Home Blog Page 59

बार कोड होगा मतदाता परिचय पत्र में, आधार नंबर सहमति पर होंगे दर्ज

0

जबलपुर। आने वाले दिनों में मतदाता परिचय पत्रों का कलेवर बिल्कुल बदला हुआ नजर आएगा। अब भविष्य में जो वोटर-आईडी जारी किए जाएंगे, उनमें अनेक फीचर नए होंगे। निर्वाचन आयोग ने इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। आयोग की ओर से नए मतदाता परिचय पत्र बनाने और पुराने में बदलाव किए जाने की प्रक्रिया में भी बदलाव किए जाने की बात कही है।

जिला निर्वाचन अधिकारी डा. इलैयाराजा टी ने बताया कि मतदाता परिचय पत्र में अब आधार कार्ड का नंबर भी दर्शाया जा सकेगा। हालांकि, इसके लिए मतदाता की सहमति आवश्यक होगी। नए मतदाता परिचय पत्रों में आयोग की ओर से बार-कोड भी प्रदर्शित किया जाएगा, जो यूनिक होगा। इसके अलावा आईडी का आकार अब खड़ा नहीं बल्कि आड़ा- ड्रायविंग लायसेंस और पैनकार्ड की तरह होगा। कलेक्टर ने बताया कि पहले वोटर आईडी साल में एक बार ही बनती थी, लेकिन अब वर्ष में चार बार मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जाएगा। इस तरह से लोगों को मतदाता परिचय पत्र बनवाने के अवसर साल में चर बार मिलेंगे। जनवरी, अप्रैल, जुलाई और अक्टूबर माह में नए वोटर आईडी के लिए आवेदन किया जा सकेगा, लेकिन मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन जनवरी के प्रथम सप्ताह में ही किया जाएगा। गोपनीयता के नजरिए से मतदाता से संबंधित जानकारियां डबल-लाक रहेंगी। उन्हें किसी भी स्थिति में लीक नहीं किया जाएगा।

युक्तियुक्त होंगे मतदान केंद्र

जिला निर्वाचन की ओर से प्रयास किया जाएगा कि किसी भी मतदान केंद्र पर अधिकतम 1500 मतदाता ही वोट डालें। यह संख्या और भी कम हो सकती है। कोशिश होगी कि किसी भी मतदाता को वोट डालने के लिए दो किलोमीटर से ज्यादा दूर न जाना पड़े।

डाक से घर पर आएंगे आईडी

कलेक्टर ने बताया कि इस बार डाक विभाग से करार किया गया है कि वो मतदाता परिचय-पत्र संबंधितों के घर तक पहुंचाए। जितने परिचय पत्र वो लोगों के घर पहुंचाएगा, उतने का ही पैसा डाक विभाग को दिया जाएगा। डाक-डिलेवरी में डाक विभाग की साख बहुत अच्छी नहीं रही है, इसलिए उसकी ओर से वोटर आईडी लोगों के घरों तक पहुचाने की प्रक्रिया की मानीटरिंग की जाएगी।

ED का अर्पिता मुखर्जी के दो अन्य फ्लैट पर छापा, नेलआर्ट स्टूडियो में भी हुई तलाशी

0

पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच में जुटी ईडी ने कोलकाता में एक बार फिर अर्पिता मुखर्जी के घर पर छापेमारी की है। अधिकारियों ने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस के निलंबित नेता पार्थ चटर्जी की करीबी सहयोगी अर्पिता मुखर्जी से कथित तौर पर संबद्ध दो और फ्लैट और एक दुकान में छापेमारी की।

प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने दक्षिण कोलकाता स्थित दो फ्लैट में छापेमारी की । इनमें से एक फ्लैट पंडितिया रोड पर और दूसरा पटुली में है। इसके अलावा शहर के उत्तरी हिस्से में स्थित एक नेल आर्टशॉप पर भी छापेमारी की गई। गौरतलब है कि बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी की करीबी रही अर्पिता के घर से ईडी 50 करोड़ से ज्यादा की नकदी बरामद कर चुकी है।

ED का छापा नेशनल हेराल्ड मुख्यालय पर, दफ्तर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध-प्रदर्शन

