भारत के पास 10वें दिन कई मेडल जीतने का मौका है। भारतीय खिलाड़ी आज एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, टेबल टेनिस, क्रिकेट में गोल्ड मेडल के लिए जान लगाएंगे। पीवी सिंधु, शरत कमल और भारतीय क्रिकेट टीम पर लोगों की खास नजर होगी।
– भारत के शरत कमल और साथियान ज्ञानसेकरन ने पुरुष डबल्स टेबल टेनिस में रजत पदक जीता।
– जैवलिन थ्रो में अनु रानी ने कांस्य पदक जीता। अनु ने अपने बेस्ट थ्रो में 60 मीटर तक थ्रो तक ये पदक हासिल किया।
टेबल टेनिस डबल्स में मिला सिल्वर, बॉक्सिंग में निखत जरीन ने जीता गोल्ड
संतान प्राप्ति की कामना पूर्ण करता है यह पावन व्रत
सावन माह में शुक्ल पक्ष में आने वाली एकादशी को पुत्रदा एकादशी या पवित्रा कहा जाता है। भगवान श्री हरि विष्णु को समर्पित यह व्रत संतान प्राप्ति के लिए किया जाता है। इस व्रत को करने से भगवान श्री हरि विष्णु की विशेष कृपा बनी रहती है। इस दिन सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने वाले भक्तों को सभी पापों से मुक्ति मिलती है और बैकुंठ की प्राप्ति होती है। इस व्रत में हर क्षण भगवान श्री हरि विष्णु का ध्यान करते रहना चाहिए।
मान्यता है कि एकादशी के दिन भगवान श्री हरि विष्णु की आराधना करने से अश्वमेघ यज्ञ के समान फल प्राप्त होता है। इस दिन क्रोध न करें। किसी का अपमान ना करें ना ही अपशब्द बोलें। इस व्रत में पीले वस्त्र धारण करें। पूजा के समय चौकी पर पीले रंग के वस्त्र रखें। पूजा के दौरान भगवान श्री हरि विष्णु को पीले फूल अर्पित करें। पूजन सामग्री पीले रंग की हो तो भगवान अति प्रसन्न होते हैं। इस दिन सात्विक भोजन करें। अनाज ना खाएं। ब्राह्मणों को अन्न दान करें। एकादशी के दिन तुलसी के पौधे की पत्तियां न तोड़ें। पूजन के लिए एक दिन पहले ही पत्तियां तोड़ लें। एकादशी के दिन चावल का सेवन नहीं करना चाहिए। ब्रह्मचर्य का पालन करें। भगवान श्री हरि विष्णु को फल, फूल, दूध, तिल, पंचामृत आदि अर्पित करें। एकादशी के दिन भगवान को विशेष तौर पर तुलसी पत्र अवश्य अर्पित करें। विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें। अगले दिन ब्राह्मणों को भोजन कराने के बाद दक्षिणा देकर विदा करें। रात्रि में भजन कीर्तन करते हुए समय व्यतीत करें। इस व्रत में दीपदान का विशेष महत्व है।
महिलाओं के लिए योगी सरकार का तोहफा
प्रदेश की योगी सरकार ने महिलाओं को लेकर बड़ी सौगात दी है। लखनऊ समेत यूपी के 14 शहरों में इसका लाभ मिलेगा। रक्षाबंधन पर महिलाओं को नगर विकास के परिवहन निदेशालय ने सिटी बसों से नि:शुल्क सफर करने की सौगात दी है। सीएनजी और ई बसों में दो दिनों तक महिलाएं फ्री में सफर सकेंगी। इस संबंध में लखनऊ समेत यूपी के 14 शहरों में महिलाओं को नि:शुल्क सफर कराने की तैयारी शुरू हो गई है।
महिलाएं दस अगस्त की रात 12 बजे से 12 अगस्त की रात 12 बजे तक सफर कर सकती है। हालांकि इलेक्ट्रिक सिटी बसें 11 व 12 अगस्त को सुबह छह से रात दस बजे तक ही रक्षाबंधन के दौरान महिला यात्रियों को नि:शुल्क सफर कराएंगी। बदले में महिलाओं को टिकट दिया जाएगा। पर टिकट का किराया शून्य होगा। इसके लिए टिकट मशीन में शून्य किराये की फीडिंग की जा रही है। रोडवेज के तर्ज पर सिटी बसों में भी सफर: लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट के एमडी पल्लव बोस ने बताया कि रोडवेज के तर्ज पर सिटी बसों में सुविधा दी गई है।
प्रदेश के इन 14 शहरों में फर्राटा भरेंगी इलेक्ट्रिक बसें
