवल 9 दिन बाद ही दोनों ने साथ-साथ इस दुनिया को अलविदा कहा दिया। वहीं युवक की मां गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें बेहोशी की हालत में जिला से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक धार जिले की धरमपुरी तहसील के ग्राम साला का रहने वाला है, उसकी पत्नी जयपुर के ग्राम मुरलीपुरा, जोबनेर की रहने वाली है।

जानकारी के अनुसार कार (एमपी-39/सी-0957) में सवार पांच लोग इंदौर से रतलाम की तरफ आ रहे थे। तभी बिलपांक थाना क्षेत्र के जमुनिया फंटे के पास कार पुलिया के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। इससे कार में सवार तीन महिलाओं और कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल होने के बाद बेहोश हो गई थीं। हादसे में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों व घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। उनके पास मिले मोबाइल फोन में दर्ज नंबरों के आधार पर स्वजन का पता लगाकर उन्हें दुर्घटना की जानकारी दी।

नवविवाहित युवक के छोटे भाई देवराजसिंह राठौर व अन्य दोपहर करीब सवा बजे जिला अस्पताल पहुंचे व मृतकों की शिनाख्त की। इनकी पहचान 30 वर्षीय रविराजसिंह राठौर पुत्र मनोहर सिंह राठौर, उनकी पत्नी 22 वर्षीय रेणुकुंवर निवासी ग्राम मुरलीपुरा(जयपुर), बड़ी बुआ 45 वर्षीय भंवरकुंवर पत्नी सज्जनसिंह शेखावत व छोटी बुआ 42 वर्षीय रेणुकुंवर पत्नी राजवीरसिंह शेखावत दोनों निवासी जयपुर के रूप में हुई। वहीं घायल 55 वर्षीय विनोदकुंवर दूल्हे की मां है।

बहू को छोड़ने जा रहे थे

रविराज के रिश्तेदार भरत सिंह शेखावत ने बताया कि रविराज और रेणुका की शादी 5 फरवरी 2022 को हुई थी। रविराज, उनकी मां व बुवा कार से बहू रेणुका को छोड़ने उसके मायके ग्राम मुरलीपुरा (जयपुर) जा रहे थे। तभी यह दुखद हादसा हो गया। सभी लोग सुबह छह बजे साला (धरमपुरी) से मुरलीपुरा के लिए रवाना हुए थे। रविराज के पिता का धार के पास हाइवे पर नर्मदा पुल नके समीप रेस्टोरेंट है।

तानाशाह Kim Jong Un की सनकी करतूत, फूल नहीं खिले तो मालियों को जेल में डाला

0

उत्तर कोरिया का तानाशाह Kim Jong Un अपनी सनक के लिए कुख्यात है। अब उत्तर कोरियो में कई मालियों की मुसीबत भी इस सनकी तानाशाह ने बढ़ा दी है और उन्हें जेल में डाल दिया है। दरअसल इन गार्डनर्स को 16 फरवरी से पहले एक खास फूल खिलाना था, लेकिन वे इस काम में असफल रहे। ऐसे में गुस्साए तानाशाह Kim Jong Un ने कई मालियों को लेबर कैंप भेज दिया है। साथ ही उत्तरी रियानगांग प्रांत (Ryanggang Province) के सैमसू काउंटी (Samsu County) से एक फार्म मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया गया है और पौधों की पर्याप्त देखभाल नहीं करने के लिए उसे 6 महीने की सजा सुनाई गई है।

16 फरवरी को है Kim Jong Un के पिता की जयंती

‘डेली स्टार’ की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उत्तर कोरिया के पूर्व लीडर और किम जोंग-उन के पिता किम जोंग-इल (Kim Jong-il) के नाम पर एक फूल का नाम ‘किमजोंगिलिया’ बेगोनिया (Kimjongilia Begonias) रखा गया है।

