Home Blog Page 112

दिल्ली में हनुमान जन्मोत्सव पर निकली शोभायात्रा पर पथराव, एसआई समेत कई घायल

0

दिल्ली में हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर निकाली शोभा यात्रा के दौरान पथराव हो गया। इस पथराव के बाद वहां अफरातफरी मच गई। इस हादसे में सब इंस्पेक्टर मदनलाल मीणा समेत कई लोग घायल हो गए। उग्र भीड़ ने दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया। दो पक्षों में झड़प के बाद हालात को काबू करने के लिए जहांगीरपुरी में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारियों से बात की। आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उत्तर प्रदेश में भी हाई अलर्ट

राजधानी में हिंसा को देखते हुए उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट किया गया है। खासकर एनसीआर में पूरी मुस्तैदी बरतने के कड़े निर्देश हैं। एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार के मुताबिक पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को विभिन्न आयोजनों के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरते जाने के निर्देश दिए गए हैं। हर छोटी घटना को भी पूरी गंभीरता से लेकर त्वरित कार्रवाई करने के साथ शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है।

ई-रिक्शा में लगा दी आग

प्राप्त जानकारी के अनुसार शोभा यात्रा जब जहांगीरपुरी स्थित एक धार्मिक स्थल से पास से गुजर रही थी। तब अचानक पथराव शुरू हो गया। इसके बाद भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। हिंसा भड़क गई। कुछ लोगों ने एक ई-रिक्शा में आग भी लगा दी और तोड़फोड़ शुरू कर दी।

सीएम ने की शांति की अपील

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। कहा कि बिना उसके देश तरक्की नहीं कर सकता। लोगों से कहना चाहता हूं कि उन्हें शांति व्यवस्था बनाए रखनी है क्योंकि बिना उसके देश तरक्की नहीं कर सकता। एजेसिंया, पुलिस और दिल्ली में केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है तो केंद्र सरकार दिल्ली में शांति व्यवस्था बनाए रखे।

किसी अफवाह में न पड़े- पुलिस आयुक्त

कानून और व्यवस्था के विशेष पुलिस आयुक्त दीपेंद्र पाठक ने बताया कि हमनें सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की है। लोगों से अपील है कि वह शांति व्यवस्था बनाए रखें। किसी भी तरह की अफवाह में न पड़ें। पाठक ने कहा, ‘हम स्थिति की जायजा ले रहे हैं। हमारी प्राथमिकता स्थिति को नियंत्रण में लाना है।’ घायलों का आंकन कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस के CP राकेश अस्थाना ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। घटनास्थल पर अतिरिक्त बल तैनात किया है। साथ ही संवेदनशील इलाकों में विशेष तैनाती की गई है। दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। अस्थाना ने कहा, हम आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।

पथराव दिल्ली के कल्चर के खिलाफ- गंभीर

भाजपा सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने कहा कि शोभायात्रा पर हुआ पथराव बहुत दुखदायी है। ये दिल्ली की सोच और कल्चर के खिलाफ है। मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि शांति बनाए रखें। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

प्रदेश में लगेंगे प्रीपेड मीटर

0

भोपाल : मध्यप्रदेश में अभी तक बिजली उपयोग करने के बाद उसका भुगतान करना पड़ता है। अब इसका उलटा होने जा रहा है याने पहले भुगतान फिर बिजली उपयोग। आप जितना भुगतान एडवांस में करेंगे उतनी ही बिजली का उपयोग कर पाएंगे। इसके लिए सरकार अब बिजली बिल के लिए प्रीपेड भुगतान की व्यवस्था करने जा रही है। केन्द्र सरकार के निर्देश पर मध्यप्रदेश में यह कवायद शुरु होने जा रही है। इसके लिए मौजूदा बिजली के मीटर भी बदले जाएंगे। एक माह में इसके टेंडर जारी हो जाएंगे और तीन माह के अंदर इन टेंडरों को अंतिम रूप देकर मीटर लगाने वाली कंपनी तय कर दी जाएगी। एक वर्ष के भीतर ये नये मीटर जगह-जगह काम करना शुरू कर देंगे।