लखनऊ के अलावा कानपुर, आगरा, वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ, गाजियाबाद, मथुरा-वृंदावन, शाहजहांपुर, झांसी, मुरादाबाद, गोरखपुर, अलीगढ़ एवं बरेली में संचालित सीएनजीओ और इलेक्ट्रिक बसों में महिलाएं नि:शुल्क सफर कर सकती है।
तेल कंपनियां पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ने से टेंशन में
सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) को रिकॉर्ड घाटा हुआ है। कंपनी के मुताबिक चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 10,196.94 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड घाटा हुआ। यह किसी भी तिमाही में एचपीसीएल को हुआ सबसे बड़ा घाटा है। एक साल पहले की समान अवधि में उसे 1,795 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
पेट्रोल और डीजल के दाम नहीं बढ़ने की वजह से यह नुकसान हुआ है। दरअसल, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी नहीं की जिससे उन्हें परिचालन व्यय के अनुपात में राजस्व का नुकसान उठाना पड़ा है।
दूसरी कंपनियों को भी नुकसान: एचपीसीएल की तरह सार्वजनिक क्षेत्र की अन्य पेट्रोलियम कंपनियों इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) और बीपीसीएल ने भी बीती तिमाही में पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ाए। ऐसा बढ़ती मुद्रास्फीति पर काबू पाने की सरकार की कोशिशों को ध्यान में रखते हुए किया गया।
कीमतों में बढ़ोतरी नहीं होने से आईओसी को भी इस तिमाही में 1,992.53 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। हालांकि एचपीसीएल को तेल उत्पादन से अधिक बिक्री करने से ज्यादा बड़ा घाटा उठाना पड़ा है।
उर्फी जावेद अस्पताल में भर्ती
अपने फैशन से खुद की पहचान बनाने वालीं उर्फी जावेद को लेकर एक चिंता बढ़ाने वाली खबर आई। शनिवार को पता चला कि उर्फी जावेद की तबीयत खराब हो गई है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीते दिन भी उर्फी को पपराजी ने स्पॉट किया था। जहां वो पोज देती देखी गई थीं। अचानक उनके तबीयत बिगड़ने से फैन्स परेशान हो गए हैं। इस बीच उर्फी ने सोशल मीडिया पर अपनी हेल्थ अपडेट दी है। उन्होंने अस्पताल से अपनी एक तस्वीर शेयर की है।
अस्पताल के बेड पर उर्फी
उर्फी अस्पताल के बेड पर हैं और वो खाना खा रही हैं। उनके चेहरे के हाव-भाव देखकर ऐसा लग रहा है तबीयत बिगड़ने से उन्हें खाना अच्छानहीं लग रहा है। उर्फी ने अपनी फोटो के साथ लिखा- ‘मैं यहां हूं इसलिए इतना वक्त है।‘ आगे उन्होंने लिखा, ‘हां ये हो गया, मैं लगातार अपने स्वास्थ्य को अनदेखा कर रही थी और अब ये।‘
चाहत खन्ना के साथ भिड़ीं
हाल ही में उर्फी जावेद और टीवी एक्ट्रेस चाहत खन्ना के बीच सोशल मीडिया पर तू तू मैं मैं हो गई। चाहत ने उर्फी की तस्वीरों के साथ लिखा कि इस तरह के कपड़े पहनकर सड़क पर कौन निकलता है। न्यूड होने पर मीडिया से पब्लिसिटी मिलती है। चाहत को उर्फी ने करारा जवाब दिया और उन्होंने लंबा चौड़ा पोस्ट शेयर किया। उर्फी ने कहा कि दुनिया में कौन क्या करता है इससे उन्हें मतलब नहीं होना चाहिए। उन्होंने चाहत को कहा कि वो पपराजी को पैसे देती हैं इसके बावजूद उन्हें कवरेज नहीं मिलती। यही वजह है कि उन्हें उनसे जलन है।
मसाबा ने की तारीफ