Kim Jong Un ने मालियों को दिया था ये आदेश

Kim Jong Un ने मालियों से 16 फरवरी तक किम जोंग-इल की जयंती से पहले हजारों की संख्या में फूलों की खिलाने को कहा गया था, लेकिन वो सफल नहीं हो सके। पिता की जयंती के मौके पर Kim Jong Un देश की सड़कों को इन फूलों से सजाने की योजना बनाई थी।

मौसम ठीक नहीं था तो नहीं खिले फूल

मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि किम जोंग-इल की जयंती को उत्तर कोरिया में ‘डे ऑफ द शाइनिंग स्टार’ के रूप में जाना जाता है। इस मौके पर किमजोंगिलिया के फूलों का खास महत्व है। हालांकि, किम जोंग लिया के फूल जिस ग्रीनहाउस में उगाए जाते हैं, इस साल वहां मौस अनुरूप नहीं था और सही तापमान और आर्द्रता बरकरार रखने के लिए जलाऊ लकड़ी की स्थिर आपूर्ति नहीं हो पाई। ऐसी स्थिति में ये फूल खिल नहीं सके। यहां शीर्ष अधिकारियों में मालियों पर पौधों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया गया है और सजा के तौर पर उन्हें लेबर कैंप्स में 6 महीने की सजा सुनाई गई है। आपको बता दें कि Kim Jong Un के पिता किम जोंग-इल की 2011 में 69 साल की उम्र में मौत हो गई थी।

रीवा के कुलदीप को उनके पिता ने बाल कटिंग की दुकान चलाकर क्रिकेटर बनाया, अब आइपीएल में चयन

0

जबलपुर । रीवा के उदीयमान दाएं हाथ के तेज गेंदबाज कुलदीप सेन और सिवनी के आलराउंडर मोहम्मद अरशद खान आइपीएल के 15वें संस्करण में खेलते नजर आएंगे। बेंगलुरु में आइपीएल नीलामी के दूसरे व आखिरी दिन रविवार को 20 लाख रुपये के आधार मूल्य पर कुलदीप को राजस्थान रायल्स ने खरीदा। जबकि इतने ही आधार मूल्य पर अरशद मुंबई इंडियंस के हुए।

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अरशद पहली बार मप्र की रणजी ट्राफी टीम में भी चुने गए हैं और राजकोट में प्रदेश की 20 सदस्यीय टीम के साथ अभी अभ्यास में जुटे हुए हैं। वहीं इंग्लैंड के बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टोन नीलामी के दूसरे दिन रविवार को सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी रहे। उन्हें पंजाब किंग्स ने 11 करोड़ 50 लाख रुपये में खरीदा।

बाल कटिंग की दुकान चलाकर बेटे को क्रिकेटर बनाया: रीवा के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज कुलदीप सेन रामपाल की पांच संतानों में तीसरे क्रम पर हैं। बाल कटिंग की दुकान चलाने वाले रामपाल और माता गीता ने कुलदीप को क्रिकेटर बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। यही कारण है कि 22 अक्टूबर 1996 को जन्में कुलदीप का क्रिकेट के प्रति लगाव देखकर पिता ने रीवा के प्रसिद्घ विवि मैदान में खेलने भेज दिया। कुलदीप बल्लेबाज बनना चाहते थे लेकिन कोच की सलाह में गेंदबाजी शुरू की और सफलता मिलती चली गई। इस तरह वे रीवा संभाग टीम के भरोसेमंद तेज गेंदबाज बन गए।

कोच ने नहीं ली फीस: कुलदीप की आर्थिक स्थिति को देखते हुए कोच एरिल एंथोनी ने बिना फीस लिए उसे उम्दा क्रिकेटर बनाने में मदद की।

पिता ने की खर्चों में कटौती:  कुलदीप के पिता रामपाल ने बताया कि बेटे को क्रिकेटर बनाने उन्होंने अपने खर्चों में भी कटौती कर दी। ताकि बेटे को किट खरीद कर दे सकें।

