Home Blog Page 143

कोहली टी-20 इंटरनेशनल में रनों के मामले में नंबर 2 पर

0

कोलकत्ता : भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच बुधवार को पहला टी-20 मुकाबला खेला गया. वेस्टइंडीज़ की टीम ने भारत को 158 रनों का टारगेट दिया, टीम इंडिया को शानदार शुरुआत भी मिली. लेकिन इस मैच में एक आंकड़ों की रेस भी हुई, ये रेस किसी और नहीं, बल्कि कप्तान रोहित शर्मा, पूर्व कप्तान विराट कोहली के बीच में थी.

दरअसल, दोनों ही बल्लेबाज जब बल्लेबाजी करने उतरे तब उनके सामने टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सामने था. टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन मार्टिन गुप्टिल के नाम हैं, लेकिन दूसरे और तीसरे नंबर के लिए रोहित शर्मा, विराट कोहली में रेस लग रही है.

कप्तान रोहित शर्मा ने पहले टी-20 मुकाबले में शानदार बैटिंग की और सिर्फ 19 बॉल पर चालीस रन बनाए. जब रोहित बैटिंग कर रहे थे, तब उन्होंने सबसे ज्यादा रनों के मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया था. लेकिन रोहित शर्मा आउट हुए तो विराट कोहली बल्लेबाजी करने आए.

विराट कोहली ने अपनी पारी में 17 रन बनाए और अपना विकेट गंवा बैठे. लेकिन इतनी ही पारी में वह फिर टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रनों के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गए.

मैच शुरू होने से पहले
•    मार्टिन गुप्टिल – 112 मैच, 3299 रन
•    विराट कोहली – 95 मैच, 3227 रन
•    रोहित शर्मा – 119 मैच, 3197 रन

मैच शुरू होने के बाद
•    मार्टिन गुप्टिल – 112 मैच, 3299 रन
•    विराट कोहली – 96 मैच, 3244 रन
•    रोहित शर्मा – 120 मैच, 3237 रन

आपको बता दें कि टीम इंडिया ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला लिया था, वेस्टइंडीज़ की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 157 रन बनाए. टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने वाले रवि बिश्नोई ने दो विकेट लिए. टीम इंडिया ने इस मुकाबले को 6 विकेट से जीता है, भारत की ओर से कप्तान रोहित शर्मा ने शानदार 40 रन बनाए.

मध्‍य प्रदेश में दो हिस्से में बंटेगा राजधानी परियोजना प्रशासन, कैबिनेट में आएगा प्रस्ताव

0

भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा राजधानी परियोजना प्रशासन (सीपीए) को बंद करने की घोषणा के बाद अब इसका खाका तैयार हो गया है। इसे दो हिस्से में बांटे जाने की तैयारी है। सड़क और भवनों के रखरखाव का काम लोक निर्माण विभाग देखेगा। जबकि, उद्यानों की जिम्मेदारी वन विभाग को सौंपी जाएगी। पहले यह काम नगर निगम की उद्यानिकी शाखा को देने की तैयारी थी लेकिन इस पर सहमति नहीं बनी। अब वन विभाग इसके लिए अलग से शाखा बनाएगा।

प्रतिनियुक्ति पर आए लगभग सवा तीन सौ अधिकारियों-कर्मचारियों को उनके मूल विभागों में वापस लौटाया जाएगा और बाकी कर्मचारियों को नगर निगम और लोक निर्माण विभाग में समायोजित करना प्रस्तावित है। इस पर अंतिम निर्णय गुरुवार को होने वाली कैबिनेट में हो सकता है।

सीपीए के कामों को लेकर बार-बार उठने वाले सवालों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने इसे बंद करने के निर्देश दिए थे। दरअसल, भोपाल में प्रतिवर्ष सड़कों के खराब होने की समस्या सामने आती है। इसको लेकर लोक निर्माण, नगर निगम और सीपीए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते रहे हैं।

इसको लेकर मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में नाराजगी जताते हुए कहा था कि सीपीए का कोई मतलब नहीं रह गया है। इसे बंद करके एक ही एजेंसी को सड़क और भवनों के रखरखाव के काम सौंप दिए जाएं। सीपीए के पास शहर की 92 किलोमीटर की 52 सड़कें हैं। करीब 25 प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने लोक निर्माण और वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद सीपीए को बंद करने और उसके दायित्व का बंटवारा विभागों के बीच करने का प्रस्ताव तैयार किया है।