यह नई तकनीक मध्यप्रदेश में पहली बार उपयोग की जाएगी। पुराने मीटर हटाकर उनके स्थान पर नये मीटर लगाए जाएंगे। इन मीटरों में चिप लगाई जाएगी। प्रीपेड मोबाइल सिम की तरह यह चिप भी काम करेगी। इसे इलेक्ट्रानिक रूप से सर्वर से जोड़ा जाएगा। पेमेंट गेटवे का उपयोग कर आमजन अपनी हर माह की खपत के लिए पूर्व से भुगतान करेगा। इसका पूरा ब्यौरा इस मीटर की चिप में मौजूद रहेगा। जैसे-जैसे आपकी बिजली खपत होगी पूर्व से जमा राशि में से आटोमेटिक राशि कटती जाएगी। जैसे ही आपके द्वारा भुगतान की गई राशि समाप्त होगी आपकी बिजली अपने आप बंद हो जाएगी।

लाइन लॉस वाले क्षेत्रों में पहले मीटर
बिजली कंपनियों को जिन क्षेत्रों में ज्यादा बिजली का नुकसान उठाना पड़ रहा है उन क्षेत्रों में ये मीटर पहले लगाए जाएंगे। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश के मीटर फिर से बदले जाएंगे। उनके स्थान पर नये स्मार्ट मीटर लेंगे। नई तकनीक वाले मीटरों की सप्लाई के लिए उर्जा विभाग ने टेंडर तैयार कर लिया है।

मोबाइल की तरह मिलेगा अलर्ट
प्रीपेड मोबाइल की तरह आपके मीटर में यह व्यवस्था भी होगी कि वह आपको न्यूनतम शेष रहने पर सूचित करेगा कि आप अपना प्रीपेड बिजली किराया रिन्यू करा लें वर्ना आपकी बिजली बंद कर दी जाएगी। यदि महीने के आखिरी दिनों में आपकी प्रीपेड भुगतान राशि समाप्त होती है तो आपको यह सुविधा भी दी जाएगी कि उस माह तक आपकी बिजली निर्बाध जारी रहे लेकिन अगले माह यह बिजली बिना पूर्व भुगतान के शुरु नही होगी।

बिजली कंपनियों का नुकसान होगा कम
इससे भारी-भरकम बिल आने पर उपभोक्ता द्वारा भुगतान नहीं करने की समस्या से निजात मिलेगी। सरकारी खजाने में पहले से राशि आ जाएगी। बिजली कंपनियों का नुकसान कम होगा। उपभोक्ता को भी अपने प्रीपेड भुगतान के आधार पर बिजली का उपयोग करने की सुविधा मिलेगी। उसे खपत के आधार पर सूचना भी मिलेगी जिससे वे बिजली का संतुलित उपयोग कर सकेंगे। कहीं से भी घर बैठे-बैठे इन प्रीपेड बिलों का भुगतान मोबाइल से, आॅनलाईन कियोस्क के जरिए किया जा सकेगा।

सीहोर के कथावाचक पंडि‍त प्रदीप मिश्रा की कार उत्तराखंड में पलटी, सभी सुरक्षित

0

सीहोर। दुनिया भर में प्रसिद्ध भागवत भूषण पंडित प्रदीप मिश्रा की उत्तराखंड के हरिद्वार में शिव महापुराण की कथा चल रही है। कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से किया जाता है। शुक्रवार को कथा से पहले वे नीलकंठ महादेव मंदिर दर्शन के लिए गए थे। दर्शन करने के बाद वे जब लौट रहे थे। तब उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन पलट गया, लेकिन वे और उनके साथ दर्शन करने गए सभी लोग सुरक्षित हैं। लौटकर उन्होंने कथा भी की। जिसमें उन्होंने इस दुर्घटना का उल्लेख भी किया।

कथा के दौरान पं. प्रदीप मिश्रा ने बताया कि कथा से पहले नीलकंठ महादेव मंदिर का दर्शन करने गए थे। वापस आ रहे थे। तभी मंदिर से करीब 8 किमी नीचे आए, तब गाड़ी पलट गई। पहाड़ से टकराकर गाड़ी पलटी दो बार कार पलटी खा गई। यदि एक बार और कार पलटती तो वाहन नदी में गिर जाता।