आठ साल की उम्र में अरशद ने मैदान में रखा था पहली बार कदम: सिवनी से 12 किमी दूर गोपालगंज में शिक्षक पिता अशफाक के मार्गदर्शन में अरशद ने महज 8 साल की उम्र में पहली बार क्रिकेट मैदान में कदम रखा और बल्लेबाजी की बारिकियां सीखी। लेकिन समय के साथ वे जिले के बेहतरीन आलराउंडर में शामिल हो गए। महज 14 साल की उप्र में इस क्रिकेटर ने मप्र की जूनियर टीम में उम्दा बल्लेबाजी और मध्यम तेज गेंदबाजी करते हुए जगह बनाई। बाद में वे मप्र अंडर-19 और अंडर-23 टीम के सदस्य भी बने। तीन भाई और एक बहन में सबसे छोटे अरशद को बड़े भाई जकी ने खूब प्रोत्साहित किया।

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अरशद पहली बार मप्र की रणजी ट्राफी टीम में भी चुने गए हैं। साइकिल से सिवनी आते थे: जिला टीम में चयन के बाद अरशद गांव से सिवनी शहर के मैदान तक आने के लिए साइकिल से 12 किमी का सफर तय करते थे।

अरशद के पहले कोच पिता: अरशद के पिता अशफाक बेटे के पहले कोच बने। उन्होंने नईदुनिया से बातचीत में कहा कि अरशद सुबह व शाम में चार घंटे मैदान पर क्रिकेट का अभ्यास करता था।

वाहन चोरों से देवास के नेमावर में इतनी बाइक मिली की शोरूम खुल जाए

0

देवास । नेमावर पुलिस ने बड़े वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों में से तीन आरोपितों को पकड़ा है, जिनसे 60 बाइक व एक ट्रैक्टर जब्त किया है। ये वाहन 15 से 20 दिन की कार्रवाई में जब्त किए हैं। आरोपित महंगी बाइक को शहरों से चुराकर ग्रामीण इलाकों में पांच से 10 हजार रुपये में बेच देते थे। आरोपित देवास, खंडवा, सीहोर, खरगोन सहित इंदौर में बाइक चोरी की घटना को अंजाम देते थे। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपितों से पूछताछ में और बाइक बरामद हो सकती हैं।

एसपी डा. शिवदयालसिंह ने सोमवार को दोपहर 12 बजे प्रेसवार्ता कर बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया। एसपी ने बताया कि गिरोह देवास और आसपास के जिलों में वारदात को अंजाम देता था। कुछ दिनों से नेमावर क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान यह सामने आ रहा था कि कुछ लोग बाइक छोड़कर भाग रहे थे। कई स्थानों पर लावारिस हालात में बाइक मिली थी। जनवरी में एक ट्रैक्टर चोरी हुआ था। इसकी जांच के दौरान जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो सामने आया कि लगातार एक बाइक पर दो संदिग्ध नजर आ रहे हैं। इसके आधार पर पुलिस आरोपितों तक पहुंची।

इन बदमाशों को पकड़ा – पुलिस ने 24 वर्षीय कपिल पुत्र कैलाश मालवीय निवासी सालिया खेड़ा जिला खंडवा, हाल मुकाम मालागांव नेमावर, 36 वर्षीय विनोद पुत्र लक्ष्मण मालवीय निवासी सालिया खेड़ा जिला खंडवा और 19 वर्षीय तरुण पुत्र कैलाश मालवीय निवासी सालिया खेड़ा जिला खंडवा, हाल मुकाम मालागांव नेमावर को गिरफ्तार किया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। कपिल गिरोह का सरगना है। उस पर करीब एक दर्जन अपराध इंदौर व हरदा में थानों में दर्ज हैं।