0

सोनिया गांधी और राहुल गांधी से पूछताछ के बाद प्रवर्तन निदेशालय ने मंगलवार को नेशनल हेराल्ड के आधिकारिक परिसरों पर छापेमारी की। ईडी के अधिकारी आज सुबह करीब 10 बजे हेराल्ड हाउस में चौथी मंजिल पर पहुंचे। यहीं पर नेशनल हेराल्ड का प्रकाशन कार्यालय स्थित है। अभी भी तलाशी का काम चल रहा है। नेशनल हेराल्ड कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली में कई जगहों पर ईडी की छापेमारी चल रही है। रिपोर्ट के अनुसार मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी कांग्रेस के स्वामित्व वाले नेशनल हेराल्ड अखबार के दिल्ली स्थित कार्यालय समेत 12 जगहों पर छापेमारी कर रही है। उधर कांग्रेस के कार्यकर्ता इस छापेमारी के खिलाफ हेराल्ड ऑफिस के बाहर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।

जांच एजेंसी कोलकाता में कुछ जगहों पर छापेमारी भी कर सकती है। ईडी ने नेशनल हेराल्ड अखबार से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से पिछले हफ्ते (27 जुलाई) तीसरी बार तीन घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की। पूछताछ कांग्रेस द्वारा प्रवर्तित यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड में कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोप से संबंधित है, जो नेशनल हेराल्ड अखबार का मालिक है।

ईडी पहले भी कांग्रेस नेता पवन बंसल और मल्लिकार्जुन खड़गे से पूछताछ कर चुकी है। ईडी ने राहुल गांधी से इस मामले में जून में पांच दिनों में 50 घंटे से अधिक के सत्रों में भी पूछताछ की थी। ईडी द्वारा पिछले साल के अंत में धन शोधन निवारण अधिनियम के आपराधिक प्रावधानों के तहत एक नया मामला दर्ज करने के बाद गांधी परिवार से पूछताछ करने का कदम उठाया गया था।

संजय राउत को ईडी ने हिरासत में लिया , घर से मिले 11.5 लाख रुपये

0

शिवसेना सांसद संजय राउत की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। पात्रा चॉल जमीन मामले (Patra Chawl land scam case) में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने संजय राउत को हिरासत में ले लिया है। कई समन के बाद जब संजय राउत पेश नहीं हुए तो ईडी के अधिकारी एक्शन में आए और उनके निवास पर छापा मारा। ईडी की एक टीम रविवार सुबह संजय राउत के मुंबई स्थित निवास पर पहुंची। कई घंटों की तलाशी और पूछताछ के बाद संजय राउत को हिरासत में ले लिया गया। ताजा जानकारी के मुताबिक उनके घर से साढ़े 11 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। ईडी के मुताबिक संंजय ने इन पैसों का कोई हिसाब नहीं दिया।

संजय राउत ने ईडी की कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया और कहा कि मेरे खिलाफ झूठी कार्रवाई हुई है, लोगों को मार-पीटकर झूठे सबूत बनाए जा रहे हैं। ये सिर्फ महाराष्ट्र और शिवसेना को कमजोर करने के लिए है लेकिन महाराष्ट्र और शिवसेना कमजोर नहीं होगी। संजय राउत झुकेगा नहीं और पार्टी भी नहीं छोड़ेगा।

तीन जगह ईडी की छापेमारी

पात्रा चॉल जमीन मामले (Patra Chawl land scam case) ईडी की टीमों ने एक साथ तीन स्थानों पर छापा मारा। संजय राउत के निवास के अलावा मुंबई में एक अन्य स्थान पर भी कार्रवाई हुई। संजय राउत के दादर स्थित फ्लैट पर भी कार्रवाई हुई, जबकि भांडूप में भी एक स्थान पर छापा पड़ा है।

भाजपा हुई हमलावर

संजय राउत के खिलाफ ईडी की कार्रवाई के बीच भाजपा हमलावर हो गई है। भाजपा नेताओं राम कदम और किरीट सोमैया नहीं कहा है कि यदि संजय राउत ने कुछ गलत नहीं किया है तो उन्हें जांच में सहयोग करना चाहिए।