हादसे में पंडित मिश्रा सहित सभी लोग सुरक्षित हैं। कोई भी घायल नहीं हुआ है। इस हादसे से उनके भक्तजन काफी डर गए थे लेकिन उनके सकुशल होने की खबर सुन उन्होंने राहत की सांस ली। बिठलेश्वर सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि हादसे की सूचना मिली है। साथ ही यह सूचना भी मिली है कि सभी सुरक्षित हैं।

भक्तों ने की मन्नतें

हादसे की सूचना इंटरनेट मीडिया पर तेजी से फेल गई। जैसे ही उनकों मानने वालों को इसकी सूचना मिली वे चिंतित हो गए। कई भक्तों ने उनकी खुशहाली के लिए मन्नतें की। जब हरिद्वार में आयोजित कथा के दौरान उन्होंने खुद हादसे के बारे में बताया तो अफवाहों का बाजार थमा।

नगरीय निकाय से लेकर विधानसभा चुनाव तक नए चेहरों को मौका देने की तैयारी

0

भोपाल। पीढ़ी परिवर्तन के दौर से गुजर रही भारतीय जनता पार्टी ने नगरीय निकाय चुनावों से लेकर विधानसभा चुनाव में युवा चेहरों को आगे करने की तैयारी शुरू कर दी है। ऐसे में 30 से 45 साल उम्र के नेताओं और कार्यकर्ताओं को अधिक मौका मिलने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। संगठन में मंडल स्तर पर अधिकतम 35 एवं जिला स्तर पर 50 साल की अधिकतम आयु वालों को पहले से ही कमान मिल चुकी है। वहीं अब पार्षद से विधायक के लिए भी 40 से 45 साल से कम आयु के चेहरों को अधिक मौका देने की तैयारी है। ये कवायद उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत अगले दो दशक तक पार्टी में नई पीढ़ी को मौका देकर नेतृत्व तैयार करना है। पार्टी का थिंक टैंक संगठन में ऐसा कोई पीढ़ी अंतराल नहीं चाहता, जिससे पार्टी कुछ वर्षों में वयोवृद्ध या युवाओं की कम मौजूदगी वाले दल के रूप में पहचानी जाए।

इससे पहले भाजपा ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों में 75 साल या अधिक उम्र के नेताओं को चुनाव मैदान में उतारने से परहेज किया था। वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी ने बाबूलाल गौर, सरताज सिंह, रामकृष्ण कुसमरिया, माया सिंह, कुसुम महदेले सहित कई नेताओं के टिकट काट दिए थे। इनमें से कई मंत्री भी थे। अगले साल के अंत में प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। अनुमान है कि प्रदेश की 42 से अधिक सीटें हैं, जहां आयु वर्ग के लिहाज से युवाओं की संख्या निर्णायक है। इधर, संगठन में भी युवाओं को जिस तरह से महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा रही हैं, उससे स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी युवा शक्ति और अनुभव को अलग-अलग रखते हुए उपयोग में लेने के फार्मूले पर काम कर रही है।

संगठन में बूथ स्तर से प्रदेश स्तर तक के दायित्वों के लिए युवाओं को प्राथमिकता देने से युवा व ऊर्जावान लोगों की सहभागिता बढ़ेगी। मंडल व जिला स्तर पर चुनावी रणनीति व सामाजिक समीकरणों का भी ध्यान रखा जा रहा है। युवाओं को मौका मिलने से उन वर्गों का भी साथ पार्टी को निश्चित तौर पर मिलेगा, जिनकी भागीदारी अपेक्षाकृत कम रही है। भाजपा के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल कहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी में पीढ़ी परिवर्तन कोई विशेष अभियान नहीं बल्कि स्वाभाविक प्रक्रिया है। कार्यकर्ताओं की भावना और जनता की अपेक्षा के साथ ही जीतने की संभावना पर ध्यान रखते हुए पार्टी विचार करती है। यह पार्टी एक चुनाव के लिए नहीं बल्कि लगातार एक वैचारिक उद्देश्य को लेकर कार्य करती है इसलिए उस दृष्टि से निर्णय भी लिए जाते हैं।