उर्फी के फैशन सेंस को लेकर हाल ही में डिजाइनर मसाबा गुप्ता ने उनकी तारीफ की। मसाबा ने कहा कि वो जो कुछ भी पहनती हैं उसकेपीछे एक सोच होती है। जिस तरह उर्फी हर दिन हील्स पहनकर पपराजी को पोज देती हैं कोई तीन दिन ये करके दिखा दे हालत खराब हो जाएगी। मसाबा के कमेंट पर उर्फी ने उन्हें अपना प्यार जताया।
बॉक्सर जैस्मीन ने जीता कांस्य पदक
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत 9 गोल्ड, 11 सिल्वर और 10 ब्रॉन्ज मेडल के साथ कुल 30 मेडल जीत चुका है। खेलों के 9वें दिन यानि की 6 अगस्त को भारतीय एथलीट्स इसमें जरूर इजाफा करना चाहेंगे। भारत की प्रियंका गोस्वामी ने महिलाओं की 10,000 मीटर रेस वॉक में रजत पदक जीता। अविनाश साबले ने राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में रजत पदक जीता। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बना ली है। कुश्ती में ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट के रवि दहिया के साथ स्टार रेस्लर विनेश फोगाट के गोल्ड मेडल मैच पर नजरें होंगी। फोगाट राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड मेडल की हैट्रिक लगाने के इरादे से उतरेंगी। कुश्ती के अलावा पुरुष हॉकी टीम सेमीफाइनल मुकाबले में पदक पक्का करने उतरेगी। अगर आज टीम जीतती है तो कम से कम सिल्वर मेडल पक्का हो जाएगा, हारने पर टीम को बॉन्ज मेडल मैच का मौका मिलेगा। एथलेटिक्स में दूती चंत और हिमा दास के अलावा बैडमिंटन में पीवी सिंधू एक्शन में होंगी।
इंग्लैंड को उसी की सरजमीं पर टीम इंडिया ने इन 5 कारणों के चलते किया धराशायी
टीम इंडिया ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के सेमीफाइनल में मेजबान इंग्लैंड को धराशायी कर दिया। बर्मिंघम के मैदान पर भारत ने रोमांचक जीत हासिल की और फाइनल में प्रवेश करते हुए पदक पक्का कर लिया। टीम इंडिया को इस मुकाबले में किन 5 कारणों की वजह से जीत मिली, ये जान लीजिए। भारत ने हर क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन किया, जिसका नतीजा ये रहा कि भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए एक और पदक पक्का कर लिया।
स्मृति मंधाना की तूफानी फिफ्टी
टीम इंडिया ने टॉस जीतकर जब बल्लेबाजी चुनी तो हर किसी को उम्मीद थी कि स्मृति मंधाना टीम को तेज शुरुआत दिलाएं। मंधाना ने शेफाली वर्मा के साथ मिलकर इस काम को बखूबी अंजाम दिया। उन्होंने 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो इस टूर्नामेंट की फास्टेस्ट फिफ्टी है। उन्होंने 61 रन की पारी खेली। भारत की जीत में मंधाना ने अहम भूमिका अदा की।
जेमिमा की फिनिशिंग
टीम इंडिया के पहला झटका जैसे ही लगा तो जेमिमा रॉड्रिग्स को मैदान पर आना पड़ा। उन्होंने स्मृति मंधाना के साथ महज एक रन बनाया और मंधाना आउट हो गईं। इसके बाद कप्तान के साथ उन्होंने पारी को बुना, लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर भी आउट हो गईं। इसके बाद उन्होंने दीप्ति शर्मा के साथ 50 से ज्यादा रन की साझेदारी की और आखिरी में तेजी से रन बनाए। वे 44 रन बनाकर नाबाद लौटीं। इस तरह बल्लेबाजी में भारत के लिए जीत की नींव उन्होंने रखी।
दीप्ति शर्मा का ऑलराउंड प्रदर्शन
टीम इंडिया को ऐतिहासिक जीत दिलाने में दीप्ति शर्मा का अहम योगदान रहा, जिन्होंने पहले बल्ले से और फिर गेंद से टीम के लिए अहम भूमिका निभाई। दीप्ति ने 20 गेंदों में 22 रन बनाए थे। वहीं, जब गेंदबाजी की बारी आई तो उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 18 रन दिए और एक विकेट लिया। ये विकेट सोफिया डंकली का था, जो खतरनाक मूड में नजर आ रही थीं। वहीं, 17वां ओवर उन्होंने फेंका तो सिर्फ 3 रन दिए और इंग्लैंड की टीम को दबाव में लाने का काम किया।