सावित्री जिंदल बनीं एशिया की सबसे अमीर महिला

0

भारत की सावित्री जिंदल अब एशिया की सबसे अमीर महिला हैं। सावित्री जिंदल ने चीन की यांग हुईयन को पछाड़कर यह तमगा हासिल किया है। यांग हुईयन, पिछले पांच सालों से एशिया की सबसे अमीर महिला रही हैं। वह चीन के सबसे बड़े रियल एस्टेट डेवलपर कंट्री गार्डन होल्डिंग्स को नियंत्रित करती हैं। हालांकि, चीन में रियल एस्टेट कंपनियों पर सरकार के शिकंजे का असर यांग हुईयान की दौलत पर भी दिखा है।

किसकी कितनी दौलत: ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक यांग हुईयान की दौलत पिछले साल के लगभग 24 बिलियन डॉलर से गिरकर अब 11 बिलियन डॉलर पर आ गई है। जिंदल समूह की मुखिया सावित्री जिंदल की दौलत 11.3 बिलियन डॉलर है। 72 साल की सावित्री की दौलत सिर्फ 2 वर्षों में 12 बिलियन डॉलर बढ़ी है।

फोर्ब्स के अनुसार, उन्हें पिछले कुछ वर्षों से सबसे अमीर भारतीय महिला माना जाता है। भारत की सबसे अमीर महिलाओं की सूची में उनके बाद किरण मजूमदार और कृष्णा गोदरेज हैं।

पीएमटी में फर्जी उम्मीदवार बैठाने पर 5 लोगों को कारावास

0

मध्यप्रदेश के कुख्यात व्यापमं घोटाले से जुड़े पीएमटी फर्जीवाड़े के मामले में इंदौर की विशेष अदालत ने पांच लोगों को शनिवार को सात-सात साल के कारावास और हरेक को 10,000 रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई। इनमें असली उम्मीदवारों के स्थान पर पर्चा देने वाले उत्तर प्रदेश के दो फर्जी परीक्षार्थी (सॉल्वर) शामिल हैं। अभियोजन के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। विशेष लोक अभियोजक रंजन शर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि व्यापमं घोटाले के मामलों के लिए गठित विशेष अदालत के न्यायाधीश संजय कुमार गुप्ता ने सत्यपाल कुस्तवार, शैलेंद्र कुमार, रवींद्र दुलावत, आशीष उत्तम और संजय दुलावत को मुजरिम करार देते हुए सजा सुनाई।

अभियोजन की ओर से 70 लोगों की गवाही के आधार पर यह सजा भारतीय दंड विधान और मध्यप्रदेश मान्यताप्राप्त परीक्षा अधिनियम के संबद्ध प्रावधानों के तहत सुनाई गई। उन्होंने बताया कि तत्कालीन व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) के वर्ष 2009 में आयोजित प्री-मेडिकल टेस्ट (पीएमटी) में सत्यपाल कुस्तवार के स्थान पर शैलेंद्र कुमार और रवींद्र दुलावत के स्थान पर आशीष उत्तम शामिल हुआ था। शर्मा ने बताया कि कुमार और उत्तम, दोनों उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने बताया कि मामले के मुजरिमों में शामिल संजय दुलावत 13 साल पुराने पीएमटी फर्जीवाड़े में असली और फर्जी उम्मीदवारों के मध्य बिचौलिये की भूमिका निभा रहा था।

गौरतलब है कि वर्ष 2013 में सामने आया व्यापमं घोटाला गिरोहबाजों, अधिकारियों और सियासी नेताओं की कथित सांठ-गांठ से राज्य सरकार की सेवाओं और पेशेवर पाठ्यक्रमों में सैकड़ों उम्मीदवारों के गैरकानूनी प्रवेश से जुड़ा है। व्यापमं की आयोजित प्रवेश और भर्ती परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर धांधली सामने आने के बाद राज्य सरकार ने इसका आधिकारिक नाम बदलकर “प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड”कर दिया था। उच्चतम न्यायालय के वर्ष 2015 में दिए गए आदेश के तहत व्यापमं घोटाले से जुड़े मामलों की जांच मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा सीबीआई को सौंप दी गई थी।