COVID पॉजिटिव पाए गये दिल्ली कैपिटल्स के फिजियो पैट्रिक फरहार्ट

0

आईपीएल पर एक बार फिर कोरोना संक्रमण का खतरा मंडराने लगा है। IPL 2022 यानी इसके 15वें सीजन में ठीक 25वें मैच से पहले कोरोना वायरस से संक्रमण का पहला मामला सामने आया है। आईपीएल द्वारा जारी मीडिया अपडेट में बताया है कि दिल्ली कैपिटल्स के फीजियो पैट्रिक फरहार्ट को COVID-19 के टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया है और वे इस समय आइसोलेशन में हैं। फिलहाल दिल्ली कैपिटल्स की मेडिकल टीम उनकी कड़ी निगरानी कर रही है। हाल-फिलहाल में वे टीम के साथ ट्रैवल नहीं करेंगे और कम से कम एक सप्ताह तक वे क्वारंटीन में रह सकते हैं। दिल्ली कैपिटल्स को शनिवार 16 अप्रैल को अपना अगला मुकाबला खेलना है। आपको बता दें कि अब तक IPL के 24 मुकाबले बिना किसी बाधा के खेले जा चुके हैं।

दिल्ली कैपिटल्स टीम के एक अहम सदस्य के कोरोना संक्रमित पाये जाने के बाद पूरे IPL पर कोरोना का खतरा बढ़ गया है। अभी ये जानकारी नहीं मिली है कि फिजियो पैट्रिक फरहार्ट से संपर्क में आए खिलाड़ियों में किस-किस का टेस्ट किया गया है और कितनों की रिपोर्ट आनी बाकी है। जैसा कि अब तक देखा गया है कि अगर एक सदस्य को संक्रमण हुआ, तो इसके टीम के बाकी सदस्यों में फैलने की काफी संभावना रहती है।

गौरतलब है कि भारत में कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण, आईपीएल 2020 का पूरा सीजन यूएई में खेला गया था, जबकि आईपीएल 2021 का आधा सीजन कोरोना केसों के कारण स्थगित करना पड़ा था। आईपीएल 2021 का पहला भाग भारत में खेला गया था, जबकि दूसरा भाग आईपीएल के 14वें सीजन का यूएई में आयोजित किया गया था। अब आईपीएल 2022 भी सिर्फ मुंबई और पुणे में सख्त बायो-बबल में आयोजित किया जा रहा है।

मंदसौर के इस हनुमान मंदिर में चोला चढ़ाना है तो 23 साल करना पड़ेगा इंतजार

0

मंदसौर । शहर के मध्य में स्थित प्राचीन श्री तलाई वाले बालाजी मंदिर के भक्त देश के साथ ही विदेशों में भी हैं। मंदिर के प्रति श्रद्धा का ही नतीजा है कि यहां हनुमानजी को चोला चढाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। मंदसौर के दवा व्यवसायी मिलिंद जिल्हेवार ने हनुमान जयंती पर चोला चढ़ाने के लिए 7 अगस्त 2009 में बुकिंग करवाई थी। 13 साल बाद शनिवार को उन्हें हनुमानजी को चोला चढ़ाने का पुण्यलाभ मिलेगा। वे सुबह परिवार व स्वजन सहित मंदिर पहुंचेगे और हनुमानजी की प्राचीन प्रतिमा को चोला चढाएंगे।

हनुमानजी को चोला चढ़ाने के लिए ज्यादातर भक्तों की इच्छा रहती है कि उन्हें मंगलवार और शनिवार का दिन मिल जाए। लेकिन तलाई वाले बालाजी मंदिर में यदि मंगलवार को चोला चढ़ाना है तो 23 साल का

इंतजार करना होगा। कारण है 23 नंवबर 2045 तक के सभी मंगलवार की बुकिंग हो चुकी है। । इतना ही नहीं शनिवार को भी चोला चढ़ाने के लिए अगस्त 2045 तक का इंतजार करना पड़ेगा। सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार व रविवार को चोला चढ़ाने की इच्छा रखने वालों को भी मार्च 2031 तक तो रुकना ही पड़ेगा। फिलहाल 1104 मंगलवार, 1188 शनिवार और अन्य 2421 दिनों की बुकिंग मंदिर समिति के पास दर्ज है।