मोदी की मीटिंग से नीतीश कुमार और के चंद्रशेखर राव ने भी किया किनारा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 7 अगस्त को होने वाली नीति आयोग की बैठक से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद अब तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव ने भी किनारा कर लिया है। बैठक में हिस्सा नहीं लेने के संबंध में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री राव ने कहा कि उन्हें नीति आयोग की बैठक से कोई फायदा नहीं दिख रहा है। रविवार को होने वाली नीति आयोग की बैठक में फसल विविधीकरण और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के कार्यान्वयन सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने वाली है।
के चंद्रशेखर राव ने कहा, मैं विरोध के रूप में कल दिल्ली में होने वाली नीति आयोग की 70वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक का हिस्सा नहीं बनूंगा।’ इसके साथ-साथ राव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र भी लिखा है, जिसमें उन्होंने राज्यों को अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के लिए उनकी जरूरतों और शर्तों के आधार पर योजनाओं को डिजाइन और उसमें बदलाव किए जाने की व्यवस्था नहीं दिए जाने को लेकर केंद्र के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की है।
पीएम मोदी के लिखे पत्र में क्या कहा है केसीआर ने
केसीआर ने पीएम मोदी के लिखे पत्र में कहा है, ‘भारत एक मजबूत राष्ट्र के रूप में तभी विकसित हो सकता है, जब राज्यें विकसित हों। उन्होंने कहा कि मजबूत और आर्थिक रूप से जीवंत राज्य ही भारत को एक मजबूत देश बना सकते हैं। मैं भारत को एक मजबूत और विकसित देश बनाने के हमारे सामूहिक प्रयास में राज्यों के साथ भेदभाव करने और उन्हें समान भागीदार के रूप में नहीं मानने के केंद्र सरकार के वर्तमान रुख के खिलाफ इस बैठक से दूर रहूंगा।’
नए उपराष्ट्रपति बने जगदीप धनखड़, 200 वोट भी नहीं पा सकीं विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ देश के नए उपराष्ट्रपति होंगे। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी और विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को हराया। धनखड़ को 528 वोट मिले। इसमें से 15 वोट अमान्य रहे। वहीं मार्गरेट अल्वा को कुल 182 वोट मिले। इस तरह धनखड़ ने विपक्ष के उम्मीदवार को 346 मतों के अंतर से हराया। लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर उनकी जीत का औपचारिक ऐलान किया। हालांकि एनडीए उम्मीदवार धनखड़ के जीत के कयास शुरुआत से ही लगाए जा रहे थे। शनिवार को संसद में उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए कुल 780 में से 725 सांसदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। टीएमसी के 34 सांसदों, एसपी और शिवसेना के दो और बीएसपी के एक सांसद ने वोटिंग से किनारा किया। शाम पांच बजे तक मतदान चला और एक घंटे बाद यानी 6 बजे से काउंटिंग शुरू हुई।
धनखड़ के उपराष्ट्रपति बनने पर पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने बधाई दी। उनके उपराष्ट्रपति बनने पर दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में जश्न मनाया गया। ढोल नगाड़ों के साथ भाजपा कार्यकर्ता नाचते हुए नजर आए।