सड़क और भवनों के रखरखाव के काम लोक निर्माण को सौंपे जाएंगे। शहर के 132 एकड़ में एकांत, प्रियदर्शनी, मयूर, चिनार, प्रकाश तरण पुष्कर सहित अन्य उद्यान को वन विभाग को देना प्रस्तावित किया गया है। विभाग इनके संधारण के लिए अलग से शाखा बनाएगा। इसमें उन अधिकारियों-कर्मचारियों को समायोजित किया जाएगा, जो फिलहाल सीपीए में उद्यानों से जुड़ा काम देखते हैं।

महाकाल मंदिर परिसर के 44 मंदिरों में सजेगी दीपमालिका, महाशिवरात्रि पर उज्‍जैन में दीपोत्सव

0

उज्जैन । ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में महाशिवरात्रि पर दीपोत्सव की निराली छटा बिखरेगी। मंदिर प्रशासन कोटितीर्थ कुंड, परिसर में निर्धारित स्थान तथा सभा मंडप की छत पर 51 हजार दीप प्रज्वलित करेगा। इसके अलावा मंदिर परिसर स्थित 44 मंदिरों में भी दीपमालिका सजाई जाएगी। मंदिर प्रशासन ने पुजारियों से दीप प्रज्वलित करने का आह्वान किया हैं।

प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ ने बुधवार को परिसर स्थित मंदिरों में जाकर पुजारियों से दीपोत्सव को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि पर पहली बार नगर में दीपोत्सव मनाया जा रहा है। महामहोत्सव को चिरस्मरणीय बनाने के लिए हम सभी को पुरजोर प्रयास करना है। कोटितीर्थ कुंड के अलावा परिसर के सभी 44 मंदिरों में दीपमालिका सजाई जाएगी। इसके लिए पुजारियों को प्रत्येक मंदिर में क्षमता अनुसार दीपक लगाना है। शिखर पर विद्युत रोशनी भी की जानी चाहिए।

दीपोत्सव को लेकर पुजारियों में उत्साह नजर आ रहा है। प्रशासक के आह्वान पर सभी पुजारियों ने दीप प्रज्वलित करने को लेकर सहमती जताई तथा कहा कि पृथ्वी के नाभी केंद्र पर स्थित ज्योतिर्लिंग महाकाल महाशिवरात्रि पर दीपो की रोशनी से आकाशगंगा की तरह दमकता दिखाई देगा। देश और दुनिया के लिए दीपोत्सव का यह नजारा अद्वितीय होगा।

मंदिर कार्यालय में तैयार हो रही सूची

दीप प्रज्वलित करने के लिए अलग-अलग सेक्टर में कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई जाएगी। एक समय पर दीप प्रज्वलित करने के लिए स्वयंसेवक 1 मार्च को दोपहर से ही तैयारी में जुट जाएंगे। दिन में दीपक में तेल व बाती रखी जाएगी। शाम को कार्यकर्ता अलग-अलग लाइन में दीप प्रज्वलित करेंगे। सेक्टर वाइज कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने के लिए मंदिर कार्यालय में सूची तैयार की जा रही है।

प्रजापति समाज बना रहा दीपक

महाशिवरात्रि पर प्रशासन ने शहर में विभिन्ना् स्थानों पर 12 लाख दीपक प्रज्वलित करने का निर्णय लिया है। इतनी बड़ी तादाद में प्रजापति समाज द्वारा दीपक उपलब्ध कराए जाएंगे। माटी शिल्प से जुड़े प्रजापति समाजजन दीपक उपलब्ध कराने के लिए तैयारियों में जुट गए हैं। मौजूद स्टाक के अलावा नए दीये बनाने का काम शुरू हो गया है। अगर फिर भी दीपक कम पड़े तो समाजजन आसपास के शहरों में निवासरत प्रजापति बंधुओं से दीपक मंगवाएंगे।

वैदिक सत्संग मंडल 3100 दीप प्रज्वलित करेगा

वैदिक सत्संग मंडल द्वारा एक मार्च को ऋषि बौद्ध उत्सव एवं महाशिवरात्रि पर्व मनाया जाएगा। मंडल अध्यक्ष पं.सुखदेव व्यास ने बताया बुधवार को बैठक में महाशिवरात्रि पर 3100 दीप प्रज्वलित करने का निर्णय लिया गया।

पीएससी में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण पर लगाई रोक, राज्य शासन सहित अन्य को नोटिस