2019 से बंद है बुकिंग

मंदिर समिति ने वर्ष 2019 से मंगलवार को चोला चढ़ाने की बुकिंग बंद कर दी है। चूंकि 2045 तक के लिए कोई भी मंगलवार रिक्त नहीं है। देश-विदेश के भक्त इन दिनों की बुकिंग कर चुके हैं। इसलिए समिति अगले कुछ वर्षों बाद ही बुकिंग दोबारा शुरू करेगी।

भक्त को ही रखना होता है याद कब उसे चोला चढ़ाने जाना है

मंदिर समिति के अनुसार बुकिंग के समय ही चोला चढ़ाने की मंशा रखने वाले भक्त दान राशि दे देते हैं। इसके लिए कोई शुल्क निर्धारित नहीं है, भक्त अपनी श्रद्धानुसार राशि मंदिर समिति के पास जमा करवा देते हैं। उससे समिति सदस्य सामग्री लाते हैं। मंदिर में लगे बोर्ड पर चोला चढ़ाने के लाभार्थी का नाम लिख दिया जाता है। तय दिन वह आए या न आए उसके नाम से चोला भगवान को चढ़ा दिया जाता है।

ओबामा के लिए दो बार हो चुका है हवन

अमेरिका में बराक ओबामा जब दोनों बार राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बने थे तब भी उनके भारतवंशी समर्थक ने अपने मंदसौर निवासी रिश्तेदार की मदद से श्री तलाई वाले बालाजी में हवन कराए थे।

इसके अलावा परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के श्री रामानुजजी महाराज भी यहां के भक्त हैं और हर साल हनुमान जन्मोत्सव पर वे मंदिर में ही रहते हैं।

श्री तलाई वाले मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष धीरेंद्र त्रिवेदी ने बताया कि मूर्ति लगभग 700 वर्ष पुरानी है। प्रारंभ में वटवृक्ष के नीचे स्थापित थी। उस समय यह स्थान शहर से दूर सूबा साहब (कलेक्टर) बंगला कहलाता है।

आज भी इसे पुरानी सुबात कहा जाता है।

ऐसे मंदिर का नाम पड़ा

मंदिर के पास एक तलाई थी। इसके कारण मंदिर का नाम तलाई वाले बालाजी हो गया है। बाद में यहां मंदिर का निर्माण हुआ है और अभी इसका नवनिर्माण चल रहा है। तलाई की जगह नगर पालिका ने तरणताल बना दिया है। किंवदंती है कि मूर्ति की स्थापना सिद्ध परमहंस संत द्वारा की गई थी। बहुत समय तक यहां बनी धर्मशाला, तलाई एवं मंदिर साधु-संतों एवं जमातों का विश्राम एवं आराधना स्थल रहा है।

हनुमानजी की 108 फीट ऊंची मूर्ति का अनावरण कल पीएम मोदी करेंगे

0

कल हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के मोरबी में भगवान हनुमान की 108 फीट ऊंची मूर्ति का अनावरण करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी। पीएमओ के मुताबिक, भगवान हनुमान से संबंधित चार धाम परियोजना के तहत देश के चारों दिशाओं में हनुमान की मूर्ति स्थापित की जानी है। इस कड़ी में यह हनुमान की दूसरी मूर्ति होगी जो पश्चिम दिशा में होगी। इसकी स्थापना मोरबी के बापू केशवानंद आश्रम में की गई है।

इस श्रृंखला की पहली मूर्ति वर्ष 2010 में उत्तर दिशा में यानी शिमला में स्थापित की गई थी। वहीं दक्षिण दिशा में यह मूर्ति रामेश्वरम में स्थापित की जानी है और इसका काम भी चल रहा है।

ईडी ने पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी से की छह घंटे तक पूछताछ, रेत खनन और मनी लॉन्ड्रिंग का मामला

0

ED यानी प्रवर्तन निदेशालय ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर शिकंजा कसना शुरु कर दिया है। पंजाब में रेत खनन मामले से जुड़ी धनशोधन जांच के सिलसिले में ED ने उनसे छह घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ की। चरणजीत सिंह चन्नी, बुधवार रात जालंधर स्थित प्रवर्तन निदेशालय के क्षेत्रीय कार्यालय से धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत अपना बयान दर्ज करवाकर बाहर निकले। आपको बता दें कि इसी मामले में चन्नी के भतीजे भूपिंदर सिंह उर्फ ​​हनी को ईडी ने 20 फरवरी को गिरफ्तार किया था। पिछले कुछ समय से चन्नी के भांजे भूपेंद्र सिंह हनी (Bhupendra Singh Honey) के खिलाफ भ्रष्ट्राचार और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में जांच चल रही है। उसी जांच के दौरान मौजूदा मुख्यमंत्री चन्नी का नाम भी सामने आया था।