‘कुछ करते दिखे बाबू-सोना तो तोड़ देंगे शरीर का कोना-कोना’- शिवसेना की धमकी

0

भोपाल : 14 फरवरी यानी वैलेंटाइन डे (Valentines Day) को लेकर प्रेमी जोड़े खास तैयारी करते हैं। अपने प्यार के लिए इस दिन को स्पेशल बनाने की उनकी कोशिश होती है। हालांकि, मध्य प्रदेश में शिवसेना कार्यकर्ताओं (Madhya Pradesh Shivsena) ने वैलेंटाइन डे के मद्देनजर चेतावनी जारी की है। उन्होंने प्यार करने वालों को वैलेंटाइन डे (Valentine Day Latest News) मनाने से रोकने के लिए धमकी दी है। शिवसेना कार्यकर्ताओं कहा, ‘कुछ करते दिखे बाबू-सोना तो तोड़ देंगे शरीर का कोना-कोना।’
शिवसेना कार्यकर्ताओं ने की लाठी पूजा
भोपाल में शिवसेना कार्यकर्ताओं ने वैलेंटाइन डे के विरोध को लेकर खास तैयारी की है। उन्होंने रविवार को कालिका शक्ति पीठ मंदिर में पूजा अर्चना की। यही नहीं इस दौरान वो बाकायदा लाठियों के साथ सामने आए और इसकी भी पूजा की। उन्होंने कहा कि वैलेंटाइन डे पश्चिमी देशों का त्योहार है। पाश्चात्य संस्कृति का प्रतीक है ऐसे में हम इसका विरोध करेंगे।
लाठियों के साथ शिवसेना कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी
शिवसेना कार्यकर्ताओं की ओर से इस दौरान लाठियों के साथ नारेबाजी भी की गई। उन्होंने कहा, कुछ करते दिखे अगर बाबू-सोना तो तोड़ देंगे शरीर का हर कोना।’ उनके इस नारेबाजी का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि हम 14 फरवरी को शहर के अलग-अलग जगहों पार्क आदि में जाएंगे। अगर कोई युवक-युवती मिलेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वैलेंटाइन डे पर पहले भी होता रहा है विरोध
फिलहाल शिवसेना की ओर से किए गए इस ऐलान के बाद देखना होगा प्रशासन की ओर से इस मामले में क्या कदम उठाया जाता है। हालांकि, ये कोई पहली बार नहीं है कि वैलेंटाइन डे पर इस तरह के विरोध का तरीका अपनाया जा रहा। हर साल देश के अलग-अलग इलाकों में विरोध की तस्वीरे सामने आती रही हैं।

राजगढ़ में दबंगों ने दलित दूल्‍हे को घोड़ी पर चढ़ने से रोका, मारपीट कर खाना फेंका, 38 पर एफआइआर, तीन के लाइसेंस निरस्त

0

राजगढ़। जिले के माचलपुर थाने के गांव कचनारिया में दबंगों ने एक दलित परिवार की शादी में न केवल खाने की सामग्री फेंक दी, बल्कि दूल्‍हे को घोड़ी पर न चढ़ने के लिए भी धमकाया था। ऐसे में पुलिस ने न केवल खुद की उपस्थिति में दूल्‍हे की बारात निकलवाई, बल्कि 38 लोगों पर मामला दर्ज कर लिया व तीन के शस्‍त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं।

पुलिस के मुताबिक कचनारिया गांव में राजेश पिता मदनलाल अहिरवार की शादी थी। ऐसे में शनिवार को विवाह स्थल पर महमानों व समाजजनों का खाना उन्होंने बनवाया था। शादी में डीजे बज रहा था। जिसको लेकर गांव के कुछ लोगों ने आपत्ति लेते हुए डीजे बन्द करवा दिया। बाद में फिर डीजे शुरू किया तो फिर करीब आधा सैकड़ा लोग वहां पहुंच गए व कुछ लोगों के साथ मारपीट की। साथ ही गांव में वर निकासी नही निकालने की धमकी दे डाली व बाद में विवाह स्थल पर शादी के लिए बना खाना फेंक दिया। इसकी सूचना परिजनों ने माचलपुर थाने पर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों की शिकायत पर 38 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर लिया है।