0

बलपुर। हाई कोर्ट ने महत्वपूर्ण अंतरिम आदेश के जरिये एमपी पीएससी परीक्षा में 27 प्रतिशत अन्य पिछड़ा वर्ग, ओबीसी आरक्षण पर रोक लगा दी। इसी के साथ राज्य शासन व पीएससी सहित अन्य को नोटिस जारी कर जवाब-तलब कर लिया।

मुख्य न्यायाधीश रवि मलिमठ व न्यायमूर्ति मनिंदर सिंह भट्टी की युगलपीठ के समक्ष मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान याचिकाकर्ता बैतूल निवासी निहारिका त्रिपाठी की ओर से अधिवक्ता आदित्य संघी ने पक्ष रखा। उन्होंने दलील दी कि सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायदृष्टांतों के तहत किसी भी सूरत में आरक्षण का कुल प्रतिशत 50 से अधिक नहीं हो सकता। इसके बावजूद एमपी पीएससी द्वारा 31 दिसंबर, 2021 को पीएससी मुख्य परीक्षा का रिजल्ट घोषित करते हुए ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण दे दिया गया। इस वजह से ओबीसी, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति व ईडब्ल्यूएस का आरक्षण मिलाकर कुल प्रतिशत 73 पर पहुंच गया है। कायदे से सिर्फ 14 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण दिया जाना चाहिए। चूंकि ऐसा नहीं किया गया, अत: सामान्य वर्ग की याचिकाकर्ता हाई कोर्ट चली आई। हाई कोर्ट ने प्रारंभिक सुनवाई के बाद अंतरिम आदेश के साथ नोटिस जारी कर जवाब-तलब कर लिया।

पीएससी को नए सिरे से सूची जारी करनी होगी : अधिवक्ता संघी ने बताया कि हाई कोर्ट के उक्त अंतरिम आदेश के साथ ही अब पीएससी को नए सिरे से सूची जारी करनी होगी। इसके तहत मुख्य परीक्षा-2021 के ओबीसी उम्मीदवारों को 27 के बदले 14 प्रतिशत आरक्षण निर्धारित करना होगा। इससे सामान्य सहित अन्य वर्ग के जो आवेदक पिछड़ गए थे, वे स्थान पा सकेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने अपने पूर्व आदेशों में जो व्यवस्था दी है, उसके अनुसार आरक्षण का प्रतिशत किसी भी हालत में 50 प्रतिशत से अधिक न होने पाए। लेकिन इस मामले में ऐसी गलती हुई। इसीलिए न्याय की मांग की गई है। हाई कोर्ट ने अंतरिम राहत दे दी है। लिहाजा, अंतिम आदेश भी याचिकाकर्ता के हक में सुनाए जाने की उम्मीद जाग गई है। इसे लेकर लंबे समय से सामान्य वर्ग के छात्र आवाज उठाते आए हैं। जबकि ओबीसी संगठन 27 प्रतिशत आरक्षण की मांग पर अड़े हैं। इस सिलसिले में हाई कोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक बहस हो चुकी है। इसके बावजूद आरक्षण का प्रतिशत संवैधानिक व्यवस्था के विपरीत निर्धारित करना सर्वथा अनुचित है।

जल्द खत्म होंगे कोरोना से जुड़े तमाम प्रतिबंध, केंद्र ने राज्यों को लिखी चिट्ठी, शुरू हो सकती हैं नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानें

0

देश में कोरोना के घटते मामलों को देखते हुए सरकार जल्द ही इससे जुड़े तमाम प्रतिबंध हटा सकती है। बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (States and UTs) से अपने राज्यों में लागू कोरोना प्रतिबंधों की समीक्षा कर उन्हें कम या खत्म करने के लिए कहा है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि देश में कोरोना के मामले (Corona Cases) लगातार घट रहे हैं, ऐसे में कोरोना प्रतिबंधों की समीक्षा कर उन्हें कम या खत्म करें। इसके साथ ही उन्होंने कोरोना की ट्रेसिंग, ट्रीटमेंट और टीकाकरण को भी जारी रखने का आग्रह किया। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के 30,615 नए मामले सामने आये। इस दौरान 514 मरीजों की मौत भी हुई।