ED ने इस महीने की शुरुआत में उनके और इस मामले में नामजद अन्य लोगों के खिलाफ आरोप-पत्र दायर किया था। सूत्रों के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय ने चन्नी को पहले भी कई बार समन भेजे थे। इस बार पेश होने पर ईडी के अधिकारियों ने चन्नी से हनी और अन्य लोगों के साथ उनके संबंधों और मुख्यमंत्री कार्यालय में उनके भतीजे की कुछ यात्राओं के बारे में पूछताछ की। साथ ही उनसे राज्य में अवैध बालू खनन अभियान के तहत कुछ अधिकारियों के तबादले और पदस्थापना के आरोपों के बारे में भी पूछताछ की गयी।

इस मामले में ईडी की कार्रवाई 18 जनवरी को हनी और अन्य के खिलाफ छापेमारी के बाद शुरू हुई थी। हनी के परिसर से ईडी ने लगभग 7.9 करोड़ रुपये नकद और संदीप कुमार नामक एक व्यक्ति से लगभग 2 करोड़ रुपये जब्त किये थे। ईडी के अधिकारियों ने कहा था कि उन्होंने तलाशी के दौरान कुदरतदीप सिंह, भूपिंदर सिंह (हनी), हनी के पिता संतोख सिंह और संदीप कुमार के बयान दर्ज किये। बयान से साफ हो गया कि जब्त रुपये हनी के ही थे। ईडी ने एक बयान में दावा किया था, भूपिंदर सिंह (हनी) ने स्वीकार किया कि उन्हें रेत खनन कार्यों और अधिकारियों के स्थानांतरण व पदस्थापना में मदद के बदले में ये नकदी प्राप्त हुई थी।

इंदौर की सेंट्रल जेल में बंदी ने लगाई फांसी

0

इंदौर। सेंट्रल जेल में बंदी ने बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात लोवर की नाड़ी से बैरक में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।मामले में न्यायिक जांच के लिए जेल अधीक्षक ने पत्र लिखा है।बंदी पिछले दिनों जेल में तंबाखू बेचते हुए पाया गया था और इस संबंध में उससे पूछताछ की जा रही थी।

जेल अधीक्षक अलका सोनकर के मुताबिक बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात सवा बारह बजे उन्हें सूचना मिली कि बंदी 36 वर्षीय कालू उर्फ ललित पुत्र श्यामलाल ने बैरक में लोहे के गेट पर लोवर की नाड़ी से फांसी लगा ली है।मौके पर तैनात प्रहरी ने उसे फंदे से उतारा।गले में नाड़ी दो-तीन बार लपटी हुई थी।

जेल के मेडिकल स्टाफ ने जांच की तो उसकी पल्स चल रही थी।जिस पर उसे एमवायएच में भर्ती कराया गया, जहां रात में उसकी मौत हो गई।जेल अधीक्षक के अनुसार रात को 11 बजे तक वह ठीक था,प्रहरियों से उसकी बातचीत भी हुई थी।इसके बाद वह सोने चला गया और घटना हो गई।

जेल में वर्ष 2008 के बाद से सजा काट रहा था।उस पर दो हत्या के अलावा अन्य मामले भी दर्ज थे।8 अप्रैल को वह जेल में तंबाखू बेचते हुए मिला था।उसे अन्य बंदियों से अलग रखा गया था। मामले में उससे पूछताछ की जा रही थी। तंबाखू कहां से लाया किसने दी, प्रहरियों की भूमिका के बारे में भी उससे पूछा गया था, लेकिन इस बीच उसने फांसी लगाकर जान दे दी।बैरक में गेट पर लोहे की रॉड पर लटक लोवर की नाड़ी से फांसी लगाने को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे है।मामला संदिग्ध मानते हुए जेल अधीक्षक ने भी न्यायिक जांच के लिए पत्र लिख दिया।जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी।