मीराबाई चानू ने लगातार दूसरी बार जीता गोल्ड मेडल

0

टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता भारतीय महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू (Mirabai Chanu) ने अपना बेस्ट प्रदर्शन करते हुए बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स (Commonwealth Games 2022) के दूसरे दिन शनिवार को गोल्ड मेडल जीत लिया। चानू ने महिलाओं की 49 kg वर्ग में गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। चानू ने क्लीन एंड जर्क के अपने पहले ही प्रयास में 109 किलो ग्राम का भार उठाया और गोल्ड मेडल जीत लिया। बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में वेटलिफ्टिंग में भारत का यह तीसरा मेडल है। मीराबाई का राष्ट्रमंडल खेलों में यह दूसरा स्वर्ण पदक है। उन्होने इससे पहले, पिछली बार गोल्ड कोस्ट (2018) में गोल्ड मेडल जीता था और 2014 (ग्लास्गो) में रजत हासिल किया था।

भारत की शेरनी चानू ने अपने पहले प्रयास में 80 kg वजन उठाने के साथ मुकाबले में उतरी। उन्होंने अपने पहले प्रयास में 84 उठाया, जबकि अन्य वेटलिफ्टर में मॉरीशस की मेरी ने हाईएक्सट 76 उठाया था। भारतीय वेटलिफ्टर चानू ने अपने दूसरे प्रयास में 88 किलो का भार उठाया। उन्होंने अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड की बराबरी कर ली और साथ ही अपनी बढ़त को 12 किलो तक पहुंचा दिया। हालांकि वह अपने तीसरे प्रयास में 90 किलो ग्राम का वजन नहीं उठा पाईं।

बंगाल में झारखंड कांग्रेस के तीन विधायकों के पास मिला पैसों का अंबार

0

पश्चिम बंगाल में झारखंड कांग्रेस के तीन विधायकों को भारी मात्रा में कैश के साथ पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक विधायकों के पास मिली रकम इतनी ज्यादा है कि बिना मशीन के इसकी गिनती नहीं हो सकती। पुलिस ने बताया कि वह बरामद पैसे की गिनती के लिए काउंटिंग मशीन का इंतजार कर रही है। हावड़ा की एसपी स्वाती भंगालिया ने बताया कि जिन तीन लोगों को पकड़ा गया है, उनके नाम इरफान अंसारी विधायक  जामताड़ा, राजेश कच्छप विधायक विधायक और नमन बिक्सल विधायक कोलेबिरा हैं।

भाजपा ने लगाया आरोप
वहीं इतनी भारी मात्रा में नकदी की बरामदगी के बाद राजनीतिक आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर शुरू हो चुका है। झारखंड भाजपा के महासचिव ने कहा कि जब से कांग्रेस झारखंड में सत्ता में आई है, भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी झारखंड में अफसरों के घरों से कैश बरामद हुआ था। साहू ने कहा कि यह लोग जनता की मेहनत की कमाई का गलत उपयोग करते हैं।

टीएमसी ने किया ट्वीट
वहीं झारखंड के कांग्रेस विधायकों के कैश के साथ पकड़े जाने के बाद टीएमसी ने ट्वीट किया है। ट्वीट में लिखा है कि यह बेहद चौंकाने वाला है। झारखंड के कांग्रेस विधायकों की कार से हावड़ा में भारी मात्रा में कैश बरामद। क्या ईडी कुछ गिने-चुने लोगों के खिलाफ ही सक्रिय है? गौरतलब है कि इन दिनों बंगाल भारी मात्रा में नकदी बरामदगी को लेकर लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी की करीबी अर्पिता मुखर्जी के घर से ईडी ने करीब 50 करोड़ कैश बरामद किया है। यह बरामदगी शिक्षक भर्ती घोटाले में हुई है।

उर्फी जावेद ब्लैक ट्रांसपेरेंट साड़ी लुक में इवेंट में

0

उर्फी जावेद जहां कहीं भी जाएं उनके ड्रेस से लेकर लुक पर सभी की नजरें टिकी होती हैं। शनिवार की शाम को उर्फी एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं। जहां उन्होंने फोटोग्राफर्स के सामने पोज दिए। इस कार्यक्रम में ग्लैमर जगत के सितारे और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर पहुंचे। अगर कहा जाए कि उर्फी के लुक्स के आगे सभी फीके पड़ गए तो कुछ गलत नहीं होगा। उन्होंने ब्लैक ट्रांसपेरेंट साड़ी और बैकलेस ब्लाउज पहना था, जिसमें वह अपना कर्वी फिगर फ्लॉन्ट करती नजर आईं।