चार थानों की पुलिस लेकर पहुंचे कलेक्टर, एसपी

घटना की जानकारी लगने के बाद देर रात को कलेक्टर हर्ष दीक्षित व एसपी प्रदीप शर्मा अपने साथ खिलचीपुर एसडीएम पल्लवी वैध, एसडीओपी निशा रेड्डी व माचलपुर सहित खिलचीपुर, जीरापुर व भोजपुर थाने के करीब आधा सैंकड़ा पुलिसकर्मियों को लेकर गांव पहुंचे। वहां पहुंचकर पीड़ित परिवार के सदस्यों से बात की व हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया। कहा कि किसी से भयभीत होने की जरूरत नही है पुलिस-प्रशासन आपके साथ है।

तीन लोगों के शस्त्र के लाइसेंस किए निलंबित

शादी वाले परिवार को परेशान करने में लाइसेंसधारी तीन लोगों के भी नाम सामने आने के बाद एसपी प्रदीप शर्मा ने तीनों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।

पुलिस के साये में निकली बारात, बल तैनात

घटना के बाद से ही गांव में पुलिसबल तैनात है। रात को ही करीब 20 पुलिसकर्मियों को गांव में ही तैनात कर दिया गया था। सुबह पुलिस की उपस्थिति में ही दूल्हा राजेश की निकासी हुई। दूल्हे को घोड़ी पर बेठाकर परिजनों ने बाकायदा बारात निकाली। देर शाम को बारात राजस्थान के इकलेरा के लिए रवाना होगी। जब तक बारात रवाना होगी, तब तक पुलिसबल गांव में तैनात रहेगा।

मध्य प्रदेश में बढ़ने लगा तापमान, मंगलवार से बारिश होने के आसार

0

भोपाल। एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय है। इसके असर से दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बन गया है। इस वजह से हवाओं का रुख बदलकर उत्तर-पश्चिमी हो गया है। इस वजह से तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी दो-तीन दिन तक तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। इस दौरान मंगलवार को पूर्व मध्य प्रदेश में रीवा, शहडोल, जबलपुर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं बौछारें भी पड़ सकती हैं।

तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला दो-तीन दिन तक जारी रहेगा

मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि रविवार को मध्य प्रदेश में सबसे कम पांच डिग्री सेल्सियस तापमान उमरिया एवं नौगांव में दर्ज किया गया। मंडला, मलाजखंड, खजुराहो, धार एवं खंडवा में शीतलहर चली। हवाओं का रुख बदलने से मध्य प्रदेश में दिन एवं रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। इसी क्रम में रविवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री से. दर्ज किया गया, जो सामान्य रहा। यह शनिवार के अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री से. की तुलना में 1.6 डिग्री से. अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री से. रिकार्ड किया गया। जो शनिवार के न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री से. के मुकाबले 0.8 डिग्री से. अधिक रहा। साहा के मुताबिक तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला दो-तीन दिन तक जारी रह सकता है।

इस दौरा हवाओं के साथ नमी आने के कारण पूर्वी मध्य प्रदेश में मंगलवार को बादल छा सकते हैं। साथ ही जबलपुर, शहडोल, रीवा संभागों के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश भी होने के आसार हैं। उधर 17 फरवरी को एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में प्रवेश करने की संभावना है। इस तीव्र आवृत्ति वाले पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज गड़बड़ हो सकता है। जगह-जगह गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है।