अगले महीने शुरु हो सकती है रेग्यूलर अंतरराष्ट्रीय उड़ानेंं

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, केंद्र सरकार मार्च से अप्रैल महीने के बीच कभी भी रेग्युलर इंटरनेशनल फ्लाइट्स को फिर से शुरू करने की इजाजत दे सकती है। माना जा रहा है कि डोमेस्टिक एयर ट्रैवलिंग कोविड पूर्व लेवल के 80 फीसदी पार होते ही रेग्युलर इंटरनेशनल फ्लाइट्स की सर्विस शुरू हो सकती है। कोविड पूर्व स्तर के 80 फीसदी तक पहुंचने के लिए 2,200 उड़ानों का उड़ान भरना जरुरी है। अभी लगभग 2000 डोमेस्टिक फ्लाइट्स उड़ान भर रही हैं। कोरोना वायरस महामारी के कारण देश में निर्धारित इंटरनेशनल पैसेंजर फ्लाइट्स 23 मार्च, 2020 यानी करीब 23 महीने से निलंबित हैं। हालांकि, एयर बबल व्यवस्था के तहत जुलाई 2020 से भारत और लगभग 40 देशों के बीच विशेष यात्री उड़ानों का संचालन हो रहा है।

अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को भी राहत

इससे पहले विदेश से आने वाले यात्रियों को बड़ी राहत प्रदान की कई है। विदेश से आनेवाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को अब सात दिनों तक होम क्वांरटीन में रहने की जरूरत नहीं है। इसके अलावा, एयरपोर्ट पर होने वाली अनिवार्य कोविड टेस्टिंग से भी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को छूट मिलेगी। और ना ही उन्हें आठवें दिन आरटी-पीसीआर जांच कराने की जरूरत होगी। विदेशों से एयरपोर्ट पहुंचने वाले सभी यात्रियों में कुल यात्रियों के दो प्रतिशत की ही कोविड जांच की जा रही है। इस दौरान जिन लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं, उन्हें एयरपोर्ट से बाहर जाने की इजाजत भी दी जा रही है।

मोदी ने उज्‍ज्‍वला, पीएम कुसुम योजनाओं की मिसाल देकर कहा गरीबों तक ऊर्जा पहुंचाना हमारी पर्यावरण नीति

0

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने बुधवार को विश्व सतत विकास सम्मेलन के 21वें संस्करण के सत्र को संबोधित किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने जलवायु से संबंधित कार्यों के लिए विकसित देशों से आगे बढ़कर अपनी भूमिकाएं निभाने की अपील की। उन्‍होंने कहा- जलवायु से जुड़े कार्यों के लिए पर्याप्‍त धन की जरूरत होती है। इसके लिए विकसित देशों को आगे बढ़कर वित्त और प्रौद्योगिकी उपलब्ध कराने के लिए अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गरीबों तक समान ऊर्जा की पहुंच सुनिश्चित करना हमारी पर्यावरण नीति की आधारशिला रही है। हमारी सरकार की ओर से उज्ज्वला योजना के जरिए नौ करोड़ से अधिक घरों को भोजन पकाने के लिए स्‍वच्‍छ ईंधन तक पहुंच सुनिश्चित कराई गई है। यही नहीं हमारी सरकार ने PM-KUSUM योजना के तहत नवीकरणीय ऊर्जा को भी बढ़ावा दिया है। इस योजना के तहत हमने नवीकरणीय ऊर्जा को किसानों तक पहुंचाने का काम किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के लोग हमेशा से प्रकृति के साथ सद्भाव के साथ रहते आए हैं। हमारी संस्कृति, रीति-रिवाज, दैनिक अभ्यास और उत्‍सव प्रकृति के साथ हमारे मजबूत बंधनों की तस्‍दीक करते हैं। सफल जलवायु कार्यों के लिए पर्याप्त फंडिंग की जरूरत होती है। इसके लिए विकसित देशों को आगे आकर वित्‍तीय फंडिंग के साथ साथ प्रौद्योगिकी हस्तांतरण पर अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले गुजरात में और अब राष्ट्रीय स्तर पर अपने 20 वर्षों के कार्यकाल के दौरान सतत विकास और पर्यावरण मेरी प्राथमिकता में रहे हैं। मुझे बेहद खुशी हो रही है कि भारत के दो और आर्द्रभूमियों को हाल ही में रामसर स्थलों के रूप में मान्यता प्रदान की गई है। इसके साथ ही देश में अब 49 रामसर स्थल हैं जो 10 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में फैले हुए हैं।