किन-किन सांसदों ने वोटिंग नहीं की
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए कुल 55 सांसदों ने वोटिंग के अधिकार का प्रयोग नहीं किया। इनमें से टीएमसी के 34 सांसद शामिल थे। हालांकि टीएमसी के दो सांसदों ने पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के आदेश के बावजूद वोटिंग में हिस्सा लिया। ये नाम शिशिर और दिव्येंदु अधिकारी के हैं। इसके अलावा एसपी और शिवसेना के दो और बीएसपी के एक सांसद ने भी वोटिंग नहीं की। भाजपा के दो सांसदों- सनी देओल और संजय धोत्रे ने भी स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए वोटिंग से किनारा किया।
भोपाल शहर में बनेंगे नए फ्लायओवर, केबल कार चलाने का भी प्रस्ताव – मुख्यमंत्री चौहान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भोपाल में नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधाएँ उपलब्ध करवाने, शहर को हरा-भरा बनाने, पेयजल और स्वच्छता के बेहतर प्रबंध के लिए सभी उपाय किए जाएंगे। इसके लिए भिन्न-भिन्न योजनाओं में पर्याप्त धनराशि का प्रावधान भी रहेगा। भोपाल के पंचवर्षीय विकास का रोडमैप शीघ्र प्रस्तुत किया जाएगा। केन्द्र सरकार द्वारा भोपाल में नए फ्लायओवर बनाने के लिए सहमति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री चौहान आईएसबीटी परिसर स्थित नगर निगम कार्यालय के प्रांगण में भोपाल की नव-निर्वाचित महापौर मालती राय और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री चौहान ने महापौर राय और पार्षदों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पार्षद एवं अन्य जन-प्रतिनिधि विनम्रता के साथ जन-सेवा का उदाहरण प्रस्तुत करें। जन-प्रतिनिधि के व्यवहार और आम जनता के लिए किए गए कार्य के आधार पर छवि का निर्धारण होता है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन की ओर से भोपाल नगर निगम को विकास कार्यो के लिए आवश्यक वित्तीय सहयोग किया जाएगा।
भोपाल में बढ़ेंगी परिवहन सुविधाएँ
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हाल ही में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंटकर उन्होंने भोपाल के लिए अनेक फ्लायओवर मंजूर करवाए हैं। अनेक फ्लायओवर प्रस्तावित हैं, जिनमें शौर्य स्मारक के पास स्थित भोपाल हाट चौराहे से 6 नंबर स्टॉप, आईएसबीटी से गौतम नगर, अयोध्या बायपास मार्ग से करोंद चौराहे तक, टी.टी. नगर स्टेडियम के पीछे से नानके पेट्रोल पंप-रोशनपुरा चौराहे से होते हुए पॉलीटेक्निक कॉलेज चौराहे तक और राऊखेड़ी पम्प हाऊस से संत हिरदाराम नगर के विसर्जन घाट तक फ्लायओवर शामिल हैं। इसके अलावा लेडी अस्पताल, काली मंदिर से अल्पना तिराहा-नादरा बस स्टेंड होते हुए शाहजहाँनाबाद थाने तक एलीवेटेड कॉरीडोर का निर्माण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भोपाल में सड़क परिवहन के साथ ही निकट भविष्य में एयर कनेक्टिविटी से जुड़ी आधुनिक तकनीक का उपयोग कर आम जनता को नए परिवहन साधन उपलब्ध करवाए जाएंगे। इनमें केबल कार भी शामिल है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मेट्रो ट्रेन से संबंधित कार्य प्रगति पर है। जहाँ मेट्रो के संचालन से बढ़ती जनसंख्या के अनुरूप परिवहन में आसानी होगी। वहीं नए फ्लायओवर और केबल कार संचालन जैसी परिवहन सुविधाएँ भी शहरवासियों के लिए लाभकारी होंगी। डीजल और पेट्रोल के स्थान पर सीएनजी के उपयोग से वाहनों के संचालन की प्राथमिकता रहेगी, जिससे शहर के पर्यावरण पर भी विपरीत प्रभाव न पड़े।