खरगोन में दंगे में जिनके घर जले हैं, उनके घर मध्‍य प्रदेश सरकार फिर से बनवाएगी

0

भोपाल। भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की 131वीं जयंती के उपलक्ष्य में मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। यह अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्‍य में मनाया गया। अध्यक्षता जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग की मंत्री मीना सिंह ने की।

कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेशाध्‍यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, मंत्री तुलसी सिलावट, जगदीश देवड़ा, डॉ. प्रभुराम चौधरी, विश्वास सारंग, सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर, विधायक रामेश्वर शर्मा, विष्णु खत्री और कृष्णा गौर उपस्थित हुए। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने डॉ अंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण कर और दीप प्रज्‍ज्‍लित कर की। मंत्री मीना सिंह ने तुलसी का पौधा भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि आने वाले समय में हनुमान जयंती हो, गुड फ्राइडे हो, ईद हो प्रेम से भाई चारे से मनाइए, सरकार सबके साथ हैं। खरगोन दंगे में जिनने घर जलाये हैं उनके खिलाफ़ कार्रवाई होगी। लेकिन जिनके घर जले हैं, वो चिंता न करें, मामा फिर से घर बनवाएगा। अभी तो हम करेंगे,लेकिन बाद में जिन्होंने जलाये हैं उनसे वसूल करूँगा छोडूंगा नहीं।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर को संसद में जाने से रोका, वह कांग्रेस थी। प्रदेश के वित्‍त मंत्री मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि अनुसूचित जनजाति के उत्थान के लिए 1920 करोड़ का बजट दिया इससे पहले किसी कांग्रेस की सरकार ने नहीं दिया। आज अनुसूचित जनजाति के 114 बच्चे विदेश में पढ़ रहे हैं उनके लिए 50 करोड़ सरकार ने दिए।

इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि आज बाबा साहब की जयंती है। दो साल बाद मना पा रहे हैं। कोरोना के बाद आज फिर खुली हवा में सांस ले रहे हैं। बाबा साहब की जयंती मना रहे हैं। उन्‍होंने कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अद्भुत प्रतिभा के धनी, मेरा बेटा-बेटियों जब बाबा साहब ये चमत्कार कर सकते हैं तो तुम भी कर सकते हो, भारत का संविधान बनना था, पूरे देश ने कहा- एक ही व्यक्ति है हमारे पास बाबा साहेब आंबेडकर। अद्भुत संविधान दिया बाबा साहेब ने, किसी भी तरह के भेदभाव से रहित। उपेक्षितों के आर्थिक, शैक्षणिक विकास के सबसे प्रबल प्रकाशपुंज थे तो वह थे बाबासाहब आंबेडकर। विविधता होते हुए भी एकता और समानता का अधिकार किसी ने दिलाया तो वह थे बाबासाहब आंबेडकर। पढ़ाई के क्षेत्र में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे बेटा-बेटियो, बाबा साहब ने कहा था- शिक्षित बनो, ये पहला मंत्र था उनका और तुम शिक्षित बनो इसमें हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

मुख्‍यमंत्री ने इसी दौरान प्रदेश में डा आंबेडकर के नाम पर आर्थिक कल्‍याण योजना शुरू करने का ऐलान किया। उन्‍होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना हमने प्रारंभ करने का फैसला किया है। अगर किसी को छोटा उद्योग शुरू करना है तो उसके लिए एक लाख रुपए तक का लोन, जिसके ब्याज की भरपाई सरकार करेगी। साथ ही मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति विशेष परियोजना के अंतर्गत स्वरोजगार, कौशल उन्नयन, नवाचार के लिए दो करोड़ रुपए तक लोन और अनुदान दिया जाएगा। उन्‍होंने महिलाओं से भी स्‍वरोजगार के जरिए आत्‍मनिर्भर बनने का आह्वान करते हुए कहा कि तेजी से आजीविका मिशन के साथ जुड़ो मेरी बहनों, ताकि हम गरीबी दूर कर सकें, अगर धरती पर आए हैं तो अपने परिश्रम और सरकार की योजनाओं के माध्यम से अच्छा जीवन जीने का प्रयास करेंगे।