एलोपैथी की तरह आयुष चिकित्सकों से समानता का व्यवहार हो

0

जबलपुर,। देश में एलोपैथी चिकित्सकों को जो दर्जा प्राप्त है, वही आयुष चिकित्सकों को भी मिलना चाहिए। उनकी सेवानिवृत्ति की अवधि वैसी ही होनी चाहिए। हाई कोर्ट में यह मांग उठी। इसे हाई कोर्ट ने तार्किक पाकर आदेश कर दिया। इससे आयुष चिकित्सा के क्षेत्र में संलग्न याचिकाकर्ता ने राहत की सांस ली।

हाई कोर्ट ने एक याचिका का इस निर्देश के साथ पटाक्षेप कर दिया कि शासकीय हकीम सैय्यद जिया-उल-हसन यूनानी मेडिकल कालेज व अस्पताल, भोपाल में तशरी-हुल-बदन (एनाटोमी) में पदस्थ विभागाध्यक्ष डा. अब्दुल अजीज सिद्दीकी को 65 वर्ष तक सेवारत रखा जाए। याचिकाकर्ता की सेवानिवृत्ति 28 फरवरी, 2022 को होने वाली थी। मुख्य न्यायाधीश रवि मलिमठ व न्यायमूर्ति पुरुषेंद्र कुमार कौरव की युगलपीठ के समक्ष मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान याचिकाकर्ता का पक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता नमन नागरथ, विजय राघव सिंह, मनोज चतुर्वेदी व अजय नन्दा ने रखा। उन्होंने दलील दी कि मध्य प्रदेश शासकीय सेवक अर्धवार्षिकी आयु अधिनियम के प्रविधानों के तहत एलोपेथी के प्राध्यापकगण 65 वर्षों तक अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकते हैं जबकि आयुष विभाग के प्राध्यापकगण 62 वर्ष की उम्र तक पहुंचने पर सेवानिवृत्त हो जाते हैं। चूंकि सुप्रीम कोर्ट ने आयुष चिकित्सकों को एलोपैथी के चिकिसकों के समतुल्य माना है, अत: भेदभाव समाप्त किया जाना चाहिए। ऐसा इसलिए भी क्योंकि मौजूदा व्यवस्था संविधान की मंशा के भी विपरीत है। हाई कोर्ट ने तर्क से सहमत होकर याचिकाकर्ता को राहत प्रदान कर दी। हाई कोर्ट ने साफ कर दिया कि आदेश का पालन हो। यदि ऐसा नहीं हुआ तो अवमानना की कार्रवाई होगी। इसके लिए जिम्मेदार विभाग कमर कस ले।

संजय गांधी ताप गृह बिरसिंहपुर में फिर बंद हो गई 210 मेगावाट की इकाई

0

जबलपुर। बिरसिंहपुर के संजय गांधी ताप गृह में एक बार फिर 210 मेगावाट की इकाई एक बार फिर बंद हो गई है। इससे पहले तीन नंबर की 210 मेगावाट की इकाई दो दिन पहले ही बायलर ट्यूब लीकेज की वजह से बंद हुई थी। जिसका सुधार कार्य अभी नहीं हो पाया है। इस बीच सोमवार की रात करीब 11.30 इकाई बंद हो गई है। इकाई बंद होने की वजह अभी तक साफ नहीं हुई है।

संजय गांधी ताप गृह की इकाईयों में लगातार तकनीकी खराबी आ रही है। पिछले छह माह में कई दफा बिजली उत्पादन इकाईयां बंद हुई है। रबी सीजन के दौरान जब बिजली की मांग अधिक होती है उस बीच इकाईयों का खराब होना सवाल खड़ा कर रहा है। इस मामले में पिछले दिनों ही संजय गांधी ताप गृह की इकाईयों के रखरखाव काे लेकर ऊर्जा विभाग से टीम गई थी। जिसने दो दिन ठहरकर इकाईयों का जायजा लिया। बता दे कि टीम ने भी जांच के दौरान कई तरह की अव्यवस्थाओं को इंगित किया है जिसके आधार पर ऊर्जा विभाग को ताप गृह के प्रबंधन पर बदलाव का निर्णय लेना है।

4 करोड़ रुपये रखरखाव पर खर्च: मप्र पॉवर जनरेशन कंपनी के संजय गांधी ताप विद्युत गृह में सामान्य रूप से 70 लाख रुपये सालाना रखरखाव पर खर्च किया जाता था। इस बार करीब चार करोड़ रुपये की राशि सालाना रखरखाव पर खर्च हुई। खास बात ये है कि महंगा मेंटेनेंस होने के बावजूद इकाई में खराबी आ रही है। महंगे मेंटेनेंस के बावजूद बार-बार खराबी की वजह अभी तक प्रबंधन भी नहीं समझ पा रहा है।

मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान कोरोना पाजिटिव, खुद को किया आइसोलेट

0

भोपाल, । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए स्वयं को आइसोलेट कर लिया है। यह जानकारी मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर दी है। उन्होंने कहा कि मैंने अपनी जांच कराई थी, जिसमें मैं पाजिटिव आया हूं। लक्षण सामान्य हैं। आगामी सभी कार्य में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करूंगा बुधवार को संत रविदास जयंती के कार्यक्रम में भी वर्चुअली शामिल रहूंगा। उन्होंने अनुरोध किया है कि पिछले कुछ समय में मेरे संपर्क में जो लोग आए हैं वे भी अपनी जांच करवा लें तथा कोरोना संबंधी गाइड लाइन का पालन करें।

उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण की दर दो प्रतिशत रह गई है पर खतरा अभी पूरी तरह से टला नहीं है। सावधानी बरतना जरूरी है। आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबंध हटाए गए हैं पर सभी मास्क का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और शारीरिक दूरी का पालन करें।

पूर्व सीएम ने कमल नाथ ने ट्वीट कर लिखा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अस्वस्थ होने की जानकारी मिली है। ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने ट्वीट कर लिखा, मां पीतांबरा से प्रार्थना है कि आप यथाशीघ्र स्वस्थ होकर पुनः सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हों। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने ट्वीट में लिखा, बाबा महाकाल से आपके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।

प्रदेश के नए DGP के सबसे प्रबल दावेदार राजीव टंडन,तीन महीने का होगा कार्यकाल

0

भोपाल: प्रदेश के पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी चार मार्च को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। नए पुलिस महानिदेशक के लिए 1987 बैच के आइपीएस अधिकारी सुधीर सक्सेना सबसे प्रबल दावेदार हैं। उनके नाम को लेकर सभी स्तर पर सहमति भी है लेकिन इसे जब तक अंतिम रूप नहीं दे दिया जाता है तब तक प्रभारी पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति की जा सकती है। इसके लिए राजीव टंडन का नाम सामने आ रहा है। वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के भरोसेमंद अधिकारियों में हैं और तीन माह में सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इस बीच में सरकार पुलिस महानिदेशक का चयन करने के लिए विधिवत प्रस्ताव संघ लोक सेवा आयोग को भेजकर चयन सूची को अंतिम रूप दिलाया जाएगा।

तीन नामों की सूची में से मुख्यमंत्री अंतिम चयन करेंगे। सामान्यत: पुलिस महानिदेशक का चयन करने के लिए संघ लोक सेवा आयोग को तीन माह पहले प्रस्ताव भेज दिया जाना चाहिए। इस हिसाब से दिसंबर में प्रस्ताव भेज दिया जाना चाहिए था। उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि गृह विभाग ने प्रस्ताव तैयार करके मुख्यमंत्री सचिवालय को भेज था पर सरकार की प्राथमिकता में कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण सहित अन्य कार्य थे। यही वजह रही कि अभी तक प्रस्ताव नहीं भेजा गया है। इंटरनेट मीडिया पर जब प्रस्ताव भेजे जाने संबंधी खबर चली तो गृह विभाग ने स्थिति साफ की और बताया कि उच्च स्तर पर संघ लोक सेवा आयोग को प्रस्ताव भेजने का प्रकरण विचाराधीन होने से अभी नहीं भेजा गया है।

माना जा रहा है कि 1988 बैच के अधिकारी राजीव कुमार टंडन को नए पुलिस महानिदेशक का चयन होने तक प्रभारी बनाया जा सकता है। टंडन सभी महत्वपूर्ण शाखाओं का काम देख चुके हैं। निर्विवादित होने की वजह से उनके नाम को लेकर किसी को कोई आपत्ति भी नहीं होगी। वे मई 2022 में सेवानिवृत्त होंगे। इसी बीच सरकार की ओर से प्रस्ताव संघ लोक सेवा आयोग को भेजा जाएगा और बैठक करके तीन नामों की सूची शासन को भेज दी जाएगी। इस बैठक में प्रदेश की ओर से मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस हिस्सा लेंगे।