मुझे भोपाल के विकास के लिए मिला है कार्य करने का सौभाग्य
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भोपाल अद्भुत शहर है। मेरा बचपन भोपाल में ही गुजरा है। यहाँ की हर गली में सायकिल भी चलाई है। यहीं शिक्षा भी पूरी हुई है। मुझे भोपाल के विकास के लिए कार्य करने का सौभाग्य मिला है। मेरा संकल्प है कि मैं अपने बचपन के शहर का कर्ज उतारने का पूरा प्रयास करूँगा। भोपाल निरंतर आगे बढ़ रहा है। मैं प्रतिदिन पौधा लगाता हूँ। भोपाल की हरियाली बनी रहे, यह हम सभी का प्रयास होना चाहिए। मुख्यमंत्री चौहान ने नगर को क्लीन और ग्रीन बनाने के लिए सभी जन-प्रतिनिधियों को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
हाईटेक सिटी बनेगा भोपाल, गौरव दिवस मनाएंगे
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भोपाल हाईटेक सिटी में तब्दील हो रहा है। भोपाल मेट्रो सिटी बन रहा है। जो भी भोपाल आता है, यहाँ की सुंदरता देखता ही रह जाता है। चाहे भोजताल हो या छोटी झील, सभी की अद्भुत छटा देखने को मिलती है। पुराने शहर का चौक बाजार हो या बीएचईएल या गोविंदपुरा क्षेत्र, सभी अनोखे हैं। भोपाल ऐसा शहर बने जो लोगों को रोजगार देने में ज्यादा समर्थ हो। यहाँ अलग-अलग उद्योग आएँ, स्व-रोजगार के साधन बढ़ें। स्व-सहायता समूहों की भूमिका अधिक महत्वपूर्ण बनें। जल-प्रदाय के लिए बल्क कनेक्शन के स्थान पर व्यक्तिगत कनेक्शन देने और सीवेज प्रणाली को बेहतर बनाने के कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भोपाल के गौरव दिवस पर बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने और विकास की रूपरेखा को जनता के सामने रखा जाएगा। पूर्व में निर्वाचन आचार संहिता के कारण गौरव दिवस का आयोजन नहीं किया जा सका था।
पार्षदगण हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलवाएँ
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि केन्द्र सरकार और मध्यप्रदेश सरकार की अनेक योजनाएँ संचालित हैं। नागरिकों को राशन, मकान, शिक्षा, इलाज के साथ ही अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिलें, इसके लिए पार्षदगण सजग रहकर सक्रिय भूमिका निभाएँ। विकास कार्य भी गुणवत्ता के साथ हों। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सभी लोग “हर घर तिरंगा” अभियान में शामिल हों। मुख्यमंत्री चौहान ने अपील करते हुए कहा कि जन-प्रतिनिधि और नागरिक मिलकर राष्ट्रप्रेम के प्रतीक आजादी के अमृत महोत्सव पर हर घर राष्ट्रध्वज फहराएँ। सांसद वी.डी शर्मा ने कहा कि भोपाल शहर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के लिए निर्वाचित पार्षदगण को पूरी ऊर्जा से प्रयास करना है। उम्मीद है कि इसके लिए संकल्पबद्ध होकर प्रयासों को फलीभूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कन्यापूजन के साथ कार्यक्रम शुरू करवाया। कलेक्टर भोपाल अविनाश लवानिया ने महापौर और पार्षदगण को शपथ ग्रहण करवाने की कार्यवाही पूर्ण की।
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, पूर्व सांसद आलोक संजर, विधायक रामेश्वर शर्मा, कृष्णा गौर, पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, सुमित पचौरी, भगवान दास सबनानी, राहुल कोठारी, लोकेंद्र पाराशर, शैतान सिंह पाल, सुरजीत सिंह चौहान, लिली अग्रवाल, जन-प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।