कटनी कलेक्‍टर ने कहा- टनल से अब नहीं आ रही आवाज, डाक्‍टरों की टीम भी नीचे उतरेगी

0

कटनी । मध्य प्रदेश के कटनी जिले के स्लीमनाबाद में शनिवार रात भूमिगत नहर की मिट्टी धंसने से नौ मजदूर दब गए। रविवार सुबह तक इनमें से सात को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और अंदर फंसे दो मजदूरों को निकालने का प्रयास जारी है। कटनी कलेक्‍टर प्रियंक मिश्रा ने बताया कि टनल में से अब कोई कॉल (आवाज) नहीं आ रहा है। इसलिए डाक्‍टरों की टीम को भी नीचे उतारा जा रहा है। जो मजदूर अभी दबे हुए हैं। उन्‍हें बचाने वहीं प्रयास शुरू कर दिए जाएंंगे।

विदित हो कि रात करीब साढ़े सात से आठ के बीच जब मजदूर काम कर रहे थे, तभी मिट्टी बगल से धंसकने लगी और मजदूर उसके नीचे दब गए। इसकी सूचना नर्मदा विकास प्राधिकरण के इंजीनियरों ने जिला प्रशासन को दी। इसके बाद कलेक्टर प्रियंक मिश्रा व एसपी सुनील जैन मौके पर पहुंचे। रात में ही सुरक्षित निकाले गए तीन मजदूर दीपक, नर्मदा व मुन्नीदास पड़कुर गांव, जिला सिंगरौली के रहने हैं। फंसे मजदूर सिंगरौली के चितरंगी, महाराष्ट्र के नागपुर व झारखंड के बताए जा रहे हैं।

मोतीलाल कोल और नंद लाल यादव आख़िरी 2 मज़दूरों के नाम जो सुबह सुरक्षित निकाले गए हैं। कल रात और आज सुबह निकाले सात मज़दूर ख़तरे से बाहर हैं तथा अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। इस प्रकार अब तक कुल 9 मज़दूरों में से 7 को सकुशल बचाया जा चुका है। शेष बचे 2 मज़दूर ग़ोरेलाल कोल और रवि (सुपरवाइज़र) अभी भी फ़ंसे हुए हैं तथा दोनो से संंपर्क (कम्यूनिकेशन) नहीं हो पाया है। एनडीआरएफ की टीम शेष बचे दोनों मज़दूरों (ग़ोरेलाल कोल और सूपर्वायज़र रवि) को निकालने का प्रयास कर रही है। एसडीईआरएफ दमोह और सतना की टीमें भी पहुंच गयी हैं। बचाव कार्य जारी है।

मध्य प्रदेश में पूरी क्षमता से खुलेंगे उच्च शिक्षण संस्थान, समय पर होंगी परीक्षा

0

भोपाल। मध्य प्रदेश में अब उच्च शिक्षण संस्थान पूरी क्षमता के साथ खुलेंगे। सरकार ने रात्रिकालीन कर्फ्यू को छोड़कर बाकी सभी प्रतिबंध समाप्त कर दिए हैं। अभी तक कालेज और विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन आधी क्षमता के साथ किया जा रहा था। वार्षिक परीक्षाएं समय पर हों, इसकी तैयारी के लिए उच्च शिक्षा मंत्री कुलपतियों के साथ इसी सप्ताह बैठक करेंगे।

कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए गए थे। अब स्थिति नियंत्रण में हैं और अब कालेज और विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां पूरी क्षमता के साथ संचालित होंगी। परीक्षाएं शारीरिक दूरी का पालन कराते हुए आफलाइन होंगी। इसकी तैयारियों के लिए सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जल्द ही बैठक करेंगे।

विद्यार्थियों और प्राध्यापकों को कोरोना संक्रमण की रोकथाम संबंधी दिशानिर्देशों का पालन अवश्य करना होगा। कोरोना संक्रमण के वजह से पिछले दो शिक्षण सत्र प्रभावित हुए हैं। ओपन बुक पद्धति से परीक्षाएं ली गई थीं। विश्वविद्यालयों ने प्रश्न पत्र तैयार करके वेबसाइट पर अपलोड कर दिए थे और विद्यार्थियों ने घर से ही परीक्षा दी और उत्तर पुस्तिका जमा कर दी थी।