पोजे देते वक्त उर्फी साड़ी का पल्लू संभालते दिखीं। उन्होंने नाक में नथ और साइड मांग टीका पहना कैरी किया। बालों का उन्होंने बन बनाया। इस कार्यक्रम के दौरान उर्फी का एक अन्य वीडियो भी सामने आया है जिसमें वह पपराजी के साथ पोज दे रही हैं। इस दौरान सभी उर्फी को चीयर करते हैं।

फिर से किया गया ट्रोल

उर्फी को उनके कपड़ों की वजह से अक्सर ट्रोल किया जाता है। इस बार भी उनके कपड़ों को लेकर कमेंट्स किए गए। एक यूजर ने कहा, ‘इंस्टाग्राम को उर्फीग्राम बना दो।‘ एक यूजर ने कहा, ‘अगली नागिन लगती है ये।‘ एक अन्य ने कमेंट में लिखा, ‘इसे शर्मनाक घोषित कर देना चाहिए।‘

फैन्स ने किया सपोर्ट

कई यूजर्स ने उनकी तारीफ भी की और उनके साड़ी लुक को अलग बताया। एक ने लिखा, ‘अच्छी लग रही है, आउटफिट भी सही है।‘ एक यूजर लिखते हैं, ‘ध्यान रखने वाली बात है कि वह खुद भी अपनी ड्रेस डिजाइन करती है तो टैलेंटेड तो है ये।‘ एक अन्य ने कमेंट किया, ‘साड़ी में आग लगा दी।‘

सभी पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ समय पर मिले – मुख्यमंत्री

0

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। सभी पात्र छात्रों को छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ समय-सीमा में दिया जाए। इसके लिए पर्याप्त बजट की उपलब्धता भी सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री चौहान आज निवास पर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग पोस्ट मेट्रिक छात्रवृत्ति प्रक्रिया के सरलीकरण एवं पोर्टल की एकरूपता संबंधी बैठक ले रहे थे। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सत्र 2022-23 की छात्रवृत्ति अक्टूबर माह तक दी जाये। साथ ही पिछले तीन सत्रों की शेष छात्रवृत्ति का भुगतान शीघ्रता से करें। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को 590 करोड़, अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को 348 करोड़ एवं पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को 750 करोड़ रूपए की पोस्ट मेट्रिक छात्रवृत्ति प्रदान की जाना है। इसमें भारत सरकार एवं राज्य शासन की योजनाओं की राशि शामिल है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि छात्रवृत्ति प्रक्रिया में फर्जीवाड़ा न हो एवं पारदर्शिता बनाये रखने के लिए पोर्टल की एकरूपता जरूरी है। सभी वर्गों की छात्रवृत्ति के लिए स्नातकोत्तर स्तर पर आयु सीमा 30 वर्ष की जाना है। पीएचडी स्तर की छात्रवृत्ति प्राप्त करने हेतु अधिकतम आयु 35 वर्ष, दो पाठ्यक्रमों में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों के लिए अधिकतम 02 वर्ष तक के अंतर को मान्य किया जाएगा। एक माता-पिता के सभी पात्र बच्चे पोस्ट मेट्रिक छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए पात्र होंगे। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति की पात्रता के लिए प्रवेश प्रक्रिया का निर्धारण कर लिया जाये। इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम में एकीकृत काउंसलिंग से प्रवेश दिया जाना है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि शिक्षण-सत्र 2022-23 की छात्रवृत्ति के भुगतान के लिए निर्धारित शैक्षणिक केलेण्डर के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राज्य शासन की प्राथमिकता है कि विद्यार्थियों को पूरी तरह सहयोग किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि छात्रवृत्ति की दरों का युक्तियुक्तकरण किया जाये। छात्रों की बायोमेट्रिक उपस्थिति के लिए भी आवश्यक तैयारी करें।