एबीजी शिपयार्ड स्कैम में अधिकतम रिकवरी की होगी कोशिश, बैंकों की बैलेंस शीट पर नहीं पड़ेगा असर: SBI

0

देश के सबसे बड़े बैंक घोटाले एबीजी शिपयार्ड मामले में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एमडी जे स्वामीनाथन ने कहा कि इस घोटाले का बैंकों की बैलेंस शीट पर कोई असर नहीं पड़ेगा। वहीं हम ज्यादा से ज्यादा वसूली की कोशिश करेंगे। SBI ने इस मामले में रविवार को बयान जारी कर बताया कि आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) के नेतृत्व में 2 दर्जन से ज्यादा लोगों को कंसोर्टियम अरेंजमेंट के तहत लोन दिया गया था। बेहद खराब प्रदर्शन के कारण नबंवर 2013 में ही कंपनी का अकाउंट NPA बन गया था। एसबीआई ने कहा कि कंपनी को दोबारा चलाने के लिए कई बार कोशिशें की गईं लेकिन कामयाबी नहीं मिली।

जोखिम अनुपालन और तनाव संपत्ति समाधान समूह ((Risk Compliance & Stress Assets Resolution Group) के एमडी जे स्वामीनाथन ने कहा कहते हैं, “एबीजी शिपयार्ड 2001 से लगभग 28 बैंकों से ऋण सुविधाओं का आनंद ले रहा था। कंपनी लंबे समय तक खुद को बनाए नहीं रख सकी।” उन्होंने कहा “सबसे बड़े पीएसबी होने के नाते, एसबीआई को अन्य बैंकों द्वारा सीबीआई शिकायत दर्ज करने के लिए अधिकृत किया गया था। पहली शिकायत नवंबर 2019 में दर्ज की गई थी। दिसंबर 2021 में, एक व्यापक शिकायत दर्ज की गई थी। यह आम तौर पर बड़े मूल्य के कॉर्पोरेट ऋणों में होता है। मुझे कोई देरी नहीं दिख रही है। यह 2013 से एनपीए है।”

इस मामले में लीड बैंक आईसीआईसीआई द्वारा एक ऑडिट कराया गया, जिसकी रिपोर्ट 2019 में आई थी। इसमें संबंधित पक्षों को धन के हस्तांतरण और अन्य उद्देश्यों के लिए धन के उपयोग का संकेत दिया गया था। चर्चा के बाद, सभी बैंकों ने 2019 में खाते को फ्रॉड घोषित किया। इसके बाद भारतीय स्टेट बैंक की अगुवाई वाले बैंकों के एक संघ ने कथित रूप से 22,842 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के संबंध में 8 नवंबर 2019 को शिकायत दर्ज कराई।

करीब डेढ़ साल से अधिक समय तक जांच करने के बाद सीबीआई ने इस पर कार्रवाई की। CBI ने इस मामले में एबीजी शिपयार्ड लिमिटेड और उसके तत्कालीन अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ऋषि कमलेश अग्रवाल सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एजेंसी ने अग्रवाल के अलावा तत्कालीन कार्यकारी निदेशक संथानम मुथास्वामी, निदेशकों – अश्विनी कुमार, सुशील कुमार अग्रवाल और रवि विमल नेवेतिया और एक अन्य कंपनी एबीजी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ भी कथित रूप से आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और आधिकारिक दुरुपयोग जैसे अपराधों के लिए मुकदमा दर्ज किया है। शनिवार को सूरत, भरूच, मुंबई, पुणे आदि में एक निजी कंपनी, निदेशकों सहित आरोपियों के परिसरों में 13 स्थानों पर तलाशी ली गई, जिसमें संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए। इस मामले में अब तक 8 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।